हिंदी नवजागरण की अवधारणा ज्ञान के विशेष पैराडाइम के अंतर्गत , जिसे सुविधा के लिए औपनिवेशिक आधुनिकता का पैराडाइम कह सकते हैं , गढ़ी गई थी। आधुनिकता की ज्ञानमीमांसा के निकष पर ही समस्याएँ चिन्हित की गईं और उसी के अनुरूप समाधान सुझाए गए। इक्कीसवीं सदी तक आते-आते ज्ञान का यह पैराडाइम बदल गया। पैराडाइम बदलते ही समस्याओं की पहचान और उनके समाधान के स्वरूप में भी बदलाव आ गया। उन्नीसवीं सदी में जन्मी विचारधाराओं को यथावत दुहराकर न तो आज की समस्याओं की सम्यक पहचान संभव है और न ही उनका समाधान। इसलिए हिंदी नवजागरण की परिकल्पना और उसके द्वारा सुझाए गए विकल्पों पर नए सिरे से विचार करने की जरूरत है। क्योंकि पुराने पैराडाइम के तहत दिए गए जो उत्तर पहले सही लगते थे , वे अब कारगर नहीं लगते। इसी परिप्रेक्ष्य में हिंदी नवजागरण की अवधारणा और उससे जुड़ी समस्याओं को नए सिरे से समझने की शुरुआती कोशिश इस लेख में की गई है।
1857 के विद्रोह में मध्यवर्ग और व्यवसायियों/उद्यमियों की भूमिका प्रायः नगण्य रही है। किंतु विद्रोह के बाद घटित होनेवाले नवजागरण और राष्ट्रीय आंदोलन में इन्हीं दो वर्गों की केंद्रीय भूमिका रही। नवजागरण और राष्ट्रीय आंदोलन में नेतृत्व इन्हीं दो वर्गों के हाथ में रहा। 1857 के विद्रोह और परवर्ती नवजागरण के चरित्र में जो अंतर दिखाई पड़ता है, उसकी व्याख्या इनके वर्ग-चरित्र में आए बदलाव के सहारे की जा सकती है। इसी कारण नवजागरण कालीन चिंतकों के दृष्टिकोण में अंग्रेजी राज के प्रति एक खास तरह की दुविधा दिखाई पड़ती है। वे अंग्रेजी राज की तारीफ करते हैं किंतु साथ ही कुछ मुद्दों पर उसकी आलोचना भी करते हैं। इस दुविधा को इतिहासकार सुधीर चंद्र ने अपनी पुस्तक आप्रेसिव प्रेजेंट में 'एंबीवैलेन्स' का नाम दिया है। 'एंबीवैलेन्स' का हिंदी में 'आविकर्षण' के रूप में अनुवाद किया गया है। नवजागरण कालीन चिंतकों में राष्ट्रभक्ति-राजभक्ति, स्त्रियों की स्वाधीनता और मुसलमानों को लेकर दुविधा दिखाई पड़ती है। ऐसा आविकर्षण केवल हिंदी नवजागरण तक सीमित नही है, दूसरी भाषाओं के नवजागरण में भी इन मुद्दों को लेकर ऐसा ही आविकर्षण मौजूद है।
इतिहासकार रंजीत गुहा ने अपनी पुस्तक 'सम एलीमेंट्री ऐस्पेक्ट्स ऑफ पीजेंट इनसर्जेन्सी इन कॉलोनियल इंडिया' में लिखा है कि 57 के विद्रोहियों के दृष्टिकोण में अंग्रेजी राज के प्रति एक सचेत शत्रुता का भाव था। वे अंग्रेजी राज को उखाड़कर अपना शासन कायम करना चाहते थे और अंग्रेजी राज की किसी भी सकारात्मक भूमिका को स्वीकार नहीं करते थे। पुरुषोत्तम अग्रवाल ने अपने एक निबंध '1857 और हिंदी नवजागरण' में भारतेंदु युगीन हिंदी नवजागरण के चिंतकों के दृष्टिकोण और 57 के विद्रोहियों के दृष्टिकोण में दिखाई देनेवाले अंतर की विस्तार से चर्चा की है। वे रामविलास शर्मा के इस तर्क से सहमत नहीं हो पाते कि भारतेंदु युग हिंदी नवजागरण का दूसरा चरण है। उल्लेखनीय है कि रामविलास शर्मा 1857 के विद्रोह को हिंदी नवजागरण का प्रथम चरण मानते हैं और भारतेंदु युग को उसकी निरंतरता में दूसरा चरण। लेकिन जैसाकि ऊपर कहा गया, हिंदी नवजागरण को 1857 के विद्रोह की निरंतरता में देखना सही नहीं है। 1857 के विद्रोह और हिंदी नवजागरण के बीच अंग्रेजी शासन के प्रति दृष्टिकोण में आए अंतर के साक्ष्य पर 57 और भारतेंदु युग के बीच निरंतरता से ज्यादा विच्छिन्नता के तत्व परिलक्षित होते हैं।
भारतेंदु युगीन हिंदी नवजागरण की एक बड़ी समस्या यह है कि इसमें कथित उर्दू परंपरा में लिखे गए साहित्य की चर्चा ही सिरे से गायब है। हिंदी नवजागरण की शुरुआत ही भारतेंदु के इस कथन से मानी गई है कि 1873 में हिंदी नए चाल में ढली। उर्दू को आप हिंदी की शैली मानें या उसकी परिकल्पना को ही अस्वीकार करें, लेकिन सच्चाई है कि हिंदी के नए चाल में ढलने से पहले उर्दू में साहित्य लिखने का सिलसिला शुरू हो चुका था। इसलिए फारसी लिपि या उर्दू में फारसी-अरबी के शब्दों को जबर्दस्ती ठूँसने की आलोचना करने के बावजूद हिंदी जाति के नवजागरण की चर्चा से उर्दू में लिखे गए साहित्य को आप बाहर नहीं कर सकते। ऐसा करने से उसकी सांप्रदायिक परिणति की संभावनाएँ बढ़ जाती हैं और अंततः वही हुआ भी। मुख्य बात यह है हिंदी क्षेत्र की व्यापकता और भाषायी जटिलता के कारण यहाँ ऐसी स्थितियाँ उत्पन्न हुईं कि तेलगू, बांग्ला या मराठी की तरह हिंदी का कोई एक रूप सुनिश्चित करना और बाकी रूपों को बाहर कर देना सभी को स्वीकार्य निर्णय नहीं बन पाया। फारसी और फिर उर्दू की परंपरा के विकास के कारण हिंदी के ही कई रजिस्टर बन गए। कई बार तो एक ही समय में अलग-अलग परंपरा से जुड़े लोग इन रजिस्टरों का अलग-अलग ढंग से उपयोग करते दिखाई पड़ते हैं। समस्या तब उत्पन्न होती है जब हम इनमें से किसी एक रूप के आधार पर हिंदी का स्वरूप स्थिर करने की कोशिश करते हैं। हिंदी, हिंदुस्तानी और उर्दू के बीच खींचतान के समूचे इतिहास को इसी परिप्रेक्ष्य में समझना चाहिए। भारतेंदु युगीन हिंदी नवजागरण की समस्या यह है कि उसने हिंदी का एक सही रूप तय कर बाकी रूपों को प्रकारांतर से अवैध घोषित कर दिया और उनके बारे में किसी भी प्रकार के चिंतन-अध्ययन का ही निषेध कर दिया। उर्दू परंपरा में लिखे गए साहित्य को हिंदी नवजागरण के दायरे से बाहर कर देने के बावजूद भारतेंदु को इस बात का एहसास था कि उर्दू शायरी की परंपरा से भिन्न खड़ी बोली हिंदी में कविता लिख पाना आसान नहीं होगा। विद्वानों को इस बात पर विचार करना चाहिए कि हिंदी को उर्दू से अलगाने के बावजूद स्वयं भारतेंदु उर्दू में रसा नाम से कविता क्यों लिखते थे। यही नहीं, इस बात पर भी नए सिरे से विचार किया जाना चाहिए कि नई चाल की हिंदी के समर्थक भारतेंदु अपनी ज्यादातर कविताएँ ब्रज भाषा में क्यों लिखते हैं। खड़ी बोली में तो उन्होंने 'अमीर खुसरो के वजन पर सिर्फ मुकरियाँ ही लिखीं। एक खास तरह की हिंदी की वकालत करने के बावजूद भारतेंदु के लेखन में उर्दू और ब्रज भाषा की उपस्थिति बहुत ही महत्वपूर्ण है। यदि गंभीरता से विचार किया जाये तो इससे हिंदी क्षेत्र के भाषायी मानचित्र की जटिलता को समझने में मदद मिल सकती है।
असल में भारतेंदु संक्रमण कालीन दौर के रचनाकार-चिंतक हैं, जहाँ कई तरह के विचार और प्रभाव तो सक्रिय है लेकिन इनमें से किसी को निर्णायक बढ़त हासिल नहीं हुई है। भारतेंदु के रचनात्मक व्यक्तित्व में कई धाराएँ-उपधाराएँ सक्रिय दिखाई पड़ती हैं। इसीलिए उर्दू और ब्रज भाषा की साहित्यिक परंपरा के प्रति कम से कम रचनात्मक स्तर पर उनके यहाँ कुछ गुंजाइश बची हुई है।
किंतु द्विवेदी युग तक आते-आते अंग्रेजी शिक्षा के प्रचार-प्रसार के परिणामस्वरूप भारत के तत्कालीन चिंतक इस नतीजे पर पहुँचे कि भारत की पराधीनता का मुख्य कारण ये है कि यहाँ पश्चिमी ढंग के राष्ट्रवाद का विकास नहीं हो पाया। भारत की मुक्ति और एक स्वाधीन राष्ट्र के रूप में उसके विकास के लिए उसे पश्चिमी राष्ट्रों के वजन पर पुनर्गठित करना होगा। अब इस बात का कोई विशेष महत्व नहीं रह गया कि भारतीय सभ्यता में स्वाभाविक रूप से विकसित होनेवाली प्रवृत्तियों को केंद्र में रखकर 'आधुनिक' भारत की परिकल्पना की जाए। इसके बजाय सारा जोर इस ओर चला गया कि भारतीय सभ्यता की उन विशेषताओं को चिन्हित किया जाए, जिन्हें खींच-खाँच कर पश्चिमी राष्ट्रवाद के साँचे में फिट किया जा सके।
द्विवेदी जी समेत उस समय के बुद्धिजीवियों को ये बात सालने लगी कि राष्ट्रभाषा के बिना राष्ट्रवाद की परिकल्पना कैसे संभव होगी। भारत पश्चिमी राष्ट्रों से इस मायने में भिन्न था कि यहाँ कई भाषाएँ बोली जाती थीं। किंतु सबसे ज्यादा लोगों द्वारा बोली जानेवाली भाषा के रूप में हिंदी को खड़ा कर राष्ट्रभाषा बनने के उसके दावे को मजबूत करने के लिए ऐसी हिंदी की परिकल्पना की गई, जिसमें हिंदी के विविध रूपों और तथाकथित जनपदीय भाषाओं/बोलियों के लिए कोई जगह नहीं बची। इसका परिणाम यह हुआ कि भारतीय सभ्यता में भाषाओं के विकास और उनके पारस्परिक संबंध को या तो नजरअंदाज कर दिया गया या उसको समझने का विवेक ही नहीं उत्पन्न हो पाया। यदि समूचे भारत के भाषायी मानचित्र की चर्चा न भी की जाय तो भी इस तथ्य से इनकार नहीं किया जा सकता कि हिंदी प्रदेश में एक ही समय में अलग-अलग कार्यों के लिए और कभी-कभी एक ही कार्य के लिए हिंदी के भिन्न-भिन्न 'रजिस्टर' का इस्तेमाल होता रहा है। हिंदी प्रदेश का भाषायी स्वरूप हमेशा बहुभाषी रहा है। भाषायी स्वरूप को लेकर असहमतियाँ हो सकती हैं और होनी भी चाहिए, लेकिन उनके अस्तित्व को ही दरकिनार कर गढ़ी गई हिंदी नवजागरण की कोई भी परिकल्पना, नेक इरादों के बावजूद, आत्मघाती और अंततः सांप्रदायिक होने के लिए अभिशप्त है।
किसी एक भाषायी रजिस्टर पर केंद्रित हिंदी की परिकल्पना से जितनी समस्याएँ सुलझती हैं उससे ज्यादा समस्या पैदा हो जाती है। हिंदी प्रदेश के भाषायी मानचित्र को जनपदीय बोलियों और राष्ट्रीय भाषा के द्वि-आधारी विरुद्धों में रखकर देखने से उत्तर भारतीय भाषाओं के अंतर्संबंध को समझने-समझाने की अभी तक जो कोशिश होती आई है, उस पर पुनर्विचार करने की जरूरत है। असल में उत्तर भारतीय भाषाओं को किसी अन्य प्रसंग में लिखे गए ए.के. रामानुजन के वक्तव्य को किंचित परिवर्तित करते हुए कहें तो, एक ही सातत्य या स्पेक्ट्रम के क्रमशः परिवर्तित होते हुए हिस्से के रूप में देखा जाना चाहिए। कई बार इसका एक छोर दूसरे छोर से काफी अलग लगता है, लेकिन है वो उसी स्पेक्ट्रम का हिस्सा। इस स्पेक्ट्रम में दिखाई पड़नेवाले भाषायी परिवर्तन को चोटियों और घाटियों के रूपक के जरिये व्याख्यायित कर सकते हैं। चोटियाँ इस स्पेक्ट्रम के वो बिंदु हैं, जहाँ उनका अंतर आत्यंतिक रूप में दिखाई पड़ता है और घाटियाँ वह स्थल हैं, जहाँ ये तीक्ष्णता क्रमशः ढलान पर उतरते हुए एक दूसरी भाषायी चोटी की ओर चढ़ने लगती है। ये भाषायी घाटियाँ ऐसे पॉकेट हैं, जहाँ एक भाषा या बोली का रजिस्टर धीरे-धीरे दूसरी भाषा के रजिस्टर में तब्दील होने लगता है। मनुष्य के शरीर में फैली हुई नसों की तरह ये भाषाएँ परस्पर जुड़ जाती हैं। इनकी सीमाएँ धुँधली, अस्पष्ट और खुली हुई हैं। इसीलिए इन भाषाओं/बोलियों के रजिस्टर दूसरी बोली या भाषा से, आधुनिक युग से पहले तक, जुड़े हुए दिखाई पड़ते हैं। राजनीतिक-आर्थिक सांस्कृतिक कारणों से इनमें से किसी एक भाषायी रजिस्टर का दायरा बढ़ जाता है और उसे ही कुछ लोग भाषा या राष्ट्र की भाषा के रूप में पुरस्कृत करने लगते हैं। इसमें भी कोई हर्ज नहीं, लेकिन समस्या तब पैदा होती है जब किसी भाषायी रजिस्टर विशेष को राष्ट्र की भाषा के रूप पुरस्कृत करने की प्रक्रिया में अन्य भाषायी रजिस्टरों को जनपदीय बोली के रूप में अवमूल्यित या तिरस्कृत कर दिया जाता है। यहाँ तक कि उन्हें साहित्य और कला की भाषा के रूप में भी आगे जारी रखने के औचित्य का निषेध कर दिया जाता है। यदि हम भाषा और बोली के युग्म में हिंदी प्रदेश की भाषायी प्रकृति पर विचार करने के बजाय उनके अंतर्संबंध के नैरंतर्य पर विचार करें तो हम उन गलतियों को दोहराने से बच सकते हैं, जिनका सामना हिंदी जाति की एक भाषा खड़ी करने के यांत्रिक रवैये के कारण अभी तक हम करते रहे हैं। उत्तर भारत की भाषाओं/बोलियों में नैरंतर्य का एक बड़ा प्रमाण ये है कि क्रिया रूपों अथवा उच्चारण में कुछ अंतर के बावजूद इनके शब्द भण्डार में कोई विशेष अंतर नहीं है।
यह सही है कि अठारहवीं शताब्दी में हिंदी के उस भाषायी रजिस्टर में जिसे आज उर्दू कहते हैं, बोल-चाल के शब्दों को निकालकर फारसी और अरबी के शब्दों की खूब भर्ती की गई। नतीजा ये हुआ कि इस परंपरा में लिखे गए साहित्य का दायरा अरबी-फारसी जाननेवाले कुछ अभिजनों तक ही सीमित हो गया और यहाँ की लोक भाषाओं से उसका संबंध कमजोर पड़ गया। इस प्रवृत्ति की आलोचना करना तो ठीक था, लेकिन इस परंपरा में लिखे गए साहित्य की उपलब्धियों का सिरे से निषेध कर 'नए चाल में ढली' हिंदी में साहित्य लिखने और उसे इस परंपरा से अलग दिखाने के लिए जैसा साहित्य लिखा गया, उसमें इस परंपरा की साहित्यिक उपलब्धियों से कुछ भी न ग्रहण करने का भाव ज्यादा था।
यदि भारतेंदु युग में उर्दू की परंपरा से नई हिंदी का संबंध-विच्छेद हुआ तो द्विवेदी युग की उपलब्धि ये है कि इस दौर में ब्रजभाषा की परंपरा से भी उसे काट दिया गया। रीति विरोधी अभियान चलाकर ये सिद्ध करने का प्रयास किया गया कि ब्रजभाषा में आधुनिक युग की संवेदना वहन करने की सामर्थ्य नहीं है। ब्रजभाषा में तो पतनशील सामंती मानसिकता की कामुक शृंगारिक कविताएँ ही लिखी जा सकती हैं। रीतिकालीन शृंगारिक कविताओं को ही नहीं, स्त्री लोकगीतों को भी विक्टोरियन नैतिकता के प्रभाव में अश्लील घोषित कर दिया गया जबकि इतिहास यह है कि आधुनिक योरोपीय भाषाओं में भी अपने क्लासिक साहित्य और ज्ञान को आत्मसात कर कुछ-कुछ वैसा ही साहित्य लिखा गया था जैसा रीतिकालीन कविताओं में दिखाई पड़ता है इस बात को पूरी तरह नजरअंदाज कर दिया गया कि सूर, मीरा से लेकर न जाने कितने भक्त कवियों ने इसी भाषा में कविताएँ लिखी हैं। रीतिकालीन दौर में भी शृंगारिक कविताएँ लिखनेवाले कवियों से ज्यादा ऐसे कवियों की संख्या है, जिन्होंने भक्ति-प्रधान कविताएँ लिखी हैं। यही नहीं, कथित रीतिकाल के दौर में ही 60 से भी अधिक संख्या में वीरकाव्य-लिखे गए हैं। दैनंदिन जीवन से संबंधित समस्याओं पर लिखी गई कविताओं के साथ-साथ नीतिपरक कविताएँ भी इस दौर में कम नहीं लिखी गईं। स्वयं भारतेंदु हरिश्चंद्र, नरोत्तमदास और जगन्नाथ दास 'रत्नाकर' जैसे आधुनिक दौर के कवियों के यहाँ भी वैसी कविताएँ नहीं मिलतीं, जिनका रीति-विरोधी अभियान के नाम पर विरोध किया गया। असल में उर्दू के दावे को खारिज करना तो आसान था, लेकिन उर्दू के दावे को खारिज करने के बाद ब्रजभाषा के दावे को खारिज करना बहुत मुश्किल था। साहित्यिक उपलब्धि की दृष्टि से तो खड़ी बोली कहीं से ब्रज भाषा के सामने खड़ी ही नहीं होती। उर्दू को दरकिनार करने के बाद साहित्य की भाषा के रूप में व्यापकता और विस्तार की दृष्टि से भी ब्रजभाषा का दायरा खड़ी बोली के मुकाबले बहुत विस्तृत था। गुजरात से लेकर बंगाल तक ब्रजभाषा में साहित्य लिखने की परंपरा दिखाई पड़ती है। खड़ी बोली के पक्ष में दूसरा तर्क ये दिया गया कि ब्रजभाषा में गद्य का पर्याप्त विकास नहीं हुआ, लेकिन यदि उर्दू परंपरा के विकास को हिंदी से अलग कर दें, तो उस समय तक हिंदी में ही गद्य का कौन सा विकास दिखाया जा सकता था। ये सही है कि फोर्ट विलियम कॉलेज, ईसाई मिशनरियों और अन्य लोगों के सहयोग से उन्नीसवीं शताब्दी में हिंदी गद्य का तेजी से विकास हुआ। जो शोध हुए हैं, उनके आधार पर ये कहना भी पूरी तरह सही नहीं है कि ब्रजभाषा में गद्य का विकास ही नहीं हुआ। सबसे पुराने व्याकरण और शब्दकोश ब्रजभाषा के ही बनाए गए और अनेक संस्कृत ग्रंथों का ब्रजभाषा-गद्य में अनुवाद किया गया। इन सारे तथ्यों पर ध्यान देने के बाद ये बात समझ में आती हैं कि रीतिविरोधी अभियान के नाम पर वास्तव में ब्रजभाषा के साहित्यिक-वैचारिक अवदान का निषेध किया जा रहा था।
