गुरुवार, 13 अक्टूबर 2022

वापसी (लेखक- उषा प्रियंवदा )



गजाधर बाबू ने कमरे में जमा समान पर एक नज़र दौड़ाई-दो बक्स, डोलची, बालटी- “यह डिब्बा कैसा है, गनेशी?” उन्होंने पूछा़ “गनेशी बिस्तर बांधता हुआ, कुछ गर्व, कुछ दुःख, कुछ लज्जा से बोला, घरवाली ने कुछ बेसन के लड्डू रख दिए है़ं  कहा, बाबूजी को पसंद थे़  अब कहां हम ग़रीब लोग, आपकी कुछ ख़ातिर कर पाएंगे़” घर जाने की ख़ुशी में भी गजाधर बाबू ने एक विषाद का अनुभव किया, जैसे एक परिचित स्नेह-आदरमय, सहज संसार से उनका नाता टूट रहा था़

 

“कभी-कभी हम लोगों भी ख़बर लेते रहिएगा़” गनेशी बिस्तर में रस्सी बांधता हुआ बोला़

“कभी कुछ ज़रूरत हो तो लिखना गनेशी! इस अगहन तक बिटिया की शादी कर दो.”

गनेशी ने अंगोछे के छोर से आंखें पोंछी, “अब आप लोग सहारा न देंगे तो कौन देगा! आप यहां रहते तो शादी में कुछ हौसला रहता़”

 

गजाधर बाबू चलने को तैयार थे़ रेलवे क्वार्टर का वह कमरा, जिसमें उन्होंने कितने वर्ष बिताए थे, उनका समान हट जाने से कुरूप और ख़ाली-ख़ाली लग रहा था़ आंगन में रोपे पौधे भी जान-पहचान के लोग ले गए थे; और जगह-जगह मिट्टी बिख़री हुई थी़  पर पत्नी, बाल-बच्चों के साथ रहने की कल्पना में यह बिछोह एक दुर्बल लहर की तरह उठकर विलीन हो गया़

 

गजाधर बाबू ख़ुश थे, बहुत ख़ुश़ पैंतीस साल की नौकरी के बाद वह रिटायर होकर जा रहे थे़  इन वर्षों में अधिकांश समय उन्होंने अकेले रहकर काटा था़ उन अकेले क्षणों में उन्होंने इसी समय की कल्पना की थी, जब वह अपने परिवार के साथ रह सकेंगे़  इसी आशा के सहारे वह अपने अभाव का बोझ ढो रहे थे़  संसार की दृष्टि में उनका जीवन सफल कहा जा सकता था़ उन्होंने शहर में एक मकान बनवा लिया था़ बड़े लड़के अमर और लड़की कान्ति की शादियां कर दी थी़ दो बच्चे ऊंची कक्षाओं में पढ़ रहे थे़ गजाधर बाबू नौकरी के कारण प्रायः छोटे स्टेशनों पर रहे और उनके बच्चे तथा पत्नी शहर में, जिससे पढ़ाई में बाधा न हो़  गजाधर बाबू स्वभाव से बहुत स्नेही व्यक्ति थे और स्नेह के आकांक्षी भी़ जब परिवार साथ था, ड्यूटी से लौटकर बच्चों से हंसते-बोलते, पत्नी से कुछ मनोविनोद करते़

 

उन सबके चले जाने से उनके जीवन में गहन सूनापन भर उठा़  ख़ाली क्षणों में उनसे घर में टिका न जाता़ कवि-प्रकृति के न होने पर भी उन्हें पत्नी की स्नेहपूर्ण बातें याद आती रहती़  दोपहर में गर्मी होने पर भी दो बजे तक आग जलाए रहती; और उनके स्टेशन से वापस आने पर गरम-गरम रोटियां सेंकती-उनके खा चुकने और मना करने पर भी थोड़ा-सा कुछ और थाली में परोस देती; और बड़े प्यार से आग्रह करती़ जब वह थके-हारे बाहर से आते, तो उनकी आहट पा वह रसोई के द्वारा आती; और उनकी सलज्ज आंखें मुस्कुरा उठतीं़ गजाधर बाबू को तब हर छोटी बात भी याद आती; और वह उदास हो उठते़ अब कितने वर्षों बाद यह अवसर आया था जब वह फिर उसी स्नेह और आदर के मध्य रहने जा रहे थे़

 

टोपी उतारकर गजाधर बाबू ने चारपाई पर रख दी, जूते खोलकर नीचे ख़िसका दिए़ अन्दर से रह-रहकर कहकहों की आवाज़ आ रही थी़  इतवार का दिन था उनके सब बच्चे इकट्ठे होकर नाश्ता कर रहे थे़ गजाधर बाबू के सूखे चेहरे पर स्निग्ध मुस्कान आ गई़ उसी तरह मुस्कराते हुए वह बिना खांसे अंदर चले आए़ उन्होंने देखा कि नरेन्द्र कमर पर हाथ रखे शायद गत रात्रि की फ़िल्म में देखे गए किसी नृत्य की नक़ल कर रहा था और बसन्ती हंस-हंसकर दुहरी हो रही थी़  अमर की बहू को अपने तन-बदन, आंचल या घूंघट का कोई होश न था़ वह उन्मुक्त रूप से हंस रही थी़ गजाधर बाबू को देखते ही नरेन्द्र धप्प-से बैठ गया और चाय का प्याला उठाकर मुंह से लगा लिया़ बहू को होश आया और उसने झट से माथा ढंक लिया़ केवल बसन्ती का शरीर रह-रहकर हंसी दबाने के प्रयत्न में हिलता रहा़

 

गजाधर बाबू ने मुस्कुराते हुए उन लोगों को देखा़  फिर कहा, “क्यों नरेन्द्र नक़ल हो रही थी?” “कुछ नहीं बाबूजी” नरेन्द्र ने सिटापिटाकर कहा. गजाधर बाबू ने चाहा था, कि वह भी इस मनोविनोद में भाग लेते, पर उनके आते ही जैसे सब कुण्ठित हो चुप हो गए़  इससे उनके मन में थोड़ी-सी खिन्नता उपज आई़  बैठते हुए बोले, “बसन्ती, चाय मुझे भी देना. तुम्हारी अम्मा की पूजा अभी चल रही है क्या?”

 

बसन्ती ने मां की कोठरी की ओर देखा, “अभी आती होगी”, और प्याले में उनके लिए चाय छानने लगी़ बहु चुपचाप पहले ही चली गई थी़  अब नरेन्द्र भी चाय का आख़िरी घूंट पीकर उठ खड़ा हुआ़ केवल बसन्ती, पिता के लिहाज़ में, चौके में बैठी मां की राह देखने लगीं गजाधर बाबू ने एक घूंट चाय पी, फिर कहा “बेटी, चाय तो फ़ीकी है़”

 

“लाइए, चीनी और डाल दूं”, बसन्ती बोली़

“रहने दो, तुम्हारी अम्मा जब आएंगी, तभी पी लूंगा.”

थोड़ी देर में उनकी पत्नी हाथ में अर्घ (जल) का लोटा लिए निकलीं और अशुद्ध स्तुति कहते हुए तुलसी में दिया़ उन्हें देखते ही बसन्ती भी उठ गई़ पत्नी ने आकर गजाधर बाबू को देखा और कहा, “अरे, आप अकेले बैठे है- ये सब कहां गए? ” गजाधर बाबू के मन में फांस-सी करक उठी, “अपने-अपने काम में लग गए है- आख़िर बच्चे ही है़”

 

पत्नी आकर चौके में बैठ गई़ उन्होंने नाक-भौं चढ़ाकर चारों ओर जूठे बर्तनों को देखा। फिर कहा, “सारे मे जूठे बर्तन पड़े हैं़  इस घर में धरम-करम कुछ नहीं़ जा करके सीधे चौके में घुसों़” फिर उन्होंने नौकर को पुकारा, जब उत्तर न मिला तो एक बार और उच्च स्वर में, फिर पति की ओर देखकर बोलीं,  “बहू ने भेजा होगा बाज़ाऱ” और एक लम्बी सांस लेकर चुप हो गई़

 

गजाधर बाबू बैठकर चाय और नाश्ते का इन्तज़ार करते रहे़  उन्हें अचानक ही गनेशी की याद आ गई़  रोज़ सुबह, पैसेंजर आने से पहले वह गरम-गरम पूरियां और जलेबी बनाता था़  गजाधर बाबू जब तक उठकर तैयार होते, उनके लिए जलेबियां और चाय लाकर रख देता था़  चाय भी कितनी बढ़िया, कांच के गिलास में ऊपर तक भरी, लबालब, पूरे ढाई चम्मच चीनी और गाढ़ी मलाई़ पैसेंजर भले ही रानीपुर लेट पहुंचे, गनेशी ने चाय पहुंचाने में कभी देर नहीं की़  क्या मजाल कि कभी उससे कुछ कहना पड़े़

 

पत्नी की शिक़ायत-भरा स्वर सुन उनके विचारों में व्याघात पहुंचा़ वह कह रही थी, “सारा दिन इसी खिच-खिच में निकल जाता है़  इस गृहस्थी का धन्धा पीटते-पीटते उमर बीत गई़ कोई जरा हाथ भी नहीं बंटाता़ ”

 

“बहु क्या किया करती है?” गजाधर बाबू ने पूछा़

“पड़ी रहती है़ बसन्ती को तो, फिर कहो कि कॉलेज जाना होता है़”

गजाधर बाबू ने जोश में आकर बसन्ती को आवाज़ दी़ बसन्ती भाभी के कमरे से निकली तो गजाधर बाबू ने कहा, बसन्ती, “आज से शाम का खाना बनाने की ज़िम्मेदारी तुम पर है़ सुबह का भोजन तुम्हारी भाभी बनाएगी़ ” बसन्ती मुंह लटकाकर बोली- “बाबूजी, पढ़ना भी तो होता है़ ”

 

गजाधर बाबू ने प्यार से समझाया, “तुम सुबह पढ़ लिया करो़ तुम्हारी मां हुई बुढ़ी, उनके शरीर में अब वह शक्ति नहीं बची है़  तुम हो, तुम्हारी भाभी है, दोनों को मिलकर काम में हाथ बंटाना चाहिए़ ”

 

बसन्ती चुप रह गई़  उसके जाने के बाद उसकी मां ने धीरे से कहा, “पढ़ने का तो बहाना है़ कभी जी ही नहीं लगता, लगे कैसे? शीला से ही फ़ुरसत नहीं, बड़े-बड़े लड़के हैं उस घर में़ हर वक़्त वहां घुसा रहना, मुझे नहीं सुहाता़ मना करूं तो सुनती नहीं़ ”

 

नाश्ता कर गजाधर बाबू बैठक में चले गए़ घर छोटा था; और ऐसी व्यवस्था हो चुकी थी कि उसमें गजाधर बाबू के रहने के लिए कोई स्थान न बचा था़ जैसे किसी मेहमान के लिए कुछ अस्थायी प्रबंध कर दिया जाता है, उसी प्रकार बैठक में कुर्सियों को दीवार से सटाकर बीच में गजाधर बाबू के लिए, पतली-सी चारपाई डाल दी गई थी़ गजाधर बाबू उस कमरे में पड़े-पड़े कभी-कभी अनायास ही इस अस्थायित्व का अनुभव करने लगते़ उन्हें याद हो आती उन रेलगाड़ियों की जो की, जो आती और थोड़ी देर रूककर किसी और लक्ष्य की और चली जातीं़

 

घर छोटा होने के कारण बैठक में ही अब उनका प्रबंध किया था़ उनकी पत्नी के पास अन्दर एक छोटा कमरा अवश्य था, पर वह एक ओर अचारों के मर्तबान, दाल, चावल के कनस्तर और घी के डिब्बे से घिरा था़ दूसरी ओर पुरानी रजाइयां, दरियों में लिपटी और रस्सी से बंधी रखी थी़ उनके पास एक बड़े से टीन के बक्स में घर-भर के गरम कपड़े थे़ बीच में एक अलगनी बंधी हुई थी, जिस पर प्रायः बसन्ती के कपड़े लापरवाही से पड़े रहते थे़ वह भरसक उस कमरे में नहीं जाते थे़ घर का दूसरा कमरा अमर और उसकी बहू के पास था; तीसरा कमरा, जो सामने की ओर था, बैठक था़  गजाधर बाबू के आने से पहले उसमे अमर की ससुराल से आया बेंत की तीन कुर्सियों का सेट पड़ा था़

 

कुर्सियों पर नीली गद्दयां और बहु के हाथों के कढ़े कुशन थे़

जब कभी उनकी पत्नी को कोई लम्बी शिक़ायत करनी होती तो अपनी चटाई बैठक में डाल पड़ जाती थी़  वह एक दिन चटाई लेकर आ गई़ गजाधर बाबू ने घर-गृहस्थी की बातें छेड़ी, वह घर का रवैया देख रहे थे़ बहुत हल्के-से उन्होंने कहा कि अब हाथ में पैसा कम रहेगा, कुछ ख़र्च कम होना चाहिए़

 

“सभी ख़र्च तो वाज़िब है, किसका पेट काटूं? यही जोड़-गांठ करते-करते बूढ़ी हो गई-न मन का पहना; न ओढ़ा़ ”

 

गजाधर बाबू ने आहत, विस्मित दृष्टि से पत्नी को देखा़ उनसे अपनी हैसियत छिपी न थी़ उनकी पत्नी तंगी का अनुभव कर उसका उल्लेख करती, यह स्वाभाविक था, लेकिन उनमें सहानुभूति का पूर्ण अभाव गजाधर बाबू को बहुत खटका़ उससे यदि राय-बात की जाती कि प्रबंध कैसे हो तो उन्हें चिन्ता कम, सन्तोष अधिक होता, लेकिन उनसे तो केवल शिकायत की जाती थी, जैसे परिवार कि सब परेशानियों के लिए वही ज़िम्मेदार थे़

 

“तुम्हें किस बात की कमी है अमर की मां़ घर में बहु है, लड़के-बच्चे हैं, सिर्फ़ रूपए से ही आदमी आमीर नहीं होता, ” गजाधर बाबू ने कहा; और कहने के साथ ही अनुभव किया- यह उनकी आन्तरिक अभिव्यक्ति थी- ऐसी कि उनकी पत्नी नहीं समझ सकती़ “ हा, बड़ा सुख है न बहू से़ आज रसोई करने गई है; देखो क्या होता है? ” कहकर पत्नी ने आंखें मूंदी; और सो गयीं़ गजाधर बाबू बैठे हुए पत्नी को देखते रह गए़

 

यही थी क्या उनकी पत्नी, जिसके हाथों के कोमल स्पर्श, जिसकी मुस्कान की याद में उन्होंने सम्पूर्ण जीवन काट दिया था? उन्हें लगा कि वह लावाण्यमयी युवती जीवन की राह में कही खो गई है; और उसकी जगह आज जो स्त्री है, वह उनके मन और प्राणों के लिए नितान्त अपरिचिता है़ गाढ़ी नींद में डूबी उनकी पत्नी का भारी-सा शरीर बहुत बेडौल और कुरूप लग रहा था़ चेहरा श्रीहीन और रूखा था़ गजाधर बाबू देर तक निस्संग दृष्टि से पत्नी को देखते रहे; और फिर लेटकर छत की ओर ताकने लगे़

 

अंदर कुछ गिरा और उनकी पत्नी हड़बड़ाकर उठ बैठीं, “लो बिल्ली ने कुछ गिरा दिया शायद”, और वह अंदर भागी़ थोड़ी देर में लौटकर आई तो उनका मुंह फूला हुआ था,“ देखा बहू को, चौका खुला छ़ोड़ आई़  बिल्ली ने दाल की पतीली गिरा दी़ सभी तो खाने को हैं़  तरकारी और चार परांठे बनाने में सारा डिब्बा घी उंड़ेलकर रख दिया़ ज़रा-सा दर्द नहीं है़ कमाने वाला हाड़ तोड़े; और यहा़ चीचें लुटें़ मुझे तो मालूम था कि यह सब काम किसी के बस का नहीं है़

 

गजाधर बाबू को लगा कि पत्नी कुछ और बोलेगी तो उनके कान झनझना उठेंगे़ ओंठ भींच, करवट लेकर उन्होंने पत्नी की और पीठ कर ली़

 

रात का भोजन बसन्ती ने जान-बूझकर ऐसा बनाया था कि कौर तक निगला न जा सके़ गजाधर बाबू चुपचाप खाकर उठ गए, पर नरेन्द्र थाली सरकाकर उठ खड़ा हुआ और बोला, “मैं ऐसा खाना नही खा सकता़ ”

 

बसन्ती तुनककर बोली, “तो न खाओ, कौन तुम्हारी ख़ुशामद करता है!”

“तुमसे खाना बनाने को कहा किसने था?” नरेन्द्र चिल्लाया़

“बाबूजी ने़”

“बाबूजी को बैठे-बैठे यही सूझता है़”

 

बसन्ती को उठाकर मां ने नरेन्द्र को मनाया और अपने हाथ से कुछ बनाकर खिलाया़ गजाधर बाबू ने बाद में पत्नी से कहा, “इतनी बड़ी लड़की हो गई़  उसे खाना बनाने तक का शऊर नहीं आया! ”

 

“अरे आता सब-कुछ है, करना नहीं चाहती, पत्नी ने उत्तर दिया”़ अगली शाम मां को रसोई में देख कपड़े बदलकर बसन्ती बाहर आई तो बैठक से गजाधर बाबू ने टोक दिया, “कहा जा रही हो?”

“पड़ोस में शीला के घर,” बसन्ती ने कहा़

“कोई ज़रूरत नहीं है,अन्दर जाकर पढ़ो”, गजाधर बाबू ने कड़े स्वर में कहा़ कुछ देर अनिश्चित खड़े रहकर बसन्ती अन्दर चली गई़ गजाधर बाबू शाम को टहलने चले जाते थे, लौटकर आए तो पत्नी ने कहा, “क्या कह दिया बसन्ती से? शाम में मुंह लपेटे पड़ी है़ खाना भी नहीं खाया़”

 

बाबू खिन्न हो आए़ पत्नी कि बात का उन्होंने कुछ उत्तर नहीं दिया़ उन्होंने मन में निश्चय कर लिया कि बसन्ती की शादी जल्दी ही कर देनी है़ उस दिन के बाद बसन्ती पिता से बची-बची रहने लगी़ जाना होता तो पिछवाड़े से जाती़ गजाधर बाबू ने दो-एक बार पत्नी से पूछा तो उत्तर मिला- रूठी हुई है़ गजाधर बाबू को और रोष हुआ़ लड़की के इतने मिज़ाज! जाने को रोक दिया तो पिता से बोलेगी नहीं! फिर उनकी पत्नी ने सूचना दी की अमर अगल रहने की सोच रहा है़

 

“क्यों?” गजाधर बाबू ने चकित होकर पूछा़

पत्नी ने साफ़-साफ़ उत्तर नहीं दिया़ अमर और उसकी बहू को शिकायतें बहुत थी़ उनका कहना था कि गजाधर बाबू हमेशा बैठक में ही पड़े रहते है, कोई आने-जाने वाला हो तो कहीं बिठाने को जगह नहीं़  अमर को अब भी वह छोटा-सा समझते, और मौके-बेमौक़े टोक देते थे़ बहू को काम करना पड़ता था; और सास जब-तब फूहड़पन पर ताने देती रहती थी़  “हमारे आने के पहले भी कभी ऐसी बात हुई थी? ” गजाधर बाबू ने पूछा़ पत्नी ने सिर हिलाकर जताया कि नहीं़  पहले अमर घर का मालिक बनकर रहता था़ बहू को कोई रोक-टोक न थी़  अमर के दोस्तों का प्रायः यहीं अड्डा जमा रहता था, अन्दर से नाश्त-चाय तैयार होकर जाता रहता था़  बसन्ती को भी वही अच्छा लगता था़

गजाधर बाबू ने बहुत धीरे से कहा, “अमर से कहो, ज़ल्दबाजी की कोई ज़रूरत नहीं है.”

