सोमवार, 4 मार्च 2024

संत कबीर

 कबीर (अंग्रेज़ी: Kabir, जन्म- सन् 1398 काशी - मृत्यु- सन् 1518 मगहर) का नाम कबीरदास, कबीर साहब एवं संत कबीर जैसे रूपों में भी प्रसिद्ध है। ये मध्यकालीन भारत के स्वाधीनचेता महापुरुष थे और इनका परिचय, प्राय: इनके जीवनकाल से ही, इन्हें सफल साधक, भक्त कवि, मतप्रवर्तक अथवा समाज सुधारक मानकर दिया जाता रहा है तथा इनके नाम पर कबीरपंथ नामक संप्रदाय भी प्रचलित है। कबीरपंथी इन्हें एक अलौकिक अवतारी पुरुष मानते हैं और इनके संबंध में बहुत-सी चमत्कारपूर्ण कथाएँ भी सुनी जाती हैं। इनका कोई प्रामाणिक जीवनवृत्त आज तक नहीं मिल सका, जिस कारण इस विषय में निर्णय करते समय, अधिकतर जनश्रुतियों, सांप्रदायिक ग्रंथों और विविध उल्लेखों तथा इनकी अभी तक उपलब्ध कतिपय फुटकल रचनाओं के अंत:साध्य का ही सहारा लिया जाता रहा है। फलत: इस संबंध में तथा इनके मत के भी विषय में बहुत कुछ मतभेद पाया जाता है।

संत कबीर दास हिंदी साहित्य के भक्ति काल के इकलौते ऐसे कवि हैं, जो आजीवन समाज और लोगों के बीच व्याप्त आडंबरों पर कुठाराघात करते रहे। वह कर्म प्रधान समाज के पैरोकार थे और इसकी झलक उनकी रचनाओं में साफ़ झलकती है। लोक कल्याण हेतु ही मानो उनका समस्त जीवन था। कबीर को वास्तव में एक सच्चे विश्व-प्रेमी का अनुभव था। कबीर की सबसे बड़ी विशेषता उनकी प्रतिभा में अबाध गति और अदम्य प्रखरता थी। समाज में कबीर को जागरण युग का अग्रदूत कहा जाता है।

डॉ. हज़ारी प्रसाद द्विवेदी ने लिखा है कि साधना के क्षेत्र में वे युग-युग के गुरु थे, उन्होंने संत काव्य का पथ प्रदर्शन कर साहित्य क्षेत्र में नव निर्माण किया था।

जीवन परिचय

जन्म

  • कबीरदास के जन्म के संबंध में अनेक किंवदन्तियाँ हैं। कबीर पन्थियों की मान्यता है कि कबीर का जन्म काशी में लहरतारा तालाब में उत्पन्न कमल के मनोहर पुष्प के ऊपर बालक के रूप में हुआ। कुछ लोगों का कहना है कि वे जन्म से मुसलमान थे और युवावस्था में स्वामी रामानंद के प्रभाव से उन्हें हिन्दू धर्म की बातें मालूम हुईं। एक दिन, एक पहर रात रहते ही कबीर पंचगंगा घाट की सीढ़ियों पर गिर पड़े। रामानन्द जी गंगा स्नान करने के लिये सीढ़ियाँ उतर रहे थे कि तभी उनका पैर कबीर के शरीर पर पड़ गया। उनके मुख से तत्काल 'राम-राम' शब्द निकल पड़ा। उसी राम को कबीर ने दीक्षा-मन्त्र मान लिया और रामानन्द जी को अपना गुरु स्वीकार कर लिया। कबीर के ही शब्दों में-

हम कासी में प्रकट भये हैं,
रामानन्द चेताये।

कबीरदास
  • कबीरपंथियों में इनके जन्म के विषय में यह पद्य प्रसिद्ध है-

चौदह सौ पचपन साल गए, चन्द्रवार एक ठाठ ठए।
जेठ सुदी बरसायत को पूरनमासी तिथि प्रगट भए॥
घन गरजें दामिनि दमके बूँदे बरषें झर लाग गए।
लहर तलाब में कमल खिले तहँ कबीर भानु प्रगट भए॥[1]

मृत्यु

कबीर ने काशी के पास मगहर में देह त्याग दी। ऐसी मान्यता है कि मृत्यु के बाद उनके शव को लेकर विवाद उत्पन्न हो गया था। हिन्दू कहते थे कि उनका अंतिम संस्कार हिन्दू रीति से होना चाहिए और मुस्लिम कहते थे कि मुस्लिम रीति से। इसी विवाद के चलते जब उनके शव पर से चादर हट गई, तब लोगों ने वहाँ फूलों का ढेर पड़ा देखा। बाद में वहाँ से आधे फूल हिन्दुओं ने ले लिए और आधे मुसलमानों ने। मुसलमानों ने मुस्लिम रीति से और हिंदुओं ने हिंदू रीति से उन फूलों का अंतिम संस्कार किया। मगहर में कबीर की समाधि है। जन्म की भाँति इनकी मृत्यु तिथि एवं घटना को लेकर भी मतभेद हैं किन्तु अधिकतर विद्वान् उनकी मृत्यु संवत 1575 विक्रमी (सन 1518 ई.) मानते हैं, लेकिन बाद के कुछ इतिहासकार उनकी मृत्यु 1448 को मानते हैं।[2]

समकालीन सामाजिक परिस्थिति

महात्मा कबीरदास के जन्म के समय में भारत की राजनीतिक, सामाजिक, आर्थिक एवं धार्मिक दशा शोचनीय थी। एक तरफ मुसलमान शासकों की धर्मांन्धता से जनता परेशान थी और दूसरी तरफ हिन्दू धर्म के कर्मकांड, विधान और पाखंड से धर्म का ह्रास हो रहा था। जनता में भक्ति- भावनाओं का सर्वथा अभाव था। पंडितों के पाखंडपूर्ण वचन समाज में फैले थे। ऐसे संघर्ष के समय में, कबीरदास का प्रार्दुभाव हुआ। जिस युग में कबीर आविर्भूत हुए थे, उसके कुछ ही पूर्व भारतवर्ष के इतिहास में एक अभूतपूर्व घटना घट चुकी थी। यह घटना इस्लाम जैसे एक सुसंगठित सम्प्रदाय का आगमन था। इस घटना ने भारतीय धर्म–मत और समाज व्यवस्था को बुरी तरह से झकझोर दिया था। उसकी अपरिवर्तनीय समझी जाने वाली जाति–व्यवस्था को पहली बार ज़बर्दस्त ठोकर लगी थी। सारा भारतीय वातावरण संक्षुब्ध था। बहुत–से पंडितजन इस संक्षोभ का कारण खोजने में व्यस्त थे और अपने–अपने ढंग पर भारतीय समाज और धर्म–मत को सम्भालने का प्रयत्न कर रहे थे।


साहित्यिक परिचय

कबीर सन्त कवि और समाज सुधारक थे। उनकी कविता का एक-एक शब्द पाखंडियों के पाखंडवाद और धर्म के नाम पर ढोंग व स्वार्थपूर्ति की निजी दुकानदारियों को ललकारता हुआ आया और असत्य व अन्याय की पोल खोल धज्जियाँ उड़ाता चला गया। कबीर का अनुभूत सत्य अंधविश्वासों पर बारूदी पलीता था। सत्य भी ऐसा जो आज तक के परिवेश पर सवालिया निशान बन चोट भी करता है और खोट भी निकालता है।


संत कबीर

संत नामदेव

जन्म (Birth)

namdev jiभक्त नामदेव जी का जन्म वि. सं. 1327 में दक्षिण हैदराबाद के नरसी ब्राह्मणी नामक एक गाँव में हुआ। नामदेव जी की माता गोणाई व पिता दामा सेठ जी भगवत भक्त थे; वे निरंतर भगवान के नाम और गुणों का कीर्तन किया करते थे। नामदेव जी भी उनसे भगवन्नाम सुन-सुनकर वही सीखने लगे।माता-पिता जो कुछ करते हैं, बालक भी वही सीखता है। नामदेव जी को शैशव से ही विठ्ठल के विग्रह की पूजा, विठ्ठल के गुणगान, विठ्ठल नाम का जप आदि देखने और सुनने को मिला। वे स्वंय विठ्ठलमय हो गए।

एक बार दामा सेठ को कहीं बाहर जाना था इसलिए उन्होनें नामदेव जी पर विठ्ठल की पूजा का भार सौंपा। नामदेव जी ने सरल हृदय से पूजा की और कटोरे में भगवान को दूध का नैवेद्य अर्पित करके नेत्र बंद कर लिए। कुछ देर बाद नेत्र खोलकर देखते हैं तो दूध वैसा ही रखा है। बालक नामदेव सोचते हैं कि मेरे ही किसी अपराध से विठ्ठल दूध नहीं पीते हैं। वे बडी दीनता से प्रार्थना करने लगे, उससे भी काम नहीं चला तो रोते-रोते बोले- विठोबा! यदि तुमने आज दूध नहीं पिया तो मैं जीवन भर दूध नहीं पिऊँगा। बालक नामदेव के लिए वह पत्थर की मूर्ति नहीं थी। वे तो सा़क्षाात पांडुरंग थे। जो रूठकर दूध नहीं पी रहे थे। बच्चे की प्रतिज्ञा सुनते ही दयामय भगवान साक्षात प्रकट हो गये और दूध पीया। उसी दिन से नामदेव के हाथ से वे रोज दूध पिया करते।

विवाह और पंढरपुर प्रवास (Marriage And Migration To Pandharpur)

छोटी उम्र में ही जातीय प्रथा के अनुसार नामदेव जी का विवाह गोविंद सेठ की कन्या “राजाई” के साथ हुआ। पिता के परलोक-गमन के अनन्तर घर का भार इन्ही पर पड़ा। स्त्री तथा माता चाहतीं थीं कि ये व्यापार में लगे, किन्तु इन्होनें तो हरि कीर्तन का व्यवसाय कर लिया था। अब नामदेव जी नरसी ब्राह्मणी गाँव को छोडकर पंढरपुर आ बसे।

