सोमवार, 4 मार्च 2024

सद्गति -प्रेमचंद

 

सद्गति

प्रेमचंद: सद्गति

दुखी चमार द्वार पर झाडू लगा रहा था और उसकी पत्नी झुरिया, घर को गोबर से लीप रही थी। दोनों अपने-अपने काम से फुर्सत पा चुके थे, तो चमारिन ने कहा, ‘तो जाके पंडित बाबा से कह आओ न। ऐसा न हो कहीं चले जायँ।‘

दुखी –‘ हाँ जाता हूँ, लेकिन यह तो सोच, बैठेंगे किस चीज पर ?’

झुरिया –‘ क़हीं से खटिया न मिल जायगी ? ठकुराने से माँग लाना।‘

दुखी –‘ तू तो कभी-कभी ऐसी बात कह देती है कि देह जल जाती है। ठकुरानेवाले मुझे खटिया देंगे ! आग तक तो घर से निकलती नहीं, खटिया देंगे ! कैथाने में जाकर एक लोटा पानी माँगूँ तो न मिले। भला खटिया कौन देगा ! हमारे उपले, सेंठे, भूसा, लकड़ी थोड़े ही हैं कि जो चाहे उठा ले जायँ। ले अपनी खटोली धोकर रख दे। गरमी के तो दिन हैं। उनके आते-आते सूख जायगी।‘

झुरिया –‘वह हमारी खटोली पर बैठेंगे नहीं। देखते नहीं कितने नेम-धरम से रहते हैं।‘

दुखी ने जरा चिंतित होकर कहा, ‘हाँ, यह बात तो है। महुए के पत्ते तोड़कर एक पत्तल बना लूँ तो ठीक हो जाय। पत्तल में बड़े-बड़े आदमी खाते हैं। वह पवित्तर है। ला तो डंडा, पत्ते तोड़ लूँ।‘

झुरिया –‘पत्तल मैं बना लूँगी, तुम जाओ। लेकिन हाँ, उन्हें सीधा भी तो देना होगा। अपनी थाली में रख दूँ ?’

दुखी –‘क़हीं ऐसा गजब न करना, नहीं तो सीधा भी जाय और थाली भी फूटे ! बाबा थाली उठाकर पटक देंगे। उनको बड़ी जल्दी विरोध चढ़ आता है। किरोध में पंडिताइन तक को छोड़ते नहीं, लड़के को ऐसा पीटा कि आज

तक टूटा हाथ लिये फिरता है। पत्तल में सीधा भी देना, हाँ। मुदा तू छूना मत।‘

झूरी –‘ गोंड़ की लड़की को लेकर साह की दूकान से सब चीजें ले आना। सीधा भरपूर हो। सेर भर आटा, आधा सेर चावल, पाव भर दाल, आधा पाव घी, नोन, हल्दी और पत्तल में एक किनारे चार आने पैसे रख देना। गोंड़

की लड़की न मिले तो भुर्जिन के हाथ-पैर जोड़कर ले जाना। तू कुछ मत छूना, नहीं गजब हो जायगा।‘

इन बातों की ताकीद करके दुखी ने लकड़ी उठाई और घास का एक बड़ा-सा गट्ठा लेकर पंडितजी से अर्ज करने चला। खाली हाथ बाबाजी की सेवा में कैसे जाता। नजराने के लिए उसके पास घास के सिवाय और क्या

था। उसे खाली देखकर तो बाबा दूर ही से दुत्कारते। पं. घासीराम ईश्वर के परम भक्त थे। नींद खुलते ही ईशोपासन में लग जाते। मुँह-हाथ धोते आठ बजते, तब असली पूजा शुरू होती, जिसका पहला भाग भंग की तैयारी थी। उसके बाद आधा घण्टे तक चन्दन रगड़ते, फिर आईने के सामने एक तिनके से माथे पर तिलक लगाते। चन्दन की दो रेखाओं के बीच में लाल रोरी की बिन्दी होती थी। फिर छाती पर, बाहों पर चन्दन की

गोल-गोल मुद्रिकाएं बनाते। फिर ठाकुरजी की मूर्ति निकालकर उसे नहलाते, चन्दन लगाते, फूल चढ़ाते, आरती करते, घंटी बजाते। दस बजते-बजते वह पूजन से उठते और भंग छानकर बाहर आते। तब तक दो-चार जजमान द्वार पर आ जाते ! ईशोपासन का तत्काल फल मिल जाता। वही उनकी खेती थी। आज वह पूजन-गृह से निकले, तो देखा दुखी चमार घास का एक गट्ठा लिये बैठा है। दुखी उन्हें देखते ही उठ खड़ा हुआ और उन्हें साष्टांग दंडवत् करके हाथ बाँधकर खड़ा हो गया। यह तेजस्वी मूर्ति देखकर उसका ह्रदय

श्रृद्धा से परिपूर्ण हो गया ! कितनी दिव्य मूर्ति थी। छोटा-सा गोल-मटोल आदमी, चिकना सिर, फूले गाल, ब्रह्मतेज से प्रदीप्त आँखें। रोरी और चंदन देवताओं की प्रतिभा प्रदान कर रही थी। दुखी को देखकर श्रीमुख से बोले – ‘आज कैसे चला रे दुखिया ?’

दुखी –‘ने सिर झुकाकर कहा, बिटिया की सगाई कर रहा हूँ महाराज। कुछ साइत-सगुन विचारना है। कब मर्जी होगी ?’

घासी –‘आज मुझे छुट्टी नहीं। हाँ साँझ तक आ जाऊँगा।‘

दुखी –‘नहीं महराज, जल्दी मर्जी हो जाय। सब सामान ठीक कर आया हूँ। यह घास कहाँ रख दूँ ?

घासी –‘इस गाय के सामने डाल दे और जरा झाडू लेकर द्वार तो साफ कर दे। यह बैठक भी कई दिन से लीपी नहीं गई। उसे भी गोबर से लीप दे। तब तक मैं भोजन कर लूँ। फिर जरा आराम करके चलूँगा। हाँ, यह लकड़ी भी चीर देना। खलिहान में चार खाँची भूसा पड़ा है। उसे भी उठा लाना और भुसौली में रख देना।‘

दुखी फौरन हुक्म की तामील करने लगा। द्वार पर झाडू लगाई, बैठक को गोबर से लीपा। तब बारह बज गये। पंडितजी भोजन करने चले गये। दुखी ने सुबह से कुछ नहीं खाया था। उसे भी जोर की भूख लगी; पर वहाँ

खाने को क्या धारा था। घर यहाँ से मील भर था। वहाँ खाने चला जाय, तो पंडितजी बिगड़ जायँ। बेचारे ने भूख दबाई और लकड़ी फाड़ने लगा। लकड़ी की मोटी-सी गाँठ थी; जिस पर पहले कितने ही भक्तों ने अपना जोर आजमा लिया था। वह उसी दम-खम के साथ लोहे से लोहा लेने के लिए तैयार थी।  दुखी घास छीलकर बाजार ले जाता था। लकड़ी चीरने का उसे अभ्यास न था। घास उसके खुरपे के सामने सिर झुका देती थी। यहाँ कस-कसकर कुल्हाड़ी का भरपूर हाथ लगाता; पर उस गाँठ पर निशान तक न पड़ता था। कुल्हाड़ी उचट जाती। पसीने में तर था, हाँफता था, थककर बैठ जाता था, फिर उठता था। हाथ उठाये न उठते थे, पाँव काँप रहे थे, कमर न सीधी होती थी, आँखों तले अँधेरा हो रहा था, सिर में चक्कर आ रहे थे, तितलियाँ उड़ रही थीं, फिर भी अपना काम किये जाता था। अगर एक चिलम तम्बाकू पीने को मिल जाती, तो शायद कुछ ताकत आती।

उसने सोचा, यहाँ चिलम और तम्बाकू कहाँ मिलेगी। बाह्मनों का पूरा है। बाह्मन लोग हम नीच जातों की तरह तम्बाकू थोड़े ही पीते हैं। सहसा उसे याद आया कि गाँव में एक गोंड़ भी रहता है। उसके यहाँ जरूर चिलम-तमाखू होगी। तुरत उसके घर दौड़ा। खैर मेहनत सुफल हुई। उसने तमाखू भी दी और चिलम भी दी; पर आग वहाँ न थी। दुखी ने कहा, आग की चिन्ता न करो भाई। मैं जाता हूँ, पंडितजी के घर से आग माँग लूँगा। वहाँ तो अभी रसोई बन रही थी। यह कहता हुआ वह दोनों चीज़ें लेकर चला आया और पंडितजी के घर में बरौठे के द्वार पर खड़ा होकर बोला, ‘मालिक, रचिके आग मिल जाय, तो चिलम पी लें।‘

पंडितजी भोजन कर रहे थे। पंडिताइन ने पूछा, ‘यह कौन आदमी आग माँग रहा है ?’

