"हिंदी साहित्य, कविता, कहानी और लेखों का संग्रह। इस ब्लॉग पर आप पाएँगे साहित्य समीक्षा, महान लेखकों की रचनाएँ और नए विचारों की झलक। हिंदी भाषा और साहित्य प्रेमियों के लिए एक खास जगह।"
शुक्रवार, 27 दिसंबर 2024
सरकारी योजनाओं में भ्रष्टाचार: एक गांव की संघर्ष यात्रा
सोमवार, 4 मार्च 2024
सिक्का बदल गया - कृष्णा सोबती
खद्दर की चादर ओढ़े, हाथ में माला लिए शाहनी जब दरिया के किनारे पहुंची तो पौ फट रही थी. दूर-दूर आसमान के परदे पर लालिमा फैलती जा रही थी. शाहनी ने कपड़े उतारकर एक ओर रक्खे और 'श्रीराम, श्रीराम' करती पानी में हो ली. अंजलि भरकर सूर्य देवता को नमस्कार किया, अपनी उनीदी आंखों पर छींटे दिए और पानी से लिपट गई!
चनाब का पानी आज भी पहले-सा ही सर्द था, लहरें लहरों को चूम रही थीं. वह दूर सामने कश्मीर की पहाड़ियों से बर्फ़ पिघल रही थी. उछल-उछल आते पानी के भंवरों से टकराकर कगारे गिर रहे थे लेकिन दूर-दूर तक बिछी रेत आज न जाने क्यों खामोश लगती थी! शाहनी ने कपड़े पहने, इधर-उधर देखा, कहीं किसी की परछाई तक न थी. पर नीचे रेत में अगणित पांवों के निशान थे. वह कुछ सहम-सी उठी!
आज इस प्रभात की मीठी नीरवता में न जाने क्यों कुछ भयावना-सा लग रहा है. वह पिछले पचास वर्षों से यहां नहाती आ रही है. कितना लम्बा अरसा है! शाहनी सोचती है, एक दिन इसी दुनिया के किनारे वह दुलहिन बनकर उतरी थी. और आज...आज शाहजी नहीं, उसका वह पढ़ा-लिखा लड़का नहीं, आज वह अकेली है, शाहजी की लम्बी-चौड़ी हवेली में अकेली है. पर नहीं यह क्या सोच रही है वह सवेरे-सवेरे! अभी भी दुनियादारी से मन नहीं फिरा उसका! शाहनी ने लम्बी सांस ली और 'श्री राम, श्री राम', करती बाजरे के खेतों से होती घर की राह ली. कहीं-कहीं लिपे-पुते आंगनों पर से धुआं उठ रहा था. टनटन बैलों, की घंटियां बज उठती हैं. फिर भी...फिर भी कुछ बंधा-बंधा-सा लग रहा है. 'जम्मीवाला' कुआं भी आज नहीं चल रहा. ये शाहजी की ही असामियां हैं. शाहनी ने नज़र उठाई. यह मीलों फैले खेत अपने ही हैं. भरी-भरायी नई फसल को देखकर शाहनी किसी अपनत्व के मोह में भीग गई. यह सब शाहजी की बरक़तें हैं. दूर-दूर गांवों तक फैली हुई ज़मीनें, ज़मीनों में कुएं सब अपने हैं. साल में तीन फसल, ज़मीन तो सोना उगलती है. शाहनी कुएं की ओर बढ़ी, आवाज़ दी,''शेरे, शेरे, हसैना हसैना....''
शेरा शाहनी का स्वर पहचानता है. वह न पहचानेगा! अपनी मां जैना के मरने के बाद वह शाहनी के पास ही पलकर बड़ा हुआ. उसने पास पड़ा गंडासा 'शटाले' के ढेर के नीचे सरका दिया. हाथ में हुक्का पकड़कर बोला,''ऐ हैसैना-सैना....'' शाहनी की आवाज़ उसे कैसे हिला गई है! अभी तो वह सोच रहा था कि उस शाहनी की ऊंची हवेली की अंधेरी कोठरी में पड़ी सोने-चांदी की सन्दूकचियां उठाकर...कि तभी 'शेरे शेरे.... शेरा ग़ुस्से से भर गया. किस पर निकाले अपना क्रोध? शाहनी पर! चीखकर बोला''ऐ मर गईं एं एब्ब तैनू मौत दे.''
हसैना आटेवाली कनाली एक ओर रख, जल्दी-जल्दी बाहिर निकल आई. ''ऐ आईं आं क्यों छावेले (सुबह-सुबह) तड़पना एं?''
अब तक शाहनी नज़दीक पहुंच चुकी थी. शेरे की तेज़ी सुन चुकी थी. प्यार से बोली,''हसैना, यह वक़्त लड़ने का है? वह पागल है तो तू ही जिगरा कर लिया कर.''
''जिगरा !'' हसैना ने मान भरे स्वर में कहा,''शाहनी, लड़का आख़िर लड़का ही है. कभी शेरे से भी पूछा है कि मुंह अंधेरे ही क्यों गालियां बरसाई हैं इसने?'' शाहनी ने लाड़ से हसैना की पीठ पर हाथ फेरा, हंसकर बोली,''पगली मुझे तो लड़के से बहू प्यारी है! शेरे''
''हां शाहनी!''
''मालूम होता है, रात को कुल्लूवाल के लोग आए हैं यहां?'' शाहनी ने गम्भीर स्वर में कहा.
शेरे ने ज़रा रुककर, घबराकर कहा,''नहीं शाहनी...'' शेरे के उत्तर की अनसुनी कर शाहनी ज़रा चिन्तित स्वर से बोली,''जो कुछ भी हो रहा है, अच्छा नहीं. शेरे, आज शाहजी होते तो शायद कुछ बीच-बचाव करते. पर...'' शाहनी कहते-कहते रुक गई. आज क्या हो रहा है. शाहनी को लगा जैसे जी भर-भर आ रहा है. शाहजी को बिछुड़े कई साल बीत गए, पर आज कुछ पिघल रहा है शायद पिछली स्मृतियां...आंसुओं को रोकने के प्रयत्न में उसने हसैना की ओर देखा और हल्के-से हंस पड़ी. और शेरा सोच ही रहा है, क्या कह रही है शाहनी आज! आज शाहनी क्या, कोई भी कुछ नहीं कर सकता. यह होके रहेगा क्यों न हो? हमारे ही भाई-बन्दों से सूद ले-लेकर शाहजी सोने की बोरियां तोला करते थे. प्रतिहिंसा की आग शेरे की आंखों में उतर आई. गंड़ासे की याद हो आई. शाहनी की ओर देखा नहीं-नहीं, शेरा इन पिछले दिनों में तीस-चालीस क़त्ल कर चुका है पर वह ऐसा नीच नहीं...सामने बैठी शाहनी नहीं, शाहनी के हाथ उसकी आंखों में तैर गए. वह सर्दियों की रातें कभी-कभी शाहजी की डांट खाके वह हवेली में पड़ा रहता था. और फिर लालटेन की रोशनी में वह देखता है, शाहनी के ममता भरे हाथ दूध का कटोरा थामे हुए 'शेरे-शेरे, उठ, पी ले.' शेरे ने शाहनी के झुर्रियां पड़े मुंह की ओर देखा तो शाहनी धीरे से मुस्करा रही थी. शेरा विचलित हो गया. 'आख़िर शाहनी ने क्या बिगाड़ा है हमारा? शाहजी की बात शाहजी के साथ गई, वह शाहनी को ज़रूर बचाएगा. लेकिन कल रात वाला मशवरा! वह कैसे मान गया था फिरोज़ की बात! 'सब कुछ ठीक हो जाएगा सामान बांट लिया जाएगा!'
''शाहनी चलो तुम्हें घर तक छोड़ आऊं!''
शाहनी उठ खड़ी हुई. किसी गहरी सोच में चलती हुई शाहनी के पीछे-पीछे मज़बूत क़दम उठाता शेरा चल रहा है. शंकित-सा-इधर उधर देखता जा रहा है. अपने साथियों की बातें उसके कानों में गूंज रही हैं. पर क्या होगा शाहनी को मारकर?
''शाहनी!''
''हां शेरे.''
शेरा चाहता है कि सिर पर आने वाले ख़तरे की बात कुछ तो शाहनी को बता दे, मगर वह कैसे कहे?''