चंद्रभागा नदी का स्नान, भक्त पुंडलिक तथा उनके भगवान पांडुरंग के दर्शन और विठ्ठल के गुणों का कीर्तन- नामदेव जी की उपासना का यही स्वरूप था। नामदेव जी के भजनों में विठ्ठल की महिमा है, तत्वज्ञान है, भक्ति है और विठ्ठल के प्रति अपार आभार भाव है।

संत श्री ज्ञानेश्वर महाराज जी के साथ तीर्थयात्रा (Pilgrimage With Saint Shri Gyaneshwar Maharaj)

devotee namdevjiप्रसिद्ध संत श्री ज्ञानेश्वर महाराज को एक बार नामदेव जी के संग की इच्छा हुई। उन्होंने नामदेव जी को अपने साथ तीर्थयात्रा पर चलने को कहा।

नामदेव जी ने कहा – ”आप पांडुरंग से आज्ञा दिला दें तो चलूँगा।”

भगवान ने ज्ञानेश्वरजी से कहा- “नामदेव मेरा बड़ा लाड़ला है। मैं उसे अपने से क्षणभर के लिए भी दूर नहीं करना चाहता। तुम ले जाओ पर इसकी सम्भांल करना। इतना कहकर भगवान ने स्वयं ज्ञानेश्वर को नामदेव जी का हाथ पकड़ा दिया।

नामदेव जी, ज्ञानेश्वर महाराज के साथ भगवदचर्चा करते हुए यात्रा के लिए निकल गये, लेकिन उनका चित्त पांडुरंग के वियोग से व्याकुल था। ज्ञानेश्वर जी ने भगवान की सर्वव्यापकता बताते हुए समझाना चाहा, तो वे बोले- आपकी बात तो ठीक है। किन्तु पुंडलिक के पास खड़े पांडुरंग को देखे बिना मुझे चैन नहीं पड़ता। उनके इस अनन्य भाव को देखकर ज्ञानेश्वर जी बड़े प्रसन्न हुए।

एक बार ज्ञानेश्वर महाराज के पूछने पर नामदेव जी ने भजन के संबंध में कहा- मेरे भाग्य में ज्ञान कहाँ है। मुझे तो विठ्ठल की कृपा का ही भरोसा है। मुझे तो नाम संकीर्तन ही प्रिय लगता है। समस्त विश्व में एकमा़त्र विठ्ठल को देखना और हृदय में उनके चरणों का स्मरण करते हुए रहना ही उत्तम ध्यान है। मुख से उच्चारण किये जाते हुए नाम में मन को दृढ़तापूर्वक लगाकर तल्लीन हो जाना ही श्रवण है। भगवच्चारणों का दृृढ अनुसन्धान निदियमान है। सर्वभाव से एकमात्र विठ्ठल का ही ध्यान, समस्त प्राणियों में उन्हीें का दर्शन, सब और से आसक्ति हटाकर उनका ही चिन्तन- भक्ति है।

इस प्रकार तीर्थयात्रा करते हुए मार्ग में बीकानेर के पास कौलायत गाँव के पास में पहुँचकर दोनों को बड़ी प्यास लगी। पास में एक कुआँ तो था, पर वह सूख चुका था। ज्ञानेश्वर जी सिद्धयोगी थे। उन्होनें लघिमा-सिद्धि से कुँए के भीतर जमीन में प्रवेश कर जल पिया और नामदेव जी के लिए जल उपर ले आए। नामदेव जी ने वह जल पीना स्वीकार नहीं किया।

वे भावमग्न होकर कहने लगे- “मेरे विठ्ठल को क्या मेरी चिन्ता नहीं है, जो मैं इस प्रकार जल पिऊँ?”

भगवत्कृपा से कुआँ जल सेे भर गया। नामदेव जी ने इस प्रकार जल पिया।

कुछ दिनों में यात्रा पूर्ण करके संत ज्ञानेश्वर और नामदेव जी पंढरपुर लौट आये। अपने हृदय धन पांडुरंग के दर्शन करके आनन्द में भरकर कहने लगे- “मेरे मन में भ्रम था, इसलिए तो आपने मुझे भटकाया। आपके बिना अन्यदेव की ओर मेंरे चरण चलना नहीं चाहते। मैं आपके सिवा कुछ नहीं जानता हूँ परन्तु आपने मुझपर बड़ी कृपा की जो सर्वत्र मेरे लिये पंढरपुर कर दिया और याद करते ही मुझे दर्शन देते रहे।”

ज्ञानेश्वर महाराज के समाधि लेने पर नामदेव उत्तर भारत में गए। नामदेव का जीवन पंढरपुर में और उत्तरार्ध पंजाब आदि में भक्ति का प्रचार करते बीता। “विसोबा” से इन्हें पूर्व ज्ञान का बोध हुआ था। अतः उन्हें ही ये गुरू मानते थे।

नामदेव प्रत्येक पदार्थ में केवल भगवान को ही देखते थे। उनकी स्थिति का उनके जीवन की अनेक घटनाओं से पता लगता है।

नामदेव जी के जीवन की अलौकिक घटनाएँ (Divine And Supernatural Events Of Namdev Ji’s Life)

lord vitthalएक बार नामदेव जी की कुटिया में आग लग गयी और ये प्रेम में मस्त होकर दूसरी ओर की वस्तु भी अग्नि में फैंकते हुए कहने लगे- “स्वामी। आज तो आप लाल-लाल लपटोें का रूप बनाए बड़े अच्छे पधारे किन्तु एक ही ओर क्यों दूसरी ओर की इन वस्तुओं ने क्या अपराध किया है, आप इन्हें भी स्वीकार करें।” कुछ देर बाद में आग बुझ गई। उनकी चिन्ता करने वाले विठ्ठल स्वयं मजदूर बनकर पधारे और उन्होनें कुटिया बनाकर छान छा दी। तब से पांडुरंग नामदेव जी की छान छा देने वाले प्रसिद्ध हुए।

एक बार नामदेव जी किसी जंगल में पेड़ के नीचे रोटी बना रहे थे। इतने में एक कुत्ता आया और रोटियाँ मुहँ में उठाकर भाग चला। नामदेव जी ने घी का कटोरा हाथ में लेकर यह पुकारते हुए कुत्ते के पीछे दौड़े- “भगवन ! रोटियाँ रुखी हैं, अभी चुपड़ी नहीं हैं। मुझे घी लगाने दीजिये, फिर भोग लगाइये।”

भगवान ने कुत्ते का रूप त्यागकर शंख-चक्र-गदा-पदम् धारण किये। नामदेव जी ने दिव्य चतुर्भुज रूप में भगवान का दर्शन किया।

नामदेव जी की भक्ति बड़ी ही ऊँची थी। जिसका अनुमान उपरोक्त घटनाओं से किया जा सकता है। अनेकों लोगों को भक्ति मार्ग में लगाकर वि.सं.-1407 में 80 वर्ष की अवस्था में आप नश्वर शरीर को त्यागकर परमधाम पधारे। 


संत नामदेव

अमीर खुसरो

 अबुल हसन यमीनुद्दीन अमीर ख़ुसरो (1253-1325) चौदहवीं सदी के लगभग दिल्ली के निकट रहने वाले एक प्रमुख कवि, शायर, गायक और संगीतकार थे।[1] उनका परिवार कई पीढ़ियों से राजदरबार से सम्बंधित था I स्वयं अमीर खुसरो ने 8 सुल्तानों का शासन देखा था I अमीर खुसरो प्रथम मुस्लिम कवि थे जिन्होंने हिंदी शब्दों का खुलकर प्रयोग किया है I वह पहले व्यक्ति थे जिन्होंने हिंदी, हिन्दवी और फारसी में एक साथ लिखा I उन्हे खड़ी बोली के आविष्कार का श्रेय दिया जाता है I वे अपनी पहेलियों और मुकरियों के लिए जाने जाते हैं। सबसे पहले उन्हीं ने अपनी भाषा के लिए हिन्दवी का उल्लेख किया था। वे फारसी के कवि भी थे। उनको दिल्ली सल्तनत का आश्रय मिला हुआ था। उनके ग्रंथो की सूची लम्बी है। साथ ही इनका इतिहास स्रोत रूप में महत्त्व है। अमीर खुसरो को तोता-ए-हिंद कहा जाता है

मध्य एशिया की लाचन जाति के तुर्क सैफुद्दीन के पुत्र अमीर खुसरो का जन्म सन् 1253ईस्वी (६५२ हि.) में एटा उत्तर प्रदेश के पटियाली नामक कस्बे में हुआ था। लाचन जाति के तुर्क चंगेज खाँ के आक्रमणों से पीड़ित होकर बलबन (१२६६(1266)-१२८६(1286) ई0) के राज्यकाल में ‘’शरणार्थी के रूप में भारत में आ बसे थे। खुसरो की माँ बलबनके युद्धमंत्री इमादुतुल मुल्क की पुत्री तथा एक भारतीय मुसलमान महिला थी। सात वर्ष की अवस्था में खुसरो के पिता का देहान्त हो गया। किशोरावस्था में उन्होंने कविता लिखना प्रारम्भ किया और २० वर्ष के होते होते वे कवि के रूप में प्रसिद्ध हो गए। खुसरो में व्यावहारिक बुद्धि की कोई कमी नहीं थी। सामाजिक जीवन की खुसरो ने कभी अवहेलना नहीं की। खुसरो ने अपना सारा जीवन राज्याश्रय में ही बिताया। राजदरबार में रहते हुए भी खुसरो हमेशा कवि, कलाकार, संगीतज्ञ और सैनिक ही बने रहे। साहित्य के अतिरिक्त संगीत के क्षेत्र में भी खुसरो का महत्वपूर्ण योगदान है I उन्होंने भारतीय और ईरानी रागों का सुन्दर मिश्रण किया और एक नवीन राग शैली इमान, जिल्फ़, साजगरी आदि को जन्म दिया I भारतीय गायन में क़व्वालीऔर सितार को इन्हीं की देन माना जाता है। इन्होंने गीत के तर्ज पर फ़ारसी में और अरबी ग़जल के शब्दों को मिलाकर कई पहेलियाँ और दोहे भी लिखे हैं।