पंडित –‘अरे वही ससुरा दुखिया चमार है। कहा, है थोड़ी-सी लकड़ी चीर दे। आग तो है, दे दो।‘

पंडिताइन ने भॅवें चढ़ाकर कहा, ‘तुम्हें तो जैसे पोथी-पत्रो के फेर में धरम-करम किसी बात की सुधि ही नहीं रही। चमार हो, धोबी हो, पासी हो, मुँह उठाये घर में चला आये। हिन्दू का घर न हुआ, कोई सराय हुई। कह दो दाढ़ीजार से चला जाय, नहीं तो इस लुआठे से मुँह झुलस दूँगी। आग माँगने चले हैं।‘

पंडितजी ने उन्हें समझाकर कहा, ‘भीतर आ गया, तो क्या हुआ। तुम्हारी कोई चीज तो नहीं छुई। धरती पवित्र है। जरा-सी आग दे क्यों नहीं देती, काम तो हमारा ही कर रहा है। कोई लोनिया यही लकड़ी फाड़ता, तो

कम-से-कम चार आने लेता।‘

पंडिताइन ने गरजकर कहा, ‘वह घर में आया क्यों !’

पंडित ने हारकर कहा, ‘ससुरे का अभाग था और क्या !’

पंडिताइन–‘अच्छा, इस बखत तो आग दिये देती हूँ, लेकिन फिर जो इस तरह घर में आयेगा, तो उसका मुँह ही जला दूँगी।‘

दुखी के कानों में इन बातों की भनक पड़ रही थी। पछता रहा था, नाहक आया। सच तो कहती हैं। पंडित के घर में चमार कैसे चला आये। बड़े पवित्तर होते हैं यह लोग, तभी तो संसार पूजता है, तभी तो इतना मान

है। भर-चमार थोड़े ही हैं। इसी गाँव में बूढ़ा हो गया; मगर मुझे इतनी अकल भी न आई। इसलिए जब पंडिताइन आग लेकर निकलीं, तो वह मानो स्वर्ग का वरदान पा गया। दोनों हाथ जोड़कर जमीन पर माथा टेकता हुआ बोला, ‘पड़ाइन माता, मुझसे बड़ी भूल हुई कि घर में चला आया। चमार की अकल ही तो ठहरी। इतने मूरख न होते, तो लात क्यों खाते।‘  

पंडिताइन चिमटे से पकड़कर आग लाई थीं। पाँच हाथ की दूरी से घूँघट की आड़ से दुखी की तरफ आग फेंकी। आग की बड़ी-सी चिनगारी दुखी के सिर पर पड़ गयी। जल्दी से पीछे हटकर सिर के झोटे देने लगा। उसने मन में कहा, यह एक पवित्तर बाह्मन के घर को अपवित्तर करने का फल है। भगवान ने कितनी जल्दी फल दे दिया। इसी से तो संसार पंडितों से डरता है। और सबके रुपये मारे जाते हैं बाह्मन के रुपये भला कोई मार तो ले ! घर भर का सत्यानाश हो जाय, पाँव गल-गलकर गिरने लगे। बाहर आकर उसने चिलम पी और फिर कुल्हाड़ी लेकर जुट गया। खट-खट की आवाजें आने लगीं। उस पर आग पड़ गई, तो पंडिताइन को उस पर कुछ दया आ गई। पंडितजी भोजन करके उठे, तो बोलीं –‘इस चमरवा को भी कुछ खाने को दे दो, बेचारा कब से काम कर रहा है। भूखा होगा।‘

पंडितजी ने इस प्रस्ताव को व्यावहारिक क्षेत्र से दूर समझकर पूछा, ‘रोटियाँ हैं ?’

पंडिताइन –‘दो-चार बच जायँगी।‘

पंडित –‘दो-चार रोटियों में क्या होगा ? चमार है, कम से कम सेर भर चढ़ा जायगा।‘

पंडिताइन कानों पर हाथ रखकर बोलीं, ‘अरे बाप रे ! सेर भर ! तो फिर रहने दो।‘

पंडितजी ने अब शेर बनकर कहा, ‘क़ुछ भूसी-चोकर हो तो आटे में मिलाकर दो ठो लिट्टा ठोंक दो। साले का पेट भर जायगा। पतली रोटियों से इन नीचों का पेट नहीं भरता। इन्हें तो जुआर का लिट्टा चाहिए।‘

पंडिताइन ने कहा, ‘अब जाने भी दो, धूप में कौन मरे।‘ 

दुखी ने चिलम पीकर फिर कुल्हाड़ी सँभाली। दम लेने से जरा हाथों में ताकत आ गई थी। कोई आधा घण्टे तक फिर कुल्हाड़ी चलाता रहा। फिर बेदम होकर वहीं सिर पकड़ के बैठ गया। इतने में वही गोंड़ आ गया। बोला, ‘क्यों जान देते हो बूढ़े दादा, तुम्हारे फाड़े यह गाँठ न फटेगी। नाहक हलाकान होते हो।‘

दुखी ने माथे का पसीना पोंछकर कहा, ‘अभी गाड़ी भर भूसा ढोना है भाई !’

गोंड़ –‘क़ुछ खाने को मिला कि काम ही कराना जानते हैं। जाके माँगते क्यों नहीं ?’

दुखी –‘क़ैसी बात करते हो चिखुरी, बाह्मन की रोटी हमको पचेगी !’

गोंड़ –‘पचने को पच जायगी, पहले मिले तो। मूँछों पर ताव देकर भोजन किया और आराम से सोये, तुम्हें लकड़ी फाड़ने का हुक्म लगा दिया। जमींदार भी कुछ खाने को देता है। हाकिम भी बेगार लेता है, तो थोड़ी बहुत मजूरी देता है। यह उनसे भी बढ़ गये, उस पर धर्मात्मा  बनते हैं।‘

दुखी –‘धीरे-धीरे बोलो भाई, कहीं सुन लें तो आफत आ जाय।‘

यह कहकर दुखी फिर सँभल पड़ा और कुल्हाड़ी की चोट मारने लगा। चिखुरी को उस पर दया आई। आकर कुल्हाड़ी उसके हाथ से छीन ली और कोई आधा घंटे खूब कस-कसकर कुल्हाड़ी चलाई; पर गाँठ में एक दरार भी न पड़ी। तब उसने कुल्हाड़ी फेंक दी और यह कहकर चला गया तुम्हारे फाड़े यह न फटेगी, जान भले निकल जाय।‘

दुखी सोचने लगा, बाबा ने यह गाँठ कहाँ रख छोड़ी थी कि फाड़े नहीं फटती। कहीं दरार तक तो नहीं पड़ती। मैं कब तक इसे चीरता रहूँगा। अभी घर पर सौ काम पड़े हैं। कार-परोजन का घर है, एक-न-एक चीज घटी ही रहती है; पर इन्हें इसकी क्या चिंता। चलूँ जब तक भूसा ही उठा लाऊँ। कह दूँगा, बाबा, आज तो लकड़ी नहीं फटी, कल आकर फाड़ दूँगा। उसने झौवा उठाया और भूसा ढोने लगा। खलिहान यहाँ से दो फरलांग से कम न था। अगर झौवा खूब भर-भर कर लाता तो काम जल्द खत्म हो जाता; फि र झौवे को उठाता कौन। अकेले भरा हुआ झौवा उससे न उठ सकता था। इसलिए थोड़ा-थोड़ा लाता था। चार बजे कहीं भूसा खत्म हुआ। पंडितजी की नींद भी खुली। मुँह-हाथ धोया, पान खाया और बाहर निकले। देखा, तो दुखी झौवा सिर पर रखे सो रहा है। जोर से बोले –‘अरे, दुखिया तू सो रहा है ? लकड़ी तो अभी ज्यों की त्यों पड़ी हुई है। इतनी देर तू करता क्या

रहा ? मुट्ठी भर भूसा ढोने में संझा कर दी ! उस पर सो रहा है। उठा ले कुल्हाड़ी और लकड़ी फाड़ डाल। तुझसे जरा-सी लकड़ी नहीं फटती। फिर साइत भी वैसी ही निकलेगी, मुझे दोष मत देना ! इसी से कहा, है कि नीच के घर में खाने को हुआ और उसकी आँख बदली।‘

दुखी ने फिर कुल्हाड़ी उठाई। जो बातें पहले से सोच रखी थीं, वह सब भूल गईं। पेट पीठ में धॉसा जाता था, आज सबेरे जलपान तक न किया था। अवकाश ही न मिला। उठना ही पहाड़ मालूम होता था। जी डूबा जाता था, पर दिल को समझाकर उठा। पंडित हैं, कहीं साइत ठीक न विचारें, तो फिर सत्यानाश ही हो जाय। जभी तो संसार में इतना मान है। साइत ही का तो सब खेल है। जिसे चाहे बिगाड़ दें। पंडितजी गाँठ के पास आकर

