बुधवार, 28 सितंबर 2022

डिप्टी कलक्टरी ( लेखक - अमरकांत)



                   शकलदीप बाबू कहीं एक घंटे बाद वापस लौटे। घर में प्रवेश करने के पूर्व उन्होंने ओसारे के कमरे में झाँका, कोई भी मुवक्किल नहीं था और मुहर्रिर साहब भी गायब थे। वह भीतर चले गए और अपने कमरे के सामने ओसारे में खड़े होकर बंदर की भाँति आँखे मलका-मलकाकर उन्होंने रसोईघर की ओर देखा। उनकी पत्नी जमुना, चौके के पास पीढ़े पर बैठी होंठ-पर-होंठ दबाए मुँह फुलाए तरकारी काट रही थी। वह मंद-मंद मुस्कराते हुए अपनी पत्नी के पास चले गए। उनके मुख पर असाधारण संतोष, विश्वास एवं उत्साह का भाव अंकित था। एक घंटे पूर्व ऐसी बात नही थी।

बात इस प्रकार आरंभ हुई। शकलदीप बाबू सबेरे दातौन-कुल्ला करने के बाद अपने कमरे में बैठे ही थे कि जमुना ने एक तश्तरी में दो जलेबियाँ नाश्ते के लिए सामने रख दीं। वह बिना कुछ बोले जलपान करने लगे। जमुना पहले तो एक-आध मिनट चुप रही। फिर पति के मुख की ओर उड़ती नजर से देखने के बाद उसने बात छेड़ी, ‘दो-तीन दिन से बबुआ बहुत उदास रहते हैं।’

‘क्या?’ सिर उठाकर शकलदीप बाबू ने पूछा और उनकी भौंहे तन गईं। जमुना ने व्यर्थ में मुस्कराते हुए कहा, ‘कल बोले, इस साल डिप्टी-कलक्टरी की बहुत-सी जगहें हैं, पर बाबूजी से कहते डर लगता है। कह रहे थे, दो-चार दिन में फीस भेजने की तारीख बीत जाएगी।’

शकलदीप बाबू का बड़ा लड़का नारायण, घर में बबुआ के नाम से ही पुकारा जाता था। उम्र उसकी लगभग 24 वर्ष की थी। पिछले तीन-चार साल से बहुत-सी परीक्षाओं में बैठने, एम.एल.ए. लोगों के दरवाजों के चक्कर लगाने तथा और भी उल्टे-सीधे फन इस्तेमाल करने के बावजूद उसको अब तक कोई नौकरी नहीं मिल सकी थी। दो बार डिप्टी-कलक्टरी के इम्तहान में भी वह बैठ चुका था, पर दुर्भाग्य! अब एक अवसर उसे और मिलना था, जिसको वह छोड़ना न चाहता था, और उसे विश्वास था कि चूँकि जगहें काफी हैं और वह अबकी जी-जान से परिश्रम करेगा, इसलिए बहुत संभव है कि वह ले लिया जाए।

शकलदीप बाबू मुख्तार थे। लेकिन इधर डेढ़-दो साल से मुख्तारी की गाड़ी उनके चलाए न चलती थी। बुढ़ौती के कारण अब उनकी आवाज में न वह तड़प रह गई थी, न शरीर में वह ताकत और न चाल में वह अकड़, इसलिए मुवक्किल उनके यहाँ कम ही पहुँचते। कुछ तो आकर भी भड़क जाते। इस हालत में वह राम का नाम लेकर कचहरी जाते, अक्सर कुछ पा जाते, जिससे दोनों जून चौका-चूल्हा चल जाता।

जमुना की बात सुनकर वह एकदम बिगड़ गए। क्रोध से उनका मुँह विकृत हो गया और वह सिर को झटकते हुए, कटाह कुकुर की तरह बोले, ‘तो मैं क्या करूँ? मैं तो हैरान-परेशान हो गया हूँ। तुम लोग मेरी जान लेने पर तुले हुए हो। साफ-साफ सुन लो, मैं तीन बार कहता हूँ, मुझसे नहीं होगा, मुझसे नहीं होगा, मुझसे नहीं होगा।’

जमुना कुछ न बोली, क्योंकि वह जानती थी कि पति का क्रोध करना स्वाभाविक है।

शकलदीप बाबू एक-दो क्षण चुप रहे, फिर दाएँ हाथ को ऊपर-नीचे नचाते हुए बोले, ‘फिर इसकी गारंटी ही क्या है कि इस दफे बाबू साहब ले ही लिए जाएँगे? मामूली ए.जी. ऑफिस की क्लर्की में तो पूछे नहीं गए, डिप्टी-कलक्टरी में कौन पूछेगा? आप में क्या खूबी है, साहब कि आप डिप्टी-कलक्टर हो ही जाएँगे? थर्ड क्लास बी.ए. आप हैं, चौबीसों घंटे मटरगश्ती आप करते हैं, दिन-रात सिगरेट आप फूँकते हैं। आप में कौन-से सुर्खाब के पर लगे हैं? बड़े-बड़े बह गए, गदहा पूछे कितना पानी! फिर करम-करम की बात होती है। भाई, समझ लो, तुम्हारे करम में नौकरी लिखी ही नहीं। अरे हाँ, अगर सभी कुकुर काशी ही सेवेंगे तो हँडिया कौन चाटेगा? डिप्टी-कलक्टरी, डिप्टी-कलक्टरी! सच पूछो, तो डिप्टी-कलक्टरी नाम से मुझे घृणा हो गई है!’ और होंठ बिचक गए।

जमुना ने अब मृदु स्वर में उनके कथन का प्रतिवाद किया, ‘ऐसी कुभाषा मुँह से नहीं निकालनी चाहिए। हमारे लड़के में दोष ही कौन-सा है? लाखों में एक है। सब्र की सौ धार, मेरा तो दिल कहता है इस बार बबुआ जरूर ले लिए जाएँगे। फिर पहली भूख-प्यास का लड़का है, माँ-बाप का सुख तो जानता ही नहीं। इतना भी नहीं होगा, तो उसका दिल टूट जाएगा। यों ही न मालूम क्यों हमेशा उदास रहता है, ठीक से खाता-पीता नहीं, ठीक से बोलता नहीं, पहले की तरह गाता-गुनगुनाता नहीं। न मालूम मेरे लाड़ले को क्या हो गया है।’ अंत में उसका गला भर आया और वह दूसरी ओर मुँह करके आँखों में आए आँसुओं को रोकने का प्रयास करने लगी।

जमुना को रोते हुए देखकर शकलदीप बाबू आपे से बाहर हो गए। क्रोध तथा व्यंग्य से मुँह चिढ़ाते हुए बोले, ‘लड़का है तो लेकर चाटो! सारी खुराफात की जड़ तुम ही हो, और कोई नहीं! तुम मुझे जिंदा रहने देना नहीं चाहतीं, जिस दिन मेरी जान निकलेगी, तुम्हारी छाती ठंडी होगी!’ वह हाँफने लगे। उन्होंने जमुना पर निर्दयतापूर्वक ऐसा जबरदस्त आरोप किया था, जिसे वह सह न सकी। रोती हुई बोली, ‘अच्छी बात है, अगर मैं सारी खुराफात की जड़ हूँ तो मैं कमीनी की बच्ची, जो आज से कोई बात…’ रुलाई के मारे वह आगे न बोल सकी और तेजी से कमरे से बाहर निकल गई।

शकलदीप बाबू कुछ नहीं बोले, बल्कि वहीं बैठे रहे। मुँह उनका तना हुआ था और गर्दन टेढ़ी हो गई थी। एक-आध मिनट तक उसी तरह बैठे रहने के पश्चात वह जमीन पर पड़े अखबार के एक फटे-पुराने टुकड़े को उठाकर इस तल्लीनता से पढ़ने लगे, जैसे कुछ भी न हुआ हो।

लगभग पंद्रह-बीस मिनट तक वह उसी तरह पढ़ते रहे। फिर अचानक उठ खड़े हुए। उन्होंने लुंगी की तरह लिपटी धोती को खोलकर ठीक से पहन लिया और ऊपर से अपना पारसी कोट डाल लिया, जो कुछ मैला हो गया था और जिसमें दो चिप्पियाँ लगी थीं, और पुराना पंप शू पहन, हाथ में छड़ी ले, एक-दो बार खाँसकर बाहर निकल गए।

पति की बात से जमुना के हृदय को गहरा आघात पहुँचा था। शकलदीप बाबू को बाहर जाते हुए उसने देखा, पर वह कुछ नहीं बोली। वह मुँह फुलाए चुपचाप घर के अटरम-सटरम काम करती रही। और एक घंटे बाद भी जब शकलदीप बाबू बाहर से लौट उसके पास आकर खड़े हुए, तब भी वह कुछ न बोली, चुपचाप तरकारी काटती रही।

शकलदीप बाबू ने खाँसकर कहा, ‘सुनती हो, यह डेढ़ सौ रुपए रख लो। करीब सौ रुपए बबुआ की फीस में लगेंगे और पचास रुपए अलग रख देना, कोई और काम आ पड़े।’

जमुना ने हाथ बढ़ाकर रुपए तो अवश्य ले लिए, पर अब भी कुछ नहीं बोली।

लेकिन शकलदीप बाबू अत्यधिक प्रसन्न थे और उन्होंने उत्साहपूर्ण आवाज में कहा, ‘सौ रुपए बबुआ को दे देना, आज ही फीस भेज दें। होंगे, जरूर होंगे, बबुआ डिप्टी-कलक्टर अवश्य होंगे। कोई कारण ही नहीं कि वह न लिए जाएँ। लड़के के जेहन में कोई खराबी थोड़े है। राम-राम…! नहीं, चिंता की कोई बात नहीं। नारायण जी इस बार भगवान की कृपा से डिप्टी-कलक्टर अवश्य होंगे।’

जमुना अब भी चुप रही और रुपयों को ट्रंक में रखने के लिए उठकर अपने कमरे में चली गई।

शकलदीप बाबू अपने कमरे की ओर लौट पड़े। पर कुछ दूर जाकर फिर घूम पड़े और जिस कमरे में जमुना गई थी, उसके दरवाजे के सामने आकर खड़े हो गए और जमुना को ट्रंक में रुपए बंद करते हुए देखते रहे। फिर बोले, ‘गलती किसी की नहीं। सारा दोष तो मेरा है। देखो न, मैं बाप होकर कहता हूँ कि लड़का नाकाबिल है! नहीं, नहीं, सारी खुराफात की जड़ मैं ही हूँ, और कोई नहीं।’

एक-दो क्षण वह खड़े रहे, लेकिन तब भी जमुना ने कोई उत्तर नहीं दिया तो कमरे में जाकर वह अपने कपड़े उतारने लगे।

नारायण ने उसी दिन डिप्टी-कलक्टरी की फीस तथा फार्म भेज दिए।

दूसरे दिन आदत के खिलाफ प्रातःकाल ही शकलदीप बाबू की नींद उचट गई। वह हड़बड़ाकर आँखें मलते हुए उठ खड़े हुए और बाहर ओसारे में आकर चारों ओर देखने लगे। घर के सभी लोग निद्रा में निमग्न थे। सोए हुए लोगों की साँसों की आवाज और मच्छरों की भनभन सुनाई दे रही थी। चारों ओर अँधेरा था। लेकिन बाहर के कमरे से धीमी रोशनी आ रही थी। शकलदीप बाबू चौंक पड़े और पैरों को दबाए कमरे की ओर बढ़े।

उनकी उम्र पचास के ऊपर होगी। वह गोरे, नाटे और दुबले-पतले थे। उनके मुख पर अनगिनत रेखाओं का जाल बुना था और उनकी बाँहों तथा गर्दन पर चमड़े झूल रहे थे।

दरवाजे के पास पहुँचकर, उन्होंने पंजे के बल खड़े हो, होंठ दबाकर कमरे के अंदर झाँका। उनका लड़का नारायण मेज पर रखी लालटेन के सामने सिर झुकाए ध्यानपूर्वक कुछ पढ़ रहा था। शकलदीप बाबू कुछ देर तक आँखों को साश्चर्य फैलाकर अपने लड़के को देखते रहे, जैसे किसी आनंददायी रहस्य का उन्होंने अचानक पता लगा लिया हो। फिर वह चुपचाप धीरे-से पीछे हट गए और वहीं खड़े होकर जरा मुस्कराए और फिर दबे पाँव धीरे-धीरे वापस लौटे और अपने कमरे के सामने ओसारे के किनारे खड़े होकर आसमान को उत्सुकतापूर्वक निहारने लगे।

उनकी आदत छह, साढ़े छह बजे से पहले उठने की नहीं थी। लेकिन आज उठ गए थे, तो मन अप्रसन्न नहीं हुआ। आसमान में तारे अब भी चटक दिखाई दे रहे थे, और बाहर के पेड़ों को हिलाती हुई और खपड़े को स्पर्श करके आँगन में न मालूम किस दिशा से आती जाती हवा उनको आनंदित एवं उत्साहित कर रही थी। वह पुनः मुस्करा पड़े और उन्होंने धीरे-से फुसफुसाया, ‘चलो, अच्छा ही है।’

और अचानक उनमें न मालूम कहाँ का उत्साह आ गया। उन्होंने उसी समय ही दातौन करना शुरू कर दिया। इन कार्यों से निबटने के बाद भी अँधेरा ही रहा, तो बाल्टी में पानी भरा और उसे गुसलखाने में ले जाकर स्नान करने लगे। स्नान से निवृत्त होकर जब वह बाहर निकले, तो उनके शरीर में एक अपूर्व ताजगी तथा मन में एक अवर्णनीय उत्साह था।

यद्यपि उन्होंने अपने सभी कार्य चुपचाप करने की कोशिश की थी, तो भी देह दुर्बल होने के कारण कुछ खटपट हो गई, जिसके परिणामस्वरूप उनकी पत्नी की नींद खुल गई। जमुना को तो पहले चोर-वोर का संदेह हुआ, लेकिन उसने झटपट आकर जब देखा, तो आश्चर्यचकित हो गई। शकलदीप बाबू आँगन में खड़े-खड़े आकाश को निहार रहे थे।

जमुना ने चिंतातुर स्वर में कहा, ‘इतनी जल्दी स्नान की जरूरत क्या थी? इतना सबेरे तो कभी भी नहीं उठा जाया जाता था? कुछ हो-हवा गया, तो?’

शकलदीप बाबू झेंप गए। झूठी हँसी हँसते हुए बोले, ‘धीरे-धीरे बोलो, भाई, बबुआ पढ़ रहे हैं।’

जमुना बिगड़ गई, ‘धीरे-धीरे क्यों बोलूँ, इसी लच्छन से परसाल बीमार पड़ जाया गया था।’

शकलदीप बाबू को आशंका हुई कि इस तरह बातचीत करने से तकरार बढ़ जाएगा, शोर-शराबा होगा, इसलिए उन्होंने पत्नी की बात का कोई उत्तर नहीं दिया। वह पीछे घूम पड़े और अपने कमरे में आकर लालटेन जलाकर चुपचाप रामायण का पाठ करने लगे।

पूजा समाप्त करके जब वह उठे, तो उजाला हो गया था। वह कमरे से बाहर निकल आए। घर के बड़े लोग तो जाग गए थे, पर बच्चे अभी तक सोए थे। जमुना भंडार-घर में कुछ खटर-पटर कर रही थी। शकलदीप बाबू ताड़ गए और वह भंडार-घर के दरवाजे के सामने खड़े हो गए और कमर पर दोनों हाथ रखकर कुतूहल के साथ अपनी पत्नी को कुंडे में से चावल निकालते हुए देखते रहे।

कुछ देर बाद उन्होंने प्रश्न किया, ‘नारायण की अम्मा, आजकल तुम्हारा पूजा-पाठ नहीं होता क्या?’ और झेंपकर वह मुस्कराए।

शकलदीप बाबू इसके पूर्व सदा राधास्वामियों पर बिगड़ते थे और मौका-बेमौका उनकी कड़ी आलोचना भी करते थे। इसको लेकर औरतों में कभी-कभी रोना-पीटना तक भी हो जाता था। इसलिए आज भी जब शकलदीप बाबू ने पूजा-पाठ की बात की, तो जमुना ने समझा कि वह व्यंग्य कर रहे हैं। उसने भी प्रत्युत्तर दिया, ‘हम लोगों को पूजा-पाठ से क्या मतलब? हमको तो नरक में ही जाना है। जिनको सरग जाना हो, वह करें!’

‘लो बिगड़ गईं,’ शकलदीप बाबू मंद-मंद मुस्कराते हुए झट-से बोले, ‘अरे, मैं मजाक थोड़े कर रहा था! मैं बड़ी गलती पर था, राधास्वामी तो बड़े प्रभावशाली देवता हैं।’

जमुना को राधास्वामी को देवता कहना बहुत बुरा लगा और वह तिनककर बोली, ‘राधास्वामी को देवता कहते हैं? वह तो परमपिता परमेसर हैं, उनका लोक सबसे ऊपर है, उसके नीचे ही ब्रह्मा, विष्णु और महेश के लोक आते हैं।’

‘ठीक है, ठीक है, लेकिन कुछ पूजा-पाठ भी करोगी? सुनते हैं सच्चे मन से राधास्वामी की पूजा करने से सभी मनोरथ सिद्ध हो जाते हैं।’ शकलदीप बाबू उत्तर देकर काँपते होंठों में मुस्कराने लगे।

जमुना ने पुनः भुल-सुधार किया, ‘इसमें दिखाना थोड़े होता है; मन में नाम ले लिया जाता है। सभी मनोरथ बन जाते हैं और मरने के बाद आत्मा परमपिता में मिल जाती है। फिर चौरासी नहीं भुगतना पड़ता।’

शकलदीप बाबू ने सोत्साह कहा, ‘ठीक है, बहुत अच्छी बात है। जरा और सबेरे उठकर नाम ले लिया करो। सुबह नहाने से तबीयत दिन-भर साफ रहती है। कल से तुम भी शुरू कर दो। मैं तो अभागा था कि मेरी आँखें आज तक बंद रही। खैर, कोई बात नहीं, अब भी कुछ नहीं बिगड़ा है, कल से तुम भी सवेरे चार बजे उठ जाना।’

उनको भय हुआ कि जमुना कहीं उनके प्रस्ताव का विरोध न करे, इसलिए इतना कहने के बाद वह पीछे घूमकर खिसक गए। लेकिन अचानक कुछ याद करके वह लौट पड़े। पास आकर उन्होंने पत्नी से मुस्कराते हुए पूछा, ‘बबुआ के लिए नाश्ते का इंतजाम क्या करोगी?’

‘जो रोज होता है, वही होगा, और क्या होगा?’ उदासीनतापूर्वक जमुना ने उत्तर दिया।

‘ठीक है, लेकिन आज हलवा क्यों नहीं बना लेतीं? घर का बना सामान अच्छा होता है। और कुछ मेवे मँगा लो।’

‘हलवे के लिए घी नहीं है। फिर इतने पैसे कहाँ हैं?’ जमुना ने मजबूरी जाहिर की।

‘पचास रुपए तो बचे हैं न, उसमें से खर्च करो। अन्न-जल का शरीर, लड़के को ठीक से खाने-पीने का न मिलेगा, तो वह इम्तहान क्या देगा? रुपए की चिंता मत करो, मैं अभी जिंदा हूँ!’ इतना कहकर शकलदीप बाबू ठहाका लगाकर हँस पड़े। वहाँ से हटने के पूर्व वह पत्नी को यह भी हिदायत देते गए, ‘एक बात और करो। तुम लड़के लोगों से डाँटकर कह देना कि वे बाहर के कमरे में जाकर बाजार न लगाएँ, नहीं तो मार पड़ेगी। हाँ, पढ़ने में बाधा पहुँचेगी। दूसरी बात यह कि बबुआ से कह देना, वह बाहर के कमरे में बैठकर इत्मीनान से पढ़ें, मैं बाहर सहन में बैठ लूँगा।’

शकलदीप बाबू सबेरे एक-डेढ़ घंटे बाहर के कमरे में बैठते थे। वहाँ वह मुवक्किलों के आने की प्रतीक्षा करते और उन्हें समझाते-बुझाते।

और वह उस दिन सचमुच ही मकान के बाहर पीपल के पेड़ के नीचे, जहाँ पर्याप्त छाया रहती थी, एक मेज और कुर्सियाँ लगाकर बैठ गए। जान-पहचान के लोग वहाँ से गुजरे, तो उन्हें वहाँ बैठे देखकर आश्चर्य हुआ। जब सड़क से गुजरते हुए बब्बनलाल पेशकार ने उनसे पूछा कि ‘भाई साहब, आज क्या बात है?’ तो उन्होंने जोर से चिल्लाकर कहा कि ‘भीतर बड़ी गर्मी है।’ और उन्होंने जोकर की तरह मुँह बना दिया और अंत में ठहाका मारकर हँस पड़े, जैसे कोई बहुत बड़ा मजाक कर दिया हो।

शाम को जहाँ रोज वह पहले ही कचहरी से आ जाते थे, उस दिन देर से लौटे। उन्होंने पत्नी के हाथ में चार रुपए तो दिए ही, साथ ही दो सेब तथा कैंची सिगरेट के पाँच पैकेट भी बढ़ा दिए।

‘सिगरेट क्या होगी?’ जमुना ने साश्चर्य पूछा।

‘तुम्हारे लिए है,’ शकलदीप बाबू ने धीरे-से कहा और दूसरी ओर देखकर मुस्कराने लगे, लेकिन उनका चेहरा शर्म से कुछ तमतमा गया।

जमुना ने माथे पर की साड़ी को नीचे खींचते हुए कहा, ‘कभी सिगरेट पी भी है कि आज ही पीऊँगी। इस उम्र में मजाक करते लाज नहीं आती?’

शकलदीप बाबू कुछ बोले नहीं और थोड़ा मुस्कराकर इधर-उधर देखने लगे। फिर गंभीर होकर उन्होंने दूसरी ओर देखते हुए धीरे-से कहा, ‘बबुआ को दे देना,’ और वह तुरंत वहाँ से चलते बने।

जमुना भौंचक होकर कुछ देर उनको देखती रही, क्योंकि आज के पूर्व तो वह यही देखती आ रही थी कि नारायण के धूम्रपान के वह सख्त खिलाफ रहे हैं और इसको लेकर कई बार लड़के को डाँट-डपट चुके हैं। उसकी समझ में कुछ न आया, तो वह यह कहकर मुस्करा पड़ी कि बुद्धि सठिया गई है। नारायण दिन-भर पढ़ने-लिखने के बाद टहलने गया हुआ था। शकलदीप बाबू जल्दी से कपड़े बदलकर हाथ में झाड़ू ले बाहर के कमरे में जा पहुँचे। उन्होंने धीरे-धीरे कमरे को अच्छी तरह झाड़ा-बुहारा, इसके बाद नारायण की मेज को साफ किया तथा मेजपोश को जोर-जोर से कई बार झाड़-फटककर सफाई के साथ उस पर बिछा दिया। अंत में नारायण की चारपाई पर पड़े बिछौने को खोलकर उसमें की एक-एक चीज को झाड़-फटकारकर यत्नपूर्वक बिछाने लगे।

इतने में जमुना ने आकर देखा, तो मृदु स्वर में कहा, ‘कचहरी से आने पर यही काम रह गया है क्या? बिछौना रोज बिछ ही जाता है और कमरे की महरिन सफाई कर ही देती है।’

‘अच्छा, ठीक है। मैं अपनी तबीयत से कर रहा हूँ, कोई जबरदस्ती थोड़ी है।’ शकलदीप बाबू के मुख पर हल्के झेंप का भाव अंकित हो गया था और वह अपनी पत्नी की ओर न देखते हुए ऐसी आवाज में बोले, जैसे उन्होंने अचानक यह कार्य आरंभ कर दिया था – ‘और जब इतना कर ही लिया है, तो बीच में छोड़ने से क्या लाभ, पूरा ही कर लें।’ कचहरी से आने के बाद रोज का उनका नियम यह था कि वह कुछ नाश्ता-पानी करके चारपाई पर लेट जाते थे। उनको अक्सर नींद आ जाती थी और वह लगभग आठ बजे तक सोते रहते थे। यदि नींद न भी आती, तो भी वह इसी तरह चुपचाप पड़े रहते थे।

‘नाश्ता तैयार है,’ यह कहकर जमुना वहाँ से चली गई।

शकलदीप बाबू कमरे को चमाचम करने, बिछौने लगाने तथा कुर्सियों को तरतीब से सजाने के पश्चात आँगन में आकर खड़े हो गए और बेमतलब ठनककर हँसते हुए बोले, ‘अपना काम सदा अपने हाथ से करना चाहिए, नौकरों का क्या ठिकाना?’