जीवन

इनके तीन पुत्रों में अबुलहसन (अमीर खुसरो) सबसे बड़े थे - ४ बरस की उम्र में वे दिल्ली लाए गए। ८ बरस की उम्र में वे प्रसिद्ध सूफ़ी हज़रत निज़ामुद्दीन औलिया के शिष्य बने। १६-१७ साल की उम्र में वे अमीरों के घर शायरी पढ़ने लगे थे। एक बार दिल्ली के एक मुशायरे में बलबन के भतीजे सुल्तान मुहम्मद को ख़ुसरो की शायरी बहुत पसंद आई और वो इन्हें अपने साथ मुल्तान (आधुनिक पाकिस्तानी पंजाब) ले गया। सुल्तान मुहम्मद ख़ुद भी एक अच्छा शायर था - उसने खुसरो को एक अच्छा ओहदा दिया। मसनवी लिखवाई जिसमें २० हज़ार शेर थे - ध्यान रहे कि इसी समय मध्यतुर्की में शायद दुनिया के आजतक के सबसे श्रेष्ठ शायर मौलाना रूमी भी एक मसनवी लिख रहे थे या लिख चुके थे। ५ साल तक मुल्तान में उनका जिंदगी बहुत ऐशो आराम से गुज़री। इसी समय मंगोलों का एक ख़ेमा पंजाब पर आक्रमण कर रहा था। इनको क़ैद कर हेरात ले जाया गया - मंगोलों ने सुल्तान मुहम्मद का सर कलम कर दिया था। दो साल के बाद इनकी सैनिक आकांक्षा की कमी को देखकर और शायरी का अंदाज़ देखकर छोड़ दिया गया। फिर यो पटियाली पहुँचे और फिर दिल्ली आए। बलबन को सारा क़िस्सा सुनाया - बलबन भी बीमार पड़ गया और फिर मर गया। फिर कैकुबाद के दरबार में भी ये रहे - वो भी इनकी शायरी से बहुत प्रसन्न रहा और इन्हे मुलुकशुअरा (राष्ट्रकवि) घोषित किया। जलालुद्दीन खिलजी इसी वक़्त दिल्ली पर आक्रमण कर सत्ता पर काबिज़ हुआ। उसने भी इनको स्थाई स्थान दिया। जब खिलजी के भतीजे और दामाद अलाउद्दीन ने ७० वर्षीय जलालुद्दीन का क़त्ल कर सत्ता हथियाई तो भी वो अमीर खुसरो को दरबार में रखा। चित्तौड़ पर चढ़ाई के समय भी अमीर खुसरो ने अलाउद्दीन खिलजी को मना किया लेकिन वो नहीं माना। इसके बाद मलिक काफ़ूर ने अलाउद्दीन खिलजी से सत्ता हथियाई और मुबारक शाह ने मलिक काफ़ूर से।

1.खलिकबारी(कोशग्रंथ) 2.हालात -ए- कन्हैया(भक्ति परक रचना) 3.नजराना-ए-हिंदी



एक थाल मोतियों से भरा,
सबके सर पर औंधा धरा।
चारों ओर वह थाली फिरे,
मोती उससे एक न गिरे।​


इस पहेली में मोतियों का अर्थ है आकाश में टिमटिमाते तारे। रात में हजारों, शायद लाखों होते हैं। लेकिन दिन में हम केवल सूर्य को ही देख सकते हैं। इसलिए, यहाँ "मोतियों से भरा थाल" का अर्थ है आकाश में तारे। "सबके सिर पर उल्टा धरा" का अर्थ है कि आकाश सभी के ऊपर है। "चारों ओर फिरे वो थाल" का अर्थ है कि आकाश हर ओर से दिखाई देता है। "मोती उससे एक ना गिरे" का अर्थ है कि आकाश से एक भी तारा नहीं गिरता है।

इस प्रकार, इस पहेली का उत्तर है आकाश।


अमीर खुसरो



बुधवार, 19 जुलाई 2023

दोपहर का खाना : अमरकांत

 

सिद्धेश्वरी ने खाना बनाने के बाद चूल्हे को बुझा दिया और दोनों घुटनों के बीच सिर रखकर शायद पैर की उंगलियां या ज़मीन पर चलते चीटें-चीटियों को देखने लगी.

अचानक उसे मालूम हुआ कि बहुत देर से उसे प्यास नहीं लगी है. वह मतवाले की तरह उठी ओर गगरे से लोटा-भर पानी लेकर गट-गट चढ़ा गई. खाली पानी उसके कलेजे में लग गया और वह ‘हाय राम’ कहकर वहीं ज़मीन पर लेट गई.

आधे घंटे तक वहीं उसी तरह पड़ी रहने के बाद उसके जी में जी आया. वह बैठ गई, आंखों को मल-मलकर इधर-उधर देखा और फिर उसकी दृष्टि ओसारे में अध-टूटे खटोले पर सोए अपने छह वर्षीय लड़के प्रमोद पर जम गई.

लड़का नंग-धड़ंग पड़ा था. उसके गले तथा छाती की हडि्डयां साफ़ दिखाई देती थीं. उसके हाथ-पैर बासी ककड़ियों की तरह सूखे तथा बेजान पड़े थे और उसका पेट हंडिया की तरह फूला हुआ था. उसका मुख खुला हुआ था और उस पर अनगिनत मक्खियां उड़ रही थीं.
वह उठी, बच्चे के मुंह पर अपना एक फटा, गंदा ब्लाउज़ डाल दिया और एक-आध मिनट सुन्न खड़ी रहने के बाद बाहर दरवाज़े पर जाकर किवाड़ की आड़ से गली निहारने लगी. बारह बज चुके थे. धूप अत्यंत तेज़ थी और कभी एक-दो व्यक्ति सिर पर तौलिया या गमछा रखे हुए या मज़बूती से छाता ताने हुए फुर्ती के साथ लपकते हुए-से गुज़र जाते.
दस-पंद्रह मिनट तक वह उसी तरह खड़ी रही, फिर उसके चेहरे पर व्यग्रता फैल गई और उसने आसमान तथा कड़ी धूप की ओर चिंता से देखा. एक-दो क्षण बाद उसने सिर को किवाड़ से काफ़ी आगे बढ़ाकर गली के छोर की तरफ़ निहारा, तो उसका बड़ा लड़का रामचंद्र धीरे-धीरे घर की ओर सरकता नज़र आया.

उसने फुर्ती से एक लोटा पानी ओसारे की चौकी के पास नीचे रख दिया और चौके में जाकर खाने के स्थान को जल्दी-जल्दी पानी से लीपने-पोतने लगी. वहां पीढ़ा रखकर उसने सिर को दरवाज़े की ओर घुमाया ही था कि रामचंद्र ने अंदर क़दम रखा.

रामचंद्र आकर धम-से चौंकी पर बैठ गया और फिर वहीं बेजान-सा लेट गया. उसका मुंह लाल तथा चढ़ा हुआ था, उसके बाल अस्त-व्यस्त थे और उसके फटे-पुराने जूतों पर गर्द जमी हुई थी.

सिद्धेश्वरी की पहले हिम्मत नहीं हुई कि उसके पास आए और वहीं से वह भयभीत हिरनी की भांति सिर उचका-घुमाकर बेटे को व्यग्रता से निहारती रही. किंतु, लगभग दस मिनट बीतने के पश्चार भी जब रामचंद्र नहीं उठा, तो वह घबरा गई. पास जाकर पुकारा,‘बड़कू, बड़कू!’लेकिन उसके कुछ उत्तर न देने पर डर गई और लड़के की नाक के पास हाथ रख दिया. सांस ठीक से चल रही थी. फिर सिर पर हाथ रखकर देखा, बुखार नहीं था. हाथ के स्पर्श से रामचंद्र ने आंखें खोलीं. पहले उसने मां की ओर सुस्त नज़रों से देखा, फिर झट-से उठ बैठा. जूते निकालने और नीचे रखे लोटे के जल से हाथ-पैर धोने के बाद वह यंत्र की तरह चौकी पर आकर बैठ गया.
सिद्धेश्वर ने डरते-डरते पूछा,‘खाना तैयार है. यहीं लगाऊं क्या?’
रामचंद्र ने उठते हुए प्रश्न किया,‘बाबू जी खा चुके?’
सिद्धेश्वरी ने चौके की ओर भागते हुए उत्तर दिया,‘आते ही होंगे.’

रामचंद्र पीढ़े पर बैठ गया. उसकी उम्र लगभग इक्कीस वर्ष की थी. लंबा, दुबला-पतला, गोरा रंग, बड़ी-बड़ी आंखें तथा होंठों पर झुर्रियां.
वह एक स्थानीय दैनिक समाचार पत्र के दफ़्तर में अपनी तबीयत से प्रूफ़रीडरी का काम सीखता था. पिछले साल ही उसने इंटर पास किया था.
सिद्धेश्वरी ने खाने की थाली सामने लाकर रख दी और पास ही बैठकर पंखा करने लगी. रामचंद्र ने खाने की ओर दार्शनिक की भांति देखा. कुल दो रोटियां, भर-कटोरा पनियाई दाल और चने की तली तरकारी.

रामचंद्र ने रोटी के प्रथम टुकड़े को निगलते हुए पूछा,‘मोहन कहां हैं? बड़ी कड़ी धूप हो रही है.’
मोहन सिद्धेश्वरी का मंझला लड़का था. उम्र अठ्ठारह वर्ष थी और वह इस साल हाईस्कूल का प्राइवेट इम्तहान देने की तैयारी कर रहा था. वह न मालूम कब से घर से ग़ायब था और सिद्धेश्वरी को स्वयं पता नहीं था कि वह कहां गया है.
किंतु सच बोलने की उसकी तबीयत नहीं हुई और झूठ-मूठ उसने कहा,‘किसी लड़के के यहां पढ़ने गया है, आता ही होगा. दिमाग उसका बड़ा तेज है और उसकी तबीयत चौबीस घंटे पढ़ने में ही लगी रहती है. हमेशा उसी की बात करता रहता है.’
रामचंद्र ने कुछ नहीं कहा. एक टुकड़ा मुंह में रखकर भरा गिलास पानी पी गया, फिर खाने लग गया. वह काफ़ी छोटे-छोटे टुकड़े तोड़कर उन्हें धीरे-धीरे चबा रहा था.