चूँकि हिंदी नवजागरण की अवधारणा किसी न किसी रूप में आधुनिकता के प्रोजेक्ट के साये में विकसित हो रही थी और इस प्रोजेक्ट के मुताबिक पहले से चली आ रही सांस्कृतिक और वैचारिक परंपराएँ व्यर्थ और पिछड़ी हुई मान ली गई थीं, इसलिए आधुनिकता के प्रोजेक्ट को हिंदी में उतारने के लिए हिंदी का ऐसा रजिस्टर ज्यादा उपयुक्त लगा, जिस पर परंपरा का कोई बोझ ही नहीं था। खड़ी बोली में आधुनिक युग से पहले साहित्यिक-वैचारिक लेखन की कोई उल्लेखनीय परंपरा नहीं थी, इसलिए उसमें पूर्व परंपरा से संबंध-विच्छेद करने की कोई जरूरत ही नहीं थी। परंपरा की चिंता किए बिना, जो चाहें, जैसे चाहें, लिख सकते थे। उल्लेखनीय है कि मुगलकाल में उर्दू का विकास भी कुछ इसी तरह हुआ था। प्रसिद्ध इतिहासकार मुजफ्फर आलम ने अपने एक लेख में लिखा है कि उर्दू में लेखन के पीछे दो शर्तें लगाई गई थीं, पहली यह कि इसकी लिपि फारसी होगी, दूसरी यह कि बोल-चाल की भाषा में शब्द न उपलब्ध होने पर फारसी या अरबी से शब्द लिए जाएँगे। खड़ी बोली उर्दू में बिल्कुल नए सिरे से साहित्य लिखना ब्रज-भाषा की तुलना में इसलिए आसान था, क्योंकि ब्रजभाषा में साहित्य की एक पूर्व परंपरा थी, जबकि खड़ी बोली में साहित्य लिखने की कोई उल्लेखनीय परंपरा नहीं थी। खड़ी बोली उर्दू की तरह ही खड़ी बोली हिंदी में जिस तरह के साहित्य-लेखन की शुरुआत हुई, उसका न तो उर्दू की परंपरा से, न ब्रजभाषा की परंपरा से कोई उल्लेखनीय संबंध दिखाई पड़ता है। लोकसाहित्य की परंपरा से संबंध स्थापित करने का तो खयाल भी नहीं आता। परंपरा से विच्छेद या परंपरा से मुक्ति के इन दोनों उदाहरणों की विशद चर्चा तो यहाँ संभव नहीं है, फिर भी खड़ी बोली हिंदी में लिखे गए आधुनिक साहित्य पर दो चार बातें करना बेहद जरूरी है।
रामविलास शर्मा ने लिखा है कि हिंदी नवजागरण में अंग्रेजी शिक्षा और पश्चिमी ज्ञान की कोई उल्लेखनीय भूमिका नहीं रही। थोड़ी रियायत देते हुए उन्होंने ये जरूर जोड़ दिया है कि अंग्रेजी साहित्य की मानवतावादी और प्रगतिशील परंपरा भी रही है और उससे सीखने में कोई हर्ज नहीं। लेकिन आधुनिक हिंदी साहित्य की गंभीरता से पड़ताल करने पर ये बात स्पष्ट हो जाती है कि उसकी मूल प्रेरणा और आदर्श अंग्रेजी साहित्य ही रहा है। ज्यादातर आधुनिक हिंदी साहित्य पश्चिम से प्रेरणा लेते हुए और उसी के मानदंड पर लिखा गया है। कहनेवाले चाहें तो कह सकते हैं कि ये अंग्रेजी साहित्य की नकल है। लेकिन अंग्रेजी के प्रसिद्ध उत्तर औपनिवेशिक चिंतक होमी भाभा ने नकल में भी अकल की बात करते हुए मिमिक्री और हाइब्रिडिटी (संकरता) के सिद्धांतों के सहारे औपनिवेशिक देशों में लिखे गए साहित्य के महत्व का बहुत जोर-शोर से प्रतिपादन कहते हुए इस प्रकार के साहित्य की उपनिवेशवाद-विरोधी भूमिका को रेखांकित करने का गंभीर प्रयास किया है। होमी भाभा के इस तर्क को सामान्य रूप से आज भी दोहराया जा रहा है। लेकिन वास्तव में ये एक पैराडाइम शिफ्ट था। प्रसिद्ध इतिहासकार रणजीत गुहा के अनुसार पैराइाइम के इस युद्ध में पश्चिम की विजय हुई; अद्भुत पर अनुभूति की विजय हुई। विद्वानों ने रणजीत गुहा के इस तर्क की आलोचना करते हुए दिखाया है कि पश्चिम के विपरीत भारतीय यथार्थवादी उपन्यास विस्मय, फैंटेसी और काव्यत्व से पूर्णतः विच्छिन्न नहीं थे। इसलिए ये कहना सही नहीं है कि इस पैराडाइम शिफ्ट के कारण पहले से चली आ रही भारतीय साहित्यिक परंपरा का पूरी तरह निषेध हो गया। ये तर्क सही है, पर असल बात ये है कि इस पैराडाइम शिफ्ट के बाद साहित्य, संस्कृति और ज्ञान-विज्ञान की बुनियाद आधुनिकता की ज्ञानमीमांसा पर टिक जाती है और भारतीय ज्ञानमीमांसा की परंपरा का इस्तेमाल सिर्फ खाली जगहों को भरने के लिए, एक ऐसा संस्करण तैयार करने के लिए किया जाता है, जिसकी पैकेजिंग भारत में की गई हो। इसे कुछ इस तरह समझना चाहिए, जैसे उत्पादन भले ही भारत में हो रहा हो लेकिन उसकी टेक्नालाजी पश्चिम से ली गई हो। इसी तर्क को आगे बढ़ाते हुए कहना चाहिए कि लिखा भले ही भारतीय भाषाओं में जा रहा है, लेकिन उसका विन्यास और उसकी अंतर्दृष्टि पश्चिम से ली गई है। भारतीय भाषाओं में लिखने से कोई साहित्य भारतीय नहीं हो जाता और न ही भारतीय भाषाओं में चिंतन करने से कोई चिंतन भारतीय हो जाता है।
उत्तर औपनिवेशिक चिंतकों द्वारा तैयार मॉडल के विकल्प के रूप में मैं एक दूसरे किस्म के मॉडल का प्रस्ताव करने की जुर्रत कर रहा हूँ। थोड़ी देर के लिए कल्पना कीजिए कि भारतीय ज्ञानमीमांसा और साहित्यिक परंपरा की नियामक भूमिका को स्वीकार करते हुए आधुनिकता की ज्ञानमीमांसा से भी हमने कुछ तत्व लिए होते तो उसकी सूरत और सीरत कुछ और होती। राजनीतिक और सामाजिक चिंतन के क्षेत्र में गांधी ने और काव्य के क्षेत्र में कुछ ऐसी ही कोशिश रवींद्रनाथ ठाकुर ने की थी। किंतु ये इकलौती कोशिशें थीं और परवर्ती चिंतकों और रचनाकारों ने इन्हें परंपरावादी, रहस्यवादी कहकर नकार दिया। परिणाम ये हुआ कि साहित्य, संस्कृति और ज्ञान के क्षेत्र में जो भी चिंतन हुआ उसकी नियामक प्रेरणा पश्चिमी आधुनिकता की ज्ञानमीमांसा से तय होती रही। हिंदी में तो सामान्य रूप से आज जैसी स्थिति है, वो और भी विडंबनापूर्ण है। यहाँ तो उस ज्ञान को, जिसका विकास पश्चिम में 30-40 के दशक में हुआ था, आज भी भारतीय चिंतन के रूप में पूरे भक्तिभाव से दोहराया जा रहा है। जबकि पश्चिम में भी इस ज्ञान को अब कोई तवज्जो नहीं दे रहा। इसीलिए आधुनिक युग में भारतीय भाषाओं में जो साहित्य लिखा गया है, उसमें ज्यादा ऐसा नहीं है, जिसे सही मायने में भारतीय साहित्य कहा जा सके। जो है, वह पश्चिमी आधुनिकता के सर्वव्यापी प्रभाव के बावजूद है।
यह अकारण नहीं है कि यद्यपि आधुनिक हिंदी साहित्यिक चिंतन में भक्ति आंदोलन के महत्व का बढ़-चढ़कर बखान किया जाता है, किंतु विरली ही कोई ऐसी रचना होगी, जिसे पढ़कर लगे कि ये रचना भक्ति संवेदना से गुजकर लिखी गई है। परंपरा का किताबी ढंग से बखान तो खूब किया गया, लेकिन परंपरा से रचनात्मक स्तर पर कुछ भी सीखने और ग्रहण करने के चिह्न कुछ ही रचनाओं में दिखाई पड़ते हैं। मतलब बिल्कुल साफ है, परंपरा का गुणगान कीजिए और कुछ भी लिखते समय उसे भूल जाइए। कुछ विद्वान गरीबी, भुखमरी, किसान, मजदूर जैसे विषयों पर लिखी गई रचनाओं के आधार पर ये सिद्ध करने की कोशिश करते हैं कि इसकी प्रेरणा भक्तिकालीन साहित्य से आई है। अब उन्हें कौन समझाए कि भक्ति काव्य-संवेदना से उसका कोई संबंध नहीं है। इस प्रकार के विषयों पर लिखी गई रचनाओं का प्रेरणास्रोत पश्चिमी चिंतन और यथार्थवादी साहित्यिक परंपरा है। भक्ति आंदोलन न भी होता तो भी इन विषयों पर इसी ढंग से लिखा जाता। दूसरे देशों में, जहाँ भक्ति साहित्य जैसी कोई परंपरा नहीं है, इन विषयों पर थोड़े-बहुत हेर-फेर के साथ इसी ढंग से लिखा गया है। इन विषयों पर लिखी गई रचनाओं को देखने से शायद ही कहीं ऐसी प्रतीति होती हो कि उन्हें भारतीय सांस्कृतिक एवं बौद्धिक परंपरा को आत्मसात करके लिखा गया है। परंपरा के मूल्यांकन से समृद्ध रचनाएँ हिंदी में ज्यादा नहीं हैं। कुल मिलाकर भारतेंदु की कुछ रचनाओं, प्रेमचंद और रेणु के कथा-साहित्य, प्रसाद और मुक्तिबोध की कविताओं के अतिरिक्त कौन सी ऐसी रचनाएँ हैं, जिन्हें भारतीय परंपरा के बीच से निकली हुई रचनाओं के रूप में चिन्हित किया जा सके। विडंबना ये है कि आधुनिक साहित्य में जहाँ भक्ति साहित्य का सचमुच असर दिखाई पड़ता है, उसे रहस्यवादी कह कर खारिज कर दिया जाता है। इसका सटीक उदाहरण है कि भक्ति काल का सबसे अधिक गुणगान करनेवाले रामविलास शर्मा ने मुक्तिबोध की कविताओं को रहस्यवादी कहकर खारिज कर दिया। जबकि उनकी कविता के टेक्स्चर में संत साहित्य की संवेदना की गहरी छाप है। हबीब तनवीर और विजयदान देथा की रचनाओं के बारे में जरूर ऐसा कहा जा सकता है कि वे भारतीय साहित्यिक परंपरा से अनुस्यूत और उसे आगे बढ़ानेवाली रचनाएँ हैं, लेकिन उन पर विचार करने के लिए एक स्वतंत्र लेख की दरकार होगी।
उल्लेखनीय है कि प्रगतिशील लेखक संघ (1936) के पहले घोषणा-पत्र में भक्तिकालीन साहित्य को पलायन का साहित्य कह कर खारिज कर दिया गया था। प्रेमचंद ने इस अधिवेशन के बहुप्रशंसित अध्यक्षीय भाषण में आधुनिक युग से पहले के समूचे साहित्य को मौजमस्ती और मनबहलाव का साहित्य करार दिया था। बाद में परंपरा के मूल्यांकन के प्रसंग में भले ही उस गलती को दुरुस्त कर लिया गया हो लेकिन रचनात्मक लेखन और वैचारिक चिंतन के क्षेत्र में परंपरा के सकारात्मक मूल्यांकन से कुछ भी ग्रहण करने की जहमत उठाने के निशान विरले ही दिखाई पड़ते हैं।
पश्चिम में आधुनिकता के अभ्युदय के साथ साहित्य और कलाओं को आधुनिकता के प्रोजेक्ट के सहायक के रूप में देखने की प्रवृत्ति जोर पकड़ने लगी और उन्नीसवीं शताब्दी में यथार्थवाद के अभ्युदय के साथ अपने चरमोत्कर्ष पर पहुँच गई। उल्लेखनीय है कि पश्चिम में समाज विज्ञान का विकास विज्ञान की पद्धति की बुनियाद पर हुआ था और इसीलिए समाज का अध्ययन करनेवाले शास्त्रों को 'समाज विज्ञान' के रूप में प्रतिष्ठित करने पर जोर दिया गया। एंगेल्स ने तो मार्क्स के चिंतन का महत्व प्रतिपादित करते हुए स्पष्ट रूप से लिखा कि जैसे डार्विन ने प्रजातियों के विकास के नियम खोज निकाले वैसे ही मार्क्स ने समाज के विकास के नियम खोज लिए। यही कारण है कि लंबे समय तक मार्क्सवाद को समाज के विकास के नियमों की पहचान कराने वाला विज्ञान कहा जाता रहा। फिलहाल इस बहस के विस्तार में जाने की जरूरत नहीं है, संप्रति विचारणीय मुद्दा ये है कि साहित्य और कलाओं को आधुनिकता के प्रोजेक्ट के अधीन कर देने की परिणति क्या हुई? प्रेमचंद द्वारा प्रगतिशील लेखक संघ के पहले अध्यक्षीय भाषण 'साहित्य का उद्देश्य' की चर्चा हम पहले कर चुके हैं, इसी क्रम में प्रेमचंद की उस प्रसिद्ध और बार-बार दोहराई जानेवाली उक्ति के उल्लेख के जरिये हम अपने तर्क को आगे बढ़ाना चाहेंगे। प्रेमचंद ने कहा था, 'साहित्य देशभक्ति और राजनीति के पीछे चलनेवाली सच्चाई नहीं, बल्कि उनके आगे मशाल दिखाती हुई चलनेवाली सच्चाई है।' प्रेमचंद के इस वक्तव्य पर थोड़ा रुककर विचार करें तो ये स्पष्ट हो जाएगा कि प्रेमचंद यहाँ पर साहित्य के महत्व का जिस प्रकार प्रतिपादन कर रहे हैं, उससे राजनीतिक चिंतन की केंद्रीयता का निषेध नहीं होता। यहाँ राजनीतिक चिंतन के सर्वोपरि महत्व को स्वीकार करते हुए उसी दायरे में और उसी कसौटी पर साहित्य के महत्व को राजनीतिक चिंतन से भी आगे के कदम के रूप में रेखांकित किया गया है। प्रेमचंद अक्सर कहते भी थे कि जो काम गांधी राजनीति में कर रहे हैं, वही काम वो साहित्य के दायरे में कर रहे हैं। कहने की जरूरत नहीं होनी चाहिए कि यहाँ साहित्य के महत्व का प्रतिपादन राजनीतिक प्रोजेक्ट के अधीन ही है, भले ही उसे राजनीति के आगे-आगे चलनेवाली मशाल ही क्यों न कहा गया हो। रामचंद्र शुक्ल ने भी अपने प्रिय कवि तुलसीदास के साहित्य के मार्फत साधनावस्था के जिस साहित्य को सर्वोत्कृष्ट घोषित किया और जो पहली नजर में ठेठ भारतीय निकष जान पड़ता है, वास्तव में आधुनिकता के विमर्श से बहुत गहरे प्रभावित निकष है। इसलिए यह अकारण नहीं है कि आधुनिक साहित्य के मूल्यांकन के प्रसंग में वे ठाकुर जगमोहन सिंह के उपन्यास 'श्यामास्वप्न' के बजाय लाला श्रीनिवासदास के 'परीक्षागुरु' को तरजीह देते हैं, क्योंकि वह अंग्रेजी ढंग का नावेल है। इससे यह बात खुलकर सामने आ जाती है कि सब कुछ के बावजूद आधुनिक हिंदी साहित्य अंततः अंग्रेजी ढंग का ही साहित्य है। यह बिल्कुल संभव है कि रामचंद्र शुक्ल ने जान-बूझकर और सचेत रूप से ऐसा न किया हो। लेकिन, जैसा कि कहा जाता है, जादू वही जो सिर चढ़कर बोले; ये आधुनिकता का जादू है, जो हिंदी के लेखकों-आलोचकों के सिर चढ़कर बोल रहा है। फिर चाहे वो रामचंद्र शुक्ल हों, महावीर प्रसाद द्विवेदी हों या प्रेमचंद ही क्यों न हों। महावीर प्रसाद द्विवेदी ने तो साहित्य को 'ज्ञानराशि का संचित कोश' कह कर साहित्य को आधुनिकता के प्रोजेक्ट के अधीन करने की पहले से चली आ रही प्रक्रिया को जैसे उसकी तार्किक परिणति तक पहुँचा दिया। रामचंद्र शुक्ल ने द्विवेदी जी के साहित्य-विवेक पर सही टिप्पणी की है : 1. 'कवि और कविता कैसा गंभीर विषय है, कहने की आवश्यकता नहीं। पर इस विषय की बहुत मोटी-मोटी बातें बहुत मोटे तौर पर कही गई हैं। 2. द्विवेदी जी के लेखों को पढ़ने से ऐसा जान पड़ता है कि लेखक बहुत मोटी अक्ल के पाठकों के लिए लिख रहा है। एक-एक सीधी बात कुछ हेरफेर - कहीं-कहीं केवल शब्दों के ही - साथ पाँच-छह वाक्यों में कही हुई मिलती है। 3. इन पुस्तकों को एक मुहल्ले में फैली बातों से दूसरे मुहल्लेवालों को कुछ परिचित कराने के प्रयत्न के रूप में समझना चाहिए।' साहित्य की बुनियादी भूमिका के इस अवमूल्यन का परिणाम ये हुआ कि वह आधुनिकता के विमर्श के इर्द-गिर्द घूमने लगा, कभी उसके पीछे-पीछे तो कभी, प्रेमचंद के कथन के वजन पर कहें तो, उसके आगे-आगे।