लेकिन उनकी बात पर संभवतः किसी ने ध्यान नहीं दिया और न उसका उत्तर ही।

धीरे-धीरे दिन बीतते गए और नारायण कठिन परिश्रम करता रहा। कुछ दिनों से शकलदीप बाबू सायंकाल घर से लगभग एक मील की दूरी पर स्थित शिवजी के एक मंदिर में भी जाने लगे थे। वह बहुत चलता मंदिर था और उसमें भक्तजनों की बहुत भीड़ होती थी। कचहरी से आने के बाद वह नारायण के कमरे को झाड़ते-बुहारते, उसका बिछौना लगाते, मेज-कुर्सियाँ सजाते और अंत में नाश्ता करके मंदिर के लिए रवाना हो जाते। मंदिर में एक-डेढ़ घंटे तक रहते और लगभग दस बजे घर आते। एक दिन जब वह मंदिर से लौटे, तो साढ़े दस बज गए थे। उन्होंने दबे पाँव ओसारे में पाँव रखा और अपनी आदत के अनुसार कुछ देर तक मुस्कराते हुए झाँक-झाँककर कोठरी में नारायण को पढ़ते हुए देखते रहे। फिर भीतर जा अपने कमरे में छड़ी रखकर, नल पर हाथ-पैर धोकर, भोजन के लिए चौके में जाकर बैठ गए।

पत्नी ने खाना परोस दिया। शकलदीप बाबू ने मुँह में कौर चुभलाते हुए पूछा, ‘बबुआ को मेवे दे दिए थे?’

वह आज सायंकाल जब कचहरी से लौटे थे, तो मेवे लेते आए थे। उन्होंने मेवे को पत्नी के हवाले करते हुए कहा था कि इसे सिर्फ नारायण को ही देना, और किसी को नहीं।

जमुना को झपकी आ रही थी, लेकिन उसने पति की बात सुन ली, चौंककर बोली, ‘कहाँ? मेवा ट्रंक में रख दिया था, सोचा था, बबुआ घूमकर आएँगे तो चुपके से दे दूँगी। पर लड़के तो दानव-दूत बने हुए हैं, ओना-कोना, अँतरा-सँतरा, सभी जगह पहुँच जाते हैं। टुनटुन ने कहीं से देख लिया और उसने सारा-का सारा खा डाला।’

टुनटुन शकलदीप बाबू का सबसे छोटा बारह वर्ष का अत्यंत ही नटखट लड़का था।

‘क्यों?’ शकलदीप बाबू चिल्ला पड़े। उनका मुँह खुल गया था और उनकी जीभ पर रोटी का एक छोटा टुकड़ा दृष्टिगोचर हो रहा था। जमुना कुछ न बोली। अब शकलदीप बाबू ने गुस्से में पत्नी को मुँह चिढ़ाते हुए कहा, ‘खा गया, खा गया! तुम क्यों न खा गई! तुम लोगों के खाने के लिए ही लाता हूँ न? हूँ! खा गया!’

जमुना भी तिनक उठी, ‘तो क्या हो गया? कभी मेवा-मिश्री, फल-मूल तो उनको मिलता नहीं, बेचारे खुद्दी-चुन्नी जो कुछ मिलता है, उसी पर सब्र बाँधे रहते हैं। अपने हाथ से खरीदकर कभी कुछ दिया भी तो नहीं गया। लड़का ही तो है, मन चल गया, खा लिया। फिर मैंने उसे बहुत मारा भी, अब उसकी जान तो नहीं ले लूँगी।’

‘अच्छा तो खाओ तुम और तुम्हारे लड़के! खूब मजे में खाओ! ऐसे खाने पर लानत है!’ वह गुस्से से थर-थर काँपते हुए चिल्ला पड़े और फिर चौके से उठकर कमरे में चले गए।

जमुना भय, अपमान और गुस्से से रोने लगी। उसने भी भोजन नहीं किया और वहाँ से उठकर चारपाई पर मुँह ढँककर पड़ रही। लेकिन दूसरे दिन प्रातःकाल भी शकलदीप बाबू का गुस्सा ठंडा न हुआ और उन्होंने नहाने-धोने तथा पूजा-पाठ करने के बाद सबसे पहला काम यह किया कि जब टुनटुन जागा, तो उन्होंने उसको अपने पास बुलाया और उससे पूछा कि उसने मेवा क्यों खाया? जब उसको कोई उत्तर न सूझा और वह भक्कू बनकर अपने पिता की ओर देखने लगा, तो शकलदीप बाबू ने उसे कई तमाचे जड़ दिए।

डिप्टी-कलक्टरी की परीक्षा इलाहाबाद में होनेवाली थी और वहाँ रवाना होने के दिन आ गए। इस बीच नारायण ने इतना अधिक परिश्रम किया कि सभी आश्चर्यचकित थे। वह अट्ठारह-उन्नीस घंटे तक पढ़ता। उसकी पढ़ाई में कोई बाधा उपस्थित नहीं होने पाती, बस उसे पढ़ना था। उसका कमरा साफ मिलता, उसका बिछौना बिछा मिलता, दोनों जून गाँव के शुद्ध घी के साथ दाल-भात,रोटी, तरकारी मिलती। शरीर की शक्ति तथा दिमाग की ताजगी को बनाए रखने के लिए नाश्ते में सबेरे हलवा-दूध तथा शाम को मेवे या फल। और तो और, लड़के की तबीयत न उचटे, इसलिए सिगरेट की भी समुचित व्यवस्था थी। जब सिगरेट के पैकेट खत्म होते, तो जमुना उसके पास चार-पाँच पैकेट और रख आती।

जिस दिन नारायण को इलाहाबाद जाना था, शकलदीप बाबू की छुट्टी थी और वे सबेरे ही घूमने निकल गए। वह कुछ देर तक कंपनी गार्डन में घूमते रहे, फिर वहाँ तबीयत न लगी, तो नदी के किनारे पहुँच गए। वहाँ भी मन न लगा, तो अपने परम मित्र कैलाश बिहारी मुख्तार के यहाँ चले गए। वहाँ बहुत देर तक गप-सड़ाका करते रहे, और जब गाड़ी का समय निकट आया, तो जल्दी-जल्दी घर आए।

गाड़ी नौ बजे खुलती थी। जमुना तथा नारायण की पत्नी निर्मला ने सबेरे ही उठकर जल्दी-जल्दी खाना बना लिया था। नारायण ने खाना खाया और सबको प्रणाम कर स्टेशन को चल पड़ा। शकलदीप बाबू भी स्टेशन गए। नारायण को विदा करने के लिए उसके चार-पाँच मित्र भी स्टेशन पर पहुँचे थे। जब तक गाड़ी नहीं आई थी, नारायण प्लेटफार्म पर उन मित्रों से बातें करता रहा। शकलदीप बाबू अलग खड़े इधर-उधर इस तरह देखते रहे, जैसे नारायण से उनका कोई परिचय न हो। और जब गाड़ी आई और नारायण अपने पिता तथा मित्रों के सहयोग से गाड़ी में पूरे सामान के साथ चढ़ गया, तो शकलदीप बाबू वहाँ से धीरे-से खिसक गए और व्हीलर के बुकस्टाल पर जा खड़े हुए। बुकस्टाल का आदमी जान-पहचान का था, उसने नमस्कार करके पूछा, ‘कहिए, मुख्तार साहब, आज कैसे आना हुआ?’

शकलदीप बाबू ने संतोषपूर्वक मुस्कराते हुए उत्तर दिया, ‘लड़का इलाहाबाद जा रहा है, डिप्टी-कलक्टरी का इम्तहान देने। शाम तक पहुँच जाएगा। ड्योढ़े दर्जे के पास जो डिब्बा है न, उसी में है। नीचे जो चार-पाँच लड़के खड़े हैं, वे उसके मित्र है। सोचा, भाई हम लोग बूढ़े ठहरे, लड़के इम्तहान-विम्तहान की बात कर रहे होंगे, क्या समझेंगे, इसलिए इधर चला आया।’ उनकी आँखे हास्य से संकुचित हो गईं।

वहाँ वह थोड़ी देर तक रहे। इसके बाद जाकर घड़ी में समय देखा, कुछ देर तक तारघर के बाहर तार बाबू को खटर-पटर करते हुए निहारा और फिर वहाँ से हटकर रेलगाड़ियों के आने-जाने का टाइम-टेबुल पढ़ने लगे। लेकिन उनका ध्यान संभवतः गाड़ी की ओर ही था, क्योंकि जब ट्रेन खुलने की घंटी बजी, तो वहाँ से भागकर नारायण के मित्रों के पीछे आ खड़े हुए।

नारायण ने जब उनको देखा, तो उसने झटपट नीचे उतरकर पैर छुए। ‘खुश रहो, बेटा, भगवान तुम्हारी मनोकामना पूरी करे!’ उन्होंने लड़के से बुदबुदाकर कहा और दूसरी ओर देखने लगे।

नारायण बैठ गया और अब गाड़ी खुलने ही वाली थी। अचानक शकलदीप बाबू का दाहिना हाथ अपने कोट की जेब में गया। उन्होंने जेब से कोई चीज लगभग बाहर निकाल ली, और वह कुछ आगे भी बढ़े, लेकिन फिर न मालूम क्या सोचकर रुक गए। उनका चेहरा तमतमा-सा गया और जल्दीबाजी में वह इधर-उधर देखने लगे। गाड़ी सीटी देकर खुल गई तो शकलदीप बाबू चौंक उठे। उन्होंने जेब से वह चीज निकालकर मुट्ठी में बाँध ली और उसे नारायण को देने के लिए दौड़ पड़े। वह दुर्बल तथा बूढ़े आदमी थे, इसलिए उनसे तेज क्या दौड़ा जाता, वह पैरों में फुर्ती लाने के लिए अपने हाथों को इस तरह भाँज रहे थे, जैसे कोई रोगी, मरियल लड़का अपने साथियों के बीच खेल-कूद के दौरान कोई हल्की-फुल्की शरारत करने के बाद तेजी से दौड़ने के लिए गर्दन को झुकाकर हाथों को चक्र की भाँति घुमाता है। उनके पैर थप-थप की आवाज के साथ प्लेटफार्म पर गिर रहे थे, और उनकी हरकतों का उनके मुख पर कोई विशेष प्रभाव दृष्टिगोचर नहीं हो रहा था, बस यही मालूम होता कि वह कुछ परेशान हैं। प्लेटफार्म पर एकत्रित लोगों का ध्यान उनकी ओर आकर्षित हो गया। कुछ लोगों ने मौज में आकर जोर से ललकारा, कुछ ने किलकारियाँ मारीं और कुछ लोगों ने दौड़ के प्रति उनकी तटस्थ मुद्रा को देखकर बेतहाशा हँसना आरंभ किया। लेकिन यह उनका सौभाग्य ही था कि गाड़ी अभी खुली ही थी और स्पीड में नहीं आई थी। परिणामस्वरूप उनका हास्यजनक प्रयास सफल हुआ और उन्होंने डिब्बे के सामने पहुँचकर उत्सुक तथा चिंतित मुद्रा में डिब्बे से सिर निकालकर झाँकते हुए नारायण के हाथ में एक पुड़िया देते हुए कहा, ‘बेटा, इसे श्रद्धा के साथ खा लेना, भगवान शंकर का प्रसाद है।’

पुड़िया में कुछ बताशे थे, जो उन्होंने कल शाम को शिवजी को चढ़ाए थे और जिसे पता नहीं क्यों, नारायण को देना भूल गए थे। नारायण के मित्र कुतूहल से मुस्कराते हुए उनकी ओर देख रहे थे, और जब वह पास आ गए, तो एक ने पूछा, ‘बाबू जी, क्या बात थी, हमसे कह देते।’ शकलदीप बाबू यह कहकर कि, ‘कोई बात नहीं, कुछ रुपए थे, सोचा, मैं ही दे दूँ, तेजी से आगे बढ़ गए।’

परीक्षा समाप्त होने के बाद नारायण घर वापस आ गया। उसने सचमुच पर्चे बहुत अच्छे किए थे और उसने घरवालों से साफ-साफ कह दिया कि यदि कोई बेईमानी न हुई, तो वह इंटरव्यू में अवश्य बुलाया जाएगा। घरवालों की बात तो दूसरी थी, लेकिन जब मुहल्ले और शहर के लोगों ने यह बात सुनी, तो उन्होंने विश्वास नहीं किया। लोग व्यंग्य में कहने लगे, हर साल तो यही कहते हैं बच्चू! वह कोई दूसरे होते हैं, जो इंटरव्यू में बुलाए जाते हैं!

लेकिन बात नारायण ने झूठ नहीं कही थी, क्योंकि एक दिन उसके पास सूचना आई कि उसको इलाहाबाद में प्रादेशिक लोक सेवा आयोग के समक्ष इंटरव्यू के लिए उपस्थित होना है। यह समाचार बिजली की तरह सारे शहर में फैल गया। बहुत साल बाद इस शहर से कोई लड़का डिप्टी-कलक्टरी के इंटरव्यू के लिए बुलाया गया था। लोगों में आश्चर्य का ठिकाना न रहा।

सायंकाल कचहरी से आने पर शकलदीप बाबू सीधे आँगन में जा खड़े हो गए और जोर से ठठाकर हँस पड़े। फिर कमरे में जाकर कपड़े उतारने लगे। शकलदीप बाबू ने कोट को खूँटी पर टाँगते हुए लपककर आती हुई जमुना से कहा, ‘अब करो न राज! हमेशा शोर मचाए रहती थी कि यह नहीं है, वह नहीं है! यह मामूली बात नहीं है कि बबुआ इंटरव्यू में बुलाए गए हैं, आया ही समझो!’

‘जब आ जाएँ, तभी न,’ जमुना ने कंजूसी से मुस्कराते हुए कहा। शकलदीप बाबू थोड़ा हँसते हुए बोल, ‘तुमको अब भी संदेह है? लो, मैं कहता हूँ कि बबुआ जरूर आएँगे, जरूर आएँगे! नहीं आए, तो मैं अपनी मूँछ मुड़वा दूँगा। और कोई कहे या न कहे, मैं तो इस बात को पहले से ही जानता हूँ। अरे, मैं ही क्यों, सारा शहर यही कहता है। अंबिका बाबू वकील मुझे बधाई देते हुए बोले, ‘इंटरव्यू में बुलाए जाने का मतलब यह है कि अगर इंटरव्यू थोड़ा भी अच्छा हो गया, तो चुनाव निश्चित है।’ मेरी नाक में दम था, जो भी सुनता, बधाई देने चला आता।’

‘मुहल्ले के लड़के मुझे भी आकर बधाई दे गए हैं। जानकी, कमल और गौरी तो अभी-अभी गए हैं। जमुना ने स्वप्निल आँखों से अपने पति को देखते हुए सूचना दी।’

‘तो तुम्हारी कोई मामूली हस्ती है! अरे, तुम डिप्टी-कलक्टर की माँ हो न, जी!’ इतना कहकर शकलदीप बाबू ठहाका मारकर हँस पड़े। जमुना कुछ नहीं बोली, बल्कि उसने मुस्की काटकर साड़ी का पल्ला सिर के आगे थोड़ा और खींचकर मुँह टेढ़ा कर लिया। शकलदीप बाबू ने जूते निकालकर चारपाई पर बैठते हुए धीरे-से कहा, ‘अरे भाई, हमको-तुमको क्या लेना है, एक कोने में पड़कर रामनाम जपा करेंगे। लेकिन मैं तो अभी यह सोच रहा हूँ कि कुछ साल तक और मुख्तारी करूँगा। नहीं, यही ठीक रहेगा।’ उन्होंने गाल फुलाकर एक-दो बार मूँछ पर ताव दिए।

जमुना ने इसका प्रतिवाद किया, ‘लड़का मानेगा थोड़े, खींच ले जाएगा। हमेशा यह देखकर उसकी छाती फटती रहती है कि बाबू जी इतनी मेहनत करते हैं और वह कुछ भी मदद नहीं करता।’

‘कुछ कह रहा था क्या?’ शकलदीप बाबू ने धीरे-से पूछा और पत्नी की ओर न देखकर दरवाजे के बाहर मुँह बनाकर देखने लगे।

जमुना ने आश्वासन दिया, ‘मैं जानती नहीं क्या? उसका चेहरा बताता है। बाप को इतना काम करते देखकर उसको कुछ अच्छा थोड़े लगता है!’ अंत में उसने नाक सुड़क लिए।

नारायण पंद्रह दिन बाद इंटरव्यू देने गया। और उसने इंटरव्यू भी काफी अच्छा किया। वह घर वापस आया, तो उसके हृदय में अत्यधिक उत्साह था, और जब उसने यह बताया कि जहाँ और लड़कों का पंद्रह-बीस मिनट तक ही इंटरव्यू हुआ, उसका पूरे पचास मिनट तक इंटरव्यू होता रहा और उसने सभी प्रश्नों का संतोषजनक उत्तर दिए, तो अब यह सभी ने मान लिया कि नारायण का लिया जाना निश्चित है।

दूसरे दिन कचहरी में फिर वकीलों और मुख्तारों ने शकलदीप बाबू को बधाइयाँ दीं और विश्वास प्रकट किया कि नारायण अवश्य चुन लिया जाएगा। शकलदीप बाबू मुस्कराकर धन्यवाद देते और लगे हाथों नारायण के व्यक्तिगत जीवन की एक-दो बातें भी सुना देते और अंत में सिर को आगे बढ़ाकर फुसफुसाहट में दिल का राज प्रकट करते, ‘आपसे कहता हूँ, पहले मेरे मन में शंका थी, शंका क्या सोलहों आने शंका थी, लेकिन आप लोगों की दुआ से अब वह दूर हो गई है।’

जब वह घर लौटे, तो नारायण, गौरी और कमल दरवाजे के सामने खड़े बातें कर रहे थे। नारायण इंटरव्यू के संबंध में ही कुछ बता रहा था। वह अपने पिता जी को आता देखकर धीरे-धीरे बोलने लगा। शकलदीप बाबू चुपचाप वहाँ से गुजर गए, लेकिन दो-तीन गज ही आगे गए होंगे कि गौरी कि आवाज उनको सुनाई पड़ी, ‘अरे तुम्हारा हो गया, अब तुम मौज करो!’ इतना सुनते की शकलदीप बाबू घूम पड़े और लड़कों के पास आकर उन्होंने पूछा, ‘क्या?’ उनकी आँखें संकुचित हो गई थीं और उनकी मुद्रा ऐसी हो गई थी, जैसे किसी महफिल में जबरदस्ती घुस आए हों।

लड़के एक-दूसरे को देखकर शिष्टतापूर्वक होंठों में मुस्कराए। फिर गौरी ने अपने कथन को स्पष्ट किया, ‘मैं कह रहा था नारायण से, बाबू जी, कि उनका चुना जाना निश्चित है।’

शकलदीप बाबू ने सड़क से गुजरती हुई एक मोटर को गौर से देखने के बाद धीरे-धीरे कहा, ‘हाँ, देखिए न, जहाँ एक-से-एक धुरंधर लड़के पहुँचते हैं, सबसे तो बीस मिनट ही इंटरव्यू होता है, पर इनसे पूरे पचास मिनट! अगर नहीं लेना होता, तो पचास मिनट तक तंग करने की क्या जरूरत थी, पाँच-दस मिनट पूछताछ करके…’

गौरी ने सिर हिलाकर उनके कथन का समर्थन किया और कमल ने कहा, ‘पहले का जमाना होता, तो कहा भी नहीं जा सकता, लेकिन अब तो बेईमानी-बेईमानी उतनी नहीं होती होगी।’

शकलदीप बाबू ने आँखें संकुचित करके हल्की-फुल्की आवाज में पूछा, ‘बेईमानी नहीं होती न?’

‘हाँ, अब उतनी नहीं होती। पहले बात दूसरी थी। वह जमाना अब लद गया।’ गौरी ने उत्तर दिया।

शकलदीप बाबू अचानक अपनी आवाज पर जोर देते हुए बोले, ‘अरे, अब कैसी बेईमानी साहब, गोली मारिए, अगर बेईमानी ही करनी होती, तो इतनी देर तक इनका इंटरव्यू होता? इंटरव्यू में बुलाया ही न होता और बुलाते भी तो चार-पाँच मिनट पूछताछ करके विदा कर देते।’

इसका किसी ने उत्तर नहीं दिया, तो वह मुस्कराते हुए घूमकर घर में चले गए। घर में पहुँचने पर जमुना से बोले, ‘बबुआ अभी से ही किसी अफसर की तरह लगते हैं। दरवाजे पर बबुआ, गौरी और कमल बातें कर रहे हैं। मैंने दूर ही से गौर किया, जब नारायण बाबू बोलते हैं, तो उनके बोलने और हाथ हिलाने से एक अजीब ही शान टपकती है। उनके दोस्तों में ऐसी बात कहाँ?’