सिद्धेश्वरी भय तथा आतंक से अपने बेटे को एकटक निहार रही थी. कुछ क्षण बीतने के बाद डरते-डरते उसने पूछा,‘वहां कुछ हुआ क्या?’
रामचंद्र ने अपनी बड़ी-बड़ी भावहीन आंखों से अपनी मां को देखा, फिर नीचा सिर करके कुछ रूखाई से बोला,‘समय आने पर सब ठीक हो जाएगा.’

सिद्धेश्वरी चुप रही. धूप और तेज़ होती जा रही थी. छोटे आंगन के ऊपर आसमान में बादल में एक-दो टुकड़े पाल की नावों की तरह तैर रहे थे. बाहर की गली से गुज़रते हुए एक खड़खड़िया इक्के की आवाज आ रही थी. और खटोले पर सोए बालक की सांस का खर-खर शब्द सुनाई दे रहा था.

रामचंद्र ने अचानक चुप्पी को भंग करते हुए पूछा,‘प्रमोद खा चुका?’
सिद्धेश्वरी ने प्रमोद की ओर देखते हुए उदास स्वर में उत्तर दिया,‘हां, खा चुका.’
‘रोया तो नहीं था?’
सिद्धेश्वरी फिर झूठ बोल गई,‘आज तो सचमुच नहीं रोया. वह बड़ा ही होशियार हो गया है. कहता था, बड़का भैया के यहां जाऊंगा. ऐसा लड़का...’
पर वह आगे कुछ न बोल सकी, जैसे उसके गले में कुछ अटक गया. कल प्रमोद ने रेवड़ी खाने की ज़िद पकड़ ली थी और उसके लिए डेढ़ घंटे तक रोने के बाद सोया था.

रामचंद्र ने कुछ आश्चर्य के साथ अपनी मां की ओर देखा और फिर सिर नीचा करके कुछ तेज़ी से खाने लगा.
थाली में जब रोटी का केवल एक टुकड़ा शेष रह गया, तो सिद्धेश्वरी ने उठने का उपक्रम करते हुए प्रश्न किया,‘एक रोटी और लाती हूं?’
रामचंद्र हाथ से मना करते हुए हड़बड़ाकर बोल पड़ा,‘नहीं-नहीं, ज़रा भी नहीं. मेरा पेट पहले ही भर चुका है. मैं तो यह भी छोड़नेवाला हूं. बस, अब नहीं.’
सिद्धेश्वरी ने जिद की,‘अच्छा आधी ही सही.’
रामचंद्र बिगड़ उठा,‘अधिक खिलाकर बीमार डालने की तबीयत है क्या? तुम लोग जरा भी नहीं सोचती हो. बस, अपनी जिद. भूख रहती तो क्या ले नहीं लेता?’
सिद्धेश्वरी जहां-की-तहां बैठी ही रह गई. रामचंद्र ने थाली में बचे टुकड़े से हाथ खींच लिया और लोटे की ओर देखते हुए कहा,‘पानी लाओ.’

सिद्धेश्वरी लोटा लेकर पानी लेने चली गई. रामचंद्र ने कटोरे को उंगलियों से बजाया, फिर हाथ को थाली में रख दिया. एक-दो क्षण बाद रोटी के टुकड़े को धीरे-से हाथ से उठाकर आंख से निहारा और अंत में इधर-उधर देखने के बाद टुकड़े को मुंह में इस सरलता से रख लिया, जैसे वह भोजन का ग्रास न होकर पान का बीड़ा हो.

मंझला लड़का मोहन आते ही हाथ-पैर धोकर पीढ़े पर बैठ गया. वह कुछ सांवला था और उसकी आंखें छोटी थीं. उसके चेहरे पर चेचक के दाग थे. वह अपने भाई ही की तरह दुबला-पतला था, किंतु उतना लंबा न था. वह उम्र की अपेक्षा कहीं अधिक गंभीर और उदास दिखाई पड़ रहा था.
सिद्धेश्वरी ने उसके सामने थाली रखते हुए प्रश्न किया,‘कहां रह गए थे बेटा? भैया पूछ रहा था.’
मोहन ने रोटी के एक बड़े ग्रास को निगलने की कोशिश करते हुए अस्वाभाविक मोटे स्वर में जवाब दिया,‘कहीं तो नहीं गया था. यहीं पर था.’
सिद्धेश्वरी वहीं बैठकर पंखा डुलाती हुई इस तरह बोली, जैसे स्वप्न में बड़बड़ा रही हो,‘बड़का तुम्हारी बड़ी तारीफ कर रहा था. कह रहा था, मोहन बड़ा दिमागी होगा, उसकी तबीयत चौबीसों घंटे पढ़ने में ही लगी रहती है.’ यह कहकर उसने अपने मंझले लड़के की ओर इस तरह देखा, जैसे उसने कोई चोरी की हो.

मोहन अपनी मां की ओर देखकर फीकी हंसी हंस पड़ा और फिर खाने में जुट गया. वह परोसी गई दो रोटियों में से एक रोटी कटोरे की तीन-चौथाई दाल तथा अधिकांश तरकारी साफ़ कर चुका था.

सिद्धेश्वरी की समझ में नहीं आया कि वह क्या करे. इन दोनों लड़कों से उसे बहुत डर लगता था. अचानक उसकी आंखें भर आईं. वह दूसरी ओर देखने लगी.
थोड़ी देर बाद उसने मोहन की ओर मुंह फेरा, तो लड़का लगभग खाना समाप्त कर चुका था.

सिद्धेश्वरी ने चौंकते हुए पूछा,‘एक रोटी देती हूं?’
मोहन ने रसोई की ओर रहस्यमय नेत्रों से देखा, फिर सुस्त स्वर में बोला,‘नहीं.’
सिद्धेश्वरी ने गिड़गिड़ाते हुए कहा,‘नहीं बेटा, मेरी कसम, थोड़ी ही ले लो. तुम्हारे भैया ने एक रोटी ली थी.’
मोहन ने अपनी मां को गौर से देखा, फिर धीरे-धीरे इस तरह उत्तर दिया, जैसे कोई शिक्षक अपने शिष्य को समझाता है,‘नहीं रे, बस, अव्वल तो अब भूख नहीं. फिर रोटियां तूने ऐसी बनाई हैं कि खाई नहीं जातीं. न मालूम कैसी लग रही हैं. खैर, अगर तू चाहती ही है, तो कटोरे में थोड़ी दाल दे दे. दाल बड़ी अच्छी बनी है.’
सिद्धेश्वरी से कुछ कहते न बना और उसने कटोरे को दाल से भर दिया.
मोहन कटोरे को मुंह लगाकर सुड़-सुड़ पी रहा था कि मुंशी चंद्रिका प्रसाद जूतों को खस-खस घसीटते हुए आए और राम का नाम लेकर चौकी पर बैठ गए. सिद्धेश्वरी ने माथे पर साड़ी को कुछ नीचे खिसका लिया और मोहन दाल को एक सांस में पीकर तथा पानी के लोटे को हाथ में लेकर तेज़ी से बाहर चला गया.

दो रोटियां, कटोरा-भर दाल, चने की तली तरकारी. मुंशी चंद्रिका प्रसाद पीढ़े पर पालथी मारकर बैठे रोटी के एक-एक ग्रास को इस तरह चुभला-चबा रहे थे, जैसे बूढ़ी गाय जुगाली करती है. उनकी उम्र पैंतालीस वर्ष के लगभग थी, किंतु पचास-पचपन के लगत थे. शरीर का चमड़ा झूलने लगा था, गंजी खोपड़ी आईने की भांति चमक रही थी. गंदी धोती के ऊपर अपेक्षाकृत कुछ साफ़ बनियान तार-तार लटक रही थी.
मुंशी जी ने कटोरे को हाथ में लेकर दाल को थोड़ा सुड़कते हुए पूछा,‘बड़का दिखाई नहीं दे रहा?’
सिद्धेश्वरी की समझ में नहीं आ रहा था कि उसके दिल में क्या हो गया है-जैसे कुछ काट रहा हो. पंखे को ज़रा और ज़ोर से घुमाती हुई बोली,‘अभी-अभी खाकर काम पर गया है. कह रहा था, कुछ दिनों में नौकरी लग जाएगी. हमेशा,‘बाबू जी, बाबू जी’किए रहता है. बोला, बाबू जी देवता के समान हैं.’
मुंशी जी के चेहरे पर कुछ चमक आई. शरमाते हुए पूछा,‘ऐं, क्या कहता था कि बाबू जी देवता के समान हैं? बड़ा पागल है.’
सिद्धेश्वरी पर जैसे नशा चढ़ गया था. उन्माद की रोगिणी की भांति बड़बड़ाने लगी,‘पागल नहीं हैं, बड़ा होशियार है. उस जमाने का कोई महात्मा है. मोहन तो उसकी बड़ी इज्जत करता है. आज कह रहा था कि भैया की शहर में बड़ी इज्जत होती हैं, पढ़ने-लिखनेवालों में बड़ा आदर होता है और बड़का तो छोटे भाइयों पर जान देता हैं. दुनिया में वह सबकुछ सह सकता है, पर यह नहीं देख सकता कि उसके प्रमोद को कुछ हो जाए.’
मुंशी जी दाल-लगे हाथ को चाट रहे थे. उन्होंने सामने की ताक की ओर देखते हुए हंसकर कहा,‘बड़का का दिमाग तो खैर काफी तेज है, वैसे लड़कपन में नटखट भी था. हमेशा खेल-कूद में लगा रहता था, लेकिन यह भी बात थी कि जो सबक मैं उसे याद करने को देता था, उसे बर्राक रखता था. असल तो यह कि तीनों लड़के काफी होशियार हैं. प्रमोद को कम समझती हो?’ यह कहकर वह अचानक ज़ोर से हंस पड़े.
मुंशी जी डेढ़ रोटी खा चुकने के बाद एक ग्रास से युद्ध कर रहे थे. कठिनाई होने पर एक गिलास पानी चढ़ा गए. फिर खर-खर खांसकर खाने लगे.
फिर चुप्पी छा गई. दूर से किसी आटे की चक्की की पुक-पुक आवाज़ सुनाई दे रही थी और पास की नीम के पेड़ पर बैठा कोई पंडूक लगातार बोल रहा था.