अगले दिन वह सुबह घूमकर लौटे तो उन्होंने पाया कि बैठक में उनकी चारपाई नहीं है़ अंदर आकर पूछनेवाले ही थे कि उनकी दृष्टि रसोई के अन्दर बैठी पत्नी पर पड़ी़ उन्होंने यह कहने को मुंह खोला कि बहू कहां है, पर कुछ याद कर चुप हो गए़ पत्नी की कोठरी में झांका तो अचार, रजाइयों और कनस्तरों के मध्य अपनी चारपाई लगी पाई़ गजाधर बाबू ने कोट उतारा और कहीं टांगने को दीवार पर नज़र दौड़ाई़ फिर उसे मोड़कर अलगनी के कुछ कपड़े खिसकाकर एक किनारे टांग दिया़ कुछ खाए बिना ही अपनी चारपाई पर लेट गए़ कुछ भी हो, मन आख़िरकार बूढ़ा ही था़ सुबह-शाम कुछ देर टहलने अवश्य चले जाते पर आते-आते थक उठते थे़ गजाधर बाबू को अपना बड़ा-सा, खुला हुआ क्वार्टर याद आ गया़ निश्चिन्त जीवन, सुबह पैसेंजर ट्रेन आने पर स्टेशन की चहल-पहल, चिर-परिचित चेहरे और पटरी पर रेल के पहियों की खट्-खट्, जो उनके लिए मधुर संगीत की तरह था़ तूफ़ान और डाकगाड़ी के इंजनों की चिंघाड़ उनकी अकेली रातों की साथी थी़ सेठ रामजीमल के मिल के कुछ लोग कभी-कभी पास आ बैठते, वही उनका दायरा था, वही उनके साथी़ वह जीवन अब उन्हें एक खोई निधि-सा प्रतीत हुआ़ उन्हें लगा कि वह ज़िन्दगी द्वारा ठगे गए हैं़  उन्होंने जो कुछ चाहा, उसमें से उन्हें एक बूंद भी न मिली़

 

लेटे हुए वह घर के अन्दर से आते विविध स्वरों को सुनते रहे़ बहू और सास की छोटी-सी झड़प, बालटी पर खुले नल की आवाज़, रसोई के बर्तनों की खटपट और उसी में गोरैयों का वार्तालाप, और अचानक ही उन्होंने निश्चिय कर लिया कि अब घर की किसी बात में दखल न देंगे़ यदि गृहस्वामी के लिए पूरे घर में एक चारपाई की जगह यही है तो यही सही, वे यहीं पड़े रहेंगे़ अगर कहीं और डाल दी गई तो वहां चले जाएंगे़ यदि बच्चों के जीवन में उनके लिए कहीं स्थान नहीं तो अपने ही घर में परदेशी की तरह पड़े रहेंगे; और उस दिन के बाद सचमुच गजाधर बाबू कुछ नहीं बोले़ नरेन्द्र मांगने आया तो बिना कारण पूछे उसे रूपए दे दिए; बसन्ती काफ़ी अंधेरा हो जाने के बाद भी पड़ोस में रही तो भी उन्होंने कुछ नहीं कहा उन्हें सबसे बड़ा ग़म यह था कि उनकी पत्नी ने भी उनमे कुछ परिवर्तन लक्ष्य नहीं किया़ वह मन-ही-मन कितना भार ढो रहे हैं, इससे वह अनजान ही बनी रही़  बल्कि उन्हें पति के घर के मामले में हस्तक्षेप न करने के कारण शान्ति ही थी़  कभी-कभी कह भी उठती, “ठीक ही है, आप बीच में न पड़ा कीजिए़ बच्चे बड़े हो गए है़ं हमारा जो कर्तव्य था, कर रहे हैं, पढ़ा रहे है, शादी कर देंगे.”

 

गजाधर बाबू ने आहत दृष्टि से पत्नी को देखा़ उन्होंने अनुभव किया कि वह पत्नी व बच्चों के लिए केवल धनोपार्जन के निमित्त मात्र हैं़ जिस व्यक्ति के अस्तित्व से पत्नी मांग में सिन्दूर डालने की अधिकारी है, समाज में उसकी प्रतिष्ठा है, उसके सामने वह दो वक़्त भोजन की थाली रख देने से सारे कर्त्तव्यों से छुट्टी पा जाती है़ वह घी और चीनी के डिब्बों में इतनी रमी हुई है कि अब वही उसकी सम्पूर्ण दुनिया बन गई है़ गजाधर बाबू उसके जीवन के केन्द्र नहीं हो सकते़ उनका तो अब बेटी की शादी के लिए भी उत्साह बुझ गया़ किसी बात में हस्तक्षेप न करने के निश्चय के बाद भी उनका अस्तित्व उस वातावरण का एक भाग न बन सका़  उनकी उपस्थिति उस घर में ऐसी असंगत लगने लगी थी, जैसे सजी हुई बैठक में उनकी चारपाई थी़ उनकी ख़ुशी एक गहरी उदासीनता मे डूब गई़

 

इतने सब निश्चयों के बावजूद भी गजाधर बाबू एक दिन बीच में दखल दे बैठे़ पत्नी स्वभावानुसार नौकर की शिकायत कर रही थी, “कितना लापरवाह है, बाजार की हर चीज़ में पैसा बनाता है़ खाने बैठता है तो खाता ही चला जाता है़” गजाधर बाबू को बराबर यह महसूस होता रहता था कि उनके घर का रहन-सहन और ख़र्च उनकी हैसियत से कहीं ज्यादा है़ पत्नी की बात सुनकर लगा कि नौकर का ख़र्च बिल्कुल बेकार है़ छोटा-मोटा काम है, घर में तीन मर्द है, कोई-न-कोई कर ही देगा़ उन्होंने उसी दिन नौकर का हिसाब कर दिया़ अमर दफ़्तर से आया तो नौकर को पुकारने लगा़ अमर की बहू बोली, “बाबूजी ने नौकर छुड़ा दिया़ ”

“क्यों?”

 

“कहते हैं; ख़र्च बहुत है़”

यह वार्तालाप बहुत सीधा-सा था, पर जिस टोन में बहु बोली, गजाधर बाबू को खटक गया़ उस दिन जी भारी होने के कारण गजाधर बाबू टहलने नहीं नए थे़ आलस्य में उठकर बत्ती भी नहीं जलाई- इस बात से बेख़बर नरेन्द्र मां से कहने लगा, “अम्मा, तुम बाबूजी से कहती क्यों नहीं? बैठे-बिठाए कुछ नहीं तो नौकर ही छुड़ा दिया़ अगर बाबूजी यह समझें कि मैं साइकिल पर गेहूं रख आटा पिसाने जाऊं तो मुझसे यह नहीं होगा़” “हां अम्मा, बसन्ती का स्वर था, मैं कॉलेज़ भी जाऊं; और लौटकर घर में झाड़ू भी लगाऊं़ यह मेरे बस की बात नहीं है़ ”

 

“बूढ़े आदमी हैं” अमर भुनभुनाया, “चुपचाप पड़े रहें़ हर चीज़ में दखल क्यों देते हैं?” पत्नी ने बड़े व्यंग्य से कहा, “और कुछ नहीं सूझा तो तुम्हारी बहू को ही चौके में भेज दिया़ वह गई तो पन्द्रह दिन का राशन पांच दिन में बनाकर रख दिया़” बहू कुछ कहे, इससे पहले वह चौके में घुस गईं़ कुछ देर में अपनी कोठरी में आई और बिजली जलाई तो गजाधर बाबू को लेटे देख बड़ी सिटपिटाई़ गजाधर बाबू की मुखमुद्रा से वह उनके भावों का अनुमान न लगा सकीं़ वह चुप, आंखे बन्द किए लेटे रहे़

 

गजाधर बाबू चिट्ठी हाथ में लिए अन्दर आए; और पत्नी को पुकारा़ वह भीगे हाथ लिए निकलीं और आंचल से पोंछती हुई पास आ खड़ी हुईं़ गजाधर बाबू ने बिना किसी भूमिका के कहा, “मुझे सेठ रामजीमल की चीनी-मिल में नौकरी मिल गई है़ ख़ाली बैठे रहने से तो चार पैसे घर में आएं, वही अच्छा है़ उन्होंने तो पहले ही कहा था, मैंने ही मना कर दिया था़”  फिर कुछ रूककर, जैसे बुझी हुई आग में एक चिनगारी चमक उठे, उन्होंने धीमे स्वर मे कहा, “मैंने सोचा था कि बरसों तुम सबसे अलग रहने के बाद अवकाश पाकर परिवार के साथ रहूंगा, ख़ैर, परसों जाना है़ तुम भी चलोगी? ” “मैं?” पत्नी ने सकपकाकर कहा, “मैं चलूंगी तो यहां का क्या होगा? इतनी बड़ी गृहस्थी, फिर सयानी लड़की....”

 

बात बीच में काट गजाधर बाबू ने हताश स्वर में कहा, “ठीक है, तुम यहीं रहो़  मैंने तो ऐसे ही कहा था़ ” और गहरे मौन में डूब गए़

 

नरेन्द्र ने बड़ी तत्परता से बिस्तर बांधा और रिक्शा बुला लाया़ गजाधर बाबू का टिन का बक्स और पतला-सा बिस्तर उस पर रख दिया गया़ नाश्ते के लिए लड्डू और मठरी की डलिया उस पर रख गजाधर बाबू रिक्शे पर बैठे गए़ एक दृष्टि उन्होंने अपने परिवार पर डाली़ फिर दूसरी ओर देखने लगे, रिक्शा चल पड़ा़ उनके जाने के बाद सब अन्दर लौट आए, बहू ने अमर से पूछा, “सिनेमा ले चलिएगा न?” बसन्ती ने उछलकर कहा, “भइया, हमें भी़”

 

गजाधर बाबू की पत्नी सीधे चौके में चली गई़ बची हुई मठरियों को कटोरदान में रखकर अपने कमरे में लाई और कनस्तरों के पास रख दिया़ फिर बाहर आकर कहा, “अरे नरेन्द्र, बाबूजी की चारपाई कमरे से निकाल दे़ उसमें चलने तक की जगह नहीं है!

संपूर्ण कहानी देखने हेतू 👇 यहां Click कीजिए

वापसी

बुधवार, 12 अक्टूबर 2022

यही सच है (लेखक - मन्नू भंडारी)


कानपुर



सामने आँगन में फैली धूप सिमटकर दीवारों पर चढ़ गई और कंधे पर बस्ता लटकाए नन्हे-नन्हे बच्चों के झुंड-के-झुंड दिखाई दिए, तो एकाएक ही मुझे समय का आभास हुआ। घंटा भर हो गया यहाँ खड़े-खड़े और संजय का अभी तक पता नहीं! झुँझलाती-सी मैं कमरे में आती हूँ। कोने में रखी मेज पर किताबें बिखरी पड़ी हैं, कुछ खुली, कुछ बंद। एक क्षण मैं उन्हें देखती रहती हूँ, फिर निरुद्देश्य-सी कपड़ों की अलमारी खोलकर सरसरी-सी नजर से कपड़े देखती हूँ। सब बिखरे पड़े हैं। इतनी देर यों ही व्यर्थ खड़ी रही; इन्हें ही ठीक कर लेती। पर मन नहीं करता और फिर बंद कर देती हूँ।

नहीं आना था तो व्यर्थ ही मुझे समय क्यों दिया? फिर यह कोई आज ही की बात है! हमेशा संजय अपने बताए हुए समय से घंटे-दो घंटे देरी करके आता है, और मैं हूँ कि उसी क्षण से प्रतीक्षा करने लगती हूँ। उसके बाद लाख कोशिश करके भी तो किसी काम में अपना मन नहीं लगा पाती। वह क्यों नहीं समझता कि मेरा समय बहुत अमूल्य है; थीसिस पूरी करने के लिए अब मुझे अपना सारा समय पढ़ाई में ही लगाना चाहिए। पर यह बात उसे कैसे समझाऊँ!

2.

मेज पर बैठकर मैं फिर पढ़ने का उपक्रम करने लगती हूँ, पर मन है कि लगता ही नहीं। पर्दे के जरा-से हिलने से दिल की धड़कन बढ़ जाती है और बार-बार नजर घड़ी के सरकते हुए काँटों पर दौड़ जाती है। हर समय यही लगता है, वह आया! वह आया!

तभी मेहता साहब की पाँच साल की छोटी बच्ची झिझकती-सी कमरे में आती है, "आंटी, हमें कहानी सुनाओगी?"

"नहीं, अभी नहीं, पीछे आना!" मैं रुखाई से जवाब देती हूँ। वह भाग जाती है। ये मिसेज मेहता भी एक ही हैं! यों तो महीनों शायद मेरी सूरत नहीं देखतीं, पर बच्ची को जब-तब मेरा सिर खाने को भेज देती हैं। मेहता साहब तो फिर भी कभी-कभी आठ-दस दिन में खैरियत पूछ ही लेते हैं, पर वे तो बेहद अकड़ू मालूम होती हैं। अच्छा ही है, ज्यादा दिलचस्पी दिखाती तो क्या मैं इतनी आजादी से घूम-फिर सकती थी?

खट-खट-खट वही परिचित पद-ध्वनि! तो आ गया संजय। मैं बरबस ही अपना सारा ध्यान पुस्तक में केंद्रित कर लेती हूँ। रजनीगंधा के ढेर-सारे फूल लिए संजय मुस्कुराता-सा दरवाजे पर खड़ा है। मैं देखती हूँ, पर मुस्कुराकर स्वागत नहीं करती। हँसता हुआ वह आगे बढ़ता है और फूलों को मेज पर पटककर, पीछे से मेरे दोनों कंधे दबाता हुआ पूछता है, "बहुत नाराज हो?"

रजनीगंधा की महक से जैसे सारा कमरा महकने लगता है।

"मुझे क्या करना है नाराज होकर?" रुखाई से मैं कहती हूँ। वह कुर्सी सहित मुझे घुमाकर अपने सामने कर लेता है, और बड़े दुलार के साथ ठोड़ी उठाकर कहता, "तुम्हीं बताओ क्या करता? क्वालिटी में दोस्तों के बीच फँसा था। बहुत कोशिश करके भी उठ नहीं पाया। सबको नाराज करके आना अच्छा भी नहीं लगता।"

इच्छा होती है, कह दूँ - "तुम्हें दोस्तों का खयाल है, उनके बुरा मानने की चिंता है, बस मेरी ही नहीं!" पर कुछ कह नहीं पाती, एकटक उसके चेहरे की ओर देखती रहती हूँ उसके साँवले चेहरे पर पसीने की बूँदें चमक रही हैं। कोई और समय होता तो मैंने अपने आँचल से इन्हें पोंछ दिया होता, पर आज नहीं। वह मंद-मंद मुस्कुरा रहा है, उसकी आँखें क्षमा-याचना कर रही हैं, पर मैं क्या करूँ? तभी वह अपनी आदत के अनुसार कुर्सी के हत्थे पर बैठकर मेरे गाल सहलाने लगता है। मुझे उसकी इसी बात पर गुस्सा आता है। हमेशा इसी तरह करेगा और फिर दुनिया-भर का लाड़-दुलार दिखलाएगा। वह जानता जो है कि इसके आगे मेरा क्रोध टिक नहीं पाता। फिर उठकर वह फूलदान के पुराने फूल फेंक देता है, और नए फूल लगाता है। फूल सजाने में वह कितना कुशल है! एक बार मैंने यों ही कह दिया था कि मुझे रजनीगंधा के फूल बड़े पसंद हैं, तो उसने नियम ही बना लिया कि हर चौथे दिन ढेर-सारे फूल लाकर मेरे कमरे में लगा देता है। और अब तो मुझे भी ऐसी आदत हो गई है कि एक दिन भी कमरे में फूल न रहें तो न पढ़ने में मन लगता है, न सोने में। ये फूल जैसे संजय की उपस्थिति का आभास देते रहते हैं।

थोड़ी देर बाद हम घूमने निकल जाते हैं। एकाएक ही मुझे इरा के पत्र की बात याद आती है। जो बात सुनने के लिए में सवेरे से ही आतुर थी, इस गुस्सेबाजी में जाने कैसे उसे ही भूल गई!

"सुनो, इरा ने लिखा है कि किसी दिन भी मेरे पास इंटरव्यू का बुलावा आ सकता है, मुझे तैयार रहना चाहिए।"

"कहाँ, कलकत्ता से?" कुछ याद करते हुए संजय पूछता है, और फिर एकाएक ही उछल पड़ता है, "यदि तुम्हें वह जॉब मिल जाए तो मजा आ जाए, दीपा, मजा आ जाए!"

हम सड़क पर हैं, नहीं तो अवश्य ही उसने आवेश में आकर कोई हरकत कर डाली होती। जाने क्यों, मुझे उसका इस प्रकार प्रसन्न होना अच्छा नहीं लगता। क्या वह चाहता है कि मैं कलकत्ता चली जाऊँ, उससे दूर?

तभी सुनाई देता है, "तुम्हें यह जॉब मिल जाए तो मैं भी अपना तबादला कलकत्ता ही करवा लूँ, हेड ऑफिस में। यहाँ की रोज की किच-किच से तो मेरा मन ऊब गया है। कितनी ही बार सोचा कि तबादले की कोशिश करूँ, पर तुम्हारे खयाल ने हमेशा मुझे बाँध लिया। ऑफिस में शांति हो जाएगी, पर मेरी शामें कितनी वीरान हो जाएँगी!"