''शाहनी''
शाहनी ने सिर ऊंचा किया. आसमान धुएं से भर गया था. ''शेरे''
शेरा जानता है यह आग है. जबलपुर में आज आग लगनी थी लग गई! शाहनी कुछ न कह सकी. उसके नाते रिश्ते सब वहीं हैं
हवेली आ गई. शाहनी ने शून्य मन से डयोढ़ी में कदम रक्खा. शेरा कब लौट गया उसे कुछ पता नहीं. दुर्बल-सी देह और अकेली, बिना किसी सहारे के! न जाने कब तक वहीं पड़ी रही शाहनी. दुपहर आई और चली गई. हवेली खुली पड़ी है. आज शाहनी नहीं उठ पा रही. जैसे उसका अधिकार आज स्वयं ही उससे छूट रहा है! शाहजी के घर की मालकिन...लेकिन नहीं, आज मोह नहीं हट रहा. मानो पत्थर हो गई हो. पड़े-पड़े सांझ हो गई, पर उठने की बात फिर भी नहीं सोच पा रही. अचानक रसूली की आवाज़ सुनकर चौंक उठी.
''शाहनी-शाहनी, सुनो ट्रकें आती हैं लेने?''
''ट्रके...?'' शााहनी इसके सिवाय और कुछ न कह सकी. हाथों ने एक-दूसरे को थाम लिया. बात की बात में ख़बर गांव भर में फैल गई. बीबी ने अपने विकृत कण्ठ से कहा,''शाहनी, आज तक कभी ऐसा न हुआ, न कभी सुना. ग़ज़ब हो गया, अंधेर पड़ गया.''
शाहनी मूर्तिवत् वहीं खड़ी रही. नवाब बीबी ने स्नेह-सनी उदासी से कहा,''शाहनी, हमने तो कभी न सोचा था!''
शाहनी क्या कहे कि उसी ने ऐसा सोचा था. नीचे से पटवारी बेगू और जैलदार की बातचीत सुनाई दी. शाहनी समझी कि वक़्त आन पहुंचा. मशीन की तरह नीचे उतरी, पर डयोढ़ी न लांघ सकी. किसी गहरी, बहुत गहरी आवाज़ से पूछा''कौन? कौन हैं वहां?''
कौन नहीं है आज वहां? सारा गांव है, जो उसके इशारे पर नाचता था कभी. उसकी असामियां हैं जिन्हें उसने अपने नाते-रिश्तों से कभी कम नहीं समझा. लेकिन नहीं, आज उसका कोई नहीं, आज वह अकेली है! यह भीड़ की भीड़, उनमें कुल्लूवाल के जाट. वह क्या सुबह ही न समझ गई थी?
बेगू पटवारी और मसीत के मुल्ला इस्माइल ने जाने क्या सोचा. शाहनी के निकट आ खड़े हुए. बेगू आज शाहनी की ओर देख नहीं पा रहा. धीरे से ज़रा गला साफ़ करते हुए कहा,''शाहनी, रब्ब नू एही मंजूर सी.''
शाहनी के क़दम डोल गए. चक्कर आया और दीवार के साथ लग गई. इसी दिन के लिए छोड़ गए थे शाहजी उसे? बेजान-सी शाहनी की ओर देखकर बेगू सोच रहा है,'क्या गुज़र रही है शाहनी पर! मगर क्या हो सकता है! सिक्का बदल गया है...'
शाहनी का घर से निकलना छोटी-सी बात नहीं. गांव का गांव खड़ा है हवेली के दरवाज़े से लेकर उस दारे तक जिसे शाहजी ने अपने पुत्र की शादी में बनवा दिया था. तब से लेकर आज तक सब फैसले, सब मशविरे यहीं होते रहे हैं. इस बड़ी हवेली को लूट लेने की बात भी यहीं सोची गई थी! यह नहीं कि शाहनी कुछ न जानती हो. वह जानकर भी अनजान बनी रही. उसने कभी बैर नहीं जाना. किसी का बुरा नहीं किया. लेकिन बूढ़ी शाहनी यह नहीं जानती कि सिक्का बदल गया है...
देर हो रही थी. थानेदार दाऊद ख़ां ज़रा अकड़कर आगे आया और डयोढ़ी पर खड़ी जड़ निर्जीव छाया को देखकर ठिठक गया! वही शाहनी है जिसके शाहजी उसके लिए दरिया के किनारे खेमे लगवा दिया करते थे. यह तो वही शाहनी है जिसने उसकी मंगेतर को सोने के कनफूल दिए थे मुंह दिखाई में. अभी उसी दिन जब वह 'लीग' के सिलसिले में आया था तो उसने उद्दंडता से कहा था,'शाहनी, भागोवाल मसीत बनेगी, तीन सौ रुपया देना पड़ेगा!' शाहनी ने अपने उसी सरल स्वभाव से तीन सौ रुपए दिए थे. और आज...?
''शाहनी!'' डयोढ़ी के निकट जाकर बोला,''देर हो रही है शाहनी. (धीरे से) कुछ साथ रखना हो तो रख लो. कुछ साथ बांध लिया है? सोना-चांदी.''
शाहनी अस्फुट स्वर से बोली,''सोना-चांदी!'' ज़रा ठहरकर सादगी से कहा,''सोना-चांदी! बच्चा वह सब तुम लोगों के लिए है. मेरा सोना तो एक-एक ज़मीन में बिछा है.''
दाऊद ख़ां लज्जित-सा हो गया. ''शाहनी तुम अकेली हो, अपने पास कुछ होना ज़रूरी है. कुछ नकदी ही रख लो. वक़्त का कुछ पता नहीं.''
''वक़्त?'' शाहनी अपनी गीली आंखों से हंस पड़ी. ''दाऊद ख़ां, इससे अच्छा वक़्त देखने के लिए क्या मैं ज़िंदा रहूंगी!'' किसी गहरी वेदना और तिरस्कार से कह दिया शाहनी ने.
दाऊद ख़ां निरुत्तर है. साहस कर बोला,''शाहनी कुछ नकदी ज़रूरी है.''
''नहीं बच्चा मुझे इस घर से,’’शाहनी का गला रुंध गया,''नकदी प्यारी नहीं. यहां की नकदी यहीं रहेगी.''
शेरा आन खड़ा गुज़रा कि हो ना हो कुछ मार रहा है शाहनी से. ''ख़ां साहिब देर हो रही है''
शाहनी चौंक पड़ी. देर मेरे घर में मुझे देर! आंसुओं की भंवर में न जाने कहां से विद्रोह उमड़ पड़ा. मैं पुरखों के इस बड़े घर की रानी और यह मेरे ही अन्न पर पले हुए...नहीं, यह सब कुछ नहीं. ठीक है देर हो रही है पर नहीं, शाहनी रो-रोकर नहीं, शान से निकलेगी इस पुरखों के घर से, मान से लांघेगी यह देहरी, जिस पर एक दिन वह रानी बनकर आ खड़ी हुई थी. अपने लड़खड़ाते क़दमों को संभालकर शाहनी ने दुपट्टे से आंखें पोछीं और डयोढ़ी से बाहर हो गई. बड़ी-बूढ़ियां रो पड़ीं. किसकी तुलना हो सकती थी इसके साथ! ख़ुदा ने सब कुछ दिया था, मगरमगर दिन बदले, वक़्त बदले...
शाहनी ने दुपट्टे से सिर ढांपकर अपनी धुंधली आंखों में से हवेली को अन्तिम बार देखा. शाहजी के मरने के बाद भी जिस कुल की अमानत को उसने सहेजकर रखा आज वह उसे धोखा दे गई. शाहनी ने दोनों हाथ जोड़ लिए यही अन्तिम दर्शन था, यही अन्तिम प्रणाम था. शाहनी की आंखें फिर कभी इस ऊंची हवेली को न देखी पाएंगी. प्यार ने ज़ोर मारा सोचा, एक बार घूम-फिर कर पूरा घर क्यों न देख आई मैं? जी छोटा हो रहा है, पर जिनके सामने हमेशा बड़ी बनी रही है उनके सामने वह छोटी न होगी. इतना ही ठीक है. बस हो चुका. सिर झुकाया. डयोढ़ी के आगे कुलवधू की आंखों से निकलकर कुछ बन्दें चू पड़ीं. शाहनी चल दी ऊंचा-सा भवन पीछे खड़ा रह गया. दाऊद ख़ां, शेरा, पटवारी, जैलदार और छोटे-बड़े, बच्चे, बूढ़े-मर्द औरतें सब पीछे-पीछे.
