मंगलवार, 13 सितंबर 2022

मुगलों ने सल्तनत बख्श दी(लेखक -भगवतीचरण वर्मा)


हीरोजी को आप नहीं जानते, और यह दुर्भाग्‍य की बात है। इसका यह अर्थ नहीं कि केवल आपका दुर्भाग्‍य है, दुर्भाग्‍य हीरोजी का भी है। कारण, वह बड़ा सीधा-सादा है। यदि आपका हीरोजी से परिचय हो जाए, तो आप निश्‍चय समझ लें कि आपका संसार के एक बहुत बड़े विद्वान से परिचय हो गया। हीरोजी को जाननेवालों में अधिकांश का मत है कि हीरोजी पहले जन्‍म में विक्रमादित्‍य के नव-रत्‍नों में एक अवश्‍य रहे होंगे और अपने किसी पाप के कारण उनको इस जन्‍म में हीरोजी की योनि प्राप्‍त हुई। अगर हीरोजी का आपसे परिचय हो जाय, तो आप यह समझ लीजिए कि उन्‍हें एक मनुष्‍य अधिक मिल गया, जो उन्‍हें अपने शौक में प्रसन्‍नतापूर्वक एक हिस्‍सा दे सके।

हीरोजी ने दुनिया देखी है। यहाँ यह जान लेना ठीक होगा कि हीरोजी की दुनिया मौज और मस्‍ती की ही बनी है। शराबियों के साथ बैठकर उन्‍होंने शराब पीने की बाजी लगाई है और हरदम जीते हैं। अफीम के आदी हैं; पर अगर मिल जाय तो इतनी खा लेते हैं, जितनी से एक खानदान का खानदान स्‍वर्ग की या नरक की यात्रा कर सके। भंग पीते हैं तब तक, जब तक उनका पेट न भर जाय। चरस और गाँजे के लोभ में साधु बनते-बनते बच गए। एक बार एक आदमी ने उन्‍हें संखिया खिला दी थी, इस आशा से कि संसार एक पापी के भार से मुक्‍त हो जाय; पर दूसरे ही दिन हीरोजी उसके यहाँ पहुँचे। हँसते हुए उन्‍होंने कहा - यार, कल का नशा नशा था। रामदुहाई, अगर आज भी वह नशा करवा देते, तो तुम्‍हें आशीर्वाद देता। लेकिन उस आदमी के पास संखिया मौजूद न थी।

हीरोजी के दर्शन प्राय: चाय की दुकान पर हुआ करते हैं। जो पहुँचता है, वह हीरोजी को एक प्‍याला चाय का अवश्‍य पिलाता है। उस दिन जब हम लोग चाय पीने पहुँचे, तो हीरोजी एक कोने में आँखें बंद किए हुए बैठे कुछ सोच रहे थे। हम लोगों में बातें शुरू हो गईं, और हरिजन-आंदोलन से घूमते-फिरते बात आ पहुँची दानवराज बलि पर। पंडित गोवर्धन शास्‍त्री ने आमलेट का टुकड़ा मुँह में डालते हुए कहा - "भाई, यह तो कलियुग है। न किसी में दीन है, न ईमान। कौड़ी-कौड़ी पर लोग बेईमानी करने लग गए हैं। अरे, अब तो लिख कर भी लोग मुकर जाते हैं। एक युग था, जब दानव तक अपने वचन निभाते थे, सुरों और नरों की तो बात ही छोड़ दीजिए। दानवराज बलि ने वचनबद्ध हो कर सारी पृथ्‍वी दान कर दी थी। पृथ्‍वी ही काहे को, स्‍वयं अपने को भी दान कर दिया था।"

हीरोजी चौंक उठे। खाँस कर उन्‍होंने कहा - "क्‍या बात है? जरा फिर से तो कहना!"

सब लोग हीरोजी की ओर घूम पड़े। कोई नई बात सुनने को मिलेगी, इस आशा से मनोहर ने शास्‍त्रीजी के शब्‍दों को दोहराने का कष्‍ट उठाया - "हीरोजी! ये गोवर्धन शास्‍त्री जो हैं, सो कह रहे हैं कि कलियुग में धर्म-कर्म सब लोप हो गया। त्रेता में तो दैत्यराज बलि तक ने अपना सब कुछ केवल वचनबद्ध होकर दान दिया था।"

हीरोजी हँस पड़े - "हाँ, तो यह गोवर्धन शास्‍त्री कहनेवाले हुए और तुम लोग सुननेवाले, ठीक ही है। लेकिन हमसे सुनो, यह तो कह रहे हैं त्रेता की बात, अरे, तब तो अकेले बलि ने ऐसा कर दिया था; लेकिन मैं कहता हूँ कलियुग की बात। कलियुग में तो एक आदमी की कही हुई बात को उसकी सात-आठ पीढ़ी तक निभाती गई और यद्यपि वह पीढ़ी स्‍वयं नष्‍ट हो गई, लेकिन उसने अपना वचन नहीं तोड़ा।"

हम लोग आश्‍चर्य में पड़ गए। हीरोजी की बात समझ में नहीं आई, पूछना पड़ा - "हीरोजी, कलियुग में किसने इस प्रकार अपने वचनों का पालन किया है?"

"लौंडे हो न!" हीरोजी ने मुँह बनाते हुए कहा - "जानते हो मुगलों की सल्‍तनत कैसे गई?"

"हाँ, अँगरेजों ने उनसे छीन ली।"

"तभी तो कहता हूँ कि तुम सब लोग लौंडे हो। स्‍कूली किताबों को रट-रट कर बन गए पढ़े-लिखे आदमी। अरे, मुगलों ने अपनी सल्‍तनत अँगरेजों को बख्‍श दी।"

हीरोजी ने यह कौन-सा नया इतिहास बनाया? आँखें कुछ अधिक खुल गईं। कान खड़े हो गए। मैंने कहा - "सो कैसे?"

"अच्‍छा तो फिर सुनो!" हीरोजी ने आरम्‍भ किया - "जानते हो शाहंशाह शाहजहाँ की लड़की शाहजादी रौशनआरा एक दफे बीमार पड़ी थी, और उसे एक अँगरेज डॉक्‍टर ने अच्‍छा किया था। उस डॉक्‍टर को शाहंशाह शाहजहाँ ने हिन्‍दुस्‍तान में तिजारत करने के लिए कलकत्ते में कोठी बनाने की इजाजत दे दी थी।"

"हाँ, यह तो हम लोगों ने पढ़ा है।"

"लेकिन असल बात यह है कि शाहजादी रौशनआरा - वही शाहंशाह शाहजहाँ की लड़की -हाँ, वही शाहजादी रौशनआरा एक दफे जल गई। अधिक नहीं जली थी। अरे, हाथ में थोड़ा-सा जल गई थी, लेकिन जल तो गई थी और थी शाहजादी। बड़े-बड़े हकीम और वैद्य बुलाए गए। इलाज किया गया; लेकिन शाहजादी को कोई अच्‍छा न कर सका - न कर सका। और शाहजादी को भला अच्‍छा कौन कर सकता था? वह शाहजादी थी न! सब लोग लगाते थे लेप, और लेप लगाने से होती थी जलन। और तुरन्‍त शाहजादी ने धुलवा डाला उस लेप को। भला शाहजादी को रोकनेवाला कौन था। अब शाहंशाह सलामत को फिक्र हुई! लेकिन शाहजादी अच्‍छी हो तो कैसे? वहाँ तो दवा असर करने ही न पाती थी।

"उन्‍हीं दिनों एक अँगरेज घूमता-घामता दिल्‍ली आया। दुनिया देखे हुए, घाट-घाट का पानी पिए हुए पूरा चालाक और मक्‍कार! उसको शाहजादी की बीमारी की खबर लग गई। नौकरों को घूस देकर उसने पूरा हाल दरियाफ्त किया। उसे मालूम हो गया कि शाहजादी जलन की वजह से दवा धुलवा डाला करती है। सीधे शाहंशाह सलामत के पास पहुँचा। कहा कि डॉक्‍टर हूँ। शाहजादी का इलाज उसने अपने हाथ में ले लिया। उसने शाहजादी के हाथ में एक दवा लगाई। उस दवा से जलन होना तो दूर रहा, उलटे जले हुए हाथ में ठंडक पहुँची। अब भला शाहजादी उस दवा को क्‍यों धुलवाती। हाथ अच्‍छा हो गया। जानते हो वह दवा क्‍या थी?" हम लोगों की ओर भेद भरी दृष्टि डालते हुए हीरोजी ने पूछा।

"भाई, हम दवा क्‍या जानें?" कृष्‍णानन्‍द ने कहा।

"तभी तो कहते हैं कि इतना पढ़-लिख कर भी तुम्‍हें तमीज न आई। अरे वह दवा थी वेसलीन - वही वेसलीन, जिसका आज घर-घर में प्रचार है।"

"वेसलीन! लेकिन वेसलीन तो दवा नहीं होती," मनोहर ने कहा।

हीरोजी सँभल कर बैठ गए। फिर बोले - "कौन कहता है कि वेसलीन दवा होती है? अरे, उसने हाथ में लगा दी वेसलीन और घाव आप-ही-आप अच्‍छा हो गया। वह अँगरेज बन बैठा डॉक्‍टर - और उसका नाम हो गया। शाहंशाह शाहजहाँ बड़े प्रसन्‍न हुए। उन्‍होंने उस फिरंगी डॉक्‍टर से कहा - ''माँगो।" उस फिरंगी ने कहा - ''हुजूर, मैं इस दवा को हिन्‍दुस्‍तान में रायज करना चाहता हूँ, इसलिए हुजूर, मुझे हिन्‍दुस्‍तान में तिजारत करने की इजाजत दे दें।" बादशाह सलामत ने जब यह सुना कि डॉक्‍टर हिंदुस्‍तान में इस दवा का प्रचार करना चाहता है, तो बड़े प्रसन्‍न हुए। उन्‍होंने कहा - ''मंजूर! और कुछ माँगो।" तब उस चालाक डॉक्‍टर ने जानते हो क्‍या माँगा? उसने कहा - ''हुजूर, मैं एक तंबू तानना चाहता हूँ, जिसके नीचे इस दवा के पीपे इकट्ठे किए जावेंगे। जहाँपनाह यह फरमा दें कि उस तंबू के नीचे जितनी जमीन आवेगी, वह जहाँपनाह ने फिरंगियों को बख्श दी।" शाहंशाह शाहजहाँ थे सीधे-सादे आदमी, उन्‍होंने सोचा, तंबू के नीचे भला कितनी जगह आवेगी। उन्‍होंने कह दिया - ''मंजूर।"