खड़े हो गये और बढ़ावा देने लगे हाँ, मार कसके, और मार क़सके मार अबे जोर से मार तेरे हाथ में तो जैसे दम ही नहीं है लगा कसके, खड़ा सोचने क्या लगता है हाँ बस फटा ही चाहती है ! दे उसी दरार में ! दुखी अपने होश में न था। न-जाने कौन-सी गुप्तशक्ति उसके हाथों को चला रही थी। वह थकान, भूख, कमजोरी सब मानो भाग गई। उसे अपने बाहुबल पर स्वयं आश्चर्य हो रहा था। एक-एक चोट वज्र की तरह पड़ती थी। आधा घण्टे तक वह इसी उन्माद की दशा में हाथ चलाता रहा, यहाँ तक कि लकड़ी बीच से फट गई और दुखी के हाथ से कुल्हाड़ी छूटकर गिर पड़ी। इसके साथ वह भी चक्कर खाकर गिर पड़ा। भूखा, प्यासा, थका हुआ शरीर जवाब दे गया।

पंडितजी ने पुकारा, ‘उठके दो-चार हाथ और लगा दे। पतली-पतली चैलियाँ हो जायँ। दुखी न उठा। पंडितजी ने अब उसे दिक करना उचित न समझा। भीतर जाकर बूटी छानी, शौच गये, स्नान किया और पंडिताई बाना पहनकर बाहर निकले ! दुखी अभी तक वहीं पड़ा हुआ था। जोर से पुकारा –‘अरे क्या पड़े ही रहोगे दुखी, चलो तुम्हारे ही घर चल रहा हूँ। सब सामान ठीक-ठीक है न ? दुखी फिर भी न उठा।‘

अब पंडितजी को कुछ शंका हुई। पास जाकर देखा, तो दुखी अकड़ा पड़ा हुआ था। बदहवास होकर भागे और पंडिताइन से बोले, ‘दुखिया तो जैसे मर गया।‘

पंडिताइन हकबकाकर बोलीं—‘वह तो अभी लकड़ी चीर रहा था न ?’

पंडित –‘हाँ लकड़ी चीरते-चीरते मर गया। अब क्या होगा ?’

पंडिताइन ने शान्त होकर कहा, ‘होगा क्या, चमरौने में कहला भेजो मुर्दा उठा ले जायँ।‘

एक क्षण में गाँव भर में खबर हो गई। पूरे में ब्राह्मनों की ही बस्ती थी। केवल एक घर गोंड़ का था। लोगों ने इधर का रास्ता छोड़ दिया। कुएं का रास्ता उधर ही से था, पानी कैसे भरा जाय ! चमार की लाश के पास से होकर पानी भरने कौन जाय। एक बुढ़िया ने पण्डितजी से कहा, अब मुर्दा फेंकवाते क्यों नहीं ? कोई गाँव में पानी पीयेगा या नहीं। इधर गोंड़ ने चमरौने में जाकर सबसे कह दिया ख़बरदार, मुर्दा उठाने मत जाना। अभी पुलिस की तहकीकात होगी। दिल्लगी है कि एक गरीब की जान ले ली। पंडितजी होंगे, तो अपने घर के होंगे। लाश उठाओगे तो तुम भी पकड़ जाओगे। इसके बाद ही पंडितजी पहुँचे; पर चमरौने का कोई आदमी लाश उठा लाने को तैयार न हुआ, हाँ दुखी की स्त्री और कन्या दोनों हाय-हाय करती वहाँ चलीं और पंडितजी के द्वार पर आकर सिर पीट-पीटकर रोने लगीं। उनके साथ दस-पाँच और चमारिनें थीं। कोई रोती थी, कोई समझाती थी, पर चमार एक भी न था। पण्डितजी ने चमारों को बहुत धामकाया, समझाया, मिन्नत की; पर चमारों के दिल पर पुलिस का रोब छाया हुआ था, एक भी न मिनका। आखिर निराश होकर लौट आये।

आधी रात तक रोना-पीटना जारी रहा। देवताओं का सोना मुश्किल हो गया। पर लाश उठाने कोई चमार न आया और ब्राह्मन चमार की लाश कैसे उठाते ! भला ऐसा किसी शास्त्र-पुराण में लिखा है ? कहीं कोई दिखा दे। पंडिताइन ने झुँझलाकर कहा, ‘इन डाइनों ने तो खोपड़ी चाट डाली। सभों का गला भी नहीं पकता। पंडित ने कहा, रोने दो चुड़ैलों को, कब तक रोयेंगी। जीता था, तो कोई बात न पूछता था। मर गया, तो कोलाहल मचाने के लिए सब की सब आ पहुँचीं।‘

पंडिताइन –‘चमार का रोना मनहूस है।‘

पंडित –‘हाँ, बहुत मनहूस।‘

पंडिताइन –‘अभी से दुर्गन्ध उठने लगी।‘

पंडित –‘चमार था ससुरा कि नहीं। साध-असाध किसी का विचार है इन सबों को।‘

पंडिताइन –‘इन सबों को घिन भी नहीं लगती।‘

पंडित—‘ भ्रष्ट हैं सब।‘

रात तो किसी तरह कटी; मगर सबेरे भी कोई चमार न आया। चमारिनें भी रो-पीटकर चली गईं। दुर्गन्ध कुछ-कुछ फैलने लगी। पंडितजी ने एक रस्सी निकाली। उसका फन्दा बनाकर मुरदे के पैर में डाला और फन्दे को खींचकर कस दिया। अभी कुछ-कुछ धुँधलका था। पंडितजी ने रस्सी पकड़कर लाश को घसीटना शुरू किया और गाँव के बाहर घसीट ले गये। वहाँ से आकर तुरन्त स्नान किया, दुर्गापाठ पढ़ा और घर में गंगाजल छिड़का।

उधर दुखी की लाश को खेत में गीदड़ और गिद्ध, कुत्ते और कौए नोच रहे थे। यही जीवन-पर्यन्त की भक्ति, सेवा और निष्ठा का पुरस्कार था।


सद्गति कहानी वीडियो रूप में देखेने हेतु यहाँ क्लिक करे

संत कबीर

 कबीर (अंग्रेज़ी: Kabir, जन्म- सन् 1398 काशी - मृत्यु- सन् 1518 मगहर) का नाम कबीरदास, कबीर साहब एवं संत कबीर जैसे रूपों में भी प्रसिद्ध है। ये मध्यकालीन भारत के स्वाधीनचेता महापुरुष थे और इनका परिचय, प्राय: इनके जीवनकाल से ही, इन्हें सफल साधक, भक्त कवि, मतप्रवर्तक अथवा समाज सुधारक मानकर दिया जाता रहा है तथा इनके नाम पर कबीरपंथ नामक संप्रदाय भी प्रचलित है। कबीरपंथी इन्हें एक अलौकिक अवतारी पुरुष मानते हैं और इनके संबंध में बहुत-सी चमत्कारपूर्ण कथाएँ भी सुनी जाती हैं। इनका कोई प्रामाणिक जीवनवृत्त आज तक नहीं मिल सका, जिस कारण इस विषय में निर्णय करते समय, अधिकतर जनश्रुतियों, सांप्रदायिक ग्रंथों और विविध उल्लेखों तथा इनकी अभी तक उपलब्ध कतिपय फुटकल रचनाओं के अंत:साध्य का ही सहारा लिया जाता रहा है। फलत: इस संबंध में तथा इनके मत के भी विषय में बहुत कुछ मतभेद पाया जाता है।

संत कबीर दास हिंदी साहित्य के भक्ति काल के इकलौते ऐसे कवि हैं, जो आजीवन समाज और लोगों के बीच व्याप्त आडंबरों पर कुठाराघात करते रहे। वह कर्म प्रधान समाज के पैरोकार थे और इसकी झलक उनकी रचनाओं में साफ़ झलकती है। लोक कल्याण हेतु ही मानो उनका समस्त जीवन था। कबीर को वास्तव में एक सच्चे विश्व-प्रेमी का अनुभव था। कबीर की सबसे बड़ी विशेषता उनकी प्रतिभा में अबाध गति और अदम्य प्रखरता थी। समाज में कबीर को जागरण युग का अग्रदूत कहा जाता है।

डॉ. हज़ारी प्रसाद द्विवेदी ने लिखा है कि साधना के क्षेत्र में वे युग-युग के गुरु थे, उन्होंने संत काव्य का पथ प्रदर्शन कर साहित्य क्षेत्र में नव निर्माण किया था।