उसके स्वर की आर्द्रता ने मुझे छू लिया। एकाएक ही मुझे लगने लगा कि रात बड़ी सुहावनी हो चली है।

हम दूर निकलकर अपनी प्रिय टेकरी पर जाकर बैठ जाते हैं। दूर-दूर तक हल्की-सी चाँदनी फैली हुई है और शहर की तरह यहाँ का वातावरण धुएँ से भरा हुआ नहीं है। वह दोनों पैर फैलाकर बैठ जाता है और घंटों मुझे अपने ऑफिस के झगड़े की बात सुनाता है और फिर कलकत्ता जाकर साथ जीवन बिताने की योजनाएँ बनाता है। मैं कुछ नहीं बोलती, बस एकटक उसे देखती हूँ, देखती रहती हूँ।

जब वह चुप हो जाता है तो बोलती हूँ, "मुझे तो इंटरव्यू में जाते हुए बड़ा डर लगता है। पता नहीं, कैसे-क्या पूछते होंगे! मेरे लिए तो यह पहला ही मौका है।"

वह खिलखिलाकर हँस पड़ता है।

"तुम भी एक ही मूर्ख हो! घर से दूर, यहाँ कमरा लेकर अकेली रहती हो, रिसर्च कर रही हो, दुनिया-भर में घूमती-फिरती हो और इंटरव्यू के नाम से डर लगता है। क्यों?" और गाल पर हल्की-सी चपत जमा देता है। फिर समझाता हुआ कहता है, "और देखो, आजकल ये इंटरव्यू आदि तो सब दिखावा-मात्र होते हैं। वहाँ किसी जान-पहचान वाले से इन्फ्लुएंस डलवाना जाकर!"

"पर कलकत्ता तो मेरे लिए एकदम नई जगह है। वहाँ इरा को छोड़कर मैं किसी को जानती भी नहीं। अब उन लोगों की कोई जान-पहचान हो तो बात दूसरी है," असहाय-सी मैं कहती हूँ।

"और किसी को नहीं जानतीं?" फिर मेरे चेहरे पर नजरें गड़ाकर पूछता है, "निशीथ भी तो वहीं है?"

"होगा, मुझे क्या करना है उससे?" मैं एकदम ही भन्नाकर जवाब देती हूँ। पता नहीं क्यों, मुझे लग ही रहा था कि अब वह यही बात कहेगा।

"कुछ नहीं करना?" वह छेड़ने के लहजे में कहता है।

और मैं भभक पड़ती हूँ, "देखो संजय, मैं हजार बार तुमसे कह चुकी हूँ कि उसे लेकर मुझसे मजाक मत किया करो! मुझे इस तरह का मजाक जरा भी पसंद नहीं है!"

वह खिलखिलाकर हँस पड़ता है, पर मेरा तो मूड ही खराब हो जाता है।

हम लौट पड़ते हैं। वह मुझे खुश करने के इरादे से मेरे कंधे पर हाथ रख देता है। मैं झपटकर हाथ हटा देती हूँ, "क्या कर रहे हो? कोई देख लेगा तो क्या कहेगा?"

"कौन है यहाँ जो देख लेगा? और देख लेगा तो देख ले, आप ही कुढ़ेगा।"

"नहीं, हमें पसंद नहीं हैं यह बेशर्मी!" और सच ही मुझे रास्ते में ऐसी हरकतें पसंद नहीं हैं चाहे रास्ता निर्जन ही क्यों न हो, पर है तो रास्ता ही, फिर कानपुर जैसी जगह।

कमरे में लौटकर मैं उसे बैठने को कहती हूँ, पर वह बैठता नहीं, बस, बाँहों में भरकर एक बार चूम लेता है। यह भी जैसे उसका रोज का नियम है।

वह चला जाता है। मैं बाहर बालकनी में निकलकर उसे देखती रहती हूँ। उसका आकार छोटा होते-होते सड़क के मोड़ पर जाकर लुप्त हो जाता है। मैं उधर ही देखती रहती हूँ - निरुद्देश्य-सी खोई-खोई-सी। फिर आकर पढ़ने बैठ जाती हूँ।

रात में सोती हूँ तो देर तक मेरी आँखें मेज पर लगे रजनीगंधा के फूलों को ही निहारती रहती हैं। जाने क्यों, अक्सर मुझे भ्रम हो जाता है कि ये फूल नहीं हैं, मानो संजय की अनेकानेक आँखें हैं, जो मुझे देख रही हैं, सहला रही हैं, दुलरा रही हैं। और अपने को यों असंख्य आँखों से निरंतर देखे जाने की कल्पना से ही मैं लजा जाती हूँ।

मैंने संजय को भी एक बार यह बात बताई थी, तो वह खूब हँसा था और फिर मेरे गालों को सहलाते हुए उसने कहा था कि मैं पागल हूँ, निरी मूर्खा हूँ!

कौन जाने, शायद उसका कहना ही ठीक हो, शायद मैं पागल ही होऊँ!

कानपुर

मैं जानती हूँ, संजय का मन निशीथ को लेकर जब-तब सशंकित हो उठता है, पर मैं उसे कैसे विश्वास दिलाऊँ कि मैं निशीथ से नफरत करती हूँ, उसकी याद-मात्र से मेरा मन घृणा से भर उठता है। फिर अठारह वर्ष की आयु में किया हुआ प्यार भी कोई प्यार होता है भला! निरा बचपन होता है, महज पागलपन! उसमें आवेश रहता है पर स्थायित्व नहीं, गति रहती है पर गहराई नहीं। जिस वेग से वह आरंभ होता है, जरा-सा झटका लगने पर उसी वेग से टूट भी जाता है। और उसके बाद आहों, आँसुओं और सिसकियों का एक दौर, सारी दुनिया की निस्सारता और आत्महत्या करने के अनेकानेक संकल्प और फिर एक तीखी घृणा। जैसे ही जीवन को दूसरा आधार मिल जाता है, उन सबको भूलने में एक दिन भी नहीं लगता। फिर तो वह सब ऐसी बेवकूफी लगती है, जिस पर बैठकर घंटों हँसने की तबीयत होती है। तब एकाएक ही इस बात का अहसास होता है कि ये सारे आँसू, ये सारी आहें उस प्रेमी के लिए नहीं थीं, वरन जीवन की उस रिक्तता और शून्यता के लिए थीं, जिसने जीवन को नीरस बनाकर बोझिल कर दिया था।

तभी तो संजय को पाते ही मैं निशीथ को भूल गई। मेरे आँसू हँसी में बदल गए और आहों की जगह किलकारियाँ गूँजने लगीं। पर संजय है कि जब-तब निशीथ की बात को लेकर व्यर्थ ही खिन्न-सा हो उठता है। मेरे कुछ कहने पर वह खिलखिला अवश्य पड़ता है, पर मैं जानती हूँ, वह पूर्ण रूप से आश्वस्त नहीं है।

उसे कैसे बताऊँ कि मेरे प्यार का, मेरी कोमल भावनाओं का, भविष्य की मेरी अनेकानेक योजनाओं का एकमात्र केंद्र संजय ही है। यह बात दूसरी है कि चाँदनी रात में, किसी निर्जन स्थान में, पेड़-तले बैठकर भी मैं अपनी थीसिस की बात करती हूँ या वह अपने ऑफिस की, मित्रों की बातें करता है, या हम किसी और विषय पर बात करने लगते हैं प़र इस सबका यह मतलब तो नहीं कि हम प्रेम नहीं करते! वह क्यों नहीं समझता कि आज हमारी भावुकता यथार्थ में बदल गई हैं, सपनों की जगह हम वास्तविकता में जीते हैं! हमारे प्रेम को परिपक्वता मिल गई हैं, जिसका आधार पाकर वह अधिक गहरा हो गया है, स्थायी हो गया है।

पर संजय को कैसे समझाऊँ यह सब? कैसे उसे समझाऊँ कि निशीथ ने मेरा अपमान किया है, ऐसा अपमान, जिसकी कचोट से मैं आज भी तिलमिला जाती हूँ। संबंध तोड़ने से पहले एक बार तो उसने मुझे बताया होता कि आखिर मैंने ऐसा कौन-सा अपराध कर डाला था, जिसके कारण उसने मुझे इतना कठोर दंड दे डाला? सारी दुनिया की भर्त्सना, तिरस्कार, परिहास और दया का विष मुझे पीना पड़ा। विश्वासघाती! नीच कहीं का! और संजय सोचता है कि आज भी मेरे मन में उसके लिए कोई कोमल स्थान है! छिः! मैं उससे नफरत करती हूँ! और सच पूछो तो अपने को भाग्यशालिनी समझती हूँ कि मैं एक ऐसे व्यक्ति के चंगुल में फँसने से बच गई, जिसके लिए प्रेम महज एक खिलवाड़ है।

संजय, यह तो सोचो कि यदि ऐसी कोई भी बात होती, तो क्या मैं तुम्हारे आगे, तुम्हारी हर उचित-अनुचित चेष्टा के आगे, यों आत्मसमर्पण करती? तुम्हारे चुंबनों और आलिंगनों में अपने को यों बिखरने देती? जानते हो, विवाह से पहले कोई भी लड़की किसी को इन सबका अधिकार नहीं देती। पर मैंने दिया। क्या केवल इसीलिए नहीं कि मैं तुम्हें प्यार करती हूँ, बहुत-बहुत प्यार करती हूँ? विश्वास करो संजय, तुम्हारा-मेरा प्यार ही सच है। निशीथ का प्यार तो मात्र छल था, भ्रम था, झूठ था।

कानपुर

परसों मुझे कलकत्ता जाना है। बड़ा डर लग रहा है। कैसे क्या होगा? मान लो, इंटरव्यू में बहुत नर्वस हो गई, तो? संजय को कह रही हूँ कि वह भी साथ चले, पर उसे ऑफिस से छुट्टी नहीं मिल सकती। एक तो नया शहर, फिर इंटरव्यू! अपना कोई साथ होता तो बड़ा सहारा मिल जाता। मैं कमरा लेकर अकेली रहती हूँ यों अकेली घूम-फिर भी लेती हूँ तो संजय सोचता है, मुझमें बड़ी हिम्मत है, पर सच, बड़ा डर लग रहा है।

बार-बार मैं यह मान लेती हूँ कि मुझे नौकरी मिल गई है और मैं संजय के साथ वहाँ रहने लगी हूँ। कितनी सुंदर कल्पना है, कितनी मादक! पर इंटरव्यू का भय मादकता से भरे इस स्वप्नजाल को छिन्न-भिन्न कर देता है।

काश, संजय भी किसी तरह मेरे साथ चल पाता!

कलकत्ता

गाड़ी जब हावड़ा स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर प्रवेश करती है तो जाने कैसी विचित्र आशंका, विचित्र-से भय से मेरा मन भर जाता है। प्लेटफॉर्म पर खड़े असंख्य नर-नारियों में मैं इरा को ढूँढ़ती हूँ। वह कहीं दिखाई नहीं देती। नीचे उतरने के बजाय खिड़की में से ही दूर-दूर तक नजरें दौड़ाती हूँ। आखिर एक कुली को बुलाकर, अपना छोटा-सा सूटकेस और बिस्तर उतारने का आदेश दे, मैं नीचे उतर पड़ती हूँ। उस भीड़ को देखकर मेरी दहशत जैसे और बढ़ जाती है। तभी किसी के हाथ के स्पर्श से मैं बुरी तरह चौंक जाती हूँ। पीछे देखती हूँ तो इरा खड़ी है।

रूमाल से चेहरे का पसीना पोंछते हुए कहती हूँ, "ओफ! तुझे न देखकर मैं घबरा रही थी कि तुम्हारे घर भी कैसे पहुँचूँगी!"

बाहर आकर हम टैक्सी में बैठते हैं। अभी तक मैं स्वस्थ नहीं हो पाई हूँ। जैसे ही हावड़ा-पुल पर गाड़ी पहुँचती है, हुगली के जल को स्पर्श करती हुई ठंडी हवाएँ तन-मन को एक ताजगी से भर देती हैं। इरा मुझे इस पुल की विशेषता बताती है और मैं विस्मित-सी उस पुल को देखती हूँ, दूर-दूर तक फैले हुगली के विस्तार को देखती हूँ, उसकी छाती पर खड़ी और विहार करती अनेक नौकाओं को देखती हूँ, बड़े-बड़े जहाजों को देखती हूँ।

उसके बाद बहुत ही भीड़-भरी सड़कों पर हमारी टैक्सी रुकती-रुकती चलती है। ऊँची-ऊँची इमारतों और चारों ओर के वातावरण से कुछ विचित्र-सी विराटता का आभास होता है, और इस सबके बीच जैसे मैं अपने को बड़ा खोया-खोया-सा महसूस करती हूँ। कहाँ पटना और कानपुर और कहाँ यह कलकत्ता! मैंने तो आज तक कभी बहुत बड़े शहर देखे ही नहीं!

सारी भीड़ को चीरकर हम रैड रोड पर आ जाते हैं। चौड़ी शांत सड़क। मेरे दोनों ओर लंबे-चौड़े खुले मैदान।

"क्यों इरा, कौन-कौन लोग होंगे इंटरव्यू में? मुझे तो बड़ा डर लग रहा है।"

"अरे, सब ठीक हो जाएगा! तू और डर? हम जैसे डरें तो कोई बात भी है। जिसने अपना सारा कैरियर अपने-आप बनाया, वह भला इंटरव्यू में डरे! फिर कुछ देर ठहरकर कहती है, "अच्छा, भैया-भाभी तो पटना ही होंगे? जाती है कभी उनके पास भी या नहीं?"

"कानपुर आने के बाद एक बार गई थी। कभी-कभी यों ही पत्र लिख देती हूँ।"

"भई कमाल के लोग हैं! बहन को भी नहीं निभा सके!"

मुझे यह प्रसंग कतई पसंद नहीं। मैं नहीं चाहती कि कोई इस विषय पर बात करे। मैं मौन ही रहती हूँ।

इरा का छोटा-सा घर है, सुंदर ढंग से सजाया हुआ। उसके पति के दौरे पर जाने की बात सुनकर पहले तो मुझे अफसोस हुआ था, वे होते तो कुछ मदद ही करते! पर फिर एकाएक लगा कि उनकी अनुपस्थिति में मैं शायद अधिक स्वतंत्रता का अनुभव कर सकूँ। उनका बच्चा भी बड़ा प्यारा है।

शाम को इरा मुझे कॉफी-हाउस ले जाती है। अचानक मुझे वहाँ निशीथ दिखाई देता है। मैं सकपकाकर नजर घुमा लेती हूँ। पर वह हमारी मेज पर ही आ पहुँचता है। विवश होकर मुझे उधर देखना पड़ता है, नमस्कार भी करना पड़ता है, इरा का परिचय भी करवाना पड़ता है। इरा पास की कुर्सी पर बैठने का निमंत्रण दे देती है। मुझे लगता है, मेरी साँस रुक जाएगी।

"कब आईं?"

"आज सवेरे ही।"

"अभी ठहरोगी? ठहरी कहाँ हो?"

जवाब इरा देती है। मैं देख रही हूँ, निशीथ बहुत बदल गया है। उसने कवियों की तरह बाल बढ़ा लिए हैं। यह क्या शौक चर्राया? उसका रंग स्याह पड़ गया है। वह दुबला भी हो गया है।

विशेष बातचीत नहीं होती और हम लोग उठ पड़ते हैं। इरा को मुन्नू की चिंता सता रही थी, और मैं स्वयं भी घर पहुँचने को उतावली हो रही थी। कॉफी-हाउस से धर्मतल्ला तक वह पैदल चलता हुआ हमारे साथ आता है। इरा उससे बात कर रही है, मानो वह इरा का ही मित्र हो! इरा अपना पता समझा देती है और वह दूसरे दिन नौ बजे आने का वायदा करके चला जाता है।

पूरे तीन साल बाद निशीथ का यों मिलना! न चाहकर भी जैसे सारा अतीत आँखों के सामने खुल जाता है। बहुत दुबला हो गया है निशीथ! लगता है, जैसे मन में कहीं कोई गहरी पीड़ा छिपाए बैठा है।

मुझसे अलग होने का दुख तो नहीं साल रहा है इसे?

कल्पना चाहे कितनी भी मधुर क्यों न हो, एक तृप्ति-युक्त आनंद देनेवाली क्यों न हो, पर मैं जानती हूँ, यह झूठ है। यदि ऐसा ही था तो कौन उसे कहने गया था कि तुम इस संबंध को तोड़ दो? उसने अपनी इच्छा से ही तो यह सब किया था।

एकाएक ही मेरा मन कटु हो उठता है। यही तो है वह व्यक्ति जिसने मुझे अपमानित करके सारी दुनिया के सामने छोड़ दिया था, महज उपहास का पात्र बनाकर! ओह, क्यों नहीं मैंने उसे पहचानने से इनकार कर दिया? जब वह मेज के पास आकर खड़ा हुआ, तो क्यों नहीं मैंने कह दिया कि माफ कीजिए, मैं आपको पहचानती नहीं? जरा उसका खिसियाना तो देखती! वह कल भी आएगा। मुझे उसे साफ-साफ मना कर देना चाहिए था कि मैं उसकी सूरत भी नहीं देखना चाहती, मैं उससे नफरत करती हूँ!

अच्छा है, आए कल! मैं उसे बता दूँगी कि जल्दी ही मैं संजय से विवाह करनेवाली हूँ। यह भी बता दूँगी कि मैं पिछला सब कुछ भूल चुकी हूँ। यह भी बता दूँगी कि मैं उससे घृणा करती हूँ और उसे जिन्दगी में कभी माफ नहीं कर सकती।

यह सब सोचने के साथ-साथ जाने क्यों, मेरे मन में यह बात भी उठ रही थी कि तीन साल हो गए, अभी तक निशीथ ने विवाह क्यों नहीं किया? करे न करे, मुझे क्या?

क्या वह आज भी मुझसे कुछ उम्मीद रखता है? हूँ! मूर्ख कहीं का!

संजय! मैंने तुमसे कितना कहा था कि तुम मेरे साथ चलो, पर तुम नहीं आए। इस समय जबकि मुझे तुम्हारी इतनी-इतनी याद आ रही है, बताओ, मैं क्या करूँ?

कलकत्ता

नौकरी पाना इतना मुश्किल है, इसका मुझे गुमान तक नहीं था। इरा कहती है कि डेढ़ सौ की नौकरी के लिए खुद मिनिस्टर तक सिफारिश करने पहुँच जाते हैं, फिर यह तो तीन सौ का जॉब है। निशीथ सवेरे से शाम तक इसी चक्कर में भटका है, यहाँ तक कि उसने अपने ऑफिस से भी छुट्टी ले ली है। वह क्यों मेरे काम में इतनी दिलचस्पी ले रहा है? उसका परिचय बड़े-बड़े लोगों से है और वह कहता है कि जैसे भी होगा, वह काम मुझे दिलाकर ही मानेगा। पर आखिर क्यों?