"हाँ तो शाहंशाह शाहजहाँ थे सीधे-सादे आदमी, छल-कपट उन्‍हें आता न था। और वह अँगरेज था दुनिया देखे हुए। सात समुद्र पार करके हिंदुस्‍तान आया था! पहुँचा विलायत, वहाँ उसने बनवाया रबड़ का एक बहुत बड़ा तंबू और जहाज पर तंबू लदवा कर चल दिया हिंदुस्‍तान। कलकत्ते में, उसने वह तंबू लगवा दिया। वह तंबू कितना ऊँचा था, इसका अंदाज आप नहीं लगा सकते। उस तंबू का रंग नीला था। तो जनाब, वह तंबू लगा कलकत्ते में, और विलायत से पीपे-पर-पीपे लद-लदकर आने लगे। उन पीपों में वेसलीन की जगह भरा था एक-एक अँगरेज जवान, मय बंदूक और तलवार के। सब पीपे तंबू के नीचे रखवा दिए गए। जैसे-जैसे पीपे जमीन घेरने लगे, वैसे-वैसे तंबू को बढ़ा-बढ़ा कर जमीन घेर दी गई। तंबू तो रबड़ का था न, जितना बढ़ाया, बढ़ गया। अब जनाब, तंबू पहुँचा प्‍लासी। तुम लोगों ने पढ़ा होगा कि प्‍लासी का युद्ध हुआ था। अरे सब झूठ है। असल में तंबू बढ़ते-बढ़ते प्‍लासी पहुँचा था, और उस वक्‍त मुगल बादशाह का हरकारा दौड़ा था दिल्‍ली। बस यह कह दिया गया कि प्‍लासी की लड़ाई हुई। जी हाँ, उस वक्‍त दिल्‍ली में शाहंशाह शाहजहाँ की तीसरी या चौथी पीढ़ी सल्‍तनत कर रही थी। हरकारा जब दिल्‍ली पहुँचा, उस वक्‍त बादशाह सलामत की सवारी निकल रही थी। हरकारा घबराया हुआ था। वह इन फिरंगियों की चालों से हैरान था। उसने मौका देखा न महल, वहीं सड़क पर खड़े होकर उसने चिल्‍ला कर कहा - ''जहाँपनाह, गजब हो गया। ये बदतमीज फिरंगी अपना तंबू प्‍लासी तक खींच लाए हैं, और चूँकि कलकत्ते से प्‍लासी तक की जमीन तंबू के नीचे आ गई है, इसलिए इन फिरंगियों ने उस जमीन पर कब्‍जा कर लिया है। जो इनको मना किया तो इन बदतमीजों ने शाही फरमान दिखा दिया।'' बादशाह सलामत की सवारी रुक गई थी। उन्‍हें बुरा लगा। उन्‍होंने हरकारे से कहा - "म्‍याँ हरकारे, मैं कर ही क्‍या सकता हूँ। जहाँ तक फिरंगियों का तंबू घिर जाय, वहाँ तक की जगह उनकी हो गई, हमारे बुजुर्ग यह कह गए हैं।'' बेचारा हरकारा अपना-सा मुँह ले कर वापस आ गया।

"हरकारा लौटा और इन फिरंगियों का तंबू बढ़ा। अभी तक तो आते थे पीपों में आदमी, अब आने लगा तरह-तरह का सामान। हिंदुस्‍तान का व्‍यापार फिरंगियों ने अपने हाथ में ले लिया। तंबू बढ़ता ही रहा और पहुँच गया बक्‍सर। इधर तंबू बढ़ा और उधर लोगों की घबराहट बढ़ी। यह जो किताबों में लिखा है कि बक्‍सर की लड़ाई हुई, यह गलत है भाई। जब तंबू बक्‍सर पहुँचा, तो फिर हरकारा दौड़ा।

"अब जरा बादशाह सलामत की बात सुनिए। वह जनाब दीवान खास में तशरीफ रख रहे थे। उनके सामने सैकड़ों, बल्कि हजारों मुसाहब बैठे थे। बादशाह सलामत हुक्‍का गुड़गुड़ा रहे थे -सामने एक साहब जो शायद शायर थे, कुछ गा-गा कर पढ़ रहे थे और कुछ मुसाहब गला फाड़-फाड़ कर ''वाह-वाह' चिल्‍ला रहे थे। कुछ लोग तीतर और बटेर लड़ा रहे थे। हरकारा जो पहुँचा तो यह सब बंद हो गया। बादशाह सलामत ने पूछा - "म्‍याँ हरकारे, क्‍या हुआ - इतने घबराए हुए क्‍यों हो?" हाँफते हुए हरकारे ने कहा - "जहाँपनाह, इन बदजात फिरंगियों ने अंधेर मचा रखा है। वह अपना तंबू बक्‍सर खींच लाए।" बादशाह सलामत को बड़ा ताज्‍जुब हुआ। उन्‍होंने अपने मुसाहबों से पूछा - "म्‍याँ, हरकारा कहता है कि फिरंगी अपना तंबू कलकत्ते से बक्‍सर तक खींच लाए। यह कैसे मुमकिन है?" इस पर एक मुसाहब ने कहा - "जहाँपनाह, ये फिरंगी जादू जानते हैं, जादू !" दूसरे ने कहा - "जहाँपनाह, इन फिरंगियों ने जिन्‍नात पाल रखे हैं - जिन्‍नात सब कुछ कर सकते हैं।" बादशाह सलामत की समझ में कुछ नहीं आया। उन्‍होंने हरकारे से कहा - "म्‍याँ हरकारे, तुम बतलाओ यह तंबू किस तरह बढ़ आया।" हरकारे ने समझाया कि तंबू रबड़ का है। इस पर बादशाह सलामत बड़े खुश हुए। उन्‍होने कहा - "ये फिरंगी भी बड़े चालाक हैं, पूरे अकल के पुतले हैं।" इस पर सब मुसाहबों ने एक स्‍वर में कहा - "इसमें क्‍या शक है, जहाँपनाह बजा फरमाते हैं।" बादशाह सलामत मुस्‍कुराए - "अरे भाई, किसी चोबदार को भेजो, जो इन फिरंगियों के सरदार को बुला लावे। मैं उसे खिलअत दूँगा।" सब मुसाहब कह उठे - ''वल्‍लाह! जहाँपनाह एक ही दरियादिल हैं - इस फिरंगी सरदार को जरूर खिलअत देनी चाहिए।" हरकारा घबराया। वह आया था शिकायत करने, यहाँ बादशाह सलामत फिरंगी सरदार को खिलअत देने पर आमादा थे। वह चिल्‍ला उठा - "जहाँपनाह! इन फिरंगियों ने जहाँपनाह की सल्‍तनत का एक बहुत बड़ा हिस्‍सा अपने तंबू के नीचे करके उस पर कब्‍जा कर लिया है। जहाँपनाह, ये फिरंगी जहाँपनाह की सल्‍तनत छीनने पर आमादा दिखाई देते हैं।" मुसाहब चिल्‍ला उठे - "ऐ, ऐसा गजब।" बादशाह सलामत की मुस्‍कुराहट गायब हो गई। थोड़ी देर तक सोच कर उन्‍होंने कहा - "मैं क्‍या कर सकता हूँ? हमारे बुजुर्ग इन फिरंगियों को उतनी जगह दे गए हैं, जितनी तंबू के नीचे आ सके। भला मैं उसमें कर ही क्‍या सकता हूँ। हाँ, फिरंगी सरदार को खिलअत न दूँगा।" इतना कह कर बादशाह सलामत फिरंगियों की चालाकी अपनी बेगमात से बतलाने के लिए हरम में अंदर चले गए। हरकारा बेचारा चुपचाप लौट आया।

"जनाब! उस तंबू ने बढ़ना जारी रखा। एक दिन क्‍या देखते हैं कि विश्‍वनाथपुरी काशी के ऊपर वह तंबू तन गया। अब तो लोगों में भगदड़ मच गई। उन दिनों राजा चेतसिंह बनारस की देखभाल करते थे। उन्‍होंने उसी वक्‍त बादशाह सलामत के पास हरकारा दौड़ाया। वह दीवान खास में हाजिर किया गया। हरकारे ने बादशाह सलामत से अर्ज की कि वह तंबू बनारस पहुँच गया है और तेजी के साथ दिल्‍ली की तरफ आ रहा है। बादशाह सलामत चौंक उठे। उन्‍होंने हरकारे से कहा - "तो म्‍याँ हरकारे, तुम्‍हीं बतलाओ, क्‍या किया जाय?" वहाँ बैठे हुए दो-एक उमराओं ने कहा - "जहाँपनाह, एक बड़ी फौज भेज कर इन फिरंगियों का तंबू छोटा करवा दिया जाय और कलकत्ते भेज दिया जाय। हम लोग जा कर लड़ने को तैयार हैं। जहाँपनाह का हुक्‍म भर हो जाय। इस तंबू की क्‍या हकीकत है, एक मर्तबा आसमान को भी छोटा कर दें।" बादशाह सलामत ने कुछ सोचा, फिर उन्‍होंने कहा - "क्‍या बतलाऊँ, हमारे बुजुर्ग शाहंशाह शाहजहाँ इन फिरंगियों को तंबू के नीचे जितनी जगह आ जाय, वह बख्‍श गए हैं। बख्‍शीशनामा की रूह से हम लोग कुछ नहीं कर सकते। आप जानते हैं, हम लोग अमीर तैमूर की औलाद हैं। एक दफा जो जबान दे दी वह दे दी। तंबू का छोटा कराना तो गैरमुमकिन है। हाँ, कोई ऐसी हिकमत निकाली जाय, जिससे फिरंगी अपना तंबू आगे न बढ़ा सकें। इसके लिए दरबार आम किया जाय और यह मसला वहाँ पेश हो।"