सिद्धेश्वर की समझ में नहीं आ रहा था कि क्या कहे. वह चाहती थी कि सभी चीज़ें ठीक से पूछ ले. सभी चीज़ें ठीक से जान ले और दुनिया की हर चीज़ पर पहले की तरह धड़ल्ले से बात करे. पर उसकी हिम्मत नहीं होती थी. उसके दिल में जाने कैसा भय समाया हुआ था.
अब मुंशी जी इस तरह चुपचाप दुबके हुए खा रहे थे, जैसे पिछले दो दिनों से मौन-व्रत धारण कर रखा हो और उसको कहीं जाकर आज शाम को तोड़ने वाले हों.
सिद्धेश्वरी से जैसे नहीं रहा गया. बोली,‘मालूम होता है, अब बारिश नहीं होगी.’
मुंशी जी ने एक क्षण के लिए इधर-उधर देखा, फिर निर्विकार स्वर में राय दी,‘मक्खियां बहुत हो गई हैं.’
सिद्धेश्वरी ने उत्सुकता प्रकट की,‘फूफा जी बीमार हैं, कोई समाचार नहीं आया.
मुंशी जी ने चने के दानों की ओर इस दिलचस्पी से दृष्टिपात किया, जैसे उनसे बातचीत करनेवाले हों. फिर सूचना दी,‘गंगाशरण बाबू की लड़की की शादी तय हो गई. लड़का एम.ए. पास है.’
सिद्धेश्वरी हठात चुप हो गई. मुंशी जी भी आगे कुछ नहीं बोले. उनका खाना समाप्त हो गया था और वे थाली में बचे-खुचे दानों को बंदर की तरह बीन रहे थे.
सिद्धेश्वरीने पूछा,‘बड़का की कसम, एक रोटी देती हूं. अभी बहुत-सी हैं.’
मुंशी जी ने पत्नी की ओर अपराधी के समान तथा रसोई की ओर कनखी से देखा, तत्पश्चात किसी छंटे उस्ताद की भांति बोले,‘रोटी? रहने दो, पेट काफ़ी भर चुका है. अन्न और नमकीन चीजों से तबीयत ऊब भी गई है. तुमने व्यर्थ में कसम धरा दी. खैर, कसम रखने के लिए ले रहा हूं. गुड़ होगा क्या?’
सिद्धेश्वरी ने बताया कि हंडिया में थोड़ा-सा गुड़ है.
मुंशी जी ने उत्साह के साथ कहा,‘तो थोड़े गुड़ का ठंडा रस बनाओ, पीऊंगा. तुम्हारी कसम भी रह जाएगी, जायका भी बदल जाएगा, साथ-ही-साथ हाजमा भी दुरुस्त होगा. हां, रोटी खाते-खाते नाक में दम आ गया है.’ यह कहकर वे ठहाका मारकर हंस पड़े.

मुंशी जी के निबटने के पश्चात सिद्धेश्वरी उनकी जूठी थाली लेकर चौके की ज़मीन पर बैठ गई. बटलोई की दाल को कटोरे में उड़ेल दिया, पर वह पूरा भरा नहीं. छिपुली में थोड़ी-सी चने की तरकारी बची थी, उसे पास खींच लिया. रोटियों की थाली को भी उसने पास खींच लिया. उसमें केवल एक रोटी बची थी. मोटी-भद्दी और जली उस रोटी को वह जूठी थाली में रखने जा रही थी कि अचानक उसका ध्यान ओसारे में सोए प्रमोद की ओर आकर्षित हो गया. उसने लड़के को कुछ देर तक एकटक देखा, फिर रोटी को दो बराबर टुकड़ों में विभाजित कर दिया. एक टुकड़े को तो अलग रख दिया और दूसरे टुकड़े को अपनी जूठी थाली में रख लिया. तदुपरांत एक लोटा पानी लेकर खाने बैठ गई. उसने पहला ग्रास मुंह में रखा और तब न मालूम कहां से उसकी आंखों से टप-टप आंसू चूने लगे.

सारा घर मक्खियों से भनभन कर रहा था. आंगन की अलगनी पर एक गंदी साड़ी टंगी थी, जिसमें पैबंद लगे हुए थे. दोनों बड़े लड़कों का कहीं पता नहीं था. बाहर की कोठरी में मुंशी जी औंधे मुंह होकर निश्चिंतता के साथ सो रहे थे, जैसे डेढ़ महीने पूर्व मकान-किराया-नियंत्रण विभाग की क्लर्की से उनकी छंटनी न हुई हो और शाम को उनको काम की तलाश में कहीं जाना न हो.
कहानी व्हिडिओ रूप में देखना हेतू क्लिक कीजिए👇

मंगलवार, 17 जनवरी 2023

उसने कहा था -चंद्रधर शर्मा 'गुलेरी'


लेखक: चंद्रधर शर्मा गुलेरी


बड़े-बडे़ शहरों के इक्के-गाड़ी वालों की जबान के कोड़ों से जिनकी पीठ छिल गई है और कान पक गए हैं, उनसे हमारी प्रार्थना है कि अमृतसर के बम्बू कार्ट वालों की बोली का मरहम लगाएं. जबकि बड़े शहरों की चौड़ी सड़कों पर घोड़े की पीठ को चाबुक से धुनते हुए इक्के वाले कभी घोड़े की नानी से अपना निकट यौन-संबंध स्थिर करते हैं, कभी उसके गुप्त गुह्य अंगों से डॉक्टर को लजाने वाला परिचय दिखाते हैं, कभी राह चलते पैदलों की आंखों के न होने पर तरस खाते हैं, कभी उनके पैरों की अंगुलियों के पोरों की चींथकर अपने ही को सताया हुआ बताते हैं और संसारभर की ग्लानि और क्षोभ के अवतार बने नाक की सीध चले जाते हैं, तब अमृतसर में उनकी बिरादरी वाले तंग चक्करदार गलियों में हर एक लड्ढी वाले के लिए ठहर कर सब्र का समुद्र उमड़ा कर ‘बचो खालसाजी, हटो भाईजी, ठहरना भाई, आने दो लालाजी, हटो बाछा’ कहते हुए सफ़ेद फेटों, खच्चरों और बत्तकों, गन्ने और खोमचे और भारे वालों के जंगल से राह खेते हैं. क्या मजाल है कि जी और साहब बिना सुने किसी को हटना पड़े. यह बात नहीं कि उनकी जीभ चलती ही नहीं, चलती है पर मीठी छुरी की तरह महीन मार करती हुई. यदि कोई बुढ़िया बार-बार चितौनी देने पर भी लीक से नहीं हटती तो उनकी वचनावली के ये नमूने हैं,‘हट जा जीणे जोगिए, हट जा करमां वालिए, हट जा, पुत्तां प्यारिए. बच जा लम्बी वालिए.’ समष्टि में इसका अर्थ है,‘तू जीने योग्य है, तू भाग्योंवाली है, पुत्रों को प्यारी है, लम्बी उमर तेरे सामने है, तू क्यों मेरे पहियों के नीचे आना चाहती है? बच जा.’
ऐसे बम्बू कार्ट वालों के बीच में होकर एक लड़का और एक लड़की चौक की दुकान पर आ मिले. उसके बालों और इसके ढीले सुथने से जान पड़ता था कि दोनों सिख हैं. वह अपने मामा के केश धोने के लिए दही लेने आया था और यह रसोई के लिए बड़ियां. दुकानदार एक परदेशी से गुथ रहा था, जो सेर भर गीले पापड़ों की गड्डी गिने बिना हटता न था.
‘तेरा घर कहां है?’
‘मगरे में...और तेरा?’
‘मांझे में, यहां कहां रहती है?’
‘अतरसिंह की बैठक में, वह मेरे मामा होते हैं.’
‘मैं भी मामा के आया हूं, उनका घर गुरु बाज़ार में है.’
इतने में दुकानदार निबटा और इनका सौदा देने लगा. सौदा लेकर दोनों साथ-साथ चले.
कुछ दूर जाकर लड़के ने मुसकुरा कर पूछा,‘तेरी कुड़माई हो गई?’
इस पर लड़की कुछ आंखें चढ़ाकर ‘धत्’ कहकर दौड़ गई और लड़का मुंह देखता रह गया.  
दूसरे, तीसरे दिन सब्ज़ी वाले के यहां, या दूध वाले के यहां अकस्मात् दोनों मिल जाते. महीनाभर यही हाल रहा.
दो-तीन बार लड़के ने फिर पूछा, तेरे कुड़माई हो गई? और उत्तर में वही ‘धत्’ मिला.
एक दिन जब फिर लड़के ने वैसी ही हंसी में चिढ़ाने के लिए पूछा तो लड़की, लड़के की संभावना के विरुद्ध बोली,‘हां, हो गई.’
‘कब?’
‘कल, देखते नहीं यह रेशम से कढ़ा हुआ सालू...’ लड़की भाग गई.
लड़के ने घर की सीध ली. रास्ते में एक लड़के को मोरी में ढकेल दिया, एक छाबड़ी वाले की दिनभर की कमाई खोई, एक कुत्ते को पत्थर मारा और गोभी वाले ठेले में दूध उंडेल दिया. सामने नहा कर आती हुई किसी वैष्णवी से टकरा कर अंधे की उपाधि पाई. तब कहीं घर पहुंचा.  