कल मैंने सोचा था कि अपने व्यवहार की रुखाई से मैं स्पष्ट कर दूँगी कि अब वह मेरे पास न आए। पौने नौ बजे के करीब, जब मैं अपने टूटे हुए बाल फेंकने खिड़की पर गई, तो देखा, घर से थोड़ी दूर पर निशीथ टहल रहा है। वही लंबे बाल, कुरता-पाजामा। तो वह समय से पहले ही आ गया! संजय होता तो ग्यारह के पहले नहीं पहुँचता, समय पर पहुँचना तो वह जानता ही नहीं।

उसे यों चक्कर काटते देख मेरा मन जाने कैसा हो आया। और जब वह आया तो मैं चाहकर भी कटु नहीं हो सकी। मैंने उसे कलकत्ता आने का मकसद बताया, तो लगा कि वह बड़ा प्रसन्न हुआ। वहीं बैठे-बैठे फोन करके उसने इस नौकरी के संबंध में सारी जानकारी प्राप्त कर ली, कैसे क्या करना होगा, उसकी योजना भी बना डाली, बैठे-बैठे फोन से ऑफिस को सूचना भी दे दी कि आज वह ऑफिस नहीं आएगा।

विवित्र स्थिति मेरी हो रही थी। उसके इस अपनत्व-भरे व्यवहार को मैं स्वीकार भी नहीं कर पाती थी, नकार भी नहीं पाती थी। सारा दिन मैं उसके साथ घूमती रही, पर काम की बात के अतिरिक्त उसने एक भी बात नहीं की। मैंने कई बार चाहा कि संजय की बात बता दूँ,

पर बता नहीं सकी। सोचा, कहीं वह सुनकर यह दिलचस्पी लेना कम न कर दे। उसके आज-भर के प्रयत्नों से ही मुझे काफी उम्मीद हो चली थी। यह नौकरी मेरे लिए कितनी आवश्यक है, मिल जाए तो संजय कितना प्रसन्न होगा, हमारे विवाहित जीवन के आरंभिक दिन कितने सुख में बीतेंगे!

शाम को हम घर लौटते हैं। मैं उसे बैठने को कहती हूँ, पर वह बैठता नहीं, बस खड़ा ही रहता है। उसके चौड़े ललाट पर पसीने की बूँदें चमक रही हैं। एकाएक ही मुझे लगता है, इस समय संजय होता, तो? मैं अपने आँचल से उसका पसीना पोंछ देती, और वह क्या बिना बाँहों में भरे, बिना प्यार किए यों ही चला जाता?

"अच्छा, तो चलता हूँ।"

यंत्रचालित-से मेरे हाथ जुड़ जाते हैं, वह लौट पड़ता है और मैं ठगी-सी देखती रहती हूँ।

सोते समय मेरी आदत है कि संजय के लाए हुए फूलों को निहारती रहती हूँ। यहाँ वे फूल नहीं हैं तो बड़ा सूना-सूना सा लग रहा है।

पता नहीं संजय, तुम इस समय क्या कर रहे हो! तीन दिन हो गए, किसी ने बाँहों में भरकर प्यार तक नहीं किया।

कलकत्ता

आज सवेरे मेरा इंटरव्यू हो गया है। मैं शायद बहुत नर्वस हो गई थी और जैसे उत्तर मुझे देने चाहिए, वैसे नहीं दे पाई। पर निशीथ ने आकर बताया कि मेरा चुना जाना करीब-करीब तय हो गया है। मैं जानती हूँ, यह सब निशीथ की वजह से ही हुआ।

ढलते सूरज की धूप निशीथ के बाएँ गाल पर पड़ रही थी और सामने बैठा निशीथ इतने दिन बाद एक बार फिर मुझे बड़ा प्यारा-सा लगा।

मैंने देखा, मुझसे ज्यादा वह प्रसन्न है। वह कभी किसी का अहसान नहीं लेता, पर मेरी खातिर उसने न जाने कितने लोगों को अहसान लिया। आखिर क्यों? क्या वह चाहता है कि मैं कलकत्ता आकर रहूँ उसके साथ, उसके पास? एक अजीब-सी पुलक से मेरा तन-मन सिहर उठता है। वह ऐसा क्यों चाहता है? उसका ऐसा चाहना बहुत गलत है, बहुत अनुचित है! मैं अपने मन को समझाती हूँ, ऐसी कोई बात नहीं है, शायद वह केवल मेरे प्रति किए गए अन्याय का प्रतिकार करने के लिए यह सब कर रहा है! पर क्या वह समझता है कि उसकी मदद से नौकरी पाकर मैं उसे क्षमा कर दूँगी, या जो कुछ उसने किया है, उसे भूल जाऊँगी? असंभव! मैं कल ही उसे संजय की बात बता दूँगी।

"आज तो इस खुशी में पार्टी हो जाए!"

काम की बात के अलावा यह पहला वाक्य मैं उसके मुँह से सुनती हूँ, मैं इरा की ओर देखती हूँ। वह प्रस्ताव का समर्थन करके भी मुन्नू की तबीयत का बहाना लेकर अपने को काट लेती है। अकेले जाना मुझे कुछ अटपटा-सा लगता है। अभी तक तो काम का बहाना लेकर घूम रही थी, पर अब? फिर भी मैं मना नहीं कर पाती। अंदर जाकर तैयार होती हूँ। मुझे याद आता है, निशीथ को नीला रंग बहुत पसंद था, मैं नीली साड़ी ही पहनती हूँ। बड़े चाव और सतर्कता से अपना प्रसाधन करती हूँ, और बार-बार अपने को टोकती जाती हूँ - किसको रिझाने के लिए यह सब हो रहा है? क्या यह निरा पागलपन नहीं है?

सीढ़ियों पर निशीथ हल्की-सी मुस्कुराहट के साथ कहता है, "इस साड़ी में तुम बहुत सुंदर लग रही हो।"

मेरा चेहरा तमतमा जाता है, कनपटियाँ सुर्ख हो जाती हैं। मैं चुपचाप ही इस वाक्य के लिए तैयार नहीं थी। यह सदा चुप रहनेवाला निशीथ बोला भी तो ऐसी बात।

मुझे ऐसी बातें सुनने की जरा भी आदत नहीं है। संजय न कभी मेरे कपड़ों पर ध्यान देता है, न ऐसी बातें करता है, जब कि उसे पूरा अधिकार है। और यह बिना अधिकार ऐसी बातें करे?

3.

पर जाने क्या है कि मैं उस पर नाराज नहीं हो पाती हूँ, बल्कि एक पुलकमय सिहरन महसूस करती हूँ। सच, संजय के मुँह से ऐसा वाक्य सुनने को मेरा मन तरसता रहता है, पर उसने कभी ऐसी बात नहीं की। पिछले ढाई साल से मैं संजय के साथ रह रही हूँ। रोज ही शाम को हम घूमने जाते हैं। कितनी ही बार मैंने शृंगार किया, अच्छे कपड़े पहने, पर प्रशंसा का एक शब्द भी उसके मुँह से नहीं सुना। इन बातों पर उसका ध्यान ही नहीं जाता, यह देखकर भी जैसे यह सब नहीं देख पाता। इस वाक्य को सुनने के लिए तरसता हुआ मेरा मन जैसे रस से नहा जाता है। पर निशीथ ने यह बात क्यों कही? उसे क्या अधिकार है?

क्या सचमुच ही उसे अधिकार नहीं है? नहीं है?

जाने कैसी मजबूरी है, कैसी विवशता है कि मैं इस बात का जवाब नहीं दे पाती हूँ। निश्चयात्मक दृढ़ता से नहीं कह पाती कि साथ चलते इस व्यक्ति को सचमुच ही मेरे विषय में ऐसी अवांछित बात कहने का कोई अधिकार नहीं है।

हम दोनों टैक्सी में बैठते हैं। मैं सोचती हूँ, आज मैं इसे संजय की बात बता दूँगी।

"स्काई-रूम!" निशीथ टैक्सीवाले को आदेश देता है।

'टुन' की घंटी के साथ मीटर डाउन होता है और टैक्सी हवा से बातें करने लगती है। निशीथ बहुत सतर्कता से कोने में बैठा है, बीच में इतनी जगह छोड़कर कि यदि हिचकोला खाकर भी टैक्सी रुके, तो हमारा स्पर्श न हो। हवा के झोंके से मेरी रेशमी साड़ी का पल्लू उसके समूचे बदन को स्पर्श करता हुआ उसकी गोदी में पड़कर फरफराता है। वह उसे हटाता नहीं है। मुझे लगता है, यह रेशमी, सुवासित पल्लू उसके तन-मन को रस से भिगो रहा है, यह स्पर्श उसे पुलकित कर रहा है, मैं विजय के अकथनीय आह्लाद से भर जाती हूँ।

आज भी मैं संजय की बात नहीं कह पाती। चाहकर भी नहीं कह पाती। अपनी इस विवशता पर मुझे खीज भी आती है, पर मेरा मुँह है कि खुलता ही नहीं। मुझे लगता है कि मैं जैसे कोई बहुत बड़ा अपराध कर रही होऊँ, पर फिर भी मैं कुछ नहीं कह सकी।

यह निशीथ कुछ बोलता क्यों नहीं? उसका यों कोने में दुबककर निर्विकार भाव से बैठे रहना मुझे कतई अच्छा नहीं लगता। एकाएक ही मुझे संजय की याद आने लगती है। इस समय वह यहाँ होता तो उसका हाथ मेरी कमर में लिपटा होता! यों सड़क पर ऐसी हरकतें मुझे स्वयं पसंद नहीं, पर जाने क्यों, किसी की बाँहों की लपेट के लिए मेरा मन ललक उठता है। मैं जानती हूँ कि जब निशीथ बगल में बैठा हो, उस समय ऐसी इच्छा करना, या ऐसी बात सोचना भी कितना अनुचित है। पर मैं क्या करूँ? जितनी द्रुतगति से टैक्सी चली जा रही है, मुझे लगता है, उतनी ही द्रुतगति से मैं भी बही जा रही हूँ, अनुचित, अवांछित दिशाओं की ओर।

टैक्सी झटका खाकर रुकती है तो मेरी चेतना लौटती है। मैं जल्दी से दाहिनी ओर का फाटक खोलकर कुछ इस हड़बड़ी से नीचे उतर पड़ती हूँ, मानो अंदर निशीथ मेरे साथ कोई बदतमीजी कर रहा हो।

"अजी, इधर से उतरना चाहिए कभी?" टैक्सीवाला कहता है मुझे अपनी गलती का भान होता है। उधर निशीथ खड़ा है, इधर मैं, बीच में टैक्सी!

पैसे लेकर टैक्सी चली जाती है तो हम दोनों एक-दूसरे के आमने-सामने हो जाते हैं। एकाएक ही मुझे खयाल आता है कि टैक्सी के पैसे तो मुझे ही देने चाहिए थे। पर अब क्या हो सकता था! चुपचाप हम दोनों अंदर जाते हैं। आस-पास बहुत कुछ है, चहल-पहल, रौशनी, रौनक। पर मेरे लिए जैसे सबका अस्तित्व ही मिट जाता है। मैं अपने को सबकी नजरों से ऐसे बचाकर चलती हूँ, मानो मैंने कोई अपराध कर डाला हो, और कोई मुझे पकड़ न ले।

क्या सचमुच ही मुझसे कोई अपराध हो गया है?

आमने-सामने हम दोनों बैठ जाते हैं। मैं होस्ट हूँ, फिर भी उसका पार्ट वही अदा कर रहा है। वही ऑर्डर देता है। बाहर की हलचल और उससे अधिक मन की हलचल में मैं अपने को खोया-खोया-सा महसूस करती हूँ।

हम दोनों के सामने बैरा कोल्ड-कॉफी के गिलास और खाने का कुछ सामान रख जाता है। मुझे बार-बार लगता है कि निशीथ कुछ कहना चाह रहा है। मैं उसके होंठों की धड़कन तक महसूस करती हूँ। वह जल्दी से कॉफी का स्ट्रॉ मुँह से लगा लेता है।

मूर्ख कहीं का! वह सोचता है, मैं बेवकूफ हूँ। मैं अच्छी तरह जानती हूँ कि इस समय वह क्या सोच रहा है।

तीन दिन साथ रहकर भी हमने उस प्रसंग को नहीं छेड़ा। शायद नौकरी की बात ही हमारे दिमागों पर छाई हुई थी। पर आज आज अवश्य ही वह बात आएगी! न आए, यह कितना अस्वाभाविक है! पर नहीं, स्वाभाविक शायद यही है। तीन साल पहले जो अध्याय सदा के लिए बंद हो गया, उसे उलटकर देखने का साहस शायद हम दोनों में से किसी में नहीं है। जो संबंध टूट गए, टूट गए। अब उन पर कौन बात करे? मैं तो कभी नहीं करूँगी। पर उसे तो करना चाहिए। तोड़ा उसने था, बात भी वही आरंभ करे। मैं क्यों करूँ, और मुझे क्या पड़ी है? मैं तो जल्दी ही संजय से विवाह करनेवाली हूँ। क्यों नहीं मैं इसे अभी संजय की बात बता देती? पर जाने कैसी विवशता है, जाने कैसा मोह है कि मैं मुँह नहीं खोल पाती। एकाएक मुझे लगता है जैसे उसने कुछ कहा

"आपने कुछ कहा?"

"नहीं तो!"

मैं खिसिया जाती हूँ।

फिर वही मौन! खाने में मेरा जरा भी मन नहीं लग रहा है, पर यंत्रचालित-सी मैं खा रही हूँ। शायद वह भी ऐसे ही खा रहा है। मुझे फिर लगता है कि उसके होंठ फड़क रहे हैं, और स्ट्रॉ पकड़े हुए उँगलियाँ काँप रही हैं। मैं जानती हूँ, वह पूछना चाहता है, "दीपा, तुमने मुझे माफ तो कर दिया न?

वह पूछ ही क्यों नहीं लेता? मान लो, यदि पूछ ही ले, तो क्या मैं कह सकूँगी कि मैं तुम्हें जिंदगी-भर माफ नहीं कर सकती, मैं तुमसे नफरत करती हूँ, मैं तुम्हारे साथ घूम-फिर ली, या कॉफी पी ली, तो यह मत समझो कि मैं तुम्हारे विश्वासघात की बात को भूल गई हूँ?

और एकाएक ही पिछला सब कुछ मेरी आँखों के आगे तैरने लगता है। पर यह क्या? असह्य अपमानजनित पीड़ा, क्रोध और कटुता क्यों नहीं याद आती? मेरे सामने तो पटना में गुजारी सुहानी संध्याओं और चाँदनी रातों के वे चित्र उभरकर आते हैं, जब घंटों समीप बैठ, मौन भाव से हम एक-दूसरे को निहारा करते थे। बिना स्पर्श किए भी जाने कैसी मादकता तन-मन को विभोर किए रहती थी, जाने कैसी तन्मयता में हम डूबे रहते थे एक विचित्र-सी, स्वप्निल दुनिया में! मैं कुछ बोलना भी चाहती तो वह मेरे मुँह पर उँगली रखकर कहता, "आत्मीयता के ये क्षण अनकहे ही रहने दो, दीपा!"

आज भी तो हम मौन ही हैं, एक-दूसरे के निकट ही हैं। क्या आज भी हम आत्मीयता के उन्हीं क्षणों में गुजर रहे हैं? मैं अपनी सारी शक्ति लगाकर चीख पड़ना चाहती हूँ, नही! नहीं! नहीं! पर कॉफी सिप करने के अतिरिक्त मैं कुछ नहीं कर पाती। मेरा यह विरोध हृदय की न जाने कौन-सी अतल गहराइयों में डूब जाता है!

निशीथ मुझे बिल नहीं देने देता। एक विचित्र-सी भावना मेरे मन में उठती है कि छीना-झपटी में किसी तरह मेरा हाथ इसके हाथ से छू जाए! मैं अपने स्पर्श से उसके मन के तारों को झनझना देना चाहती हूँ। पर वैसा अवसर नहीं आता। बिल वही देता है, मुझसे तो विरोध भी नहीं किया जाता।

मन में प्रचंड तूफान! पर फिर भी निर्विकार भाव से मैं टैक्सी में आकर बैठती हूँ फिर वही मौन, वही दूरी। पर जाने क्या है कि मुझे लगता है कि निशीथ मेरे बहुत निकट आ गया है, बहुत ही निकट! बार-बार मेरा मन करता है कि क्यों नहीं निशीथ मेरा हाथ पकड़ लेता, क्यों नहीं मेरे कंधे पर हाथ रख देता? मैं जरा भी बुरा नहीं मानूँगी, जरा भी नहीं! पर वह कुछ भी नहीं करता।

सोते समय रोज की तरह मैं आज भी संजय का ध्यान करते हुए ही सोना चाहती हूँ, पर निशीथ है कि बार-बार संजय की आकृति को हटाकर स्वयं आ खड़ा होता है।

कलकत्ता

अपनी मजबूरी पर खीज-खीज जाती हूँ। आज कितना अच्छा मौका था सारी बात बता देने का! पर मैं जाने कहाँ भटकी थी कि कुछ भी नहीं बता पाई।

शाम को मुझे निशीथ अपने साथ 'लेक' ले गया। पानी के किनारे हम घास पर बैठ गए। कुछ दूर पर काफी भीड़-भाड़ और चहल-पहल थी, पर यह स्थान अपेक्षाकृत शांत था। सामने लेक के पानी में छोटी-छोटी लहरें उठ रही थीं। चारों ओर के वातावरण का कुछ विचित्र-सा भाव मन पर पड़ रहा था।

"अब तो तुम यहाँ आ जाओगी!" मेरी ओर देखकर उसने कहा।

"हाँ!"

"नौकरी के बाद क्या इरादा है?"

मैंने देखा, उसकी आँखों में कुछ जानने की आतुरता फैलती जा रही है, शायद कुछ कहने की भी। मुझसे कुछ जानकर वह अपनी बात कहेगा।

"कुछ नहीं!" जाने क्यों मैं यह कह गई। कोई है जो मुझे कचोटे डाल रहा है। क्यों नहीं मैं बता देती कि नौकरी के बाद मैं संजय से विवाह करूँगी, मैं संजय से प्रेम करती हूँ, वह मुझसे प्रेम करता है? वह बहुत अच्छा है, बहुत ही! वह मुझे तुम्हारी तरह धोखा नहीं देगा, पर मैं कुछ भी तो नहीं कह पाती। अपनी इस बेबसी पर मेरी आँखें छलछला आती हैं। मैं दूसरी ओर मुँह फेर लेती हूँ।

"तुम्हारे यहाँ आने से मैं बहुत खुश हूँ!"