‘आज दोपहर में मुझे कह रहे थे कि तुझे मोटर में घुमाऊँगा।’ जमुना ने खुशखबरी सुनाई।

शकलदीप बाबू खुश होकर नाक सुड़कते हुए बोले, ‘अरे, तो उसको मोटर की कमी होगी, घूमना न जितना चाहना।’ वह सहसा चुप हो गए और खोए-खोए इस तरह मुस्कराने लगे, जैसे कोई स्वादिष्ट चीज खाने के बाद मन-ही-मन उसका मजा ले रहे हों।

कुछ देर बाद उन्होंने पत्नी से प्रश्न किया, ‘क्या कह रहा था, मोटर में घुमाऊँगा?’ जमुना ने फिर वही बात दोहरा दी।

शकलदीप बाबू ने धीरे-से दोनों हाथों से ताली बजाते हुए मुस्कराकर कहा, ‘चलो, अच्छा है।’ उनके मुख पर अपूर्व स्वप्निल संतोष का भाव अंकित था।

सात-आठ दिनों में नतीजा निकलने का अनुमान था। सभी को विश्वास हो गया था कि नारायण ले लिया जाएगा और सभी नतीजे की बेचैनी से प्रतीक्षा कर रहे थे।

अब शकलदीप बाबू और भी व्यस्त रहने लगे। पूजा-पाठ का उनका कार्यक्रम पूर्ववत जारी था। लोगों से बातचीत करने में उनको काफी मजा आने लगा और वह बातचीत के दौरान ऐसी स्थिति उत्पन्न कर देते कि लोगों को कहना पड़ता कि नारायण अवश्य ही ले लिया जाएगा। वह अपने घर पर एकत्रित नारायण तथा उसके मित्रों की बातें छिपकर सुनते और कभी-कभी अचानक उनके दल में घुस जाते तथा जबरदस्ती बात करने लगते। कभी-कभी नारायण को अपने पिता की यह हरकत बहुत बुरी लगती और वह क्रोध में दूसरी ओर देखने लगता। रात में शकलदीप बाबू चौंककर उठ बैठते और बाहर आकर कमरे में लड़के को सोते हुए देखने लगते या आँगन में खड़े होकर आकाश को निहारने लगते।

एक दिन उन्होंने सबेरे ही सबको सुनाकर जोर से कहा, ‘नारायण की माँ, मैंने आज सपना देखा है कि नारायण बाबू डिप्टी-कलक्टर हो गए।’

जमुना रसोई के बरामदे में बैठी चावल फटक रही थी और उसी के पास नारायण की पत्नी, निर्मला, घूँघट काढ़े दाल बीन रही थी।

जमुना ने सिर उठाकर अपने पति की ओर देखते हुए प्रश्न किया, ‘सपना सबेरे दिखाई पड़ा था क्या?’

‘सबेरे के नहीं तो शाम के सपने के बारे में तुमसे कहने आऊँगा? अरे, एकदम ब्रह्ममुहूर्त में देखा था! देखता हूँ कि अखबार में नतीजा निकल गया है

और उसमें नारायण बाबू का भी नाम हैं अब यह याद नहीं कि कौन नंबर था, पर इतना कह सकता हूँ कि नाम काफी ऊपर था।’

‘अम्मा जी, सबेरे का सपना तो एकदम सच्चा होता है न!’ निर्मला ने धीरे-से जमुना से कहा।

मालूम पड़ता है कि निर्मला की आवाज शकलदीप बाबू ने सुन ली, क्योंकि उन्होंने विहँसकर प्रश्न किया, ‘कौन बोल रहा है, डिप्टाइन हैं क्या?’ अंत में वह ठहाका मारकर हँस पड़े।

‘हाँ, कह रही हैं कि सवेरे का सपना सच्चा होता है। सच्चा होता ही है।’ जमुना ने मुस्कराकर बताया।

निर्मला शर्म से संकुचित हो गई। उसने अपने बदन को सिकोड़ तथा पीठ को नीचे झुकाकर अपने मुँह को अपने दोनों घुटनों के बीच छिपा लिया।

अगले दिन भी सबेरे शकलदीप बाबू ने घरवालों को सूचना दी कि उन्होंने आज भी हू-ब-हू वैसा ही सपना देखा है।

जमुना ने अपनी नाक की ओर देखते हुए कहा, ‘सबेरे का सपना तो हमेशा ही सच्चा होता है। जब बहू को लड़का होनेवाला था, मैंने सबेरे-सबेरे सपना देखा कि कोई सरग की देवी हाथ में बालक लिए आसमान से आँगन में उतर रही है। बस, मैंने समझ लिया कि लड़का ही है। लड़का ही निकला।’

शकलदीप बाबू ने जोश में आकर कहा, ‘और मान लो कि झूठ है, तो यह सपना एक दिन दिखाई पड़ता, दूसरे दिन भी हू-ब-हू वहीं सपना क्यों दिखाई देता, फिर वह भी ब्रह्ममुहूर्त में ही!’

‘बहू ने भी ऐसा ही सपना आज सबेरे देखा है!’

‘डिप्टाइन ने भी?’ शकलदीप बाबू ने मुस्की काटते हुए कहा।

‘हाँ, डिप्टाइन ने ही। ठीक सबेरे उन्होंने देखा कि एक बँगले में हम लोग रह रहे हैं और हमारे दरवाजे पर मोटर खड़ी है।’ जमुना ने उत्तर दिया।

शकलदीप बाबू खोए-खोए मुस्कराते रहे। फिर बोले, ‘अच्छी बात है, अच्छी बात है।’

एक दिन रात को लगभग एक बजे शकलदीप बाबू ने उठकर पत्नी को जगाया और उसको अलग ले जाते हुए बेशर्म महाब्राह्मण की भाँति हँसते हुए प्रश्न किया, ‘कहो भाई, कुछ खाने को होगा? बहुत देर से नींद ही नहीं लग रही है, पेट कुछ माँग रहा है। पहले मैंने सोचा, जाने भी दो, यह कोई खाने का समय है, पर इससे काम बनते न दिखा, तो तुमको जगाया। शाम को खाया था, सब पच गया।’

जमुना अचंभे के साथ आँखें फाड़-फाड़कर अपने पति को देख रही थी। दांपत्य-जीवन के इतने दीर्घकाल में कभी भी, यहाँ तक कि शादी के प्रारंभिक दिनों में भी, शकलदीप बाबू ने रात में उसको जगाकर कुछ खाने को नहीं माँगा था। वह झुँझला पड़ी और उसने असंतोष व्यक्त किया, ‘ऐसा पेट तो कभी भी नहीं था। मालूम नहीं, इस समय रसोई में कुछ है या नहीं।’

शकलदीप बाबू झेंपकर मुस्कराने लगे।

एक-दो क्षण बाद जमुना ने आँखे मलकर पूछा, ‘बबुआ के मेवे में से थोड़ा दूँ क्या?’

शकलदीप बाबू झट-से बोले, ‘अरे, राम-राम! मेवा तो, तुम जानती हो, मुझे बिलकुल पसंद नहीं। जाओ, तुम सोओ, भूख-वूख थोड़े है, मजाक किया था।’

यह कहकर वह धीरे-से अपने कमरे में चले गए। लेकिन वह लेटे ही थे कि जमुना कमरे में एक छिपुली में एक रोटी और गुड़ लेकर आई। शकलदीप बाबू हँसते हुए उठ बैठे।

शकलदीप बाबू पूजा-पाठ करते, कचहरी जाते, दुनिया-भर के लोगों से दुनिया-भर की बातचीत करते, इधर-उधर मटरगश्ती करते और जब खाली रहते, तो कुछ-न-कुछ खाने को माँग बैठते। वह चटोर हो गए और उनके जब देखो, भूख लग जाती। इस तरह कभी रोटी-गुड़ खा लेते, कभी आलू भुनवाकर चख लेते और कभी हाथ पर चीनी लेकर फाँक जाते। भोजन में भी वह परिवर्तन चाहने लगे। कभी खिचड़ी की फरमाइश कर देते, कभी सत्तू-प्याज की, कभी सिर्फ रोटी-दाल की, कभी मकुनी की और कभी सिर्फ दाल-भात की ही। उसका समय कटता ही न था और वह समय काटना चाहते थे।

इस बदपरहेजी तथा मानसिक तनाव का नतीजा यह निकला कि वह बीमार पड़ गए। उनको बुखार तथा दस्त आने लगे। उनकी बीमारी से घर के लोगों को बड़ी चिंता हुई।

जमुना ने रुआँसी आवाज में कहा, ‘बार-बार कहती थी कि इतनी मेहनत न कीजिए, पर सुनता ही कौन है? अब भोगना पड़ा न!’

पर शकलदीप बाबू पर इसका कोई असर न हुआ। उन्होंने बात उड़ा दी – ‘अरे, मैं तो कचहरी जानेवाला था, पर यह सोचकर रुक गया कि अब मुख्तारी तो छोड़नी ही है, थोड़ा आराम कर लें।’

‘मुख्तारी जब छोड़नी होगी, होगी, इस समय तो दोनों जून की रोटी-दाल का इंतजाम करना है।’ जमुना ने चिंता प्रकट की। ‘अरे, तुम कैसी बात करती हो? बीमारी-हैरानी तो सबको होती है, मैं मिट्टी का ढेला तो हूँ नहीं कि गल जाऊँगा। बस, एक-आध दिन की बात हैं अगर बीमारी सख्त होती, तो मैं इस तरह टनक-टनककर बोलता?’ शकलदीप बाबू ने समझाया और अंत में उनके होंठों पर एक क्षीण मुस्कराहट खेल गई।

वह दिन-भर बेचैन रहे। कभी लेटते, कभी उठ बैठते और कभी बाहर निकलकर टहलने लगते। लेकिन दुर्बल इतने हो गए थे कि पाँच-दस कदम चलते ही थक जाते और फिर कमरे में आकर लेटे रहते। करते-करते शाम हुई और जब शकलदीप बाबू को यह बताया गया कि कैलाशबिहारी मुख्तार उनका समाचार लेने आए हैं, तो वह उठ बैठे और झटपट चादर ओढ़, हाथ में छड़ी ले पत्नी के लाख मना करने पर भी बाहर निकल आए। दस्त तो बंद हो गया था, पर बुखार अभी था और इतने ही समय में वह चिड़चिड़े हो गए थे।

कैलाशबिहारी ने उनको देखते ही चिंतातुर स्वर में कहा, ‘अरे, तुम कहाँ बाहर आ गए, मुझे ही भीतर बुला लेते।’

शकलदीप बाबू चारपाई पर बैठ गए और क्षीण हँसी हँसते हुए बोले, ‘अरे, मुझे कुछ हुआ थोड़े हैं सोचा, आराम करने की ही आदत डालूँ।’ यह कहकर वह अर्थपूर्ण दृष्टि से अपने मित्र को देखकर मुस्कराने लगे।

सब हाल-चाल पूछने के बाद कैलाशबिहारी ने प्रश्न किया, ‘नारायण बाबू कहीं दिखाई नहीं दे रहे, कहीं घूमने गए हैं क्या?’ शकलदीप बाबू ने बनावटी उदासीनता प्रकट करते हुए कहा, ‘हाँ, गए होंगे कहीं, लड़के उनको छोड़ते भी तो नहीं, कोई-न-कोई आकर लिवा जाता है।’

कैलाशबिहारी ने सराहना की, ‘खूब हुआ, साहब! मैं भी जब इस लड़के को देखता था, दिल में सोचता था कि यह आगे चलकर कुछ-न-कुछ जरूर होगा। वह तो, साहब, देखने से ही पता लग जाता है। चाल में और बोलने-चालने के तरीके में कुछ ऐसा है कि… चलिए, हम सब इस माने में बहुत भाग्यशाली हैं।’

शकलदीप बाबू इधर-उधर देखने के बाद सिर को आगे बढ़ाकर सलाह-मशविरे की आवाज में बोले, ‘अरे भाई साहब, कहाँ तक बताऊँ अपने मुँह से क्या कहना, पर ऐसा सीधा-सादा लड़का तो मैंने देखा नहीं, पढ़ने-लिखने का तो इतना शौक कि चौबीसों घंटे पढ़ता रहे। मुँह खोलकर किसी से कोई भी चीज माँगता नहीं।’

कैलाशबिहारी ने भी अपने लड़के की तारीफ में कुछ बातें पेश कर दीं, ‘लड़के तो मेरे भी सीधे हैं, पर मँझला लड़का शिवनाथ जितना गऊ है, उतना कोई नहीं। ठीक नारायण बाबू ही की तरह है!’

‘नारायण तो उस जमाने का कोई ऋषि-मुनि मालूम पड़ता है,’ शकलदीप बाबू ने गंभीरतापूर्वक कहा, ‘बस, उसकी एक ही आदत है। मैं उसकी माँ को मेवा दे देता हूँ और नारायण रात में अपनी माँ को जगाकर खाता है। भली-बुरी उसकी बस एक यही आदत है। अरे भैया, तुमसे बताता हूँ, लड़कपन में हमने इसका नाम पन्नालाल रखा था, पर एक दिन एक महात्मा घूमते हुए हमारे घर आए। उन्होंने नारायण का हाथ देखा और बोले, इसका नाम पन्नालाल-सन्नालाल रखने की जरूरत नहीं, बस आज से इसे नारायण कहा करो, इसके कर्म में राजा होना लिखा है। पहले जमाने की बात दूसरी थी, लेकिन आजकल राजा का अर्थ क्या है? डिप्टी-कलक्टर तो एक अर्थ में राजा ही हुआ!’ अंत में आँखें मटकाकर उन्होंने मुस्कराने की कोशिश की, पर हाँफने लगे।

दोनों मित्र बहुत देर तक बातचीत करते रहे, और अधिकांश समय वे अपने-अपने लड़कों का गुणगान करते रहे।

घर के लोगों को शकलदीप बाबू की बीमारी की चिंता थी। बुखार के साथ दस्त भी था, इसलिए वह बहुत कमजोर हो गए थे, लेकिन वह बात को यह कहकर उड़ा देते, ‘अरे, कुछ नहीं, एक-दो दिन में मैं अच्छा हो जाऊँगा।’ और एक वैद्य की कोई मामूली, सस्ती दवा खाकर दो दिन बाद वह अच्छे भी हो गए, लेकिन उनकी दुर्बलता पूर्ववत थी।

जिस दिन डिप्टी-कलक्टरी का नतीजा निकला, रविवार का दिन था।

शकलदीप बाबू सबेरे रामायण का पाठ तथा नाश्ता करने के बाद मंदिर चले गए। छुट्टी के दिनों में वह मंदिर पहले ही चले जाते और वहाँ दो-तीन घंटे, और कभी-कभी तो चार-चार घंटे रह जाते। वह आठ बजे मंदिर पहुँच गए। जिस गाड़ी से नतीजा आनेवाला था, वह दस बजे आती थी।

शकलदीप बाबू पहले तो बहुत देर तक मंदिर की सीढ़ी पर बैठकर सुस्ताते रहे, वहाँ से उठकर ऊपर आए, तो नंदलाल पांडे ने, जो चंदन रगड़ रहा था, नारायण के परीक्षाफल के संबंध में पूछताछ की। शकलदीप वहाँ पर खड़े होकर असाधारण विस्तार के साथ सब कुछ बताने लगे। वहाँ से जब उनको छुट्टी मिली, तो धूप काफी चढ़ गई थी। उन्होंने भीतर जाकर भगवान शिव के पिंड के समक्ष अपना माथा टेक दिया। काफी देर तक वह उसी तरह पड़े रहे। फिर उठकर उन्होंने चारों ओर घूम-घूमकर मंदिर के घंटे बजाकर मंत्रोच्चारण किए और गाल बजाए। अंत में भगवान के समक्ष पुनः दंडवत कर बाहर निकले ही थे कि जंगबहादुर सिंह मास्टर ने शिवदर्शनार्थ मंदिर में प्रवेश किया और उन्होंने शकलदीप बाबू को देखकर आश्चर्य प्रकट किया, ‘अरे, मुख्तार साहब! घर नहीं गए? डिप्टी-कलक्टरी का नतीजा तो निकल आया।’

शकलदीप बाबू का हृदय धक-से कर गया। उनके होंठ काँपने लगे और उन्होंने कठिनता से मुस्कराकर पूछा, ‘अच्छा, कब आया?’

जंगबहादुर सिंह ने बताया, ‘अरे, दस बजे की गाड़ी से आया। नारायण बाबू का नाम तो अवश्य है, लेकिन….’ वह कुछ आगे न बोल सके।

शकलदीप बाबू का हृदय जोरों से धक-धक कर रहा था। उन्होंने अपने सूखे होंठों को जीभ से तर करते हुए अत्यंत ही धीमी आवाज में पूछा, ‘क्या कोई खास बात है?’

‘कोई खास बात नहीं है। अरे, उनका नाम तो है ही, यह है कि जरा नीचे है। दस लड़के लिए जाएँगे, लेकिन मेरा ख्याल है कि उनका नाम सोलहवाँ-सत्रहवाँ पड़ेगा। लेकिन कोई चिंता की बात नहीं, कुछ लड़के तो कलक्टरी में चले जाते हैं कुछ मेडिकल में ही नहीं आते, और इस तरह पूरी-पूरी उम्मीद है कि नारायण बाबू ले ही लिए जाएँगे।’

शकलदीप बाबू का चेहरा फक पड़ गया। उनके पैरों में जोर नहीं था और मालूम पड़ता था कि वह गिर जाएँगे। जंगबहादूर सिंह तो मंदिर में चले गए।

लेकिन वह कुछ देर तक वहीं सिर झुकाकर इस तरह खड़े रहे, जैसे कोई भूली बात याद कर रहे हों। फिर वह चौंक पड़े और अचानक उन्होंने तेजी से चलना शुरू कर दिया। उनके मुँह से धीमे स्वर में तेजी से शिव-शिव निकल रहा था। आठ-दस गज आगे बढ़ने पर उन्होंने चाल और तेज कर दी, पर शीघ्र ही बेहद थक गए और एक नीम के पेड़ के नीचे खड़े होकर हाँफने लगे। चार-पाँच मिनट सुस्ताने के बाद उन्होंने फिर चलना शुरू कर दिया। वह छड़ी को उठाते-गिराते, छाती पर सिर गाड़े तथा शिव-शिव का जाप करते, हवा के हल्के झोंके से धीरे-धीरे टेढ़े-तिरछे उड़नेवाले सूखे पत्ते की भाँति डगमग-डगमग चले जा रहे थे। कुछ लोगों ने उनको नमस्ते किया, तो उन्होंने देखा नहीं, और कुछ लोगों ने उनको देखकर मुस्कराकर आपस में आलोचना-प्रत्यालोचना शुरू कर दी, तब भी उन्होंने कुछ नहीं देखा। लोगों ने संतोष से, सहानुभूति से तथा अफसोस से देखा, पर उन्होंने कुछ भी ध्यान नहीं दिया। उनको बस एक ही धुन थी कि वह किसी तरह घर पहुँच जाएँ।

घर पहुँचकर वह अपने कमरे में चारपाई पर धम-से बैठ गए। उनके मुँह से केवल इतना ही निकला, ‘नारायण की अम्माँ!’

सारे घर में मुर्दनी छाई हुई थी। छोटे-से आँगन में गंदा पानी, मिट्टी, बाहर से उड़कर आए हुए सूखे पत्ते तथा गंदे कागज पड़े थे, और नाबदान से दुर्गंध आ रही थी। ओसारे में पड़ी पुरानी बँसखट पर बहुत-से गंदे कपड़े पड़े थे और रसोईघर से उस वक्त भी धुआँ उठ-उठकर सारे घर की साँस को घोट रहा था।

कहीं कोई खटर-पटर नहीं हो रही थी और मालूम होता था कि घर में कोई है ही नहीं।

शीघ्र ही जमुना न मालूम किधर से निकलकर कमरे में आई और पति को देखते ही उसने घबराकर पूछा, ‘तबीयत तो ठीक है?’

शकलदीप बाबू ने झुँझलाकर उत्तर दिया, ‘मुझे क्या हुआ है, जी? पहले यह बताओ, नारायण जी कहाँ हैं?’

जमुना ने बाहर के कमरे की ओर संकेत करते हुए बताया, ‘उसी में पड़े है।, न कुछ बोलते हैं और न कुछ सुनते हैं। मैं पास गई, तो गुमसुम बने रहे। मैं तो डर गई हूँ।’

शकलदीप बाबू ने मुस्कराते हुए आश्वासन दिया, ‘अरे कुछ नहीं, सब कल्याण होगा, चिंता की कोई बात नहीं। पहले यह तो बताओ, बबुआ को तुमने कभी यह तो नहीं बताया था कि उनकी फीस तथा खाने-पीने के लिए मैंने 600 रुपए कर्ज लिए हैं। मैंने तुमको मना कर दिया था कि ऐसा किसी भी सूरत में न करना।’

जमुना ने कहा, ‘मैं ऐसी बेवकूफ थोड़े हूँ। लड़के ने एक-दो बार खोद-खोदकर पूछा था कि इतने रुपए कहाँ से आते हैं? एक बार तो उसने यहाँ तक कहा था कि यह फल-मेवा और दूध बंद कर दो, बाबू जी बेकार में इतनी फिजूलखर्ची कर रहे हैं। पर मैंने कह दिया कि तुमको फिक्र करने की जरूरत नहीं, तुम बिना किसी चिंता के मेहनत करो, बाबू जी को इधर बहुत मुकदमे मिल रहे हैं।’

शकलदीप बाबू बच्चे की तरह खुश होते हुए बोले, ‘बहुत अच्छा। कोई चिंता की बात नहीं। भगवान सब कल्याण करेंगे। बबुआ कमरे ही में हैं न?’