"इधर दिल्‍ली में तो यह बातचीत हो रही थी और उधर इन फिरंगियों का तंबू इलाहाबाद, इटावा ढकता हुआ आगरे पहुँचा। दूसरा हरकारा दौड़ा। उसने कहा - "जहाँपनाह, वह तंबू आगरे तक बढ़ आया है। अगर अब भी कुछ नहीं किया जाता, तो ये फिरंगी दिल्‍ली पर भी अपना तंबू तान कर कब्‍जा कर लेंगे।" बादशाह सलामत घबराए - दरबार आम किया गया। सब अमीर-उमरा इक्‍ट्ठा हो गए तो बादशाह सलामत ने कहा - "आज हमारे सामने एक अहम मसला पेश है। आप लोग जानते हैं कि हमारे बुजुर्ग शाहंशाह शाहजहाँ ने फिरंगियों को इतनी जमीन बख्‍श दी थी, जितनी उनके तंबू के नीचे आ सके। इन्‍होंने अपना तंबू कलकत्ते में लगवाया था; लेकिन वह तंबू है रबड़ का, और धीरे-धीरे ये लोग तंबू आगरे तक खींच लाए। हमारे बुजुर्गों से जब यह कहा गया, तब उन्‍होंने कुछ करना मुनासिब न समझा; क्‍योंकि शाहंशाह शाहजहाँ अपना कौल हार चुके हैं। हम लोग अमीर तैमूर की औलाद हैं और अपने कौल के पक्‍के हैं। अब आप लोग बतलाइए, क्‍या किया जाए।" अमीरों और मंसबदारों ने कहा - "हमें इन फिरंगियों से लड़ना चाहिए और इनको सजा देनी चाहिए। इनका तंबू छोटा करवा कर कलकत्ते भिजवा देना चाहिए।" बादशाह सलामत ने कहा - "लेकिन हम अमीर तैमूर की औलाद हैं। हमारा कौल टूटता है।" इसी समय तीसरा हरकारा हाँफता हुआ बिना इत्तला कराए ही दरबार में घुस आया। उसने कहा - "जहाँपनाह, वह तंबू दिल्‍ली पहुँच गया। वह देखिए, किले तक आ पहुँचा।" सब लोगों ने देखा। वास्‍तव में हजारों गोरे खाकी वर्दी पहने और हथियारों से लैस, बाजा बजाते हुए तंबू को किले की तरफ खींचते हुए आ रहे थे। उस वक्‍त बादशाह सलामत उठ खड़े हुए। उन्‍होंने कहा - "हमने तय कर लिया। हम अमीर तैमूर की औलाद हैं। हमारे बुजुर्गों ने जो कुछ कह दिया, वही होगा। उन्‍होंने तंबू के नीचे की जगह फिरंगियों को बख्‍श दी थी। अब अगर दिल्‍ली भी उस तंबू के नीचे आ रही है, तो आवे! मुगल सल्‍तनत जाती है, तो जाय, लेकिन दुनिया यह देख ले कि अमीर तैमूर की औलाद हमेशा अपने कौल की पक्‍की रही है," - इतना कह कर बादशाह सलामत मय अपने अमीर-उमरावों के दिल्‍ली के बाहर हो गए और दिल्‍ली पर अँगरेजों का कब्‍जा हो गया। अब आप लोग देख सकते हैं, इस कलियुग में भी मुगलों ने अपनी सल्‍तनत बख्‍श दी।"

हम सब लोग थोड़ी देर तक चुप रहे। इसके बाद मैंने कहा - "हीरोजी, एक प्‍याला चाय और पियो।"

हीरोजी बोल उठे - "इतनी अच्‍छी कहानी सुनाने के बाद भी एक प्‍याला चाय? अरे, महुवे के ठर्रे का एक अद्धा तो हो जाता।



Video Link-

👇click here

मुगलों ने सल्तनत बख्श दी


सोमवार, 12 सितंबर 2022

हार की जीत (लेखक- सुदर्शन)