ट्रकें अब तक भर चुकी थीं. शाहनी अपने को खींच रही थी. गांववालों के गलों में जैसे धुंआ उठ रहा है. शेरे, ख़ूनी शेरे का दिल टूट रहा है. दाऊद ख़ां ने आगे बढ़कर ट्रक का दरवाज़ा खोला. शाहनी बढ़ी. इस्माइल ने आगे बढ़कर भारी आवाज़ से कहा,'' शाहनी, कुछ कह जाओ. तुम्हारे मुंह से निकली असीस झूठ नहीं हो सकती!'' और अपने साफ़े से आंखों का पानी पोंछ लिया. शाहनी ने उठती हुई हिचकी को रोककर रुंधे-रुंधे से कहा,''रब्ब तुहानू सलामत रक्खे बच्चा, ख़ुशियां बक्शे....''
वह छोटा-सा जनसमूह रो दिया. ज़रा भी दिल में मैल नहीं शाहनी के. और हम शाहनी को नहीं रख सके. शेरे ने बढ़कर शाहनी के पांव छुए,''शाहनी कोई कुछ कर नहीं सका. राज भी पलट गया.'' शाहनी ने कांपता हुआ हाथ शेरे के सिर पर रक्खा और रुक-रुककर कहा,''तैनू भाग जगण चन्ना!'' (ओ चा/द तेरे भाग्य जागें) दाऊद ख़ां ने हाथ का संकेत किया. कुछ बड़ी-बूढ़ियां शाहनी के गले लगीं और ट्रक चल पड़ी.
अन्न-जल उठ गया. वह हवेली, नई बैठक, ऊंचा चौबारा, बड़ा 'पसार' एक-एक करके घूम रहे हैं शाहनी की आंखों में! कुछ पता नहीं ट्रक चल दिया है या वह स्वयं चल रही है. आंखें बरस रही हैं. दाऊद ख़ां विचलित होकर देख रहा है इस बूढ़ी शाहनी को. कहां जाएगी अब वह?
''शाहनी मन में मैल न लाना. कुछ कर सकते तो उठा न रखते! वक़्त ही ऐसा है. राज पलट गया है, सिक्का बदल गया है...''
रात को शाहनी जब कैंप में पहुंचकर ज़मीन पर पड़ी तो लेटे-लेटे आहत मन से सोचा 'राज पलट गया है...सिक्का क्या बदलेगा? वह तो मैं वहीं छोड़ आई....'
और शाहजी की शाहनी की आंखें और भी गीली हो गईं!
आसपास के हरे-हरे खेतों से घिरे गांवों में रात ख़ून बरसा रही थी.
शायद राज पलटा भी खा रहा था और सिक्का बदल रहा था.
सद्गति -प्रेमचंद
सद्गति
प्रेमचंद: सद्गति
दुखी चमार द्वार पर झाडू लगा रहा था और उसकी पत्नी झुरिया, घर को गोबर से लीप रही थी। दोनों अपने-अपने काम से फुर्सत पा चुके थे, तो चमारिन ने कहा, ‘तो जाके पंडित बाबा से कह आओ न। ऐसा न हो कहीं चले जायँ।‘
दुखी –‘ हाँ जाता हूँ, लेकिन यह तो सोच, बैठेंगे किस चीज पर ?’
झुरिया –‘ क़हीं से खटिया न मिल जायगी ? ठकुराने से माँग लाना।‘
दुखी –‘ तू तो कभी-कभी ऐसी बात कह देती है कि देह जल जाती है। ठकुरानेवाले मुझे खटिया देंगे ! आग तक तो घर से निकलती नहीं, खटिया देंगे ! कैथाने में जाकर एक लोटा पानी माँगूँ तो न मिले। भला खटिया कौन देगा ! हमारे उपले, सेंठे, भूसा, लकड़ी थोड़े ही हैं कि जो चाहे उठा ले जायँ। ले अपनी खटोली धोकर रख दे। गरमी के तो दिन हैं। उनके आते-आते सूख जायगी।‘
झुरिया –‘वह हमारी खटोली पर बैठेंगे नहीं। देखते नहीं कितने नेम-धरम से रहते हैं।‘
दुखी ने जरा चिंतित होकर कहा, ‘हाँ, यह बात तो है। महुए के पत्ते तोड़कर एक पत्तल बना लूँ तो ठीक हो जाय। पत्तल में बड़े-बड़े आदमी खाते हैं। वह पवित्तर है। ला तो डंडा, पत्ते तोड़ लूँ।‘
झुरिया –‘पत्तल मैं बना लूँगी, तुम जाओ। लेकिन हाँ, उन्हें सीधा भी तो देना होगा। अपनी थाली में रख दूँ ?’
दुखी –‘क़हीं ऐसा गजब न करना, नहीं तो सीधा भी जाय और थाली भी फूटे ! बाबा थाली उठाकर पटक देंगे। उनको बड़ी जल्दी विरोध चढ़ आता है। किरोध में पंडिताइन तक को छोड़ते नहीं, लड़के को ऐसा पीटा कि आज
तक टूटा हाथ लिये फिरता है। पत्तल में सीधा भी देना, हाँ। मुदा तू छूना मत।‘
झूरी –‘ गोंड़ की लड़की को लेकर साह की दूकान से सब चीजें ले आना। सीधा भरपूर हो। सेर भर आटा, आधा सेर चावल, पाव भर दाल, आधा पाव घी, नोन, हल्दी और पत्तल में एक किनारे चार आने पैसे रख देना। गोंड़
की लड़की न मिले तो भुर्जिन के हाथ-पैर जोड़कर ले जाना। तू कुछ मत छूना, नहीं गजब हो जायगा।‘
इन बातों की ताकीद करके दुखी ने लकड़ी उठाई और घास का एक बड़ा-सा गट्ठा लेकर पंडितजी से अर्ज करने चला। खाली हाथ बाबाजी की सेवा में कैसे जाता। नजराने के लिए उसके पास घास के सिवाय और क्या
था। उसे खाली देखकर तो बाबा दूर ही से दुत्कारते। पं. घासीराम ईश्वर के परम भक्त थे। नींद खुलते ही ईशोपासन में लग जाते। मुँह-हाथ धोते आठ बजते, तब असली पूजा शुरू होती, जिसका पहला भाग भंग की तैयारी थी। उसके बाद आधा घण्टे तक चन्दन रगड़ते, फिर आईने के सामने एक तिनके से माथे पर तिलक लगाते। चन्दन की दो रेखाओं के बीच में लाल रोरी की बिन्दी होती थी। फिर छाती पर, बाहों पर चन्दन की
गोल-गोल मुद्रिकाएं बनाते। फिर ठाकुरजी की मूर्ति निकालकर उसे नहलाते, चन्दन लगाते, फूल चढ़ाते, आरती करते, घंटी बजाते। दस बजते-बजते वह पूजन से उठते और भंग छानकर बाहर आते। तब तक दो-चार जजमान द्वार पर आ जाते ! ईशोपासन का तत्काल फल मिल जाता। वही उनकी खेती थी। आज वह पूजन-गृह से निकले, तो देखा दुखी चमार घास का एक गट्ठा लिये बैठा है। दुखी उन्हें देखते ही उठ खड़ा हुआ और उन्हें साष्टांग दंडवत् करके हाथ बाँधकर खड़ा हो गया। यह तेजस्वी मूर्ति देखकर उसका ह्रदय
श्रृद्धा से परिपूर्ण हो गया ! कितनी दिव्य मूर्ति थी। छोटा-सा गोल-मटोल आदमी, चिकना सिर, फूले गाल, ब्रह्मतेज से प्रदीप्त आँखें। रोरी और चंदन देवताओं की प्रतिभा प्रदान कर रही थी। दुखी को देखकर श्रीमुख से बोले – ‘आज कैसे चला रे दुखिया ?’
दुखी –‘ने सिर झुकाकर कहा, बिटिया की सगाई कर रहा हूँ महाराज। कुछ साइत-सगुन विचारना है। कब मर्जी होगी ?’
घासी –‘आज मुझे छुट्टी नहीं। हाँ साँझ तक आ जाऊँगा।‘
दुखी –‘नहीं महराज, जल्दी मर्जी हो जाय। सब सामान ठीक कर आया हूँ। यह घास कहाँ रख दूँ ?