मेरी साँस जहाँ-की-तहाँ रुक जाती है आगे के शब्द सुनने के लिए, पर शब्द नहीं आते। बड़ी कातर, करुण और याचना-भरी दृष्टि से मैं उसे देखती हूँ, मानो कह रही होऊँ कि तुम कह क्यों नहीं देते निशीथ, कि आज भी तुम मुझे प्यार करते हो, तुम मुझे सदा अपने पास रखना चाहते हो, जो कुछ हो गया है, उसे भूलकर तुम मुझसे विवाह करना चाहते हो? कह दो, निशीथ, कह दो! य़ह सुनने के लिए मेरा मन अकुला रहा है, छटपटा रहा है! मैं बुरा नहीं मानूँगी, जरा भी बुरा नहीं मानूँगी। मान ही कैसे सकती हूँ निशीथ! इतना सब हो जाने के बाद भी शायद मैं तुम्हें प्यार करती हूँ - शायद नहीं, सचमुच ही मैं तुम्हें प्यार करती हूँ!

मैं जानती हूँ - तुम कुछ नहीं कहोगे, सदा के ही मितभाषी जो हो। फिर भी कुछ सुनने की आतुरता लिए मैं तुम्हारी तरफ देखती रहती हूँ। पर तुम्हारी नजर तो लेक के पानी पर जमी हुई है शांत, मौन!

आत्मीयता के ये क्षण अनकहे भले ही रह जाएँ पर अनबूझे नहीं रह सकते। तुम चाहे न कहो, पर मैं जानती हूँ, तुम आज भी मुझे प्यार करते हो, बहुत प्यार करते हो! मेरे कलकत्ता आ जाने के बाद इस टूटे संबंध को फिर से जोड़ने की बात ही तुम इस समय सोच रहे हो। तुम आज भी मुझे अपना ही समझते हो, तुम जानते हो, आज भी दीपा तुम्हारी है! और मैं?

लगता है, इस प्रश्न का उत्तर देने का साहस मुझमें नहीं है। मुझे डर है कि जिस आधार पर मैं तुमसे नफरत करती थी, उसी आधार पर कहीं मुझे अपने से नफरत न करनी पड़े।

लगता है, रात आधी से भी अधिक ढल गई है।

कानपुर

मन में उत्कट अभिलाषा होते हुए भी निशीथ की आवश्यक मीटिंग की बात सुनकर मैंने कह दिया था कि तुम स्टेशन मत आना। इरा आई थी, पर गाड़ी पर बिठाकर ही चली गई, या कहूँ कि मैंने जबर्दस्ती ही उसे भेज दिया। मैं जानती थी कि लाख मना करने पर भी निशीथ आएगा और विदा के उन अंतिम क्षणों में मैं उसके साथ अकेली ही रहना चाहती थी। मन में एक दबी-सी आशा थी कि चलते समय ही शायद वह कुछ कह दे। गाड़ी चलने में जब दस मिनट रह गए तो देखा, बड़ी व्यग्रता से डिब्बों में झाँकता-झाँकता निशीथ आ रहा था। पागल! उसे इतना तो समझना चाहिए कि उसकी प्रतीक्षा में मैं यहाँ बाहर खड़ी हूँ!

मैं दौड़कर उसके पास जाती हूँ, "आप क्यों आए?" पर मुझे उसका आना बड़ा अच्छा लगता है! वह बहुत थका हुआ लग रहा है। शायद सारा दिन बहुत व्यस्त रहा और दौड़ता-दौड़ता मुझे सी-ऑफ करने यहाँ आ पहुँचा। मन करता है कुछ ऐसा करूँ, जिससे इसकी सारी थकान दूर हो जाए। पर क्या करूँ? हम डिब्बे के पास आ जाते हैं।

"जगह अच्छी मिल गई?" वह अंदर झाँकते हुए पूछता है।

"हाँ!"

"पानी-वानी तो है?"

"है।"

"बिस्तर फैला लिया?"

मैं खीज पड़ती हूँ। वह शायद समझ जाता है, सो चुप हो जाता है। हम दोनों एक क्षण को एक-दूसरे की ओर देखते हैं। मैं उसकी आँखों में विचित्र-सी छायाएँ देखती हूँ, मानो कुछ है, जो उसके मन में घुट रहा है, उसे मथ रहा है, पर वह कह नहीं पा रहा है। वह क्यों नहीं कह देता? क्यों नहीं अपने मन की इस घुटन को हल्का कर लेता?

"आज भीड़ विशेष नहीं है," चारों ओर नजर डालकर वह कहता है।

मैं भी एक बार चारों ओर देख लेती हूँ, पर नजर मेरी बार-बार घड़ी पर ही जा रही है। जैसे-जैसे समय सरक रहा है, मेरा मन किसी गहरे अवसाद में डूब रहा है। मुझे कभी उस पर दया आती है तो कभी खीज। गाड़ी चलने में केवल तीन मिनट बाकी रह गए हैं। एक बार फिर हमारी नजरें मिलती हैं।

"ऊपर चढ़ जाओ, अब गाड़ी चलनेवाली है।"

बड़ी असहाय-सी नजर से मैं उसे देखती हूँ, मानो कह रही होऊँ, तुम्हीं चढ़ा दो। और फिर धीरे-धीरे चढ़ जाती हूँ। दरवाजे पर मैं खड़ी हूँ और वह नीचे प्लेटफॉर्म पर।

"जाकर पहुँचने की खबर देना। जैसे ही मुझे इधर कुछ निश्चित रूप से मालूम होगा, तुम्हें सूचना दूँगा।"

मैं कुछ बोलती नहीं, बस उसे देखती रहती हूँ

सीटी... हरी झंडी... फिर सीटी। मेरी आँखें छलछला आती हैं।

गाड़ी एक हल्के-से झटके के साथ सरकने लगती है। वह गाड़ी के साथ कदम आगे बढ़ाता है और मेरे हाथ पर धीरे-से अपना हाथ रख देता है। मेरा रोम-रोम सिहर उठता है। मन करता है चिल्ला पड़ूँ - मैं सब समझ गई, निशीथ, सब समझ गई! जो कुछ तुम इन चार दिनों में नहीं कह पाए, वह तुम्हारे इस क्षणिक स्पर्श ने कह दिया। विश्वास करो, यदि तुम मेरे हो तो मैं भी तुम्हारी हूँ, केवल तुम्हारी, एकमात्र तुम्हारी! पर मैं कुछ कह नहीं पाती। बस, साथ चलते निशीथ को देखती-भर रहती हूँ। गाड़ी के गति पकड़ते ही वह हाथ को जरा-सा दबाकर छोड़ देता है। मेरी छलछलाई आँखें मुँद जाती हैं। मुझे लगता है, यह स्पर्श, यह सुख, यह क्षण ही सत्य है, बाकी सब झूठ है, अपने को भूलने का, भरमाने का, छलने का असफल प्रयास है।

आँसू-भरी आँखों से मैं प्लेटफॉर्म को पीछे छूटता हुआ देखती हूँ। सारी आकृतियाँ धुँधली-सी दिखाई देती हैं। असंख्य हिलते हुए हाथों के बीच निशीथ के हाथ को, उस हाथ को, जिसने मेरा हाथ पकड़ा था, ढूँढ़ने का असफल-सा प्रयास करती हूँ। गाड़ी प्लेटफॉर्म को पार कर जाती है, और दूर-दूर तक कलकत्ता की जगमगाती बत्तियाँ दिखाई देती हैं। धीरे-धीरे वे सब दूर हो जाती हैं, पीछे छूटती जाती हैं। मुझे लगता है, यह दैत्याकार ट्रेन मुझे मेरे घर से कहीं दूर ले जा रही है - अनदेखी, अनजानी राहों में गुमराह करने के लिए, भटकाने के लिए!

बोझिल मन से मैं अपने फैलाए हुए बिस्तर पर लेट जाती हूँ। आँखें बंद करते ही सबसे पहले मेरे सामने संजय का चित्र उभरता है कानपुर जाकर मैं उसे क्या कहूँगी? इतने दिनों तक उसे छलती आई, अपने को छलती आई, पर अब नहीं। मैं उसे सारी बात समझा दूँगी। कहूँगी, संजय जिस संबंध को टूटा हुआ जानकर मैं भूल चुकी थी, उसकी जड़ें हृदय की किन अतल गहराइयों में जमी हुई थीं, इसका अहसास कलकत्ता में निशीथ से मिलकर हुआ। याद आता है, तुम निशीथ को लेकर सदैव ही संदिग्ध रहते थे, पर तब मैं तुम्हें ईर्ष्यालु समझती थी, आज स्वीकार करती हूँ कि तुम जीते, मैं हारी! सच मानना संजय, ढाई साल मैं स्वयं भ्रम में थी और तुम्हें भी भ्रम में डाल रखा था, पर आज भ्रम के, छलना के सारे ही जाल छिन्न-भिन्न हो गए हैं। मैं आज भी निशीथ को प्यार करती हूँ। और यह जानने के बाद, एक दिन भी तुम्हारे साथ और छल करने का दुस्साहस कैसे करूँ? आज पहली बार मैंने अपने संबंधों का विश्लेषण किया, तो जैसे सब कुछ ही स्पष्ट हो गया और जब मेरे सामने सब कुछ स्पष्ट हो गया, तो तुमसे कुछ भी नहीं छिपाऊँगी, तुम्हारे सामने मैं चाहूँ तो भी झूठ नहीं बोल सकती।

आज लग रहा है, तुम्हारे प्रति मेरे मन में जो भी भावना है वह प्यार की नहीं, केवल कृतज्ञता की है। तुमने मुझे उस समय सहारा दिया था, जब अपने पिता और निशीथ को खोकर मैं चूर-चूर हो चुकी थी। सारा संसार मुझे वीरान नजर आने लगा था, उस समय तुमने अपने स्नेहिल स्पर्श से मुझे जिला दिया, मेरा मुरझाया, मरा मन हरा हो उठा, मैं कृतकृत्य हो उठी, और समझने लगी कि मैं तुमसे प्यार करती हूँ। पर प्यार की बेसुध घड़ियाँ, वे विभोर क्षण, तन्मयता के वे पल, जहाँ शब्द चुक जाते हैं, हमारे जीवन में कभी नहीं आए। तुम्हीं बताओ, आए कभी? तुम्हारे असंख्य आलिंगनों और चुंबनों के बीच भी, एक क्षण के लिए भी तो मैंने कभी तन-मन की सुध बिसरा देनेवाली पुलक या मादकता का अनुभव नहीं किया।

सोचती हूँ, निशीथ के चले जाने के बाद मेरे जीवन में एक विराट शून्यता आ गई थी, एक खोखलापन आ गया था, तुमने उसकी पूर्ति की। तुम पूरक थे, मैं गलती से तुम्हें प्रियतम समझ बैठी।

मुझे क्षमा कर दो संजय और लौट जाओ। तुम्हें मुझ जैसी अनेक दीपाएँ मिल जाएँगी, जो सचमुच ही तुम्हें प्रियतम की तरह प्यार करेंगी। आज एक बात अच्छी तरह जान गई हूँ कि प्रथम प्रेम ही सच्चा प्रेम होता है, बाद में किया हुआ प्रेम तो अपने को भूलने का, भरमाने का प्रयास-मात्र होता है।

इसी तरह की असंख्य बातें मेरे दिमाग में आती हैं, जो मैं संजय से कहूँगी। कह सकूँगी यह सब? लेकिन कहना तो होगा ही। उसके साथ अब एक दिन भी छल नहीं कर सकती। मन से किसी और की आराधना करके तन से उसकी होने का अभिनय करती रहूँ? छिः! नहीं जानती, यही सब सोचते-सोचते मुझे कब नींद आ गई।

लौटकर अपना कमरा खोलती हूँ, तो देखती हूँ, सब कुछ ज्यों-का-त्यों है, सिर्फ फूलदान के रजनीगंधा मुरझा गए हैं। कुछ फूल झरकर जमीन पर इधर-उधर भी बिखर गए हैं।

आगे बढ़ती हूँ तो जमीन पर पड़ा एक लिफाफा दिखाई देता है। संजय की लिखाई है, खोला तो छोटा-सा पत्र था :


दीपा,

तुमने जो कलकत्ता जाकर कोई सूचना ही नहीं दी। मैं आज ऑफिस के काम से कटक जा रहा हूँ। पाँच-छह दिन में लौट आऊँगा। तब तक तुम आ ही जाओगी। जानने को उत्सुक हूँ कि कलकत्ता में क्या हुआ?

तुम्हारा

संजय
 

एक लंबा निःश्वास निकल जाता है। लगता है, एक बड़ा बोझ हट गया। इस अवधि में तो मैं अपने को अच्छी तरह तैयार कर लूँगी। नहा-धोकर सबसे पहले में निशीथ को पत्र लिखती हूँ। उसकी उपस्थिति से जो हिचक मेरे होंठ बंद किए हुए थी, दूर रहकर वह अपने-आप ही टूट जाती हैं। मैं स्पष्ट शब्दों में लिख देती हूँ कि चाहे उसने कुछ नहीं कहा, फिर भी मैं सब कुछ समझ गई हूँ। साथ ही यह भी लिख देती हूँ कि मैं उसकी उस हरकत से बहुत दुखी थी, बहुत नाराज भी, पर उसे देखते ही जैसे सारा क्रोध बह गया। इस अपनत्व में क्रोध भला टिक भी कैसे पाता? लौटी हूँ, तब से न जाने कैसी रंगीनी और मादकता मेरी आँखों के आगे छाई है!

एक खूबसूरत-से लिफाफे में उसे बंद करके मैं स्वयं पोस्ट करने जाती हूँ।

रात में सोती हूँ तो अनायास ही मेरी नजर सूने फूलदान पर जाती है। मैं करवट बदलकर सो जाती हूँ।

कानपुर

आज निशीथ को पत्र लिखे पाँचवाँ दिन है। मैं तो कल ही उसके पत्र की राह देख रही थी। पर आज की भी दोनों डाकें निकल गईं। जाने कैसा सूना-सूना, अनमना-अनमना लगता रहा सारा दिन! किसी भी तो काम में जी नहीं लगता। क्यों नहीं लौटती डाक से ही उत्तर दे दिया उसने? समझ में नहीं आता, कैसे समय गुजारूँ!

मैं बाहर बालकनी में जाकर खड़ी हो जाती हूँ। एकाएक खयाल आता है, पिछले ढाई सालों से करीब इसी समय, यहीं खड़े होकर मैंने संजय की प्रतीक्षा की है। क्या आज मैं संजय की प्रतीक्षा कर रही हूँ? या मैं निशीथ के पत्र की प्रतीक्षा कर रही हूँ? शायद किसी की नहीं, क्योंकि जानती हूँ कि दोनों में से कोई भी नहीं आएगा। फिर?

निरुद्देश्य-सी कमरे में लौट पड़ती हूँ। शाम का समय मुझसे घर में नहीं काटा जाता। रोज ही तो संजय के साथ घूमने निकल जाया करती थी। लगता है, यहीं बैठी रही तो दम ही घुट जाएगा। कमरा बंद करके मैं अपने को धकेलती-सी सड़क पर ले आती हूँ। शाम का धुँधलका मन के बोझ को और भी बढ़ा देता है। कहाँ जाऊँ? लगता है, जैसे मेरी राहें भटक गई हैं, मंजिल खो गई है। मैं स्वयं नहीं जानती, आखिर मुझे जाना कहाँ है। फिर भी निरुद्देश्य-सी चलती रहती हूँ। पर आखिर कब तक यों भटकती रहूँ? हारकर लौट पड़ती हूँ।

आते ही मेहता साहब की बच्ची तार का एक लिफाफा देती है।

धड़कते दिल से मैं उसे खोलती हूँ। इरा का तार था - 'नियुक्ति हो गई है। बधाई!'

इतनी बड़ी खुशखबरी पाकर भी जाने क्या है कि खुश नहीं हो पाती। यह खबर तो निशीथ भेजनेवाला था। एकाएक ही एक विचार मन में आता है : क्या जो कुछ मैं सोच गई, वह निरा भ्रम ही था, मात्र मेरी कल्पना, मेरा अनुमान? नहीं-नहीं! उस स्पर्श को मैं भ्रम कैसे मान लूँ, जिसने मेरे तन-मन को डुबो दिया था, जिसके द्वारा उसके हृदय की एक-एक परत मेरे सामने खुल गई थी? लेक पर बिताए उन मधुर क्षणों को भ्रम कैसे मान लूँ, जहाँ उसका मौन ही मुखरित होकर सब कुछ कह गया था? आत्मीयता के वे अनकहे क्षण! तो फिर उसने पत्र क्यों नहीं लिखा? क्या कल उसका पत्र आएगा? क्या आज भी उसे वही हिचक रोके हुए है?

तभी सामने की घड़ी टन्-टन् करके नौ बजाती है। मैं उसे देखती हूँ। यह संजय की लाई हुई है। लगता है, जैसे यह घड़ी घंटे सुना-सुनाकर मुझे संजय की याद दिला रही है। फहराते ये हरे पर्दे, यह हरी बुक-रैक, यह टेबल, यह फूलदान, सभी तो संजय के ही लाए हुए हैं। मेज पर रखा यह पेन उसने मुझे साल-गिरह पर लाकर दिया था। अपनी चेतना के इन बिखरे सूत्रों को समेटकर मैं फिर पढ़ने का प्रयास करती हूँ, पर पढ़ नहीं पाती। हारकर मैं पलंग पर लेट जाती हूँ।

सामने के फूलदान का सूनापन मेरे मन के सूनेपन को और अधिक बढ़ा देता है। मैं कसकर आँखें मूँद लेती हूँ। एक बार फिर मेरी आँखों के आगे लेक का स्वच्छ, नीला जल उभर आता है, जिसमें छोटी-छोटी लहरें उठ रही थीं। उस जल की ओर देखते हुए निशीथ की आकृति उभरकर आती है। वह लाख जल की ओर देखे, पर चेहरे पर अंकित उसके मन की हलचल को मैं आज भी, इतनी दूर रहकर भी महसूस करती हूँ। कुछ न कह पाने की मजबूरी, उसकी विवशता, उसकी घुटन आज भी मेरे सामने साकार हो उठती है। धीरे-धीरे लेक के पानी का विस्तार सिमटता जाता है, और एक छोटी-सी राइटिंग टेबल में बदल जाता है, और मैं देखती हूँ कि एक हाथ में पेन लिए और दूसरे हाथ की उँगलियों को बालों में उलझाए निशीथ बैठा है वही मजबूरी, वही विवशता, वही घुटन लिए। वह चाहता है, पर जैसे लिख नहीं पाता। वह कोशिश करता है, पर उसका हाथ बस काँपकर रह जाता है। ओह! लगता है, उसकी घुटन मेरा दम घोंटकर रख देगी। मैं एकाएक ही आँखें खोल देती हूँ। वही फूलदान, पर्दे, मेज, घड़ी !

आखिर आज निशीथ का पत्र आ गया। धड़कते दिल से मैंने उसे खोला। इतना छोटा-सा पत्र!


