सोमवार, 22 अगस्त 2022

पूस की रात - प्रेमचंद कहानी

हल्‍कू किसान की दर्द-गाथा आज भी प्रासंगिक

कहानी सम्राट प्रेमचंद की कहानियां आम आदमी के दु:ख-दर्द की क्रूर कहानियां हैं। विकट परिस्थितियों में फंसे पात्र निरंतर शोषण की चक्‍की में पिसते हैं। बीच-बीच में विद्रोह की चिंगारियां भी भड़कती हैं। कभी ये चिंगारियां चरित्रों के अस्‍फुट स्‍वर के रूप में उभरती हैं, तो कभी लेखक का स्‍वर भी अस्‍फुट हो उठता है। किसान-मजदूरों की अभिशप्‍त नियति को दर्शाती अनेक कहानियां प्रेमचंद ने लिखी हैं परन्‍तु ‘पूस की रात’ आर्थिकता की दृष्टि से श्रेष्‍ठ कहानियों में परिगणित की जाएगी।

हल्‍कू ने एक-एक पैसा बचाकर तीन रुपये इकट्ठे किये थे ताकि माघ-पूस की ठंड में बचने के लिए कंबल खरीद सके परन्‍तु साहूकार सिर पर आ खड़ा होता है तथा ब्‍याज मांगता है। हल्‍कू की पत्‍नी मुन्‍नी भुनभुनाती है कि वे तो साहूकार की ‘बाकी’ चुकाते-चुकाते ही मर जाएंगे। उसके ये शब्‍द किसान की विवशता को रेखांकित करते हैं – ‘मैं कहती हूं, तुम क्‍यों नहीं, खेती छोड़ देते ?’ मर-मर कर काम करो, उपज हो तो बाकी दे दो, चलो छुट्टी हुई। बाकी चुकाने के लिए ही हमारा जन्‍म हुआ है। पेट के लिए मजूरी करो। ऐसी खेती से बाज आए। मैं रुपये न दूंगी – न दूंगी।’’ फिर यह सोचकर वह पैसे देती है कि रुपये न देने की स्थिति में साहूकार सहना उसके पति को गाली देगा, जो उससे सहन न होगा।

पूस की अंधेरी रात में हल्‍कू अपने खेत की रखवाली के लिए बांस के खटोले पर बैठा है। ठण्‍ड है कि उसकी हड्डि‍यां कड़कड़ा रही हैं। उसका साथी जबरा भी बैठा कूं-कूं कर रहा है। उसे भी ठंड लग रही है। हल्‍कू निरीह जानवर से बतियाता है। कभी उसे न आने का परामर्श देता है तो कभी उसे अपने घुटनों में ले लेता है। दोनों को एक-दूसरे की गर्मी महसूस होती है। हल्‍कू बार-बार चि‍लम भरता है। शायद इससे ठण्‍ड हट जाए परन्‍तु यह तो क्षणिक राहत देती है। फिर वह पत्ते इकट्ठे करके अलाव सेंकता है, खेत से थोड़ा हटकर। उससे गर्मी मिलती है... फिर कुत्ते के भौंकने से उसे लगता है कि कुछ जानवर उसके खेत में घुस गए हैं…नीलगाय खेत चर रही हैं। वह उठना चाहता है परन्‍तु आग की गर्मी उसे उठने नहीं देती... वह वहीं सो जाता है। कुत्ता रात भर भौंकता रहता है ... फिर जबरा भी थककर लेट जाता है। प्रात: मुन्‍नी आई तो हल्‍कू को उठाया और बताया कि पशु सारा खेत चर गए हैं। हल्‍कू ने पेट दर्द का बहाना बनाया और कहा – वह तो मरते-मरते बचा । मुन्‍नी ने चिंता जतायी – अब मजूरी करके माल गुजारी करनी पड़ेगी। हल्‍कू ने कहा – अब रात को ठण्‍ड में सोना तो न पड़ेगा।

‘पूस की रात’ निर्धन किसान की विपन्‍नता एवं विपन्‍नता से उपजी उपेक्षा की कहानी है।

‘पूस की रात’ आज भी उतनी ही प्रासंगिक

‘पूस की रात कहानी आज भी उतनी ही प्रासंगिक है, जितनी उस समय थी जब मुंशी प्रेमचंद ने इसे लिखा था। साहूकार और किसान, शोषक और शोषित का शाश्‍वत संबंध। जमींदार और निर्धन किसान। ‘पूस की रात’ का हल्‍कू मेहनत करके भी न तो भरपेट अन्‍न जुटा पाता है, और न ही ब्‍याज की ‘बाकी ’ उतार पाता है। हल्‍कू की पत्‍नी का कथन – ‘मर-मर कर काम करो, उपज हो तो बाकी दे दो, चलो छुट्टी हुई।’ बाकी चुकाने के लिए ही हमारा जन्‍म हुआ है।’

समकालीन संदर्भ में उक्‍त कहानी को देखें तो किसान आज भी ऋण के बोझ के नीचे दबा हुआ है। अब बैंक साहूकार हो गए हैं तथा दबदबे के साथ बाकी वसूली वसूलते हैं। आज की तथाकथित प्रगतिशील योजनाएं किसान को उधार का प्रलोभन देकर उसे मकड़जाल में फंसा लेती हैं। पैदावार भी ठीक-ठाक हो जाए तो विपणन की व्‍यवस्‍था ठीक न होने के कारण बिचौलिए शोषण करते हैं। किसान को तो प्रताड़ित एवं शोषित रहना ही है। यही कारण है कि आज किसान ऋण न चुका पाने की स्थिति में आत्‍महत्‍या करने लगे हैं। कही-कहीं तो सामूहिक आत्‍महत्‍या के द्वारा पूरे के पूरे परिवार परलोक की शरण लेते हैं।