मां को अपने बेटे और किसान को अपने लहलहाते खेत देखकर जो आनंद आता है, वही आनंद बाबा भारती को अपना घोड़ा देखकर आता था. भगवद् भजन से जो समय बचता, वह घोड़े को अर्पण हो जाता. वह घोड़ा बड़ा सुंदर था, बड़ा बलवान. उसके जोड़ का घोड़ा सारे इलाक़े में न था. बाबा भारती उसे सुल्तान कहकर पुकारते, अपने हाथ से खरहरा करते, ख़ुद दाना खिलाते और देख-देखकर प्रसन्न होते थे. उन्होंने रुपया, माल, असबाब, ज़मीन आदि अपना सब-कुछ छोड़ दिया था, यहां तक कि उन्हें नगर के जीवन से भी घृणा थी. अब गांव से बाहर एक छोटे-से मंदिर में रहते और भगवान का भजन करते थे. ‘मैं सुलतान के बिना नहीं रह सकूंगा,’ उन्हें ऐसी भ्रान्ति-सी हो गई थी. वे उसकी चाल पर लट्टू थे. कहते, ‘ऐसे चलता है जैसे मोर घटा को देखकर नाच रहा हो.’ जब तक संध्या समय सुल्तान पर चढ़कर आठ-दस मील का चक्कर न लगा लेते, उन्हें चैन न आता.
खड़गसिंह उस इलाक़े का प्रसिद्ध डाकू था. लोग उसका नाम सुनकर कांपते थे. होते-होते सुल्तान की कीर्ति उसके कानों तक भी पहुंची. उसका हृदय उसे देखने के लिए अधीर हो उठा. वह एक दिन दोपहर के समय बाबा भारती के पास पहुंचा और नमस्कार करके बैठ गया. बाबा भारती ने पूछा,‘खड़गसिंह, क्या हाल है?’
खड़गसिंह ने सिर झुकाकर उत्तर दिया,‘आपकी दया है.’
‘कहो, इधर कैसे आ गए?’
‘सुल्तान की चाह खींच लाई.’
‘विचित्र जानवर है. देखोगे तो प्रसन्न हो जाओगे.’
‘मैंने भी बड़ी प्रशंसा सुनी है.’
‘उसकी चाल तुम्हारा मन मोह लेगी!’
‘कहते हैं देखने में भी बहुत सुंदर है.’
‘क्या कहना! जो उसे एक बार देख लेता है, उसके हृदय पर उसकी छवि अंकित हो जाती है.’
‘बहुत दिनों से अभिलाषा थी, आज उपस्थित हो सका हूं.’
बाबा भारती और खड़गसिंह अस्तबल में पहुंचे. बाबा ने घोड़ा दिखाया घमंड से, खड़गसिंह ने देखा आश्चर्य से. उसने सैकड़ों घोड़े देखे थे, परंतु ऐसा बांका घोड़ा उसकी आंखों से कभी न गुज़रा था. सोचने लगा, भाग्य की बात है. ऐसा घोड़ा खड़गसिंह के पास होना चाहिए था. इस साधु को ऐसी चीज़ों से क्या लाभ? कुछ देर तक आश्चर्य से चुपचाप खड़ा रहा. इसके पश्चात उसके हृदय में हलचल होने लगी. बालकों की-सी अधीरता से बोला,‘परंतु बाबाजी, इसकी चाल न देखी तो क्या?’
दूसरे के मुख से सुल्तान की प्रशंसा सुनने के लिए उनका हृदय अधीर हो गया. घोड़े को खोलकर बाहर गए. घोड़ा वायु-वेग से उड़ने लगा. उसकी चाल को देखकर खड़गसिंह के हृदय पर सांप लोट गया. वह डाकू था और जो वस्तु उसे पसंद आ जाए उस पर वह अपना अधिकार समझता था. उसके पास बाहुबल था और आदमी भी. जाते-जाते उसने कहा,‘बाबाजी, मैं यह घोड़ा आपके पास न रहने दूंगा.’
बाबा भारती डर गए. अब उन्हें रात को नींद न आती. सारी रात अस्तबल की रखवाली में कटने लगी. प्रति क्षण खड़गसिंह का भय लगा रहता, परंतु कई मास बीत गए और वह न आया. यहां तक कि बाबा भारती कुछ असावधान हो गए और इस भय को स्वप्न के भय की नाईं मिथ्या समझने लगे. संध्या का समय था. बाबा भारती सुल्तान की पीठ पर सवार होकर घूमने जा रहे थे. इस समय उनकी आंखों में चमक थी, मुख पर प्रसन्नता. कभी घोड़े के शरीर को देखते, कभी उसके रंग को और मन में फूले न समाते थे. सहसा एक ओर से आवाज़ आई,‘ओ बाबा, इस कंगले की सुनते जाना.’
आवाज़ में करुणा थी. बाबा ने घोड़े को रोक लिया. देखा, एक अपाहिज वृक्ष की छाया में पड़ा कराह रहा है. बोले,‘क्यों तुम्हें क्या कष्ट है?’
अपाहिज ने हाथ जोड़कर कहा,‘बाबा, मैं दुखियारा हूं. मुझ पर दया करो. रामावाला यहां से तीन मील है, मुझे वहां जाना है. घोड़े पर चढ़ा लो, परमात्मा भला करेगा.’
‘वहां तुम्हारा कौन है?’
‘दुर्गादत्त वैद्य का नाम आपने सुना होगा. मैं उनका सौतेला भाई हूं.’
बाबा भारती ने घोड़े से उतरकर अपाहिज को घोड़े पर सवार किया और स्वयं उसकी लगाम पकड़कर धीरे-धीरे चलने लगे. सहसा उन्हें एक झटका-सा लगा और लगाम हाथ से छूट गई. उनके आश्चर्य का ठिकाना न रहा, जब उन्होंने देखा कि अपाहिज घोड़े की पीठ पर तनकर बैठा है और घोड़े को दौड़ाए लिए जा रहा है. उनके मुख से भय, विस्मय और निराशा से मिली हुई चीख निकल गई. वह अपाहिज, डाकू खड़गसिंह था. बाबा भारती कुछ देर तक चुप रहे और कुछ समय पश्चात कुछ निश्चय करके पूरे बल से चिल्लाकर बोले,‘ज़रा ठहर जाओ.’
खड़गसिंह ने यह आवाज़ सुनकर घोड़ा रोक लिया और उसकी गरदन पर हाथ फेरते हुए कहा,‘बाबाजी, यह घोड़ा अब न दूंगा.’
‘परंतु एक बात सुनते जाओ.’ खड़गसिंह ठहर गया.
बाबा भारती ने निकट जाकर उसकी ओर ऐसी आंखों से देखा जैसे बकरा कसाई की ओर देखता है और कहा,‘यह घोड़ा तुम्हारा हो चुका है. मैं तुमसे इसे वापस करने के लिए न कहूंगा. परंतु खड़गसिंह, केवल एक प्रार्थना करता हूं. इसे अस्वीकार न करना, नहीं तो मेरा दिल टूट जाएगा.’
‘बाबाजी, आज्ञा कीजिए. मैं आपका दास हूं, केवल घोड़ा न दूंगा.’
‘अब घोड़े का नाम न लो. मैं तुमसे इस विषय में कुछ न कहूंगा. मेरी प्रार्थना केवल यह है कि इस घटना को किसी के सामने प्रकट न करना.’
खड़गसिंह का मुंह आश्चर्य से खुला रह गया. उसे लगा था कि घोड़े को लेकर यहां से भागना पड़ेगा, परंतु बाबा भारती ने स्वयं उसे कहा कि इस घटना को किसी के सामने प्रकट न करना. इसका क्या अर्थ हो सकता है? खड़गसिंह ने बहुत सोचा, बहुत सिर मारा, परंतु कुछ समझ न सका. हारकर उसने अपनी आंखें बाबा भारती के मुख पर गड़ा दीं और पूछा,‘बाबाजी इसमें आपको क्या डर है?’
सुनकर बाबा भारती ने उत्तर दिया,‘लोगों को यदि इस घटना का पता चला तो वे दीन-दुखियों पर विश्वास न करेंगे.’ यह कहते-कहते उन्होंने सुल्तान की ओर से इस तरह मुंह मोड़ लिया जैसे उनका उससे कभी कोई संबंध ही नहीं रहा हो.
बाबा भारती चले गए. परंतु उनके शब्द खड़गसिंह के कानों में उसी प्रकार गूंज रहे थे. सोचता था, कैसे ऊंचे विचार हैं, कैसा पवित्र भाव है! उन्हें इस घोड़े से प्रेम था, इसे देखकर उनका मुख फूल की नाईं खिल जाता था. कहते थे,‘इसके बिना मैं रह न सकूंगा.’ इसकी रखवाली में वे कई रात सोए नहीं. भजन-भक्ति न कर रखवाली करते रहे. परंतु आज उनके मुख पर दुख की रेखा तक दिखाई न पड़ती थी. उन्हें केवल यह ख़्याल था कि कहीं लोग दीन-दुखियों पर विश्वास करना न छोड़ दें.
रात्रि के अंधकार में खड़गसिंह बाबा भारती के मंदिर पहुंचा. चारों ओर सन्नाटा था. आकाश में तारे टिमटिमा रहे थे. थोड़ी दूर पर गांवों के कुत्ते भौंक रहे थे. मंदिर के अंदर कोई शब्द सुनाई न देता था. खड़गसिंह सुल्तान की बाग पकड़े हुए था. वह धीरे-धीरे अस्तबल के फाटक पर पहुंचा. फाटक खुला पड़ा था. किसी समय वहां बाबा भारती स्वयं लाठी लेकर पहरा देते थे, परंतु आज उन्हें किसी चोरी, किसी डाके का भय न था. खड़गसिंह ने आगे बढ़कर सुलतान को उसके स्थान पर बांध दिया और बाहर निकलकर सावधानी से फाटक बंद कर दिया. इस समय उसकी आंखों में नेकी के आंसू थे.
रात्रि का तीसरा पहर बीत चुका था. चौथा पहर आरंभ होते ही बाबा भारती ने अपनी कुटिया से बाहर निकल ठंडे जल से स्नान किया. उसके पश्चात्, इस प्रकार जैसे कोई स्वप्न में चल रहा हो, उनके पांव अस्तबल की ओर बढ़े. परंतु फाटक पर पहुंचकर उनको अपनी भूल प्रतीत हुई. साथ ही घोर निराशा ने पांव को मन-मन भर का भारी बना दिया. वे वहीं रुक गए. घोड़े ने अपने स्वामी के पांवों की चाप को पहचान लिया और ज़ोर से हिनहिनाया. अब बाबा भारती आश्चर्य और प्रसन्नता से दौड़ते हुए अंदर घुसे और अपने प्यारे घोड़े के गले से लिपटकर इस प्रकार रोने लगे मानो कोई पिता बहुत दिन से बिछड़े हुए पुत्र से मिल रहा हो. बार-बार उसकी पीठ पर हाथ फेरते, बार-बार उसके मुंह पर थपकियां देते. फिर वे संतोष से बोले,‘अब कोई दीन-दुखियों से मुंह न फेरेगा 
Video Link-
👇 Click here 


ममता (लेखक -जयशंकर प्रसाद)


रोहतास-दुर्ग के प्रकोष्ठ में बैठी हुई युवती ममता, शोण के तीक्ष्ण गम्भीर प्रवाह को देख रही है। ममता विधवा थी। उसका यौवन शोण के समान ही उमड़ रहा था। मन में वेदना, मस्तक में आँधी, आँखों में पानी की बरसात लिये, वह सुख के कण्टक-शयन में विकल थी। वह रोहतास-दुर्गपति के मन्त्री चूड़ामणि की अकेली दुहिता थी, फिर उसके लिए कुछ अभाव होना असम्भव था, परन्तु वह विधवा थी-हिन्दू-विधवा संसार में सबसे तुच्छ निराश्रय प्राणी है-तब उसकी विडम्बना का कहाँ अन्त था?

चूड़ामणि ने चुपचाप उसके प्रकोष्ठ में प्रवेश किया। शोण के प्रवाह में, उसके कल-नाद में अपना जीवन मिलाने में वह बेसुध थी। पिता का आना न जान सकी। चूड़ामणि व्यथित हो उठे। स्नेह-पालिता पुत्री के लिए क्या करें, यह स्थिर न कर सकते थे। लौटकर बाहर चले गये। ऐसा प्राय: होता, पर आज मन्त्री के मन में बड़ी दुश्चिन्ता थी। पैर सीधे न पड़ते थे।

एक पहर बीत जाने पर वे फिर ममता के पास आये। उस समय उनके पीछे दस सेवक चाँदी के बड़े थालों में कुछ लिये हुए खड़े थे; कितने ही मनुष्यों के पद-शब्द सुन ममता ने घूम कर देखा। मन्त्री ने सब थालों को रखने का संकेत किया। अनुचर थाल रखकर चले गये।

ममता ने पूछा-''यह क्या है, पिताजी?''

''तेरे लिये बेटी! उपहार है।''-कहकर चूड़ामणि ने उसका आवरण उलट दिया। स्वर्ण का पीलापन उस सुनहली सन्ध्या में विकीर्ण होने लगा। ममता चौंक उठी-

''इतना स्वर्ण! यहा कहाँ से आया?''

''चुप रहो ममता, यह तुम्हारे लिये है!''

''तो क्या आपने म्लेच्छ का उत्कोच स्वीकार कर लिया? पिताजी यह अनर्थ है, अर्थ नहीं। लौटा दीजिये। पिताजी! हम लोग ब्राह्मण हैं, इतना सोना लेकर क्या करेंगे?''

''इस पतनोन्मुख प्राचीन सामन्त-वंश का अन्त समीप है, बेटी! किसी भी दिन शेरशाह रोहिताश्व पर अधिकार कर सकता है; उस दिन मन्त्रित्व न रहेगा, तब के लिए बेटी!''

''हे भगवान! तब के लिए! विपद के लिए! इतना आयोजन! परम पिता की इच्छा के विरुद्ध इतना साहस! पिताजी, क्या भीख न मिलेगी? क्या कोई हिन्दू भू-पृष्ठ पर न बचा रह जायेगा, जो ब्राह्मण को दो मुठ्ठी अन्न दे सके? यह असम्भव है। फेर दीजिए पिताजी, मैं काँप रही हूँ-इसकी चमक आँखों को अन्धा बना रही है।''

''मूर्ख है''-कहकर चूड़ामणि चले गये।

दूसरे दिन जब डोलियों का ताँता भीतर आ रहा था, ब्राह्मण-मन्त्री चूड़ामणि का हृदय धक्-धक करने लगा। वह अपने को रोक न सका। उसने जाकर रोहिताश्व दुर्ग के तोरण पर डोलियों का आवरण खुलवाना चाहा। पठानों ने कहा-

''यह महिलाओं का अपमान करना है।''

बात बढ़ गई। तलवारें खिंचीं, ब्राह्मण वहीं मारा गया और राजा-रानी और कोष सब छली शेरशाह के हाथ पड़े; निकल गई ममता। डोली में भरे हुए पठान-सैनिक दुर्ग भर में फैल गये, पर ममता न मिली।

2

काशी के उत्तर धर्मचक्र विहार, मौर्य और गुप्त सम्राटों की कीर्ति का खंडहर था। भग्न चूड़ा, तृण-गुल्मों से ढके हुए प्राचीर, ईंटों की ढेर में बिखरी हुई भारतीय शिल्प की विभूति, ग्रीष्म की चन्द्रिका में अपने को शीतल कर रही थी।

जहाँ पञ्चवर्गीय भिक्षु गौतम का उपदेश ग्रहण करने के लिए पहले मिले थे, उसी स्तूप के भग्नावशेष की मलिन छाया में एक झोपड़ी के दीपालोक में एक स्त्री पाठ कर रही थी-

''अनन्याश्चिन्तयन्तो मां ये जना: पर्युपासते .....''