मनुष्य के सामाजिक जीवन को नितांत भौतिक समृद्धि के परिप्रेक्ष्य में परिभाषित करने का परिणाम ये हुआ कि जीवन के वे आयाम, जिनकी सिर्फ भौतिक संदर्भों में व्याख्या एक सीमा के बाद संभव नहीं है, लेकिन जो भौतिक उपलब्धि से कम महत्वपूर्ण नहीं हैं, हमारे चिंतन की परिधि से ही बाहर चले गए। भावनाओं, संवेदनाओं और मानवीय जीवन की अस्तित्वमूलक चिंताएँ और मानवीय अस्तित्व की सार्थकता की वे परिकल्पनाएँ, जो भौतिक उपलब्धि से आगे जाती हैं, का भी इस राजनीतिक विमर्श में अवमूल्यन हो गया। यहाँ पर ये ध्यान दिलाने की जरूरत है कि भारतीय चिंतन परंपरा में मानवीय जीवन के अस्तित्व की सार्थकता को कभी भी सिर्फ भौतिक उपलब्धियों के निकष पर तौलने की कोशिश नहीं की गई थी। बहुत पीछे न भी जाएँ तो भक्तिकालीन साहित्य की बुनियादी संवेदना के सहारे भी इसे समझा और समझाया जा सकता है। असल में साहित्य, संगीत और कलाएँ मनुष्य की संवेदना के उन आयामों को जागृत, उद्दीप्त और समृद्ध करती हैं, जहाँ तक आधुनिकता के 'एक आयामी' विमर्श से पैदा होने वाला समाज विज्ञान पहुँच ही नहीं सकता। साहित्य, संगीत और कलाएँ मानवीय अस्तित्व की सार्थकता के उन आयामों को रचती रही हैं, जिनकी चिंता आधुनिकता के विमर्श में कम ही दिखाई पड़ती हैं। ऐसा इसलिए है क्योंकि वे मानवीय अस्तित्व की सार्थकता को सिर्फ भौतिक उपलब्धि के निकष पर परिभाषित करने की प्रक्रिया का अतिक्रमण करती हैं। ऐसा नहीं है कि साहित्य और कलाएँ भौतिक समृद्धि, गैर-बराबरी और किसी भी प्रकार के भेदभाव और शोषण को पूरी तरह से नजर अंदाज करती हैं, लेकिन यह जरूर है कि वे भौतिक समृद्धि को मानवीय अस्तित्व की सार्थकता के एकमात्र निकष के रूप में देखने के विमर्श में ढलने से इनकार करती हैं। इसके बजाय वे मानवीय अस्तित्व की सार्थकता के उन आयामों (कल्पित या वास्तविक) को रचती हैं, जिनके सामने भौतिक समृद्धि का पैमाना फीका लगने लगता है।
इतिहासकार ज्ञानेंद्र पांडेय ने अपने लेख 'गैरियत का गद्य' में लिखा है कि मनुष्य के आत्यंतिक दुखों को इतिहास के दायरे में दर्ज कर पाना नामुनकिन है। सुख-दुख, हर्ष-विषाद की आत्यंतिक मनःस्थितियों के आयाम जिस तरह साहित्य, संगीत तथा कलाओं में आते हैं, वे समाज विज्ञान के विषयों में उस तरह से आ ही नहीं सकते। विडंबना ये है कि आधुनिकता के साथ पैदा होनेवाले समाज विज्ञान के इर्द-गिर्द मंडराने वाला साहित्य अपनी उस बुनियादी भूमिका को चाहे-अनचाहे अप्रासंगिक मानकर छोड़ देता है, जहाँ तक समाज विज्ञान के किसी विषय के लिए पहुँच पाना ही मुश्किल है। उर्दू के कवि मोमिन की एक पंक्ति है, 'तुम मेरे पास होते हो, गोया जब कोई दूसरा नहीं होता।' इसी पंक्ति के वजन पर, चाहें तो, कह सकते हैं कि साहित्य और कलाएँ वहाँ भी मनुष्य के पास होती हैं, जहाँ ज्ञान-विज्ञान के दूसरे अनुशासन पहुँच ही नहीं पाते।
यह अकारण नहीं है कि पहले स्वच्छंदतावादी और फिर आधुनिकतावादी साहित्य और कलाओं में आधुनिकता के इस 'एक आयामी' विमर्श से बाहर निकलने की एक लहूलुहान जद्दोजहद दिखाई पड़ती है। ये सही है कि आधुनिकता के इस लौहपाश से बाहर निकलने में आधुनिक साहित्य और कलाएँ सफल नहीं हुईं, लेकिन इससे उनकी कोशिश का महत्व कम नहीं हो जाता।
महावीर प्रसाद द्विवेदी ने साहित्य को ज्ञानराशि का संचित कोश मानकर और कविता तथा गद्य के अंतर को मिटाकर और चाहे-अनचाहे साहित्य को पूर्व औपनिवेशिक परंपरा से काटकर जिस प्रकार के साहित्यिक लेखन को पुरस्कृत किया, उसके आदर्श कवि मैथिलीशरण गुप्त ही हो सकते थे। मैथिलीशरण गुप्त की कविता को देखकर लगता है कि जैसे समूची भारतीय परंपरा में उनसे पहले कोई कवि ही नहीं हुआ और वे पहले व्यक्ति हैं, जिन्होंने कविता लिखने का बीड़ा उठाया है। संवेदनात्मक दृष्टि से कुछ नैतिक आग्रहों के पद्य में अनुवाद के अतिरिक्त शायद ही ऐसा कुछ हो, जिसके लिए उनकी कविता को पढ़ना जरूरी लगे। समूची भारतीय काव्य परंपरा में कविता की दुनिया कभी भी इतनी इकहरी और एकायामी नहीं रही, जितनी मैथिलीशरण गुप्त की कविताओं में दिखाई पड़ती है। स्वाभाविक ही था कि छायावादी काव्य में इस एकायामी इतिवृत्तात्मकता से असंतोष फूट पड़ता। लेकिन जैसा पहले भी उल्लेख किया जा चुका है कि ज्यादातर आधुनिक साहित्य का विकास अंग्रेजी शिक्षा प्राप्त व्यक्तियों द्वारा, अंग्रेजों द्वारा स्थापित शिक्षा केंद्रों यानी विश्वविद्यालयों के परिसर में हुआ। इसीलिए छायावादी कविता में कृत्रिम कल्पनाशीलता तो खूब है, लेकिन वैसी कल्पनाशीलता बहुत कम है, जिनका जन्म एक गहरी बेचैनी से होता है और जिसके साक्ष्य कबीर, जायसी, सूर, मीरा और यहाँ तक कि तुलसीदास के साहित्य में दिखाई पड़ते हैं।
यह अकारण नहीं है कि समूचे प्रगतिवादी, यथार्थवादी और यहाँ तक कि आधुनिकतावादी साहित्य में भी गहरी सांस्कृतिक बेचैनी और उहापोह के ऐसे निशान कम ही दिखाई पड़ते, जिनसे ये प्रतीत हो कि ये समूचा साहित्य भारतीय सभ्यता की उस सुदीर्घ परंपरा में लिखा गया है, जिसमें सब कुछ बुरा ही नहीं है, बहुत कुछ अच्छा भी है।
अंत में ये कहना अनुचित नहीं होगा कि सही मायने में भारतीय साहित्य में नवजागरण तो तब होगा जब हम आधुनिकता से पहले की साहित्यिक और ज्ञान परंपरा से तथा लोक परंपरा से, आधुनिकता के निकष को अंतिम सच न मानते हुए, नए सिरे से संवाद स्थापित करेंगे। |
"हिंदी साहित्य, कविता, कहानी और लेखों का संग्रह। इस ब्लॉग पर आप पाएँगे साहित्य समीक्षा, महान लेखकों की रचनाएँ और नए विचारों की झलक। हिंदी भाषा और साहित्य प्रेमियों के लिए एक खास जगह।"
शनिवार, 3 सितंबर 2016
हिंदी नवजागरण की परिकल्पना पर पुनर्विचार की जरूरत
मंगलवार, 10 मई 2016
हिन्दी भाषा में रोज़गार की सम्भावनाएँ
शोध सारः
रोज़गार मनुष्य के जीवन यापन का एक आवश्यक अंग है। वर्तमान संदर्भ में विज्ञान, अभियाँत्रिकी, तकनीकी, चिकित्सा, कम्प्यूटर के अतिरिक्त तमाम मानविकी विषयों के अध्ययन में रोज़गार की तमाम संभावनाएँ हैं। इसी प्रकार भारतीय भाषाओं विशेषकर हिन्दी भाषा का अध्ययन रोज़गारपरक दृष्टि से अत्यधिक महत्वपूर्ण है। मनुष्य जब जन्म लेता है तो वह सर्वप्रथम अपनी माँ बोली से ही सीखता है। इसी सीखने की प्रवृति में वह अपने आसपास के परिवेश को समझने लगता है। इस परिवेशगत समझ की संपूर्णता में ही उसकी जातीय चेतना समृद्ध होती है।
व्यावहारिक दृष्टि से भाषा को मनुष्यों के बीच विचार विनिमय का साधन कहा जा सकता है। भाषा की इसी प्रवृत्ति के कारण विश्व के अनेक देशों के व्यक्ति परस्पर एक दूसरे के संपर्क में आते हैं। अनेक भाषाओं, बोलियों को बोलने वाले लोगों के बीच संवाद स्थापित करने वाली भाषा संपर्क भाषा कहलाती है। इस संदर्भ में हिन्दी भाषा भारत सहित विश्व के अनेक देशों में संप्रेषण का आधार बनी है। विश्व में बोली जाने वाली भाषाओं में हिन्दी का दूसरा स्थान है। तथा लगभग 800 मिलियन से अधिक लोगों द्वारा हिन्दी भाषा बोली जाती है।
भारतीय संविधान के अनुच्छेद 343-1 में हिन्दी भाषा को राजभाषा का दर्जा प्रदान किया गया है। यद्यपि अंग्रेज़ी भाषा का प्रयोग सरकारी कामकाज में प्रयुक्त किया जाता है, तथापि हिन्दी भाषा के प्रचार प्रसार के लिए भारत सरकार अभी भी प्रयत्नशील है। राज्य स्तर पर भी हिन्दी कई राज्यों की राजभाषा या राज्य भाषा के रूप में प्रयुक्त की जाती है। जैसे बिहार, उत्तर प्रदेश, झारखण्ड, उत्तराखण्ड, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, राजस्थान तथा दिल्ली। कई अन्य राज्यों में हिन्दी भाषा को सहायक भाषा के रूप में प्रयुक्त किया जाता है।
भारतवर्ष में राष्ट्रभाषा व राजभाषा के अतिरिक्त हिन्दी भाषा ने वैश्विक स्तर पर अपनी ख़ास पहचान बनाई है। भारतीय साहित्य, संस्कृति, दर्शन, इतिहास व ज्ञान विज्ञान को जानने के लिए विश्व के कई विश्वविद्यालयों में हिन्दी समेत कतिपय भारतीय भाषाओं के अध्ययन के लिए अलग से भाषा विभागों की स्थापना की गई है। जैसे सेंटर फार साउथ एशियन लैंग्वेजेज़ एण्ड कल्चर स्टडीज़, इत्यादि।
भूमण्डलीकरण, मुक्त व्यापार यूँ कहें बाज़ारवाद के चलते भी समूचा विश्व एक गाँव के रूप में विकसित हो रहा है। और वे परस्पर एक दूसरे देश की भाषा को सीखना चाहते हैं। यह मौजूदा समय की माँग भी है। अतः हिन्दी भाषा का अध्ययन व अध्यापन रोज़गार परक दृष्टि से किया जा रहा है।
हिन्दी भाषा को प्रयोजन मूलक बनाने व वर्तमान भाषाई प्रतिस्पर्धा की दौड़ में हिन्दी भाषा को अग्रसर करने के लिए तकनीकी भाषा के रूप में हिन्दी भाषा का पर्याप्त प्रचार प्रसार हुआ है। इसका श्रेय भारत सरकार के संचार और सूचना तकनीकी मंत्रालय के इलैक्ट्रानिक और इन्फॉरमेशन टैक्नोलॉजी विभाग को जाता है। इस विभाग ने वर्ष 1991 में टी. डी. आई. एल. (Tecchnology Development Indian Languages) की स्थापना की। हिन्दी के विकास के इस लक्ष्य में वैज्ञानिक व तकनीकी शब्दावली आयोग की भूमिका भी कम महत्वपूर्ण नहीं है। आयोग ने विज्ञान, दर्शन, इतिहास, समाजशास्त्र, कानून इत्यादि अनेक विषयों से संबंधित पारिभाषिक शब्दावलियों का निर्माण किया है। कम्प्यूटर व तकनीकी के क्षेत्र में हिन्दी से सम्बंन्धित अनेक सॉफ्टवेयरों और प्रोग्रामों का निर्माण किया गया है। जैसे सिद्धार्थ (DCM-1983), fipi (Hinditronics 1983), ISM, lleap, Leap Office (CDAC, Pune), GIST, Shreelipi, Sulipi, APS Akshar Unicode इत्यादि। इन सॉफ्टवेयरों के निर्माण से हिन्दी भाषा का प्रयोग सूचना तकनीक में सम्भव हो सका है।1. स्कूल स्तर पर (कक्षा एक से कक्षा बारहवीं तक)।
2. कॉलेज स्तर पर (स्नातक, स्नातकोत्तर व डिप्लोमा)।
3. विश्वविद्यालय स्तर पर (स्नातक, स्नातकोत्तर, डिप्लोमा, एम. फिल. एवं पीएच. डी.)।
भारत सहित विश्व के कई देशों में हिन्दी का अध्ययन व अध्यापन किया जाता है। इसके लिए उन संस्थानों को पर्याप्त मात्रा में योग्य अध्यापकों की आवश्यकता होती है। इसके अतिरिक्त प्रवासी भारतीय व अन्य विदेशी लोग भारतीय साहित्य, संस्कृति, सभ्यता, इतिहास, को जानने समझने के लिए स्वयं तथा अपने बच्चों को हिन्दी भाषा की शिक्षा दिलवाना चाहते हैं। जो कि हिन्दी भाषा को रोज़गारपरक बनाती है।
पर्यटनः पर्यटन के माध्यम से भी हिन्दी भाषा में रोज़गार की अपार सम्भावनाएँ हैं। भारत में प्रतिवर्ष हज़ारों लाखों पर्यटक आते हैं। उन्हें हिन्दी सहित अन्य भारतीय भाषाओं का ज्ञान नहीं होता है। यहाँ तक कि कई लोग अंग्रेज़ी भाषा को भी अच्छी तरह से नहीं समझ सकते हैं। ऐसी स्थिति में भारतीय पर्यटक स्थलों, तीर्थस्थानों, ऐतिहासिक स्थलों, स्मारकों इत्यादि की जानकारी एक द्विभाषिया (गाइड) ही दे सकता है। अतः द्विभाषिए के रूप में एक व्यक्ति हिन्दी भाषा के आधार पर अपना जीवन यापन कर सकता है।
टी. डी. आई. एल. के अनुसार भारत में मात्र 5 प्रतिशत लोग ही अंग्रेज़ी भाषा को समझते हैं। बाकी हिन्दी सहित अन्य भारतीय भाषाओं का प्रयोग करते हैं। भले ही विद्यालयों व विश्वविद्यालयों में अंग्रेज़ी को छोड़कर हिन्दी व अन्य भाषाओं के अध्येत्ताओं को हेय दृष्टि से देखा जाता हो, किन्तु अब बदलते परिवेश के कारण हिन्दी भाषा के प्रति लोगों का नज़रिया बदलने लगा है। इसका कारण है हिन्दी भाषा का रोज़गार परक होना। बाज़ार से जुड़कर हिन्दी में रोज़गार की अपार सम्भावनाएँ पैदा की हैं। यही प्रवृत्ति हम हिन्दी साहित्य के पूर्व मध्यकाल में पाते हैं। तत्कालीन कवियों ने अपनी वाणी व उपदेशों को जन जन तक पहुँचाने के लिए हिन्दी भाषा के जन/लोक रूप को चुना। ताकि अधिक से अधिक जनसमुदाय तक वे अपने विचारों को पहुँचा सकें। इसी प्रकार वर्तमान परिवेश में किसी भी राष्ट्र में अपना व्यापार बढ़ाने के लिए वहाँ की भाषा व परिवेश (साहित्य, संस्कृति व समाज) को समझना आवश्यक है।
हिन्दी भाषा और रोज़गारः
हिन्दी भाषा का अध्ययन रोज़गार परक दृष्टि से महत्वपूर्ण है। इसे हम कुछ बिन्दुओं में जान सकते हैं। सरकारी, अर्ध सरकारी, गैर सरकारी व निजी संस्थानों में हिन्दी भाषा रोज़गार के तमाम अवसर प्रदान करती है।
अध्यापनः
अध्यापन के क्षेत्र में हिन्दी सहित अन्य भारतीय भाषाओं के द्वारा रोज़गार प्राप्त किया जा सकता है। इनमें प्रमुख हैं-
अनुवादः
अनुवाद का क्षेत्र रोज़गार प्राप्त करने में महत्वपूर्ण है। मीडिया के क्षेत्र में हिन्दी अनुवादकों को रोज़गार के कई अवसर प्राप्त हो सकते हैं। क्योंकि प्रिंट व इलैक्ट्रानिक मीडिया में विभिन्न समाचार स्रोतों से अंग्रेज़ी व अन्य भाषाओं में समाचार प्राप्त होते हैं। उन समाचारों को एक अच्छा अनुवादक ही हिन्दी भाषा में अनुवादित कर सकता है। केन्द्र सरकार के कई विभागों, राज्य सरकार, अर्ध सरकारी विभागों में हिन्दी भाषा में कामकाज करना अनिवार्य है। इसलिए इन विभागों में बहुत प्रकार के पद सृजित किए गए हैं। जैसे हिन्दी अधिकारी, हिन्दी अनुवादक, हिन्दी सहायक या राजभाषा सहायक, आशुलिपिक, प्रबंधक इत्यादि। संघ लोकसेवा आयोग, स्टाफ सलेक्शन कमीशन हर वर्ष हिन्दी अधिकारियों, अनुवादकों, आशुलिपिकों के पदों के लिए विज्ञप्ति निकालते हैं। इसके अतिरिक्त केन्द्रीय अपराध प्रयोगशाला, भारतीय जीवन बीमा निगम, बी. आर. डी. ओ., सरकारी व गैर सरकारी बैंक, भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण, अर्ध सैनिक बल में भी हिन्दी अधिकारियों व अनुवादकों के पद भरे जाते हैं।