जमुना ने स्वीकृति से सिर लिया दिया।

शकलदीप बाबू मुस्कराते हुए उठे। उनका चेहरा पतला पड़ गया था, आँखे धँस गई थीं और मुख पर मूँछें झाड़ू की भाँति फरक रही थीं। वह जमुना से यह कहकर कि ‘तुम अपना काम देखो, मैं अभी आया’, कदम को दबाते हुए बाहर के कमरे की ओर बढ़े। उनके पैर काँप रहे थे और उनका सारा शरीर काँप रहा था, उनकी साँस गले में अटक-अटक जा रही थी।

उन्होंने पहले ओसारे ही में से सिर बढ़ाकर कमरे में झाँका। बाहरवाला दरवाजा और खिड़कियाँ बंद थीं, परिणामस्वरूप कमरे में अँधेरा था। पहले तो कुछ न दिखाई पड़ा और उनका हृदय धक-धक करने लगा। लेकिन उन्होंने थोड़ा और आगे बढ़कर गौर से देखा, तो चारपाई पर कोई व्यक्ति छाती पर दोनों हाथ बाँधे चित्त पढ़ा था। वह नारायण ही था। वह धीरे-से चोर की भाँति पैरों को दबाकर कमरे के अंदर दाखिल हुए।

उनके चेहरे पर अस्वाभाविक विश्वास की मुस्कराहट थिरक रही थी। वह मेज के पास पहुँचकर चुपचाप खड़े हो गए और अँधेरे ही में किताब उलटने-पुलटने लगे। लगभग डेढ़-दो मिनट तक वहीं उसी तरह खड़े रहने पर वह सराहनीय फुर्ती से घूमकर नीचे बैठक गए और खिसककर चारपाई के पास चले गए और चारपाई के नीचे झाँक-झाँककर देखने लगे, जैसे कोई चीज खोज रहे हों।

तत्पश्चात पास में रखी नारायण की चप्पल को उठा लिया और एक-दो क्षण उसको उलटने-पुलटने के पश्चात उसको धीरे-से वहीं रख दिया। अंत में वह साँस रोककर धीरे-धीरे इस तरह उठने लगे, जैसे कोई चीज खोजने आए थे, लेकिन उसमें असफल होकर चुपचाप वापस लौट रहे हों। खड़े होते समय वह अपना सिर नारायण के मुख के निकट ले गए और उन्होंने नारायण को आँखें फाड़-फाड़कर गौर से देखा। उसकी आँखे बंद थीं और वह चुपचाप पड़ा हुआ था, लेकिन किसी प्रकार की आहट, किसी प्रकार का शब्द नहीं सुनाई दे रहा था। शकलदीप बाबू एकदम डर गए और उन्होंने काँपते हृदय से अपना बायाँ कान नारायण के मुख के बिलकुल नजदीक कर दिया। और उस समय उनकी खुशी का ठिकाना न रहा, जब उन्होंने अपने लड़के की साँस को नियमित रूप से चलते पाया।

वह चुपचाप जिस तरह आए थे, उसी तरह बाहर निकल गए। पता नहीं कब से, जमुना दरवाजे पर खड़ी चिंता के साथ भीतर झाँक रही थी। उसने पति का मुँह देखा और घबराकर पूछा, ‘क्या बात है? आप ऐसा क्यों कर रहे हैं? मुझे बड़ा डर लग रहा है।’

शकलदीप बाबू ने इशारे से उसको बोलने से मना किया और फिर उसको संकेत से बुलाते हुए अपने कमरे में चले गए। जमुना ने कमरे में पहुँचकर पति को चिंतित एवं उत्सुक दृष्टि से देखा।

शकलदीप बाबू ने गद्गद् स्वर में कहा, ‘बबुआ सो रहे हैं।’

वह आगे कुछ न बोल सके। उनकी आँखें भर आई थीं। वह दूसरी ओर देखने लगे।

संपूर्ण कहानी  देखेने हेतू 👇 click किजीए

डिप्टी कलक्टरी ( लेखक - अमरकांत)

सोमवार, 26 सितंबर 2022

तीसरी कसम (लेखक: फणीश्वरनाथ रेणु)

लेखक: फणीश्वरनाथ रेणु


हिरामन गाड़ीवान की पीठ में गुदगुदी लगती है...
पिछले बीस साल से गाड़ी हांकता है हिरामन. बैलगाड़ी. सीमा के उस पार, मोरंग राज नेपाल से धान और लकड़ी ढो चुका है. कंट्रोल के ज़माने में चोरबाज़ारी का माल इस पार से उस पार पहुंचाया है. लेकिन कभी तो ऐसी गुदगुदी नहीं लगी पीठ में!
कंट्रोल का ज़माना! हिरामन कभी भूल सकता है उस ज़माने को! एक बार चार खेप सीमेंट और कपड़े की गांठों से भरी गाड़ी, जोगबानी में विराटनगर पहुंचने के बाद हिरामन का कलेजा पोख्ता हो गया था. फारबिसगंज का हर चोर-व्यापारी उसको पक्का गाड़ीवान मानता. उसके बैलों की बड़ाई बड़ी गद्दी के बड़े सेठ जी ख़ुद करते, अपनी भाषा में.
गाड़ी पकड़ी गई पांचवीं बार, सीमा के इस पार तराई में.
महाजन का मुनीम उसी की गाड़ी पर गांठों के बीच चुक्की-मुक्की लगा कर छिपा हुआ था. दारोगा साहब की डेढ़ हाथ लंबी चोरबत्ती की रौशनी कितनी तेज़ होती है, हिरामन जानता है. एक घंटे के लिए आदमी अंधा हो जाता है, एक छटक भी पड़ जाए आंखों पर! रौशनी के साथ कड़कती हुई आवाज ‘ऐ-य! गाड़ी रोको! साले, गोली मार देंगे?’
बीसों गाड़ियां एक साथ कचकचा कर रुक गईं. हिरामन ने पहले ही कहा था,‘यह बीस विषावेगा!’ दारोगा साहब उसकी गाड़ी में दुबके हुए मुनीम जी पर रौशनी डाल कर पिशाची हंसी हंसे ‘हा-हा-हा! मुनीम जी-ई-ई-ई! ही-ही-ही! ऐ-य, साला गाड़ीवान, मुंह क्या देखता है रे-ए-ए! कंबल हटाओ इस बोरे के मुंह पर से!’ हाथ की छोटी लाठी से मुनीम जी के पेट में खोंचा मारते हुए कहा था, ‘इस बोरे को! स-स्साला!’
बहुत पुरानी अखज-अदावत होगी दारोगा साहब और मुनीम जी में. नहीं तो उतना रुपया क़बूलने पर भी पुलिस-दरोगा का मन न डोले भला! चार हज़ार तो गाड़ी पर बैठा ही दे रहा है. लाठी से दूसरी बार खोंचा मारा दारोगा ने. ‘पांच हज़ार!’ फिर खोंचा ‘उतरो पहले... ’
मुनीम को गाड़ी से नीचे उतार कर दारोगा ने उसकी आंखों पर रौशनी डाल दी. फिर दो सिपाहियों के साथ सड़क से बीस-पच्चीस रस्सी दूर झाड़ी के पास ले गए. गाड़ीवान और गाड़ियों पर पांच-पांच बंदूकवाले सिपाहियों का पहरा! हिरामन समझ गया, इस बार निस्तार नहीं. जेल? हिरामन को जेल का डर नहीं. लेकिन उसके बैल? न जाने कितने दिनों तक बिना चारा-पानी के सरकारी फाटक में पड़े रहेंगे- भूखे-प्यासे. फिर नीलाम हो जाएंगे. भैया और भौजी को वह मुंह नहीं दिखा सकेगा कभी.
...नीलाम की बोली उसके कानों के पास गूंज गई- एक-दो-तीन! दारोगा और मुनीम में बात पट नहीं रही थी शायद.
हिरामन की गाड़ी के पास तैनात सिपाही ने अपनी भाषा में दूसरे सिपाही से धीमी आवाज़ में पूछा, ‘का हो? मामला गोल होखी का?’ फिर खैनी-तंबाकू देने के बहाने उस सिपाही के पास चला गया.
एक-दो-तीन! तीन-चार गाड़ियों की आड़. हिरामन ने फ़ैसला कर लिया. उसने धीरे-से अपने बैलों के गले की रस्सियां खोल लीं. गाड़ी पर बैठे-बैठे दोनों को जुड़वां बांध दिया. बैल समझ गए उन्हें क्या करना है. हिरामन उतरा, जुती हुई गाड़ी में बांस की टिकटी लगा कर बैलों के कंधों को बेलाग किया. दोनों के कानों के पास गुदगुदी लगा दी और मन-ही-मन बोला, ‘चलो भैयन, जान बचेगी तो ऐसी-ऐसी सग्गड़ गाड़ी बहुत मिलेगी. ...एक-दो-तीन! नौ-दो-ग्यारह! ..’
गाड़ियों की आड़ में सड़क के किनारे दूर तक घनी झाड़ी फैली हुई थी. दम साध कर तीनों प्राणियों ने झाड़ी को पार किया-बेखटक, बेआहट! फिर एक ले, दो ले-दुलकी चाल! दोनों बैल सीना तान कर फिर तराई के घने जंगलों में घुस गए. राह सूंघते, नदी-नाला पार करते हुए भागे पूंछ उठा कर. पीछे-पीछे हिरामन. रातभर भागते रहे थे तीनों जन.
घर पहुंच कर दो दिन तक बेसुध पड़ा रहा हिरामन. होश में आते ही उसने कान पकड़ कर कसम खाई थी ‘अब कभी ऐसी चीजों की लदनी नहीं लादेंगे. चोरबाजारी का माल? तोबा, तोबा!...’ पता नहीं मुनीम जी का क्या हुआ! भगवान जाने उसकी सग्गड़ गाड़ी का क्या हुआ! असली इस्पात लोहे की धुरी थी. दोनों पहिए तो नहीं, एक पहिया एकदम नया था. गाड़ी में रंगीन डोरियों के फुंदने बड़े जतन से गूंथे गए थे.
दो कसमें खाई हैं उसने. एक चोरबाजारी का माल नहीं लादेंगे. दूसरी-बांस. अपने हर भाड़ेदार से वह पहले ही पूछ लेता है ‘चोरी-चमारीवाली चीज तो नहीं? और, बांस?’ बांस लादने के लिए पचास रुपए भी दे कोई, हिरामन की गाड़ी नहीं मिलेगी. दूसरे की गाड़ी देखे.
बांस लदी हुई गाड़ी! गाड़ी से चार हाथ आगे बांस का अगुआ निकला रहता है और पीछे की ओर चार हाथ पिछुआ! क़ाबू के बाहर रहती है गाड़ी हमेशा. सो बेकाबूवाली लदनी और खरैहिया. शहरवाली बात! तिस पर बांस का अगुआ पकड़ कर चलनेवाला भाड़ेदार का महाभकुआ नौकर, लड़की-स्कूल की ओर देखने लगा. बस, मोड़ पर घोड़ागाड़ी से टक्कर हो गई. जब तक हिरामन बैलों की रस्सी खींचे, तब तक घोड़ागाड़ी की छतरी बांस के अगुआ में फंस गई. घोड़ा-गाड़ीवाले ने तड़ातड़ चाबुक मारते हुए गाली दी थी! बांस की लदनी ही नहीं, हिरामन ने खरैहिया शहर की लदनी भी छोड़ दी. और जब फारबिसगंज से मोरंग का भाड़ा ढोना शुरू किया तो गाड़ी ही पार! कई वर्षों तक हिरामन ने बैलों को आधीदारी पर जोता. आधा भाड़ा गाड़ीवाले का और आधा बैलवाले का. हिस्स! गाड़ीवानी करो मुफ्त! आधीदारी की कमाई से बैलों के ही पेट नहीं भरते. पिछले साल ही उसने अपनी गाड़ी बनवाई है.
देवी मैया भला करें उस सरकस-कंपनी के बाघ का. पिछले साल इसी मेले में बाघगाड़ी को ढोनेवाले दोनों घोड़े मर गए. चंपानगर से फारबिसगंज मेला आने के समय सरकस-कंपनी के मैनेजर ने गाड़ीवान-पट्टी में ऐलान करके कहा ‘सौ रुपया भाड़ा मिलेगा!’ एक-दो गाड़ीवान राज़ी हुए. लेकिन, उनके बैल बाघगाड़ी से दस हाथ दूर ही डर से डिकरने लगे- बां आं! रस्सी तुड़ा कर भागे. हिरामन ने अपने बैलों की पीठ सहलाते हुए कहा,‘देखो भैयन, ऐसा मौका फिर हाथ न आएगा. यही है मौका अपनी गाड़ी बनवाने का. नहीं तो फिर आधेदारी. अरे पिंजड़े में बंद बाघ का क्या डर? मोरंग की तराई में दहाड़ते हुइ बाघों को देख चुके हो. फिर पीठ पर मैं तो हूं...’
गाड़ीवानों के दल में तालियां पटपटा उठी थीं एक साथ. सभी की लाज रख ली हिरामन के बैलों ने. हुमक कर आगे बढ़ गए और बाघगाड़ी में जुट गए- एक-एक करके. सिर्फ़ दाहिने बैल ने जुतने के बाद ढेर-सा पेशाब किया. हिरामन ने दो दिन तक नाक से कपड़े की पट्टी नहीं खोली थी. बड़ी गद्दी के बड़े सेठ जी की तरह नकबंधन लगाए बिना बघाइन गंध बरदास्त नहीं कर सकता कोई.
बाघगाड़ी की गाड़ीवानी की है हिरामन ने. कभी ऐसी गुदगुदी नहीं लगी पीठ में. आज रह-रह कर उसकी गाड़ी में चंपा का फूल महक उठता है. पीठ में गुदगुदी लगने पर वह अंगोछे से पीठ झाड़ लेता है.
हिरामन को लगता है, दो वर्ष से चंपानगर मेले की भगवती मैया उस पर प्रसन्न है. पिछले साल बाघगाड़ी जुट गई. नकद एक सौ रुपए भाड़े के अलावा बुताद, चाह-बिस्कुट और रास्ते-भर बंदर-भालू और जोकर का तमाशा देखा सो फोकट में!
और, इस बार यह जनानी सवारी. औरत है या चंपा का फूल! जब से गाड़ी मह-मह महक रही है.
कच्ची सड़क के एक छोटे-से खड्ड में गाड़ी का दाहिना पहिया बेमौके हिचकोला खा गया. हिरामन की गाड़ी से एक हल्की ‘सिस’ की आवाज़ आई. हिरामन ने दाहिने बैल को दुआली से पीटते हुए कहा,‘साला! क्या समझता है, बोरे की लदनी है क्या?’
‘अहा! मारो मत!’
अनदेखी औरत की आवाज़ ने हिरामन को अचरज में डाल दिया. बच्चों की बोली जैसी महीन, फेनूगिलासी बोली!
मथुरामोहन नौटंकी कंपनी में लैला बननेवाली हीराबाई का नाम किसने नहीं सुना होगा भला! लेकिन हिरामन की बात निराली है! उसने सात साल तक लगातार मेलों की लदनी लादी है, कभी नौटंकी-थियेटर या बायस्कोप सिनेमा नहीं देखा. लैला या हीराबाई का नाम भी उसने नहीं सुना कभी. देखने की क्या बात! सो मेला टूटने के पंद्रह दिन पहले आधी रात की बेला में काली ओढ़नी में लिपटी औरत को देख कर उसके मन में खटका अवश्य लगा था. बक्सा ढोनेवाले नौकर से गाड़ी-भाड़ा में मोल-मोलाई करने की कोशिश की तो ओढ़नीवाली ने सिर हिला कर मना कर दिया. हिरामन ने गाड़ी जोतते हुए नौकर से पूछा,‘क्यों भैया, कोई चोरी चमारी का माल-वाल तो नहीं?’ हिरामन को फिर अचरज हुआ. बक्सा ढोनेवाले आदमी ने हाथ के इशारे से गाड़ी हांकने को कहा और अंधेरे में ग़ायब हो गया. हिरामन को मेले में तंबाकू बेचनेवाली बूढ़ी की काली साड़ी की याद आई थी.
ऐसे में कोई क्या गाड़ी हांके!
एक तो पीठ में गुदगुदी लग रही है. दूसरे रह-रह कर चंपा का फूल खिल जाता है उसकी गाड़ी में. बैलों को डांटो तो ‘इस-बिस’ करने लगती है उसकी सवारी. उसकी सवारी! औरत अकेली, तंबाकू बेचनेवाली बूढ़ी नहीं! आवाज़ सुनने के बाद वह बार-बार मुड़ कर टप्पर में एक नज़र डाल देता है, अंगोछे से पीठ झाड़ता है. ...भगवान जाने क्या लिखा है इस बार उसकी क़िस्मत में! गाड़ी जब पूरब की ओर मुड़ी, एक टुकड़ा चांदनी उसकी गाड़ी में समा गई. सवारी की नाक पर एक जुगनू जगमगा उठा. हिरामन को सबकुछ रहस्यमय-अजगुत-अजगुत-लग रहा है. सामने चंपानगर से सिंधिया गांव तक फैला हुआ मैदान... कहीं डाकिन-पिशाचिन तो नहीं?


हिरामन की सवारी ने करवट ली. चांदनी पूरे मुखड़े पर पड़ी तो हिरामन चीखते-चीखते रुक गया,‘अरे बाप! ई तो परी है!’
परी की आंखें खुल गईं. हिरामन ने सामने सड़क की ओर मुंह कर लिया और बैलों को टिटकारी दी. वह जीभ को तालू से सटा कर टि-टि-टि-टि आवाज निकालता है. हिरामन की जीभ न जाने कब से सूख कर लकड़ी-जैसी हो गई थी!
‘भैया, तुम्हारा नाम क्या है?’


हू-ब-हू फेनूगिलास! ...हिरामन के रोम-रोम बज उठे. मुंह से बोली नहीं निकली. उसके दोनों बैल भी कान खड़े करके इस बोली को परखते हैं.
‘मेरा नाम! ...नाम मेरा है हिरामन!’
उसकी सवारी मुस्कराती है. ...मुस्कराहट में ख़ुशबू है.
‘तब तो मीता कहूंगी, भैया नहीं. मेरा नाम भी हीरा है.’
‘इस्स!’ हिरामन को परतीत नहीं. मर्द और औरत के नाम में फ़र्क़ होता है.
‘हां जी, मेरा नाम भी हीराबाई है.’
कहां हिरामन और कहां हीराबाई, बहुत फ़र्क़ है!
हिरामन ने अपने बैलों को झिड़की दी,‘कान चुनिया कर गप सुनने से ही तीस कोस मंजिल कटेगी क्या? इस बाएं नाटे के पेट में शैतानी भरी है.’ हिरामन ने बाएं बैल को दुआली की हल्की झड़प दी.
‘मारो मत, धीरे-धीरे चलने दो. जल्दी क्या है!’
हिरामन के सामने सवाल उपस्थित हुआ, वह क्या कह कर ‘गप’ करे हीराबाई से? ‘तोहे’ कहे या ‘अहां?’ उसकी भाषा में बड़ों को ‘अहां’ अर्थात ‘आप’ कह कर संबोधित किया जाता है, कचराही बोली में दो-चार सवाल-जवाब चल सकता है, दिल-खोल गप तो गांव की बोली में ही की जा सकती है किसी से.
आसिन-कातिक के भोर में छा जानेवाले कुहासे से हिरामन को पुरानी चिढ़ है. बहुत बार वह सड़क भूल कर भटक चुका है. किंतु आज के भोर के इस घने कुहासे में भी वह मगन है. नदी के किनारे धन-खेतों से फूले हुए धान के पौधों की पवनिया गंध आती है. पर्व-पावन के दिन गांव में ऐसी ही सुगंध फैली रहती है. उसकी गाड़ी में फिर चंपा का फूल खिला. उस फूल में एक परी बैठी है. ...जै भगवती.
हिरामन ने आंख की कनखियों से देखा, उसकी सवारी ...मीता ...हीराबाई की आंखें गुजुर-गुजुर उसको हेर रही हैं. हिरामन के मन में कोई अजानी रागिनी बज उठी. सारी देह सिरसिरा रही है. बोला, ‘बैल को मारते हैं तो आपको बहुत बुरा लगता है?’
हीराबाई ने परख लिया, हिरामन सचमुच हीरा है.
चालीस साल का हट्टा-कट्टा, काला-कलूटा, देहाती नौजवान अपनी गाड़ी और अपने बैलों के सिवाय दुनिया की किसी और बात में विशेष दिलचस्पी नहीं लेता. घर में बड़ा भाई है, खेती करता है. बाल-बच्चेवाला आदमी है. हिरामन भाई से बढ़ कर भाभी की इज़्ज़त करता है. भाभी से डरता भी है. हिरामन की भी शादी हुई थी, बचपन में ही गौने के पहले ही दुलहिन मर गई. हिरामन को अपनी दुलहिन का चेहरा याद नहीं. ...दूसरी शादी? दूसरी शादी न करने के अनेक कारण हैं. भाभी की जिद, कुमारी लड़की से ही हिरामन की शादी करवाएगी. कुमारी का मतलब हुआ पांच-सात साल की लड़की. कौन मानता है सरधा-क़ानून? कोई लड़कीवाला दोब्याहू को अपनी लड़की गरज में पड़ने पर ही दे सकता है. भाभी उसकी तीन-सत्त करके बैठी है, सो बैठी है. भाभी के आगे भैया की भी नहीं चलती! ...अब हिरामन ने तय कर लिया है, शादी नहीं करेगा. कौन बलाय मोल लेने जाए! ...ब्याह करके फिर गाड़ीवानी क्या करेगा कोई! और सब कुछ छूट जाए, गाड़ीवानी नहीं छोड़ सकता हिरामन.
हीराबाई ने हिरामन के जैसा निश्छल आदमी बहुत कम देखा है. पूछा, ‘आपका घर कौन जिल्ला में पड़ता है?’ कानपुर नाम सुनते ही जो उसकी हंसी छूटी, तो बैल भड़क उठे. हिरामन हंसते समय सिर नीचा कर लेता है. हंसी बंद होने पर उसने कहा, ‘वाह रे कानपुर! तब तो नाकपुर भी होगा?’ और जब हीराबाई ने कहा कि नाकपुर भी है, तो वह हंसते-हंसते दुहरा हो गया.
‘वाह रे दुनिया! क्या-क्या नाम होता है! कानपुर, नाकपुर!’ हिरामन ने हीराबाई के कान के फूल को ग़ौर से देखा. नाक की नकछवि के नग देख कर सिहर उठा -लहू की बूँद!
हिरामन ने हीराबाई का नाम नहीं सुना कभी. नौटंकी कंपनी की औरत को वह बाईजी नहीं समझता है. ...कंपनी में काम करनेवाली औरतों को वह देख चुका है. सरकस कंपनी की मालकिन, अपनी दोनों जवान बेटियों के साथ बाघगाड़ी के पास आती थी, बाघ को चारा-पानी देती थी, प्यार भी करती थी ख़ूब. हिरामन के बैलों को भी डबलरोटी-बिस्कुट खिलाया था बड़ी बेटी ने.
हिरामन होशियार है. कुहासा छंटते ही अपनी चादर से टप्पर में परदा कर दिया  ‘बस दो घंटा! उसके बाद रास्ता चलना मुश्किल है. कातिक की सुबह की धूल आप बर्दास्त न कर सकिएगा. कजरी नदी के किनारे तेगछिया के पास गाड़ी लगा देंगे. दुपहरिया काट कर...’
सामने से आती हुई गाड़ी को दूर से ही देख कर वह सतर्क हो गया. लीक और बैलों पर ध्यान लगा कर बैठ गया. राह काटते हुए गाड़ीवान ने पूछा, ‘मेला टूट रहा है क्या भाई?’
हिरामन ने जवाब दिया, वह मेले की बात नहीं जानता. उसकी गाड़ी पर ‘बिदागी’ (नैहर या ससुराल जाती हुई लड़की) है. न जाने किस गांव का नाम बता दिया हिरामन ने.
‘छतापुर-पचीरा कहां है?’
‘कहीं हो, यह ले कर आप क्या करिएगा?’ हिरामन अपनी चतुराई पर हंसा. परदा डाल देने पर भी पीठ में गुदगुदी लगती है.
हिरामन परदे के छेद से देखता है. हीराबाई एक दियासलाई की डिब्बी के बराबर आईने में अपने दांत देख रही है. ...मदनपुर मेले में एक बार बैलों को नन्हीं-चित्ती कौड़ियों की माला ख़रीद दी थी. हिरामन ने, छोटी-छोटी, नन्हीं-नन्हीं कौड़ियों की पांत.
तेगछिया के तीनों पेड़ दूर से ही दिखलाई पड़ते हैं. हिरामन ने परदे को जरा सरकाते हुए कहा, ‘देखिए, यही है तेगछिया. दो पेड़ जटामासी बड़ है और एक उस फूल का क्या नाम है, आपके कुरते पर जैसा फूल छपा हुआ है, वैसा ही, खूब महकता है, दो कोस दूर तक गंध जाती है, उस फूल को खमीरा तंबाकू में डाल कर पीते भी हैं लोग.’
‘और उस अमराई की आड़ से कई मकान दिखाई पड़ते हैं, वहां कोई गांव है या मंदिर?’
हिरामन ने बीड़ी सुलगाने के पहले पूछा, ‘बीड़ी पिएं? आपको गंध तो नहीं लगेगी? ...वही है नामलगर ड्योढ़ी. जिस राजा के मेले से हम लोग आ रहे हैं, उसी का दियाद-गोतिया है. ...जा रे जमाना!’
हिरामन ने जा रे जमाना कह कर बात को चाशनी में डाल दिया. हीराबाई ने टप्पर के परदे को तिरछे खोंस दिया. हीराबाई की दंतपंक्ति.
‘कौन ज़माना?’ ठुड्डी पर हाथ रख कर साग्रह बोली.
‘नामलगर ड्योढ़ी का जमाना! क्या था और क्या-से-क्या हो गया!’
हिरामन गप रसाने का भेद जानता है. हीराबाई बोली,‘तुमने देखा था वह ज़माना?’
‘देखा नहीं, सुना है. राज कैसे गया, बड़ी हैफवाली कहानी है. सुनते हैं, घर में देवता ने जन्म ले लिया. कहिए भला, देवता आखिर देवता है. है या नहीं? इंदरासन छोड़ कर मिरतूभुवन में जन्म ले ले तो उसका तेज कैसे सम्हाल सकता है कोई! सूरजमुखी फूल की तरह माथे के पास तेज खिला रहता. लेकिन नजर का फेर, किसी ने नहीं पहचाना. एक बार उपलैन में लाट साहब मय लाटनी के, हवागाड़ी से आए थे. लाट ने भी नहीं, पहचाना आखिर लटनी ने. सुरजमुखी तेज देखते ही बोल उठी -ए मैन राजा साहब, सुनो, यह आदमी का बच्चा नहीं है, देवता है.’
हिरामन ने लाटनी की बोली की नकल उतारते समय ख़ूब डैम-फैट-लैट किया. हीराबाई दिल खोल कर हंसी. हंसते समय उसकी सारी देह दुलकती है.
हीराबाई ने अपनी ओढ़नी ठीक कर ली. तब हिरामन को लगा कि... लगा कि...
‘तब? उसके बाद क्या हुआ मीता?’
‘इस्स! कथा सुनने का बड़ा सौक है आपको? ...लेकिन, काला आदमी, राजा क्या महाराजा भी हो जाए, रहेगा काला आदमी ही. साहेब के जैसे अक्किल कहां से पाएगा! हंस कर बात उड़ा दी सभी ने. तब रानी को बार-बार सपना देने लगा देवता! सेवा नहीं कर सकते तो जाने दो, नहीं, रहेंगे तुम्हारे यहां. इसके बाद देवता का खेल शुरू हुआ. सबसे पहले दोनों दंतार हाथी मरे, फिर घोड़ा, फिर पटपटांग...’
‘पटपटांग क्या है?’
हिरामन का मन पल-पल में बदल रहा है. मन में सतरंगा छाता धीरे-धीरे खिल रहा है, उसको लगता है. ...उसकी गाड़ी पर देवकुल की औरत सवार है. देवता आख़िर देवता है!
‘पटपटांग! धन-दौलत, माल-मवेसी सब साफ! देवता इंदरासन चला गया.’
हीराबाई ने ओझल होते हुए मंदिर के कंगूरे की ओर देख कर लंबी सांस ली.
‘लेकिन देवता ने जाते-जाते कहा, इस राज में कभी एक छोड़ कर दो बेटा नहीं होगा. धन हम अपने साथ ले जा रहे हैं, गुन छोड़ जाते हैं. देवता के साथ सभी देव-देवी चले गए, सिर्फ सरोसती मैया रह गई. उसी का मंदिर है.’
देसी घोड़े पर पाट के बोझ लादे हुए बनियों को आते देख कर हिरामन ने टप्पर के परदे को गिरा दिया. बैलों को ललकार कर बिदेसिया नाच का बंदनागीत गाने लगा-
‘जै मैया सरोसती, अरजी करत बानी,
हमरा पर होखू सहाई हे मैया, हमरा पर होखू सहाई!’
घोड़लद्दे बनियों से हिरामन ने हुलस कर पूछा, ‘क्या भाव पटुआ खरीदते हैं महाजन?’
लंगड़े घोड़ेवाले बनिए ने बटगमनी जवाब दिया ‘नीचे सताइस-अठाइस, ऊपर तीस. जैसा माल, वैसा भाव.’
जवान बनिए ने पूछा, ‘मेले का क्या हालचाल है, भाई? कौन नौटंकी कंपनी का खेल हो रहा है, रौता कंपनी या मथुरामोहन?’
‘मेले का हाल मेलावाला जाने?’ हिरामन ने फिर छतापुर-पचीरा का नाम लिया.
सूरज दो बांस ऊपर आ गया था. हिरामन अपने बैलों से बात करने लगा ‘एक कोस जमीन! जरा दम बांध कर चलो. प्यास की बेला हो गई न! याद है, उस बार तेगछिया के पास सरकस कंपनी के जोकर और बंदर नचानेवाला साहब में झगड़ा हो गया था. जोकरवा ठीक बंदर की तरह दांत किटकिटा कर किक्रियाने लगा था, न जाने किस-किस देस-मुलुक के आदमी आते हैं!’
हिरामन ने फिर परदे के छेद से देखा, हीराबाई एक काग़ज़ के टुकड़े पर आंख गड़ा कर बैठी है. हिरामन का मन आज हल्के सुर में बंधा है. उसको तरह-तरह के गीतों की याद आती है. बीस-पच्चीस साल पहले, बिदेसिया, बलवाही, छोकरा-नाचनेवाले एक-से-एक ग़ज़ल खेमटा गाते थे. अब तो, भोंपा में भोंपू-भोंपू करके कौन गीत गाते हैं लोग! जा रे जमाना! छोकरा-नाच के गीत की याद आई हिरामन को-
‘सजनवा बैरी हो ग य हमारो! सजनवा...!
अरे, चिठिया हो ते सब कोई बांचे, चिठिया हो तो...
हाय! करमवा, होय करमवा...’
गाड़ी की बल्ली पर उंगलियों से ताल दे कर गीत को काट दिया हिरामन ने. छोकरा-नाच के मनुवां नटुवा का मुंह हीराबाई-जैसा ही था. ...क़हां चला गया वह ज़माना? हर महीने गांव में नाचनेवाले आते थे. हिरामन ने छोकरा-नाच के चलते अपनी भाभी की न जाने कितनी बोली-ठोली सुनी थी. भाई ने घर से निकल जाने को कहा था.
आज हिरामन पर मां सरोसती सहाय हैं, लगता है. हीराबाई बोली,‘वाह, कितना बढ़िया गाते हो तुम!’
हिरामन का मुंह लाल हो गया. वह सिर नीचा कर के हंसने लगा.