घासी –‘इस गाय के सामने डाल दे और जरा झाडू लेकर द्वार तो साफ कर दे। यह बैठक भी कई दिन से लीपी नहीं गई। उसे भी गोबर से लीप दे। तब तक मैं भोजन कर लूँ। फिर जरा आराम करके चलूँगा। हाँ, यह लकड़ी भी चीर देना। खलिहान में चार खाँची भूसा पड़ा है। उसे भी उठा लाना और भुसौली में रख देना।‘
दुखी फौरन हुक्म की तामील करने लगा। द्वार पर झाडू लगाई, बैठक को गोबर से लीपा। तब बारह बज गये। पंडितजी भोजन करने चले गये। दुखी ने सुबह से कुछ नहीं खाया था। उसे भी जोर की भूख लगी; पर वहाँ
खाने को क्या धारा था। घर यहाँ से मील भर था। वहाँ खाने चला जाय, तो पंडितजी बिगड़ जायँ। बेचारे ने भूख दबाई और लकड़ी फाड़ने लगा। लकड़ी की मोटी-सी गाँठ थी; जिस पर पहले कितने ही भक्तों ने अपना जोर आजमा लिया था। वह उसी दम-खम के साथ लोहे से लोहा लेने के लिए तैयार थी। दुखी घास छीलकर बाजार ले जाता था। लकड़ी चीरने का उसे अभ्यास न था। घास उसके खुरपे के सामने सिर झुका देती थी। यहाँ कस-कसकर कुल्हाड़ी का भरपूर हाथ लगाता; पर उस गाँठ पर निशान तक न पड़ता था। कुल्हाड़ी उचट जाती। पसीने में तर था, हाँफता था, थककर बैठ जाता था, फिर उठता था। हाथ उठाये न उठते थे, पाँव काँप रहे थे, कमर न सीधी होती थी, आँखों तले अँधेरा हो रहा था, सिर में चक्कर आ रहे थे, तितलियाँ उड़ रही थीं, फिर भी अपना काम किये जाता था। अगर एक चिलम तम्बाकू पीने को मिल जाती, तो शायद कुछ ताकत आती।
उसने सोचा, यहाँ चिलम और तम्बाकू कहाँ मिलेगी। बाह्मनों का पूरा है। बाह्मन लोग हम नीच जातों की तरह तम्बाकू थोड़े ही पीते हैं। सहसा उसे याद आया कि गाँव में एक गोंड़ भी रहता है। उसके यहाँ जरूर चिलम-तमाखू होगी। तुरत उसके घर दौड़ा। खैर मेहनत सुफल हुई। उसने तमाखू भी दी और चिलम भी दी; पर आग वहाँ न थी। दुखी ने कहा, आग की चिन्ता न करो भाई। मैं जाता हूँ, पंडितजी के घर से आग माँग लूँगा। वहाँ तो अभी रसोई बन रही थी। यह कहता हुआ वह दोनों चीज़ें लेकर चला आया और पंडितजी के घर में बरौठे के द्वार पर खड़ा होकर बोला, ‘मालिक, रचिके आग मिल जाय, तो चिलम पी लें।‘
पंडितजी भोजन कर रहे थे। पंडिताइन ने पूछा, ‘यह कौन आदमी आग माँग रहा है ?’
पंडित –‘अरे वही ससुरा दुखिया चमार है। कहा, है थोड़ी-सी लकड़ी चीर दे। आग तो है, दे दो।‘
पंडिताइन ने भॅवें चढ़ाकर कहा, ‘तुम्हें तो जैसे पोथी-पत्रो के फेर में धरम-करम किसी बात की सुधि ही नहीं रही। चमार हो, धोबी हो, पासी हो, मुँह उठाये घर में चला आये। हिन्दू का घर न हुआ, कोई सराय हुई। कह दो दाढ़ीजार से चला जाय, नहीं तो इस लुआठे से मुँह झुलस दूँगी। आग माँगने चले हैं।‘
पंडितजी ने उन्हें समझाकर कहा, ‘भीतर आ गया, तो क्या हुआ। तुम्हारी कोई चीज तो नहीं छुई। धरती पवित्र है। जरा-सी आग दे क्यों नहीं देती, काम तो हमारा ही कर रहा है। कोई लोनिया यही लकड़ी फाड़ता, तो
कम-से-कम चार आने लेता।‘
पंडिताइन ने गरजकर कहा, ‘वह घर में आया क्यों !’
पंडित ने हारकर कहा, ‘ससुरे का अभाग था और क्या !’
पंडिताइन–‘अच्छा, इस बखत तो आग दिये देती हूँ, लेकिन फिर जो इस तरह घर में आयेगा, तो उसका मुँह ही जला दूँगी।‘
दुखी के कानों में इन बातों की भनक पड़ रही थी। पछता रहा था, नाहक आया। सच तो कहती हैं। पंडित के घर में चमार कैसे चला आये। बड़े पवित्तर होते हैं यह लोग, तभी तो संसार पूजता है, तभी तो इतना मान
है। भर-चमार थोड़े ही हैं। इसी गाँव में बूढ़ा हो गया; मगर मुझे इतनी अकल भी न आई। इसलिए जब पंडिताइन आग लेकर निकलीं, तो वह मानो स्वर्ग का वरदान पा गया। दोनों हाथ जोड़कर जमीन पर माथा टेकता हुआ बोला, ‘पड़ाइन माता, मुझसे बड़ी भूल हुई कि घर में चला आया। चमार की अकल ही तो ठहरी। इतने मूरख न होते, तो लात क्यों खाते।‘
पंडिताइन चिमटे से पकड़कर आग लाई थीं। पाँच हाथ की दूरी से घूँघट की आड़ से दुखी की तरफ आग फेंकी। आग की बड़ी-सी चिनगारी दुखी के सिर पर पड़ गयी। जल्दी से पीछे हटकर सिर के झोटे देने लगा। उसने मन में कहा, यह एक पवित्तर बाह्मन के घर को अपवित्तर करने का फल है। भगवान ने कितनी जल्दी फल दे दिया। इसी से तो संसार पंडितों से डरता है। और सबके रुपये मारे जाते हैं बाह्मन के रुपये भला कोई मार तो ले ! घर भर का सत्यानाश हो जाय, पाँव गल-गलकर गिरने लगे। बाहर आकर उसने चिलम पी और फिर कुल्हाड़ी लेकर जुट गया। खट-खट की आवाजें आने लगीं। उस पर आग पड़ गई, तो पंडिताइन को उस पर कुछ दया आ गई। पंडितजी भोजन करके उठे, तो बोलीं –‘इस चमरवा को भी कुछ खाने को दे दो, बेचारा कब से काम कर रहा है। भूखा होगा।‘
पंडितजी ने इस प्रस्ताव को व्यावहारिक क्षेत्र से दूर समझकर पूछा, ‘रोटियाँ हैं ?’
पंडिताइन –‘दो-चार बच जायँगी।‘
पंडित –‘दो-चार रोटियों में क्या होगा ? चमार है, कम से कम सेर भर चढ़ा जायगा।‘
पंडिताइन कानों पर हाथ रखकर बोलीं, ‘अरे बाप रे ! सेर भर ! तो फिर रहने दो।‘
पंडितजी ने अब शेर बनकर कहा, ‘क़ुछ भूसी-चोकर हो तो आटे में मिलाकर दो ठो लिट्टा ठोंक दो। साले का पेट भर जायगा। पतली रोटियों से इन नीचों का पेट नहीं भरता। इन्हें तो जुआर का लिट्टा चाहिए।‘
पंडिताइन ने कहा, ‘अब जाने भी दो, धूप में कौन मरे।‘
दुखी ने चिलम पीकर फिर कुल्हाड़ी सँभाली। दम लेने से जरा हाथों में ताकत आ गई थी। कोई आधा घण्टे तक फिर कुल्हाड़ी चलाता रहा। फिर बेदम होकर वहीं सिर पकड़ के बैठ गया। इतने में वही गोंड़ आ गया। बोला, ‘क्यों जान देते हो बूढ़े दादा, तुम्हारे फाड़े यह गाँठ न फटेगी। नाहक हलाकान होते हो।‘
दुखी ने माथे का पसीना पोंछकर कहा, ‘अभी गाड़ी भर भूसा ढोना है भाई !’
गोंड़ –‘क़ुछ खाने को मिला कि काम ही कराना जानते हैं। जाके माँगते क्यों नहीं ?’
दुखी –‘क़ैसी बात करते हो चिखुरी, बाह्मन की रोटी हमको पचेगी !’