जीवन परिचय

जन्म

  • कबीरदास के जन्म के संबंध में अनेक किंवदन्तियाँ हैं। कबीर पन्थियों की मान्यता है कि कबीर का जन्म काशी में लहरतारा तालाब में उत्पन्न कमल के मनोहर पुष्प के ऊपर बालक के रूप में हुआ। कुछ लोगों का कहना है कि वे जन्म से मुसलमान थे और युवावस्था में स्वामी रामानंद के प्रभाव से उन्हें हिन्दू धर्म की बातें मालूम हुईं। एक दिन, एक पहर रात रहते ही कबीर पंचगंगा घाट की सीढ़ियों पर गिर पड़े। रामानन्द जी गंगा स्नान करने के लिये सीढ़ियाँ उतर रहे थे कि तभी उनका पैर कबीर के शरीर पर पड़ गया। उनके मुख से तत्काल 'राम-राम' शब्द निकल पड़ा। उसी राम को कबीर ने दीक्षा-मन्त्र मान लिया और रामानन्द जी को अपना गुरु स्वीकार कर लिया। कबीर के ही शब्दों में-

हम कासी में प्रकट भये हैं,
रामानन्द चेताये।

कबीरदास
  • कबीरपंथियों में इनके जन्म के विषय में यह पद्य प्रसिद्ध है-

चौदह सौ पचपन साल गए, चन्द्रवार एक ठाठ ठए।
जेठ सुदी बरसायत को पूरनमासी तिथि प्रगट भए॥
घन गरजें दामिनि दमके बूँदे बरषें झर लाग गए।
लहर तलाब में कमल खिले तहँ कबीर भानु प्रगट भए॥[1]

मृत्यु

कबीर ने काशी के पास मगहर में देह त्याग दी। ऐसी मान्यता है कि मृत्यु के बाद उनके शव को लेकर विवाद उत्पन्न हो गया था। हिन्दू कहते थे कि उनका अंतिम संस्कार हिन्दू रीति से होना चाहिए और मुस्लिम कहते थे कि मुस्लिम रीति से। इसी विवाद के चलते जब उनके शव पर से चादर हट गई, तब लोगों ने वहाँ फूलों का ढेर पड़ा देखा। बाद में वहाँ से आधे फूल हिन्दुओं ने ले लिए और आधे मुसलमानों ने। मुसलमानों ने मुस्लिम रीति से और हिंदुओं ने हिंदू रीति से उन फूलों का अंतिम संस्कार किया। मगहर में कबीर की समाधि है। जन्म की भाँति इनकी मृत्यु तिथि एवं घटना को लेकर भी मतभेद हैं किन्तु अधिकतर विद्वान् उनकी मृत्यु संवत 1575 विक्रमी (सन 1518 ई.) मानते हैं, लेकिन बाद के कुछ इतिहासकार उनकी मृत्यु 1448 को मानते हैं।[2]

समकालीन सामाजिक परिस्थिति

महात्मा कबीरदास के जन्म के समय में भारत की राजनीतिक, सामाजिक, आर्थिक एवं धार्मिक दशा शोचनीय थी। एक तरफ मुसलमान शासकों की धर्मांन्धता से जनता परेशान थी और दूसरी तरफ हिन्दू धर्म के कर्मकांड, विधान और पाखंड से धर्म का ह्रास हो रहा था। जनता में भक्ति- भावनाओं का सर्वथा अभाव था। पंडितों के पाखंडपूर्ण वचन समाज में फैले थे। ऐसे संघर्ष के समय में, कबीरदास का प्रार्दुभाव हुआ। जिस युग में कबीर आविर्भूत हुए थे, उसके कुछ ही पूर्व भारतवर्ष के इतिहास में एक अभूतपूर्व घटना घट चुकी थी। यह घटना इस्लाम जैसे एक सुसंगठित सम्प्रदाय का आगमन था। इस घटना ने भारतीय धर्म–मत और समाज व्यवस्था को बुरी तरह से झकझोर दिया था। उसकी अपरिवर्तनीय समझी जाने वाली जाति–व्यवस्था को पहली बार ज़बर्दस्त ठोकर लगी थी। सारा भारतीय वातावरण संक्षुब्ध था। बहुत–से पंडितजन इस संक्षोभ का कारण खोजने में व्यस्त थे और अपने–अपने ढंग पर भारतीय समाज और धर्म–मत को सम्भालने का प्रयत्न कर रहे थे।


साहित्यिक परिचय

कबीर सन्त कवि और समाज सुधारक थे। उनकी कविता का एक-एक शब्द पाखंडियों के पाखंडवाद और धर्म के नाम पर ढोंग व स्वार्थपूर्ति की निजी दुकानदारियों को ललकारता हुआ आया और असत्य व अन्याय की पोल खोल धज्जियाँ उड़ाता चला गया। कबीर का अनुभूत सत्य अंधविश्वासों पर बारूदी पलीता था। सत्य भी ऐसा जो आज तक के परिवेश पर सवालिया निशान बन चोट भी करता है और खोट भी निकालता है।


संत कबीर

संत नामदेव

जन्म (Birth)

namdev jiभक्त नामदेव जी का जन्म वि. सं. 1327 में दक्षिण हैदराबाद के नरसी ब्राह्मणी नामक एक गाँव में हुआ। नामदेव जी की माता गोणाई व पिता दामा सेठ जी भगवत भक्त थे; वे निरंतर भगवान के नाम और गुणों का कीर्तन किया करते थे। नामदेव जी भी उनसे भगवन्नाम सुन-सुनकर वही सीखने लगे।माता-पिता जो कुछ करते हैं, बालक भी वही सीखता है। नामदेव जी को शैशव से ही विठ्ठल के विग्रह की पूजा, विठ्ठल के गुणगान, विठ्ठल नाम का जप आदि देखने और सुनने को मिला। वे स्वंय विठ्ठलमय हो गए।

एक बार दामा सेठ को कहीं बाहर जाना था इसलिए उन्होनें नामदेव जी पर विठ्ठल की पूजा का भार सौंपा। नामदेव जी ने सरल हृदय से पूजा की और कटोरे में भगवान को दूध का नैवेद्य अर्पित करके नेत्र बंद कर लिए। कुछ देर बाद नेत्र खोलकर देखते हैं तो दूध वैसा ही रखा है। बालक नामदेव सोचते हैं कि मेरे ही किसी अपराध से विठ्ठल दूध नहीं पीते हैं। वे बडी दीनता से प्रार्थना करने लगे, उससे भी काम नहीं चला तो रोते-रोते बोले- विठोबा! यदि तुमने आज दूध नहीं पिया तो मैं जीवन भर दूध नहीं पिऊँगा। बालक नामदेव के लिए वह पत्थर की मूर्ति नहीं थी। वे तो सा़क्षाात पांडुरंग थे। जो रूठकर दूध नहीं पी रहे थे। बच्चे की प्रतिज्ञा सुनते ही दयामय भगवान साक्षात प्रकट हो गये और दूध पीया। उसी दिन से नामदेव के हाथ से वे रोज दूध पिया करते।

विवाह और पंढरपुर प्रवास (Marriage And Migration To Pandharpur)

छोटी उम्र में ही जातीय प्रथा के अनुसार नामदेव जी का विवाह गोविंद सेठ की कन्या “राजाई” के साथ हुआ। पिता के परलोक-गमन के अनन्तर घर का भार इन्ही पर पड़ा। स्त्री तथा माता चाहतीं थीं कि ये व्यापार में लगे, किन्तु इन्होनें तो हरि कीर्तन का व्यवसाय कर लिया था। अब नामदेव जी नरसी ब्राह्मणी गाँव को छोडकर पंढरपुर आ बसे।

चंद्रभागा नदी का स्नान, भक्त पुंडलिक तथा उनके भगवान पांडुरंग के दर्शन और विठ्ठल के गुणों का कीर्तन- नामदेव जी की उपासना का यही स्वरूप था। नामदेव जी के भजनों में विठ्ठल की महिमा है, तत्वज्ञान है, भक्ति है और विठ्ठल के प्रति अपार आभार भाव है।

संत श्री ज्ञानेश्वर महाराज जी के साथ तीर्थयात्रा (Pilgrimage With Saint Shri Gyaneshwar Maharaj)

devotee namdevjiप्रसिद्ध संत श्री ज्ञानेश्वर महाराज को एक बार नामदेव जी के संग की इच्छा हुई। उन्होंने नामदेव जी को अपने साथ तीर्थयात्रा पर चलने को कहा।

नामदेव जी ने कहा – ”आप पांडुरंग से आज्ञा दिला दें तो चलूँगा।”