प्रिय दीपा,

तुम अच्छी तरह पहुँच गई, यह जानकर प्रसन्नता हुई।

तुम्हें अपनी नियुक्ति का तार तो मिल ही गया होगा। मैंने कल ही इरा जी को फोन करके सूचना दे दी थी, और उन्होंने बताया था कि तार दे देंगी। ऑफिस की ओर से भी सूचना मिल जाएगी।

इस सफलता के लिए मेरी ओर से हार्दिक बधाई स्वीकार करना। सच, मैं बहुत खुश हूँ कि तुम्हें यह काम मिल गया! मेहनत सफल हो गई। शेष फिर।

शुभेच्छु,

निशीथ
 

बस? धीरे-धीरे पत्र के सारे शब्द आँखों के आगे लुप्त हो जाते हैं, रह जाता है केवल, "शेष फिर!"

तो अभी उसके पास 'कुछ' लिखने को शेष है? क्यों नहीं लिख दिया उसने अभी? क्या लिखेगा वह?

"दीप!"

मैं मुड़कर दरवाजे की ओर देखती हूँ। रजनीगंधा के ढेर सारे फूल लिए मुस्कुराता-सा संजय खड़ा है। एक क्षण मैं संज्ञा-शून्य-सी उसे इस तरह देखती हूँ, मानो पहचानने की कोशिश कर रही हूँ। वह आगे बढ़ता है, तो मेरी खोई हुई चेतना लौटती है, और विक्षिप्त-सी दौड़कर उससे लिपट जाती हूँ।

"क्या हो गया है तुम्हें, पागल हो गई हो क्या?"

"तुम कहाँ चले गए थे संजय?" और मेरा स्वर टूट जाता है। अनायास ही आँखों से आँसू बह चलते हैं।

"क्या हो गया? कलकत्ता का काम नहीं मिला क्या? मारो भी गोली काम को। तुम इतनी परेशान क्यों हो रही हो उसके लिए?"

पर मुझसे कुछ नहीं बोला जाता। बस, मेरी बाँहों की जकड़ कसती जाती है, कसती जाती है। रजनीगंधा की महक धीरे-धीरे मेरे तन-मन पर छा जाती है। तभी मैं अपने भाल पर संजय के अधरों का स्पर्श महसूस करती हूँ, और मुझे लगता है, यह स्पर्श, यह सुख, यह क्षण ही सत्य है, वह सब झूठ था, मिथ्या था, भ्रम था।

और हम दोनों एक-दूसरे के आलिंगन में बँधे रहते हैं - चुंबित, प्रति-चुंबित!

संपूर्ण कहानी देखने हेतू 👇 यहां Click कीजिए

यही सच है

मंगलवार, 11 अक्टूबर 2022

गुलकी बन्नो- (लेखक- धर्मवीर भारती)


‘‘ऐ मर कलमुंहे!’ अकस्मात् घेघा बुआ ने कूड़ा फेंकने के लिए दरवाज़ा खोला और चौतरे पर बैठे मिरवा को गाते हुए देखकर कहा,‘‘तोरे पेट में फोनोगिराफ उलियान बा का, जौन भिनसार भवा कि तान तोड़ै लाग? राम जानै, रात के कैसन एकरा दीदा लागत है!’’ मारे डर के कि कहीं घेघा बुआ सारा कूड़ा उसी के सर पर न फेक दें, मिरवा थोड़ा खिसक गया और ज्यों ही घेघा बुआ अन्दर गईं कि फिर चौतरे की सीढ़ी पर बैठ, पैर झुलाते हुए उसने उल्टा-सुल्टा गाना शुरू कर किया,‘‘तुमें बछ याद कलते अम छनम तेरी कछम!’’ मिरवा की आवाज़ सुनकर जाने कहां से झबरी कुतिया भी कान-पूंछ झटकारते आ गई और नीचे सड़क पर बैठकर मिरवा का गाना बिल्कुल उसी अन्दाज़ में सुनने लगी जैसे हिज़ मास्टर्स वॉयस के रिकार्ड पर तसवीर बनी होती है.
अभी सारी गली में सन्नाटा था. सबसे पहले मिरवा (असली नाम मिहिरलाल) जागता था और आंख मलते-मलते घेघा बुआ के चौतरे पर आ बैठता था. उसके बाद झबरी कुतिया, फिर मिरवा की छोटी बहन मटकी और उसके बाद एक-एक कर गली के तमाम बच्चे-खोंचेवाली का लड़का मेवा, ड्राइवर साहब की लड़की निरमल, मनीजर साहब के मुन्ना बाबू-सभी आ जुटते थे. जबसे गुलकी ने घेघा बुआ के चौतरे पर तरकारियों की दुकान रखी थी तब से यह जमावड़ा वहां होने लगा था. उसके पहले बच्चे हकीमजी के चौतरे पर खेलते थे. धूप निकलते गुलकी सट्टी से तरकारियां ख़रीदकर अपनी कुबड़ी पीठ पर लादे, डण्डा टेकती आती और अपनी दुकान फैला देती. मूली, नींबू, कद्दू, लौकी, घिया-बण्डा, कभी-कभी सस्ते फल! मिरवा और मटकी जानकी उस्ताद के बच्चे थे जो एक भयंकर रोग में गल-गलकर मरे थे और दोनों बच्चे भी विकलांग, विक्षिप्त और रोगग्रस्त पैदा हुए थे. सिवा झबरी कुतिया के और कोई उनके पास नहीं बैठता था और सिवा गुलकी के कोई उन्हें अपनी देहरी या दुकान पर चढ़ने नहीं देता था.

आज भी गुलकी को आते देखकर पहले मिरवा गाना छोड़कर,‘‘छलाम गुलकी!’’ और मटकी अपने बढ़ी हुई तिल्लीवाले पेट पर से खिसकता हुआ जांघिया संभालते हुए बोली,‘‘एक ठो मूली दै देव! ए गुलकी!’’ गुलकी पता नहीं किस बात से खीजी हुई थी कि उसने मटकी को झिड़क दिया और अपनी दुकान लगाने लगी. झबरी भी पास गई कि गुलकी ने डण्ड उठाया. दुकान लगाकर वह अपनी कुबड़ी पीठ दुहराकर बैठ गई और जाने किसे बुड़बुड़ाकर गालियां देने लगी. मटकी एक क्षण चुपचाप रही फिर उसने रट लगाना शुरू किया,‘‘एक मूली! एक गुलकी!...एक’’ गुलकी ने फिर झिड़का तो चुप हो गई और अलग हटकर लोलुप नेत्रों से सफ़ेद धुली हुई मूलियों को देखने लगी. इस बार वह बोली नहीं. चुपचाप उन मूलियों की ओर हाथ बढ़ाया ही था कि गुलकी चीख़ी,‘‘हाथ हटाओ. छूना मत. कोढ़िन कहीं की! कहीं खाने-पीने की चीज देखी तो जोंक की तरह चिपक गई, चल इधर!’’ मटकी पहले तो पीछे हटी पर फिर उसकी तृष्णा ऐसी अदम्य हो गई कि उसने हाथ बढ़ाकर एक मूली खींच ली. गुलकी का मुंह तमतमा उठा और उसने बांस की खपच्ची उठाकर उसके हाथ पर चट से दे मारी! मूली नीचे गिरी और हाय! हाय! हाय!’’ कर दोनों हाथ झटकती हुई मटकी पांव पटकपटक कर रोने लगी. ‘‘जावो अपने घर रोवो. हमारी दुकान पर मरने को गली-भर के बच्चे हैं,’’ गुलकी चीख़ी! ‘‘दुकान दैके हम बिपता मोल लै लिया. छन-भर पूजा-भजन में भी कचरघांव मची रहती है!’’ अन्दर से घेघा बुआ ने स्वर मिलाया. ख़ासा हंगामा मच गया कि इतने में झबरी भी खड़ी हो गई और लगी उदात्त स्वर में भूंकने. ‘लेफ्ट राइट! लेफ्ट राइट!’ चौराहे पर तीन-चार बच्चों का जूलूस चला आ रहा था. आगे-आगे दर्जा ‘ब’ में पढ़नेवाले मुन्ना बाबू नीम की सण्टी को झण्डे की तरह थामे जलूस का नेतृत्व कर रहे थे, पीछे थे मेवा और निरमल. जलूस आकर दुकान के सामने रुक गया. गुलकी सतर्क हो गई. दुश्मन की ताक़त बढ़ गई थी.
मटकी खिसकते-खिसकते बोली,‘‘हमके गुलकी मारिस है. हाय! हाय! हमके नरिया में ढकेल दिहिस. अरे बाप रे!’’ निरमल, मेवा, मुन्ना, सब पास आकर उसकी चोट देखने लगे. फिर मुन्ना ने ढकेलकर सबको पीछे हटा दिया और सण्टी लेकर तनकर खड़े हो गए. ‘‘किसने मारा है इसे!’’
‘‘हम मारा है!’’ कुबड़ी गुलकी ने बड़े कष्ट से खड़े होकर कहा,‘‘का करोगे? हमें मारोगे! मारोगे!’’ 

‘‘मारेंगे क्यों नहीं?’’ मुन्ना बाबू ने अकड़कर कहा. गुलकी इसका कुछ जवाब देती कि बच्चे पास घिर आए. मटकी ने जीभ निकालकर मुंह बिराया, मेवा ने पीछे जाकर कहा,‘‘ए कुबड़ी, ए कुबड़ी, अपना कूबड़ दिखाओ!’’ और एक मुट्ठी धूल उसकी पीठ पर छोड़कर भागा. गुलकी का मुंह तमतमा आया और रूंधे गले से कराहते हुए उसने पता नहीं क्या कहा. किन्तु उसके चेहरे पर भय की छाया बहुत गहरी हो रही थी. बच्चे सब एक-एक मुट्ठी धूल लेकर शोर मचाते हुए दौड़े कि अकस्मात् घेघा बुआ का स्वर सुनाई पड़ा,‘‘ए मुन्ना बाबू, जात हौ कि अबहिन बहिनजी का बुलवाय के दुई-चार कनेठी दिलवाई!’’ ‘‘जाते तो हैं!’’ मुन्ना ने अकड़ते हुए कहा,‘‘ए मिरवा, बिगुल बजाओ.’’ मिरवा ने दोनों हाथ मुंह पर रखकर कहा,‘‘धुतु-धुतु-धू.’’ जलूस आगे चल पड़ा और कप्तान ने नारा लगाया:
अपने देस में अपना राज!
गुलकी की दुकान बाईकाट!
नारा लगाते हुए जलूस गली में मुड़ गया. कुबड़ी ने आंसू पोंछे, तरकारी पर से धूल झाड़ी और साग पर पानी के छींटे देने लगी.


गुलकी की उम्र ज़्यादा नहीं थी. यही हद-से-हद पच्चीस-छब्बीस. पर चेहरे पर झुर्रियां आने लगी थीं और कमर के पास से वह इस तरह दोहरी हो गई थी जैसे अस्सी वर्ष की बुढ़िया हो. बच्चों ने जब पहली बार उसे मुहल्ले में देखा तो उन्हें ताजुज्ब भी हुआ और थोड़ा भय भी. कहां से आई? कैसे आ गई? पहले कहां थी? इसका उन्हें कुछ अनुमान नहीं था? निरमल ने ज़रूर अपनी मां को उसके पिता ड्राइवर से रात को कहते हुए सुना,‘‘यह मुसीबत और खड़ी हो गई. मरद ने निकाल दिया तो हम थोड़े ही यह ढोल गले बांधेंगे. बाप अलग हम लोगों का रुपया खा गया. सुना चल बसा तो डरी कि कहीं मकान हम लोग न दख़ल कर लें और मरद को छोड़कर चली आई. ख़बरदार जो चाभी दी तुमने!’’ 

‘‘क्या छोटेपन की बात करती हो! रुपया उसके बाप ने ले लिया तो क्या हम उसका मकान मार लेंगे? चाभी हमने दे दी है. दस-पांच दिन का नाज-पानी भेज दो उसके यहां.’’
‘‘हां-हां, सारा घर उठा के भेज देव. सुन रही हो घेघा बुआ!’’
‘‘तो का भवा बहू, अरे निरमल के बाबू से तो एकरे बाप की दांत काटी रही.’’ घेघा बुआ की आवाज़ आई,‘‘बेचारी बाप की अकेली सन्तान रही. एही के बियाह में मटियामेट हुई गवा. पर ऐसे कसाई के हाथ में दिहिस की पांचै बरस में कूबड़ निकल आवा.’’
‘‘साला यहां आवे तो हण्टर से ख़बर लूं मैं.’’ ड्राइवर साहब बोले,‘‘पांच बरस बाद बाल-बच्चा हुआ. अब मरा हुआ बच्चा पैदा हुआ तो उसमें इसका क्या कसूर! साले ने सीढ़ी से ढकेल दिया. जिन्दगी-भर के लिए हड्डी खराब हो गई न! अब कैसे गुजारा हो उसका?’’
‘‘बेटवा एको दुकान खुलवाय देव. हमरा चौतरा खाली पड़ा है. यही रुपया दुइ रुपया किराया दै देवा करै, दिन-भर अपना सौदा लगाय ले. हम का मना करित है? एत्ता बड़ा चौतरा मुहल्लेवालन के काम न आई तो का हम छाती पर धै लै जाब! पर हां, मुला रुपया दै देव करै.’’
दूसरे दिन यह सनसनीख़ेज ख़बर बच्चों में फैल गई. वैसे तो हकीमजी का चबूतरा पड़ा था, पर वह कच्चा था, उस पर छाजन नहीं थी. बुआ का चौतरा लम्बा था, उस पर पत्थर जुड़े थे. लकड़ी के खम्भे थे. उस पर टीन छाई थी. कई खेलों की सुविधा थी. खम्भों के पीछे किल-किल कांटे की लकीरें खींची जा सकती थीं. एक टांग से उचक-उचककर बच्चे चिबिड्डी खेल सकते थे. पत्थर पर लकड़ी का पीढ़ा रखकर नीचे से मुड़ा हुआ तार घुमाकर रेलगाड़ी चला सकते थे. जब गुलकी ने अपनी दुकान के लिए चबूतरों के खम्भों में बांस-बांधे तो बच्चों को लगा कि उनके साम्राज्य में किसी अज्ञात शत्रु ने आकर क़िलेबन्दी कर ली है. वे सहमे हुए दूर से कुबड़ी गुलकी को देखा करते थे. निरमल ही उसकी एकमात्र संवाददाता थी और निरमल का एकमात्र विश्वस्त सूत्र था उसकी मां. उससे जो सुना था उसके आधार पर निरमल ने सबको बताया था कि यह चोर है. इसका बाप सौ रुपया चुराकर भाग गया. यह भी उसके घर का सारा रुपया चुराने आई है. 

‘‘रुपया चुराएगी तो यह भी मर जाएगी.’’ मुन्ना ने कहा,‘‘भगवान सबको दण्ड देता है.’’ निरमल बोली,‘‘ससुराल में भी रुपया चुराए होगी.’’ मेवा बोला ‘‘अरे कूबड़ थोड़े है! ओही रुपया बांधे है पीठ पर. मनसेधू का रुपया है.’’ 

‘‘सचमुच ?’’ निरमल ने अविश्वास से कहा. ‘‘और नहीं क्या कूबड़ थोड़ी है. है तो दिखावै.’’ मुन्ना द्वारा उत्साहित होकर मेवा पूछने ही जा रहा था कि देखा साबुनवाली सत्ती खड़ी बात कर रही है गुलकी से-कह रही थी,‘‘अच्छा किया तुमने! मेहनत से दुकान करो. अब कभी थूकने भी न जाना उसके यहां. हरामजादा, दूसरी औरत कर ले, चाहे दस और कर ले. सबका ख़ून उसी के मत्थे चढ़ेगा. यहां कभी आवे तो कहलाना मुझसे. इसी चाकू से दोनों आंखें निकाल लूंगी!’’
बच्चे डरकर पीछे हट गए. चलते-चलते सत्ती बोली,‘‘कभी रुपए-पैसे की ज़रूरत हो तो बताना बहिना!’’
कुछ दिन बच्चे डरे रहे. पर अकस्मात् उन्हें यह सूझा कि सत्ती को यह कुबड़ी डराने के लिए बुलाती है. इसने उसके गु़स्से में आग में घी का काम किया. पर कर क्या सकते थे. अन्त में उन्होंने एक तरीक़ा ईजाद किया. वे एक बुढ़िया का खेल खेलते थे. उसको उन्होंने संशोधित किया. मटकी को लैमन जूस देने का लालच देकर कुबड़ी बनाया गया. वह उसी तरह पीठ दोहरी करके चलने लगी. बच्चों ने सवाल जवाब शुरू किए
‘‘कुबड़ी-कुबड़ी का हेराना ?’’
‘‘सुई हिरानी.’’
‘‘सुई लैके का करबे’’
‘‘कन्था सीबै! ’’
‘‘कन्था सी के का करबे?’’
‘‘लकड़ी लाबै!’’
‘‘लकड़ी लाय के का करबे?’’
‘‘भात पकइबे!’’
‘‘भात पकाए के का करबै?’’
‘‘भात खाबै!’’
‘‘भात के बदले लात खाबै.’’
और इसके पहले कि कुबड़ी बनी हुई मटकी कुछ कह सके, वे उसे ज़ोर से लात मारते और मटकी मुंह के बल गिर पड़ती, उसकी कोहनिया और घुटने छिल जाते, आंख में आंसू आ जाते और ओंठ दबाकर वह रूलाई रोकती. बच्चे ख़ुशी से चिल्लाते,‘‘मार डाला कुबड़ी को. मार डाला कुबड़ी को.’’ गुलकी यह सब देखती और मुंह फेर लेती.


