मंगलवार, 23 अक्टूबर 2018

फेसबुक टैगिंग या फिर डिजिटल रैगिंग



सभी राष्ट्रीय-अंतराष्ट्रीय समस्याओ के बीच फेसबुक पर टैगिंग की समस्या भी बिना किसी मीडिया कवरेज के विकराल रूप धारण करती जा रही है। ना तो फेसबुक और ना ही भारत सरकार इस गंभीर समस्या की रोकथाम के लिए गंभीर दिखने का अभिनय करती नज़र आ रही है। रैगिंग को रोकने के लिए कड़े कानून बनाए गए है लेकिन टैगिंग की प्रताडना रोकने के लिए मजाक भी ठीक से नहीं बन पा रहे है।


पिछले साल जब प्रधानमंत्री मोदी ने फेसबुक के संस्थापक ज़ुकरबर्ग से मुलाकात की थी तो आशा की जा रही थी इस समस्या को वो अपने कद की तरह जोर-शोर से उठाएंगे लेकिन उनके एजेंडे में टैगिंग की समस्या राम-मंदिर मुद्दे की तरह ही नदारद मिली जो भारत सरकार की विदेश नीति और कूटनीति दोनों पर चार चाँद लगाने के बजाय प्रश्नचिन्ह लगाती है। 

फेसबुक को अगर आभासी दुनिया माना जाता है तो फेसबुक पर टैग करने वाले गिरोह को इस दुनिया की शांति भंग करने वाले असामाजिक तत्व मान लेने में कोई मानहानि नहीं है। दरअसल फेसबुक पर टैग करने वाले "एकला चालो रे" की विचारधारा के घोर विरोधी है। वे हर कार्य को समूह में  करके सामूहिकता का नेतृत्व कर इस आभासी दुनिया में असामाजिकता को वायरल करना चाहते है। फेसबुक ने लोगो इतना एकाकी बना दिया है कि वे अपने आसपास की दुनिया से बेखबर रह कर केवल अपने न्यूज़फिड से खबरे लेते है। इसी एकाकीपन को टैग गिरोह अपनी "टैगान्धता" से भंग करता है।

मौसी की ननद के साले की शादी हो या बुआ की चाची के भतीजे का मुंडन या फिर और कोई लाइक/कमेंट टपकातुर प्रयोजन, टैग गिरोह हर मौके पर तब तक हैप्पी और प्राऊड़ नहीं "फील" पाता है जब तक अपनी टाइमलाइन पर 15-20 फ़ोटो पोस्ट कर थोक के भाव में लोगो को टांग ना दे, मतलब टैग ना कर दे। किसी पोस्ट में टैगीत व्यक्ति ठीक उसी तरह से महसूस करता है जैसे किसी हेंगर में टंगा हुआ शर्ट। टैग की हुई पोस्ट पर आने वाला हर लाइक और कमेंट आपको ऐसे चिढ़ाते है मानो आपके ज़ख्मो पर आयोडिन युक्त नमक छिड़क रहे हो। टैग कर करके टैग माफिया आपकी वाल की हालत गुप्तरोग के निवारण के विज्ञापनो से सजी सार्वजनिक दीवार की तरह कर देते है।

उस समय स्थिति दयनीय रूप से हास्यास्पद हो जाती जब आप अपनी 507 वी बार फ़िल्टर की गई प्रोफाइल पिक अपलोड करके पथरीली आँखों से लाइक के इंतज़ार में बैठे हो और नोटिफिकेशन आते ही नंगे पैर दौड़कर जाने पर, आपको पता चले कि वो तो आपको टैग किए गए फ़ोटो पर कमेंट की नोटिफिकेशन थी। टैग रिमूव करने पर आप उसी तरह से राहत महसूस करते है जैसा तीव्र लघुशंका के निवारण पर करते है।

डिजिटल आपाधापी के इस घोर कलयुग में भी इंसानियत समाप्त नहीं हुई है, अभी भी कई लोग टैग की गई सभी पोस्ट अपनी वाल पर दिखने के लिए allow कर देते है। दया और करुणा का एक्स्ट्रा रिचार्ज करवा कर धरती पर डिलीवर किये गए लोग तो टैग किए जाने पर इतने भावविभोर हो जाते है कि टैग किये जाने को ही अपना सम्मान समारोह समझ लेते है और कमेंट बॉक्स में "थैंक्स फॉर द टैग" लिखकर टैगीत होने के ऋण से उऋण होते है।

पहले के ज़माने में रिश्ते प्रेम के कच्चे धागे से बंधे होते थे लेकिन समय ने करवट के साथ जब जम्हाई भी ली तो रिश्ते धागों की गांठे खोलकर डिजिटल होकर फेसबुक की वाल्स पर टांग दिए गए।