संचारः
संचार माध्यमों में इलैक्ट्रॉनिक व प्रिंट मीडिया में हिन्दी भाषा में रोज़गार की तमाम अवसर प्राप्त होते हैं। दूरदर्शन का राष्ट्रीय व अन्य क्षेत्रीय चेनल, डी. डी. भारती, डी. डी. न्यूज़, डी. डी. र्स्पोट्स, लोक सभा टी. वी. व राज्य सभा टी. वी. हिन्दी भाषा में समाचार प्रसारण, वृत्तचित्र, धारावाहिक, कृषिदर्शन, ज्ञानदर्शन, स्वास्थ्य, समाज कल्याण व साहित्य से सम्बंधित कई प्रकार के कार्यक्रम प्रस्तुत करते हैं। इसके अतिरिक्त कई निजी टी. वी. चैनल्स भी हिन्दी समाचारों के प्रसारण के अतिरिक्त हिन्दी भाषा में कई प्रकार के कार्यक्रमों का प्रसारण करते हैं। दृश्य माध्यमों के बढ़ते प्रभाव से रेडियो का अस्तित्व समाप्त नहीं हुआ है। बल्कि रेडियो ने भी इस प्रतिस्पर्धा के दौर में नए आयाम स्थापित किए हैं।
प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में भी हिन्दी भाषा में रोज़गार के कई अवसर पैदा हुए हैं। आज भारत में कई प्रमुख हिन्दी दैनिक, साप्ताहिक, पाक्षिक व मासिक पत्र एवं पत्रिकाएँ प्रकाशित हो रही हैं।
अतः संचार माध्यम रोेजगार के तमाम अवसर उपलब्ध करता है। संपादक, उपसंपादक, सह संपादक, संवाददाता, प्रूफरीडर, एंकर इत्यादि पदों पर हिन्दी भाषा का अच्छा ज्ञान रखने वाला कोई भी व्यक्ति काम कर सकता है। कई पत्र पत्रिकाओं के आनॅ लाइन संस्करण (e-paper) भी उपलब्ध है। इसलिए हिन्दी भाषा पर अच्छी पकड़ रखने वाले तथा कम्प्यूटर व तकनीकी का विशेष ज्ञान रखने वाले लोग इस क्षेत्र में रोज़गार प्राप्त कर सकते हैं। स्वतंत्र रूप से लिखने वाले लेखक विविध प्रकार का उपयोगी साहित्य जैसे कविता, कहानी, लेख, फीचर, धारावाहिक, पर्यटन, विज्ञान, तकनीकी, समाजशास्त्र इत्यादि लिखकर प्रिंट व इलैक्ट्रॉनिक मीडिया के माध्यम से रोज़गार प्राप्त कर सकते हैं।
भारत सरकार व राज्य सरकारों ने अपने-अपने जनसम्पर्क विभागों की स्थापना की है। इनके माध्यम से सरकार द्वारा चलाई जा रही कई प्रकार की योजनाओं को जनता तक पहुँचाया जाता है। तथा लोक मत भी एकत्रित किया जाता है। इसके लिए उन विभागों में जनसम्पर्क अधिकारी की नियुक्ति की जाती है।
बाजारः बाज़ारवाद के चलते हर उत्पादक अपने उत्पाद को अधिक से अधिक उपभोक्ताओं के तक पहुँचाने के लिए विज्ञापन का सहारा लेता है। विज्ञापनों के प्रासारण के लिए वह संचार माध्यमों का सहारा लेता है। तथा बाज़ार के अनुरूप ही वह उस उत्पाद के विज्ञापन की भाषा को चुनता है। कई भारतीय व विदेशी कम्पनियाँ अपने उत्पादों की बिक्री के लिए हिन्दी भाषा में विज्ञापन तैयार करवाते हैं। इसके लिए हिन्दी भाषा का अच्छा ज्ञान, बाज़ार पर अच्छी पकड़ व लोगों की रुचि का ध्यान रखना आवश्यक है। अतः हिन्दी विज्ञापन का क्षेत्र भी रोज़गार की सम्भावनाएँ प्रस्तुत करता है।
भारत में कई प्रतियोगी परीक्षाओं में हिन्दी विषय को अनिवार्य या वैकल्पिक रूप रखा जाता है। हिन्दी भाषा के शिक्षण के लिए भारत के कई राज्यों में हिन्दी विषय को 10वीं या 12वीं कक्षा तक अनिवार्य रूप से पढ़ाया जाता है। अनेक महाविद्यालयों व विश्वविद्यालयों में हिन्दी भाषा को बी.ए., एम. ए., एम. फिल., पीएच. डी. स्तर पर पढ़ाया जाता है। इसके अलावा भाषाशास्त्र में एम.ए., अनुवाद में डिप्लोमा, जनसंचार में डिप्लोमा, एम. ए., हिन्दी में सृजनात्मक डिप्लोमा, प्रयोजमूलक हिन्दी में डिप्लोमा, बी. एड. व एम. एड. में हिन्दी विषय का शिक्षण इत्यादि कोर्स संचालित किए जाते हैं। जिनकी योग्यता या उपाधि हासिल कर कोई भी व्यक्ति अपने सुनहरे भविष्य की तलाश कर सकता है।
निष्कर्षः
अतः कह सकते हैं कि वर्तमान प्रतिस्पर्धा के दौर में हिन्दी भाषा ने रोज़गारपरक दृष्टिकोण से अपना महत्वपूर्ण स्थान बनाया है। क्योंकि भाषा की प्रवृत्ति सरलीकरण है। हिन्दी भाषा की जननी संस्कृत है। वर्षों से लगातार कुछ जोड़ते व कुछ छोड़ते हुए इस भाषा ने जो स्वरूप धारण किया है उसी का फल है कि यह एक विशाल जन समुदाय को अपने आप में समेटे हुए है। भविष्य में भी हिन्दी कई भीषण चुनौतियों का सामना करते हुए और अधिक रोज़गार परक भाषा बन सकेगी। वही भाषा अधिक दिनों तक जीवित रह सकती है, समाज में अधिक व्यावहारिक रूप धारण कर मनुष्य की आवश्यकताओं की पूर्ति समयानुसार कर सकती है।
संदर्भ:
रोज़गार समाचार पत्र, इन्टरनेट पर उपलब्ध सामग्री।
बसवेश्वर के वचनों में सामाजिक चेतनाः एक विश्लेषण
बसवेश्वर कर्नाटक के भक्ति साहित्य के महत्त्वपूर्ण हस्ताक्षर हैं। बसवेश्वर की प्रेरणा से कर्नाटक में 12 वी शताब्दीं में सामाजिक चेतना का आंदोलन आरंभ हुआ जिसका असर तत्कालीन समाज में देखा जा सकता है। बसवेश्वर का जन्म सन् 1131 में बिजापुर जिले के बागेवाडी गाँव में हुआ था। उनके पिता का नाम मादरस और माता का नाम मादलाम्बिका था। बसवेश्वर के बारे में यह कहा जाता है कि उनमें क्रांतिकारी विचारों का जन्म बाल्यावस्था में हुआ था और इसकी पहली झाँकी तब दिखाई दी जब उनका उपनयन संस्कार करने का समय आया तो वे विद्रोह करके घर से भाग खड़े हुए और कूडलसंगम नामक स्थान पर रहने लगे जो कृष्णा और मलप्रभा नदियों के संगम स्थल पर प्रसिद्ध तीर्थ क्षेत्र है। इसी स्थान पर जातवेद नामक वीरशैव तपस्वी से दीक्षा ग्रहण करके गुरु के सानिध्य में अपने व्यक्तित्व का विकास करते रहे और यही रहकर उन्हें समाज में प्रचलित अंधविश्वाव का ज्ञान हुआ तो बसवेश्वर ने निश्चय किया कि समाज में प्रचलित इस कुप्रथा को, सामाजिक जीवन की विषमताओं को मिटाना हैं। कालान्तर से बसवेश्वर की कीर्ति सारे प्रदेश में फैल गई थी। बाद में बसवेश्वर को बिज्जल राजा का आश्रय भी प्राप्त हुआ। राजा को बसवेश्वर ने इस तरह से प्रभावित किया कि कुछ समय के बाद बसवेश्वर को राज्य का प्रधानमंत्री बना दिया। जिस प्रकार राजा बसवेश्वर से प्रभावित हुआ उसी प्रकार सामान्य जनता भी बसवेश्वर की मुरीद बन गई और देखते ही देखते लाखों की संख्या में भक्तों की मण्डली जमा हो गई। बसवेश्वर का कार्यक्षेत्र विस्तृत था, अंतरजातिय विवाह को प्रोत्साहन, स्त्रियों के प्रति आदरभाव, बहुदेवतावाद का विरोध, मूर्तिपूजा का विरोध, कर्मकाड का विरोध आदि। ऐसे क्रांतिकारी युग प्रवर्तक, सामाज सुधारक संत-भक्त की मृत्यु अपने जीवन के केवल 36 साल में सन् 1167 में हुई।बसवेश्वर द्वारा रचित वचनों की संख्या लगभग एक हज़ार मानी जाती है। इस में कुछ अतिशयोक्ति भी हो सकती है। क्योंकि इसके अनेक संस्करण निकले हैं और हर किसी ने वचनों की संख्या कम अधिक बताई है। हो सकता है कुछ वचन भक्तों द्वारा बसवेश्वर के नाम से बाद में जोड़े गए हो। लेकिन इन वचनों की विविधता और सामाजिक दायित्वों के प्रति बसवेश्वर की प्रतिबद्धता उस काल की दृष्टि से काफी आगे वाली थी। मैं ऐसा क्यों कह रहा हूँ यह आपके समझ में आ गया होगा।बसवेश्वर अपने वचनों में प्राणी मात्रा पर दया भाव रखने की बात करते हैं। क्यों कि उस काल में भी और आज के सूचना तकनीकी के दौर में भी मानव दया भाव से वंचित होता गया है। स्वार्थ ने इसे इस कदर घेरा है कि वह सिर्फ अपने बारे में ही सोचने लगा है। आज के इस आधुनिक युग में चोरी, हत्या, झूठ, घृणा, निंदा ये सब बातें आम बन गयी हैं। वैश्विकरण के इस चक्रव्यूह में समाज की नैतिकता का हनन हो रहा है। विश्व के सभी धर्म हमें दया भाव की शिक्षा देते हैं लेकिन हम क्या करते हैं यह सोचने वाली बात है। बसवेश्वर कहते हैं कि निर्धन की सहायता करना धनवान व्यक्ति का कर्तव्य है और उसका धर्म भी है। आज इस धरती पर चारों ओर अशांति, अराजकता, आतंकवाद फैल चुका है, नरसंहार का तांडव मचा हुआ है। कोई किसी की सहायता नहीं करता, किसी पर दया नहीं दिखाता, मानव की वाणी अब पहले से कठोर बन गई है और साथ में दिल भी कठोर बन गया है। आज करुणाहीन मानव को दूसरों की छोड़िए भगवान का भी भय नहीं है।वह यह भूल गया है कि सुखी समाज का सपना एक दूसरे के सहयोग से ही पूर्ण होगा। इसीलिए बसवेश्वर कहते हैः-दया के बिना धर्म कहाँ?सभी प्राणियों के प्रति दया चाहिए दया ही धर्म का मूल है दया धर्म के पथ पर जो न चलता कूडल संगमदेव को वह नहीं भाता।(बसवेश्वर काव्यशक्ति और सामाजिक शक्ति, पृ. 25)बसवेश्वर का सबसे महत्वपूर्ण कार्य स्त्री समाज के प्रति था। 12वीं शताब्दी तक जिसको सदियों से सामाजिक बंधनों में जकड़ कर रख दिया गया था। जिसे शुद्र के श्रेणी में रख कर गुलाम का दर्जा दिया गया था। माता, बहन, पत्नी, बेटी आदि संबोधनों के बावजूद भी इसे पुरुषों से निम्न माना जाता था। धर्म के नाम पर उस पर अनेक सामाजिक बंधन डाल दिए गए थे। बसवेश्वर को समाज में व्याप्त यह स्त्री-पुरुष भेदभाव अन्याय कारक लगा। इसी कारणों से बसवेश्वर ने 12वीं में स्त्री-पुरुष समानता का आंदोलन चलाया जिसकों व्यापक जन समर्थन प्राप्त हुआ। बसवेश्वर ने स्त्रियों को घर और समाज की गुलामी से मुक्ति दिलाने के लिए जिन सुधारों का स्वीकार किया था वह वर्तमान समाज के लिए भी अचंभित करने वाली घटना है। 12वीं शताब्दीं में बसवेश्वर द्वारा महिलाओं के लिए बहुउद्देशीय संघटनाओं की स्थापना की गई थी। बसवेश्वर के इस कार्य के संदर्भ में डॉ. जयदेवीताई लिगाडे कहती है कि, “बारहवीं शताब्दी की शिवशणियाँ स्त्री-मुक्ति-क्रांति का आदर्श हैं।”(बसवेश्वर काव्यशक्ति और सामाजिक शक्ति, पृ. 34) बसवेश्वर द्वारा स्थापित ‘अनुभव मंडप’ विश्व की पहली लोकसभा थी। इस अनुभव मंडप में 700 पुरुष और 70 स्त्रियाँ थी। बसवेश्वर द्वारा स्थापित इस अनुभव मंडप में स्त्रियों को धार्मिक और सामाजिक क्षेत्र में पूर्ण स्वातंत्र्य दिया गया। बसवेश्वर जब बिज्जल राजा के प्रधानमंत्री थे तब उन्होंने बाल विवाह का विरोध किया और विधवा के पुनर्विवाह को मंजूरी दी। समाज से दुर्लक्षित वेश्याओं को जीने की नयी राह दिखाई। उनका पुनर्वास तो किया ही साथ में उनको नैतिक मूल्यों का शिक्षण भी अपने अनुयाईयों द्वारा दिया। सुली संकबे नामक वेश्या को आपने अनुभव मंडप में प्रवेश दिया। बाद में सुली संकबे ने अनेक वचनों का निर्माण किया। अनुभव मंडप में जो स्त्रियाँ थीं उनमें से 30-35 महिला वचनकार थीं जिन्हों ने समाज में काफी ख्याती आर्जित की थी। अक्का महादेवी उनमें से एक है जिनको प्रथम स्त्री वचनकार के नाम से कन्नड साहित्य में जाना जाता है। बसवेश्वर के स्त्री कार्य के संदर्भ में विठल बन्ने लिखते है, “स्त्री मुक्ति और जनतांत्रिक तत्त्वों का व्यावहारिक समर्थन करने वाले बसवेश्वर एक अग्रणी व्यक्ति थे। धार्मिक क्षेत्र में रहते हुए भी उन्होंने स्त्री-मुक्ति का आंदोलन चलाया, यह एक विशेष बात है।”(बसवेश्वर काव्यशक्ति और सामाजिक शक्ति, पृ. 34)बसवेश्वर के सामाजिक आंदोलन का और एक महत्वपूर्ण पहलू था निम्न जातियों के व्यक्तियों को अनुभव मंडप में स्थान तथा शिक्षा भी दी जाती थी। आधिकांश शिवशरण कवि तथा कथित निम्न जाति तथा सर्वहारा वर्ग से आते थे। बसवेश्वर ने इन तथा कथित निम्न एवं सर्वहारा वर्ग में ऐसा आत्मविश्वास भर दिया था कि वो भी ईश्वर की भक्ति के वचनों की रचना करने लगे। इसीलिए बसवेश्वर कहते है कि सदगुण वाले व्यक्ति की कोई जाति नहीं होती। अगर कुलहीन व्यक्ति सुशील है तो उसके पड़ोस में रहना अच्छा होता है। वो कहते हैः-“कुलहीन सुशील हो तो,उसके पड़ोस में रहना भला है। सुपथ छोड़े बिना लिंग का सुमिरन कीजिए। अनुभव मंडप में मोची चन्नय्य सुशील है, कूडल संगम देव।”(बसवेश्वर काव्यशक्ति और सामाजिक शक्ति, पृ. 110)समाज में व्यभिचार का बोल-बाला था। लोग पापों से मुक्ति के लिए काशी जैसे स्थानों पर जाकर गंगा स्नान कर लेते थे। लेकिन इसके बावजूद भी पर नारी के संग व्यभिचार करते थे। जिससे समाज का नैतिक पतन हो रहा था। अनैतिक रिश्तों से समाज का विकास भी अवरुद्ध सा हो जाता है। और यह जो अनैतिकता थी उसमें उच्च वर्ग के लोग निम्न जाति की स्त्रियों के साथ ज़बरदस्ती व्यभिचार करते थे। वह इसे अपना धर्मिक अधिकार समझ लेते थे। पर धन पर जबरन अपना अधिकार कर लेते थे। बसवेश्वर इस संबंध में कहते हैः-“नदिया में नहानेवाले भाइयों,नदिया में नहानेवाले साँइयों तजो रे, तजो रे !परनारी का संग तजो परधन का लोभ तजो कूडलसंगमदेव, इनको तजे बिना व्यर्थ जाएगा नदिया का स्नाना।”(बसवेश्वर काव्यशक्ति और सामाजिक शक्ति, पृ. 104)जाति व्यवस्था पर जो प्रहार बसवेश्वर ने 12वीं शताब्दी में किया था वह सबसे क्रांतिकारी था। उन्होंने स्थापित किए हुए अनुभव मंडप में अनेक भक्त निम्न जाति से आते थे। बसवेश्वर कहते है कि अगर उन के कार्य से उनकी जाति बन जाती है तो में खुद को ब्राह्मन कहूँ तो हे ईश्वर तुम हँसने लगोगे। लोगों कि जाति व्यवसाय या कार्य से नहीं तो इसके वर्तन, उसके व्यवहार से, उसके आचरण से बनती है। बसवेश्वर कहते हैः-“सेठ कहूँ क्या सिरियाल को?धोबी कहूँ क्या माचय्या को?डोम कहूँ क्या कक्कय्या को?चमार कहूँ क्या चन्नय्या को?ब्राह्मन कहूँ यदि अपने को हँस देंगे कूडलसंगदेव!”(बसवेश्वर काव्यशक्ति और सामाजिक शक्ति, पृ. 101)बसवेश्वर ने कबीर की तरह मूर्ति पूजा का विरोध किया है। साथ में बहुदेवता वाद पर भी बसवेश्वर ने तीव्र प्रहार किया है। लोग पत्थर के देवताओं पर दूध चढ़ाते हैं लेकिन किसी गरीब को एक बूँद तक नहीं देंगे। जब कही हमें साँप दिखाई देता है तो पहले हम उसे मार देते हैं और जब नाग पंचमा आती है तो पत्थर के नाग को दूध पिलाते हैं। बसवेश्वर अपने एक वचन में कहते हैं:-जीवित नाग की हत्या करने दौड़ेंगे खाने वाले जंगम को झिड़का देंगे,जो खाता नहीं उस लिंग का भोग लगाएँगे”।”