एक दिन जब इसी प्रकार मटकी को कुबड़ी बनाकर गुलकी की दुकान के सामने ले गए तो इसके पहले कि मटकी जबाव दे, उन्होंने अनचिते में इतनी ज़ोर से ढकेल दिया कि वह कुहनी भी न टेक सकी और सीधे मुंह के बल गिरी. नाक, होंठ और भौंह ख़ून से लथपथ हो गए. वह ‘‘हाय! हाय!’’ कर इस बुरी तरह चीख़ी कि लड़के कुबड़ी मर गई चिल्लाते हुए सहम गए और हतप्रभ हो गए. अकस्मात् उन्होंने देखा की गुलकी उठी. वे जान छोड़ भागे. पर गुलकी उठकर आई, मटकी को गोद में लेकर पानी से उसका मुंह धोने लगी और धोती से ख़ून पोंछने लगी. बच्चों ने पता नहीं क्या समझा कि वह मटकी को मार रही है, या क्या कर रही है कि वे अकस्मात् उस पर टूट पड़े. गुलकी की चीख़े सुनकर मुहल्ले के लोग आए तो उन्होंने देखा कि गुलकी के बाल बिखरे हैं और दांत से ख़ून बह रहा है, अधउघारी चबूतरे से नीचे पड़ी है, और सारी तरकारी सड़क पर बिखरी है. घेघा बुआ ने उसे उठाया, धोती ठीक की और बिगड़कर बोलीं,‘‘औकात रत्ती-भर नै, और तेहा पौवा-भर. आपन बखत देख कर चुप नै रहा जात. कहे लड़कन के मुंह लगत हो?’’ लोगों ने पूछ तो कुछ नहीं बोली. जैसे उसे पाला मार गया हो. उसने चुपचाप अपनी दुकान ठीक की और दांत से ख़ून पोंछा, कुल्ला किया और बैठ गई.
उसके बाद अपने उस कृत्य से बच्चे जैसे खु़द सहम गए थे. बहुत दिन तक वे शान्त रहे. आज जब मेवा ने उसकी पीठ पर धूल फेंकी तो जैसे उसे खू़न चढ़ गया पर फिर न जाने वह क्या सोचकर चुप रह गई और जब नारा लगाते जूलूस गली में मुड़ गया तो उसने आंसू पोंछे, पीठ पर से धूल झाड़ी और साग पर पानी छिड़कने लगी. लड़के का हैं गल्ली के राक्षस हैं!’’ घेघा बुआ बोलीं. ‘‘अरे उन्हें काहै कहो बुआ! हमारा भाग भी खोटा है!’’ गुलकी ने गहरी सांस लेकर कहा...
इस बार जो झड़ी लगी तो पांच दिन तक लगातार सूरज के दर्शन नहीं हुए. बच्चे सब घर में क़ैद थे और गुलकी कभी दुकान लगाती थी, कभी नहीं, राम-राम करके तीसरे पहर झड़ी बन्द हुई. बच्चे हकीमजी के चौतरे पर जमा हो गए. मेवा बिलबोटी बीन लाया था और निरमल ने टपकी हुई निमकौड़ियां बीनकर दुकान लगा ली थी और गुलकी की तरह आवाज़ लगा रही थी, ‘‘ले खीरा, आलू, मूली, घिया, बण्डा!’’ थोड़ी देर में क़ाफी शिशु-ग्राहक दुकान पर जुट गए. अकस्मात् शोरगुल से चीरता हुआ बुआ के चौतरे से गीत का स्वर उठा बच्चों ने घूम कर देखा मिरवा और मटकी गुलकी की दुकान पर बैठे हैं. मटकी खीरा खा रही है और मिरवा झबरी का सर अपनी गोद में रखे बिलकुल उसकी आंखों में आंखें डालकर गा रहा है.
तुरन्त मेवा गया और पता लगाकर लाया कि गुलकी ने दोनों को एक–एक अधन्ना दिया है दोनों मिलकर झबरी कुतिया के कीड़े निकाल रहे हैं. चौतरे पर हलचल मच गई और मुन्ना ने कहा,‘‘निरमल! मिरवा-मटकी को एक भी निमकौड़ी मत देना. रहें उसी कुबड़ी के पास!’’ 

‘‘हां जी!’’ निरमल ने आंख चमकाकर गोल मुंह करके कहा,‘‘हमार अम्मां कहत रहीं उन्हें छुयो न! न साथ खायो, न खेलो. उन्हें बड़ी बुरी बीमारी है. आक थू!’’ मुन्ना ने उनकी ओर देखकर उबकाई जैसा मुंह बनाकर थूक दिया.
गुलकी बैठी-बैठी सब समझ रही थी और जैसे इस निरर्थक घृणा में उसे कुछ रस-सा आने लगा था. उसने मिरवा से कहा, ‘‘तुम दोनों मिल के गाओ तो एक अधन्ना दें. खूब ज़ोर से!’’ भाई-बहन दोनों ने गाना शुरू किया-माल कताली मल जाना, पल अकियां किछी से...’’ अकस्मात् पटाक से दरवाज़ा खुला और एक लोटा पानी दोनों के ऊपर फेंकती हुई घेघा बुआ गरजीं, दूर कलमुंहे. अबहिन बितौ-भर के नाहीं ना और पतुरियन के गाना गाबै लगे. न बहन का ख्याल, न बिटिया का. और ए कुबड़ी, हम तुहूं से कहे देइत है कि हम चकलाखाना खोलै के बरे अपना चौतरा नहीं दिया रहा. हुंह! चली हुंआ से मुजरा करावै.’’
गुलकी ने पानी उधर छिटकाते हुए कहा,‘‘बुआ बच्चे हैं. गा रहे हैं. कौन कसूर हो गया.’’
‘‘ऐ हां! बच्चे हैं. तुहूं तो दूध पियत बच्ची हौ. कह दिया कि जबान न लड़ायों हमसे, हां! हम बहुतै बुरी हैं. एक तो पांच महीने से किराया नाहीं दियो और हियां दुनियां-भर के अन्धे-कोढ़ी बटुरे रहत हैं. चलौ उठायो अपनी दुकान हियां से. कल से न देखी हियां तुम्हें राम! राम! सब अधर्म की सन्तान राच्छस पैदा भए हैं मुहल्ले में! धरतियौ नहीं फाटत कि मर बिलाय जांय.’’
गुलकी सन्न रह गई. उसने किराया सचमुच पांच महीने से नहीं दिया था. बिक्री नहीं थी. मुहल्ले में उनसे कोई कुछ लेता ही नहीं था, पर इसके लिए बुआ निकाल देगी यह उसे कभी आशा नहीं थी. वैसे भी महीने में बीस दिन वह भूखी सोती थी. धोती में दस-दस पैबन्द थे. मकान गिर चुका था एक दालान में वह थेड़ी-सी जगह में सो जाती थी. पर दुकान तो वहां रखी नहीं जा सकती. उसने चाहा कि वह बुआ के पैर पकड़ ले, मिन्नत कर ले. पर बुआ ने जितनी ज़ोर से दरवाज़ा खोला था उतनी ही ज़ोर से बन्द कर दिया. जब से चौमास आया था, पुरवाई बही थी, उसकी पीठ में भयानक पीड़ा उठती थी. उसके पांव कांपते थे. सट्टी में उस पर उधार बुरी तरह चढ़ गया था. पर अब होगा क्या? वह मारे खीज के रोने लगी.
इतने में कुछ खटपट हुई और उसने घुटनों से मुंह उठाकर देखा कि मौक़ा पाकर मटकी ने एक फूट निकाल लिया है और मरभुखी की तरह उसे हबर-हबर खाती जा रही थी है, एक क्षण वह उसके फूलते-पचकते पेट को देखती रही, फिर ख़्याल आते ही कि फूट पूरे दस पैसे का है, वह उबल पड़ी और सड़ासड़ तीन-चार खपच्ची मारते हुए बोली,‘‘चोट्टी! कुतिया! तोरे बदन में कीड़ा पड़ें!’’ मटकी के हाथ से फूट गिर पड़ा पर वह नाली में से फूट के टुकड़े उठाते हुए भागी. न रोई, न चीख़ी, क्योंकि मुंह में भी फूट भरा था. मिरवा हक्का-बक्का इस घटना को देख रहा था कि गुलकी उसी पर बरस पड़ी. सड़-सड़ उसने मिरवा को मारना शुरू किया,‘‘भाग, यहां से हरामजादे!’’ मिरवा दर्द से तिलमिला उठा,‘‘हमला पइछा देव तो जाई.’’ ‘‘देत हैं पैसा, ठहर तो.’’ सड़ ! सड़.... रोता हुआ. मिरवा चौतरे की ओर भागा.
निरमल की दुकान पर सन्नाटा छाया हुआ था. सब चुप उसी ओर देख रहे थे. मिरवा ने आकर कुबड़ी की शिकायत मुन्ना से की. और घूमकर बोला,‘‘मेवा बता तो इसे!’ मेवा पहले हिचकिचाया, फिर बड़ी मुलायमियत से बोला,‘‘मिरवा तुम्हें बीमारी हुई है न! तो हम लोग तुम्हें नहीं छुएंगे. साथ नहीं खिलाएंगे तुम उधर बैठ जाओ.’’
‘‘हम बीमाल हैं मुन्ना?’’
मुन्ना कुछ पिघला,‘‘हां, हमें छूओ मत. निमकौड़ी ख़रीदना हो तो उधर बैठ जाओ हम दूर से फेंक देंगे. समझे!’’ मिरवा समझ गया सर हिलाया और अलग जाकर बैठ गया. मेवा ने निमकौड़ी उसके पास रख दी और चोट भूलकर पकी निमकौड़ी का बीजा निकाल कर छीलने लगा. इतने में उधर से घेघा बुआ की आवाज़ आई,‘‘ऐ मुन्ना!’’ तई तू लोग परे हो जाओ! अबहिन पानी गिरी ऊपर से!’’ बच्चो ने ऊपर देखा. तिछत्ते पर घेघा बुआ मारे पानी के छप-छप करती घूम रही थीं. कूड़े से तिछत्ते की नाली बन्द थी और पानी भरा था. जिधर बुआ खड़ी थीं उसके ठीक नीचे गुलकी का सौदा था. बच्चे वहां से दूर थे पर गुलकी को सुनने के लिए बात बच्चों से कही गई थी. गुलकी कराहती हुई उठी. कूबड़ की वजह से वह तनकर चिछत्ते की ओर देख भी नहीं सकती थी. उसने धरती की ओर देखा ऊपर बुआ से कहा,‘‘इधर की नाली काहे खोल रही हो? उधर की खोलो न!’’
‘‘काहे उधर की खोली! उधर हमारा चौका है कि नै!’’
‘‘इधर हमारा सौदा लगा है.’’
‘‘ऐ है!’’ बुआ हाथ चमका कर बोलीं, सौदा लगा है रानी साहब का! किराया देय की दायीं हियाव फाटत है और टर्राय के दायीं नटई में गामा पहिलवान का ज़ोर तो देखो! सौदा लगा है तो हम का करी. नारी तो इहै खुली है!’’
‘‘खोलो तो देखैं!’’ अकस्मात् गुलकी ने तड़प कर कहा. आज तक किसी ने उसका वह स्वर नहीं सुना था,‘‘पांच महीने का दस रुपया नहीं दिया बेशक, पर हमारे घर की धन्नी निकाल के बसन्तू के हाथ किसने बेचा? तुमने. पच्छिम ओर का दरवाज़ा चिरवा के किसने जलवाया? तुमने. हम गरीब हैं. हमारा बाप नहीं है सारा मुहल्ला हमें मिल के मार डालो.’’
‘‘हमें चोरी लगाती है. अरे कल की पैदा हुई.’’ बुआ मारे ग़ुस्से के खड़ी बोली बोलने लगी थीं.
बच्चे चुप खड़े थे. वे कुछ-कुछ सहमे हुए थे. कुबड़ी का यह रूप उन्होंने कभी न देखा न सोचा था
‘‘हां! हां! हां. तुमने, ड्राइवर चाचा से, चाची ने सबने मिलके हमारा मकान उजाड़ा है. अब हमारी दुकान बहाय देव. देखेंगे हम भी. निरबल के भी भगवान हैं!’’
‘‘ले! ले! ले! भगवान हैं तो ले!’’ और बुआ ने पागलों की तरह दौड़कर नाली में जमा कूड़ा लकड़ी से ठेल दिया. छह इंच मोटी गन्दे पानी की धार धड़-धड़ करती हुई उसकी दुकान पर गिरने लगी. तरोइयां पहले नाली में गिरीं, फिर मूली, खीरे, साग, अदरक उछल-उछलकर दूर जा गिरे. गुलकी आंख फाड़े पागल-सी देखती रही और फिर दीवार पर सर पटककर हृदय-विदारक स्वर में डकराकर रो पड़ी,‘‘अरे मोर बाबू, हमें कहां छोड़ गए! अरे मोरी माई, पैदा होते ही हमें क्यों नहीं मार डाला! अरे धरती मैया, हमें काहे नहीं लील लेती!’’
सर खोले बाल बिखेरे छाती कूट-कूटकर वह रो रही थी और तिछत्ते का पिछले पहले नौ दिन का जमा पानी धड़-धड़ गिर रहा था.
बच्चे चुप खड़े थे. अब तक जो हो रहा था, उनकी समझ में आ रहा था. पर आज यह क्या हो गया, यह उनकी समझ में नहीं आ सका. पर वे कुछ बोले नहीं. सिर्फ़ मटकी उधर गई और नाली में बहता हुआ हरा खीरा निकालने लगी कि मुन्ना ने डांटा, ‘‘खबरदार! जो कुछ चुराया.’’ मटकी पीछे हट गई. वे सब किसी अप्रत्याशित भय संवेदना या आशंका से जुड़-बटुरकर खड़े हो गए. सिर्फ़ मिरवा अलग सर झुकाए खड़ा था. झींसी फिर पड़ने लगी थी और वे एक-एक कर अपने घर चले गए.


दूसरे दिन चौतरा ख़ाली थी. दुकान का बांस उखड़वाकर बुआ ने नांद में गाड़कर उस पर तुरई की लतर चढ़ा दी थी. उस दिन बच्चे आए पर उनकी हिम्मत चौतरे पर जाने की नहीं हुई. जैसे वहां कोई मर गया हो. बिलकुल सुनसान चौतरा था और फिर तो ऐसी झड़ी लगी कि बच्चों का निकलना बन्द. चौथे या पांचवें दिन रात को भयानक वर्षा तो हो ही रही थी, पर बादल भी ऐसे गरज रहे थे कि मुन्ना अपनी खाट से उठकर अपनी मां के पास घुस गया. बिजली चमकते ही जैसे कमरा रोशनी से नाच-नाच उठता था छत पर बूंदों की पटर-पटर कुछ धीमी हुई, थोड़ी हवा भी चली और पेड़ों का हरहर सुनाई पड़ा कि इतने में धड़-धड़-धड़-धड़ाम! भयानक आवाज़ हुई. मां भी चौंक पड़ी. पर उठी नहीं. मुन्ना आंखें खोले अंधेरे में ताकने लगा. सहसा लगा मुहल्ले में कुछ लोग बातचीत कर रहे हैं घेघा बुआ की आवाज़ सुनाई पड़ी,‘‘किसका मकान गिर गया है रे.’’ 

‘‘गुलकी का!’ किसी का दूरागत उत्तर आया. 

‘‘अरे बाप रे! दब गई क्या?’’ 

‘‘नहीं, आज तो मेवा की मां के यहां सोई है!’’

मुन्ना लेटा था और उसके ऊपर अंधेरे में यह सवाल-जवाब इधर-से-उधर और उधर-से-इधर आ रहे थे. वह फिर कांप उठा, मां के पास घुस गया और सोते-सोते उसने साफ़ सुना-कुबड़ी फिर उसी तरह रो रही है, गला फाड़कर रो रही है! कौन जाने मुन्ना के ही आंगन में बैठकर रो रही हो! नींद में वह स्वर कभी दूर कभी पास आता हुआ लग रहा है जैसे कुबड़ी मुहल्ले के हर आंगन में जाकर रो रही है पर कोई सुन नहीं रहा है, सिवा मुन्ना के.
बच्चों के मन में कोई बात इतनी गहरी लकीर बनाती कि उधर से उनका ध्यान हटे ही नहीं. सामने गुलकी थी तो वह एक समस्या थी, पर उसकी दुकान हट गई, फिर वह जाकर साबुन वाली सत्ती के गलियारे में सोने लगी और दो-चार घरों से मांग-मूंगकर खाने लगी, उस गली में दिखती ही नहीं थी. बच्चे भी दूसरे कामों में व्यस्त हो गए. अब जाड़े आ रहे थे. उनका जमावड़ा सुबह न होकर तीसरे पहर होता था. जमा होने के बाद जूलूस निकलता था. और जिस जोशीले नारे से गली गूंज उठती थी वह थ,‘घेघा बुआ को वोट दो.’’ पिछले दिनों म्युनिसिपैलिटी का चुनाव हुआ था और उसी में बच्चों ने यह नारा सीखा था. वैसे कभी-कभी बच्चों में दो पार्टियां भी होती थीं, पर दोनों को घेघा बुआ से अच्छा उम्मीदवार कोई नहीं मिलता था अतः दोनों गला फाड़-फाड़कर उनके ही लिए वोट मांगती थीं.
उस दिन जब घेघा बुआ के धैर्य का बांध टूट गया और नई-नई गालियों से विभूषित अपनी पहली इलेक्शन स्पीच देने ज्यों ही चौतरे पर अवतरित हुईं कि उन्हें डाकिया आता हुआ दिखाई पड़ा. वह अचकचाकर रुक गईं. डाकिए के हाथ में एक पोस्ट कार्ड था और वह गुलकी को ढूंढ़ रहा था. बुआ ने लपक कर पोस्टकार्ड लिया, एक सांस में पढ़ गईं. उनकी आंखें मारे अचरज के फैल गईं, और डाकिए को यह बताकर कि गुलकी सत्ती साबुनवाली के ओसारे में रहती है, वे झट से दौड़ी-दौड़ी निरमल की मां ड्राइवर की पत्नी के यहां गईं. बड़ी देर तक दोनों में सलाह-मशविरा होता रहा और अन्त में बुआ आईं और उन्होंने मेवा को भेजा,‘‘जा गुलकी को बुलाय ला!’’
पर जब मेवा लौटा तो उसके साथ गुलकी नहीं वरन् सत्ती साबुनवाली थी और सदा की भांति इस समय भी उसकी कमर से वह काले बेंट का चाकू लटक रहा था, जिससे वह साबुन की टिक्की काटकर दुकानदारों को देती थी. उसने आते ही भौं सिकोड़कर बुआ को देखा और कड़े स्वर में बोली,‘‘क्यों बुलाया है गुलकी को? तुम्हारा दस रुपए किराया बाकी था, तुमने पन्द्रह रुपए का सौदा उजाड़ दिया! अब क्या काम है!’’ 