भगवान ने ज्ञानेश्वरजी से कहा- “नामदेव मेरा बड़ा लाड़ला है। मैं उसे अपने से क्षणभर के लिए भी दूर नहीं करना चाहता। तुम ले जाओ पर इसकी सम्भांल करना। इतना कहकर भगवान ने स्वयं ज्ञानेश्वर को नामदेव जी का हाथ पकड़ा दिया।

नामदेव जी, ज्ञानेश्वर महाराज के साथ भगवदचर्चा करते हुए यात्रा के लिए निकल गये, लेकिन उनका चित्त पांडुरंग के वियोग से व्याकुल था। ज्ञानेश्वर जी ने भगवान की सर्वव्यापकता बताते हुए समझाना चाहा, तो वे बोले- आपकी बात तो ठीक है। किन्तु पुंडलिक के पास खड़े पांडुरंग को देखे बिना मुझे चैन नहीं पड़ता। उनके इस अनन्य भाव को देखकर ज्ञानेश्वर जी बड़े प्रसन्न हुए।

एक बार ज्ञानेश्वर महाराज के पूछने पर नामदेव जी ने भजन के संबंध में कहा- मेरे भाग्य में ज्ञान कहाँ है। मुझे तो विठ्ठल की कृपा का ही भरोसा है। मुझे तो नाम संकीर्तन ही प्रिय लगता है। समस्त विश्व में एकमा़त्र विठ्ठल को देखना और हृदय में उनके चरणों का स्मरण करते हुए रहना ही उत्तम ध्यान है। मुख से उच्चारण किये जाते हुए नाम में मन को दृढ़तापूर्वक लगाकर तल्लीन हो जाना ही श्रवण है। भगवच्चारणों का दृृढ अनुसन्धान निदियमान है। सर्वभाव से एकमात्र विठ्ठल का ही ध्यान, समस्त प्राणियों में उन्हीें का दर्शन, सब और से आसक्ति हटाकर उनका ही चिन्तन- भक्ति है।

इस प्रकार तीर्थयात्रा करते हुए मार्ग में बीकानेर के पास कौलायत गाँव के पास में पहुँचकर दोनों को बड़ी प्यास लगी। पास में एक कुआँ तो था, पर वह सूख चुका था। ज्ञानेश्वर जी सिद्धयोगी थे। उन्होनें लघिमा-सिद्धि से कुँए के भीतर जमीन में प्रवेश कर जल पिया और नामदेव जी के लिए जल उपर ले आए। नामदेव जी ने वह जल पीना स्वीकार नहीं किया।

वे भावमग्न होकर कहने लगे- “मेरे विठ्ठल को क्या मेरी चिन्ता नहीं है, जो मैं इस प्रकार जल पिऊँ?”

भगवत्कृपा से कुआँ जल सेे भर गया। नामदेव जी ने इस प्रकार जल पिया।

कुछ दिनों में यात्रा पूर्ण करके संत ज्ञानेश्वर और नामदेव जी पंढरपुर लौट आये। अपने हृदय धन पांडुरंग के दर्शन करके आनन्द में भरकर कहने लगे- “मेरे मन में भ्रम था, इसलिए तो आपने मुझे भटकाया। आपके बिना अन्यदेव की ओर मेंरे चरण चलना नहीं चाहते। मैं आपके सिवा कुछ नहीं जानता हूँ परन्तु आपने मुझपर बड़ी कृपा की जो सर्वत्र मेरे लिये पंढरपुर कर दिया और याद करते ही मुझे दर्शन देते रहे।”

ज्ञानेश्वर महाराज के समाधि लेने पर नामदेव उत्तर भारत में गए। नामदेव का जीवन पंढरपुर में और उत्तरार्ध पंजाब आदि में भक्ति का प्रचार करते बीता। “विसोबा” से इन्हें पूर्व ज्ञान का बोध हुआ था। अतः उन्हें ही ये गुरू मानते थे।

नामदेव प्रत्येक पदार्थ में केवल भगवान को ही देखते थे। उनकी स्थिति का उनके जीवन की अनेक घटनाओं से पता लगता है।

नामदेव जी के जीवन की अलौकिक घटनाएँ (Divine And Supernatural Events Of Namdev Ji’s Life)

lord vitthalएक बार नामदेव जी की कुटिया में आग लग गयी और ये प्रेम में मस्त होकर दूसरी ओर की वस्तु भी अग्नि में फैंकते हुए कहने लगे- “स्वामी। आज तो आप लाल-लाल लपटोें का रूप बनाए बड़े अच्छे पधारे किन्तु एक ही ओर क्यों दूसरी ओर की इन वस्तुओं ने क्या अपराध किया है, आप इन्हें भी स्वीकार करें।” कुछ देर बाद में आग बुझ गई। उनकी चिन्ता करने वाले विठ्ठल स्वयं मजदूर बनकर पधारे और उन्होनें कुटिया बनाकर छान छा दी। तब से पांडुरंग नामदेव जी की छान छा देने वाले प्रसिद्ध हुए।

एक बार नामदेव जी किसी जंगल में पेड़ के नीचे रोटी बना रहे थे। इतने में एक कुत्ता आया और रोटियाँ मुहँ में उठाकर भाग चला। नामदेव जी ने घी का कटोरा हाथ में लेकर यह पुकारते हुए कुत्ते के पीछे दौड़े- “भगवन ! रोटियाँ रुखी हैं, अभी चुपड़ी नहीं हैं। मुझे घी लगाने दीजिये, फिर भोग लगाइये।”

भगवान ने कुत्ते का रूप त्यागकर शंख-चक्र-गदा-पदम् धारण किये। नामदेव जी ने दिव्य चतुर्भुज रूप में भगवान का दर्शन किया।

नामदेव जी की भक्ति बड़ी ही ऊँची थी। जिसका अनुमान उपरोक्त घटनाओं से किया जा सकता है। अनेकों लोगों को भक्ति मार्ग में लगाकर वि.सं.-1407 में 80 वर्ष की अवस्था में आप नश्वर शरीर को त्यागकर परमधाम पधारे। 


संत नामदेव

अमीर खुसरो

 अबुल हसन यमीनुद्दीन अमीर ख़ुसरो (1253-1325) चौदहवीं सदी के लगभग दिल्ली के निकट रहने वाले एक प्रमुख कवि, शायर, गायक और संगीतकार थे।[1] उनका परिवार कई पीढ़ियों से राजदरबार से सम्बंधित था I स्वयं अमीर खुसरो ने 8 सुल्तानों का शासन देखा था I अमीर खुसरो प्रथम मुस्लिम कवि थे जिन्होंने हिंदी शब्दों का खुलकर प्रयोग किया है I वह पहले व्यक्ति थे जिन्होंने हिंदी, हिन्दवी और फारसी में एक साथ लिखा I उन्हे खड़ी बोली के आविष्कार का श्रेय दिया जाता है I वे अपनी पहेलियों और मुकरियों के लिए जाने जाते हैं। सबसे पहले उन्हीं ने अपनी भाषा के लिए हिन्दवी का उल्लेख किया था। वे फारसी के कवि भी थे। उनको दिल्ली सल्तनत का आश्रय मिला हुआ था। उनके ग्रंथो की सूची लम्बी है। साथ ही इनका इतिहास स्रोत रूप में महत्त्व है। अमीर खुसरो को तोता-ए-हिंद कहा जाता है

मध्य एशिया की लाचन जाति के तुर्क सैफुद्दीन के पुत्र अमीर खुसरो का जन्म सन् 1253ईस्वी (६५२ हि.) में एटा उत्तर प्रदेश के पटियाली नामक कस्बे में हुआ था। लाचन जाति के तुर्क चंगेज खाँ के आक्रमणों से पीड़ित होकर बलबन (१२६६(1266)-१२८६(1286) ई0) के राज्यकाल में ‘’शरणार्थी के रूप में भारत में आ बसे थे। खुसरो की माँ बलबनके युद्धमंत्री इमादुतुल मुल्क की पुत्री तथा एक भारतीय मुसलमान महिला थी। सात वर्ष की अवस्था में खुसरो के पिता का देहान्त हो गया। किशोरावस्था में उन्होंने कविता लिखना प्रारम्भ किया और २० वर्ष के होते होते वे कवि के रूप में प्रसिद्ध हो गए। खुसरो में व्यावहारिक बुद्धि की कोई कमी नहीं थी। सामाजिक जीवन की खुसरो ने कभी अवहेलना नहीं की। खुसरो ने अपना सारा जीवन राज्याश्रय में ही बिताया। राजदरबार में रहते हुए भी खुसरो हमेशा कवि, कलाकार, संगीतज्ञ और सैनिक ही बने रहे। साहित्य के अतिरिक्त संगीत के क्षेत्र में भी खुसरो का महत्वपूर्ण योगदान है I उन्होंने भारतीय और ईरानी रागों का सुन्दर मिश्रण किया और एक नवीन राग शैली इमान, जिल्फ़, साजगरी आदि को जन्म दिया I भारतीय गायन में क़व्वालीऔर सितार को इन्हीं की देन माना जाता है। इन्होंने गीत के तर्ज पर फ़ारसी में और अरबी ग़जल के शब्दों को मिलाकर कई पहेलियाँ और दोहे भी लिखे हैं।