टैग गिरोह उस  किराएदार की तरह है जो आपकी वाल पर अनाधिकृत रूप से कब्ज़ा कर लेते है लेकिन कभी आपकी पोस्ट्स पर लाइक-कमेंट्स रूपी किराया नहीं देते। चाहे कितना भी मना कर दो कुछ लोग पैग लगाकर फिर टैग करना शुरू कर देते है। परिवार और करीबी मित्रो द्वारा दिए गए टैग ना तो उगलते बनता है और ना ही निगलते। उसे केवल दिखावे के लिए अपनी वाल पर दिखाकर नोटिफिकेशन शांत कर रिश्ते निभाए जा सकते है।

ईसा मसीह को जब सूली पर लटकाया गया था तब उनके मुँह से निकला था, हे प्रभु, "इन्हें माफ़ करना ये नहीं जानते कि ये क्या कर रहे है।" लेकिन जब किसी टैगान्ध व्यक्ति द्वारा मुझे उसकी पोस्ट में लटकाया जाता है मतलब टैग किया जाता है तो मेरे मुँह के साथ साथ हर रोम कूप से यही निकलता है, "हे प्रभु इन्हें कभी माफ़ मत करना, ये जानते है कि ये क्या कर रहे है।"

आधुनिक आचरण की सभ्यता



शायद दसवीं जमात में पढ़ा था कि "आचरण की सभ्यतामय भाषा सदा मौन रहती है " ...... परन्तु इस सभ्यता के दर्शन अब इतने दुर्लभ है कि शायद ही कही हो जाय। आजकल व्यर्थ ही लंबे -चौड़े व्याख्यानों को गांठने का चलन जोर-शोर पर है ,भले ही इन व्याख्यानों में सत्यता का प्रतिशत लेश मात्र हो अथवा हो ही ना।
         
            भरी सभा में कुछ लोग जिस लहजे में अपनी शेखी बघारते है, उस आत्मविश्वास की तो दाद देनी चाहिए। लंबे - चौड़े  व्याख्यानों के बाण  छोड़ते समय सभा के कुछ मासूम चेहरे जो इन महानुभाव की आँखों से आँखे मिलाकर अपना सर हिलाते रहते है, निश्चित ही उनके सर की आवृत्ति इनके व्याख्यानों के लिए उत्प्रेरक की कार्य करती होगी, और ये महाशय फिर से कोई नया राग अलापने में मशगूल हो जाते होंगे। 
      
             ऐसे लोगो का सबसे पसंदीदा मुद्दा राजनीति ही होता है ये बताने की आवश्यकता तो प्रतीत नहीं होती। जिसे अच्छी जानकारी है उसका बोलना तो तर्कसंगत है परंतु कुछ ना ज्ञात होते हुए भी कुछ लोगो की बाते कुछ इस प्रकार होती है... मोदी जी की विदेश नीति मुझे तो भाई समझ नहीं आती.....या फिर  कॉंग्रेस ने साठ सालो में कुछ भी नहीं किया... इत्यादि ।।। अरे मेरे भाई तूने तो खुद अपने जीवनकाल के तीस सावन भी नहीं देखे होंगे और तू साठ सालो की बात करता है।
          
              ये जनाब मुख्यतः मौन ,शांत या गंभीर व्यक्तित्व के  या अच्छे श्रोता प्रवृत्ति के लोगो को निश्चित ही अज्ञानी या मुर्ख ही समझते होंगे। एक अच्छा श्रोता अपने विपरीत पक्छ् के लंबे-चौड़े व्याख्यानों को सुनने समझने के बाद एक सटीक , छोटा और उचित उत्तर देने में माहिर होता है। इनकी खामोशियो को इतनी कमजोरी मत समझे ,निश्चित ही ये लोग  छप्पन टके की बातें छौंकने वाले लोगो के छक्के छुड़ा सकते है।

शनिवार, 21 जुलाई 2018

डिजिटल उपवास

सवेरे से मित्र को चार पांच बार फोन किया ।
लेकिन उसका फोन उठ ही नहीं रहा था।
व्हाट्सएप और फेसबुक पर भी मैसेज किया,
लेकिन कोई जवाब नहीं।
मुझे चिंता हो गई।
आखिर दोपहर बाद रहा नहीं गया।
मैं नजदीक ही रहने वाले मित्र के घर पहुंच गया।
देखा तो श्रीमान गार्डन में एक पुस्तक लेकर बैठे हुए थे।
मैं जाते ही बरस पड़ा।
सुबह से तुम्हें  फोन कर रहा हूं।  मैसेज भी कर रहा हूं। लेकिन तुम्हारा कोई जवाब ही नहीं मिल रहा। क्या बात है? तबीयत तो ठीक है ? 