(बसवेश्वर काव्यशक्ति और सामाजिक शक्ति, पृ. 99)बहुदेवता वाद का विरोध करते हुए बसवेश्वर अपने वचन में स्पष्ट लिखते है कि“देव एक नाम अनेक परम पतिव्रता का पति एक अन्यदैव से जो टेके माथा नाक-कान काटेगा संगमनाथा अनेक देवों की जूठन खानेवालों को क्या कहूँ, कुडलसंगमदेव”।”(बसवेश्वर काव्यशक्ति और सामाजिक शक्ति, पृ. 104)बसवेश्वर न सिर्फ मूर्तिपूजा, बहुदेवतावाद का विरोध किया बल्कि गीता, वेद-पुरानों को भी व्यर्थ बता दिया है। वे कहते है कि अगर वेद को श्रेष्ठ कहूँ तो वह प्राणी वध का समर्थन करता है। बसवेश्वर वेदों ब्रह्म के ढोंग है, जिसके कारण वे उसे वे म्यान में रखना चाहते हैं। शास्त्र सरस्वती का व्यर्थ का खेल है जिसकी वज़ह से वह सिर्फ कर्म की उपासना पर बल देता है इसलिए वह श्रेष्ठ नहीं हो सकते जिस कारण वह शास्त्र बसवेश्वर को बेड़ी पहनाना चाहते हैं। एक वचन में बसवेश्वर कहते हैः-“गीता का गायन करने से क्या होता है?शास्त्र का पारायण करने से क्या होता है?वेद वेदान्त के पढ़ने से क्या होता है?”(I Shall Put Leather Sheath To The Vedas पृ.2)दूसरे एक वचन में इससे भी आगे पढ़कर कहते हैः-“वेद जो हैं ब्रह्म के ढोंग हैं शास्त्र जो है सरस्वती के व्यर्थ का खेल हैं आगम जो हैं ऋषि के मुग्धखेल हैं पुराण जो हैं वे पूर्वजों के व्यर्थखेल हैं।”(I Shall Put Leather Sheath To The Vedas, पृ.8)इस प्रकार से बसवेश्वर के वचन काव्य में समाजिक चेतना के प्रति विविधता दिखाई देती है। बसवेश्वर ने जो कार्य 12वीं शताब्दीं में किया था वह उस काल विशेष और वर्तमान समय के लिए भी एक प्रेरणा स्त्रोंत के रूप में कार्य करता है। बसवेश्वर सच्चे अर्थ में एक समाज सुधारक थे जिनके कार्य को जितनी लोकप्रियता मिलनी चाहिए थी वह नहीं मिली है और बसवेश्वर एक वर्ग विशेष तक ही सीमित हो गए है। उनको किसी एक वर्ग तक सीमित रखना उनके कार्य के प्रति अन्याय होगा।संदर्भ सूचीः-1. https://hi.wikipedia.org/wiki/ 2. https://mr.wikipedia.org/wiki/ 3. https://en.wikipedia.org/wiki/Basava 4. http://lingayatreligion.com/ 5. http://jayvijay.co 6. डॉ. काशीनाथ अंबलगे, बसवेश्वर काव्यशक्ति और सामाजिक शक्ति, लोकभारती प्रकाशन, इलाहाबादः2006. 7. डॉ. काशीनाथ अंबलगे, वचन साहित्य और संत साहित्य का समाजशास्त्र, राजपाल एण्ड सन्ज़, दिल्लीः2007 8. http://www.sahityakunj.net/LEKHAK/S/SantoshMahipati/Kannad_mein_vacan_andolan_aur-stri_mukti_Shodhnibandh.htm 9. I Shall Put Leather Sheath To The Vedas, Editor Dr. M. M. Kalburgi, Basavadharma Prakashan, Kalaburagi:2015.
शनिवार, 30 अप्रैल 2016
सोशल साईट्स और लोकव्यवहार
ये आलेख फ़ेसबुक और उस जैसी तमाम सोशल साईट्स पर और वास्तविक जीवन में हमारे व्यवहार और चर्चित विषयों पर हमारी प्रतिक्रिया - दोनों के अंतर को समझते हुए लिखा गया है। ठीक वैसे ही जैसे फ़ेसबुक या ट्वीटर पर कोई स्टेटस अपडेट करना और उसे फॉलो करना; दोनों में बहुत फ़र्क होता है। क्या जो हम लिखते हैं उसे मानते भी हैं? अपनाते भी हैं? या सिर्फ़ मित्रों के समक्ष अपनी बुद्धिमानी का खोखला प्रदर्शन कर likes बटोरने का प्रयास करते हैं। कभी-कभी ये वास्तविक नहीं प्रवचन जैसा सा प्रतीत होने लगता है। साथ ही ये भी जानने और समझने योग्य बात है कि कुछ विशेष मुद्दों या ख़ास विषय पर चर्चा, परिचर्चा जिस अभिव्यक्ति के साथ हम फ़ेसबुक या उस जैसी सोशल साईट्स पर करते हैं, जिन आत्मीय शब्दों का प्रयोग औपचारिक रूप से हम दूसरों के साथ फ़ेसबुक पर करते हैं, क्या वास्तविक जीवन में भी उतने ही धैर्य, बुद्धिमानी और व्यवहारिकता से बातचीत कर पाते हैं?
सोशल नेटवर्किंग साइट्स वर्तमान समय में विचार-विमर्श की प्रक्रिया को नवीनता देने के साथ-साथ हर व्यक्ति के अपने समय की उपयोगिता और महत्व को भी प्रदर्शित कर रही हैं। जैसे कुछ लोग हर मिनट की जानकारी फ़ेसबुक पर अपडेट करते हैं, कुछ लोग दिनों की और कुछ महीनों की। कुछ लोगों के लिए ये सिर्फ़ मनोरंजन का साधन है, कुछ के लिये समय व्यतीत करने का एक बेहतर साधन, कुछ के लिये अपने अकेलेपन को दूर करने की एक ज़रूरत। उसी तरह कुछ लोगों के लिए ज़्यादा से ज़्यादा नए-नए लोगों को जानने और उनसे मित्रता करने का उत्साह और ख़ुशी भी है; मतलब हज़ारों तक फ्रेंड लिस्ट होना उनके लिए बेहद गर्व की बात है। कुछ के लिए ये सामाजिक रूप से चिर-परिचितों या मित्रों के साथ न सिर्फ़ सूचनाओं का आदान-प्रदान बल्कि अपने सुखद और दुखद अनुभवों को बाँटने का भी एक माध्यम है। कुछ के लिए लोक-विमर्श के क्षेत्र में अहम भूमिका निभाने का माध्यम भी; जिससे किसी भी स्तर के सामाजिक बदलाव की अपेक्षा भी की जा सकती है, क्योंकि कई बार सामाजिक परेशानियों पर अलग-अलग समाधान सलाह के रूप में और कभी-कभी सहयोग भी मिल जाता है। वे लोग जिन्हें हम सिर्फ़ अपने काम तक ही जानते हैं, उनके जीवन के दूसरे पहलू और नए व्यक्तित्व की झलक भी देखने को मिल जाती है; उनको क़रीब से जानने का अवसर भी मिलता है। कुछ लोग शायद इसलिए भी फ़ेसबुक, ट्वीटर या अन्य साधनों का उपयोग करते हैं क्योंकि वो जीवन में स्वयं को अकेला महसूस करते हैं। उन्हें अपनी ख़ुशियाँ, दुःख या उपलब्धियाँ बाँटने के लिये कुछ अच्छे दोस्तों की ज़रूरत होती है; इससे ज़्यादा और बड़ा कारण उनके लिए नहीं होता। ऐसे लोगों की फ्रेंड लिस्ट बेहद छोटी और सलेक्टिव भी होती है पर वो ख़ुश रहते हैं उससे।
फ़ेसबुक या उस जैसी सोशल साईट्स पर हम जिन विषयों पर चर्चा- परिचर्चा या विमर्श करते हैं और कई बार वाद-विवाद भी कर लेते हैं, उनके लिए क्या ज़मीन की लड़ाई लड़ने के लिए तैयार रहते हैं? या ये सिर्फ़ फ़ेसबुक स्टेटस अपडेट करने मात्र के लिए होता है? क्या वास्तविक जीवन में भी हम इन विषयों को लाइक कर गंभीरता से लेते हैं? कई बार मुद्दे हमारे आसपास के ही होते हैं और कई बार हमारे अपने जीवन से भी जुड़े होते हैं परन्तु हम अपने जीवन में उन्हीं मुद्दों से या परेशानियों से जूझ रहे होते हैं, जबकि फ़ेसबुक पर बड़ी बुद्धिमानी से उन पर न सिर्फ़ विचार-विमर्श करते हैं बल्कि एक निर्णायक मोड़ पर भी ले आते हैं। दूसरी ओर हम वास्तविक जीवन में बड़े-बड़े और अहम् फ़ैसले अधूरे ही अधर में छोड़ देते हैं। क्योंकि वो एक जोख़िम भरे साहसिक निर्णय होते हैं जिनके परिणामों का भय हमें उन्हें अधूरा छोड़ने पर विवश करता है।
मेरे पास ऐसे कुछ विषयों के उदाहरण भी हैं जिन पर फ़ेसबुक या अन्य सोशल वेबसाइट्स पर लोग विमर्श करते हुए घंटों बिता देते हैं। कुछ सामाजिक मुद्दे हैं - तलाक़शुदा औरत और उसके जीवन से सम्बन्धित परेशानियाँ और समाधान, स्वच्छता, बाल मज़दूरी, भ्रूण हत्या, आत्महत्या, नशाखोरी, गुंडागर्दी, भ्रष्टाचार, मानव तस्करी, बेरोज़गारी, अशिक्षा, ग़रीबी, वृद्धजनों से सम्बंधित मुद्दे, बलात्कार इत्यादि। ये सारे मुद्दे अब आम विषय बनकर चर्चित हो गए हैं। कोई भी औसतन शिक्षित व्यक्ति भी अब इन विषयों पर घंटों भाषण दे सकता है - बेहद उच्च स्तरीय शब्दों का प्रयोग करते हुए। भले ही अपने घर में उपरोक्त परेशानियों में से कोई एक से वो पीड़ित होकर रोज़ कलह करता होगा। परन्तु वैसा विमर्श घर में नहीं होता जैसा कि वो फ़ेसबुक मित्रों के साथ करता है।
हर दूसरा आदमी उपरोक्त में से किसी न किसी परेशानी से जूझ रहा है। अपनों के बीच जहाँ से ये समस्याएँ उपजती हैं और जिनके बीच रहकर वो जीवन जीता है अगर उनके साथ भी उतना ही हार्दिकता, आत्मीयता, सहयोगिता, व्यावहारिकता और आदर के साथ बातचीत करे तो कम से कम इन समस्याओं के होते हुए भी परिवारों में मानसिक शांति तो बरक़रार रहेगी। ये भी महसूस होगा कि सब एक दूसरे की परेशानियों को न सिर्फ़ समझते हैं बल्कि महसूस भी करते हैं और एक दूसरे के साथ हैं। किसी बड़ी समस्या का समाधान हो न हो पर उपरोक्त लिखी सामाजिक समस्याओं में "आत्महत्या" की समस्या ज़रूर कम की जा सकती है। आदमी जब स्वयं को अकेला जूझता पाता है, मानसिक रूप से वो प्रताड़ित होकर या किसी से सहयोग प्राप्ति की नाउम्मीदी के हालात उसे ऐसे क़दम उठाने पर विवश कर देते हैं। ये सिर्फ़ एक उदाहरण है। मुझे लगता है इन विषयों पर हम फ़ेसबुक मित्रों से अगर घंटों बात कर सकते हैं, अपने सुशिक्षित, जाग्रत होने का परिचय दे सकते हैं, हर आदमी के कमेन्ट्स को पढ़कर अपनी उदार प्रतिक्रिया दे सकते हैं तो अपने परिवार या आसपास के लोगों के साथ वास्तविक जीवन में भी ऐसे ही आत्मीय शब्दों का प्रयोग कर उनके दिल में भी जगह क्यों न बनायें। परिवार के सदस्यों के साथ भी सम्मानजनक तरीक़ा अपनाएँ उनके साथ बेरुख़ी और उबाऊपन से तो न पेश आयें। उन्हें ये न एहसास करवाएँ कि वे घर के हैं या आसपास ही रहते हैं, इसलिए उनके साथ बातचीत में ज़्यादा गहरे हार्दिक और आत्मीय शब्दों की आवश्यकता नहीं। जो अपेक्षा आप दूसरों से रखते हैं उसका निर्वहन पहले स्वयं करें और शुरुआत अपने घर से करें।
कभी एक प्रयोग करके देखें। घर में रहकर या घर के बाहर रहकर घर के किसी सदस्य, बच्चे, माता-पिता अगर संभव हो सके तो पत्नी के साथ भी, या पत्नी हैं तो पति के साथ घंटों फ़ेसबुक पर बातें करें, ट्विटर पर बात करें, उनको सुनें, ज़रूरत होने पर सलाह भी दें। ठीक वैसे ही जैसे विचार-विमर्श या परिचर्चा आप फ़ेसबुक मित्रों के साथ करते हैं। बच्चों के साथ ये प्रयोग काफ़ी कारगर साबित हो सकता है। कितना आनंद महसूस होगा शायद एक दूसरे के साथ! न सिर्फ़ एक दूसरे के प्रति आदर बढ़ेगा बल्कि आपसी समझ, पारदर्शिता, एक दूसरे के प्रति सहजता और प्रेम भी प्रगाढ़ होगा, शायद रिश्तों में नयापन महसूस होगा।
ये सत्य है वास्तविक जीवन में परेशानियों पर बात करते वक़्त हमारे शब्द और बातचीत करने का तरीक़ा और हमारा व्यवहार उस विषय को महत्वपूर्ण और गंभीरता से लेने पर विवश कर सकता है। लेकिन व्यवहार में आत्मीयता झलकनी चाहिए और विचारों में चिंतन। शब्दों की अभिव्यक्ति उसके अर्थ में जान डाल देती है अगर शिष्ट शब्दों का प्रयोग हो तो और भी अधिक सम्मानजनक बात है सिर्फ़ बाहर नहीं अपने दैनिक जीवन में परिवार के सदस्यों के बीच भी संवेदनशीलता और तर्क में उस साझेदारी का होना आवश्यक है जिसे हम अक्सर सिर्फ़ सोशल साईट्स पर ही बिखेरते हैं। हमारी प्रतिक्रिया ही हमें इस योग्य बनाती है कि लोग हमसे सलाह लें, अपनी परेशानियाँ हमसे बाँटें। लेकिन सिर्फ़ बाहर के लोग ही नहीं बल्कि अपनों के मन में भी यही सोच विकसित करें। हमारा संतुलित व्यवहार, सहयोगी प्रकृति और गहरी सोच ही हमें किसी परिचर्चा का हिस्सा बना सकती है और कभी-कभी किसी समस्या के समाधान का एक महत्वपूर्ण अंग भी। परन्तु ये प्रतिभा कौशल फ़ेसबुक या अन्य सोशल साईट्स पर लोकव्यवहार करते समय और वास्तविक जीवन में व्यवहार करते समय, दोनों ही पर लागू होना चाहिए। तभी आपकी प्रोफाइल वास्तविक है अन्यथा शब्दों की जादूगरी से लोगों को जोड़ना या उनसे जुड़ना हमारे नेता ओर मंत्रीगण आज उच्च पदों पर आसीन होकर कर ही रहे हैं।
इस बारे विचार करना भी उतना ही ज़रूरी है जितना किसी को फ्रेंड लिस्ट में एड करना, किसी के स्टेटस को लाइक करना, किसी को unfriend करना या किसी के स्टेटस पर प्रतिक्रिया देना। क्योंकि हम अपने जीवन का अनमोल समय कहाँ और क्यों दे रहे हैं, बहुत महत्व रखता है। समय बेशक़ीमती है सिर्फ़ व्यतीत करने के लिये तो बिलकुल भी नहीं है। फ़ेसबुक एक बहुत ही सशक्त माध्यम है समय के सदुपयोग का, बाहरी दुनियाँ को समझने का, भाँति-भाँति के लोगों के जीवन के विवध पहलुओं का आकलन, विश्लेषण कर अनुभव लेने का और निष्कर्ष तक पहुँचने का। ऐसे लोगों के बीच अपने विचारों का आदान-प्रदान करने का जिनसे हम अक्सर मिल नहीं पाते या अगर मिल भी लेते हैं तो अपने दूसरे महत्वपूर्ण उद्देश्यों की पूर्ति के लिए। हालाँकि उनसे सीखने के लिए बहुत कुछ होता है, या जो हमारे पास है उसे बाँटने के साथ- साथ उसमें पॉलिशिंग या सुधार करने को बहुत कुछ होता है। ये लोग कोई भी हो सकते हैं - आपके मित्र, शिक्षक, परिजन या कोई बड़ा अधिकारी वर्ग या कभी-कभी फ्रेंड्स ऑफ़ फ्रेंड भी। सबसे महत्पूर्ण है कि ये हमारे घर के सदस्य भी हो सकते हैं। इसलिए शब्दों का सही चयन सिर्फ़ सोशल साईट्स पर ही नहीं, बल्कि अपने व्यक्तिगत जीवन में अपने या अपनों के बीच प्रत्यक्ष संवाद में भी करें। वास्तविकता से जुड़े शब्दों को अपनायें, जिन्हें हम अपनी नित्य प्रति की जीवन शैली से भी जोड़ सकें। अगर आप श्रेष्ठ हैं तो उसे बाहर यथार्थ के धरातल पर लायें। सिर्फ़ लोगों को प्रभावित करने के लिए आत्मीय, व्यावहारिक होकर विमर्श तो कतई न करें, जब आप अपने वास्तविक जीवन में उन परेशानियों और मुद्दों से स्वयं जूझ रहे हों। सलाह उसी बात की दें जिस पर आप स्वयं अमल कर चल सकें। मेरा ऐसा मानना है कि ज़मीन की लड़ाई लड़ें, सिर्फ़ शब्दों की नहीं। साथ ही शब्दों का चयन बड़ी सतर्कता से करें सोशल साईट्स हो या फिर वास्तविक जीवन।
|
प्रेमचन्द और हिंदी
प्रेमचन्द और हिंदी
प्रेमचन्द उर्दू का संस्कार लेकर हिन्दी में आए थे और हिन्दी के महान लेखक बने। हिन्दी को अपना खास मुहावरा और खुलापन दिया। कहानी और उपन्यास दोनो में युगान्तरकारी परिवर्तन पैदा किए। उन्होने साहित्य में सामयिकता प्रबल आग्रह स्थापित किया। प्रेमचंद से पहले हिंदी साहित्य राजा-रानी के किस्सों, रहस्य-रोमांच में उलझा हुआ था। प्रेमचंद ने साहित्य को सच्चाई के धरातल पर उतारा।
सोमवार, 4 अप्रैल 2016
समय....