पाठ रुक गया। एक भीषण और हताश आकृति दीप के मन्द प्रकाश में सामने खड़ी थी। स्त्री उठी, उसने कपाट बन्द करना चाहा। परन्तु उस व्यक्ति ने कहा-''माता! मुझे आश्रय चाहिये।''

''तुम कौन हो?''-स्त्री ने पूछा।

''मैं मुगल हूँ। चौसा-युद्ध में शेरशाह से विपन्न होकर रक्षा चाहता हूँ। इस रात अब आगे चलने में असमर्थ हूँ।''

''क्या शेरशाह से?''-स्त्री ने अपने ओठ काट लिये।

''हाँ, माता!''

''परन्तु तुम भी वैसे ही क्रूर हो, वही भीषण रक्त की प्यास, वही निष्ठुर प्रतिबिम्ब, तुम्हारे मुख पर भी है! सैनिक! मेरी कुटी में स्थान नहीं। जाओ, कहीं दूसरा आश्रय खोज लो।''

''गला सूख रहा है, साथी छूट गये हैं, अश्व गिर पड़ा है-इतना थका हुआ हूँ-इतना!''-कहते-कहते वह व्यक्ति धम-से बैठ गया और उसके सामने ब्रह्माण्ड घूमने लगा। स्त्री ने सोचा, यह विपत्ति कहाँ से आई! उसने जल दिया, मुगल के प्राणों की रक्षा हुई। वह सोचने लगी-''ये सब विधर्मी दया के पात्र नहीं-मेरे पिता का वध करने वाले आततायी!'' घृणा से उसका मन विरक्त हो गया।

स्वस्थ होकर मुगल ने कहा-''माता! तो फिर मैं चला जाऊँ?''

स्त्री विचार कर रही थी-'मैं ब्राह्मणी हूँ, मुझे तो अपने धर्म-अतिथिदेव की उपासना-का पालन करना चाहिए। परन्तु यहाँ...नहीं-नहीं ये सब विधर्मी दया के पात्र नहीं। परन्तु यह दया तो नहीं .... कर्तव्य करना है। तब?''

मुगल अपनी तलवार टेककर खड़ा हुआ। ममता ने कहा-''क्या आश्चर्य है कि तुम भी छल करो; ठहरो।''

''छल! नहीं, तब नहीं-स्त्री! जाता हूँ, तैमूर का वंशधर स्त्री से छल करेगा? जाता हूँ। भाग्य का खेल है।''

ममता ने मन में कहा-''यहाँ कौन दुर्ग है! यही झोपड़ी न; जो चाहे ले-ले, मुझे तो अपना कर्तव्य करना पड़ेगा।'' वह बाहर चली आई और मुगल से बोली-''जाओ भीतर, थके हुए भयभीत पथिक! तुम चाहे कोई हो, मैं तुम्हें आश्रय देती हूँ। मैं ब्राह्मण-कुमारी हूँ; सब अपना धर्म छोड़ दें,तो मैं भी क्यों छोड़ दूँ?'' मुगल ने चन्द्रमा के मन्द प्रकाश में वह महिमामय मुखमण्डल देखा, उसने मन-ही-मन नमस्कार किया। ममता पास की टूटी हुई दीवारों में चली गई। भीतर, थके पथिक ने झोपड़ी में विश्राम किया।

प्रभात में खंडहर की सन्धि से ममता ने देखा, सैकड़ों अश्वारोही उस प्रान्त में घूम रहे हैं। वह अपनी मूर्खता पर अपने को कोसने लगी।

अब उस झोपड़ी से निकलकर उस पथिक ने कहा-''मिरजा! मैं यहाँ हूँ।''

शब्द सुनते ही प्रसन्नता की चीत्कार-ध्वनि से वह प्रान्त गूँज उठा। ममता अधिक भयभीत हुई। पथिक ने कहा-''वह स्त्री कहाँ है? उसे खोज निकालो।'' ममता छिपने के लिए अधिक सचेष्ट हुई। वह मृग-दाव में चली गई। दिन-भर उसमें से न निकली। सन्ध्या में जब उन लोगों के जाने का उपक्रम हुआ, तो ममता ने सुना, पथिक घोड़े पर सवार होते हुए कह रहा है-''मिरजा! उस स्त्री को मैं कुछ दे न सका। उसका घर बनवा देना, क्योंकि मैंने विपत्ति में यहाँ विश्राम पाया था। यह स्थान भूलना मत।''-इसके बाद वे चले गये।

चौसा के मुगल-पठान-युद्ध को बहुत दिन बीत गये। ममता अब सत्तर वर्ष की वृद्धा है। वह अपनी झोपड़ी में एक दिन पड़ी थी। शीतकाल का प्रभात था। उसका जीर्ण-कंकाल खाँसी से गूँज रहा था। ममता की सेवा के लिये गाँव की दो-तीन स्त्रियाँ उसे घेर कर बैठी थीं; क्योंकि वह आजीवन सबके सुख-दु:ख की समभागिनी रही।

ममता ने जल पीना चाहा, एक स्त्री ने सीपी से जल पिलाया। सहसा एक अश्वारोही उसी झोपड़ी के द्वार पर दिखाई पड़ा। वह अपनी धुन में कहने लगा-''मिरजा ने जो चित्र बनाकर दिया है, वह तो इसी जगह का होना चाहिये। वह बुढिय़ा मर गई होगी, अब किससे पूछूँ कि एक दिन शाहंशाह हुमायूँ किस छप्पर के नीचे बैठे थे? यह घटना भी तो सैंतालीस वर्ष से ऊपर की हुई!''

ममता ने अपने विकल कानों से सुना। उसने पास की स्त्री से कहा-''उसे बुलाओ।''

अश्वारोही पास आया। ममता ने रुक-रुककर कहा-''मैं नहीं जानती कि वह शाहंशाह था, या साधारण मुगल पर एक दिन इसी झोपड़ी के नीचे वह रहा। मैंने सुना था कि वह मेरा घर बनवाने की आज्ञा दे चुका था! भगवान् ने सुन लिया, मैं आज इसे छोड़े जाती हूँ। अब तुम इसका मकान बनाओ या महल, मैं अपने चिर-विश्राम-गृह में जाती हूँ!''

वह अश्वारोही अवाक् खड़ा था। बुढिय़ा के प्राण-पक्षी अनन्त में उड़ गये।

वहाँ एक अष्टकोण मन्दिर बना; और उस पर शिलालेख लगाया गया-

''सातों देश के नरेश हुमायूँ ने एक दिन यहाँ विश्राम किया था। उनके पुत्र अकबर ने उनकी स्मृति में यह गगनचुम्बी मन्दिर बनाया।''

पर उसमें ममता का कहीं नाम नहीं 

Audio Link - 

👇click 

ममता कहानी



सोमवार, 22 अगस्त 2022

पूस की रात - प्रेमचंद कहानी

हल्‍कू किसान की दर्द-गाथा आज भी प्रासंगिक

कहानी सम्राट प्रेमचंद की कहानियां आम आदमी के दु:ख-दर्द की क्रूर कहानियां हैं। विकट परिस्थितियों में फंसे पात्र निरंतर शोषण की चक्‍की में पिसते हैं। बीच-बीच में विद्रोह की चिंगारियां भी भड़कती हैं। कभी ये चिंगारियां चरित्रों के अस्‍फुट स्‍वर के रूप में उभरती हैं, तो कभी लेखक का स्‍वर भी अस्‍फुट हो उठता है। किसान-मजदूरों की अभिशप्‍त नियति को दर्शाती अनेक कहानियां प्रेमचंद ने लिखी हैं परन्‍तु ‘पूस की रात’ आर्थिकता की दृष्टि से श्रेष्‍ठ कहानियों में परिगणित की जाएगी।

हल्‍कू ने एक-एक पैसा बचाकर तीन रुपये इकट्ठे किये थे ताकि माघ-पूस की ठंड में बचने के लिए कंबल खरीद सके परन्‍तु साहूकार सिर पर आ खड़ा होता है तथा ब्‍याज मांगता है। हल्‍कू की पत्‍नी मुन्‍नी भुनभुनाती है कि वे तो साहूकार की ‘बाकी’ चुकाते-चुकाते ही मर जाएंगे। उसके ये शब्‍द किसान की विवशता को रेखांकित करते हैं – ‘मैं कहती हूं, तुम क्‍यों नहीं, खेती छोड़ देते ?’ मर-मर कर काम करो, उपज हो तो बाकी दे दो, चलो छुट्टी हुई। बाकी चुकाने के लिए ही हमारा जन्‍म हुआ है। पेट के लिए मजूरी करो। ऐसी खेती से बाज आए। मैं रुपये न दूंगी – न दूंगी।’’ फिर यह सोचकर वह पैसे देती है कि रुपये न देने की स्थिति में साहूकार सहना उसके पति को गाली देगा, जो उससे सहन न होगा।