गोंड़ –‘पचने को पच जायगी, पहले मिले तो। मूँछों पर ताव देकर भोजन किया और आराम से सोये, तुम्हें लकड़ी फाड़ने का हुक्म लगा दिया। जमींदार भी कुछ खाने को देता है। हाकिम भी बेगार लेता है, तो थोड़ी बहुत मजूरी देता है। यह उनसे भी बढ़ गये, उस पर धर्मात्मा बनते हैं।‘
दुखी –‘धीरे-धीरे बोलो भाई, कहीं सुन लें तो आफत आ जाय।‘
यह कहकर दुखी फिर सँभल पड़ा और कुल्हाड़ी की चोट मारने लगा। चिखुरी को उस पर दया आई। आकर कुल्हाड़ी उसके हाथ से छीन ली और कोई आधा घंटे खूब कस-कसकर कुल्हाड़ी चलाई; पर गाँठ में एक दरार भी न पड़ी। तब उसने कुल्हाड़ी फेंक दी और यह कहकर चला गया तुम्हारे फाड़े यह न फटेगी, जान भले निकल जाय।‘
दुखी सोचने लगा, बाबा ने यह गाँठ कहाँ रख छोड़ी थी कि फाड़े नहीं फटती। कहीं दरार तक तो नहीं पड़ती। मैं कब तक इसे चीरता रहूँगा। अभी घर पर सौ काम पड़े हैं। कार-परोजन का घर है, एक-न-एक चीज घटी ही रहती है; पर इन्हें इसकी क्या चिंता। चलूँ जब तक भूसा ही उठा लाऊँ। कह दूँगा, बाबा, आज तो लकड़ी नहीं फटी, कल आकर फाड़ दूँगा। उसने झौवा उठाया और भूसा ढोने लगा। खलिहान यहाँ से दो फरलांग से कम न था। अगर झौवा खूब भर-भर कर लाता तो काम जल्द खत्म हो जाता; फि र झौवे को उठाता कौन। अकेले भरा हुआ झौवा उससे न उठ सकता था। इसलिए थोड़ा-थोड़ा लाता था। चार बजे कहीं भूसा खत्म हुआ। पंडितजी की नींद भी खुली। मुँह-हाथ धोया, पान खाया और बाहर निकले। देखा, तो दुखी झौवा सिर पर रखे सो रहा है। जोर से बोले –‘अरे, दुखिया तू सो रहा है ? लकड़ी तो अभी ज्यों की त्यों पड़ी हुई है। इतनी देर तू करता क्या
रहा ? मुट्ठी भर भूसा ढोने में संझा कर दी ! उस पर सो रहा है। उठा ले कुल्हाड़ी और लकड़ी फाड़ डाल। तुझसे जरा-सी लकड़ी नहीं फटती। फिर साइत भी वैसी ही निकलेगी, मुझे दोष मत देना ! इसी से कहा, है कि नीच के घर में खाने को हुआ और उसकी आँख बदली।‘
दुखी ने फिर कुल्हाड़ी उठाई। जो बातें पहले से सोच रखी थीं, वह सब भूल गईं। पेट पीठ में धॉसा जाता था, आज सबेरे जलपान तक न किया था। अवकाश ही न मिला। उठना ही पहाड़ मालूम होता था। जी डूबा जाता था, पर दिल को समझाकर उठा। पंडित हैं, कहीं साइत ठीक न विचारें, तो फिर सत्यानाश ही हो जाय। जभी तो संसार में इतना मान है। साइत ही का तो सब खेल है। जिसे चाहे बिगाड़ दें। पंडितजी गाँठ के पास आकर
खड़े हो गये और बढ़ावा देने लगे हाँ, मार कसके, और मार क़सके मार अबे जोर से मार तेरे हाथ में तो जैसे दम ही नहीं है लगा कसके, खड़ा सोचने क्या लगता है हाँ बस फटा ही चाहती है ! दे उसी दरार में ! दुखी अपने होश में न था। न-जाने कौन-सी गुप्तशक्ति उसके हाथों को चला रही थी। वह थकान, भूख, कमजोरी सब मानो भाग गई। उसे अपने बाहुबल पर स्वयं आश्चर्य हो रहा था। एक-एक चोट वज्र की तरह पड़ती थी। आधा घण्टे तक वह इसी उन्माद की दशा में हाथ चलाता रहा, यहाँ तक कि लकड़ी बीच से फट गई और दुखी के हाथ से कुल्हाड़ी छूटकर गिर पड़ी। इसके साथ वह भी चक्कर खाकर गिर पड़ा। भूखा, प्यासा, थका हुआ शरीर जवाब दे गया।
पंडितजी ने पुकारा, ‘उठके दो-चार हाथ और लगा दे। पतली-पतली चैलियाँ हो जायँ। दुखी न उठा। पंडितजी ने अब उसे दिक करना उचित न समझा। भीतर जाकर बूटी छानी, शौच गये, स्नान किया और पंडिताई बाना पहनकर बाहर निकले ! दुखी अभी तक वहीं पड़ा हुआ था। जोर से पुकारा –‘अरे क्या पड़े ही रहोगे दुखी, चलो तुम्हारे ही घर चल रहा हूँ। सब सामान ठीक-ठीक है न ? दुखी फिर भी न उठा।‘
अब पंडितजी को कुछ शंका हुई। पास जाकर देखा, तो दुखी अकड़ा पड़ा हुआ था। बदहवास होकर भागे और पंडिताइन से बोले, ‘दुखिया तो जैसे मर गया।‘
पंडिताइन हकबकाकर बोलीं—‘वह तो अभी लकड़ी चीर रहा था न ?’
पंडित –‘हाँ लकड़ी चीरते-चीरते मर गया। अब क्या होगा ?’
पंडिताइन ने शान्त होकर कहा, ‘होगा क्या, चमरौने में कहला भेजो मुर्दा उठा ले जायँ।‘
एक क्षण में गाँव भर में खबर हो गई। पूरे में ब्राह्मनों की ही बस्ती थी। केवल एक घर गोंड़ का था। लोगों ने इधर का रास्ता छोड़ दिया। कुएं का रास्ता उधर ही से था, पानी कैसे भरा जाय ! चमार की लाश के पास से होकर पानी भरने कौन जाय। एक बुढ़िया ने पण्डितजी से कहा, अब मुर्दा फेंकवाते क्यों नहीं ? कोई गाँव में पानी पीयेगा या नहीं। इधर गोंड़ ने चमरौने में जाकर सबसे कह दिया ख़बरदार, मुर्दा उठाने मत जाना। अभी पुलिस की तहकीकात होगी। दिल्लगी है कि एक गरीब की जान ले ली। पंडितजी होंगे, तो अपने घर के होंगे। लाश उठाओगे तो तुम भी पकड़ जाओगे। इसके बाद ही पंडितजी पहुँचे; पर चमरौने का कोई आदमी लाश उठा लाने को तैयार न हुआ, हाँ दुखी की स्त्री और कन्या दोनों हाय-हाय करती वहाँ चलीं और पंडितजी के द्वार पर आकर सिर पीट-पीटकर रोने लगीं। उनके साथ दस-पाँच और चमारिनें थीं। कोई रोती थी, कोई समझाती थी, पर चमार एक भी न था। पण्डितजी ने चमारों को बहुत धामकाया, समझाया, मिन्नत की; पर चमारों के दिल पर पुलिस का रोब छाया हुआ था, एक भी न मिनका। आखिर निराश होकर लौट आये।
आधी रात तक रोना-पीटना जारी रहा। देवताओं का सोना मुश्किल हो गया। पर लाश उठाने कोई चमार न आया और ब्राह्मन चमार की लाश कैसे उठाते ! भला ऐसा किसी शास्त्र-पुराण में लिखा है ? कहीं कोई दिखा दे। पंडिताइन ने झुँझलाकर कहा, ‘इन डाइनों ने तो खोपड़ी चाट डाली। सभों का गला भी नहीं पकता। पंडित ने कहा, रोने दो चुड़ैलों को, कब तक रोयेंगी। जीता था, तो कोई बात न पूछता था। मर गया, तो कोलाहल मचाने के लिए सब की सब आ पहुँचीं।‘
पंडिताइन –‘चमार का रोना मनहूस है।‘
पंडित –‘हाँ, बहुत मनहूस।‘
पंडिताइन –‘अभी से दुर्गन्ध उठने लगी।‘
पंडित –‘चमार था ससुरा कि नहीं। साध-असाध किसी का विचार है इन सबों को।‘
पंडिताइन –‘इन सबों को घिन भी नहीं लगती।‘
पंडित—‘ भ्रष्ट हैं सब।‘