‘‘अरे राम! राम! कैसा किराया बेटी! अन्दर जाओ-अन्दर जाओ!’ बुआ के स्वर में असाधारण मुलायमियत थी. सत्ती के अन्दर जाते ही बुआ ने फटाक् से किवाड़ा बन्द कर लिए. बच्चों का कौतूहल बहुत बढ़ गया था. बुआ के चौके में एक झंझरी थी. सब बच्चे वहां पहुंचे और आंख लगाकर कनपटियों पर दोनों हथेलियां रखकर घण्टीवाला बाइसकोप देखने की मुद्रा में खड़े हो गए.
अन्दर सत्ती गरज रही थी,‘‘बुलाया है तो बुलाने दो. क्यों जाए गुलकी? अब बड़ा खयाल आया है. इसलिए की उसकी रखैल को बच्चा हुआ है जो जाके गुलकी झाड़ू-बुहारू करे, खाना बनावे, बच्चा खिलावे, और वह मरद का बच्चा गुलकी की आंख के आगे रखैल के साथ गुलछर्रे उड़ावे!’’
निरमल की मां बोलीं,‘‘अपनी बिटिया, पर गुजर तो अपने आदमी के साथ करैगी न! जब उसकी पत्नी आई है तो गुलकी को जाना चाहिए. और मरद तो मरद. एक रखैल छोड़ दुई-दुई रखैल रख ले तो औरत उसे छोड़ देगी? राम! राम!’’
‘‘नहीं, छोड़ नहीं देगी तो जाय कै लात खाएगी?’’ सत्ती बोली.
‘‘अरे बेटा!’’ बुआ बोलीं,‘‘भगवान रहें न? तौन मथुरापुरी में कुब्जा दासी के लात मारिन तो ओकर कूबर सीधा हुई गवा. पती तो भगवान हैं बिटिया. ओका जाय देव!’’
‘‘हां-हां, बड़ी हितू न बनिए! उसके आदमी से आप लोग मुफ्त में गुलकी का मकान झटकना चाहती हैं. मैं सब समझती हूं.’’
निरमल की मां का चेहरा ज़र्द पड़ गया. पर बुआ ने ऐसी कच्ची गोली नहीं खेली थी. वे डपटकर बोलीं,‘‘खबरदार जो कच्ची जबान निकाल्यो! तुम्हारा चरित्तर कौन नै जानता! ओही छोकरा मानिक...’’
‘‘जबान खींच लूंगी,’’ सत्ती गला फाड़कर चीख़ी,‘‘जो आगे एक हरूफ़ कहा.’’ और उसका हाथ अपने चाकू पर गया-
‘‘अरे! अरे! अरे!’’ बुआ सहमकर दस क़दम पीछे हट गईं,‘‘तो का ख़ून करबो का, कतल करबो का?’’ 

सत्ती जैसे आई थी वैसे ही चली गई.

*****
तीसरे दिन बच्चों ने तय किया कि होरी बाबू के कुएं पर चलकर बर्रें पकड़ी जाएं. उन दिनों उनका ज़हर शान्त रहता है, बच्चे उन्हें पकड़कर उनका छोटा-सा काला डंक निकाल लेते और फिर डोरी में बांधकर उन्हें उड़ाते हुए घूमते. मेवा, निरमल और मुन्ना एक-एक बर्रे उड़ाते हुए जब गली में पहुंचे तो देखा बुआ के चौतरे पर टीन की कुरसी डाले कोई आदमी बैठा है. उसकी अजब शक्ल थी. कान पर बड़े-बड़े बाल, मिचमिची आंखें, मोछा और तेल से चुचुआते हुए बाल. कमीज और धोती पर पुराना बदरंग बूट. मटकी हाथ फैलाए कह रही है,“एक डबल दै देव! एक दै देव ना?” मुन्ना को देखकर मटकी ताली बजा-बजाकर कहने लगी,“गुलकी का मनसेधू आवा है. ए मुन्ना बाबू! ई कुबड़ी का मनसेधू है.” फिर उधर मुड़कर,“एक डबल दै देव.” तीनों बच्चे कौतूहल में रुक गए. इतने में निरमल की मां एक गिलास में चाय भरकर लाई और उसे देते-देते निरमल के हाथ में बर्रे देखकर उसे डांटने लगी. फिर बर्रे छुड़ाकर निरमल को पास बुलाया और बोली,“बेटा, ई हमारी निरमला है. ए निरमल, जीजाजी हैं, हाथ जोड़ो! बेटा, गुलकी हमारी जात-बिरादरी की नहीं है तो का हुआ, हमारे लिए जैसे निरमल वैसे गुलकी. अरे, निरमल के बाबू और गुलकी के बाप की दांत काटी रही. एक मकान बचा है उनकी चिहारी, और का?’’ एक गहरी सांस लेकर निरमल की मां ने कहा.
“अरे तो का उन्हें कोई इनकार है?’’ बुआ आ गई थीं,“अरे सौ रुपए तुम दैवे किए रहय्यू, चलो तीन सौ और दै देव. अपने नाम कराय लेव?”
“पांच सौ से कम नहीं होगा?” उस आदमी का मुंह खुला, एक वाक्य निकला और मुंह फिर बन्द हो गया.
“भवा! भवा! ऐ बेटा दामाद हौ, पांच सौ कहबो तो का निरमल की मां को इनकार है?”
अकस्मात् वह आदमी उठकर खड़ा हो गया. आगे-आगे सत्ती चली आ रही थी, पीछे-पीछे गुलकी. सत्ती चौतरे के नीचे खड़ी हो गई. बच्चे दूर हट गए. गुलकी ने सिर उठाकर देखा और अचकचाकर सर पर पल्ला डालकर माथे तक खींच लिया. सत्ती दो-एक क्षण उसकी ओर एकटक देखती रही और फिर गरजकर बोली,“यही कसाई है! गुलकी, आगे बढ़कर मार दो चपोटा इसके मुंह पर! खबरदार जो कोई बोला.’’ बुआ चट से देहरी के अन्दर हो गईं, निरमल की मां की जैसे घिग्घी बंध गई और वह आदमी हड़बड़ाकर पीछे हटने लगा.
“बढ़ती क्यों नहीं गुलकी! बड़ा आया वहां से बिदा कराने?”
गुलकी आगे बढ़ी; सब सन्न थे; सीढ़ी चढ़ी, उस आदमी के चेहरे पर हवाइयां उड़ने लगीं. गुलकी चढ़ते-चढ़ते रुकी, सत्ती की ओर देखा, ठिठकी, अकस्मात् लपकी और फिर उस आदमी के पांव पर गिर के फफक-फफककर रोने लगी,“हाय! हमें काहे को छोड़ दियौ! तुम्हारे सिवा हमारा लोक-परलोक और कौन है! अरे, हमरे मरै पर कौन चुल्लू भर पानी चढ़ाई.’’
सत्ती का चेहरा स्याह पड़ गया. उसने बड़ी हिकारत से गुलकी की ओर देखा और गुस्से में थूक निगलते हुए कहा,“कुतिया!’’ और तेज़ी से चली गई. निरमल की मां और बुआ गुलकी के सर पर हाथ फेर-फेरकर कह रही थीं,“मत रो बिटिया! मत रो! सीता मैया भी तो बनवास भोगिन रहा. उठो गुलकी बेटा! धोती बदल लेव कंघी चोटी करो. पति के सामने ऐसे आना असगुन होता है. चलो!’’
गुलकी आंसू पोंछती-पोंछती निरमल की मां के घर चली. बच्चे पीछे-पीछे चले तो बुआ ने डांटा,“ऐ चलो एहर, हुंआ लड्डू बंट रहा है का?’’
दूसरे दिन निरमल के बाबू (ड्राइवर साहब), गुलकी और जीजाजी दिनभर कचहरी में रहे. शाम को लौटे तो निरमल की मां ने पूछा,“पक्का कागज लिख गया?” 

“हां-हां रे, हाकिम, के सामने लिख गया.” फिर ज़रा निकट आकर फुसफुसाकर बोले,“मट्टी के मोल मकान मिला है. अब कल दोनों को बिदा करो.” 

“अरे, पहले सौ रुपए लाओ! बुआ का हिस्सा भी तो देना है?” निरमल की मां उदास स्वर में बोली,“बड़ी चंट है बुढ़िया. गाड़-गाड़ के रख रही है, मर के सांप होयगी.’’
सुबह निरमल की मां के यहां मकान ख़रीदने की कथा थी. शंख, घण्टा-घड़ियाली, केले का पत्ता, पंजीरी, पंचामृत का आयोजन देखकर मुन्ना के अलावा सब बच्चे इकट्ठा थे. निरमल की मां और निरमल के बाबू पीढ़े पर बैठे थे; गुलकी एक पीली धोती पहने माथे तक घूंघट काढ़े सुपारी काट रही थी और बच्चे झांक-झांककर देख रहे थे. मेवा ने पहुंचकर कहा,“ए गुलकी, ए गुलकी, जीजाजी के साथ जाओगी क्या?’’ 

कुबड़ी ने झेंपकर कहा,“धत्त रे! ठिठोली करता है.’’

और लज्जा-भरी जो मुसकान किसी भी तरुणी के चेहरे पर मनमोहक लाली बनकर फैल जाती, उसके झुर्रियोंदार, बेडौल, नीरस चेहरे पर विचित्र रूप से बीभत्स लगने लगी. उसके काले पपड़ीदार होंठ सिकुड़ गए, आंखों के कोने मिचमिचा उठे और अत्यन्त कुरुचिपूर्ण ढंग से उसने अपने पल्ले से सर ढांक लिया और पीठ सीधी कर जैसे कूबड़ छिपाने का प्रयास करने लगी. मेवा पास ही बैठ गया. कुबड़ी ने पहले इधर-उधर देखा, फिर फुसफुसाकर मेवा से कहा,“क्यों रे! जीजाजी कैसे लगे तुझे?” मेवा ने असमंजस में या संकोच में पड़कर कोई जवाब नहीं दिया तो जैसे अपने को समझाते हुए गुलकी बोली,“कुछ भी होय. है तो अपना आदमी! हारे-गाढ़े कोई और काम आएगा? औरत को दबाय के रखना ही चाहिए.” फिर थोड़ी देर चुप रहकर बोली,“मेवा भैया, सत्ती हमसे नाराज है. अपनी सगी बहन क्या करेगी जो सत्ती ने किया हमारे लिए. ए चाची और बुआ तो सब मतलब के साथी हैं हम क्या जानते नहीं? पर भैया अब जो कहो कि हम सत्ती के कहने से अपने मरद को छोड़ दें, सो नहीं हो सकता.” इतने में किसी का छोटा-सा बच्चा घुटनों के बल चलते-चलते मेवा के पास आकर बैठ गया. गुलकी क्षण-भर उसे देखती रही फिर बोली,“पति से हमने अपराध किया तो भगवान् ने बच्चा छीन लिया, अब भगवान् हमें छमा कर देंगे.” फिर कुछ क्षण के लिए चुप हो गई. 

“क्षमा करेंगे तो दूसरी सन्तान देंगे?’’

“क्यों नहीं देंगे? तुम्हारे जीजाजी को भगवान् बनाए रखे. खोट तो हमी में है. फिर सन्तान होगी तब तो सौत का राज नहीं चलेगा.’’
इतने में गुलकी ने देखा कि दरवाजे पर उसका आदमी खड़ा बुआ से कुछ बातें कर रहा है. गुलकी ने तुरत पल्ले से सर ढंका और लजाकर उधर पीठ कर ली. बोली,“राम! राम! कितने दुबरा गए हैं. हमारे बिना खाने-पीने का कौन ध्यान रखता! अरे, सौत तो अपने मतलब की होगी. ले भैया मेवा, जा दो बीड़ा पान दे आ जीजा को?” फिर उसके मुंह पर वही लाज की बीभत्स मुद्रा आई,“तुझे कसम है, बताना मत किसने दिया है.”
मेवा पान लेकर गया पर वहां किसी ने उसपर ध्यान ही नहीं दिया. वह आदमी बुआ से कह रहा था,“इसे ले तो जा रहे हैं, पर इतना कहे देते हैं, आप भी समझा दें उसे-कि रहना हो तो दासी बनकर रहे. न दूध की न पूत की, हमारे कौन काम की; पर हां औरतिया की सेवा करे, उसका बच्चा खिलावे, झाड़ू-बुहारू करे तो दो रोटी खाय पड़ी रहे. पर कभी उससे जबान लड़ाई तो खैर नहीं. हमारा हाथ बड़ा जालिम है. एक बार कूबड़ निकला, अगली बार परान निकलेगा.”
“क्यों नहीं बेटा! क्यों नहीं?” बुआ बोलीं और उन्होंने मेवा के हाथ से पान लेकर अपने मुंह में दबा लिए.
क़रीब तीन बजे इक्का लाने के लिए निरमल की मां ने मेवा को भेजा. कथा की भीड़-भाड़ से उनका मूड़ पिराने; लगा था, अतः अकेली गुलकी सारी तैयारी कर रही थी. मटकी कोने में खड़ी थी. मिरवा और झबरी बाहर गुमसुम बैठे थे. निरमल की मां ने बुआ को बुलवाकर पूछा कि बिदा-बिदाई में क्या करना होगा, तो बुआ मुंह बिगाड़कर बोलीं,“अरे कोई जात-बिरादरी की है का? एक लोटा में पानी भर के इकन्नी-दुअन्नी उतार के परजा-पजारू को दे दियो बस?” और फिर बुआ शाम को बियारी में लग गईं.
इक्का आते ही जैसे झबरी पागल-सी इधर-उधर दौड़ने लगी. उसे जाने कैसे आभास हो गया कि गुलकी जा रही है, सदा के लिए. मेवा ने अपने छोटे-छोटे हाथों से बड़ी-बड़ी गठरियां रखीं, मटकी और मिरवा चुपचाप आकर इक्के के पास खड़े हो गए. सर झुकाए पत्थर-सी चुप गुलकी निकली. आगे-आगे हाथ में पानी का भरा लोटा लिए निरमल थी. वह आदमी जाकर इक्के पर बैठ गया. “अब जल्दी करो!; उसने भारी गले से कहा. गुलकी आगे बढ़ी, फिर रुकी और टेंट से दो अधन्नी निकाले,“ले मिरवा, ले मटकी?” मटकी जो हमेशा हाथ फैलाए रहती थी, इस समय जाने कैसा संकोच उसे आ गया कि वह हाथ नीचे कर दीवार से सट कर खड़ी हो गई और सर हिलाकर बोली,“नहीं ?”

“नहीं बेटा! ले लो!” गुलकी ने पुचकारकर कहा. मिरवा-मटकी ने पैसे ले लिए और मिरवा बोला,“छलाम गुलकी! ए आदमी छलाम?’’
“अब क्या गाड़ी छोड़नी है?” वह फिर भारी गले से बोला.
“ठहरो बेटा, कहीं ऐसे दामाद की बिदाई होती है?” सहसा एक बिलकुल अजनबी किन्तु अत्यन्त मोटा स्वर सुनाई पड़ा. बच्चों ने अचरज से देखा, मुन्ना की मां चली आ रही हैं. 

“हम तो मुन्ना का आसरा देख रहे थे कि स्कूल से आ जाए, उसे नाश्ता करा लें तो आएं, पर इक्का आ गया तो हमने समझा अब तू चली. अरे! निरमल की मां, कहीं ऐसे बेटी की बिदाई होती है! लाओ जरा रोली घोलो जल्दी से, चावल लाओ, और सेन्दुर भी ले आना निरमल बेटा! तुम बेटा उतर आओ इक्के से!’’
निरमल की मां का चेहरा स्याह पड़ गया था. बोलीं, “जितना हमसे बन पड़ा किया. किसी को दौलत का घमण्ड थोड़े ही दिखाना था?” 

“नहीं बहन! तुमने तो किया पर मुहल्ले की बिटिया तो सारे मुहल्ले की बिटिया होती है. हमारा भी तो फ़र्ज़ था. अरे मां-बाप नहीं हैं तो मुहल्ला तो है. आओ बेटा?” और उन्होंने टीका करके आंचल के नीचे छिपाए हुए कुछ कपड़े और एक नारियल उसकी गोद में डालकर उसे चिपका लिया. गुलकी जो अभी तक पत्थर-सी चुप थी सहसा फूट पड़ी. उसे पहली बार लगा जैसे वह मायके से जा रही है. मायके से अपनी मां को छोड़कर छोटे-छोटे भाई-बहनों को छोड़कर और वह अपने कर्कश फटे हुए गले से विचित्र स्वर से रो पड़ी.
“ले अब चुप हो जा! तेरा भाई भी आ गया?” वे बोलीं. मुन्ना बस्ता लटकाए स्कूल से चला आ रहा था. कुबड़ी को अपनी मां के कन्धे पर सर रखकर रोते देखकर वह बिल्कुल हतप्रभ-सा खड़ा हो गया,“आ बेटा, गुलकी जा रही है न आज! दीदी है न! बड़ी बहन है. चल पांव छू ले! आ इधर?” मां ने फिर कहा. मुन्ना और कुबड़ी के पांव छुए? क्यों? क्यों? पर मां की बात! एक क्षण में उसके मन में जैसे एक पूरा पहिया घूम गया और वह गुलकी की ओर बढ़ा. गुलकी ने दौड़कर उसे चिपका लिया और फूट पड़ी,“हाय मेरे भैया! अब हम जा रहे हैं! अब किससे लड़ोगे मुन्ना भैया? अरे मेरे वीरन, अब किससे लड़ोगे?” मुन्ना को लगा जैसे उसकी छोटी-छोटी पसलियों में एक बहुत बड़ा-सा आंसू जमा हो गया जो अब छलकने ही वाला है. इतने में उस आदमी ने फिर आवाज़ दी और गुलकी कराहकर मुन्ना की मां का सहारा लेकर इक्के पर बैठ गई. इक्का खड़-खड़ कर चल पड़ा. मुन्ना की मां मुड़ी कि बुआ ने व्यंग्य किया,“एक आध गाना भी बिदाई का गाए जाओ बहन! गुलकी बन्नो ससुराल जा रही है!” मुन्ना की मां ने कुछ जवाब नहीं दिया, मुन्ना से बोली,“जल्दी घर आना बेटा, नाश्ता रखा है?”
पर पागल मिरवा ने, जो बम्बे पर पांव लटकाए बैठा था, जाने क्या सोचा कि वह सचमुच गला फाड़कर गाने लगा,“बन्नो डाले दुपट्टे का पल्ला, मुहल्ले से चली गई राम?” यह उस मुहल्ले में हर लड़की की बिदा पर गाया जाता था. बुआ ने घुड़का तब भी वह चुप नहीं हुआ, उलटे मटकी बोली,“काहे न गावें, गुलकी नै पैसा दिया है?” और उसने भी सुर मिलाया,“बन्नो तली गई लाम! बन्नो तली गई लाम! बन्नो तली गई लाम!”
मुन्ना चुपचाप खड़ा रहा. मटकी डरते-डरते आई,“मुन्ना बाबू! कुबड़ी ने अधन्ना दिया है, ले लें?”
“ले ले” बड़ी मुश्क़िल से मुन्ना ने कहा और उसकी आंख में दो बड़े-बड़े आंसू डबडबा आए. उन्हीं आंसुओं की झिलमिल में कोशिश करके मुन्ना ने जाते हुए इक्के की ओर देखा. गुलकी आंसू पोंछते हुए परदा उठाकर मुड़-मुड़कर देख रही थी. मोड़ पर एक धचके से इक्का मुड़ा और फिर अदृश्य हो गया.
सिर्फ़ झबरी सड़क तक इक्के के साथ गई और फिर लौट गई.

हरिशंकर परसाई के व्यंग्य ‘भोलाराम का जीव’ में सरकारी व्यवस्था का चित्रण

  हरिशंकर परसाई हिंदी के प्रमुख व्यंग्यकार हैं। उन्होंने अपने व्यंग्य-साहित्य के माध्यम से भारतीय समाज, राजनीति और प्रशासनिक व्यवस्था की वि...