राज्यसभा सांसद और शिवाजी महाराज के वंशज संभाजी राजे ने ट्विटर पर सभी को शिवराज्याभिषेक की शुभकामनाएं दीं. उन्होंने यह भी बताया कि परंपरा के अनुसार रायगढ़ के दुर्गराज में शिवराज्याभिषेक के कार्यक्रम शुरू हो गए हैं.
राज्य में चल रहे कोरोनोवायरस संकट के मद्देनजर, छत्रपति शिवाजी के भक्त घर पर ही राज्याभिषेक के अनुष्ठान करेंगे. संभाजी राजे ने कहा कि इस उत्सव के दौरान वैसा ही जुनून और वैसा ही उत्साह महसूस होगा, लेकिन इस बार अपने ही घर से. शिवराज्याभिषेक 2020 समारोह का लाइव टेलीकास्ट देखाने की पूरी तैयारी कर ली गई है.
शिवराज्याभिषेक समारोह को मराठा साम्राज्य के इतिहास का सबसे महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक दिन माना जाता है. 1674 में ज्येष्ठ मास के शुक्ल पक्ष की त्रयोदशी को छत्रपति शिवाजी महाराज का करीब 5 हजार फीट की ऊंचाई पर स्थित रायगढ़ किले में राज्याभिषेक किया गया था. जिस सिंहासन पर शिवाजी महाराज को बिठाया गया था उसे 32 मन सोने से मढ़ा गया था. इसी अभिषेक के दौरान उनके सिर पर छत्र धारण कराया गया था, इसी के बाद से वो छत्रपति कहलाए.
इसी दिन उन्होंने औपचारिक तौर पर रायगढ़ की गद्दी संभाली थी. छत्रपति शिवाजी को हिंदू परंपराओं को आगे बढ़ाने के लिए जाना जाता है. उन्होंने फारसी भाषा की जगह मराठी और संस्कृत के प्रयोग पर ज़ोर दिया था. पिता से विरासत में मिली 2 हज़ार सैनिकों की छोटी सी टुकड़ी को छत्रपति शिवाजी ने 1 लाख सैनिकों की विशाल सेना में बदल दिया था. उनकी सेना गुरिल्ला युद्ध करने में निपुण थी. गुरिल्ला युद्ध को शिवाजी के नाम पर शिव सूत्र भी कहा जाता था. शिवाजी महाराज को दक्षिण भारत में मुगलों का वर्चस्व और घमंड दोनों तोड़ने के लिए भी जाना जाता है.
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts,Please let me know