आज तेगछिया पर रहनेवाले महावीर स्वामी भी सहाय हैं हिरामन पर. तेगछिया के नीचे एक भी गाड़ी नहीं. हमेशा गाड़ी और गाड़ीवानों की भीड़ लगी रहती हैं यहां. सिर्फ़ एक साइकिलवाला बैठ कर सुस्ता रहा है. महावीर स्वामी को सुमर कर हिरामन ने गाड़ी रोकी. हीराबाई परदा हटाने लगी. हिरामन ने पहली बार आंखों से बात की हीराबाई से-साइकिलवाला इधर ही टकटकी लगा कर देख रहा है.
बैलों को खोलने के पहले बांस की टिकटी लगा कर गाड़ी को टिका दिया. फिर साइकिलवाले की ओर बार-बार घूरते हुए पूछा, ‘कहां जाना है? मेला? कहां से आना हो रहा है? बिसनपुर से? बस, इतनी ही दूर में थसथसा कर थक गए? जा रे जवानी!’
साइकिलवाला दुबला-पतला नौजवान मिनमिना कर कुछ बोला और बीड़ी सुलगा कर उठ खड़ा हुआ. हिरामन दुनिया-भर की निगाह से बचा कर रखना चाहता है हीराबाई को. उसने चारों ओर नज़र दौड़ा कर देख लिया-कहीं कोई गाड़ी या घोड़ा नहीं.
कजरी नदी की दुबली-पतली धारा तेगछिया के पास आ कर पूरब की ओर मुड़ गई है. हीराबाई पानी में बैठी हुई भैसों और उनकी पीठ पर बैठे हुए बगुलों को देखती रही.
हिरामन बोला,‘जाइए, घाट पर मुंह-हाथ धो आइए!’


हीराबाई गाड़ी से नीचे उतरी. हिरामन का कलेजा धड़क उठा. ...नहीं, नहीं! पांव सीधे हैं, टेढ़े नहीं. लेकिन, तलुवा इतना लाल क्यों हैं? हीराबाई घाट की ओर चली गई, गांव की बहू-बेटी की तरह सिर नीचा कर के धीरे-धीरे. कौन कहेगा कि कंपनी की औरत है! ...औरत नहीं, लड़की. शायद कुमारी ही है.
हिरामन टिकटी पर टिकी गाड़ी पर बैठ गया. उसने टप्पर में झांक कर देखा. एक बार इधर-उधर देख कर हीराबाई के तकिए पर हाथ रख दिया. फिर तकिए पर केहुनी डाल कर झुक गया, झुकता गया. ख़ुशबू उसकी देह में समा गई. तकिए के गिलाफ़ पर कढ़े फूलों को उंगलियों से छू कर उसने सूंघा, हाय रे हाय! इतनी सुगंध! हिरामन को लगा, एक साथ पांच चिलम गांजा फूंक कर वह उठा है. हीराबाई के छोटे आईने में उसने अपना मुंह देखा. आंखें उसकी इतनी लाल क्यों हैं?
हीराबाई लौट कर आई तो उसने हंस कर कहा,‘अब आप गाड़ी का पहरा दीजिए, मैं आता हूं तुरंत.’
हिरामन ने अपना सफरी झोली से सहेजी हुई गंजी निकाली. गमछा झाड़ कर कंधे पर लिया और हाथ में बालटी लटका कर चला. उसके बैलों ने बारी-बारी से ‘हुंक-हुंक’ करके कुछ कहा. हिरामन ने जाते-जाते उलट कर कहा,‘हां, हां, प्यास सभी को लगी है. लौट कर आता हूं तो घास दूंगा, बदमासी मत करो!’
बैलों ने कान हिलाए.
नहा-धो कर कब लौटा हिरामन, हीराबाई को नहीं मालूम. कजरी की धारा को देखते-देखते उसकी आंखों में रात की उचटी हुई नींद लौट आई थी. हिरामन पास के गांव से जलपान के लिए दही-चूड़ा-चीनी ले आया है.
‘उठिए, नींद तोड़िए! दो मुट्ठी जलपान कर लीजिए!’
हीराबाई आंख खोल कर अचरज में पड़ गई. एक हाथ में मिट्टी के नए बरतन में दही, केले के पत्ते. दूसरे हाथ में बालटी-भर पानी. आंखों में आत्मीयतापूर्ण अनुरोध!
‘इतनी चीज़ें कहां से ले आए!’
‘इस गांव का दही नामी है. ...चाह तो फारबिसगंज जा कर ही पाइएगा.’
हिरामन की देह की गुदगुदी मिट गई. हीराबाई ने कहा,‘तुम भी पत्तल बिछाओ. ...क्यों? तुम नहीं खाओगे तो समेट कर रख लो अपनी झोली में. मैं भी नहीं खाऊंगी.’
‘इस्स!’ हिरामन लजा कर बोला,‘अच्छी बात! आप खा लीजिए पहले!’
‘पहले-पीछे क्या? तुम भी बैठो.’
हिरामन का जी जुड़ा गया. हीराबाई ने अपने हाथ से उसका पत्तल बिछा दिया, पानी छींट दिया, चूड़ा निकाल कर दिया. इस्स! धन्न है, धन्न है! हिरामन ने देखा, भगवती मैया भोग लगा रही है. लाल होंठों पर गोरस का परस! ...पहाड़ी तोते को दूध-भात खाते देखा है?
दिन ढल गया.
टप्पर में सोई हीराबाई और जमीन पर दरी बिछा कर सोए हिरामन की नींद एक ही साथ खुली. ...मेले की ओर जानेवाली गाड़ियां तेगछिया के पास रुकी हैं. बच्चे कचर-पचर कर रहे हैं.
हिरामन हड़बड़ा कर उठा. टप्पर के अंदर झांक कर इशारे से कहा दिन ढल गया! गाड़ी में बैलों को जोतते समय उसने गाड़ीवानों के सवालों का कोई जवाब नहीं दिया. गाड़ी हांकते हुए बोला,‘सिरपुर बाजार के इसपिताल की डागडरनी हैं. रोगी देखने जा रही हैं. पास ही कुड़मागाम.’
हीराबाई छत्तापुर-पचीरा का नाम भूल गई. गाड़ी जब कुछ दूर आगे बढ़ आई तो उसने हंस कर पूछा,‘पत्तापुर-छपीरा?’
हंसते-हंसते पेट में बल पड़ जाए हिरामन के ‘पत्तापुर-छपीरा! हा-हा. वे लोग छत्तापुर-पचीरा के ही गाड़ीवान थे, उनसे कैसे कहता! ही-ही-ही!’
हीराबाई मुस्कराती हुई गांव की ओर देखने लगी.
सड़क तेगछिया गांव के बीच से निकलती है. गांव के बच्चों ने परदेवाली गाड़ी देखी और तालियां बजा-बजा कर रटी हुई पंक्तियां दुहराने लगे-
‘लाली-लाली डोलिया में
लाली रे दुलहिनिया
पान खाए...!’
हिरामन हंसा. ‘...दुलहिनिया ...लाली-लाली डोलिया! दुलहिनिया पान खाती है, दुलहा की पगड़ी में मुंह पोंछती है. ओ दुलहिनिया, तेगछिया गांव के बच्चों को याद रखना. लौटती बेर गुड़ का लड्डू लेती आइयो. लाख बरिस तेरा हुलहा जीए!’ ...कितने दिनों का हौसला पूरा हुआ है हिरामन का! ऐसे कितने सपने देखे हैं उसने! वह अपनी दुलहिन को ले कर लौट रहा है. हर गांव के बच्चे तालियां बजा कर गा रहे हैं. हर आंगन से झांक कर देख रही हैं औरतें. मर्द लोग पूछते हैं, कहां की गाड़ी है, कहां जाएगी? उसकी दुलहिन डोली का परदा थोड़ा सरका कर देखती है. और भी कितने सपने...
गांव से बाहर निकल कर उसने कनखियों से टप्पर के अंदर देखा, हीराबाई कुछ सोच रही है. हिरामन भी किसी सोच में पड़ गया. थोड़ी देर के बाद वह गुनगुनाने लगा-
‘सजन रे झूठ मति बोलो, खुदा के पास जाना है.
नहीं हाथी, नहीं घोड़ा, नहीं गाड़ी...
वहां पैदल ही जाना है. सजन रे...’
हीराबाई ने पूछा,‘क्यों मीता? तुम्हारी अपनी बोली में कोई गीत नहीं क्या?’
हिरामन अब बेखटक हीराबाई की आंखों में आंखें डाल कर बात करता है. कंपनी की औरत भी ऐसी होती है? सरकस कंपनी की मालकिन मेम थी. लेकिन हीराबाई! गांव की बोली में गीत सुनना चाहती है. वह खुल कर मुस्कराया,‘गांव की बोली आप समझिएगा?’
‘हूं-ऊं-ऊं !’ हीराबाई ने गर्दन हिलाई. कान के झुमके हिल गए.
हिरामन कुछ देर तक बैलों को हांकता रहा चुपचाप. फिर बोला,‘गीत ज़रूर ही सुनिएगा? नहीं मानिएगा? इस्स! इतना सौक गांव का गीत सुनने का है आपको! तब लीक छोड़ानी होगी. चालू रास्ते में कैसे गीत गा सकता है कोई!’
हिरामन ने बाएं बैल की रस्सी खींच कर दाहिने को लीक से बाहर किया और बोला,‘हरिपुर हो कर नहीं जाएंगे तब.’
चालू लीक को काटते देख कर हिरामन की गाड़ी के पीछेवाले गाड़ीवान ने चिल्ला कर पूछा,‘काहे हो गाड़ीवान, लीक छोड़ कर बेलीक कहां उधर?’
हिरामन ने हवा में दुआली घुमाते हुए जवाब दिया,‘कहां है बेलीकी? वह सड़क नननपुर तो नहीं जाएगी.’ फिर अपने-आप बड़बड़ाया,‘इस मुलुक के लोगों की यही आदत बुरी है. राह चलते एक सौ जिरह करेंगे. अरे भाई, तुमको जाना है, जाओ. ...देहाती भुच्च सब!’


नननपुर की सड़क पर गाड़ी ला कर हिरामन ने बैलों की रस्सी ढीली कर दी. बैलों ने दुलकी चाल छोड़ कर कदमचाल पकड़ी.
हीराबाई ने देखा, सचमुच नननपुर की सड़क बड़ी सूनी है. हिरामन उसकी आंखों की बोली समझता है,‘घबराने की बात नहीं. यह सड़क भी फारबिसगंज जाएगी, राह-घाट के लोग बहुत अच्छे हैं. ...एक घड़ी रात तक हम लोग पहुंच जाएंगे.’
हीराबाई को फारबिसगंज पहुंचने की जल्दी नहीं. हिरामन पर उसको इतना भरोसा हो गया कि डर-भय की कोई बात नहीं उठती है मन में. हिरामन ने पहले जी-भर मुस्करा लिया. कौन गीत गाए वह! हीराबाई को गीत और कथा दोनों का शौक है ...इस्स! महुआ घटवारिन? वह बोला,‘अच्छा, जब आपको इतना सौक है तो सुनिए महुआ घटवारिन का गीत. इसमें गीत भी है, कथा भी है.’
...कितने दिनों के बाद भगवती ने यह हौसला भी पूरा कर दिया. जै भगवती! आज हिरामन अपने मन को खलास कर लेगा. वह हीराबाई की थमी हुई मुस्कुराहट को देखता रहा.
‘सुनिए! आज भी परमार नदी में महुआ घटवारिन के कई पुराने घाट हैं. इसी मुलुक की थी महुआ! थी तो घटवारिन, लेकिन सौ सतवंती में एक थी. उसका बाप दारू-ताड़ी पी कर दिन-रात बेहोश पड़ा रहता. उसकी सौतेली मां साच्छात राकसनी! बहुत बड़ी नजर-चालक. रात में गांजा-दारू-अफीम चुरा कर बेचनेवाले से ले कर तरह-तरह के लोगों से उसकी जान-पहचान थी. सबसे घुट्टा-भर हेल-मेल. महुआ कुमारी थी. लेकिन काम कराते-कराते उसकी हड्डी निकाल दी थी राकसनी ने. जवान हो गई, कहीं शादी-ब्याह की बात भी नहीं चलाई. एक रात की बात सुनिए!’
हिरामन ने धीरे-धीरे गुनगुना कर गला साफ़ किया
‘हे अ-अ-अ- सावना-भादवा के - र- उमड़ल नदिया -गे-में-मैं-यो-ओ-ओ,
मैयो गे रैनि भयावनि-हे-ए-ए-ए;
तड़का-तड़के-धड़के करेज-आ-आ मोरा
कि हमहूं जे बार-नान्ही रे-ए-ए ...’


ओ मां! सावन-भादों की उमड़ी हुई नदी, भयावनी रात, बिजली कड़कती है, मैं बारी-क्वारी नन्ही बच्ची, मेरा कलेजा धड़कता है. अकेली कैसे जाऊं घाट पर? सो भी परदेसी राही-बटोही के पैर में तेल लगाने के लिए! सत-मां ने अपनी बज्जर-किवाड़ी बंद कर ली. आसमान में मेघ हड़बड़ा उठे और हरहरा कर बरसा होने लगी. महुआ रोने लगी, अपनी मां को याद करके. आज उसकी मां रहती तो ऐसे दुरदिन में कलेजे से सटा कर रखती अपनी महुआ बेटी को. गे मइया, इसी दिन के लिए, यही दिखाने के लिए तुमने कोख में रखा था? महुआ अपनी मां पर गुस्साई -क्यों वह अकेली मर गई, जी-भर कर कोसती हुई बोली.
हिरामन ने लक्ष्य किया, हीराबाई तकिए पर केहुनी गड़ा कर, गीत में मगन एकटक उसकी ओर देख रही है. ...खोई हुई सूरत कैसी भोली लगती है!
हिरामन ने गले में कंपकंपी पैदा की
‘हूं-ऊं-ऊं-रे डाइनियां मैयो मोरी-ई-ई,
नोनवा चटाई काहे नाहिं मारलि सौरी-घर-अ-अ.
एहि दिनवां खातिर छिनरो धिया
तेंहु पोसलि कि नेनू-दूध उगटन ...
हिरामन ने दम लेते हुए पूछा,‘भाखा भी समझती हैं कुछ या खाली गीत ही सुनती हैं?’
हीरा बोली,‘समझती हूं. उगटन माने उबटन -जो देह में लगाते हैं.’
हिरामन ने विस्मित हो कर कहा,‘इस्स!’
...सो रोने-धोने से क्या होए! सौदागर ने पूरा दाम चुका दिया था महुआ का. बाल पकड़ कर घसीटता हुआ नाव पर चढ़ा और मांझी को हुकुम दिया, नाव खोलो, पाल बांधो! पालवाली नाव परवाली चिड़िया की तरह उड़ चली. रात-भर महुआ रोती-छटपटाती रही. सौदागर के नौकरों ने बहुत डराया-धमकाया -चुप रहो, नहीं तो उठा कर पानी में फेंक देंगे. बस, महुआ को बात सूझ गई. भोर का तारा मेघ की आड़ से जरा बाहर आया, फिर छिप गया. इधर महुआ भी छपाक से कूद पड़ी पानी में. ...सौदागर का एक नौकर महुआ को देखते ही मोहित हो गया था. महुआ की पीठ पर वह भी कूदा. उलटी धारा में तैरना खेल नहीं, सो भी भरी भादों की नदी में. महुआ असल घटवारिन की बेटी थी. मछली भी भला थकती है पानी में! सफरी मछली-जैसी फरफराती, पानी चीरती भागी चली जा रही है. और उसके पीछे सौदागर का नौकर पुकार-पुकार कर कहता है,‘महुआ जरा थमो, तुमको पकड़ने नहीं आ रहा, तुम्हारा साथी हूं. जिंदगी-भर साथ रहेंगे हम लोग. लेकिन...’
हिरामन का बहुत प्रिय गीत है यह. महुआ घटवारिन गाते समय उसके सामने सावन-भादों की नदी उमड़ने लगती है, अमावस्या की रात और घने बादलों में रह-रह कर बिजली चमक उठती है. उसी चमक में लहरों से लड़ती हुई बारी-कुमारी महुआ की झलक उसे मिल जाती है. सफरी मछली की चाल और तेज हो जाती है. उसको लगता है, वह खुद सौदागर का नौकर है. महुआ कोई बात नहीं सुनती. परतीत करती नहीं. उलट कर देखती भी नहीं. और वह थक गया है, तैरते-तैरते.
इस बार लगता है महुआ ने अपने को पकड़ा दिया. खुद ही पकड़ में आ गई है. उसने महुआ को छू लिया है, पा लिया है, उसकी थकन दूर हो गई है. पंद्रह-बीस साल तक उमड़ी हुई नदी की उलटी धारा में तैरते हुए उसके मन को किनारा मिल गया है. आनंद के आंसू कोई भी रोक नहीं मानते.
उसने हीराबाई से अपनी गीली आंखें चुराने की कोशिश की. किंतु हीरा तो उसके मन में बैठी न जाने कब से सब कुछ देख रही थी. हिरामन ने अपनी कांपती हुई बोली को क़ाबू में ला कर बैलों को झिड़की दी,‘इस गीत में न जाने क्या है कि सुनते ही दोनों थसथसा जाते हैं. लगता है, सौ मन बोझ लाद दिया किसी ने.’
हीराबाई लंबी सांस लेती है. हिरामन के अंग-अंग में उमंग समा जाती है.
‘तुम तो उस्ताद हो मीता!’
‘इस्स!’
आसिन-कातिक का सूरज दो बांस दिन रहते ही कुम्हला जाता है. सूरज डूबने से पहले ही नननपुर पहुंचना है, हिरामन अपने बैलों को समझा रहा है,‘कदम खोल कर और कलेजा बांध कर चलो ...ए ...छि ...छि! बढ़के भैयन! ले-ले-ले-ए हे -य!’
नननपुर तक वह अपने बैलों को ललकारता रहा. हर ललकार के पहले वह अपने बैलों को बीती हुई बातों की याद दिलाता-‘याद नहीं, चौधरी की बेटी की बरात में कितनी गाड़ियां थीं, सबको कैसे मात किया था! हां, वह कदम निकालो. ले-ले-ले! नननपुर से फारबिसगंज तीन कोस! दो घंटे और!’
नननपुर के हाट पर आजकल चाय भी बिकने लगी है. हिरामन अपने लोटे में चाय भर कर ले आया. ...कंपनी की औरत जानता है वह, सारा दिन, घड़ी-घड़ी भर में चाय पीती रहती है. चाय है या जान!
हीरा हंसते-हंसते लोट-पोट हो रही है,‘अरे, तुमसे किसने कह दिया कि क्वारे आदमी को चाय नहीं पीनी चाहिए?’
हिरामन लजा गया. क्या बोले वह? ...लाज की बात. लेकिन वह भोग चुका है एक बार. सरकस कंपनी की मेम के हाथ की चाय पी कर उसने देख लिया है. बड़ी गर्म तासीर!
‘पीजिए गुरु जी!’ हीरा हंसी!
‘इस्स!’
नननपुर हाट पर ही दीया-बाती जल चुकी थी. हिरामन ने अपना सफरी लालटेन जला कर पिछवा में लटका दिया. आजकल शहर से पांच कोस दूर के गांववाले भी अपने को शहरू समझने लगे हैं. बिना रौशनी की गाड़ी को पकड़ कर चालान कर देते हैं. बारह बखेड़ा!
‘आप मुझे गुरु जी मत कहिए.’
‘तुम मेरे उस्ताद हो. हमारे शास्तर में लिखा हुआ है, एक अच्छर सिखानेवाला भी गुरु और एक राग सिखानेवाला भी उस्ताद!’
‘इस्स! सास्तर-पुरान भी जानती हैं! ...मैंने क्या सिखाया? मैं क्या ...?’
हीरा हंस कर गुनगुनाने लगी,‘हे-अ-अ-अ- सावना-भादवा के-र ...!’
हिरामन अचरज के मारे गूंगा हो गया. ...इस्स! इतना तेज़ जेहन! हू-ब-हू महुआ घटवारिन!
गाड़ी सीताधार की एक सूखी धारा की उतराई पर गड़गड़ा कर नीचे की ओर उतरी. हीराबाई ने हिरामन का कंधा धर लिया एक हाथ से. बहुत देर तक हिरामन के कंधे पर उसकी उंगलियां पड़ी रहीं. हिरामन ने नज़र फिरा कर कंधे पर केंद्रित करने की कोशिश की, कई बार. गाड़ी चढ़ाई पर पहुंची तो हीरा की ढीली उंगलियां फिर तन गईं.