मित्र ठठाकर हंस पड़ा और बोला -
भाई, मेरा आज उपवास है। इसलिए फोन पर तुमसे बात नहीं कर सका ।
मुझे बड़ा आश्चर्य हुआ।
यार उपवास में खाना नहीं खाते हैं, व्रत रखते हैं, लेकिन फोन पर तो बात कर सकते हैं।

उसने हंसते हुए कहा कि आज मेरा *डिजिटल उपवास* है। हफ्ते में एक दिन के लिए मैंने निश्चय किया है कि ना तो किसी से फोन पर बात करूंगा, ना फेसबुक अपडेट करूंगा, न व्हाट्सएप चैट करूंगा, न ही गूगल लिंक या कोई और सोशल साइट ही देखूंगा। इसे मैंने *डिजिटल उपवास* का नाम दिया है।
सही कह रहा हूं। आज का दिन मेरा बहुत ही बढ़िया गुजरा। न फोन की घंटी और ना समय की कमी। देख कितने दिन हुए महासमर का पहला खण्ड् पढने की इच्छा थी, आज इसे शुुरू कर सका हूं।

इतने में भाभी चाय बना कर ले आइ बोली भाई साहब, आज तो कमाल हो गया। शाम को हमारा पिक्चर देख कर कुछ खरीददारी करने का विचार है और इनके इस *डिजिटल उपवास* ने मुझे  कितनी खुशी दी है मैं आपको बता नहीं सकती ।

तब मैंने भी निश्चय किया कि सप्ताह में कम से कम 1 दिन *डिजिटल उपवास* तो मुझे भी करना ही चाहिए। बल्कि मेरी सलाह है हम सबको करना चाहिए ताकि एक दिन तो अपने परिवार को पूरा समय दें।

*एक दिन परिवार के संग*

गुरुवार, 21 जून 2018

कि और की..

"कि" और "की"

कि और की शायद हिंदी में सबसे ज्यादा भ्रमित करने वाले दो शब्द हैं। कई लोगों ने ब्लॉग के जरिये हमसे इनके बीच के अंतर को स्पष्ट करने के लिए आग्रह किया। 

प्रयोग में भले ही ये शब्द भ्रमित करने वाले हों इनकी पहचान और इस्तेमाल के बारे में एक छोटी सी बात ध्यान में रखने से ही सारा भ्रम समाप्त हो जाता है।  

आईये  जानते हैं कहाँ हमें "कि" का प्रयोग करना चाहिए और कहाँ "की" का !!

"कि" एक Conjunction  की तरह इस्तेमाल होता है, जो दो वाक्यों/ वाक्यांशों को जोड़ता है। अंग्रेज़ी में जो काम Conjunction के रूप में THAT का है, हिन्दी में वही काम "कि" का है। 

अब कुछ उदाहरण देखें:

उसने कहा कि कल वह नहीं आएगा। 

वह इतना हँसा कि गिर गया। 

यह माना जाता है कि कॉफ़ी का पौधा सबसे पहले ६०० ईस्वी में इथियोपिया के कफ़ा प्रांत में खोजा गया था।

मैं जानता हूँ कि आप अच्छे आदमी हैं:  यहाँ "मैं जानता हूँ" एक वाक्य है और "आप अच्छे आदमी हैं" दूसरा वाक्य है। इन दोनों को जोड़ने के लिए बीच में "कि" लाया गया है  ताकि दोनों वाक्य मिल कर एक वाक्य बन सकें।

कुछ अन्य उदाहरण:

"मौसम विभाग का अनुमान है कि मानसून कुछ देर से आयेगा".

यहाँ " मौसम विभाग का अनुमान है" एक वाक्य है और "मानसून कुछ देर से आयेगा" दूसरा, जिसे "कि" लगा कर जोड़ा गया है।

"मुझे गर्व है कि मैं एक भारतीय हूँ" : यहाँ "मुझे गर्व है" और "मैं एक भारतीय हूँ" को जोड़ने के लिए बीच में "कि" लगाया गया है।

"विपक्ष ने इस बात के लिए सरकार को आड़े हाथों लिया कि वह महँगाई रोकने के लिए ठोस क़दम नहीं उठा रही है"।

यहाँ "विपक्ष ने इस बात के लिए सरकार को आड़े हाथों लिया" और "वह महँगाई रोकने के लिए ठोस क़दम नहीं उठा रही है"--- इन दो वाक्यों को "कि" लगा कर जोड़ा गया है.