जीवन

इनके तीन पुत्रों में अबुलहसन (अमीर खुसरो) सबसे बड़े थे - ४ बरस की उम्र में वे दिल्ली लाए गए। ८ बरस की उम्र में वे प्रसिद्ध सूफ़ी हज़रत निज़ामुद्दीन औलिया के शिष्य बने। १६-१७ साल की उम्र में वे अमीरों के घर शायरी पढ़ने लगे थे। एक बार दिल्ली के एक मुशायरे में बलबन के भतीजे सुल्तान मुहम्मद को ख़ुसरो की शायरी बहुत पसंद आई और वो इन्हें अपने साथ मुल्तान (आधुनिक पाकिस्तानी पंजाब) ले गया। सुल्तान मुहम्मद ख़ुद भी एक अच्छा शायर था - उसने खुसरो को एक अच्छा ओहदा दिया। मसनवी लिखवाई जिसमें २० हज़ार शेर थे - ध्यान रहे कि इसी समय मध्यतुर्की में शायद दुनिया के आजतक के सबसे श्रेष्ठ शायर मौलाना रूमी भी एक मसनवी लिख रहे थे या लिख चुके थे। ५ साल तक मुल्तान में उनका जिंदगी बहुत ऐशो आराम से गुज़री। इसी समय मंगोलों का एक ख़ेमा पंजाब पर आक्रमण कर रहा था। इनको क़ैद कर हेरात ले जाया गया - मंगोलों ने सुल्तान मुहम्मद का सर कलम कर दिया था। दो साल के बाद इनकी सैनिक आकांक्षा की कमी को देखकर और शायरी का अंदाज़ देखकर छोड़ दिया गया। फिर यो पटियाली पहुँचे और फिर दिल्ली आए। बलबन को सारा क़िस्सा सुनाया - बलबन भी बीमार पड़ गया और फिर मर गया। फिर कैकुबाद के दरबार में भी ये रहे - वो भी इनकी शायरी से बहुत प्रसन्न रहा और इन्हे मुलुकशुअरा (राष्ट्रकवि) घोषित किया। जलालुद्दीन खिलजी इसी वक़्त दिल्ली पर आक्रमण कर सत्ता पर काबिज़ हुआ। उसने भी इनको स्थाई स्थान दिया। जब खिलजी के भतीजे और दामाद अलाउद्दीन ने ७० वर्षीय जलालुद्दीन का क़त्ल कर सत्ता हथियाई तो भी वो अमीर खुसरो को दरबार में रखा। चित्तौड़ पर चढ़ाई के समय भी अमीर खुसरो ने अलाउद्दीन खिलजी को मना किया लेकिन वो नहीं माना। इसके बाद मलिक काफ़ूर ने अलाउद्दीन खिलजी से सत्ता हथियाई और मुबारक शाह ने मलिक काफ़ूर से।

1.खलिकबारी(कोशग्रंथ) 2.हालात -ए- कन्हैया(भक्ति परक रचना) 3.नजराना-ए-हिंदी



एक थाल मोतियों से भरा,
सबके सर पर औंधा धरा।
चारों ओर वह थाली फिरे,
मोती उससे एक न गिरे।​


इस पहेली में मोतियों का अर्थ है आकाश में टिमटिमाते तारे। रात में हजारों, शायद लाखों होते हैं। लेकिन दिन में हम केवल सूर्य को ही देख सकते हैं। इसलिए, यहाँ "मोतियों से भरा थाल" का अर्थ है आकाश में तारे। "सबके सिर पर उल्टा धरा" का अर्थ है कि आकाश सभी के ऊपर है। "चारों ओर फिरे वो थाल" का अर्थ है कि आकाश हर ओर से दिखाई देता है। "मोती उससे एक ना गिरे" का अर्थ है कि आकाश से एक भी तारा नहीं गिरता है।

इस प्रकार, इस पहेली का उत्तर है आकाश।


अमीर खुसरो



बुधवार, 19 जुलाई 2023

दोपहर का खाना : अमरकांत

 

सिद्धेश्वरी ने खाना बनाने के बाद चूल्हे को बुझा दिया और दोनों घुटनों के बीच सिर रखकर शायद पैर की उंगलियां या ज़मीन पर चलते चीटें-चीटियों को देखने लगी.

अचानक उसे मालूम हुआ कि बहुत देर से उसे प्यास नहीं लगी है. वह मतवाले की तरह उठी ओर गगरे से लोटा-भर पानी लेकर गट-गट चढ़ा गई. खाली पानी उसके कलेजे में लग गया और वह ‘हाय राम’ कहकर वहीं ज़मीन पर लेट गई.

आधे घंटे तक वहीं उसी तरह पड़ी रहने के बाद उसके जी में जी आया. वह बैठ गई, आंखों को मल-मलकर इधर-उधर देखा और फिर उसकी दृष्टि ओसारे में अध-टूटे खटोले पर सोए अपने छह वर्षीय लड़के प्रमोद पर जम गई.

लड़का नंग-धड़ंग पड़ा था. उसके गले तथा छाती की हडि्डयां साफ़ दिखाई देती थीं. उसके हाथ-पैर बासी ककड़ियों की तरह सूखे तथा बेजान पड़े थे और उसका पेट हंडिया की तरह फूला हुआ था. उसका मुख खुला हुआ था और उस पर अनगिनत मक्खियां उड़ रही थीं.
वह उठी, बच्चे के मुंह पर अपना एक फटा, गंदा ब्लाउज़ डाल दिया और एक-आध मिनट सुन्न खड़ी रहने के बाद बाहर दरवाज़े पर जाकर किवाड़ की आड़ से गली निहारने लगी. बारह बज चुके थे. धूप अत्यंत तेज़ थी और कभी एक-दो व्यक्ति सिर पर तौलिया या गमछा रखे हुए या मज़बूती से छाता ताने हुए फुर्ती के साथ लपकते हुए-से गुज़र जाते.
दस-पंद्रह मिनट तक वह उसी तरह खड़ी रही, फिर उसके चेहरे पर व्यग्रता फैल गई और उसने आसमान तथा कड़ी धूप की ओर चिंता से देखा. एक-दो क्षण बाद उसने सिर को किवाड़ से काफ़ी आगे बढ़ाकर गली के छोर की तरफ़ निहारा, तो उसका बड़ा लड़का रामचंद्र धीरे-धीरे घर की ओर सरकता नज़र आया.

उसने फुर्ती से एक लोटा पानी ओसारे की चौकी के पास नीचे रख दिया और चौके में जाकर खाने के स्थान को जल्दी-जल्दी पानी से लीपने-पोतने लगी. वहां पीढ़ा रखकर उसने सिर को दरवाज़े की ओर घुमाया ही था कि रामचंद्र ने अंदर क़दम रखा.

रामचंद्र आकर धम-से चौंकी पर बैठ गया और फिर वहीं बेजान-सा लेट गया. उसका मुंह लाल तथा चढ़ा हुआ था, उसके बाल अस्त-व्यस्त थे और उसके फटे-पुराने जूतों पर गर्द जमी हुई थी.

सिद्धेश्वरी की पहले हिम्मत नहीं हुई कि उसके पास आए और वहीं से वह भयभीत हिरनी की भांति सिर उचका-घुमाकर बेटे को व्यग्रता से निहारती रही. किंतु, लगभग दस मिनट बीतने के पश्चार भी जब रामचंद्र नहीं उठा, तो वह घबरा गई. पास जाकर पुकारा,‘बड़कू, बड़कू!’लेकिन उसके कुछ उत्तर न देने पर डर गई और लड़के की नाक के पास हाथ रख दिया. सांस ठीक से चल रही थी. फिर सिर पर हाथ रखकर देखा, बुखार नहीं था. हाथ के स्पर्श से रामचंद्र ने आंखें खोलीं. पहले उसने मां की ओर सुस्त नज़रों से देखा, फिर झट-से उठ बैठा. जूते निकालने और नीचे रखे लोटे के जल से हाथ-पैर धोने के बाद वह यंत्र की तरह चौकी पर आकर बैठ गया.
सिद्धेश्वर ने डरते-डरते पूछा,‘खाना तैयार है. यहीं लगाऊं क्या?’
रामचंद्र ने उठते हुए प्रश्न किया,‘बाबू जी खा चुके?’
सिद्धेश्वरी ने चौके की ओर भागते हुए उत्तर दिया,‘आते ही होंगे.’