रात तो किसी तरह कटी; मगर सबेरे भी कोई चमार न आया। चमारिनें भी रो-पीटकर चली गईं। दुर्गन्ध कुछ-कुछ फैलने लगी। पंडितजी ने एक रस्सी निकाली। उसका फन्दा बनाकर मुरदे के पैर में डाला और फन्दे को खींचकर कस दिया। अभी कुछ-कुछ धुँधलका था। पंडितजी ने रस्सी पकड़कर लाश को घसीटना शुरू किया और गाँव के बाहर घसीट ले गये। वहाँ से आकर तुरन्त स्नान किया, दुर्गापाठ पढ़ा और घर में गंगाजल छिड़का।
उधर दुखी की लाश को खेत में गीदड़ और गिद्ध, कुत्ते और कौए नोच रहे थे। यही जीवन-पर्यन्त की भक्ति, सेवा और निष्ठा का पुरस्कार था।
सद्गति कहानी वीडियो रूप में देखेने हेतु यहाँ क्लिक करे
संत कबीर
कबीर (अंग्रेज़ी: Kabir, जन्म- सन् 1398 काशी - मृत्यु- सन् 1518 मगहर) का नाम कबीरदास, कबीर साहब एवं संत कबीर जैसे रूपों में भी प्रसिद्ध है। ये मध्यकालीन भारत के स्वाधीनचेता महापुरुष थे और इनका परिचय, प्राय: इनके जीवनकाल से ही, इन्हें सफल साधक, भक्त कवि, मतप्रवर्तक अथवा समाज सुधारक मानकर दिया जाता रहा है तथा इनके नाम पर कबीरपंथ नामक संप्रदाय भी प्रचलित है। कबीरपंथी इन्हें एक अलौकिक अवतारी पुरुष मानते हैं और इनके संबंध में बहुत-सी चमत्कारपूर्ण कथाएँ भी सुनी जाती हैं। इनका कोई प्रामाणिक जीवनवृत्त आज तक नहीं मिल सका, जिस कारण इस विषय में निर्णय करते समय, अधिकतर जनश्रुतियों, सांप्रदायिक ग्रंथों और विविध उल्लेखों तथा इनकी अभी तक उपलब्ध कतिपय फुटकल रचनाओं के अंत:साध्य का ही सहारा लिया जाता रहा है। फलत: इस संबंध में तथा इनके मत के भी विषय में बहुत कुछ मतभेद पाया जाता है।
संत कबीर दास हिंदी साहित्य के भक्ति काल के इकलौते ऐसे कवि हैं, जो आजीवन समाज और लोगों के बीच व्याप्त आडंबरों पर कुठाराघात करते रहे। वह कर्म प्रधान समाज के पैरोकार थे और इसकी झलक उनकी रचनाओं में साफ़ झलकती है। लोक कल्याण हेतु ही मानो उनका समस्त जीवन था। कबीर को वास्तव में एक सच्चे विश्व-प्रेमी का अनुभव था। कबीर की सबसे बड़ी विशेषता उनकी प्रतिभा में अबाध गति और अदम्य प्रखरता थी। समाज में कबीर को जागरण युग का अग्रदूत कहा जाता है।
डॉ. हज़ारी प्रसाद द्विवेदी ने लिखा है कि साधना के क्षेत्र में वे युग-युग के गुरु थे, उन्होंने संत काव्य का पथ प्रदर्शन कर साहित्य क्षेत्र में नव निर्माण किया था।
जीवन परिचय
जन्म
- कबीरदास के जन्म के संबंध में अनेक किंवदन्तियाँ हैं। कबीर पन्थियों की मान्यता है कि कबीर का जन्म काशी में लहरतारा तालाब में उत्पन्न कमल के मनोहर पुष्प के ऊपर बालक के रूप में हुआ। कुछ लोगों का कहना है कि वे जन्म से मुसलमान थे और युवावस्था में स्वामी रामानंद के प्रभाव से उन्हें हिन्दू धर्म की बातें मालूम हुईं। एक दिन, एक पहर रात रहते ही कबीर पंचगंगा घाट की सीढ़ियों पर गिर पड़े। रामानन्द जी गंगा स्नान करने के लिये सीढ़ियाँ उतर रहे थे कि तभी उनका पैर कबीर के शरीर पर पड़ गया। उनके मुख से तत्काल 'राम-राम' शब्द निकल पड़ा। उसी राम को कबीर ने दीक्षा-मन्त्र मान लिया और रामानन्द जी को अपना गुरु स्वीकार कर लिया। कबीर के ही शब्दों में-
हम कासी में प्रकट भये हैं,
रामानन्द चेताये।
- कबीरपंथियों में इनके जन्म के विषय में यह पद्य प्रसिद्ध है-
चौदह सौ पचपन साल गए, चन्द्रवार एक ठाठ ठए।
जेठ सुदी बरसायत को पूरनमासी तिथि प्रगट भए॥
घन गरजें दामिनि दमके बूँदे बरषें झर लाग गए।
लहर तलाब में कमल खिले तहँ कबीर भानु प्रगट भए॥[1]
मृत्यु
कबीर ने काशी के पास मगहर में देह त्याग दी। ऐसी मान्यता है कि मृत्यु के बाद उनके शव को लेकर विवाद उत्पन्न हो गया था। हिन्दू कहते थे कि उनका अंतिम संस्कार हिन्दू रीति से होना चाहिए और मुस्लिम कहते थे कि मुस्लिम रीति से। इसी विवाद के चलते जब उनके शव पर से चादर हट गई, तब लोगों ने वहाँ फूलों का ढेर पड़ा देखा। बाद में वहाँ से आधे फूल हिन्दुओं ने ले लिए और आधे मुसलमानों ने। मुसलमानों ने मुस्लिम रीति से और हिंदुओं ने हिंदू रीति से उन फूलों का अंतिम संस्कार किया। मगहर में कबीर की समाधि है। जन्म की भाँति इनकी मृत्यु तिथि एवं घटना को लेकर भी मतभेद हैं किन्तु अधिकतर विद्वान् उनकी मृत्यु संवत 1575 विक्रमी (सन 1518 ई.) मानते हैं, लेकिन बाद के कुछ इतिहासकार उनकी मृत्यु 1448 को मानते हैं।[2]
समकालीन सामाजिक परिस्थिति
महात्मा कबीरदास के जन्म के समय में भारत की राजनीतिक, सामाजिक, आर्थिक एवं धार्मिक दशा शोचनीय थी। एक तरफ मुसलमान शासकों की धर्मांन्धता से जनता परेशान थी और दूसरी तरफ हिन्दू धर्म के कर्मकांड, विधान और पाखंड से धर्म का ह्रास हो रहा था। जनता में भक्ति- भावनाओं का सर्वथा अभाव था। पंडितों के पाखंडपूर्ण वचन समाज में फैले थे। ऐसे संघर्ष के समय में, कबीरदास का प्रार्दुभाव हुआ। जिस युग में कबीर आविर्भूत हुए थे, उसके कुछ ही पूर्व भारतवर्ष के इतिहास में एक अभूतपूर्व घटना घट चुकी थी। यह घटना इस्लाम जैसे एक सुसंगठित सम्प्रदाय का आगमन था। इस घटना ने भारतीय धर्म–मत और समाज व्यवस्था को बुरी तरह से झकझोर दिया था। उसकी अपरिवर्तनीय समझी जाने वाली जाति–व्यवस्था को पहली बार ज़बर्दस्त ठोकर लगी थी। सारा भारतीय वातावरण संक्षुब्ध था। बहुत–से पंडितजन इस संक्षोभ का कारण खोजने में व्यस्त थे और अपने–अपने ढंग पर भारतीय समाज और धर्म–मत को सम्भालने का प्रयत्न कर रहे थे।
साहित्यिक परिचय
कबीर सन्त कवि और समाज सुधारक थे। उनकी कविता का एक-एक शब्द पाखंडियों के पाखंडवाद और धर्म के नाम पर ढोंग व स्वार्थपूर्ति की निजी दुकानदारियों को ललकारता हुआ आया और असत्य व अन्याय की पोल खोल धज्जियाँ उड़ाता चला गया। कबीर का अनुभूत सत्य अंधविश्वासों पर बारूदी पलीता था। सत्य भी ऐसा जो आज तक के परिवेश पर सवालिया निशान बन चोट भी करता है और खोट भी निकालता है।
संत नामदेव
जन्म (Birth)
भक्त नामदेव जी का जन्म वि. सं. 1327 में दक्षिण हैदराबाद के नरसी ब्राह्मणी नामक एक गाँव में हुआ। नामदेव जी की माता गोणाई व पिता दामा सेठ जी भगवत भक्त थे; वे निरंतर भगवान के नाम और गुणों का कीर्तन किया करते थे। नामदेव जी भी उनसे भगवन्नाम सुन-सुनकर वही सीखने लगे।माता-पिता जो कुछ करते हैं, बालक भी वही सीखता है। नामदेव जी को शैशव से ही विठ्ठल के विग्रह की पूजा, विठ्ठल के गुणगान, विठ्ठल नाम का जप आदि देखने और सुनने को मिला। वे स्वंय विठ्ठलमय हो गए।