"की" का प्रयोग वहाँ किया जाता है, जहाँ किसी संज्ञा या सर्वनाम का किसी से सम्बन्ध बताना, दिखाना या जोड़ना हो।

जैसे:

मोहन की किताब, फ़िल्म की कहानी, रोगी की हालत, सर्दी की ऋतु, सम्मान की बात, स्कूल की यूनीफ़ार्म, चेहरे की चमक, जनता की आकांक्षा आदि।  

उम्मीद करता हूँ कि अब आपके मन में कोई भ्रम नहीं होगा

व्हाट्स एप और हिंदी टाइपिंग ?

आजकल  Whatsapp एक बहुत ही प्रचलित मोबाइल एप्लिकेशन है । आज कल हर एक व्यक्ति आपने मोबाइल मे Whatsapp इन्स्टाल करता है ओर उसे यूस करता है । परंतु हर व्यक्ति नही जानता की यहा पर हिन्दी मे टाइप केसे करे । जब किसी यूसर के मोबाइल मे हिन्दी या किसी अन्य भाषा मे मैसेज आते है तो उसके दिमाग मे सबसे पहला सवाल यह आता है की हिन्दी मे टाइप केसे करे या किसी ने हिन्दी मे टाइप केसे किया ।  परंतु खास बात यह है की हिन्दी मे टाइप करना बहोत कठिन नही है जैसे ही आप अपने मोबाइल मे हिन्दी डाऊनलोड कर लेते है वेसे ही बड़ी ही आसानी से आप हिन्दी मे टाइप कर सकते है और किसी को भी हिन्दी मे मैसेज सेंड कर सकते है । परंतु अब सवाल यह उठता है की हिन्दी को अपने मोबाइल मे इन्स्टाल केसे करे । यहा पर कुछ आसान स्टेप्स को फॉलो करके यूसर आने मोबाइल मे हिन्दी डाउनलोड कर सकता है ।

How To Type/Write On Whatsapp In Hindi Steps In Hindi

  • सबसे पहले आप अपने मोबाइल के apps मे जाकर गूगल Play store ओपन करना चाहिए।
  • वहा पीपीआर Hindi input टाइप करना चाहिए ।
  • जब आप सर्च करते है तो आपको Google Hindi Input नाम से ऑपशन शो होता है ।
  • अब इस ऑपशन पर क्लिक करके उसे इन्स्टाल करने के लिए क्लिक करना चाहिए तथा इन्स्टाल के लिए आवश्यक पर्मिशन देना चाहिए ।
  • जब डाउनलोड़ कंप्लीट हो जाता है तो यूसर के पास Successfully installed का स्टेटस शो होता है ।
  • अब जब यह आपके मोबाइल मे इन्स्टाल हो चुका है तो इसे आने मोबाइल की सेटिंग मे जाकर इसे language अँड input मे जगह देनी चाहिए ।
  • यह आपके मोबाइल मे Google Hindi input नाम से शो होता है और आप बस उसपर क्लिक करके उसे यूस कर सकते है ।
  • अब आप एक मैसेज टाइप कर सकते है इसके लिए आपको keyboard ऑपशन पर क्लिक करना चाहिए वहा स्क्रीन पर आप इनपुट मेथड पर जाकर लेंगवेज़ सिलैक्ट कर सकते है ।
  • वहा पर Hindi transliteration को सिलैक्ट करना चाहिए ।
  • अब आपके कीबोर्ड पर हिन्दी Keyboard शो होने लगते है ।
  • इस कीबोर्ड पर आपको नये बटन शो होते है जेसे a अ को शो करता है इसी प्रकार अन्य बटन भी होते है । जेसे अगर आपको भारत लिखना हो तो आपको Bharat टाइप करना होगा ।
  • इसी प्रकार आप अन्य शब्द भी टाइप कर सकते है।

इसी प्रकार आप हिन्दी मे मैसेज टाइप कर सकते है ओर इस एप को डाउनलोड करने के बाद आप मोबाइल मैसेज, फ़ेसबुक मैसेज, ट्विटर मैसेज, आदि हिन्दी मे टाइप कर सकते है । इस एप की सहायता से आप अपने मोबाइल मे कही भी हिन्दी मे टाइप कर सकते है ।  

हरिशंकर परसाई के व्यंग्य ‘भोलाराम का जीव’ में सरकारी व्यवस्था का चित्रण

  हरिशंकर परसाई हिंदी के प्रमुख व्यंग्यकार हैं। उन्होंने अपने व्यंग्य-साहित्य के माध्यम से भारतीय समाज, राजनीति और प्रशासनिक व्यवस्था की वि...