रामचंद्र पीढ़े पर बैठ गया. उसकी उम्र लगभग इक्कीस वर्ष की थी. लंबा, दुबला-पतला, गोरा रंग, बड़ी-बड़ी आंखें तथा होंठों पर झुर्रियां.
वह एक स्थानीय दैनिक समाचार पत्र के दफ़्तर में अपनी तबीयत से प्रूफ़रीडरी का काम सीखता था. पिछले साल ही उसने इंटर पास किया था.
सिद्धेश्वरी ने खाने की थाली सामने लाकर रख दी और पास ही बैठकर पंखा करने लगी. रामचंद्र ने खाने की ओर दार्शनिक की भांति देखा. कुल दो रोटियां, भर-कटोरा पनियाई दाल और चने की तली तरकारी.

रामचंद्र ने रोटी के प्रथम टुकड़े को निगलते हुए पूछा,‘मोहन कहां हैं? बड़ी कड़ी धूप हो रही है.’
मोहन सिद्धेश्वरी का मंझला लड़का था. उम्र अठ्ठारह वर्ष थी और वह इस साल हाईस्कूल का प्राइवेट इम्तहान देने की तैयारी कर रहा था. वह न मालूम कब से घर से ग़ायब था और सिद्धेश्वरी को स्वयं पता नहीं था कि वह कहां गया है.
किंतु सच बोलने की उसकी तबीयत नहीं हुई और झूठ-मूठ उसने कहा,‘किसी लड़के के यहां पढ़ने गया है, आता ही होगा. दिमाग उसका बड़ा तेज है और उसकी तबीयत चौबीस घंटे पढ़ने में ही लगी रहती है. हमेशा उसी की बात करता रहता है.’
रामचंद्र ने कुछ नहीं कहा. एक टुकड़ा मुंह में रखकर भरा गिलास पानी पी गया, फिर खाने लग गया. वह काफ़ी छोटे-छोटे टुकड़े तोड़कर उन्हें धीरे-धीरे चबा रहा था.

सिद्धेश्वरी भय तथा आतंक से अपने बेटे को एकटक निहार रही थी. कुछ क्षण बीतने के बाद डरते-डरते उसने पूछा,‘वहां कुछ हुआ क्या?’
रामचंद्र ने अपनी बड़ी-बड़ी भावहीन आंखों से अपनी मां को देखा, फिर नीचा सिर करके कुछ रूखाई से बोला,‘समय आने पर सब ठीक हो जाएगा.’

सिद्धेश्वरी चुप रही. धूप और तेज़ होती जा रही थी. छोटे आंगन के ऊपर आसमान में बादल में एक-दो टुकड़े पाल की नावों की तरह तैर रहे थे. बाहर की गली से गुज़रते हुए एक खड़खड़िया इक्के की आवाज आ रही थी. और खटोले पर सोए बालक की सांस का खर-खर शब्द सुनाई दे रहा था.

रामचंद्र ने अचानक चुप्पी को भंग करते हुए पूछा,‘प्रमोद खा चुका?’
सिद्धेश्वरी ने प्रमोद की ओर देखते हुए उदास स्वर में उत्तर दिया,‘हां, खा चुका.’
‘रोया तो नहीं था?’
सिद्धेश्वरी फिर झूठ बोल गई,‘आज तो सचमुच नहीं रोया. वह बड़ा ही होशियार हो गया है. कहता था, बड़का भैया के यहां जाऊंगा. ऐसा लड़का...’
पर वह आगे कुछ न बोल सकी, जैसे उसके गले में कुछ अटक गया. कल प्रमोद ने रेवड़ी खाने की ज़िद पकड़ ली थी और उसके लिए डेढ़ घंटे तक रोने के बाद सोया था.

रामचंद्र ने कुछ आश्चर्य के साथ अपनी मां की ओर देखा और फिर सिर नीचा करके कुछ तेज़ी से खाने लगा.
थाली में जब रोटी का केवल एक टुकड़ा शेष रह गया, तो सिद्धेश्वरी ने उठने का उपक्रम करते हुए प्रश्न किया,‘एक रोटी और लाती हूं?’
रामचंद्र हाथ से मना करते हुए हड़बड़ाकर बोल पड़ा,‘नहीं-नहीं, ज़रा भी नहीं. मेरा पेट पहले ही भर चुका है. मैं तो यह भी छोड़नेवाला हूं. बस, अब नहीं.’
सिद्धेश्वरी ने जिद की,‘अच्छा आधी ही सही.’
रामचंद्र बिगड़ उठा,‘अधिक खिलाकर बीमार डालने की तबीयत है क्या? तुम लोग जरा भी नहीं सोचती हो. बस, अपनी जिद. भूख रहती तो क्या ले नहीं लेता?’
सिद्धेश्वरी जहां-की-तहां बैठी ही रह गई. रामचंद्र ने थाली में बचे टुकड़े से हाथ खींच लिया और लोटे की ओर देखते हुए कहा,‘पानी लाओ.’

सिद्धेश्वरी लोटा लेकर पानी लेने चली गई. रामचंद्र ने कटोरे को उंगलियों से बजाया, फिर हाथ को थाली में रख दिया. एक-दो क्षण बाद रोटी के टुकड़े को धीरे-से हाथ से उठाकर आंख से निहारा और अंत में इधर-उधर देखने के बाद टुकड़े को मुंह में इस सरलता से रख लिया, जैसे वह भोजन का ग्रास न होकर पान का बीड़ा हो.

मंझला लड़का मोहन आते ही हाथ-पैर धोकर पीढ़े पर बैठ गया. वह कुछ सांवला था और उसकी आंखें छोटी थीं. उसके चेहरे पर चेचक के दाग थे. वह अपने भाई ही की तरह दुबला-पतला था, किंतु उतना लंबा न था. वह उम्र की अपेक्षा कहीं अधिक गंभीर और उदास दिखाई पड़ रहा था.
सिद्धेश्वरी ने उसके सामने थाली रखते हुए प्रश्न किया,‘कहां रह गए थे बेटा? भैया पूछ रहा था.’
मोहन ने रोटी के एक बड़े ग्रास को निगलने की कोशिश करते हुए अस्वाभाविक मोटे स्वर में जवाब दिया,‘कहीं तो नहीं गया था. यहीं पर था.’
सिद्धेश्वरी वहीं बैठकर पंखा डुलाती हुई इस तरह बोली, जैसे स्वप्न में बड़बड़ा रही हो,‘बड़का तुम्हारी बड़ी तारीफ कर रहा था. कह रहा था, मोहन बड़ा दिमागी होगा, उसकी तबीयत चौबीसों घंटे पढ़ने में ही लगी रहती है.’ यह कहकर उसने अपने मंझले लड़के की ओर इस तरह देखा, जैसे उसने कोई चोरी की हो.

मोहन अपनी मां की ओर देखकर फीकी हंसी हंस पड़ा और फिर खाने में जुट गया. वह परोसी गई दो रोटियों में से एक रोटी कटोरे की तीन-चौथाई दाल तथा अधिकांश तरकारी साफ़ कर चुका था.

सिद्धेश्वरी की समझ में नहीं आया कि वह क्या करे. इन दोनों लड़कों से उसे बहुत डर लगता था. अचानक उसकी आंखें भर आईं. वह दूसरी ओर देखने लगी.
थोड़ी देर बाद उसने मोहन की ओर मुंह फेरा, तो लड़का लगभग खाना समाप्त कर चुका था.

सिद्धेश्वरी ने चौंकते हुए पूछा,‘एक रोटी देती हूं?’
मोहन ने रसोई की ओर रहस्यमय नेत्रों से देखा, फिर सुस्त स्वर में बोला,‘नहीं.’
सिद्धेश्वरी ने गिड़गिड़ाते हुए कहा,‘नहीं बेटा, मेरी कसम, थोड़ी ही ले लो. तुम्हारे भैया ने एक रोटी ली थी.’
मोहन ने अपनी मां को गौर से देखा, फिर धीरे-धीरे इस तरह उत्तर दिया, जैसे कोई शिक्षक अपने शिष्य को समझाता है,‘नहीं रे, बस, अव्वल तो अब भूख नहीं. फिर रोटियां तूने ऐसी बनाई हैं कि खाई नहीं जातीं. न मालूम कैसी लग रही हैं. खैर, अगर तू चाहती ही है, तो कटोरे में थोड़ी दाल दे दे. दाल बड़ी अच्छी बनी है.’
सिद्धेश्वरी से कुछ कहते न बना और उसने कटोरे को दाल से भर दिया.
मोहन कटोरे को मुंह लगाकर सुड़-सुड़ पी रहा था कि मुंशी चंद्रिका प्रसाद जूतों को खस-खस घसीटते हुए आए और राम का नाम लेकर चौकी पर बैठ गए. सिद्धेश्वरी ने माथे पर साड़ी को कुछ नीचे खिसका लिया और मोहन दाल को एक सांस में पीकर तथा पानी के लोटे को हाथ में लेकर तेज़ी से बाहर चला गया.