>समय लाभ सम लाभ नहिं, समय चूक सम चूक
चतुरन चित रहिमन लगी, समय चूक की हूक
कविवर रहीम कहते हैं कि समय ही लाभ है तथा समय ही हानि भी है। चतुर लोग समय का लाभ उठा लेते हैं और अगर चूक जाते हैं तो उनके मन में त्रास हमेशा ही बना रहता है।
चतुरन चित रहिमन लगी, समय चूक की हूक
कविवर रहीम कहते हैं कि समय ही लाभ है तथा समय ही हानि भी है। चतुर लोग समय का लाभ उठा लेते हैं और अगर चूक जाते हैं तो उनके मन में त्रास हमेशा ही बना रहता है।
समय पाय फल होत है, समय पाय झरि जात
सदा रहै नहीं एक सी, का रहीम पछतात
सदा रहै नहीं एक सी, का रहीम पछतात
कविवर रहीम कहते हैं कि समय के अनुसार अपने निश्चित समय पर ही पेड़ पर फल लगता है और समय के अनुसार ही झड़ जाता है। समय कभी एक जैसा नहीं रहता इसलिये कभी अपने बुरे समय को देखकर परेशान नहीं होना चाहिये।
वतंमान संदर्भ में संपादकीय व्याख्या-समय चक्र घूमता रहता है और मनुष्य की जीवन धारा भी उसी के अनुसार बहती जाती है। अपने जीवन से असंतुष्ट लोग अक्सर कहते हैं कि ‘मैंने अमुक की बात मान ली होती तो आज मैं कुछ और होता‘,या मैंने अमुक काम किया होता तो धनाढ्य होता‘। समय और सृष्टि का यह नियम होता है कि एक बार आदमी को इस संसार में उपलब्धि प्राप्त कराने के लिये अवसर अवश्य आता है बस उसे पहचान कर उसका उपयोग करने की बुद्धि होना चाहिए। कई लोग जो दूसरों की बुद्धि के अनुसार चलने के आदी हैं वह ऐसी शिकायतें करते हैं हमने अमुक की बात मानकर गलती की थी। यह सब अपनी गलतियां और बौद्धिक आलस्य की कमी छिपाने का बहाना है। जो लोग अपने कर्तव्य पथ पर चलने के लिये दृढ़संकल्पित होते हैं वह बिना किसी की परवाह किये चलते जाते हैं और अपने लक्ष्य का चरम शिखर प्राप्त करते हैं।
समय का पहिया ऊपर नीचे घूमता है और राजा हो या रंक उसके लिये अच्छा बुरा समय आता रहता है। ज्ञानी लोग इस रहस्य को जानते हैं और इसलिये विचलित नहीं होते।
—————————————
समय का पहिया ऊपर नीचे घूमता है और राजा हो या रंक उसके लिये अच्छा बुरा समय आता रहता है। ज्ञानी लोग इस रहस्य को जानते हैं और इसलिये विचलित नहीं होते।
—————————————
शुक्रवार, 12 फ़रवरी 2016
देवनागरी लिपि
| देवनागरी एक लिपि है जिसमें अनेक भारतीय भाषाएँ तथा कुछ विदेशी भाषाएं लिखीं जाती हैं। संस्कृत, पालि, हिन्दी, मराठी, कोंकणी, सिन्धी, कश्मीरी, नेपाली, तामाङ भाषा, गढ़वाली, बोडो, अंगिका, मगही, भोजपुरी, मैथिली, संथाली आदि भाषाएँ देवनागरी में लिखी जाती हैं। इसके अतिरिक्त कुछ स्थितियों में गुजराती, पंजाबी, बिष्णुपुरिया मणिपुरी, रोमानी और उर्दू भाषाएं भी देवनागरी में लिखी जाती हैं। |
| अधितकतर भाषाओं की तरह देवनागरी भी बायें से दायें लिखी जाती है। प्रत्येक शब्द के ऊपर एक रेखा खिंची होती है (कुछ वर्णों के ऊपर रेखा नहीं होती है)इसे शिरोरे़खा कहते हैं। इसका विकास ब्राह्मी लिपि से हुआ है। यह एक ध्वन्यात्मक लिपि है जो प्रचलित लिपियों (रोमन, अरबी, चीनी आदि) में सबसे अधिक वैज्ञानिक है। इससे वैज्ञानिक और व्यापक लिपि शायद केवल आइपीए लिपि है। भारत की कई लिपियाँ देवनागरी से बहुत अधिक मिलती-जुलती हैं, जैसे- बांग्ला, गुजराती, गुरुमुखी आदि। कम्प्यूटर प्रोग्रामों की सहायता से भारतीय लिपियों को परस्पर परिवर्तन बहुत आसान हो गया है। |
| भारतीय भाषाओं के किसी भी शब्द या ध्वनि को देवनागरी लिपि में ज्यों का त्यों लिखा जा सकता है और फिर लिखे पाठ को लगभग ‘हू-ब-हू’ उच्चारण किया जा सकता है, जो कि रोमन लिपि और अन्य कई लिपियों में सम्भव नहीं है, जब तक कि उनका कोई ख़ास मानकीकरण न किया जाये, जैसे आइट्रांस या आइएएसटी। |
| इसमें कुल ५२ अक्षर हैं, जिसमें १४ स्वर और ३८ व्यंजन हैं। अक्षरों की क्रम व्यवस्था (विन्यास) भी बहुत ही वैज्ञानिक है। स्वर-व्यंजन, कोमल-कठोर, अल्पप्राण-महाप्राण, अनुनासिक्य-अन्तस्थ-उष्म इत्यादि वर्गीकरण भी वैज्ञानिक हैं। एक मत के अनुसार देवनगर (काशी) मे प्रचलन के कारण इसका नाम देवनागरी पड़ा। |
| भारत तथा एशिया की अनेक लिपियों के संकेत देवनागरी से अलग हैं (उर्दू को छोडकर), पर उच्चारण व वर्ण-क्रम आदि देवनागरी के ही समान हैं — क्योंकि वो सभी ब्राह्मी लिपि से उत्पन्न हुई हैं। इसलिए इन लिपियों को परस्पर आसानी से लिप्यन्तरित किया जा सकता है। देवनागरी लेखन की दृष्टि से सरल, सौन्दर्य की दृष्टि से सुन्दर और वाचन की दृष्टि से सुपाठ्य है। |
| १) वर्तमान में संस्कृत ,पाली , हिन्दी , मराठी , कोंकणी , सिन्धी, काश्मीरी , नेपाली , बोडो , मैथिली आदि भाषाऒं की लिपि है । |
| २) उर्दू के अनेक साहित्यकार भी उर्दू लिखने के लिए अब देवनागरी लिपि का प्रयोग कर रहे हैं । |
| ३) इसका विकास ब्राम्ही लिपि से हुआ है । |
| ४) यह एक ध्वन्यात्मक ( फोनेटिक या फोनेमिक ) लिपि है जो प्रचलित लिपियों ( रोमन , अरबी , चीनी आदि ) में सबसे अधिक वैज्ञानिक है । |
| ५) इसमे कुल ५२ अक्षर हैं , जिसमें १४ स्वर और ३८ व्यंजन हैं । |
| ६) अक्षरों की क्रम व्यवस्था ( विन्यास ) भी बहुत ही वैज्ञानिक है । स्वर-व्यंजन , कोमल-कठोर, अल्पप्राण-महाप्राण , अनुनासिक्य-अन्तस्थ-उष्म इत्यादि वर्गीकरण भी वैज्ञानिक हैं । |
| ७) एक मत के अनुसार देवनगर ( काशी ) मे प्रचलन के कारण इसका नाम देवनागरी पडा । |
| ८) इस लिपि में विश्व की समस्त भाषाओं की ध्वनिओं को व्यक्त करने की क्षमता है । यही वह लिपि है जिसमे संसार की किसी भी भाषा को रूपान्तरित किया जा सकता है । |
| ९) इसकी वैज्ञानिकता आश्चर्यचकित कर देती है । |
| १०) भारत तथा एशिया की अनेक लिपियों के संकेत देवनागरी से अलग हैं ( उर्दू को छोडकर), पर उच्चारण व वर्ण-क्रम आदि देवनागरी के ही समान है । इसलिए इन लिपियों को परस्पर आसानी से लिप्यन्तरित किया जा सकता है । |
| ११) यह बायें से दायें की तरफ़ लिखी जाती है । |
| १२) देवनागरी लेखन की दृष्टि से सरल , सौन्दर्य की दृष्टि से सुन्दर और वाचन की दृष्टि से सुपाठ्य है । |
| देवनागरी लिपि के अनन्य गुण |
| १) एक ध्वनि : एक सांकेतिक चिन्ह |
| २) एक सांकेतिक चिन्ह : एक ध्वनि |
| ३) स्वर और व्यंजन में तर्कसंगत एवं वैज्ञानिक क्रम-विन्यास |
| ४) वर्णों की पूर्णता एवं सम्पन्नता ( ५२ वर्ण , न बहुत अधिक न बहुत कम ) |
| ५) उच्चार और लेखन में एकरुपता |
| ६) उच्चारण स्पष्टता ( कहीं कोइ संदेह नही ) |
| ७) लेखन और मुद्रण मे एकरूपता ( रोमन , अरबी और फ़ारसी मे हस्त्लिखित और मुद्रित रूप अलग-अलग हैं ) |
| ८) देवनागरी लिपि सर्वाधिक ध्वनि चिन्हों को व्यक्त करती है । |
| ९) लिपि चिन्हों के नाम और ध्वनि मे कोई अन्तर नहीं ( जैसे रोमन में अक्षर का नाम “बी” है और ध्वनि “ब” है ) |
| १०) मात्राओं का प्रयोग |
| ११) अर्ध अक्षर के रूप की सुगमता |
| देवनागरी पर महापुरुषों के विचार |
| १) हिन्दुस्तान की एकता के लिये हिन्दी भाषा जितना काम देगी , उससे बहुत अधिक काम देवनागरी लिपि दे सकती है । – आचार्य विनबा भावे |
| २) देवनागरी किसी भी लिपि की तुलना में अधिक वैज्ञानिक एवं व्यवस्थित लिपि है । – सर विलियम जोन्स |
| ३) मनव मस्तिष्क से निकली हुई वर्णमालाओं में नागरी सबसे अधिक पूर्ण वर्णमाला है । – जान क्राइस्ट |
| ४) उर्दू लिखने के लिये देवनागरी अपनाने से उर्दू उत्कर्ष को प्राप्त होगी । – खुशवन्त सिंह |
मिथक और साहित्य में महिलाएँ ....