‘राम-राम, यह भी कोई लड़ाई है. दिन-रात खन्दकों में बैठे हड्डियां अकड़ गईं. लुधियाना से दस गुना जाड़ा और मेंह और बर्फ़ ऊपर से. पिंडलियों तक कीचड़ में धंसे हुए हैं. जमीन कहीं दिखती नहीं. घंटे-दो-घंटे में कान के परदे फाड़नेवाले धमाके के साथ सारी खन्दक हिल जाती है और सौ-सौ गज धरती उछल पड़ती है. इस गैबी गोले से बचे तो कोई लड़े. नगरकोट का जलजला सुना था, यहां दिन में पचीस जलजले होते हैं. जो कहीं खन्दक से बाहर साफा या कुहनी निकल गई तो चटाक से गोली लगती है. न मालूम बेईमान मिट्टी में लेटे हुए हैं या घास की पत्तियों में छिपे रहते हैं.’
‘लहना सिंह और तीन दिन हैं. चार तो खन्दक में बिता ही दिए. परसों ‘रिलीफ़’ आ जाएगी और फिर सात दिन की छुट्टी. अपने हाथों झटका करेंगे और पेट-भर खाकर सो रहेंगे. उसी फिरंगी मेम के बाग़ में. मखमल की सी हरी घास है. फल और दूध की वर्षा कर देती है. लाख कहते हैं, दाम नहीं लेती. कहती है, तुम राजा हो, मेरे मुल्क़ को बचाने आए हो.’
‘चार दिन तक पलक नहीं झपकी. बिना फेरे घोड़ा बिगड़ता है और बिना लड़े सिपाही. मुझे तो संगीन चढ़ा कर मार्च का हुक्म मिल जाए. फिर सात जर्मनों को अकेला मार कर न लौटूं तो मुझे दरबार साहब की देहली पर मत्था टेकना नसीब न हो. पाजी कहीं के, कलों के घोड़े, संगीन देखते ही मुंह फाड़ देते हैं और पैर पकड़ने लगते हैं. यों अंधेरे में तीस-तीस मन का गोला फेंकते हैं. उस दिन धावा किया था. चार मील तक एक जर्मन नहीं छोड़ा था. पीछे जनरल ने हट जाने का कमान दिया, नहीं तो...’
‘नहीं तो सीधे बर्लिन पहुंच जाते! क्यों?’ सूबेदार हजार सिंह ने मुस्कुराकर कहा,‘लड़ाई के मामले जमादार या नायक के चलाए नहीं चलते. बड़े अफ़सर दूर की सोचते हैं. तीन सौ मील का सामना है. एक तरफ बढ़ गए तो क्या होगा?’
‘सूबेदार जी, सच है,’ लहना सिंह बोला,‘पर करें क्या? हड्डियों-हड्डियों में तो जाड़ा धंस गया है. सूर्य निकलता नहीं और खाई में दोनों तरफ़ से चम्बे की बावलियों के से सोते झर रहे हैं. एक धावा हो जाए, तो गरमी आ जाए.’
"उदमी, उठ, सिगड़ी में कोले डाल. वजीरा, तुम चार जने बालटियां लेकर खाई का पानी बाहर फेंको. महा सिंह, शाम हो गई है, खाई के दरवाज़े का पहरा बदल ले.’ यह कहते हुए सूबेदार सारी खन्दक में चक्कर लगाने लगे.
वजीरा सिंह पलटन का विदूषक था. बाल्टी में गंदला पानी भर कर खाई के बाहर फेंकता हुआ बोला,‘मैं पाधा बन गया हूं. करो जर्मनी के बादशाह का तर्पण!’ इस पर सब खिलखिला पड़े और उदासी के बादल फट गए. लहना सिंह ने दूसरी बाल्टी भर कर उसके हाथ में देकर कहा,‘अपनी बाड़ी के खरबूजों में पानी दो. ऐसा खाद का पानी पंजाब-भर में नहीं मिलेगा. हां, देश क्या है, स्वर्ग है. मैं तो लड़ाई के बाद सरकार से दस धुमा ज़मीन यहां मांग लूंगा और फलों के बूटे लगाऊंगा.’
‘लाड़ी होरा को भी यहां बुला लोगे? या वही दूध पिलानेवाली फरंगी मेम...’
‘चुप कर. यहां वालों को शरम नहीं.’
‘देश-देश की चाल है. आज तक मैं उसे समझा न सका कि सिख तम्बाखू नहीं पीते. वह सिगरेट देने में हठ करती है, ओंठों में लगाना चाहती है और मैं पीछे हटता हूं तो समझती है कि राजा बुरा मान गया, अब मेरे मुल्क़ के लिए लड़ेगा नहीं.’
‘अच्छा, अब बोध सिंह कैसा है?’
‘अच्छा है.’
‘जैसे मैं जानता ही न होऊं! रातभर तुम अपने कम्बल उसे उढ़ाते हो और आप सिगड़ी के सहारे गुज़र करते हो. उसके पहरे पर आप पहरा दे आते हो. अपने सूखे लकड़ी के तख़्तों पर उसे सुलाते हो. आप कीचड़ में पड़े रहते हो. कहीं तुम न मांदे पड़ जाना. जाड़ा क्या है, मौत है और 'निमोनिया' से मरनेवालों को मुरब्बे नहीं मिला करते.’
‘मेरा डर मत करो. मैं तो बुलेल की खड्ड के किनारे मरूंगा. भाई कीरत सिंह की गोदी पर मेरा सिर होगा और मेरे हाथ के लगाए हुए आंगन के आम के पेड़ की छाया होगी.’
वजीरा सिंह ने त्योरी चढ़ाकर कहा,‘क्या मरने-मारने की बात लगाई है? मरें जर्मनी और तुरक! हां भाइयों, कैसे?’
दिल्ली शहर तें पिशोर नुं जांदिए,
कर लेणा लौंगां दा बपार मड़िए
कर लेणा नादेड़ा सौदा अड़िए
(ओय) लाणा चटाका कदुए नुं
क बणाया वे मजेदार गोरिये
हुण लाणा चटाका कदुए नुं
कौन जानता था कि दाढ़ियावाले घरबारी सिख ऐसा लुच्चों का गीत गाएंगे. पर सारी खन्दक इस गीत से गूंज उठी और सिपाही फिर ताज़े हो गए, मानों चार दिन से सोते और मौज ही करते रहे हों.



दोपहर, रात गई है. अन्धेरा है. सन्नाटा छाया हुआ है. बोधा सिंह ख़ाली बिसकुटों के तीन टिनों पर अपने दोनों कम्बल बिछा कर और लहना सिंह के दो कम्बल और एक बरानकोट ओढ़ कर सो रहा है. लहना सिंह पहरे पर खड़ा हुआ है. एक आंख खाई के मुंह पर है और एक बोधा सिंह के दुबले शरीर पर. बोधा सिंह कराहा.
‘क्यों बोधा भाई, क्या है?’
‘पानी पिला दो’
लहना सिंह ने कटोरा उसके मुंह से लगा कर पूछा,‘कहो कैसे हो?’ पानी पी कर बोधा बोला,‘कंपनी छूट रही है. रोम-रोम में तार दौड़ रहे हैं. दांत बज रहे हैं.’
‘अच्छा, मेरी जरसी पहन लो!’
‘और तुम?’
‘मेरे पास सिगड़ी है और मुझे गर्मी लगती है. पसीना आ रहा है.’
‘ना, मैं नहीं पहनता. चार दिन से तुम मेरे लिए...’
‘हां, याद आई. मेरे पास दूसरी गरम जरसी है. आज सबेरे ही आई है. विलायत से बुन-बुनकर भेज रही हैं मेमें, गुरु उनका भला करें.’ यों कह कर लहना अपना कोट उतार कर जरसी उतारने लगा.
‘सच कहते हो?’
‘और नहीं झूठ?’ यों कह कर नहीं करते बोधा को उसने ज़बरदस्ती जरसी पहना दी और आप खाकी कोट और जीन का कुरता भर पहन-कर पहरे पर आ खड़ा हुआ. मेम की जरसी की कथा केवल कथा थी.
आधा घण्टा बीता. इतने में खाई के मुंह से आवाज़ आई,‘सूबेदार हजारा सिंह.’
‘कौन लपटन साहब? हुक्म हुजूर!’ कह कर सूबेदार तन कर फ़ौजी सलाम करके सामने हुआ.
‘देखो, इसी समय धावा करना होगा. मील भर की दूरी पर पूरब के कोने में एक जर्मन खाई है. उसमें पचास से जियादा जर्मन नहीं हैं. इन पेड़ों के नीचे-नीचे दो खेत काट कर रास्ता है. तीन-चार घुमाव हैं. जहां मोड़ है, वहां पन्द्रह जवान खड़े कर आया हूं. तुम यहां दस आदमी छोड़ कर सब को साथ ले उनसे जा मिलो. खन्दक छीन कर वहीं, जब तक दूसरा हुक्म न मिले, डटे रहो. हम यहां रहेगा.’
‘जो हुक्म.’
चुपचाप सब तैयार हो गए. बोधा भी कम्बल उतार कर चलने लगा. तब लहना सिंह ने उसे रोका. लहना सिंह आगे हुआ तो बोधा के बाप सूबेदार ने उंगली से बोधा की ओर इशारा किया. लहना सिंह समझ कर चुप हो गया. पीछे दस आदमी कौन रहें. इस पर बड़ी हुज्जत हुई. कोई रहना न चाहता था. समझा-बुझाकर सूबेदार ने मार्च किया. लपटन साहब लहना की सिगड़ी के पास मुंह फेर कर खड़े हो गए और जेब से सिगरेट निकाल कर सुलगाने लगे. दस मिनट बाद उन्होंने लहना की ओर हाथ बढ़ा कर कहा,‘लो तुम भी पियो.’
आंख मारते-मारते लहना सिंह सब समझ गया. मुंह का भाव छिपा कर बोला,‘लाओ साहब.’ हाथ आगे करते ही उसने सिगड़ी के उजाले में साहब का मुंह देखा. बाल देखे. तब उसका माथा ठनका. लपटन साहब के पट्टियों वाले बाल एक दिन में ही कहां उड़ गए और उनकी जगह क़ैदियों से कटे बाल कहां से आ गए?’ शायद साहब शराब पिए हुए हैं और उन्हें बाल कटवाने का मौका मिल गया है? लहना सिंह ने जांचना चाहा. लपटन साहब पांच वर्ष से उसकी रेजिमेंट में थे.
‘क्यों साहब, हम लोग हिन्दुस्तान कब जाएंगे?’
‘लड़ाई ख़त्म होने पर. क्यों, क्या यह देश पसन्द नहीं?’
‘नहीं साहब, शिकार के वे मज़े यहां कहां? याद है, पारसाल नक़ली लड़ाई के पीछे हम आप जगाधरी ज़िले में शिकार करने गए थे?’
‘हां... हां...’
‘वहीं जब आप खोते पर सवार थे और, ...और आपका ख़ानसामा अब्दुल्ला रास्ते के एक मन्दिर में जल चढ़ाने को रह गया था? बेशक़ पाजी कहीं का. सामने से वह नील गाय निकली कि ऐसी बड़ी मैंने कभी न देखी थी. और आपकी एक गोली कन्धे में लगी और पुट्ठे में निकली. ऐसे अफ़सर के साथ शिकार खेलने में मज़ा है. क्यों साहब, शिमले से तैयार होकर उस नील गाय का सिर आ गया था न? आपने कहा था कि रेजमेंट की मैस में लगाएंगे.’  
‘हां, पर मैंने वह विलायत भेज दिया.’
‘ऐसे बड़े-बड़े सींग! दो-दो फ़ुट के तो होंगे?’
‘हां, लहनासिंह, दो फ़ुट चार इंच के थे. तुमने सिगरेट नहीं पिया?’
‘पीता हूं साहब, दियासलाई ले आता हूं,’ कह कर लहना सिंह खन्दक में घुसा. अब उसे संदेह नहीं रहा था. उसने झटपट निश्चय कर लिया कि क्या करना चाहिए. अंधेरे में किसी सोने वाले से वह टकराया.
‘कौन? वजीर सिंह?’
‘हां, क्यों लहना? क्या क़यामत आ गई? ज़रा तो आंख लगने दी होती?’
‘होश में आओ. क़यामत आई है और लपटन साहब की वर्दी पहन कर आई है.’
‘क्या? लपटन साहब या तो मारे गए हैं या क़ैद हो गए हैं. उनकी वर्दी पहन कर कोई जर्मन आया है. सूबेदार ने इसका मुंह नहीं देखा. मैंने देखा है, और बातें की हैं. सौहरा साफ़ उर्दू बोलता है, पर किताबी उर्दू. और मुझे पीने को सिगरेट दिया है.’
‘तो अब?’
‘अब मारे गए. धोखा है. सूबेदार कीचड़ में चक्कर काटते फिरेंगे और यहां खाई पर धावा होगा उधर उन पर खुले में धावा होगा. उठो, एक काम करो. पलटन में पैरों के निशान देखते-देखते दौड़ जाओ. अभी बहुत दूर न गए होंगे. सूबेदार से कहो कि एकदम लौट आवें. खंदक की बात झूठ है. चले जाओ, खंदक के पीछे से ही निकल जाओ. पत्ता तक न खुड़के. देर मत करो.’
‘हुकुम तो यह है कि यहीं...’
‘ऐसी तैसी हुकुम की! मेरा हुकुम है... जमादार लहना सिंह जो इस वक़्त यहां सबसे बड़ा अफ़सर है, उसका हुकुम है. मैं लपटन साहब की ख़बर लेता हूं.’
‘पर यहां तो तुम आठ ही हो.’
‘आठ नहीं, दस लाख. एक-एक अकालिया सिख सवा लाख के बराबर होता है. चले जाओ.’