पूस की अंधेरी रात में हल्‍कू अपने खेत की रखवाली के लिए बांस के खटोले पर बैठा है। ठण्‍ड है कि उसकी हड्डि‍यां कड़कड़ा रही हैं। उसका साथी जबरा भी बैठा कूं-कूं कर रहा है। उसे भी ठंड लग रही है। हल्‍कू निरीह जानवर से बतियाता है। कभी उसे न आने का परामर्श देता है तो कभी उसे अपने घुटनों में ले लेता है। दोनों को एक-दूसरे की गर्मी महसूस होती है। हल्‍कू बार-बार चि‍लम भरता है। शायद इससे ठण्‍ड हट जाए परन्‍तु यह तो क्षणिक राहत देती है। फिर वह पत्ते इकट्ठे करके अलाव सेंकता है, खेत से थोड़ा हटकर। उससे गर्मी मिलती है... फिर कुत्ते के भौंकने से उसे लगता है कि कुछ जानवर उसके खेत में घुस गए हैं…नीलगाय खेत चर रही हैं। वह उठना चाहता है परन्‍तु आग की गर्मी उसे उठने नहीं देती... वह वहीं सो जाता है। कुत्ता रात भर भौंकता रहता है ... फिर जबरा भी थककर लेट जाता है। प्रात: मुन्‍नी आई तो हल्‍कू को उठाया और बताया कि पशु सारा खेत चर गए हैं। हल्‍कू ने पेट दर्द का बहाना बनाया और कहा – वह तो मरते-मरते बचा । मुन्‍नी ने चिंता जतायी – अब मजूरी करके माल गुजारी करनी पड़ेगी। हल्‍कू ने कहा – अब रात को ठण्‍ड में सोना तो न पड़ेगा।

‘पूस की रात’ निर्धन किसान की विपन्‍नता एवं विपन्‍नता से उपजी उपेक्षा की कहानी है।

‘पूस की रात’ आज भी उतनी ही प्रासंगिक

‘पूस की रात कहानी आज भी उतनी ही प्रासंगिक है, जितनी उस समय थी जब मुंशी प्रेमचंद ने इसे लिखा था। साहूकार और किसान, शोषक और शोषित का शाश्‍वत संबंध। जमींदार और निर्धन किसान। ‘पूस की रात’ का हल्‍कू मेहनत करके भी न तो भरपेट अन्‍न जुटा पाता है, और न ही ब्‍याज की ‘बाकी ’ उतार पाता है। हल्‍कू की पत्‍नी का कथन – ‘मर-मर कर काम करो, उपज हो तो बाकी दे दो, चलो छुट्टी हुई।’ बाकी चुकाने के लिए ही हमारा जन्‍म हुआ है।’

समकालीन संदर्भ में उक्‍त कहानी को देखें तो किसान आज भी ऋण के बोझ के नीचे दबा हुआ है। अब बैंक साहूकार हो गए हैं तथा दबदबे के साथ बाकी वसूली वसूलते हैं। आज की तथाकथित प्रगतिशील योजनाएं किसान को उधार का प्रलोभन देकर उसे मकड़जाल में फंसा लेती हैं। पैदावार भी ठीक-ठाक हो जाए तो विपणन की व्‍यवस्‍था ठीक न होने के कारण बिचौलिए शोषण करते हैं। किसान को तो प्रताड़ित एवं शोषित रहना ही है। यही कारण है कि आज किसान ऋण न चुका पाने की स्थिति में आत्‍महत्‍या करने लगे हैं। कही-कहीं तो सामूहिक आत्‍महत्‍या के द्वारा पूरे के पूरे परिवार परलोक की शरण लेते हैं।

हल्‍कू कम्‍बल के लिए तीन रुपये जुटाता है परन्‍तु वह भी सहना साहूकार ले जाता है और ‘पूस की रात’ उसे ग्रस लेती है। यह पता लगने पर भी कि नीलगाय उसके खेत को चर रही है, वह लेटा ही रहता है। पत्‍नी ने जब उसे चेताया तो वह बहाना ही बनाता है तथा सच भी बोलता है। फसल नष्‍ट हो गयी अब रखवाली के लिए ठण्‍ड में तो न ठिठुरना पड़ेगा।

हल्‍कू के एक-एक वाक्‍य में व्‍यंग्‍य है। अमीर और गरीब में जो खाई है, उसका सटीक चित्रण है। देखें –

‘यह खेती का मज़ा है। और एक-एक भगवान ऐसे पड़े हैं, जिनके पास जाड़ा जाए तो गर्मी से घबराकर भागे। मोटे-मोटे गद्दे, लिहाफ, कम्‍बल। मज़ाल है जाड़े का गुजर हो जाए। तकदीर की खूबी है। मजूरी हम करें मजा दूसरे लूटें।’

‘जबरा अपना गला फाड़े डालता था, नीलगायें खेत का सफाया किए डालती थीं और हल्‍कू गर्म राख के पास शांत बैठा हुआ था। अकर्मण्‍यता ने रस्सियों की भांति उसे चारों तरफ से जकड़ रखा था।’

गरीब का भाई-चारा गरीब से

हार में बैठा हल्‍कू ठिठुरता है, तो वहां उसका साथ जबरा कुत्ता ही देता है। हल्‍कू उसी से बातचीत करता है। हल्‍कू ने घुटनियों को गर्दन में चिपकाते हुए कहा – ‘क्‍यों जबरा, जाड़ा लगता है ?’ कहता तो था, घर में पुआल पर लेट रहो। यहां क्‍या लेने आए थे ? अब खाओ, ठण्‍ड, मैं क्‍या करूं ? जानते थे, मैं यहां हलवा-पूरी खाने आ रहा हूं, दौड़े-दौड़े चले आए। अब रोओ नानी के नाम को।’ जबरा ने उसके मुंह की ओर प्रेम से छलकती हुई आंखों से देखा।

हल्‍कू – आज और जाड़ा खा ले। कल से मैं यहां पुआल बिछा दूंगा। उसी में घुसकर बैठना, तब जाड़ा न लगेगा।

हल्‍कू भी ठिठुर रहा था, जबरा भी। अन्‍तत: हल्‍कू ने जबरा को उठाकर अपनी गोद में सुला लिया... ‘जबरा शायद समझ रहा था, कि स्‍वर्ग यहां है, और हल्‍कू की पवित्र आत्‍मा में तो उसे कुत्ते के प्रति घृणा की गंध तक न थी। अपने किसी अभिन्‍न मित्र या भाई को भी वह इतनी ही तत्‍परता से गले लगाता। वह अपनी दीनता से आहत न था, जिसने उसे इस दशा में पहुंचा दिया। नहीं, इस अनोखी मैत्री ने जैसे उसकी आत्‍मा के सब द्वार खोल दिए थे और उसका एक-एक अणु प्रकाश से चमक रहा था।’

पूरी कहानी में हल्‍कू तथा जबरा सर्वाधिक निकट हैं। जबरा मौन होकर भी अपनी भावनाओं को कूं कूं के माध्‍यम से हल्‍कू तक पहुंचाता है। जबरा की उपस्थिति कहानी को वाणी देती है। जबरा इतना वफादार था कि वह खेत की रखवाली के लिए निरन्‍तर भौंकता रहा… तथा नीलगायों की उपस्थिति की खबर हल्‍कू को देता रहा... ‘एक क्षण के लिए आ भी जाता तो तुरन्‍त ही फिर दौड़ता। कर्तव्‍य हृदय में अरमान की भांति उछल रहा था।’

प्रेमचंद की कहानियों में आम आदमी का दर्द पूरी भयावहता के साथ उभरता है। हल्कू और मुन्‍नी की कथा भी प्रस्‍तुत कहानी में पूरी सार्थकता के सा‍थ चित्रांकित हुई है। जबरा की बराबर उपस्थिति कहानी के कथ्‍य को और भी मार्मिक बनाता है। साहूकार शोषक का प्रतीक पहले भी था, अब भी है। अब साहूकार का स्‍थान कहीं-कहीं बैंक व्‍यवस्‍था ने ले लिया है लेकिन दोनों की निर्ममता बराबर है। किसान पहले भी दबा-कुचला था, आज तो वह तंग आकर सामूहिक आत्‍महत्‍याओं की शरण में जाने लगा है।

‘पूस की रात’ मार्मिक कहानी है जो हल्‍कू के माध्‍यम से किसानों की दुर्दशा का चित्रण करती है।

पूस की रात - प्रेमचंद 

 https://youtu.be/g27s8Ligsww

☝️ संपूर्ण  कहानी देखने के लिए उपयुक्त लिंक को क्लिक करें।



शनिवार, 20 अगस्त 2022

हिंदी का वैश्विक परिदृश्य

इस नए दौर के चलन में हिन्दी भाषा गतिमान है। नए-नए आविष्कार और ग्लोबल होते बाजार ने हिंदी को वैश्विक तो बनाया है लेकिन इसके स्वरूप में भी परिवर्तन किया है। तकनीक और पारिभाषिक शब्दावली की दुरूहता जनसामान्य हिंदी पाठकों के लिए जगजाहिर है। इस समस्या के प्रति भी हिंदी ब्लॉग्स काफी सजग हैं। वह अपने पाठकों को बेहद सरल एवं सहज शब्दावलियों के माध्यम से ज्ञान उपलब्ध करा रहे हैं। हिंदी को शब्दिक रूप से समृद्ध और उसकी सम्प्रेषणीयता को प्रभावी बना रहे हैं। हिंदी ब्लॉग्स में उपलब्ध पाठ्य सामग्री युवाओं को रोचक ढंग से पढ़ने का विकल्प प्रस्तुत कर रही हैं।

  इलेक्ट्रॉनिक संचार के  क्षेत्र में हिंदी के इस बढ़ते प्रयोग से इसकी अंतरराष्ट्रीय भूमिका भी मजबूत हो रही है। इन ब्लॉगिंग साइट्स के माध्यम से आज लेखक और पाठक एक दूसरे से सीधे जुड़ते हैं। पढ़ने के बाद पाठक अपनी प्रतिक्रिया तुरन्त ब्लॉग्स पर लिख सकता है, जो लेखक तक आसानी से पहुँच सकती है।