सीता के मिथक का विकास : मिथक और साहित्य में महिलाएँ - एक अध्ययन
उमा चक्रवर्ती
अनुवाद - अवंतिका शुक्ल
उमा चक्रवर्ती
अनुवाद - अवंतिका शुक्ल
भारत के पारंपरिक शास्त्रीय साहित्य के स्त्री अस्मिता संबंधी मिथकों
के क्रम में मुख्यतः स्त्री और पुरुष के संबंध पति पत्नी के रुप में
केंद्रित किए गए हैं। भारत में जहाँ ''अच्छी स्त्री'' अच्छी पत्नी की
पर्यायवाची है, वहाँ स्त्रियोचित पहचान के निर्माण में मिथक काफी
प्रासंगिक हो जाते हैं।1 यह स्त्रियों से संबंधित सर्वाधिक
लोकप्रिय और जाने माने मिथकों में झलकता है, उदाहरण के लिए सावित्री और
सत्यवान की कहानी, नल और दमयंती और सबसे ऊपर राम और सीता के आख्यान में।
अन्य भी जैसे द्रौपदी, गांधारी, अरुंधती और यहाँ तक कि अहिल्या भी अपने
पतियों के संदर्भ में ही देखी गईं। अतः शास्त्रीय पौराणिक कथाओं में इस
नमूने की जबरदस्त प्रबलता रही, जिसमें माँ और बच्चे के संबंधों के रूपक
मुश्किल से ही आ पाए बावजूद इसके कि भारत में मातृत्व स्त्रीत्व पहचान
के लिए महत्वपूर्ण कारक माना जाता है।2 माँ और बच्चे के संबंध
का क्लासिकल मिथकों में केवल एक ही प्रसिद्ध उदाहरण हमें मिलता है, वो है
कृष्ण और यशोदा का प्रसंग, जो कि भारत के संगीत, नाटक और साहित्य में
बेहद लोकप्रिय रहा। फिर भी माँ की जगह कृष्ण ही केंद्रबिंदु रहे। कर्ण और
कुंती की दंतकथा माँ और बेटे का एक और आरंभिक प्रसंग है। लेकिन वास्तव में
यह कभी विकसित नहीं हुआ और महाभारत के घटनाक्रम में ये काफी गौण और
गैरजरूरी वृत्तांत के रुप में रहे। माँओं और बेटियों के बारे में कोई भी
प्रभावकारी मिथक नहीं है, और परिणामस्वरूप एक ऐसी स्त्रियोचित पहचान बनी,
जिसमें किसी भी स्त्री के लिए उसकी सर्वोत्कृष्ट अभिलाषा अपने पति की
ईश्वर के समान सेवा करना और पतिव्रता बने रहना था। प्रमुख मिथकों ने
दृढ़ता के साथ इस संदेश को संप्रेषित किया कि महिलाओं को पवित्र और
निष्ठावान होना चाहिए और यदि वे पर्याप्त मात्रा में ये विशेषताएँ अपने
भीतर रखती हैं, तो उनका ये सदाचार हर मुसीबत में उनकी रक्षा करेगा।
पतिव्रता पत्नी का यह प्रशंसनीय समर्पण उसके भीतर एक शक्ति उत्पन्न करता
है, जो उसके पति को काल के गाल से भी निकाल सकता है या वह सूर्य की खगोलीय
परिक्रमा को भी रोक सकता है। 3 इसका प्रमाण दमयंती की कहानी है
जो कि पाँच एक जैसे पुरुषों में से अपने भावी पति नल को पहचान लेती है।
ऐसे ही सावित्री के सदाचार और त्याग ने सिद्ध किया कि वह अपनी इच्छा से
पति के पीछे-पीछे मृत्युलोक तक जा सकती है और अंत में उसके पति सत्यवान
का जीवन दोबारा लौटा कर उसे सम्मानित किया गया। पतिव्रता की खास शक्ति और
पत्नी के समर्पण के दूसरे प्रभावशाली उदाहरणों में अरुंधती का प्रंसग भी
है। उसके पातिव्रत्य के आधार पर उसके भीतर की पवित्र शक्ति के कारण उसने
सतीत्व को नष्ट करने वालों को छोटे बच्चों में बदल दिया और अपने आप को
दूषित होने से बचाया। केवल बेचारी अहिल्या इंद्र देव द्वारा किए घृणित छल
को नहीं पहचान पाई जिसने उसके सतीत्व को नष्ट करने के लिए उसके पति का
रूप धारण कर लिया। अरुंधती के समान वस्तुतः अहिल्या पर्याप्त पवित्र
नहीं थी, अतः वह अपने पति और अपने पति का रूप धारण किए व्यक्ति के बीच
अंतर को नहीं समझ पाई। अहिल्या की कहानी खास तौर पर महत्वपूर्ण है
क्योंकि कथा के अनुसार उसे पत्थर में बदल जाने की सजा मिली यद्यपि वह
स्वयं शारीरिक अत्याचार की बड़ी शिकार थी। दूसरी ओर इस उदाहरण के खलनायक
ने दूसरे देवताओं को अपनी और मिलाकर उनकी सहायता से गौतम ऋषि के श्राप को
महत्वहीन कर दिया। और आसानी से अपना पिंड छुड़ा लिया। यह आख्यान समकालीन
भारत में बलात्कार को लेकर वास्तविक स्थिति के समानांतर ही है। पवित्रता
के प्रसंग पर इतनी सनक की एक व्याख्या ये हो सकती है कि अहिल्या की
कहानी का उदाहरण हमें बताता है कि पौराणिक और शास्त्रीय पाठ पुरुषों के
संरक्षित क्षेत्र हैं और इन मिथकों और पाठों के माध्यम से वे वैसी आदर्श
स्त्री की रूढ़िवादी छवि को प्रदर्शित करते हैं, जैसे वे उसे (स्त्री को)
देखते हैं।
प्राचीन भारतीय साहित्य के दो प्रमुख ग्रंथ महाभारत और रामायण में
महिलाओं के कई चित्रण हैं, और खासतौर पर महाभारत की महिलाएँ रामायण की
रूढ़िबद्ध (घिसी-पिटी) छवि की महिलाओं से ज्यादा जटिल और ज्यादा रोचक हैं।
कुंती और द्रौपदी मजबूत महिलाएँ हैं, जिनके व्यक्तित्व के कई पहलू हैं।
आगे महाभारत की महिलाएँ ना पतिव्रता हैं, ना ही दब्बू। कुंती अपने विवाह
से बाहर सूर्य, यम, वायु और इंद्र के माध्यम से पुत्रों को जन्म देती है,
महाभारत आख्यान के आरंभिक भाग में वंश अधिकांशतः नियोग प्रथा द्वारा ही
विस्तार पाता है। फिर भी ये जानकारी हो कि नियोग स्वीकार्य था, पर अवैध
संबंध नहीं, इसीलिए जायज पति की प्राप्ति से पहले प्राप्त हुए पुत्र कर्ण
को कुंती को त्यागना पड़ा। आगे जब तक कर्ण मर नहीं गया तब तक कुंती उसकी
पहचान को खोल नहीं सकी, यहाँ तक कि अपने पुत्रों के सामने भी। कथानक बताता
है कि वास्तव में कुंती ने अपने जायज पुत्रों के हितों की रक्षा के लिए
कर्ण का बलिदान कर दिया। द्रौपदी की दंतकथा भी काफी महत्वपूर्ण है। यह एक
पुरुष के प्रति निष्ठा, जो कि शास्त्रीय पंरपराओं में महिलाओं के
आदर्शीकरण का प्रधान पक्ष है, की छवि से बिल्कुल विपरीत है। द्रौपदी की
कथा मुख्यतः दिखाती है कि भारतीय समाज के प्रारंभिक चरण में भातृ बहुपति
प्रथा सामान्य थी।4 जो भी हो, कुंती और द्रौपदी दोनों ही की
कहानियाँ महाभारत को चमक प्रदान करती हैं। यह खासतौर पर द्रौपदी की विचित्र
वैवाहिक व्यवस्था के लिए सत्य है जो कि पांडवों द्वारा दिए वचन कि
पाँचों भाई हर वस्तु बाँटेंगे के अनोखे परिणामस्वरूप बनी।कुंती और द्रौपदी शास्त्रीय पाठों में स्त्री की महत्वपूर्ण छवियाँ हैं क्योंकि इन्होंने अपने पुरुषों के साथ एक गतिशील भूमिका अदा की और बहुधा पांडवों को कौरवों के विरोध में युद्ध करने के लिए शब्दों के माध्यम से प्रेरित किया। द्रौपदी चुप नहीं बैठी बल्कि अपने अपमान के दंडस्वरूप पांडवों की भर्त्सना की। कौरवों की सभा में जब उस पर अपना हक जमाने के लिए उसे खींच कर लाया गया, तब भी वह निर्भीक ही रही, उसने राज सभा में बैठे सभी वरिष्ठों से गुलाम की कानूनी स्थिति के बारे में पूछा कि जब युधिष्ठिर उसे दाँव पर लगाने से पहले स्वयं को ही हार चुके हैं, तो वह पहले से ही उस पर अधिकार खो चुके हैं। फिर वह बहस करती है कि उसे दाँव पर लगाना गैरकानूनी है। कौरवों के द्वारा अपमानित होने के बाद वह पांडवों को अधीनता से मुक्त करने की व्यवस्था करती है, और पांडवों को अपनी अवमानना और अपमान के बदले को लगातार याद दिलाए रखने के लिए अपने बालों को कभी नहीं बाँधती।
महाभारत में महिलाएँ जिस छवि के साथ प्रस्तुत होती हैं, उसमें वे एक द्वितीयक छवि में ही रही और महाभारत की महिलाओं के तेज और सक्रियता के बावजूद उनमें से कोई भी आदर्श भारतीय महिला नहीं बन पाई। इस सत्यता के साथ इसे व्याख्यायित किया जा सकता है कि महाभारत का निर्माण संपूर्णता में नहीं हुआ, जबकि दूसरी ओर रामायण में सीता के रूप में भारतीय स्त्री की छवि का निर्माण पूरे महाकाव्य में शुरू से आखिरी तक किया गया है। रामायण की कथावस्तु और विषयवस्तु संबंधी निरंतरता के कारण यह पति पत्नी के संबंध में एक बड़ी विचारधारात्मक शक्ति है। यह भी कहा जा सकता है कि रामायण की पूरी संरचना वास्तव में एक सचेत प्रक्रिया के तहत बुनी गई है जिसमें पवित्र और सहनशील महिला की प्रभावकारी रूढ़िवादी छवि निर्मिति की जा सके, जो कि सीता का मिथक प्रस्तुत करता है। हिंदू समाज में स्त्री पुरुष दोनों के लिए आदर्श महिला को पारंपरिक रूप से सीता ने ही मानकीकृत किया, जिसने रामायण में पत्नी के त्याग के सारतत्व का वर्णन किया।6 कोई व्यक्ति बचपन से ही धार्मिक और गैर धार्मिक अवसरों पर ना जाने कितनी बार सीता की दंतकथा को सुनता है, और आदर्श स्त्री सुलभ पहचान जो कि सीता द्वारा संकेत में प्रकट किए हर दिन के रूपकों और उपमाओं को जो कि उनके के नाम से जुड़े हैं को अपने भीतर समाहित करता है। जब यह अपने पूरे रुप में विकसित होता है, तो सीता का मिथक सतीत्व, पवित्रता और एकनिष्ठ विश्वसनीयता को प्रदर्शित करता है, जो राम के थोड़ी या संपूर्ण अस्वीकृति के बाद भी नष्ट नहीं होता।
एक ऐतिहासिक परिदृश्य में सीता की दंतकथा के विकास का विश्लेषण सतीत्व के महत्व और इस धारणा को उद्घघाटित करता है कि आदर्श विवाह का आधार पत्नी का समर्पण ही हो सकता है, ये इस साधारण कथा के कुछ पहलू है, जो इससे जुड़े हैं। शताब्दियों बाद भी, कहानी में जो जरूरी जानकारियाँ जोड़ी गई हैं, उनका एक ठोस प्रभाव स्त्री सुलभ पहचान को आकार देने में है। यदि हम इस विकास को ऐतिहासिक परिदृश्य से जोड़कर देखें, या सामाजिक या सांस्कृतिक उत्पत्ति जिसमें के कथानक अपना रूप बदलते है, हम इस सचेत प्रक्रिया के भीतर एक अंर्तदृष्टि पा सकते है, जिसमें कि स्त्री सुलभ पहचान को प्रशिक्षित किया जाता है।
रामायण का सबसे प्राचीन वर्णन दशरथ जातक में मिलता है और महाभारत के शांतिपर्व में राम के बारे में एक साधारण कथा है। महाभारत के इस वर्णन के अनुसार राम एक महान संन्यासी के रूप में वर्णित हैं जो 14 वर्षों तक जंगल में रहे। इसमें उनके पिता, भाइयों और यहाँ तक कि उनकी पत्नी सीता तक का कोई जिक्र नहीं है। उसके बाद राम ने दस हजार वर्षों तक अयोध्या पर शासन किया।9 दशरथ जातक में राम की कहानी बहुत विस्तृत है पर यह महाभारत के प्रारंभिक वर्णन के अनुरूप ही है। दशरथ जातक में राम, सीता और लक्ष्मण का वर्णन दशरथ की बड़ी पत्नी के बच्चों के रूप में किया गया है। उनकी छोटी पत्नी ने माँग रखी कि उसके बेटे भरत कुमार को राजा बनाया जाएा। तबसे दशरथ अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हो गए और उन्हें घरेलू षड्यंत्रों से बचाने के लिए 12 वर्षों के लिए बाहर भेज दिया। कुछ समय बाद राजा दशरथ की मृत्यु हो गई लेकिन भरत ने सिंहासन का उत्तराधिकारी बनने से इनकार कर दिया और राम को वापस लाने उनकी कुटिया की ओर चल पड़े। राम ने नियत समय से पूर्व आने से इनकार कर दिया पर सीता और लक्ष्मण से लौट जाने को कहा। छठी शती इसवीं की गद्य-टीका 'जातक अथकवन्न' में हमें कुछ और तथ्य मिलते हैं जिसके अनुसार भरत के आग्रह पर राम ने अपनी चरण पादुकाएँ उन्हें दे दी जो उनके वापस आने तक सिंहासन पर उनका प्रतिनिधित्व करेंगी। नियत अवधि पूरी होने पर राम वापस आए और राजसिंहासन पर बैठे तथा सीता उनकी प्रमुख रानी बनीं।10 मुख्यतः यह कहानी निर्वासन की प्रतिज्ञा, जंगल में तपस्या द्वारा प्रतिज्ञा पूरा करना, घर वापस आना और राजत्व स्वीकार करने की कहानी है। सुकुमार सेन के अनुसार राम के मिथक का यह प्राचीनतम रूप है। महाभारत के शांतिपर्व का वर्णन इससे जुड़ा हो सकता है। वह सुझाव देते हैं कि यह वर्णन ''रामायण का बीज रूप'' है।11 आगे सेन एक दूसरे मिथक के अस्तित्व का संकेत करते हैं जिसे वे रावण मिथक कहते हैं और उनके अनुसार यह मूल रूप में राम की दंतकथा से नहीं जुड़ा था। रावण मिथक का प्राचीनतम रूप हमें जातक के चीनी अनुवाद में उपलब्ध होता है जिसका समय 251 ईसवी है। इसका नायक एक राजा है जो बोधिसत्व था और अपने चाचा द्वारा राज्य से बेदखल कर दिया गया। वह अपनी पत्नी के साथ पहाड़ों पर जाने के लिए विवश कर दिया गया था, वहाँ उसने एक तपस्वी का शांत जीवन जिया। एक दिन एक समुद्री-दानव तपस्वी के रूप में आया और बोधिसत्व की पत्नी को उठाकर ले गया। बोधिसत्व ने वानरों की सेना के राजा को अपना दोस्त बनाया और वानरों की मदद से उसने अपनी पत्नी को मुक्त कराया। पत्नी ने अपनी पवित्रता को सिद्ध किया और पत्नी-पति एक हो गए। 12 सेन तर्क देते हैं कि दो भिन्न मिथको के योग से वाल्मीकि रामायण की मूल कथा विकसित हुई।13
वाल्मीकि रामायण से ही राम की संपूर्ण दंतकथा का विस्तार हुआ। इसमें राम की पुरानी गाथा और रावण के मिथक से ग्रहण कर एक महान महाकाव्य का सृजन किया गया जिसमें राम के भीतर पुरुष नायकत्व, शौर्य और सम्मान तथा सीता के भीतर नारी सुलभ आत्म-त्याग, सदाचार, पतिव्रता और पवित्रता पर बल दिया गया। वाल्मीकि रामायण से सीता की नव-उत्पन्न छवि के विश्लेषण से सूचना मिलती है कि यह पाठ इन दो धारणाओं के प्रसार का प्रमुख माध्यम बना कि स्त्रियाँ पुरुषों की संपत्ति हैं और स्त्रियों की यौन-वफादारी उनके जीवन का महान सद्गुण है।14 जैसा हमने देखा है कि प्राचीनतम वर्णन में सीता का अपहरण नहीं हुआ था और वह पीड़ित स्त्री चरित्र भी नहीं थी जिसे अपनी पवित्रता सिद्ध करनी पड़ी हो। मूलकथा के वाल्मीकि रामायण के रूप में विस्तार के परिणामस्वरूप कहानी तीन घटनाओं पर घूमती रही जिसमें से प्रत्येक ने स्त्री को रूढ़िबद्ध बनाकर कलंकित किया। पहली घटना है - राम के निर्वासन की कैकेयी की माँग; दूसरी है - शूपर्णखा का राम से प्रणय-निवेदन, उनके हाथों उसका अस्वीकार और तत्पश्चात् लक्ष्मण द्वारा उसका अंग-भंग करना; और तीसरी है - सीता द्वारा हिरन की माँग और लक्ष्मण द्वारा उन्हें कुटिया में छोड़कर जाने में अनिच्छा दिखाने पर सीता द्वारा अनुचित दोषारोपन करना। अंतिम घटना का परिणाम यह हुआ कि सीता असुरक्षित छूट गईं जिससें उनका अपहरण हो गया। वास्तव में वाल्मीकि रामायण की कहानी प्रतिपादित करती है कि जीवन सुखद ढंग से चल सकता है पर स्त्रियों के दुर्गुण या चंचल स्वभाव के कारण यह नहीं हो पाता। इसके अतिरिक्त, रामायण कैकयी और शूपर्णखा जैसी महत्वाकांक्षी और पहल करनेवाली स्त्रियों को बुरी और घृणित बताकर स्त्रियों को नकारात्मक छवि भी प्रदान करता है।
वाल्मीकि रामायण में स्त्रीत्व के निरूपण का एक महत्वपूर्ण पहलू यह है कि यह आदिवासी समाज की स्त्री के विपरीत स्त्रियों की छवि के आर्य आद्यरूप का विकास है। इसका संबंध वाल्मीकि द्वारा समाजों के आर्थिक और सांस्कृतिक विकास के विभिन्न स्तरों के निरूपण से है - जैसे आर्यों या नरों के विरुद्ध राक्षसों और वानरों का निरूपण। राक्षस और वानर आर्थिक विकास की निम्न अवस्था में हैं परंतु उनकी स्त्रियाँ शक्तिशाली स्वतंत्र व्यक्तित्ववाली प्रतीत होती हैं, जबकि अयोध्या के समाज में स्त्रियाँ कारुणिक रूप से पुरुषों के अधीन प्रदर्शित होती हैं।15