एक बार दामा सेठ को कहीं बाहर जाना था इसलिए उन्होनें नामदेव जी पर विठ्ठल की पूजा का भार सौंपा। नामदेव जी ने सरल हृदय से पूजा की और कटोरे में भगवान को दूध का नैवेद्य अर्पित करके नेत्र बंद कर लिए। कुछ देर बाद नेत्र खोलकर देखते हैं तो दूध वैसा ही रखा है। बालक नामदेव सोचते हैं कि मेरे ही किसी अपराध से विठ्ठल दूध नहीं पीते हैं। वे बडी दीनता से प्रार्थना करने लगे, उससे भी काम नहीं चला तो रोते-रोते बोले- विठोबा! यदि तुमने आज दूध नहीं पिया तो मैं जीवन भर दूध नहीं पिऊँगा। बालक नामदेव के लिए वह पत्थर की मूर्ति नहीं थी। वे तो सा़क्षाात पांडुरंग थे। जो रूठकर दूध नहीं पी रहे थे। बच्चे की प्रतिज्ञा सुनते ही दयामय भगवान साक्षात प्रकट हो गये और दूध पीया। उसी दिन से नामदेव के हाथ से वे रोज दूध पिया करते।
विवाह और पंढरपुर प्रवास (Marriage And Migration To Pandharpur)
छोटी उम्र में ही जातीय प्रथा के अनुसार नामदेव जी का विवाह गोविंद सेठ की कन्या “राजाई” के साथ हुआ। पिता के परलोक-गमन के अनन्तर घर का भार इन्ही पर पड़ा। स्त्री तथा माता चाहतीं थीं कि ये व्यापार में लगे, किन्तु इन्होनें तो हरि कीर्तन का व्यवसाय कर लिया था। अब नामदेव जी नरसी ब्राह्मणी गाँव को छोडकर पंढरपुर आ बसे।
चंद्रभागा नदी का स्नान, भक्त पुंडलिक तथा उनके भगवान पांडुरंग के दर्शन और विठ्ठल के गुणों का कीर्तन- नामदेव जी की उपासना का यही स्वरूप था। नामदेव जी के भजनों में विठ्ठल की महिमा है, तत्वज्ञान है, भक्ति है और विठ्ठल के प्रति अपार आभार भाव है।
संत श्री ज्ञानेश्वर महाराज जी के साथ तीर्थयात्रा (Pilgrimage With Saint Shri Gyaneshwar Maharaj)
प्रसिद्ध संत श्री ज्ञानेश्वर महाराज को एक बार नामदेव जी के संग की इच्छा हुई। उन्होंने नामदेव जी को अपने साथ तीर्थयात्रा पर चलने को कहा।
नामदेव जी ने कहा – ”आप पांडुरंग से आज्ञा दिला दें तो चलूँगा।”
भगवान ने ज्ञानेश्वरजी से कहा- “नामदेव मेरा बड़ा लाड़ला है। मैं उसे अपने से क्षणभर के लिए भी दूर नहीं करना चाहता। तुम ले जाओ पर इसकी सम्भांल करना। इतना कहकर भगवान ने स्वयं ज्ञानेश्वर को नामदेव जी का हाथ पकड़ा दिया।
नामदेव जी, ज्ञानेश्वर महाराज के साथ भगवदचर्चा करते हुए यात्रा के लिए निकल गये, लेकिन उनका चित्त पांडुरंग के वियोग से व्याकुल था। ज्ञानेश्वर जी ने भगवान की सर्वव्यापकता बताते हुए समझाना चाहा, तो वे बोले- आपकी बात तो ठीक है। किन्तु पुंडलिक के पास खड़े पांडुरंग को देखे बिना मुझे चैन नहीं पड़ता। उनके इस अनन्य भाव को देखकर ज्ञानेश्वर जी बड़े प्रसन्न हुए।
एक बार ज्ञानेश्वर महाराज के पूछने पर नामदेव जी ने भजन के संबंध में कहा- मेरे भाग्य में ज्ञान कहाँ है। मुझे तो विठ्ठल की कृपा का ही भरोसा है। मुझे तो नाम संकीर्तन ही प्रिय लगता है। समस्त विश्व में एकमा़त्र विठ्ठल को देखना और हृदय में उनके चरणों का स्मरण करते हुए रहना ही उत्तम ध्यान है। मुख से उच्चारण किये जाते हुए नाम में मन को दृढ़तापूर्वक लगाकर तल्लीन हो जाना ही श्रवण है। भगवच्चारणों का दृृढ अनुसन्धान निदियमान है। सर्वभाव से एकमात्र विठ्ठल का ही ध्यान, समस्त प्राणियों में उन्हीें का दर्शन, सब और से आसक्ति हटाकर उनका ही चिन्तन- भक्ति है।
इस प्रकार तीर्थयात्रा करते हुए मार्ग में बीकानेर के पास कौलायत गाँव के पास में पहुँचकर दोनों को बड़ी प्यास लगी। पास में एक कुआँ तो था, पर वह सूख चुका था। ज्ञानेश्वर जी सिद्धयोगी थे। उन्होनें लघिमा-सिद्धि से कुँए के भीतर जमीन में प्रवेश कर जल पिया और नामदेव जी के लिए जल उपर ले आए। नामदेव जी ने वह जल पीना स्वीकार नहीं किया।
वे भावमग्न होकर कहने लगे- “मेरे विठ्ठल को क्या मेरी चिन्ता नहीं है, जो मैं इस प्रकार जल पिऊँ?”
भगवत्कृपा से कुआँ जल सेे भर गया। नामदेव जी ने इस प्रकार जल पिया।
कुछ दिनों में यात्रा पूर्ण करके संत ज्ञानेश्वर और नामदेव जी पंढरपुर लौट आये। अपने हृदय धन पांडुरंग के दर्शन करके आनन्द में भरकर कहने लगे- “मेरे मन में भ्रम था, इसलिए तो आपने मुझे भटकाया। आपके बिना अन्यदेव की ओर मेंरे चरण चलना नहीं चाहते। मैं आपके सिवा कुछ नहीं जानता हूँ परन्तु आपने मुझपर बड़ी कृपा की जो सर्वत्र मेरे लिये पंढरपुर कर दिया और याद करते ही मुझे दर्शन देते रहे।”
ज्ञानेश्वर महाराज के समाधि लेने पर नामदेव उत्तर भारत में गए। नामदेव का जीवन पंढरपुर में और उत्तरार्ध पंजाब आदि में भक्ति का प्रचार करते बीता। “विसोबा” से इन्हें पूर्व ज्ञान का बोध हुआ था। अतः उन्हें ही ये गुरू मानते थे।
नामदेव प्रत्येक पदार्थ में केवल भगवान को ही देखते थे। उनकी स्थिति का उनके जीवन की अनेक घटनाओं से पता लगता है।
नामदेव जी के जीवन की अलौकिक घटनाएँ (Divine And Supernatural Events Of Namdev Ji’s Life)
एक बार नामदेव जी की कुटिया में आग लग गयी और ये प्रेम में मस्त होकर दूसरी ओर की वस्तु भी अग्नि में फैंकते हुए कहने लगे- “स्वामी। आज तो आप लाल-लाल लपटोें का रूप बनाए बड़े अच्छे पधारे किन्तु एक ही ओर क्यों दूसरी ओर की इन वस्तुओं ने क्या अपराध किया है, आप इन्हें भी स्वीकार करें।” कुछ देर बाद में आग बुझ गई। उनकी चिन्ता करने वाले विठ्ठल स्वयं मजदूर बनकर पधारे और उन्होनें कुटिया बनाकर छान छा दी। तब से पांडुरंग नामदेव जी की छान छा देने वाले प्रसिद्ध हुए।
एक बार नामदेव जी किसी जंगल में पेड़ के नीचे रोटी बना रहे थे। इतने में एक कुत्ता आया और रोटियाँ मुहँ में उठाकर भाग चला। नामदेव जी ने घी का कटोरा हाथ में लेकर यह पुकारते हुए कुत्ते के पीछे दौड़े- “भगवन ! रोटियाँ रुखी हैं, अभी चुपड़ी नहीं हैं। मुझे घी लगाने दीजिये, फिर भोग लगाइये।”