  इस नवीन तकनीक ने हिंदी भाषा को एक वैश्विक मंच दिया है। अब लेखक और पाठक का यह रिश्ता राष्ट्रीय से अंतरराष्ट्रीय सीमा तक पहुँच गया है। सीमा का यह अतिक्रमण हमारी भाषा को अन्य भाषाओं से अधिक विकासशील बना रही है और हिंदी को वैश्विक भाषा के रूप में दृढ़ता से प्रतिष्ठित करने में महती भूमिका निभा रही है 

शुक्रवार, 19 अगस्त 2022

हिंदी भाषा और रोजगार

हिंदी भाषा में रोजगार के अवसर

 Career opportunities in Hindi language

Career in Hindi Language हिंदी भाषा में रोजगार (Career) की अपार संभावनाएँ हैं। इस समय अनेक ऐसे क्षेत्र हैं जहाँ हिंदी का अध्ययन करने वाले युवा अपना भविष्य सँवार सकते हैं। आज हम इसी विषय पर विस्तार से चर्चा करेंगे।
 हिंदी में रोजगार के अवसरों को जानने से पूर्व अगर आप इन तथ्यों पर दृष्टि डालें तो पूरा परिदृश्य स्पष्ट हो जाएगा।  हिंदी दुनिया की दूसरी सबसे ज्यादा बोली जाने वाली भाषा है। इस समय दुनियाभर में हिंदी बोलने वालों की संख्या ५५ करोड़ से अधिक है वहीं हिंदी समझ सकने वाले लोगों की संख्या १ अरब से भी ज्यादा है।
 
प्रिंट मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया, इंटरनेट, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच और संस्थाओं में हिंदी के प्रयोग में गुणात्मक वृद्धि हुई है।

फेसबुक, ट्विटर, यूट्यूब तथा व्हाट्सएप जैसे अनुप्रयोगों में तो अब हिंदी का ही दबदबा है। गूगल और माइक्रोसॉफ्ट जैसी दिग्गज कंपनियों ने भी हिंदी में बहुत बड़े पैमाने पर काम करना शुरू कर दे

आइए नजर डालते हैं उन तमाम क्षेत्रों पर जिसमेहिंदी पढ़ने वाले छात्र करियर चुनकर अपना भविष्य सुरक्षित कर सकते हैं साथ ही अपनी राष्ट्रभाषा के संवर्धन का पुण्य भी प्राप्त कर सकते हैं।
 

हिंदी पढ़ने वाले बनाएँ पत्रकारिता में करियर (Career in Hindi Journalism)

हिंदी का अध्ययन करने वाले छात्रों के बीच पत्रकारिता रोजगार का एक आकर्षक विकल्प है जहाँ मेहनती और प्रतिभावान युवाओं के लिए बहुत संभावनाएँ हैं। इस समय सबसे ज्यादा पढ़े जाने वाले समाचार पत्रों और सबसे ज्यादा देखे जाने वाले समाचार चैनलों में दो तिहाई से अधिक हिंदी भाषा के ही हैं। समाचार चैनलों और अखबारों के अलावा भी हिंदी के अनेक चैनल और पत्र-पत्रिकाएँ हैं जो सुयोग्य युवाओं के स्वागत में तैयार खड़े हैं।
 
इस क्षेत्र में सफल होने के लिए आवश्यक है कि भाषा पर आपकी पकड़ बहुत अच्छी हो और आप अपनी बातों को सरलता और सहजता से अभिव्यक्त कर सकें जिसमें हिंदी भाषा और साहित्य का अध्ययन विशेष लाभप्रद है। पत्रकारिता में आने की इच्छा रखने वाले युवाओं को अपने आसपास घटित होने वाली घटनाओं के प्रति सजग और संवेदनशील होना भी बहुत जरूरी होता है।
 
 

हिंदी पढ़ें और राजभाषा अधिकारी बनकर करें हिंदी की सेवा (Career in Hindi as Rajbhasha Officer)

 
केंद्रीय संस्थानों और कार्यालयों में राजभाषा अधिकारी की नियुक्ति की जाती है जो अपने यहाँ हर प्रकार से हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देते हैं और हिंदी में कामकाज को सुगम बनाते हैं। यदि आप हिंदी विषय में परास्नातक हैं और स्नातक स्तर पर एक विषय के रूप में अंग्रेजी का भी अध्ययन किया है तो राजभाषा अधिकारी के रूप में आप अपने करियर को पंख लगा सकते हैं। यहाँ आपको ऊँचे वेतनमान के साथ हिंदी भाषा के क्षेत्र में कार्य करने का अच्छा अवसर मिलता है।
 

हिंदी के छात्र अध्यापन के क्षेत्र में पाएँ रोजगार के भरपूर अवसर(Career in Hindi Teaching)

 
हिन्दी का अध्ययन करने वालों के बीच अध्यापन एक पारंपरिक करियर विकल्प के रूप में प्रसिद्ध है। यहाँ उच्च शिक्षण संस्थानों से लेकर प्राथमिक स्तर तक शिक्षण के अवसर योग्यतानुसार उपलब्ध रहते हैं और इसे सदाबहार करियर माना जाता है। हिन्दी विषय में परास्नातक करने के उपरांत समय-समय पर आयोजित होने वाली ‘राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा’ (NET) में सम्मिलित हुआ जा सकता है। इसमें अधिकतम अंक प्राप्त करने वालों को ‘जूनियर रिसर्च फेलोशिप’ (JRF) प्रदान की जाती है। जिसके माध्यम से शोधकार्य (PHD) करने वाले छात्रों को प्रतिमाह 30,000/- छात्रवृत्ति प्रदान की जाती है वहीं परीक्षा उत्तीर्ण करने वालों को महाविद्यालयों में सहायक प्रोफेसर और प्रोफेसर के रूप में नियुक्ति का अवसर मिलता है।
 
 
हिन्दी विषय में परास्नातक छात्र केंद्रीय विद्यालयों और राज्यों के माध्यमिक विद्यालयों में प्रवक्ता बन सकते हैं। इसके लिए उन्हें प्रतियोगी परीक्षा में सफल होना पड़ता है। जिन छात्रों ने स्नातक के साथ बीएड किया है वे प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (TGT) के लिए आवेदन कर सकते हैं। स्नातक के बाद बीटीसी,जेबीटी अथवा डीएलएड/ बीएलएड करने वाले छात्र प्राथमिक शिक्षा-संस्थानों में भी अध्यापक बन सकते हैं।
 
 

हिंदी भाषा के जानकार बनें अनुवादक/दुभाषिया (Career as Hindi Translator and Interpreter)

 
अनुवाद का क्षेत्र बहुत बड़ा है। दुनिया भर में जैसे-जैसे हिन्दी का प्रयोग बढ़ रहा है वैसे-वैसे अनुवादकों और द्विभाषाविदों की माँग बढ़ती जा रही है। अनेक देशी-विदेशी मीडिया संस्थान, राजनैतिक संस्थाएँ, पर्यटन से जुड़े संस्थान और बड़े-बड़े होटलों में अनुवादकों और दुभाषियों की अच्छी खासी माँग है। युवाओं को चाहिए कि अपने अनुरूप अवसरों को तलाश कर इस क्षेत्र में अपना भविष्य सुरक्षित करें।
 
 
 

हिंदी के छात्र बनाएँ रेडियो जॉकी और समाचार वाचक के रूप में शानदार करियर (Career of Hindi students as Radio Jockey and News Reader)

 
 
रेडियो जॉकी एक ऐसा कॅरियर है जिसमें आपकी आवाज़ देश-दुनिया में सुनी जाती है। ऑल इण्डिया रेडियो पर प्रस्तोता अमीन सायानी का वो अंदाज़ “जी हाँ भाइयों और बहनों” हम आज तक नहीं भूले है। आज भी रेडियो मिर्ची पर आर जे नवेद हमेशा ट्रेंडिंग में रहता है। बच्चा-बच्चा इस नाम से परिचित है। यह तो मात्र एक उदाहरण है। ऐसी बहुत सी प्रतिभाएँ हैं जो इस क्षेत्र में नाम और दाम कमा रही हैं। यदि आप भी भाषा पर अच्छी पकड़ रखते हैं, आवाज़ अच्छी है और आपमें श्रोताओं का मनोरंजन करने की क्षमता है तो यह एक बेहतरीन करियर है।
 
इसी से मिलता-जुलता काम समाचार वाचक का भी है। इसमें आपको दर्शकों का मनोरंजन करने के लिए चिंता करने की जरूरत नहीं है। बस आपको अपनी सधी हुई प्रभावशाली आवाज़ में समाचार पढ़ने होते हैं और देश-विदेश की घटनाओं की जानकारी देनी होती है। इनसे संबंधित कोई प्रोफेशनल कोर्स कर लेने से काम मिलने में आसानी हो जाती है।
 
 

हिंदी के मर्मज्ञ करें रचनात्मक लेखन (Career in Hindi Creative Writing)

 
रचनात्मक लेखन के क्षेत्र में जाने वालों के पास दो विकल्प होते हैं। पहला है ‘स्वतंत्र लेखन’ (Freelancing) और दूसरा फ़िल्म, टीवी, रेडियो आदि संस्थानों में काम करते हुए लेखन। हालाँकि दोनों में कोई विशेष अंतर नहीं है। दोनों ही रूप में आप काम एक ही करते हैं।

 

कुछ लोग किसी संस्था के नियमों और शर्तों में बंधकर काम करना कम पसंद करते है; उनके लिए स्वतंत्र लेखन बेहतर विकल्प होता है। आप शुरुआत किसी संस्था से जुड़कर कर सकते हैं और अनुभव हो जाने के बाद नौकरी छोड़कर फ्रीलांसिंग कर सकते हैं। इस माध्यम से आप घर बैठे काम करते हुए भी पैसे कमा सकते हैं।

 
 