सामने फारबिसगंज शहर की रोशनी झिलमिला रही है. शहर से कुछ दूर हट कर मेले की रौशनी ...टप्पर में लटके लालटेन की रौशनी में छाया नाचती है आसपास.... डबडबाई आंखों से, हर रौशनी सूरजमुखी फूल की तरह दिखाई पड़ती है.
फारबिसगंज तो हिरामन का घर-दुआर है!
न जाने कितनी बार वह फारबिसगंज आया है. मेले की लदनी लादी है. किसी औरत के साथ? हां, एक बार. उसकी भाभी जिस साल आई थी गौने में. इसी तरह तिरपाल से गाड़ी को चारों ओर से घेर कर बासा बनाया गया था.
हिरामन अपनी गाड़ी को तिरपाल से घेर रहा है, गाड़ीवान-पट्टी में. सुबह होते ही रौता नौटंकी कंपनी के मैनेजर से बात करके भरती हो जाएगी हीराबाई. परसों मेला खुल रहा है. इस बार मेले में पालचट्टी ख़ूब जमी है. ...बस, एक रात. आज रात-भर हिरामन की गाड़ी में रहेगी वह. ...हिरामन की गाड़ी में नहीं, घर में!
‘कहां की गाड़ी है? ...कौन, हिरामन! किस मेले से? किस चीज की लदनी है?’
गांव-समाज के गाड़ीवान, एक-दूसरे को खोज कर, आसपास गाड़ी लगा कर बासा डालते हैं. अपने गांव के लालमोहर, धुन्नीराम और पलटदास वगैरह गाड़ीवानों के दल को देख कर हिरामन अचकचा गया. उधर पलटदास टप्पर में झांक कर भड़का. मानो बाघ पर नज़र पड़ गई. हिरामन ने इशारे से सभी को चुप किया. फिर गाड़ी की ओर कनखी मार कर फुसफुसाया ‘चुप! कंपनी की औरत है, नौटंकी कंपनी की.’
‘कंपनी की ई-ई-ई!’
‘? ? ...? ? ...!’
एक नहीं, अब चार हिरामन! चारों ने अचरज से एक-दूसरे को देखा. कंपनी नाम में कितना असर है! हिरामन ने लक्ष्य किया, तीनों एक साथ सटक-दम हो गए. लालमोहर ने ज़रा दूर हट कर बतियाने की इच्छा प्रकट की, इशारे से ही. हिरामन ने टप्पर की ओर मुंह करके कहा,‘होटिल तो नहीं खुला होगा कोई, हलवाई के यहां से पक्की ले आवें!’
‘हिरामन, जरा इधर सुनो. ...मैं कुछ नहीं खाऊंगी अभी. लो, तुम खा आओ.’
‘क्या है, पैसा? इस्स!’ ...पैसा दे कर हिरामन ने कभी फारबिसगंज में कच्ची-पक्की नहीं खाई. उसके गांव के इतने गाड़ीवान हैं, किस दिन के लिए? वह छू नहीं सकता पैसा. उसने हीराबाई से कहा,‘बेकार, मेला-बाजार में हुज्जत मत कीजिए. पैसा रखिए.’ मौका पा कर लालमोहर भी टप्पर के क़रीब आ गया. उसने सलाम करते हुए कहा,‘चार आदमी के भात में दो आदमी खुसी से खा सकते हैं. बासा पर भात चढ़ा हुआ है. हें-हें-हें! हम लोग एकहि गांव के हैं. गौंवां-गिरामिन के रहते होटिल और हलवाई के यहां खाएगा हिरामन?’
हिरामन ने लालमोहर का हाथ टीप दिया ‘बेसी भचर-भचर मत बको.’
गाड़ी से चार रस्सी दूर जाते-जाते धुन्नीराम ने अपने कुलबुलाते हुए दिल की बात खोल दी,‘इस्स! तुम भी खूब हो हिरामन! उस साल कंपनी का बाघ, इस बार कंपनी की जनानी!’
हिरामन ने दबी आवाज में कहा,‘भाई रे, यह हम लोगों के मुलुक की जनाना नहीं कि लटपट बोली सुन कर भी चुप रह जाए. एक तो पच्छिम की औरत, तिस पर कंपनी की!’
धुन्नीराम ने अपनी शंका प्रकट की,‘लेकिन कंपनी में तो सुनते हैं पतुरिया रहती है.’
‘धत्!’ सभी ने एक साथ उसको दुरदुरा दिया,‘कैसा आदमी है! पतुरिया रहेगी कंपनी में भला! देखो इसकी बुद्धि. सुना है, देखा तो नहीं है कभी!’
धुन्नीराम ने अपनी ग़लती मान ली. पलटदास को बात सूझी,‘हिरामन भाई, जनाना जात अकेली रहेगी गाड़ी पर? कुछ भी हो, जनाना आखिर जनाना ही है. कोई जरूरत ही पड़ जाए!’
यह बात सभी को अच्छी लगी. हिरामन ने कहा,‘बात ठीक है. पलट, तुम लौट जाओ, गाड़ी के पास ही रहना. और देखो, गपशप जरा होशियारी से करना. हां!’
हिरामन की देह से अतर-गुलाब की ख़ुशबू निकलती है. हिरामन करमसांड़ है. उस बार महीनों तक उसकी देह से बघाइन गंध नहीं गई. लालमोहर ने हिरामन की गमछी सूंघ ली ‘ए-ह!’
हिरामन चलते-चलते रुक गया,‘क्या करें लालमोहर भाई, जरा कहो तो! बड़ी जिद्द करती है, कहती है, नौटंकी देखना ही होगा.’
‘फोकट में ही?’
‘और गांव नहीं पहुंचेगी यह बात?’
हिरामन बोला,‘नहीं जी! एक रात नौटंकी देख कर जिंदगी-भर बोली-ठोली कौन सुने? ...देसी मुर्गी विलायती चाल!’
धुन्नीराम ने पूछा,‘फोकट में देखने पर भी तुम्हारी भौजाई बात सुनाएगी?’
लालमोहर के बासा के बगल में, एक लकड़ी की दुकान लाद कर आए हुए गाड़ीवानों का बासा है. बासा के मीर-गाड़ीवान मियांजान बूढ़े ने सफरी गुड़गुड़ी पीते हुए पूछा,‘क्यों भाई, मीनाबाजार की लदनी लाद कर कौन आया है?’
मीनाबाज़ार! मीनाबाज़ार तो पतुरिया-पट्टी को कहते हैं. ...क्या बोलता है यह बूढ़ा मियां? लालमोहर ने हिरामन के कान में फुसफुसा कर कहा,‘तुम्हारी देह मह-मह-महकती है. सच!’
लहसनवां लालमोहर का नौकर-गाड़ीवान है. उम्र में सबसे छोटा है. पहली बार आया है तो क्या? बाबू-बबुआइनों के यहां बचपन से नौकरी कर चुका है. वह रह-रह कर वातावरण में कुछ सूंघता है, नाक सिकोड़ कर. हिरामन ने देखा, लहसनवां का चेहरा तमतम गया है. कौन आ रहा है धड़धड़ाता हुआ? ‘कौन, पलटदास? क्या है?’
पलटदास आ कर खड़ा हो गया चुपचाप. उसका मुंह भी तमतमाया हुआ था. हिरामन ने पूछा,‘क्या हुआ? बोलते क्यों नहीं?’
क्या जवाब दे पलटदास! हिरामन ने उसको चेतावनी दे दी थी, गपशप होशियारी से करना. वह चुपचाप गाड़ी की आसनी पर जा कर बैठ गया, हिरामन की जगह पर. हीराबाई ने पूछा,‘तुम भी हिरामन के साथ हो?’ पलटदास ने गरदन हिला कर हामी भरी. हीराबाई फिर लेट गई. ...चेहरा-मोहरा और बोली-बानी देख-सुन कर, पलटदास का कलेजा कांपने लगा, न जाने क्यों. हां! रामलीला में सिया सुकुमारी इसी तरह थकी लेटी हुई थी. जै! सियावर रामचंद्र की जै! ...पलटदास के मन में जै-जैकार होने लगा. वह दास-वैस्नव है, कीर्तनिया है. थकी हुई सीता महारानी के चरण टीपने की इच्छा प्रकट की उसने, हाथ की उंगलियों के इशारे से, मानो हारमोनियम की पटरियों पर नचा रहा हो. हीराबाई तमक कर बैठ गई,‘अरे, पागल है क्या? जाओ, भागो!...’
पलटदास को लगा, ग़ुस्साई हुई कंपनी की औरत की आंखों से चिनगारी निकल रही है ‘छटक्-छटक्!’ वह भागा.
पलटदास क्या जवाब दे! वह मेला से भी भागने का उपाय सोच रहा है. बोला,‘कुछ नहीं. हमको व्यापारी मिल गया. अभी ही टीसन जा कर माल लादना है. भात में तो अभी देर हैं. मैं लौट आता हूं तब तक.’


खाते समय धुन्नीराम और लहसनवां ने पलटदास की टोकरी-भर निंदा की. छोटा आदमी है. कमीना है. पैसे-पैसे का हिसाब जोड़ता है. खाने-पीने के बाद लालमोहर के दल ने अपना बासा तोड़ दिया. धुन्नी और लहसनवां गाड़ी जोत कर हिरामन के बासा पर चले, गाड़ी की लीक धर कर. हिरामन ने चलते-चलते रुक कर, लालमोहर से कहा,‘जरा मेरे इस कंधे को सूंघो तो. सूंघ कर देखो न?’
लालमोहर ने कंधा सूंघ कर आंखे मूंद लीं. मुंह से अस्फुट शब्द निकला ‘ए - ह!’
हिरामन ने कहा,‘ज़रा-सा हाथ रखने पर इतनी ख़ुशबू! ...समझे!’ लालमोहर ने हिरामन का हाथ पकड़ लिया,‘कंधे पर हाथ रखा था, सच? ...सुनो हिरामन, नौटंकी देखने का ऐसा मौक़ा फिर कभी हाथ नहीं लगेगा. हां!’
‘तुम भी देखोगे?’ लालमोहर की बत्तीसी चौराहे की रौशनी में झिलमिला उठी.
बासा पर पहुंच कर हिरामन ने देखा, टप्पर के पास खड़ा बतिया रहा है कोई, हीराबाई से. धुन्नी और लहसनवां ने एक ही साथ कहा,‘कहां रह गए पीछे? बहुत देर से खोज रही है कंपनी...!’
हिरामन ने टप्पर के पास जा कर देखा -अरे, यह तो वही बक्सा ढोनेवाला नौकर, जो चंपानगर मेले में हीराबाई को गाड़ी पर बिठा कर अंधेरे में ग़ायब हो गया था.
‘आ गए हिरामन! अच्छी बात, इधर आओ. ...यह लो अपना भाड़ा और यह लो अपनी दच्छिना! पच्चीस-पच्चीस, पचास.’
हिरामन को लगा, किसी ने आसमान से धकेल कर धरती पर गिरा दिया. किसी ने क्यों, इस बक्सा ढोनेवाले आदमी ने. कहां से आ गया? उसकी जीभ पर आई हुई बात जीभ पर ही रह गई ...इस्स! दच्छिना! वह चुपचाप खड़ा रहा.
हीराबाई बोली,‘लो पकड़ो! और सुनो, कल सुबह रौता कंपनी में आ कर मुझसे भेंट करना. पास बनवा दूंगी. ...बोलते क्यों नहीं?’
लालमोहर ने कहा,‘इलाम-बकसीस दे रही है मालकिन, ले लो हिरामन!’ हिरामन ने कट कर लालमोहर की ओर देखा. ...बोलने का ज़रा भी ढंग नहीं इस लालमोहरा को.
धुन्नीराम की स्वगतोक्ति सभी ने सुनी, हीराबाई ने भी -गाड़ी-बैल छोड़ कर नौटंकी कैसे देख सकता है कोई गाड़ीवान, मेले में?
हिरामन ने रुपया लेते हुए कहा,‘क्या बोलेंगे!’ उसने हंसने की चेष्टा की.
कंपनी की औरत कंपनी में जा रही है. हिरामन का क्या! बक्सा ढोनेवाला रास्ता दिखाता हुआ आगे बढ़ा,‘इधर से.’ हीराबाई जाते-जाते रुक गई. हिरामन के बैलों को संबोधित करके बोली,‘अच्छा, मैं चली भैयन.’
बैलों ने, भैयन शब्द पर कान हिलाए.
‘? ? ..!’

‘भा-इ-यो, आज रात! दि रौता संगीत कंपनी के स्टेज पर! गुलबदन देखिए, गुलबदन! आपको यह जान कर खुशी होगी कि मथुरामोहन कंपनी की मशहूर एक्ट्रेस मिस हीरादेवी, जिसकी एक-एक अदा पर हजार जान फिदा हैं, इस बार हमारी कंपनी में आ गई हैं. याद रखिए. आज की रात. मिस हीरादेवी गुलबदन...!’
नौटंकीवालों के इस एलान से मेले की हर पट्टी में सरगर्मी फैल रही है. ...हीराबाई? मिस हीरादेवी? लैला, गुलबदन...? फिलिम एक्ट्रेस को मात करती है.
तेरी बांकी अदा पर मैं खुद हूं फिदा,
तेरी चाहत को दिलबर बयां क्या करूं!
यही ख्वाहिश है कि इ-इ-इ तू मुझको देखा करे
और दिलोजान मैं तुमको देखा करूं.
...किर्र-र्र-र्र-र्र ...कडड़ड़ड़डड़ड़र्र-ई-घन-घन-धड़ाम.
हर आदमी का दिल नगाड़ा हो गया है.
लालमोहर दौड़ता-हांफता बासा पर आया,‘ऐ, ऐ हिरामन, यहां क्या बैठे हो, चल कर देखो जै-जैकार हो रहा है! मय बाजा-गाजा, छापी-फाहरम के साथ हीराबाई की जै-जै कर रहा हूं.’
हिरामन हड़बड़ा कर उठा. लहसनवां ने कहा,‘धुन्नी काका, तुम बासा पर रहो, मैं भी देख आऊं.’
धुन्नी की बात कौन सुनता है. तीनों जन नौटंकी कंपनी की एलानिया पार्टी के पीछे-पीछे चलने लगे. हर नुक्कड़ पर रुक कर, बाजा बंद कर के एलान किया जाना है. एलान के हर शब्द पर हिरामन पुलक उठता है. हीराबाई का नाम, नाम के साथ अदा-फिदा वगैरह सुन कर उसने लालमोहर की पीठ थपथपा दी,‘धन्न है, धन्न है! है या नहीं?’
लालमोहर ने कहा,‘अब बोलो! अब भी नौटंकी नहीं देखोगे?’ सुबह से ही धुन्नीराम और लालमोहर समझा रहे थे, समझा कर हार चुके थे,‘कंपनी में जा कर भेंट कर आओ. जाते-जाते पुरसिस कर गई है.’ लेकिन हिरामन की बस एक बात,‘धत्त, कौन भेंट करने जाए! कंपनी की औरत, कंपनी में गई. अब उससे क्या लेना-देना! चीन्हेगी भी नहीं!’
वह मन-ही-मन रूठा हुआ था. एलान सुनने के बाद उसने लालमोहर से कहा,‘जरूर देखना चाहिए, क्यों लालमोहर?’
दोनों आपस में सलाह करके रौता कंपनी की ओर चले. खेमे के पास पहुंच कर हिरामन ने लालमोहर को इशारा किया, पूछताछ करने का भार लालमोहर के सिर. लालमोहर कचराही बोलना जानता है. लालमोहर ने एक काले कोटवाले से कहा,‘बाबू साहेब, जरा सुनिए तो!’
काले कोटवाले ने नाक-भौं चढ़ा कर कहा,‘क्या है? इधर क्यों?’
लालमोहर की कचराही बोली गड़बड़ा गई, तेवर देख कर बोला,‘गुलगुल ..नहीं-नहीं ...बुल-बुल ...नहीं ...’
हिरामन ने झट-से सम्हाल दिया,‘हीरादेवी किधर रहती है, बता सकते हैं?’ उस आदमी की आंखें हठात लाल हो गईं. सामने खड़े नेपाली सिपाही को पुकार कर कहा,‘इन लोगों को क्यों आने दिया इधर?’
‘हिरामन!’ ...वही फेनूगिलासी आवाज़ किधर से आई? खेमे के परदे को हटा कर हीराबाई ने बुलाया,‘यहां आ जाओ, अंदर! ...देखो, बहादुर! इसको पहचान लो. यह मेरा हिरामन है. समझे?’
नेपाली दरबान हिरामन की ओर देख कर ज़रा मुस्कराया और चला गया. काले कोटवाले से जा कर कहा, ‘हीराबाई का आदमी है. नहीं रोकने बोला!’
लालमोहर पान ले आया नेपाली दरबान के लिए,‘खाया जाए!’
‘इस्स! एक नहीं, पांच पास. चारों अठनिया! बोली कि जब तक मेले में हो, रोज रात में आ कर देखना. सबका खयाल रखती है. बोली कि तुम्हारे और साथी है, सभी के लिए पास ले जाओ. कंपनी की औरतों की बात निराली होती है! है या नहीं?’
लालमोहर ने लाल कागज के टुकड़ों को छू कर देखा,‘पा-स! वाह रे हिरामन भाई! ...लेकिन पांच पास ले कर क्या होगा? पलटदास तो फिर पलट कर आया ही नहीं है अभी तक.’
हिरामन ने कहा,‘जाने दो अभागे को. तकदीर में लिखा नहीं. ...हां, पहले गुरु कसम खानी होगी सभी को, कि गांव-घर में यह बात एक पंछी भी न जान पाए.’
लालमोहर ने उत्तेजित हो कर कहा, 'कौन साला बोलेगा, गांव में जा कर? पलटा ने अगर बदनामी की तो दूसरी बार से फिर साथ नहीं लाऊंगा.’
हिरामन ने अपनी थैली आज हीराबाई के जिम्मे रख दी है. मेले का क्या ठिकाना! किस्म-किस्म के पाकिटकाट लोग हर साल आते हैं. अपने साथी-संगियों का भी क्या भरोसा! हीराबाई मान गई. हिरामन के कपड़े की काली थैली को उसने अपने चमड़े के बक्स में बंद कर दिया. बक्से के ऊपर भी कपड़े का खोल और अंदर भी झलमल रेशमी अस्तर! मन का मान-अभिमान दूर हो गया.
लालमोहर और धुन्नीराम ने मिल कर हिरामन की बुद्धि की तारीफ़ की, उसके भाग्य को सराहा बार-बार. उसके भाई और भाभी की निंदा की, दबी जबान से. हिरामन के जैसा हीरा भाई मिला है, इसीलिए! कोई दूसरा भाई होता तो...
लहसनवां का मुंह लटका हुआ है. एलान सुनते-सुनते न जाने कहां चला गया कि घड़ी-भर सांझ होने के बाद लौटा है. लालमोहर ने एक मालिकाना झिड़की दी है, गाली के साथ,‘सोहदा कहीं का!’
धुन्नीराम ने चूल्हे पर खिचड़ी चढ़ाते हुए कहा,‘पहले यह फैसला कर लो कि गाड़ी के पास कौन रहेगा!’
‘रहेगा कौन, यह लहसनवां कहां जाएगा?’
लहसनवां रो पड़ा,‘ऐ-ए-ए मालिक, हाथ जोड़ते हैं. एक्को झलक! बस, एक झलक!’
हिरामन ने उदारतापूर्वक कहा,‘अच्छा-अच्छा, एक झलक क्यों, एक घंटा देखना. मैं आ जाऊंगा.’

नौटंकी शुरू होने के दो घंटे पहले ही नगाड़ा बजना शुरू हो जाता है. और नगाड़ा शुरू होते ही लोग पतिंगों की तरह टूटने लगते हैं. टिकटघर के पास भीड़ देख कर हिरामन को बड़ी हंसी आई,‘लालमोहर, उधर देख, कैसी धक्कमधुक्की कर रहे हैं लोग!’
‘हिरामन भाय!’