लौटकर खाई के मुहाने पर लहना सिंह दीवार से चिपक गया. उसने देखा कि लपटन साहब ने जेब से बेल के बराबर तीन गोले निकाले. तीनों को जगह-जगह खंदक की दीवारों में घुसेड़ दिया और तीनों में एक तार-सा बांध दिया. तार के आगे सूत की गुत्थी थी, जिसे सिगड़ी के पास रखा. बाहर की तरफ़ जाकर एक दियासलाई जलाकर गुत्थी रखने... बिजली की तरह दोनों हाथों से उलटी बन्दूक को उठाकर लहना सिंह ने साहब की कुहनी पर तानकर दे मारा. धमाके के साथ साहब के हाथ से दियासलाई गिर पड़ी. लहना सिंह ने एक कुन्दा साहब की गर्दन पर मारा और साहब ‘आंख! मीन गाट्ट’ कहते हुए चित हो गए. लहना सिंह ने तीनों गोले बीनकर खंदक के बाहर फेंके और साहब को घसीटकर सिगड़ी के पास लिटाया. जेबों की तलाशी ली. तीन-चार लिफ़ाफ़े और एक डायरी निकाल कर उन्हें अपनी जेब के हवाले किया.  
साहब की मूर्च्छा हटी. लहना सिंह हंसकर बोला,‘क्यों, लपटन साहब, मिज़ाज कैसा है? आज मैंने बहुत बातें सीखीं. यह सीखा कि सिख सिगरेट पीते हैं. यह सीखा कि जगाधरी के ज़िले में नीलगायें होती हैं और उनके दो फ़ुट चार इंच के सींग होते हैं. यह सीखा कि मुसलमान ख़ानसामा मूर्तियों पर जल चढ़ाते हैं और लपटन साहब खोते पर चढ़ते हैं. पर यह तो कहो, ऐसी साफ़ उर्दू कहां से सीख आए? हमारे लपटन साहब तो बिना 'डैम' के पांच लफ़्ज़ भी नहीं बोला करते थे.’
लहना सिंह ने पतलून की जेबों की तलाशी नहीं ली थी. साहब ने मानो जाड़े से बचने के लिए दोनों हाथ जेबों में डाले. लहना सिंह कहता गया,‘चालाक तो बड़े हो, पर मांझे का लहना इतने बरस लपटन साहब के साथ रहा है. उसे चकमा देने के लिए चार आंखें चाहिए. तीन महीने हुए एक तुर्की मौलवी मेरे गांव में आया था. औरतों को बच्चे होने का ताबीज बांटता था और बच्चों को दवाई देता था. चौधरी के बड़ के नीचे मंजा बिछाकर हुक्का पीता रहता था और कहता था कि जर्मनी वाले बड़े पंडित हैं. वेद पढ़-पढ़ कर उसमें से विमान चलाने की विद्या जान गए हैं. गौ को नहीं मारते. हिन्दुस्तान में आ जाएंगे तो गोहत्या बन्द कर देगे. मंडी के बनियों को बहकाता था कि डाकखाने से रुपए निकाल लो, सरकार का राज्य जाने वाला है. डाक बाबू पोल्हू राम भी डर गया था. मैंने मुल्ला की दाढ़ी मूंड़ दी थी और गांव से बाहर निकालकर कहा था कि जो मेरे गांव में अब पैर रखा तो...’
इतने में साहब की जेब में से पिस्तौल चली और लहना की जांघ में गोली लगी. इधर लहना की हेनरी मार्टिन के दो फ़ायरों ने साहब की कपाल-क्रिया कर दी.  
धड़ाका सुनकर सब दौड़ आए.
बोधा चिल्लाया,‘क्या है?’
लहना सिंह ने उसे तो यह कह कर सुला दिया कि,‘एक हड़का कुत्ता आया था, मार दिया’ और औरों से सब हाल कह दिया. बंदूकें लेकर सब तैयार हो गए. लहना ने साफा फाड़ कर घाव के दोनों तरफ़ पट्टियां कसकर बांधी. घाव मांस में ही था. पट्टियों के कसने से लहू बंद हो गया.
इतने में सत्तर जर्मन चिल्लाकर खाई में घुस पड़े. सिखों की बंदूकों की बाढ़ ने पहले धावे को रोका. दूसरे को रोका. पर यहां थे आठ (लहना सिंह तक-तक कर मार रहा था. वह खड़ा था और बाक़ी लेटे हुए थे) और वे सत्तर. अपने मुर्दा भाईयों के शरीर पर चढ़कर जर्मन आगे घुसे आते थे. थोड़े मिनटों में वे... अचानक आवाज आई,‘वाहे गुरुजी की फतह! वाहेगुरु दी का खालसा!’ और धड़ाधड़ बंदूकों के फ़ायर जर्मनों की पीठ पर पड़ने लगे. ऐन मौक़े पर जर्मन दो चक्कों के पाटों के बीच में आ गए. पीछे से सूबेदार हजारा सिंह के जवान आग बरसाते थे और सामने से लहना सिंह के साथियों के संगीन चल रहे थे. पास आने पर पीछे वालों ने भी संगीन पिरोना शुरू कर दिया.
एक किलकारी और ‘अकाल सिक्खां दी फौज आई. वाहे गुरु जी दी फतह! वाहे गुरु जी दी खालसा! सत्त सिरी अकाल पुरुष!’ और लड़ाई ख़तम हो गई. तिरसठ जर्मन या तो खेत रहे थे या कराह रहे थे. सिक्खों में पन्द्रह के प्राण गए. सूबेदार के दाहिने कन्धे में से गोली आर पार निकल गई. लहना सिंह की पसली में एक गोली लगी. उसने घाव को खंदक की गीली मिट्टी से पूर लिया. और बाक़ी का साफा कसकर कमर बन्द की तरह लपेट लिया. किसी को ख़बर नहीं हुई कि लहना को दूसरा घाव, भारी घाव लगा है.
लड़ाई के समय चांद निकल आया था. ऐसा चांद जिसके प्रकाश से संस्कृत कवियों का दिया हुआ ‘क्षयी’ नाम सार्थक होता है. और हवा ऐसी चल रही थी जैसी कि बाणभट्ट की भाषा में ‘दंतवीणो पदेशाचार्य’ कहलाती. वजीरा सिंह कह रहा था कि कैसे मन-मनभर फ्रांस की भूमि मेरे बूटों से चिपक रही थी, जब मैं दौड़ा-दौड़ा सूबेदार के पीछे गया था. सूबेदार लहना सिंह से सारा हाल सुन और काग़ज़ात पाकर उसकी तुरंत बुद्धि को सराह रहे थे और कर रहे थे कि तू न होता तो आज सब मारे जाते. इस लड़ाई की आवाज़ तीन मील दाहिनी ओर की खाई वालों ने सुन ली थी. उन्होंने पीछे टेलीफ़ोन कर दिया था. वहां से झटपट दो डॉक्टर और दो बीमार ढोने की गाड़ियां चलीं, जो कोई डेढ़ घंटे के अंदर-अंदर आ पहुंचीं. फ़ील्ड अस्पताल नज़दीक था. सुबह होते-होते वहां पहुंच जाएंगे, इसलिए मामूली पट्टी बांधकर एक गाड़ी में घायल लिटाए गए और दूसरी में लाशें रखी गईं. सूबेदार ने लहना सिंह की जांघ में पट्टी बंधवानी चाही. बोध सिंह ज्वर से बर्रा रहा था. पर उसने यह कह कर टाल दिया कि थोड़ा घाव है, सवेरे देखा जाएगा. वह गाड़ी में लिटाया गया. लहना को छोड़कर सूबेदार जाते नहीं थे. यह देख लहना ने कहा,‘तुम्हें बोधा की क़सम है और सूबेदारनी जी की सौगंध है तो इस गाड़ी में न चले जाओ.’
‘और तुम?’
‘मेरे लिए वहां पहुंचकर गाड़ी भेज देना. और जर्मन मुर्दों के लिए भी तो गाड़ियां आती होगीं. मेरा हाल बुरा नहीं है. देखते नहीं मैं खड़ा हूं? वजीरा सिंह मेरे पास है ही.’
‘अच्छा, पर...’
‘बोधा गाड़ी पर लेट गया. भला, आप भी चढ़ आओ. सुनिए तो, सूबेदारनी होरां को चिट्ठी लिखो तो मेरा मत्था टेकना लिख देना.’  
‘और जब घर जाओ तो कह देना कि मुझसे जो उन्होंने कहा था, वह मैंने कर दिया.’
गाड़ियां चल पड़ी थीं. सूबेदार ने चढ़ते-चढ़ते लहना का हाथ पकड़कर कहा,‘तूने मेरे और बोधा के प्राण बचाए हैं. लिखना कैसा? साथ ही घर चलेंगे. अपनी सूबेदारनी से तू ही कह देना. उसने क्या कहा था?’  
‘अब आप गाड़ी पर चढ़ जाओ. मैंने जो कहा, वह लिख देना और कह भी देना.’
गाड़ी के जाते ही लहना लेट गया,‘वजीरा, पानी पिला दे और मेरा कमरबन्द खोल दे. तर हो रहा है.’