ब्लॉग लेखन भी इन्हीं विकल्पों का एक शानदार उदाहरण है। इस क्षेत्र में प्रतिस्पर्धा के साथ करियर का सुनहरा अवसर है। आपअपनी पसंद का कोई विषय चुनकर इसकी शुरुआत कर सकते हैं और धैर्य के साथ मेहनत करते हुए और साथियों के परस्पर सहयोग से सफलता प्राप्त कर सकते हैं। अच्छीखबर , हैप्पीहिन्दी, साहित्यशिल्पी आदि ऐसे ही कुछ ब्लॉग हैं जिन्होंने हिन्दी ब्लॉगिंग को नया आयाम दिया है।
 
 

हिन्दी भाषा  के प्रमुख शिक्षण संस्थान

(Best institutes of Hindi language, Media and Mass communication)

 

नीचे हम हिंदी भाषा तथा  मीडिया, जर्नलिज्म आदि के प्रमुख शिक्षण संस्थानों का नाम दे रहे हैं जहाँ से आप अपनी पसंद के क्षेत्र में अध्ययन कर हिंदी में रोजगार के अच्छे अवसर प्राप्त कर सकते हैं।
 
➢ अंतर्राष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय पंचटीला, वर्धा 
➢ माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय, भोपाल (मध्य प्रदेश)
 
➢ इंडियन इंस्टिट्यूट ऑफ़ मास कम्युनिकेशन, जे एन यू कैम्पस (नई दिल्ली)
 
➢ बनारस हिन्दू विश्वविद्यालय, बनारस (उत्तर प्रदेश )
 
➢ दिल्ली विश्वविद्यालय, दिल्ली
 
➢ दक्षिण भारत हिन्दी प्रचार सभा, चेन्नई (तमिलनाडु)
 
➢ आंध्र विश्वविद्यालय, विशाखापत्तनम (आंध्र प्रदेश)
 
➢ इग्नू (IGNOU), नई दिल्ली
 
 
अंत में कह सकते हैं कि विश्वभर में हिंदी भाषा के लगातार बढ़ते प्रयोग और प्रभाव ने हिंदी में रोजगार की संभावनाओं के अनगिनत द्वार खोल दिये हैं और यह भविष्य में और अधिक रोजगारपरक होगी ऐसा निश्चित जान पड़ता है। आप अपनी रुचि, योग्यता और क्षमता के अनुसार अपना क्षेत्र चुनकर अपना भविष्य सँवार सकते हैं। हिंदी में रोजगार के अवसर (Career in hindi) भरपूर हैं।
 
 
आपको यह जानकारी कैसी लगी? क्या इस संबंध में आप कोई और जानकारी चाहते हैं? क्या कोई बिंदु जो आपकी जानकारी में है, छूट गया है? कृपया नीचे टिप्पणी (कमेंट) करके अवश्य बताएँ। हम उसे आपके नाम सहित शामिल करेंगे। जानकारी उपयोगी लगे तो मित्रों के साथ साझा (शेयर) भी करें ताकि अधिकाधिक लोग लाभान्वित हो सकें।
 
 
आपके सफल करियर और सुनहरे भविष्य की शुभकामनाएं 


गुरुवार, 29 अप्रैल 2021

मालगुडी डेज


आर.के. नारायण


                           संपूर्ण भाग पाहण्यासाठी👇 इथे क्लिक करा




                                           मालगुडी डेज ही आर.के. नारायणलिखित कथामालिका आहे. १९३५ साली त्यांनी मालगुडी नावाच्या एका काल्पनिक गावाला केंद्रस्थानी कल्पून स्वामी ॲण्ड फ्रेण्ड्स नावाची आपली पहिली लघु कथा मालिका लिहिली. त्यावेळी त्यांचे लिखाण भारतात कोणाच्याही पसंतीस उतरले नाही. या गोष्टी वाचून लेखक ग्रॅहॅम ग्रीन यांना मात्र या कथांमध्ये त्यांचे नवीन मित्र भेटल्यासारखे वाटले. त्यांनी पुढाकार घेऊन नारायण यांची ही कथा मालिका छापण्यात रस घेतला आणि हे पुस्तक अतिशय गाजले. त्यानंतर नारायण यांनी एका पाठोपाठ एक सरस गोष्टी लिहून काढल्या. त्यांच्या बऱ्याच कथा मालगुडी नावाच्या गावाभोवती घडतात. या गोष्टी वाचतांना वाचक त्यात हरवून जातात. हे गाव पूर्णपणे काल्पनिक आहे यावर अनेकांचा विश्वास बसत नाही इतके वास्तववादी चित्रण नारायण यांनी आपल्या कथांमधून उभे केले आहे. या गावातीलच एक गोष्ट दी गाईड. यावर गाईड नावाचा हिन्दी चित्रपट निघाला. तर त्यांच्या मिस्टर संपत आणि दी फायनान्शियल एक्सपर्ट या पुस्ताकांच्या आधारेही चित्रपट निघाले आहेत. शिवाय त्यांच्या गोष्टींवर आधारीत दूरदर्शन मालिकाही तयार करण्यात आली होती.


साधी लिखाणशैली आणि हलक्या-फुलक्या विनोदामुळे नारायण यांची तुलना प्रसिद्ध रशियन लेखक आंतोन चेखव यांच्याशी केली जाते. त्यांचे लिखाण जगातल्या अनेक भाषांमध्ये भाषांतरित झाले आहे. त्यांना अनेक राष्ट्रीय आणि अनेक आंतरराष्ट्रीय पुरस्कार मिळाले आहेत

रविवार, 18 अप्रैल 2021

ऑडिओ ई- पुस्तके

                                                 



वाचून ,पाहून  कंटाळा आला असेल तर  तो दूर करण्यासाठी घरीच बसल्या बसल्या अगदी मोफत  एका   CLICK वर मराठीतील  विविध   प्रकारचे पुस्तक ,साहित्य ,संगीत ,भाषण  व  बरच काही ....

                                     LINK  करीता इथे CLICK   करा    ऑडिओ ई- पुस्तके      


                                              











शनिवार, 6 जून 2020

छत्रपति शिवाजी महाराज राज्याभिषेक

वर्ष 1674 में आज के दिन ही मराठा साम्राज्य की स्थापना करने वाले छत्रपति शिवाजी का राज्याभिषेक किया गया था. उन्होंने औपचारिक तौर पर रायगढ़ की गद्दी संभाली थी. मराठा साम्राज्य के महान शासक छत्रपति शिवाजी महाराज (Chhatrapati Shivaji Maharaj) के राज्याभिषेक की वर्षगांठ शिवराज्याभिषेक दिवस (Shivrajyabhishek Diwas 2020) के रूप में मनाई जाती है. हर साल शिवाजी के हजारों भक्त इस समारोह में हिस्सा लेते हैं, लेकिन इस बार ये उत्सव हर साल की तरह भव्य नहीं है. वजह है कोरोना वायरस (Coronavirus). कोरोना काल में जब ज्यादातर काम ऑनलाइन हो रहे हैं तो शिवराज्याभिषेक दिवस का जोश सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर देखा जा रहा है. ट्विटर पर सुबह से #शिवराज्याभिषेक ट्रेंड हो रहा है. इसे देखकर आप मराठी लोगों में इस उत्सव का जोश देख सकते हैं. 

राज्यसभा सांसद और शिवाजी महाराज के वंशज संभाजी राजे ने ट्विटर पर सभी को शिवराज्याभिषेक की शुभकामनाएं दीं. उन्होंने यह भी बताया कि परंपरा के अनुसार रायगढ़ के दुर्गराज में शिवराज्याभिषेक के कार्यक्रम शुरू हो गए हैं.

राज्य में चल रहे कोरोनोवायरस संकट के मद्देनजर, छत्रपति शिवाजी के भक्त घर पर ही राज्याभिषेक के अनुष्ठान करेंगे. संभाजी राजे ने कहा कि इस उत्सव के दौरान वैसा ही जुनून और वैसा ही उत्साह महसूस होगा, लेकिन इस बार अपने ही घर से. शिवराज्याभिषेक 2020 समारोह का लाइव टेलीकास्ट देखाने की पूरी तैयारी कर ली गई है.

शिवराज्याभिषेक समारोह को मराठा साम्राज्य के इतिहास का सबसे महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक दिन माना जाता है. 1674 में ज्येष्ठ मास के शुक्ल पक्ष की त्रयोदशी को छत्रपति शिवाजी महाराज का करीब 5 हजार फीट की ऊंचाई पर स्थित रायगढ़ किले में राज्याभिषेक किया गया था. जिस सिंहासन पर शिवाजी महाराज को बिठाया गया था उसे 32 मन सोने से मढ़ा गया था. इसी अभिषेक के दौरान उनके सिर पर छत्र धारण कराया गया था, इसी के बाद से वो छत्रपति कहलाए. 


इसी दिन उन्होंने औपचारिक तौर पर रायगढ़ की गद्दी संभाली थी. छत्रपति शिवाजी को हिंदू परंपराओं को आगे बढ़ाने के लिए जाना जाता है. उन्होंने फारसी भाषा की जगह मराठी और संस्कृत के प्रयोग पर ज़ोर दिया था. पिता से विरासत में मिली 2 हज़ार सैनिकों की छोटी सी टुकड़ी को छत्रपति शिवाजी ने 1 लाख सैनिकों की विशाल सेना में बदल दिया था. उनकी सेना गुरिल्ला युद्ध करने में निपुण थी. गुरिल्ला युद्ध को शिवाजी के नाम पर शिव सूत्र भी कहा जाता था. शिवाजी महाराज को दक्षिण भारत में मुगलों का वर्चस्व और घमंड दोनों तोड़ने के लिए भी जाना जाता है.

छञपती संभाजीराजे


हरिशंकर परसाई के व्यंग्य ‘भोलाराम का जीव’ में सरकारी व्यवस्था का चित्रण

  हरिशंकर परसाई हिंदी के प्रमुख व्यंग्यकार हैं। उन्होंने अपने व्यंग्य-साहित्य के माध्यम से भारतीय समाज, राजनीति और प्रशासनिक व्यवस्था की वि...