‘कौन, पलटदास! कहां की लदनी लाद आए?’ लालमोहर ने पराए गांव के आदमी की तरह पूछा.
पलटदास ने हाथ मलते हुए माफ़ी मांगी,‘कसूरबार हैं, जो सजा दो तुम लोग, सब मंजूर है. लेकिन सच्ची बात कहें कि सिया सुकुमारी...’
हिरामन के मन का पुरइन नगाड़े के ताल पर विकसित हो चुका है. बोला,‘देखो पलटा, यह मत समझना कि गांव-घर की जनाना है. देखो, तुम्हारे लिए भी पास दिया है, पास ले लो अपना, तमासा देखो.’
लालमोहर ने कहा,‘लेकिन एक सर्त पर पास मिलेगा. बीच-बीच में लहसनवां को भी...’
पलटदास को कुछ बताने की ज़रूरत नहीं. वह लहसनवां से बातचीत कर आया है अभी.
लालमोहर ने दूसरी शर्त सामने रखी,‘गांव में अगर यह बात मालूम हुई किसी तरह...!’
‘राम-राम!’ दांत से जीभ को काटते हुए कहा पलटदास ने.
पलटदास ने बताया,‘अठनिया फाटक इधर है!’ फाटक पर खड़े दरबान ने हाथ से पास ले कर उनके चेहरे को बारी-बारी से देखा, बोला,‘यह तो पास है. कहां से मिला?’
अब लालमोहर की कचराही बोली सुने कोई! उसके तेवर देख कर दरबान घबरा गया,‘मिलेगा कहां से? अपनी कंपनी से पूछ लीजिए जा कर. चार ही नहीं, देखिए एक और है.’ जेब से पांचवा पास निकाल कर दिखाया लालमोहर ने.
एक रुपया वाले फाटक पर नेपाली दरबान खड़ा था. हिरामन ने पुकार कर कहा,‘ए सिपाही दाजू, सुबह को ही पहचनवा दिया और अभी भूल गए?’
नेपाली दरबान बोला,‘हीराबाई का आदमी है सब. जाने दो. पास हैं तो फिर काहे को रोकता है?’
अठनिया दर्जा!
तीनों ने ‘कपड़घर’ को अंदर से पहली बार देखा. सामने कुरसी-बेंचवाले दर्जे हैं. परदे पर राम-बन-गमन की तसवीर है. पलटदास पहचान गया. उसने हाथ जोड़ कर नमस्कार किया, परदे पर अंकित रामसिया सुकुमारी और लखनलला को. ‘जै हो, जै हो!’ पलटदास की आंखें भर आईं.
हिरामन ने कहा,‘लालमोहर, छापी सभी खड़े हैं या चल रहे हैं?’
लालमोहर अपने बगल में बैठे दर्शकों से जान-पहचान कर चुका है. उसने कहा,‘खेला अभी परदा के भीतर है. अभी जमिनका दे रहा है, लोग जमाने के लिए.’
पलटदास ढोलक बजाना जानता है, इसलिए नगाड़े के ताल पर गरदन हिलाता है और दियासलाई पर ताल काटता है. बीड़ी आदान-प्रदान करके हिरामन ने भी एकाध जान-पहचान कर ली. लालमोहर के परिचित आदमी ने चादर से देह ढकते हुए कहा,‘नाच शुरू होने में अभी देर है, तब तक एक नींद ले लें. ...सब दर्जा से अच्छा अठनिया दर्जा. सबसे पीछे सबसे ऊंची जगह पर है. जमीन पर गरम पुआल! हे-हे! कुरसी-बेंच पर बैठ कर इस सरदी के मौसम में तमासा देखनेवाले अभी घुच-घुच कर उठेंगे चाह पीने.’
उस आदमी ने अपने संगी से कहा,‘खेला शुरू होने पर जगा देना. नहीं-नहीं, खेला शुरू होने पर नहीं, हिरिया जब स्टेज पर उतरे, हमको जगा देना.’
हिरामन के कलेजे में जरा आंच लगी. ...हिरिया! बड़ा लटपटिया आदमी मालूम पड़ता है. उसने लालमोहर को आंख के इशारे से कहा,‘इस आदमी से बतियाने की जरूरत नहीं.’
घन-घन-घन-धड़ाम! परदा उठ गया. हे-ए, हे-ए, हीराबाई शुरू में ही उतर गई स्टेज पर! कपड़घर खचमखच भर गया है. हिरामन का मुंह अचरज में खुल गया. लालमोहर को न जाने क्यों ऐसी हंसी आ रही है. हीराबाई के गीत के हर पद पर वह हंसता है, बेवजह.
गुलबदन दरबार लगा कर बैठी है. एलान कर रही है, जो आदमी तख्तहजारा बना कर ला देगा, मुंहमांगी चीज इनाम में दी जाएगी. ...अजी, है कोई ऐसा फनकार, तो हो जाए तैयार, बना कर लाए तख्तहजारा-आ! किड़किड़-किर्रि-! अलबत्त नाचती है! क्या गला है!
‘मालूम है, यह आदमी कहता है कि हीराबाई पान-बीड़ी, सिगरेट-जर्दा कुछ नहीं खाती!’
‘ठीक कहता है. बड़ी नेमवाली रंडी है.’
‘कौन कहता है कि रंडी है!’
‘दांत में मिस्सी कहां है.’
‘पौडर से दांत धो लेती होगी.’
‘हरगिज नहीं.’
‘कौन आदमी है, बात की बेबात करता है! कंपनी की औरत को पतुरिया कहता है!’
‘तुमको बात क्यों लगी? कौन है रंडी का भड़वा? मारो साले को! मारो! तेरी...’
हो-हल्ले के बीच, हिरामन की आवाज़ कपड़घर को फाड़ रही है,‘आओ, एक-एक की गरदन उतार लेंगे.’
लालमोहर दुलाली से पटापट पीटता जा रहा है सामने के लोगों को. पलटदास एक आदमी की छाती पर सवार है,‘साला, सिया सुकुमारी को गाली देता है, सो भी मुसलमान हो कर?’
धुन्नीराम शुरू से ही चुप था. मारपीट शुरू होते ही वह कपड़घर से निकल कर बाहर भागा.
काले कोटवाले नौटंकी के मैनेजर नेपाली सिपाही के साथ दौड़े आए. दारोगा साहब ने हंटर से पीट-पाट शुरू की. हंटर खा कर लालमोहर तिलमिला उठा, कचराही बोली में भाषण देने लगा,‘दारोगा साहब, मारते हैं, मारिए. कोई हर्ज नहीं. लेकिन यह पास देख लीजिए, एक पास पाकिट में भी हैं. देख सकते हैं हुजूर. टिकट नहीं, पास! ...तब हम लोगों के सामने कंपनी की औरत को कोई बुरी बात करे तो कैसे छोड़ देंगे?’
कंपनी के मैनेजर की समझ में आ गई सारी बात. उसने दारोगा को समझाया,‘हुजूर, मैं समझ गया. यह सारी बदमाशी मथुरामोहन कंपनीवालों की है. तमाशे में झगड़ा खड़ा करके कंपनी को बदनाम...’


‘नहीं हुजूर, इन लोगों को छोड़ दीजिए, हीराबाई के आदमी हैं. बेचारी की जान खतरे में हैं. हुजूर से कहा था न!’
हीराबाई का नाम सुनते ही दारोगा ने तीनों को छोड़ दिया. लेकिन तीनों की दुआली छीन ली गई. मैनेजर ने तीनों को एक रुपए वाले दरजे में कुरसी पर बिठाया,‘आप लोग यहीं बैठिए. पान भिजवा देता हूं.’ कपड़घर शांत हुआ और हीराबाई स्टेज पर लौट आई.
नगाड़ा फिर घनघना उठा.
थोड़ी देर बाद तीनों को एक ही साथ धुन्नीराम का खयाल हुआ,‘अरे, धुन्नीराम कहां गया?’
‘मालिक, ओ मालिक!’ लहसनवां कपड़घर से बाहर चिल्ला कर पुकार रहा है,‘ओ लालमोहर मा-लि-क...!’
लालमोहर ने तारस्वर में जवाब दिया,‘इधर से, उधर से! एकटकिया फाटक से.’ सभी दर्शकों ने लालमोहर की ओर मुड़ कर देखा. लहसनवां को नेपाली सिपाही लालमोहर के पास ले आया. लालमोहर ने जेब से पास निकाल कर दिखा दिया. लहसनवां ने आते ही पूछा,‘मालिक, कौन आदमी क्या बोल रहा था? बोलिए तो जरा. चेहरा दिखला दीजिए, उसकी एक झलक!’
लोगों ने लहसनवां की चौड़ी और सपाट छाती देखी. जाड़े के मौसम में भी खाली देह! ...चेले-चाटी के साथ हैं ये लोग!
लालमोहर ने लहसनवां को शांत किया.
तीनों-चारों से मत पूछे कोई, नौटंकी में क्या देखा. क़िस्सा कैसे याद रहे! हिरामन को लगता था, हीराबाई शुरू से ही उसी की ओर टकटकी लगा कर देख रही है, गा रही है, नाच रही है. लालमोहर को लगता था, हीराबाई उसी की ओर देखती है. वह समझ गई है, हिरामन से भी ज़्यादा पावरवाला आदमी है लालमोहर! पलटदास क़िस्सा समझता है. ...क़िस्सा और क्या होगा, रमैन की ही बात. वही राम, वही सीता, वही लखनलाल और वही रावन! सिया सुकुमारी को राम जी से छीनने के लिए रावन तरह-तरह का रूप धर कर आता है. राम और सीता भी रूप बदल लेते हैं. यहां भी तख्त-हजारा बनानेवाला माली का बेटा राम है. गुलबदन मिया सुकुमारी है. माली के लड़के का दोस्त लखनलला है और सुलतान है रावन. धुन्नीराम को बुखार है तेज! लहसनवां को सबसे अच्छा जोकर का पार्ट लगा है ...चिरैया तोंहके लेके ना जइवै नरहट के बजरिया! वह उस जोकर से दोस्ती लगाना चाहता है. नहीं लगावेगा दोस्ती, जोकर साहब?
हिरामन को एक गीत की आधी कड़ी हाथ लगी है,‘मारे गए गुलफाम!’ कौन था यह गुलफाम? हीराबाई रोती हुई गा रही थी,‘अजी हां, मारे गए गुलफाम!’ टिड़िड़िड़ि... बेचारा गुलफाम!
तीनों को दुआली वापस देते हुए पुलिस के सिपाही ने कहा,‘लाठी-दुआली ले कर नाच देखने आते हो?’
दूसरे दिन मेले-भर में यह बात फैल गई, मथुरामोहन कंपनी से भाग कर आई है हीराबाई, इसलिए इस बार मथुरामोहन कंपनी नहीं आई है. ...उसके गुंडे आए हैं. हीराबाई भी कम नहीं. बड़ी खेलाड़ औरत है. तेरह-तेरह देहाती लठैत पाल रही है. ...वाह मेरी जान भी कहे तो कोई! मजाल है!
दस दिन... दिन-रात...!
दिन-भर भाड़ा ढोता हिरामन. शाम होते ही नौटंकी का नगाड़ा बजने लगता. नगाड़े की आवाज़ सुनते ही हीराबाई की पुकार कानों के पास मंडराने लगती- भैया...मीता ...हिरामन ...उस्ताद गुरु जी! हमेशा कोई-न-कोई बाजा उसके मन के कोने में बजता रहता, दिन-भर. कभी हारमोनियम, कभी नगाड़ा, कभी ढोलक और कभी हीराबाई की पैजनी. उन्हीं साजों की गत पर हिरामन उठता-बैठता, चलता-फिरता. नौटंकी कंपनी के मैनेजर से ले कर परदा खींचनेवाले तक उसको पहचानते हैं. ...हीराबाई का आदमी है.
पलटदास हर रात नौटंकी शुरू होने के समय श्रद्धापूर्वक स्टेज को नमस्कार करता, हाथ जोड़ कर. लालमोहर, एक दिन अपनी कचराही बोली सुनाने गया था हीराबाई को. हीराबाई ने पहचाना ही नहीं. तब से उसका दिल छोटा हो गया है. उसका नौकर लहसनवां उसके हाथ से निकल गया है, नौटंकी कंपनी में भर्ती हो गया है. जोकर से उसकी दोस्ती हो गई है. दिन-भर पानी भरता है, कपड़े धोता है. कहता है, गांव में क्या है जो जाएंगे! लालमोहर उदास रहता है. धुन्नीराम घर चला गया है, बीमार हो कर.
हिरामन आज सुबह से तीन बार लदनी लाद कर स्टेशन आ चुका है. आज न जाने क्यों उसको अपनी भौजाई की याद आ रही है. ...धुन्नीराम ने कुछ कह तो नहीं दिया है, बुखार की झोंक में! यहीं कितना अटर-पटर बक रहा था -गुलबदन, तख्त-हजारा! लहसनवां मौज में है. दिन-भर हीराबाई को देखता होगा. कल कह रहा था, हिरामन मालिक, तुम्हारे अकबाल से खूब मौज में हूं. हीराबाई की साड़ी धोने के बाद कठौते का पानी अत्तरगुलाब हो जाता है. उसमें अपनी गमछी डुबा कर छोड़ देता हूं. लो, सूंघोगे? हर रात, किसी-न-किसी के मुंह से सुनता है वह-हीराबाई रंडी है. कितने लोगों से लड़े वह! बिना देखे ही लोग कैसे कोई बात बोलते हैं! राजा को भी लोग पीठ-पीछे गाली देते हैं! आज वह हीराबाई से मिल कर कहेगा, नौटंकी कंपनी में रहने से बहुत बदनाम करते हैं लोग. सरकस कंपनी में क्यों नहीं काम करती? सबके सामने नाचती है, हिरामन का कलेजा दप-दप जलता रहता है उस समय. सरकस कंपनी में बाघ को ...उसके पास जाने की हिम्मत कौन करेगा! सुरक्षित रहेगी हीराबाई! किधर की गाड़ी आ रही है?

‘हिरामन, ए हिरामन भाय!’ लालमोहर की बोली सुन कर हिरामन ने गरदन मोड़ कर देखा. ...क्या लाद कर लाया है लालमोहर?
‘तुमको ढूंढ़ रही है हीराबाई, इस्टिसन पर. जा रही है.’ एक ही सांस में सुना गया. लालमोहर की गाड़ी पर ही आई है मेले से.
‘जा रही है? कहां? हीराबाई रेलगाड़ी से जा रही है?’
हिरामन ने गाड़ी खोल दी. मालगुदाम के चौकीदार से कहा,‘भैया, जरा गाड़ी-बैल देखते रहिए. आ रहे हैं.’
‘उस्ताद!’ जनाना मुसाफ़िरखाने के फाटक के पास हीराबाई ओढ़नी से मुंह-हाथ ढंक कर खड़ी थी. थैली बढ़ाती हुई बोली,‘लो! हे भगवान! भेंट हो गई, चलो, मैं तो उम्मीद खो चुकी थी. तुमसे अब भेंट नहीं हो सकेगी. मैं जा रही हूं गुरु जी!’


बक्सा ढोनेवाला आदमी आज कोट-पतलून पहन कर बाबूसाहब बन गया है. मालिकों की तरह कुलियों को हुक़ुम दे रहा है,‘जनाना दर्जा में चढ़ाना. अच्छा?’
हिरामन हाथ में थैली ले कर चुपचाप खड़ा रहा. कुरते के अंदर से थैली निकाल कर दी है हीराबाई ने. चिड़िया की देह की तरह गर्म है थैली.
‘गाड़ी आ रही है.’ बक्सा ढोनेवाले ने मुंह बनाते हुए हीराबाई की ओर देखा. उसके चेहरे का भाव स्पष्ट है-इतना ज़्यादा क्या है?
हीराबाई चंचल हो गई. बोली,‘हिरामन, इधर आओ, अंदर. मैं फिर लौट कर जा रही हूं मथुरा मोहन कंपनी में. अपने देश की कंपनी है. ...वनैली मेला आओगे न?’
हीराबाई ने हिरामन के कंधे पर हाथ रखा, ...इस बार दाहिने कंधे पर. फिर अपनी थैली से रुपया निकालते हुए बोली,‘एक गरम चादर खरीद लेना...’
हिरामन की बोली फूटी, इतनी देर के बाद,‘इस्स! हरदम रुपैया-पैसा! रखिए रुपैया! क्या करेंगे चादर?’
हीराबाई का हाथ रुक गया. उसने हिरामन के चेहरे को ग़ौर से देखा. फिर बोली,‘तुम्हारा जी बहुत छोटा हो गया है. क्यों मीता? महुआ घटवारिन को सौदागर ने ख़रीद जो लिया है गुरु जी!’
गला भर आया हीराबाई का. बक्सा ढोनेवाले ने बाहर से आवाज़ दी,‘गाड़ी आ गई.’ हिरामन कमरे से बाहर निकल आया. बक्सा ढोनेवाले ने नौटंकी के जोकर जैसा मुंह बना कर कहा,‘लाटफारम से बाहर भागो. बिना टिकट के पकड़ेगा तो तीन महीने की हवा...’
हिरामन चुपचाप फाटक से बाहर जा कर खड़ा हो गया. ...टीसन की बात, रेलवे का राज! नहीं तो इस बक्सा ढोनेवाले का मुंह सीधा कर देता हिरामन.
हीराबाई ठीक सामनेवाली कोठरी में चढ़ी. इस्स! इतना टान! गाड़ी में बैठ कर भी हिरामन की ओर देख रही है, टुकुर-टुकुर. लालमोहर को देख कर जी जल उठता है, हमेशा पीछे-पीछे, हरदम हिस्सादारी सूझती है.
गाड़ी ने सीटी दी. हिरामन को लगा, उसके अंदर से कोई आवाज़ निकल कर सीटी के साथ ऊपर की ओर चली गई-कू-ऊ-ऊ! इ-स्स!
छी-ई-ई-छक्क! गाड़ी हिली. हिरामन ने अपने दाहिने पैर के अंगूठे को बाएं पैर की एड़ी से कुचल लिया. कलेजे की धड़कन ठीक हो गई. हीराबाई हाथ की बैंगनी साफी से चेहरा पोंछती है. साफी हिला कर इशारा करती है ...अब जाओ. आख़िरी डिब्बा गुज़रा, प्लैटफ़ॉर्म ख़ाली, सब ख़ाली ...खोखले ...मालगाड़ी के डिब्बे! दुनिया ही ख़ाली हो गई मानो! हिरामन अपनी गाड़ी के पास लौट आया.
हिरामन ने लालमोहर से पूछा,‘तुम कब तक लौट रहे हो गांव?’
लालमोहर बोला,‘अभी गांव जा कर क्या करेंगे? यहां तो भाड़ा कमाने का मौका है! हीराबाई चली गई, मेला अब टूटेगा.’
‘अच्छी बात. कोई समाद देना है घर?’
लालमोहर ने हिरामन को समझाने की कोशिश की. लेकिन हिरामन ने अपनी गाड़ी गांव की ओर जानेवाली सड़क की ओर मोड़ दी. अब मेले में क्या धरा है! खोखला मेला!
रेलवे लाइन की बगल से बैलगाड़ी की कच्ची सड़क गई है दूर तक. हिरामन कभी रेल पर नहीं चढ़ा है. उसके मन में फिर पुरानी लालसा झांकी, रेलगाड़ी पर सवार हो कर, गीत गाते हुए जगरनाथ-धाम जाने की लालसा. उलट कर अपने खाली टप्पर की ओर देखने की हिम्मत नहीं होती है. पीठ में आज भी गुदगुदी लगती है. आज भी रह-रह कर चंपा का फूल खिल उठता है, उसकी गाड़ी में. एक गीत की टूटी कड़ी पर नगाड़े का ताल कट जाता है, बार-बार!
उसने उलट कर देखा, बोरे भी नहीं, बांस भी नहीं, बाघ भी नहीं -परी ...देवी ...मीता ...हीरादेवी ...महुआ घटवारिन - कोई नहीं. मरे हुए मुहर्तों की गूंगी आवाजें मुखर होना चाहती है. हिरामन के होंठ हिल रहे हैं. शायद वह तीसरी कसम खा रहा है-कंपनी की औरत की लदनी...
हिरामन ने हठात अपने दोनों बैलों को झिड़की दी, दुआली से मारते हुए बोला,‘रेलवे लाइन की ओर उलट-उलट कर क्या देखते हो?’ दोनों बैलों ने क़दम खोल कर चाल पकड़ी. हिरामन गुनगुनाने लगा,अजी हां, मारे गए गुलफाम...!’


संपूर्ण कहानी देखने हेतू 👇 Click कीजिए

मंगलवार, 13 सितंबर 2022

मुगलों ने सल्तनत बख्श दी(लेखक -भगवतीचरण वर्मा)


हीरोजी को आप नहीं जानते, और यह दुर्भाग्‍य की बात है। इसका यह अर्थ नहीं कि केवल आपका दुर्भाग्‍य है, दुर्भाग्‍य हीरोजी का भी है। कारण, वह बड़ा सीधा-सादा है। यदि आपका हीरोजी से परिचय हो जाए, तो आप निश्‍चय समझ लें कि आपका संसार के एक बहुत बड़े विद्वान से परिचय हो गया। हीरोजी को जाननेवालों में अधिकांश का मत है कि हीरोजी पहले जन्‍म में विक्रमादित्‍य के नव-रत्‍नों में एक अवश्‍य रहे होंगे और अपने किसी पाप के कारण उनको इस जन्‍म में हीरोजी की योनि प्राप्‍त हुई। अगर हीरोजी का आपसे परिचय हो जाय, तो आप यह समझ लीजिए कि उन्‍हें एक मनुष्‍य अधिक मिल गया, जो उन्‍हें अपने शौक में प्रसन्‍नतापूर्वक एक हिस्‍सा दे सके।

हीरोजी ने दुनिया देखी है। यहाँ यह जान लेना ठीक होगा कि हीरोजी की दुनिया मौज और मस्‍ती की ही बनी है। शराबियों के साथ बैठकर उन्‍होंने शराब पीने की बाजी लगाई है और हरदम जीते हैं। अफीम के आदी हैं; पर अगर मिल जाय तो इतनी खा लेते हैं, जितनी से एक खानदान का खानदान स्‍वर्ग की या नरक की यात्रा कर सके। भंग पीते हैं तब तक, जब तक उनका पेट न भर जाय। चरस और गाँजे के लोभ में साधु बनते-बनते बच गए। एक बार एक आदमी ने उन्‍हें संखिया खिला दी थी, इस आशा से कि संसार एक पापी के भार से मुक्‍त हो जाय; पर दूसरे ही दिन हीरोजी उसके यहाँ पहुँचे। हँसते हुए उन्‍होंने कहा - यार, कल का नशा नशा था। रामदुहाई, अगर आज भी वह नशा करवा देते, तो तुम्‍हें आशीर्वाद देता। लेकिन उस आदमी के पास संखिया मौजूद न थी।

हीरोजी के दर्शन प्राय: चाय की दुकान पर हुआ करते हैं। जो पहुँचता है, वह हीरोजी को एक प्‍याला चाय का अवश्‍य पिलाता है। उस दिन जब हम लोग चाय पीने पहुँचे, तो हीरोजी एक कोने में आँखें बंद किए हुए बैठे कुछ सोच रहे थे। हम लोगों में बातें शुरू हो गईं, और हरिजन-आंदोलन से घूमते-फिरते बात आ पहुँची दानवराज बलि पर। पंडित गोवर्धन शास्‍त्री ने आमलेट का टुकड़ा मुँह में डालते हुए कहा - "भाई, यह तो कलियुग है। न किसी में दीन है, न ईमान। कौड़ी-कौड़ी पर लोग बेईमानी करने लग गए हैं। अरे, अब तो लिख कर भी लोग मुकर जाते हैं। एक युग था, जब दानव तक अपने वचन निभाते थे, सुरों और नरों की तो बात ही छोड़ दीजिए। दानवराज बलि ने वचनबद्ध हो कर सारी पृथ्‍वी दान कर दी थी। पृथ्‍वी ही काहे को, स्‍वयं अपने को भी दान कर दिया था।"

हीरोजी चौंक उठे। खाँस कर उन्‍होंने कहा - "क्‍या बात है? जरा फिर से तो कहना!"