मृत्यु के कुछ समय पहले स्मृति बहुत साफ़ हो जाती है. जन्मभर की घटनाएं एक-एक करके सामने आती हैं. सारे दृश्यों के रंग साफ़ होते हैं, समय की धुंध बिल्कुल उन पर से हट जाती है. लहना सिंह बारह वर्ष का है. अमृतसर में मामा के यहां आया हुआ है. दहीवाले के यहां, सब्ज़ीवाले के यहां, हर कहीं उसे आठ साल की लड़की मिल जाती है. जब वह पूछता है कि तेरी कुड़माई हो गई? तब वह ‘धत्’ कहकर भाग जाती है. एक दिन उसने वैसे ही पूछा तो उसने कहा,‘हां, कल हो गई, देखते नहीं, यह रेशम के फूलों वाला सालू?’ यह सुनते ही लहना सिंह को दुख हुआ. क्रोध हुआ. क्यों हुआ?
‘वजीरा सिंह पानी पिला दे.’
पच्चीस वर्ष बीत गए. अब लहना सिंह नंबर 77 राइफ़ल्स में जमादार हो गया है. उस आठ वर्ष की कन्या का ध्यान ही न रहा, न मालूम वह कभी मिली थी या नहीं. सात दिन की छुट्टी लेकर ज़मीन के मुक़दमे की पैरवी करने वह घर गया. वहां रेजीमेंट के अफ़सर की चिट्ठी मिली. फ़ौरन चले आओ. साथ ही सूबेदार हजारा सिंह की चिट्ठी मिली कि मैं और बोधा सिंह भी लाम पर जाते हैं, लौटते हुए हमारे घर होते आना. साथ चलेंगे.
सूबेदार का घर रास्ते में पड़ता था और सूबेदार उसे बहुत चाहता था. लहना सिंह सूबेदार के यहां पहुंचा. जब चलने लगे तब सूबेदार बेडे़ में निकल कर आया. बोला,‘लहना सिंह, सूबेदारनी तुमको जानती है. बुलाती है. जा मिल आ.’  
लहना सिंह भीतर पहुंचा. ‘सूबेदारनी मुझे जानती है? कब से? रेजीमेंट के क्वॉर्टरों में तो कभी सूबेदार के घर के लोग रहे नहीं.’ दरवाज़े पर जाकर ‘मत्था टेकना’ कहा. असीस सुनी. लहनासिंह चुप‍.  
‘मुझे पहचाना?’
‘नहीं.’  
‘...तेरी कुड़माई हो गई? ...धत् ...कल हो गई ...देखते नहीं, रेशमी बूटों वाला सालू ...अमृतसर में!’
भावों की टकराहट से मूर्च्छा खुली. करवट बदली. पसली का घाव बह निकला.
‘वजीरा सिंह, पानी पिला,’ उसने कहा था.
स्वप्न चल रहा है. सूबेदारनी कह रही है,‘मैंने तेरे को आते ही पहचान लिया. एक काम कहती हूं. मेरे तो भाग फूट गए. सरकार ने बहादुरी का ख़िताब दिया है, लायलपुर में ज़मीन दी है, आज नमक हलाली का मौक़ा आया है. पर सरकार ने हम तीमियों की एक घघरिया पलटन क्यों न बना दी, जो मैं भी सूबेदारजी के साथ चली जाती? एक बेटा है. फ़ौज में भरती हुए उसे एक ही वर्ष हुआ. उसके पीछे चार और हुए, पर एक भी नही जिया.’
सूबेदारनी रोने लगी,‘अब दोनों जाते हैं. मेरे भाग! तुम्हें याद है, एक दिन तांगे वाले का घोड़ा दहीवाले की दुकान के पास बिगड़ गया था. तुमने उस दिन मेरे प्राण बचाए थे. आप घोड़ों की लातों पर चले गए थे. और मुझे उठाकर दुकान के तख़्त के पास खड़ा कर दिया था. ऐसे ही इन दोनों को बचाना. यह मेरी भिक्षा है. तुम्हारे आगे मैं आंचल पसारती हूं.’
रोती-रोती सूबेदारनी ओबरी में चली गई. लहना सिंह भी आंसू पोंछता हुआ बाहर आया.  
‘वजीरा सिंह, पानी पिला,’ उसने कहा था.
लहना का सिर अपनी गोद में रखे वजीरा सिंह बैठा है. जब मांगता है, तब पानी पिला देता है. आधे घंटे तक लहना फिर चुप रहा, फिर बोला,‘कौन? कीरतसिंह?’
वजीरा ने कुछ समझकर कहा,‘हां.’  
‘भइया, मुझे और ऊंचा कर ले. अपने पट्ट पर मेरा सिर रख ले.’
वजीरा ने वैसा ही किया.  
‘हां, अब ठीक है. पानी पिला दे. बस. अब के हाड़ में यह आम ख़ूब फलेगा. चाचा-भतीजा दोनों यहीं बैठकर आम खाना. जितना बड़ा तेरा भतीजा है उतना ही बड़ा यह आम, जिस महीने उसका जन्म हुआ था उसी महीने मैंने इसे लगाया था.’  
वजीरा सिंह के आंसू टप-टप टपक रहे थे. कुछ दिन पीछे लोगों ने अख़बारों में पढ़ा...
फ्रांस और बेल्जियम, 67वीं सूची. मैदान में घावों से मरा नंबर 77 सिख राइफ़ल्स जमादार लहना सिंह

संपूर्ण कहानी व्हिडिओ रूप मे देखने हेतू यहाँ क्लिक कीजिए

कदम मिलाकर चलना होगा -अटल बिहारी वाजपेयी की कविता

बाधाएं आती हैं आएं
घिरें प्रलय की घोर घटाएं,
 
पांवों के नीचे अंगारे,
सिर पर बरसें यदि ज्वालाएं,
 
निज हाथों से हंसते-हंसते,
आग लगाकर जलना होगा।
 
कदम मिलाकर चलना होगा।
 
हास्य-रुदन में, तूफानों में,
अमर असंख्यक बलिदानों में,
 
उद्यानों में, वीरानों में,
अपमानों में, सम्मानों में,
 
उन्नत मस्तक, उभरा सीना,
पीड़ाओं में पलना होगा!
कदम मिलाकर चलना होगा।
 
उजियारे में, अंधकार में,
कल कछार में, बीच धार में,
घोर घृणा में, पूत प्यार में,
क्षणिक जीत में, दीर्घ हार में,
 
जीवन के शत-शत आकर्षक,
अरमानों को दलना होगा।
 
कदम मिलाकर चलना होगा।
 
सम्मुख फैला अमर ध्‍येय पथ,
प्रगति चिरन्तन कैसा इति अथ,
 
सुस्मित हर्षित कैसा श्रम श्लथ,
असफल, सफल समान मनोरथ,
 
सब कुछ देकर कुछ न मांगते,
पावस बनकर ढलना होगा।
 
कदम मिलाकर चलना होगा।
 
कुश कांटों से सज्जित जीवन,
प्रखर प्यार से वञ्चित यौवन,
 
नीरवता से मुखरित मधुवन,
पर-ह‍ति अर्पित अपना तन-मन,
 
जीवन को शत-शत आहुति में,
जलना होगा, गलना होगा।
 
कदम मिलाकर चलना होगा।

अटल बिहारी वाजपेयी 

 कविता देखने हेतू यहाँ  क्लिक कीजिए 

हरिशंकर परसाई के व्यंग्य ‘भोलाराम का जीव’ में सरकारी व्यवस्था का चित्रण

  हरिशंकर परसाई हिंदी के प्रमुख व्यंग्यकार हैं। उन्होंने अपने व्यंग्य-साहित्य के माध्यम से भारतीय समाज, राजनीति और प्रशासनिक व्यवस्था की वि...