दो रोटियां, कटोरा-भर दाल, चने की तली तरकारी. मुंशी चंद्रिका प्रसाद पीढ़े पर पालथी मारकर बैठे रोटी के एक-एक ग्रास को इस तरह चुभला-चबा रहे थे, जैसे बूढ़ी गाय जुगाली करती है. उनकी उम्र पैंतालीस वर्ष के लगभग थी, किंतु पचास-पचपन के लगत थे. शरीर का चमड़ा झूलने लगा था, गंजी खोपड़ी आईने की भांति चमक रही थी. गंदी धोती के ऊपर अपेक्षाकृत कुछ साफ़ बनियान तार-तार लटक रही थी.
मुंशी जी ने कटोरे को हाथ में लेकर दाल को थोड़ा सुड़कते हुए पूछा,‘बड़का दिखाई नहीं दे रहा?’
सिद्धेश्वरी की समझ में नहीं आ रहा था कि उसके दिल में क्या हो गया है-जैसे कुछ काट रहा हो. पंखे को ज़रा और ज़ोर से घुमाती हुई बोली,‘अभी-अभी खाकर काम पर गया है. कह रहा था, कुछ दिनों में नौकरी लग जाएगी. हमेशा,‘बाबू जी, बाबू जी’किए रहता है. बोला, बाबू जी देवता के समान हैं.’
मुंशी जी के चेहरे पर कुछ चमक आई. शरमाते हुए पूछा,‘ऐं, क्या कहता था कि बाबू जी देवता के समान हैं? बड़ा पागल है.’
सिद्धेश्वरी पर जैसे नशा चढ़ गया था. उन्माद की रोगिणी की भांति बड़बड़ाने लगी,‘पागल नहीं हैं, बड़ा होशियार है. उस जमाने का कोई महात्मा है. मोहन तो उसकी बड़ी इज्जत करता है. आज कह रहा था कि भैया की शहर में बड़ी इज्जत होती हैं, पढ़ने-लिखनेवालों में बड़ा आदर होता है और बड़का तो छोटे भाइयों पर जान देता हैं. दुनिया में वह सबकुछ सह सकता है, पर यह नहीं देख सकता कि उसके प्रमोद को कुछ हो जाए.’
मुंशी जी दाल-लगे हाथ को चाट रहे थे. उन्होंने सामने की ताक की ओर देखते हुए हंसकर कहा,‘बड़का का दिमाग तो खैर काफी तेज है, वैसे लड़कपन में नटखट भी था. हमेशा खेल-कूद में लगा रहता था, लेकिन यह भी बात थी कि जो सबक मैं उसे याद करने को देता था, उसे बर्राक रखता था. असल तो यह कि तीनों लड़के काफी होशियार हैं. प्रमोद को कम समझती हो?’ यह कहकर वह अचानक ज़ोर से हंस पड़े.
मुंशी जी डेढ़ रोटी खा चुकने के बाद एक ग्रास से युद्ध कर रहे थे. कठिनाई होने पर एक गिलास पानी चढ़ा गए. फिर खर-खर खांसकर खाने लगे.
फिर चुप्पी छा गई. दूर से किसी आटे की चक्की की पुक-पुक आवाज़ सुनाई दे रही थी और पास की नीम के पेड़ पर बैठा कोई पंडूक लगातार बोल रहा था.

सिद्धेश्वर की समझ में नहीं आ रहा था कि क्या कहे. वह चाहती थी कि सभी चीज़ें ठीक से पूछ ले. सभी चीज़ें ठीक से जान ले और दुनिया की हर चीज़ पर पहले की तरह धड़ल्ले से बात करे. पर उसकी हिम्मत नहीं होती थी. उसके दिल में जाने कैसा भय समाया हुआ था.
अब मुंशी जी इस तरह चुपचाप दुबके हुए खा रहे थे, जैसे पिछले दो दिनों से मौन-व्रत धारण कर रखा हो और उसको कहीं जाकर आज शाम को तोड़ने वाले हों.
सिद्धेश्वरी से जैसे नहीं रहा गया. बोली,‘मालूम होता है, अब बारिश नहीं होगी.’
मुंशी जी ने एक क्षण के लिए इधर-उधर देखा, फिर निर्विकार स्वर में राय दी,‘मक्खियां बहुत हो गई हैं.’
सिद्धेश्वरी ने उत्सुकता प्रकट की,‘फूफा जी बीमार हैं, कोई समाचार नहीं आया.
मुंशी जी ने चने के दानों की ओर इस दिलचस्पी से दृष्टिपात किया, जैसे उनसे बातचीत करनेवाले हों. फिर सूचना दी,‘गंगाशरण बाबू की लड़की की शादी तय हो गई. लड़का एम.ए. पास है.’
सिद्धेश्वरी हठात चुप हो गई. मुंशी जी भी आगे कुछ नहीं बोले. उनका खाना समाप्त हो गया था और वे थाली में बचे-खुचे दानों को बंदर की तरह बीन रहे थे.
सिद्धेश्वरीने पूछा,‘बड़का की कसम, एक रोटी देती हूं. अभी बहुत-सी हैं.’
मुंशी जी ने पत्नी की ओर अपराधी के समान तथा रसोई की ओर कनखी से देखा, तत्पश्चात किसी छंटे उस्ताद की भांति बोले,‘रोटी? रहने दो, पेट काफ़ी भर चुका है. अन्न और नमकीन चीजों से तबीयत ऊब भी गई है. तुमने व्यर्थ में कसम धरा दी. खैर, कसम रखने के लिए ले रहा हूं. गुड़ होगा क्या?’
सिद्धेश्वरी ने बताया कि हंडिया में थोड़ा-सा गुड़ है.
मुंशी जी ने उत्साह के साथ कहा,‘तो थोड़े गुड़ का ठंडा रस बनाओ, पीऊंगा. तुम्हारी कसम भी रह जाएगी, जायका भी बदल जाएगा, साथ-ही-साथ हाजमा भी दुरुस्त होगा. हां, रोटी खाते-खाते नाक में दम आ गया है.’ यह कहकर वे ठहाका मारकर हंस पड़े.

मुंशी जी के निबटने के पश्चात सिद्धेश्वरी उनकी जूठी थाली लेकर चौके की ज़मीन पर बैठ गई. बटलोई की दाल को कटोरे में उड़ेल दिया, पर वह पूरा भरा नहीं. छिपुली में थोड़ी-सी चने की तरकारी बची थी, उसे पास खींच लिया. रोटियों की थाली को भी उसने पास खींच लिया. उसमें केवल एक रोटी बची थी. मोटी-भद्दी और जली उस रोटी को वह जूठी थाली में रखने जा रही थी कि अचानक उसका ध्यान ओसारे में सोए प्रमोद की ओर आकर्षित हो गया. उसने लड़के को कुछ देर तक एकटक देखा, फिर रोटी को दो बराबर टुकड़ों में विभाजित कर दिया. एक टुकड़े को तो अलग रख दिया और दूसरे टुकड़े को अपनी जूठी थाली में रख लिया. तदुपरांत एक लोटा पानी लेकर खाने बैठ गई. उसने पहला ग्रास मुंह में रखा और तब न मालूम कहां से उसकी आंखों से टप-टप आंसू चूने लगे.

सारा घर मक्खियों से भनभन कर रहा था. आंगन की अलगनी पर एक गंदी साड़ी टंगी थी, जिसमें पैबंद लगे हुए थे. दोनों बड़े लड़कों का कहीं पता नहीं था. बाहर की कोठरी में मुंशी जी औंधे मुंह होकर निश्चिंतता के साथ सो रहे थे, जैसे डेढ़ महीने पूर्व मकान-किराया-नियंत्रण विभाग की क्लर्की से उनकी छंटनी न हुई हो और शाम को उनको काम की तलाश में कहीं जाना न हो.
कहानी व्हिडिओ रूप में देखना हेतू क्लिक कीजिए👇

हरिशंकर परसाई के व्यंग्य ‘भोलाराम का जीव’ में सरकारी व्यवस्था का चित्रण

  हरिशंकर परसाई हिंदी के प्रमुख व्यंग्यकार हैं। उन्होंने अपने व्यंग्य-साहित्य के माध्यम से भारतीय समाज, राजनीति और प्रशासनिक व्यवस्था की वि...