राक्षसों और वानरों को वाल्मीकि रामायण में कृषि-पूर्व अवस्था में दिखाया गया है। वानर जंगल की भूमि और पर्वतों पर अपना अधिकार कर लेते हैं और यहाँ तक कि लंका में भी कृषि कर्म के कोई स्पष्ट प्रमाण नहीं मिलते। वानरों के बीच समूह विवाह के प्रमाण मिलते है; बाली और सुग्रीव का विवाह क्रमशः तारा और रूमा से हुआ है, पर वे अलग अलग समय में दोनों स्त्रियों के साथ साझा करते हैं।16 यहाँ पवित्रता की कोई नैतिक वर्जना नहीं प्रतीत होती जो स्त्रियों को पुरुषों के अधीन बनाने में प्रयुक्त होती रही है। अंजना ने वायु के द्वारा हनुमान को गर्भ में धारण किया जबकि उनके पति केसरी जीवित थे। बाली द्वारा रूमा के अपहरण के बावजूद सुग्रीव ने बिना शर्त रूमा को वापस अपनाया। यह राम द्वारा सीता को पुनः अपनाने की कठोर शर्तों से बिल्कुल विपरीत है। यह कहा गया है कि सीता के साथ राम के व्यवहार की कठोरता यौन नैतिकता की कठोर संहिता की ओर गति को प्रतिबिंबित करता है जिसका रामायण प्रतीक है।17
लंका संक्रमण से गुजर रहा समाज प्रतीत होता है। वह मातृवंशीय समाज से पितृवंशीय समाज की ओर बढ़ रहा है। यद्यपि वंश का पता पिता से चलता है पर लंका में स्त्रियों की सापेक्ष महत्ता और स्वतंत्रता दर्शाती है कि उनकी भूमिका अभी भी शक्तिशाली है। शूपर्णखा अयोध्या की रानी से अधिक वैयक्तिकता प्रदर्शित करती है और जंगल में स्वच्छंदता से घूमती है। यह केवल राक्षसों के मातृवंशीय स्वभाव के कारण ही था। रावण और उसके तीन भाइयों को राक्षसों के रूप में ही पहचाना जाता है क्योंकि उस की माँ कैकसी एक राक्षसी थी जबकि उनके पिता पुलत्स्य थे। राक्षसों में भाई-बहन संबंध की मजबूती की प्रतीति शूर्पणखा द्वारा अपने भाइयों से अपने अपमानित करने वाले अंग भंग के प्रतिशोध के आह्वान से होती है। दूसरी तरफ सीता एकदम अकेली हैं और उनके अपमान में उनके साथ कोई नहीं हैं। उनकी शरणस्थली के रूप में तपस्वी का आश्रय वर्णित है। समग्रतः आर्यों के विकसित समाज और आदिवासियों के अविकसित समाज के बीच भेद यह संकेत करता है कि आर्थिक विकास और स्त्रियों की दशा के बीच विलोम संबंध है : समाज की उच्चतर आर्थिक विकास की दशा में स्त्रियों की स्थिति निम्नतर होती है।
दशरथ जातक और वाल्मीकि रामायण में राम के आख्यान में बड़ा अंतर परिवार संस्था के एक महत्वपूर्ण पहलू की ओर इंगित करता है। मॉर्गन के अनुसार परिवार संस्था के प्रारंभिक रूप सगोत्रीय परिवार थे, जहाँ एक ही पीढ़ी के स्त्री-पुरुष भाई-बहन से निरपेक्ष स्वाभाविक रूप से पति-पत्नी होते थे।18 यह दशरथ जातक के वर्णन में मिथक के बीज रूप में प्रतिबिंबित हो सकता है जहाँ राम और सीता भाई और बहन हैं और सीता राम की मुख्य पत्नी भी हैं। यह ऐसे समाज को प्रतिबिंबित करता है जिसमें पुरुष स्त्रियों से उत्तराधिकार प्राप्त करते हैं। दूसरी ओर वाल्मीकि द्वारा वर्णित अयोध्या का समाज विवाह के परवर्ती चरण का वर्णन करता है जिसका उद्देश्य पिता की संपत्ति के स्वाभाविक उत्तराधिकार के लिए अविवादित पित़ृत्व वाले संतानों का प्रजनन करना है। पवित्रता और एक पुरुष के प्रति एकनिष्ठता पर बल देना ही सीता की दंतकथा का मूल कारण रहा है।
मूल वाल्मीकि रामायण में उत्तर कांड नहीं मिलता,19 उत्तरकांड ने राम कथा को नया मोड़ दिया जिसमें सीता का परित्याग, उनके दो जुड़वा बच्चों का जन्म; अश्वमेध यज्ञ की तैयारी और लव और कुश की राम के पुत्रों के रूप में खोज; और अंत में सीता को बिना अग्निपरीक्षा के दूसरी बार स्वीकार करने में राम का संकोच है। आख्यान का अंत सीता द्वारा धरती माता से अपनी निरंतर अपमान से बचाव और अपनी पवित्रता और सतीत्व का निर्णायक रूप से सिद्ध करने की कारुणिक अभ्यर्थना से होता है। उसके बाद धरती फट जाती है और सीता उसमें समाहित हो जाती हैं। पवित्रता और पतिव्रत विषयक कथा की निरंतरता सीता के अपमान और यातना के साथ जुड़ जाती है। वैसे वाल्मीकि रामायण में यह विषयवस्तु पहले से ही मौजूद थी। इस विषयवस्तु के विकास में, रघुवंश और उत्तरकांड ने स्त्री की छवि में एक महत्वपूर्ण आयाम जोडा, स्त्री के साथ जब भी अन्याय होता है, वह उसका प्रतिकार नहीं करती है बल्कि अपनी यंत्रणा का अंत आत्मघाती कृत्य से करती है।
हाल ही में यह बताया गया है कि अपने बच्चों की वैधता को अखंड और अंतिम रूप से सिद्ध करने के लिए सीता का धरती में समाना आवश्यक था क्योंकि इसके पहले वह अग्निपरीक्षा दे चुकी थीं, उसके बाद भी उनकी पवित्रता पर कलंक लगाने वाली दुर्भावनाग्रस्त चर्चाएँ बंद नहीं हुईं। इसलिए वह कैसे विश्वास कर लेती कि दूसरी बार अग्निपरीक्षा उनके विरुद्ध अफवाहों को बंद करने में सफल होगी और चूँकि राम भी उन्हें सार्वजनिक अग्निपरीक्षा के बिना वापस नहीं ले जाते, तब सीता का धरती के गर्भ में समा जाने का कार्य रघु की राजवंश की परंपरा को निष्कलंक सिद्ध करने वाला रहा।20 चाहे जो हो, सीता का कृत्य आत्म-विनाशक ही है और यह बारबार अपमान के प्रति आत्म-घात की स्त्री प्रवृत्ति को और पुख्ता करता है।
सीता के आख्यान का अंतिम व सबसे महत्वपूर्ण विकास मध्यकाल में हुआ जब इसमें आज कल लोकप्रिय शब्द 'लक्ष्मणरेखा' जुड़ा। इस वर्णन में जब सीता ने लक्ष्मण को राम की सहायता के लिए जाने को कहा तो लक्ष्मण ने सीता को अकेले छोड़कर जाने में अनिच्छा दिखाई, फिर भी लक्ष्मण ने जंगल में कुटिया के चारों ओर एक सुरक्षा रेखा खींच दी और सीता को इसके भीतर ही रहने को कहा। यह एक जादुई रेखा थी, जो उन्हें किसी भी भौतिक खतरे से सुरक्षित रखती। यह 'सुरक्षात्मक देहरी' वाल्मीकि रामायण में नहीं है। पहली बार इसकी झलक खोतनी रामायण में लगभग 9वीं सदी में मिलता है। इसमें राम, सीता और लक्ष्मण जंगल में एक ऐसे क्षेत्र में अपना घर बनाते हुए वर्णित हैं जो चारों तरफ से जादुई रेखा से घिरा हुआ है जिसे कोई भी बाहरी व्यक्ति लाँघ नहीं सकता। रामायण के एक मध्यकालीन वर्णन 'गीतावली' जो तुलसीदास की रचना है, में जब लक्ष्मण सीता की सुरक्षा करने के लिए उपलब्ध नहीं थे तब अकेली सीता की सुरक्षा करने के लिए लक्ष्मण ने रेखा खींची। लक्ष्मण ने सीता को चेताया कि किसी भी परिस्थिति में वह उससे बाहर न निकलें। तुलसीदास ने उस समय रामायण पर आधारित कई ग्रंथ लिखे, जब उनकी दृष्टि में हिंदू समाज पर गहरा दबाव था और उसके सारे मूल्यों और प्रतिमानों के ध्वस्त होने का खतरा था। असल में तुलसीदास की रामायण में 16वीं सदी के भारत की आर्थिक और राजनीतिक दशा का तुलसीदास द्वारा विवेचन है। ऐसी स्थिति में, तुलसीदास यह सिद्धांत प्रतिपादित कर रहे थे कि यदि महिलाएँ उनके लिए निर्धारित परिधि के भीतर रहें तो वे सुरक्षित रहेंगी...। यदि वे उससे बाहर आती हैं तो उनकी सुरक्षा कोई नहीं कर सकेगा। महत्वपूर्ण है कि अत्यधिक प्रचलित 'रामचरित मानस' में लक्ष्मण रेखा प्रसंग नहीं उपस्थित है। यह केवल तुलसीदास के कम-प्रसिद्ध रामायण में व्यक्त हुआ है पर फिर भी वार्षिक राम-लीला नाटकों में प्रदर्शन से यह प्रसंग आश्चर्यजनक रूप से लोकप्रिय हुआ। अब यह रामकथा का अनिवार्य अंग बन चुका है और इसका संदेश प्रतिवर्ष राम-लीला के प्रदर्शन से दुहराया जाता है।
शास्त्रीय पंरपरा में सीता की दंतकथा की समय के साथ विकास के विश्लेषण से स्पष्टतः पता चलता है कि आदर्श विवाह के मूल विषय के साथ जुड़े क्रमिक वर्णन पुरुष के प्रति स्त्री की एकनिष्ठता और समर्पण पर आधारित हैं।21 प्रत्येक नया वर्णन आदर्श स्त्री की रूढ़ छवि को बल प्रदान करता है - जिसका मुख्य कार्य संकट की कठिन घड़ियों में आज्ञाकारी और पतिव्रता रहना है। यदि अपमान बहुत ज्यादा है तो वह एक ''सम्मानजनक मृत्यु'' का सहारा लेकर अपने दुखों का अंत कर सकती है, पर उसके लिए सम्मानित जीवन का कोई प्रश्न ही नहीं है। फिर भी, यदि शास्त्रीय हिंदू परंपरा के बाहर कोई सीता की दंतकथा को देखे, तो कुछ मुक्तिदायी वर्णन मिलते हैं जिनकी तरफ लोगों का पर्याप्त ध्यान नहीं गया। रामायण का जैन धर्म शास्त्र पद्मपुराण आख्यान का अंत निम्न ढंग से करता है - जब राम ने जंगल में अपने पुत्रों को खोजा और परित्याग के बाद सीता से पहली बार सामना हुआ तो राम ने कहा कि सीता अग्नि-परीक्षा देकर अयोध्या वापस लौट सकती हैं। सीता अपमानजनक शर्त से विचलित हो जाती हैं और प्रकृति उनकी सहायता करती है। आग आश्चर्यजनक वर्षा से बुझ जाती है और बाढ़ आ जाती है। तब अयोध्या के लोग डूब रही अयोध्या को बचाने के लिए सीता से अनुनय-विनय करते हैं। सीता उनकी बात मान जाती हैं; लेकिन शास्त्रीय पंरपरा वाले वर्णन से भिन्न जहाँ वह अपमान का अंत आत्म-घाती कार्य से करती हैं, यहाँ वह राम और परिवार का परित्याग कर भिक्षुणी बन जाती हैं। भिक्षुणी जीवन में प्रवेश एकदम जैन रीति से वह करती हैं - अपने सिर के प्रत्येक बाल को नोंच कर। ऐसा प्रतीत होता है कि यह आत्यंतिक दर्द भी राम के साथ अपमानित अस्तित्व से अधिक काम्य है।22 सीता की दंतकथा का एक लोक वर्णन अधिक रोचक है। यहाँ सीता राम को अस्वीकार कर देती हैं और अपने पुत्रों को मातृवंशीय विरासत देने की सीमा तक जाती हैं। वह संत वाल्मीकि द्वारा राम के पास जाने की परामर्श पर तीव्र प्रतिक्रिया करती हुई कहती हैं ''गुरु आप प्रत्येक की स्थिति से वाकिफ हैं, फिर आप ऐसा क्यों कह रहे हैं जैसे आप कुछ जानते ही न हों? ...जिस राम ने मुझे ऐसा दुख दिया, जिसने मुझे आग में डाला और मुझे घर से बाहर फेंक दिया; गुरू मैं उसका चेहरा पुनः कैसे देख सकती हूँ? मैं अयोध्या कभी नहीं जाऊँगी और भाग्य हमें दुबारा कभी न मिलवाए।23 अंततः जब वह धरती में समाहित होती हैं तो यह एक प्रतिरोध और सम्मानित जीवन के अधिकार का दावा दोनों है। शास्त्रीय परंपरा और गैर शास्त्रीय परंपराओं के वर्णन में सीता के मिथक की तुलना का यह एक उदाहरण है जिसकी रूपरेखा में स्त्री सुलभ पहचान का प्रधान वर्णन और स्त्री सुलभ पहचान से जरा हटकर वर्णन एक बेहतर अभिव्यक्ति के बीच एक वैषम्य मिलता है। ऐसा प्रतीत होता है कि यद्यपि सीता सामान्यतः पूर्व लिखित संवादों की ही आवृत्ति करती रहीं पर कई बार वह अपनी दबी भावनाओं को खोलती भी हैं, और इन भावनाओं पर कई बार ध्यान भी दिया जाता है। वंश और आदर्श स्त्री के अधीन रूप के संकुचित ढाँचे में डालने का उनका विरोध गैर शास्त्रीय परंपरा के अध्ययन से काफी सशक्त रूप से निकल कर आएगा।
मिथक और इतिहास में स्त्री का अध्ययन करना प्रचलित प्रस्तावों से एक भिन्न रास्ते को दर्शाता है। हम सीता के मिथक का वर्णन रामायण के कई सारे खंडों के विश्लेषण के माध्यम से करते हैं और मिथक का विकास उसके बदलते सामाजिक आर्थिक वातावरण के परिद़ृश्य में निर्धारित करते हैं, जिसमें महिलाओं की पहचान आकार लेती है। स्पष्ट रूप से स्त्री अध्ययन के लिए, समय के द्वारा महिलाओं की एक संपूर्ण तसवीर के लिए नए औजारों के निर्माण की अत्यंत आवश्यकता है।
संदर्भ और टिप्पणियाँ
1. यह ध्यान रखना होगा कि हम यहाँ केवल शास्त्रीय साहित्य से लोकसाहित्य या मौखिक साहित्य को निकाले जाने पर अपनी बात केंद्रित कर रहे हैं, जिसके अध्ययन की अत्यंत आवश्यकता है।
2. सुधीर कक्कड़ : 'द इनर वर्ल्ड ऑफ द चाइल्ड', दिल्ली ऑक्फोर्ड यूनिवर्सिटी, 1978, पृष्ठ 56
3. ए.एस. अल्टेकर : ''द पोजीशन ऑफ वूमेन इन हिंदू सिविलाइजेशन', दिल्ली, मोतीलाल बनारसीदास, 1962, पृष्ठ 109
4. ग्लीन हयूलगोल : ''द सैंक्टीफिकेशन ऑफ सीता'', वूमेन्स सोशिओलॉजिकल बुलेटिन, वॉल्यूम- I नं. 3 (जनवरी), 1979, पृष्ठ 20-25
5. वही
6. सुधीर कक्कड़ : 'द इनर वर्ल्ड ऑफ द चाइल्ड', दिल्ली ऑक्फोर्ड यूनिवर्सिटी, 1978,, पृष्ठ 64
7. वही, पृष्ठ 64
8. महाभारत के कई वर्णन उपलब्ध हैं लेकिन ये काफी जटिल और बाद के वर्णन माने गए हैं (सुकुमार सेन, ऑरीजिन एंड डेवलपमेंट ऑफ द राम लेजेंड, कलकत्ता : (रूपा, 1977 पृष्ठ 10,13,16)
9. वही, पृष्ठ 11
10. 'द जातकास' संपा - ई.डी. कॉवेल, अनुवाद एच.टी. फ्रान्सिस एण्ड आर.ए. नैल, लंदन : पाली टेक्स्ट सोसाइटी, 1957 वाल्यूम-IV, पृष्ठ 78-82
11. सुकुमार सेन, पृष्ठ 16
12. सुकुमार सेन, पृष्ठ 17
13. वही
14. ग्लीन हयूलगोल, पृष्ठ 21
15. गीता वासुदेवन, वूमेन इन रामायण, अप्रकाशित एम.फिल. पत्र, जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय, 1981, देखें आर शर्मा, ए सोशल पोलिटिकल स्टडी ऑफ द वाल्मीकि रामायण, दिल्ली : मोतीलाल बनारसी दास 1971, पृष्ठ 47, 83
16. द रामायण ऑफ वाल्मीकि, अनु. - एच.पी. शास्त्री, वाल्यूम-II लंदन : शांति सदन, 1957, पृष्ठ 163-324
17. डॉं. धैर्यबाला, इवोल्यूशन ऑफ मोरल्स इन द एपिक्स पृष्ठ 461 उद्दत आर. शर्मा, 'ए सोशल पोलीटिकल स्टडी आफ द वाल्मीकि रामायण' पृष्ठ 106
18. एल.एच. माँर्गन, एन्शिएंट सोसाइटी, भारतीय पुनमुद्रण, कलकत्ता, 1958, पृष्ठ 393
19. साहित्य आधारित विचार जो कि उत्तरकांड के पर्व में बाद में जोड़े गए हैं। पुरातत्व भी समर्थन करता है, देखें एच.डी. सांकलिया ''आरकिओलॉजी एंड द रामायण'' पुरातत्व 1967-68 नं. 1 (पृष्ठ-1-3) पृष्ठ-2
20. वीना दास, ''काम इन द स्कीम ऑफ पुरुषार्थ'' कंट्रीब्यूशन टू इंडियन सोशिओलॉजी न्यू सीरीज वाल्यूम 1,2 1981 (पृष्ठ 183-203) पृष्ठ-200
21. सुकुमार सेन, पृष्ठ 18
22. पद्म पुराण, संपा. - रवीसेनाचार्या, अनु. - दौलत रामजी, दिल्ली वीर सेवा मंडली, 1950 पृष्ठ-609-610
23. मानुषी वाल्यूम 8, 1981, पृष्ठ 22-23
( प्रस्तुत आलेख डॉ. उमा चक्रवर्ती द्वारा रचित " डवलपमेंट ऑफ़ सीता मिथ : ए केस स्टडी ऑफ़ वूमेन इन मिथ एंड लिटरेचर " का हिंदी अनुवाद है।)
Ref By:Hindisamay.com
सदस्यता लें
संदेश (Atom)
हरिशंकर परसाई के व्यंग्य ‘भोलाराम का जीव’ में सरकारी व्यवस्था का चित्रण
हरिशंकर परसाई हिंदी के प्रमुख व्यंग्यकार हैं। उन्होंने अपने व्यंग्य-साहित्य के माध्यम से भारतीय समाज, राजनीति और प्रशासनिक व्यवस्था की वि...
-
दहा दिवस कोणाशीही बोलायचं नाही, मोबाईल वापरायचा नाही, पुस्तकं वाचायची नाहीत, लिहायचं नाही, टीव्ही नाही, वर्तमानपत्र नाही. फक्त स्वतःसोबत राह...
-
भूमिका रचनात्मक लेखन वह कला है जिसमें लेखक कल्पना, अनुभव, संवेदना और भाषा–सौंदर्य के माध्यम से अपने विचारों को प्रभावशाली ढंग से अभिव्य...
-
1. भूमिका हिंदी साहित्य की राष्ट्रीय काव्यधारा वह सशक्त साहित्यिक प्रवृत्ति है, जिसने भारतीय समाज में राष्ट्रीय चेतना, स्वाधीनता की आकां...