हल्‍कू कम्‍बल के लिए तीन रुपये जुटाता है परन्‍तु वह भी सहना साहूकार ले जाता है और ‘पूस की रात’ उसे ग्रस लेती है। यह पता लगने पर भी कि नीलगाय उसके खेत को चर रही है, वह लेटा ही रहता है। पत्‍नी ने जब उसे चेताया तो वह बहाना ही बनाता है तथा सच भी बोलता है। फसल नष्‍ट हो गयी अब रखवाली के लिए ठण्‍ड में तो न ठिठुरना पड़ेगा।

हल्‍कू के एक-एक वाक्‍य में व्‍यंग्‍य है। अमीर और गरीब में जो खाई है, उसका सटीक चित्रण है। देखें –

‘यह खेती का मज़ा है। और एक-एक भगवान ऐसे पड़े हैं, जिनके पास जाड़ा जाए तो गर्मी से घबराकर भागे। मोटे-मोटे गद्दे, लिहाफ, कम्‍बल। मज़ाल है जाड़े का गुजर हो जाए। तकदीर की खूबी है। मजूरी हम करें मजा दूसरे लूटें।’

‘जबरा अपना गला फाड़े डालता था, नीलगायें खेत का सफाया किए डालती थीं और हल्‍कू गर्म राख के पास शांत बैठा हुआ था। अकर्मण्‍यता ने रस्सियों की भांति उसे चारों तरफ से जकड़ रखा था।’

गरीब का भाई-चारा गरीब से

हार में बैठा हल्‍कू ठिठुरता है, तो वहां उसका साथ जबरा कुत्ता ही देता है। हल्‍कू उसी से बातचीत करता है। हल्‍कू ने घुटनियों को गर्दन में चिपकाते हुए कहा – ‘क्‍यों जबरा, जाड़ा लगता है ?’ कहता तो था, घर में पुआल पर लेट रहो। यहां क्‍या लेने आए थे ? अब खाओ, ठण्‍ड, मैं क्‍या करूं ? जानते थे, मैं यहां हलवा-पूरी खाने आ रहा हूं, दौड़े-दौड़े चले आए। अब रोओ नानी के नाम को।’ जबरा ने उसके मुंह की ओर प्रेम से छलकती हुई आंखों से देखा।

हल्‍कू – आज और जाड़ा खा ले। कल से मैं यहां पुआल बिछा दूंगा। उसी में घुसकर बैठना, तब जाड़ा न लगेगा।

हल्‍कू भी ठिठुर रहा था, जबरा भी। अन्‍तत: हल्‍कू ने जबरा को उठाकर अपनी गोद में सुला लिया... ‘जबरा शायद समझ रहा था, कि स्‍वर्ग यहां है, और हल्‍कू की पवित्र आत्‍मा में तो उसे कुत्ते के प्रति घृणा की गंध तक न थी। अपने किसी अभिन्‍न मित्र या भाई को भी वह इतनी ही तत्‍परता से गले लगाता। वह अपनी दीनता से आहत न था, जिसने उसे इस दशा में पहुंचा दिया। नहीं, इस अनोखी मैत्री ने जैसे उसकी आत्‍मा के सब द्वार खोल दिए थे और उसका एक-एक अणु प्रकाश से चमक रहा था।’

पूरी कहानी में हल्‍कू तथा जबरा सर्वाधिक निकट हैं। जबरा मौन होकर भी अपनी भावनाओं को कूं कूं के माध्‍यम से हल्‍कू तक पहुंचाता है। जबरा की उपस्थिति कहानी को वाणी देती है। जबरा इतना वफादार था कि वह खेत की रखवाली के लिए निरन्‍तर भौंकता रहा… तथा नीलगायों की उपस्थिति की खबर हल्‍कू को देता रहा... ‘एक क्षण के लिए आ भी जाता तो तुरन्‍त ही फिर दौड़ता। कर्तव्‍य हृदय में अरमान की भांति उछल रहा था।’

प्रेमचंद की कहानियों में आम आदमी का दर्द पूरी भयावहता के साथ उभरता है। हल्कू और मुन्‍नी की कथा भी प्रस्‍तुत कहानी में पूरी सार्थकता के सा‍थ चित्रांकित हुई है। जबरा की बराबर उपस्थिति कहानी के कथ्‍य को और भी मार्मिक बनाता है। साहूकार शोषक का प्रतीक पहले भी था, अब भी है। अब साहूकार का स्‍थान कहीं-कहीं बैंक व्‍यवस्‍था ने ले लिया है लेकिन दोनों की निर्ममता बराबर है। किसान पहले भी दबा-कुचला था, आज तो वह तंग आकर सामूहिक आत्‍महत्‍याओं की शरण में जाने लगा है।

‘पूस की रात’ मार्मिक कहानी है जो हल्‍कू के माध्‍यम से किसानों की दुर्दशा का चित्रण करती है।

पूस की रात - प्रेमचंद 

 https://youtu.be/g27s8Ligsww

☝️ संपूर्ण  कहानी देखने के लिए उपयुक्त लिंक को क्लिक करें।



कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

If you have any doubts,Please let me know

हरिशंकर परसाई के व्यंग्य ‘भोलाराम का जीव’ में सरकारी व्यवस्था का चित्रण

  हरिशंकर परसाई हिंदी के प्रमुख व्यंग्यकार हैं। उन्होंने अपने व्यंग्य-साहित्य के माध्यम से भारतीय समाज, राजनीति और प्रशासनिक व्यवस्था की वि...