भगवान ने कुत्ते का रूप त्यागकर शंख-चक्र-गदा-पदम् धारण किये। नामदेव जी ने दिव्य चतुर्भुज रूप में भगवान का दर्शन किया।
नामदेव जी की भक्ति बड़ी ही ऊँची थी। जिसका अनुमान उपरोक्त घटनाओं से किया जा सकता है। अनेकों लोगों को भक्ति मार्ग में लगाकर वि.सं.-1407 में 80 वर्ष की अवस्था में आप नश्वर शरीर को त्यागकर परमधाम पधारे।
अमीर खुसरो
अबुल हसन यमीनुद्दीन अमीर ख़ुसरो (1253-1325) चौदहवीं सदी के लगभग दिल्ली के निकट रहने वाले एक प्रमुख कवि, शायर, गायक और संगीतकार थे।[1] उनका परिवार कई पीढ़ियों से राजदरबार से सम्बंधित था I स्वयं अमीर खुसरो ने 8 सुल्तानों का शासन देखा था I अमीर खुसरो प्रथम मुस्लिम कवि थे जिन्होंने हिंदी शब्दों का खुलकर प्रयोग किया है I वह पहले व्यक्ति थे जिन्होंने हिंदी, हिन्दवी और फारसी में एक साथ लिखा I उन्हे खड़ी बोली के आविष्कार का श्रेय दिया जाता है I वे अपनी पहेलियों और मुकरियों के लिए जाने जाते हैं। सबसे पहले उन्हीं ने अपनी भाषा के लिए हिन्दवी का उल्लेख किया था। वे फारसी के कवि भी थे। उनको दिल्ली सल्तनत का आश्रय मिला हुआ था। उनके ग्रंथो की सूची लम्बी है। साथ ही इनका इतिहास स्रोत रूप में महत्त्व है। अमीर खुसरो को तोता-ए-हिंद कहा जाता है
मध्य एशिया की लाचन जाति के तुर्क सैफुद्दीन के पुत्र अमीर खुसरो का जन्म सन् 1253ईस्वी (६५२ हि.) में एटा उत्तर प्रदेश के पटियाली नामक कस्बे में हुआ था। लाचन जाति के तुर्क चंगेज खाँ के आक्रमणों से पीड़ित होकर बलबन (१२६६(1266)-१२८६(1286) ई0) के राज्यकाल में ‘’शरणार्थी के रूप में भारत में आ बसे थे। खुसरो की माँ बलबनके युद्धमंत्री इमादुतुल मुल्क की पुत्री तथा एक भारतीय मुसलमान महिला थी। सात वर्ष की अवस्था में खुसरो के पिता का देहान्त हो गया। किशोरावस्था में उन्होंने कविता लिखना प्रारम्भ किया और २० वर्ष के होते होते वे कवि के रूप में प्रसिद्ध हो गए। खुसरो में व्यावहारिक बुद्धि की कोई कमी नहीं थी। सामाजिक जीवन की खुसरो ने कभी अवहेलना नहीं की। खुसरो ने अपना सारा जीवन राज्याश्रय में ही बिताया। राजदरबार में रहते हुए भी खुसरो हमेशा कवि, कलाकार, संगीतज्ञ और सैनिक ही बने रहे। साहित्य के अतिरिक्त संगीत के क्षेत्र में भी खुसरो का महत्वपूर्ण योगदान है I उन्होंने भारतीय और ईरानी रागों का सुन्दर मिश्रण किया और एक नवीन राग शैली इमान, जिल्फ़, साजगरी आदि को जन्म दिया I भारतीय गायन में क़व्वालीऔर सितार को इन्हीं की देन माना जाता है। इन्होंने गीत के तर्ज पर फ़ारसी में और अरबी ग़जल के शब्दों को मिलाकर कई पहेलियाँ और दोहे भी लिखे हैं।
जीवन
इनके तीन पुत्रों में अबुलहसन (अमीर खुसरो) सबसे बड़े थे - ४ बरस की उम्र में वे दिल्ली लाए गए। ८ बरस की उम्र में वे प्रसिद्ध सूफ़ी हज़रत निज़ामुद्दीन औलिया के शिष्य बने। १६-१७ साल की उम्र में वे अमीरों के घर शायरी पढ़ने लगे थे। एक बार दिल्ली के एक मुशायरे में बलबन के भतीजे सुल्तान मुहम्मद को ख़ुसरो की शायरी बहुत पसंद आई और वो इन्हें अपने साथ मुल्तान (आधुनिक पाकिस्तानी पंजाब) ले गया। सुल्तान मुहम्मद ख़ुद भी एक अच्छा शायर था - उसने खुसरो को एक अच्छा ओहदा दिया। मसनवी लिखवाई जिसमें २० हज़ार शेर थे - ध्यान रहे कि इसी समय मध्यतुर्की में शायद दुनिया के आजतक के सबसे श्रेष्ठ शायर मौलाना रूमी भी एक मसनवी लिख रहे थे या लिख चुके थे। ५ साल तक मुल्तान में उनका जिंदगी बहुत ऐशो आराम से गुज़री। इसी समय मंगोलों का एक ख़ेमा पंजाब पर आक्रमण कर रहा था। इनको क़ैद कर हेरात ले जाया गया - मंगोलों ने सुल्तान मुहम्मद का सर कलम कर दिया था। दो साल के बाद इनकी सैनिक आकांक्षा की कमी को देखकर और शायरी का अंदाज़ देखकर छोड़ दिया गया। फिर यो पटियाली पहुँचे और फिर दिल्ली आए। बलबन को सारा क़िस्सा सुनाया - बलबन भी बीमार पड़ गया और फिर मर गया। फिर कैकुबाद के दरबार में भी ये रहे - वो भी इनकी शायरी से बहुत प्रसन्न रहा और इन्हे मुलुकशुअरा (राष्ट्रकवि) घोषित किया। जलालुद्दीन खिलजी इसी वक़्त दिल्ली पर आक्रमण कर सत्ता पर काबिज़ हुआ। उसने भी इनको स्थाई स्थान दिया। जब खिलजी के भतीजे और दामाद अलाउद्दीन ने ७० वर्षीय जलालुद्दीन का क़त्ल कर सत्ता हथियाई तो भी वो अमीर खुसरो को दरबार में रखा। चित्तौड़ पर चढ़ाई के समय भी अमीर खुसरो ने अलाउद्दीन खिलजी को मना किया लेकिन वो नहीं माना। इसके बाद मलिक काफ़ूर ने अलाउद्दीन खिलजी से सत्ता हथियाई और मुबारक शाह ने मलिक काफ़ूर से।
1.खलिकबारी(कोशग्रंथ) 2.हालात -ए- कन्हैया(भक्ति परक रचना) 3.नजराना-ए-हिंदी
एक थाल मोतियों से भरा,
सबके सर पर औंधा धरा।
चारों ओर वह थाली फिरे,
मोती उससे एक न गिरे।
इस पहेली में मोतियों का अर्थ है आकाश में टिमटिमाते तारे। रात में हजारों, शायद लाखों होते हैं। लेकिन दिन में हम केवल सूर्य को ही देख सकते हैं। इसलिए, यहाँ "मोतियों से भरा थाल" का अर्थ है आकाश में तारे। "सबके सिर पर उल्टा धरा" का अर्थ है कि आकाश सभी के ऊपर है। "चारों ओर फिरे वो थाल" का अर्थ है कि आकाश हर ओर से दिखाई देता है। "मोती उससे एक ना गिरे" का अर्थ है कि आकाश से एक भी तारा नहीं गिरता है।
इस प्रकार, इस पहेली का उत्तर है आकाश।
हरिशंकर परसाई के व्यंग्य ‘भोलाराम का जीव’ में सरकारी व्यवस्था का चित्रण
हरिशंकर परसाई हिंदी के प्रमुख व्यंग्यकार हैं। उन्होंने अपने व्यंग्य-साहित्य के माध्यम से भारतीय समाज, राजनीति और प्रशासनिक व्यवस्था की वि...
-
दहा दिवस कोणाशीही बोलायचं नाही, मोबाईल वापरायचा नाही, पुस्तकं वाचायची नाहीत, लिहायचं नाही, टीव्ही नाही, वर्तमानपत्र नाही. फक्त स्वतःसोबत राह...
-
भूमिका रचनात्मक लेखन वह कला है जिसमें लेखक कल्पना, अनुभव, संवेदना और भाषा–सौंदर्य के माध्यम से अपने विचारों को प्रभावशाली ढंग से अभिव्य...
-
1. भूमिका हिंदी साहित्य की राष्ट्रीय काव्यधारा वह सशक्त साहित्यिक प्रवृत्ति है, जिसने भारतीय समाज में राष्ट्रीय चेतना, स्वाधीनता की आकां...