सब लोग हीरोजी की ओर घूम पड़े। कोई नई बात सुनने को मिलेगी, इस आशा से मनोहर ने शास्‍त्रीजी के शब्‍दों को दोहराने का कष्‍ट उठाया - "हीरोजी! ये गोवर्धन शास्‍त्री जो हैं, सो कह रहे हैं कि कलियुग में धर्म-कर्म सब लोप हो गया। त्रेता में तो दैत्यराज बलि तक ने अपना सब कुछ केवल वचनबद्ध होकर दान दिया था।"

हीरोजी हँस पड़े - "हाँ, तो यह गोवर्धन शास्‍त्री कहनेवाले हुए और तुम लोग सुननेवाले, ठीक ही है। लेकिन हमसे सुनो, यह तो कह रहे हैं त्रेता की बात, अरे, तब तो अकेले बलि ने ऐसा कर दिया था; लेकिन मैं कहता हूँ कलियुग की बात। कलियुग में तो एक आदमी की कही हुई बात को उसकी सात-आठ पीढ़ी तक निभाती गई और यद्यपि वह पीढ़ी स्‍वयं नष्‍ट हो गई, लेकिन उसने अपना वचन नहीं तोड़ा।"

हम लोग आश्‍चर्य में पड़ गए। हीरोजी की बात समझ में नहीं आई, पूछना पड़ा - "हीरोजी, कलियुग में किसने इस प्रकार अपने वचनों का पालन किया है?"

"लौंडे हो न!" हीरोजी ने मुँह बनाते हुए कहा - "जानते हो मुगलों की सल्‍तनत कैसे गई?"

"हाँ, अँगरेजों ने उनसे छीन ली।"

"तभी तो कहता हूँ कि तुम सब लोग लौंडे हो। स्‍कूली किताबों को रट-रट कर बन गए पढ़े-लिखे आदमी। अरे, मुगलों ने अपनी सल्‍तनत अँगरेजों को बख्‍श दी।"

हीरोजी ने यह कौन-सा नया इतिहास बनाया? आँखें कुछ अधिक खुल गईं। कान खड़े हो गए। मैंने कहा - "सो कैसे?"

"अच्‍छा तो फिर सुनो!" हीरोजी ने आरम्‍भ किया - "जानते हो शाहंशाह शाहजहाँ की लड़की शाहजादी रौशनआरा एक दफे बीमार पड़ी थी, और उसे एक अँगरेज डॉक्‍टर ने अच्‍छा किया था। उस डॉक्‍टर को शाहंशाह शाहजहाँ ने हिन्‍दुस्‍तान में तिजारत करने के लिए कलकत्ते में कोठी बनाने की इजाजत दे दी थी।"

"हाँ, यह तो हम लोगों ने पढ़ा है।"

"लेकिन असल बात यह है कि शाहजादी रौशनआरा - वही शाहंशाह शाहजहाँ की लड़की -हाँ, वही शाहजादी रौशनआरा एक दफे जल गई। अधिक नहीं जली थी। अरे, हाथ में थोड़ा-सा जल गई थी, लेकिन जल तो गई थी और थी शाहजादी। बड़े-बड़े हकीम और वैद्य बुलाए गए। इलाज किया गया; लेकिन शाहजादी को कोई अच्‍छा न कर सका - न कर सका। और शाहजादी को भला अच्‍छा कौन कर सकता था? वह शाहजादी थी न! सब लोग लगाते थे लेप, और लेप लगाने से होती थी जलन। और तुरन्‍त शाहजादी ने धुलवा डाला उस लेप को। भला शाहजादी को रोकनेवाला कौन था। अब शाहंशाह सलामत को फिक्र हुई! लेकिन शाहजादी अच्‍छी हो तो कैसे? वहाँ तो दवा असर करने ही न पाती थी।

"उन्‍हीं दिनों एक अँगरेज घूमता-घामता दिल्‍ली आया। दुनिया देखे हुए, घाट-घाट का पानी पिए हुए पूरा चालाक और मक्‍कार! उसको शाहजादी की बीमारी की खबर लग गई। नौकरों को घूस देकर उसने पूरा हाल दरियाफ्त किया। उसे मालूम हो गया कि शाहजादी जलन की वजह से दवा धुलवा डाला करती है। सीधे शाहंशाह सलामत के पास पहुँचा। कहा कि डॉक्‍टर हूँ। शाहजादी का इलाज उसने अपने हाथ में ले लिया। उसने शाहजादी के हाथ में एक दवा लगाई। उस दवा से जलन होना तो दूर रहा, उलटे जले हुए हाथ में ठंडक पहुँची। अब भला शाहजादी उस दवा को क्‍यों धुलवाती। हाथ अच्‍छा हो गया। जानते हो वह दवा क्‍या थी?" हम लोगों की ओर भेद भरी दृष्टि डालते हुए हीरोजी ने पूछा।

"भाई, हम दवा क्‍या जानें?" कृष्‍णानन्‍द ने कहा।

"तभी तो कहते हैं कि इतना पढ़-लिख कर भी तुम्‍हें तमीज न आई। अरे वह दवा थी वेसलीन - वही वेसलीन, जिसका आज घर-घर में प्रचार है।"

"वेसलीन! लेकिन वेसलीन तो दवा नहीं होती," मनोहर ने कहा।

हीरोजी सँभल कर बैठ गए। फिर बोले - "कौन कहता है कि वेसलीन दवा होती है? अरे, उसने हाथ में लगा दी वेसलीन और घाव आप-ही-आप अच्‍छा हो गया। वह अँगरेज बन बैठा डॉक्‍टर - और उसका नाम हो गया। शाहंशाह शाहजहाँ बड़े प्रसन्‍न हुए। उन्‍होंने उस फिरंगी डॉक्‍टर से कहा - ''माँगो।" उस फिरंगी ने कहा - ''हुजूर, मैं इस दवा को हिन्‍दुस्‍तान में रायज करना चाहता हूँ, इसलिए हुजूर, मुझे हिन्‍दुस्‍तान में तिजारत करने की इजाजत दे दें।" बादशाह सलामत ने जब यह सुना कि डॉक्‍टर हिंदुस्‍तान में इस दवा का प्रचार करना चाहता है, तो बड़े प्रसन्‍न हुए। उन्‍होंने कहा - ''मंजूर! और कुछ माँगो।" तब उस चालाक डॉक्‍टर ने जानते हो क्‍या माँगा? उसने कहा - ''हुजूर, मैं एक तंबू तानना चाहता हूँ, जिसके नीचे इस दवा के पीपे इकट्ठे किए जावेंगे। जहाँपनाह यह फरमा दें कि उस तंबू के नीचे जितनी जमीन आवेगी, वह जहाँपनाह ने फिरंगियों को बख्श दी।" शाहंशाह शाहजहाँ थे सीधे-सादे आदमी, उन्‍होंने सोचा, तंबू के नीचे भला कितनी जगह आवेगी। उन्‍होंने कह दिया - ''मंजूर।"

"हाँ तो शाहंशाह शाहजहाँ थे सीधे-सादे आदमी, छल-कपट उन्‍हें आता न था। और वह अँगरेज था दुनिया देखे हुए। सात समुद्र पार करके हिंदुस्‍तान आया था! पहुँचा विलायत, वहाँ उसने बनवाया रबड़ का एक बहुत बड़ा तंबू और जहाज पर तंबू लदवा कर चल दिया हिंदुस्‍तान। कलकत्ते में, उसने वह तंबू लगवा दिया। वह तंबू कितना ऊँचा था, इसका अंदाज आप नहीं लगा सकते। उस तंबू का रंग नीला था। तो जनाब, वह तंबू लगा कलकत्ते में, और विलायत से पीपे-पर-पीपे लद-लदकर आने लगे। उन पीपों में वेसलीन की जगह भरा था एक-एक अँगरेज जवान, मय बंदूक और तलवार के। सब पीपे तंबू के नीचे रखवा दिए गए। जैसे-जैसे पीपे जमीन घेरने लगे, वैसे-वैसे तंबू को बढ़ा-बढ़ा कर जमीन घेर दी गई। तंबू तो रबड़ का था न, जितना बढ़ाया, बढ़ गया। अब जनाब, तंबू पहुँचा प्‍लासी। तुम लोगों ने पढ़ा होगा कि प्‍लासी का युद्ध हुआ था। अरे सब झूठ है। असल में तंबू बढ़ते-बढ़ते प्‍लासी पहुँचा था, और उस वक्‍त मुगल बादशाह का हरकारा दौड़ा था दिल्‍ली। बस यह कह दिया गया कि प्‍लासी की लड़ाई हुई। जी हाँ, उस वक्‍त दिल्‍ली में शाहंशाह शाहजहाँ की तीसरी या चौथी पीढ़ी सल्‍तनत कर रही थी। हरकारा जब दिल्‍ली पहुँचा, उस वक्‍त बादशाह सलामत की सवारी निकल रही थी। हरकारा घबराया हुआ था। वह इन फिरंगियों की चालों से हैरान था। उसने मौका देखा न महल, वहीं सड़क पर खड़े होकर उसने चिल्‍ला कर कहा - ''जहाँपनाह, गजब हो गया। ये बदतमीज फिरंगी अपना तंबू प्‍लासी तक खींच लाए हैं, और चूँकि कलकत्ते से प्‍लासी तक की जमीन तंबू के नीचे आ गई है, इसलिए इन फिरंगियों ने उस जमीन पर कब्‍जा कर लिया है। जो इनको मना किया तो इन बदतमीजों ने शाही फरमान दिखा दिया।'' बादशाह सलामत की सवारी रुक गई थी। उन्‍हें बुरा लगा। उन्‍होंने हरकारे से कहा - "म्‍याँ हरकारे, मैं कर ही क्‍या सकता हूँ। जहाँ तक फिरंगियों का तंबू घिर जाय, वहाँ तक की जगह उनकी हो गई, हमारे बुजुर्ग यह कह गए हैं।'' बेचारा हरकारा अपना-सा मुँह ले कर वापस आ गया।

"हरकारा लौटा और इन फिरंगियों का तंबू बढ़ा। अभी तक तो आते थे पीपों में आदमी, अब आने लगा तरह-तरह का सामान। हिंदुस्‍तान का व्‍यापार फिरंगियों ने अपने हाथ में ले लिया। तंबू बढ़ता ही रहा और पहुँच गया बक्‍सर। इधर तंबू बढ़ा और उधर लोगों की घबराहट बढ़ी। यह जो किताबों में लिखा है कि बक्‍सर की लड़ाई हुई, यह गलत है भाई। जब तंबू बक्‍सर पहुँचा, तो फिर हरकारा दौड़ा।

"अब जरा बादशाह सलामत की बात सुनिए। वह जनाब दीवान खास में तशरीफ रख रहे थे। उनके सामने सैकड़ों, बल्कि हजारों मुसाहब बैठे थे। बादशाह सलामत हुक्‍का गुड़गुड़ा रहे थे -सामने एक साहब जो शायद शायर थे, कुछ गा-गा कर पढ़ रहे थे और कुछ मुसाहब गला फाड़-फाड़ कर ''वाह-वाह' चिल्‍ला रहे थे। कुछ लोग तीतर और बटेर लड़ा रहे थे। हरकारा जो पहुँचा तो यह सब बंद हो गया। बादशाह सलामत ने पूछा - "म्‍याँ हरकारे, क्‍या हुआ - इतने घबराए हुए क्‍यों हो?" हाँफते हुए हरकारे ने कहा - "जहाँपनाह, इन बदजात फिरंगियों ने अंधेर मचा रखा है। वह अपना तंबू बक्‍सर खींच लाए।" बादशाह सलामत को बड़ा ताज्‍जुब हुआ। उन्‍होंने अपने मुसाहबों से पूछा - "म्‍याँ, हरकारा कहता है कि फिरंगी अपना तंबू कलकत्ते से बक्‍सर तक खींच लाए। यह कैसे मुमकिन है?" इस पर एक मुसाहब ने कहा - "जहाँपनाह, ये फिरंगी जादू जानते हैं, जादू !" दूसरे ने कहा - "जहाँपनाह, इन फिरंगियों ने जिन्‍नात पाल रखे हैं - जिन्‍नात सब कुछ कर सकते हैं।" बादशाह सलामत की समझ में कुछ नहीं आया। उन्‍होंने हरकारे से कहा - "म्‍याँ हरकारे, तुम बतलाओ यह तंबू किस तरह बढ़ आया।" हरकारे ने समझाया कि तंबू रबड़ का है। इस पर बादशाह सलामत बड़े खुश हुए। उन्‍होने कहा - "ये फिरंगी भी बड़े चालाक हैं, पूरे अकल के पुतले हैं।" इस पर सब मुसाहबों ने एक स्‍वर में कहा - "इसमें क्‍या शक है, जहाँपनाह बजा फरमाते हैं।" बादशाह सलामत मुस्‍कुराए - "अरे भाई, किसी चोबदार को भेजो, जो इन फिरंगियों के सरदार को बुला लावे। मैं उसे खिलअत दूँगा।" सब मुसाहब कह उठे - ''वल्‍लाह! जहाँपनाह एक ही दरियादिल हैं - इस फिरंगी सरदार को जरूर खिलअत देनी चाहिए।" हरकारा घबराया। वह आया था शिकायत करने, यहाँ बादशाह सलामत फिरंगी सरदार को खिलअत देने पर आमादा थे। वह चिल्‍ला उठा - "जहाँपनाह! इन फिरंगियों ने जहाँपनाह की सल्‍तनत का एक बहुत बड़ा हिस्‍सा अपने तंबू के नीचे करके उस पर कब्‍जा कर लिया है। जहाँपनाह, ये फिरंगी जहाँपनाह की सल्‍तनत छीनने पर आमादा दिखाई देते हैं।" मुसाहब चिल्‍ला उठे - "ऐ, ऐसा गजब।" बादशाह सलामत की मुस्‍कुराहट गायब हो गई। थोड़ी देर तक सोच कर उन्‍होंने कहा - "मैं क्‍या कर सकता हूँ? हमारे बुजुर्ग इन फिरंगियों को उतनी जगह दे गए हैं, जितनी तंबू के नीचे आ सके। भला मैं उसमें कर ही क्‍या सकता हूँ। हाँ, फिरंगी सरदार को खिलअत न दूँगा।" इतना कह कर बादशाह सलामत फिरंगियों की चालाकी अपनी बेगमात से बतलाने के लिए हरम में अंदर चले गए। हरकारा बेचारा चुपचाप लौट आया।

"जनाब! उस तंबू ने बढ़ना जारी रखा। एक दिन क्‍या देखते हैं कि विश्‍वनाथपुरी काशी के ऊपर वह तंबू तन गया। अब तो लोगों में भगदड़ मच गई। उन दिनों राजा चेतसिंह बनारस की देखभाल करते थे। उन्‍होंने उसी वक्‍त बादशाह सलामत के पास हरकारा दौड़ाया। वह दीवान खास में हाजिर किया गया। हरकारे ने बादशाह सलामत से अर्ज की कि वह तंबू बनारस पहुँच गया है और तेजी के साथ दिल्‍ली की तरफ आ रहा है। बादशाह सलामत चौंक उठे। उन्‍होंने हरकारे से कहा - "तो म्‍याँ हरकारे, तुम्‍हीं बतलाओ, क्‍या किया जाय?" वहाँ बैठे हुए दो-एक उमराओं ने कहा - "जहाँपनाह, एक बड़ी फौज भेज कर इन फिरंगियों का तंबू छोटा करवा दिया जाय और कलकत्ते भेज दिया जाय। हम लोग जा कर लड़ने को तैयार हैं। जहाँपनाह का हुक्‍म भर हो जाय। इस तंबू की क्‍या हकीकत है, एक मर्तबा आसमान को भी छोटा कर दें।" बादशाह सलामत ने कुछ सोचा, फिर उन्‍होंने कहा - "क्‍या बतलाऊँ, हमारे बुजुर्ग शाहंशाह शाहजहाँ इन फिरंगियों को तंबू के नीचे जितनी जगह आ जाय, वह बख्‍श गए हैं। बख्‍शीशनामा की रूह से हम लोग कुछ नहीं कर सकते। आप जानते हैं, हम लोग अमीर तैमूर की औलाद हैं। एक दफा जो जबान दे दी वह दे दी। तंबू का छोटा कराना तो गैरमुमकिन है। हाँ, कोई ऐसी हिकमत निकाली जाय, जिससे फिरंगी अपना तंबू आगे न बढ़ा सकें। इसके लिए दरबार आम किया जाय और यह मसला वहाँ पेश हो।"

"इधर दिल्‍ली में तो यह बातचीत हो रही थी और उधर इन फिरंगियों का तंबू इलाहाबाद, इटावा ढकता हुआ आगरे पहुँचा। दूसरा हरकारा दौड़ा। उसने कहा - "जहाँपनाह, वह तंबू आगरे तक बढ़ आया है। अगर अब भी कुछ नहीं किया जाता, तो ये फिरंगी दिल्‍ली पर भी अपना तंबू तान कर कब्‍जा कर लेंगे।" बादशाह सलामत घबराए - दरबार आम किया गया। सब अमीर-उमरा इक्‍ट्ठा हो गए तो बादशाह सलामत ने कहा - "आज हमारे सामने एक अहम मसला पेश है। आप लोग जानते हैं कि हमारे बुजुर्ग शाहंशाह शाहजहाँ ने फिरंगियों को इतनी जमीन बख्‍श दी थी, जितनी उनके तंबू के नीचे आ सके। इन्‍होंने अपना तंबू कलकत्ते में लगवाया था; लेकिन वह तंबू है रबड़ का, और धीरे-धीरे ये लोग तंबू आगरे तक खींच लाए। हमारे बुजुर्गों से जब यह कहा गया, तब उन्‍होंने कुछ करना मुनासिब न समझा; क्‍योंकि शाहंशाह शाहजहाँ अपना कौल हार चुके हैं। हम लोग अमीर तैमूर की औलाद हैं और अपने कौल के पक्‍के हैं। अब आप लोग बतलाइए, क्‍या किया जाए।" अमीरों और मंसबदारों ने कहा - "हमें इन फिरंगियों से लड़ना चाहिए और इनको सजा देनी चाहिए। इनका तंबू छोटा करवा कर कलकत्ते भिजवा देना चाहिए।" बादशाह सलामत ने कहा - "लेकिन हम अमीर तैमूर की औलाद हैं। हमारा कौल टूटता है।" इसी समय तीसरा हरकारा हाँफता हुआ बिना इत्तला कराए ही दरबार में घुस आया। उसने कहा - "जहाँपनाह, वह तंबू दिल्‍ली पहुँच गया। वह देखिए, किले तक आ पहुँचा।" सब लोगों ने देखा। वास्‍तव में हजारों गोरे खाकी वर्दी पहने और हथियारों से लैस, बाजा बजाते हुए तंबू को किले की तरफ खींचते हुए आ रहे थे। उस वक्‍त बादशाह सलामत उठ खड़े हुए। उन्‍होंने कहा - "हमने तय कर लिया। हम अमीर तैमूर की औलाद हैं। हमारे बुजुर्गों ने जो कुछ कह दिया, वही होगा। उन्‍होंने तंबू के नीचे की जगह फिरंगियों को बख्‍श दी थी। अब अगर दिल्‍ली भी उस तंबू के नीचे आ रही है, तो आवे! मुगल सल्‍तनत जाती है, तो जाय, लेकिन दुनिया यह देख ले कि अमीर तैमूर की औलाद हमेशा अपने कौल की पक्‍की रही है," - इतना कह कर बादशाह सलामत मय अपने अमीर-उमरावों के दिल्‍ली के बाहर हो गए और दिल्‍ली पर अँगरेजों का कब्‍जा हो गया। अब आप लोग देख सकते हैं, इस कलियुग में भी मुगलों ने अपनी सल्‍तनत बख्‍श दी।"

हम सब लोग थोड़ी देर तक चुप रहे। इसके बाद मैंने कहा - "हीरोजी, एक प्‍याला चाय और पियो।"

हीरोजी बोल उठे - "इतनी अच्‍छी कहानी सुनाने के बाद भी एक प्‍याला चाय? अरे, महुवे के ठर्रे का एक अद्धा तो हो जाता।



Video Link-

👇click here

मुगलों ने सल्तनत बख्श दी


सोमवार, 12 सितंबर 2022

हार की जीत (लेखक- सुदर्शन)

मां को अपने बेटे और किसान को अपने लहलहाते खेत देखकर जो आनंद आता है, वही आनंद बाबा भारती को अपना घोड़ा देखकर आता था. भगवद् भजन से जो समय बचता, वह घोड़े को अर्पण हो जाता. वह घोड़ा बड़ा सुंदर था, बड़ा बलवान. उसके जोड़ का घोड़ा सारे इलाक़े में न था. बाबा भारती उसे सुल्तान कहकर पुकारते, अपने हाथ से खरहरा करते, ख़ुद दाना खिलाते और देख-देखकर प्रसन्न होते थे. उन्होंने रुपया, माल, असबाब, ज़मीन आदि अपना सब-कुछ छोड़ दिया था, यहां तक कि उन्हें नगर के जीवन से भी घृणा थी. अब गांव से बाहर एक छोटे-से मंदिर में रहते और भगवान का भजन करते थे. ‘मैं सुलतान के बिना नहीं रह सकूंगा,’ उन्हें ऐसी भ्रान्ति-सी हो गई थी. वे उसकी चाल पर लट्टू थे. कहते, ‘ऐसे चलता है जैसे मोर घटा को देखकर नाच रहा हो.’ जब तक संध्या समय सुल्तान पर चढ़कर आठ-दस मील का चक्कर न लगा लेते, उन्हें चैन न आता.
खड़गसिंह उस इलाक़े का प्रसिद्ध डाकू था. लोग उसका नाम सुनकर कांपते थे. होते-होते सुल्तान की कीर्ति उसके कानों तक भी पहुंची. उसका हृदय उसे देखने के लिए अधीर हो उठा. वह एक दिन दोपहर के समय बाबा भारती के पास पहुंचा और नमस्कार करके बैठ गया. बाबा भारती ने पूछा,‘खड़गसिंह, क्या हाल है?’
खड़गसिंह ने सिर झुकाकर उत्तर दिया,‘आपकी दया है.’
‘कहो, इधर कैसे आ गए?’
‘सुल्तान की चाह खींच लाई.’
‘विचित्र जानवर है. देखोगे तो प्रसन्न हो जाओगे.’
‘मैंने भी बड़ी प्रशंसा सुनी है.’
‘उसकी चाल तुम्हारा मन मोह लेगी!’
‘कहते हैं देखने में भी बहुत सुंदर है.’
‘क्या कहना! जो उसे एक बार देख लेता है, उसके हृदय पर उसकी छवि अंकित हो जाती है.’
‘बहुत दिनों से अभिलाषा थी, आज उपस्थित हो सका हूं.’
बाबा भारती और खड़गसिंह अस्तबल में पहुंचे. बाबा ने घोड़ा दिखाया घमंड से, खड़गसिंह ने देखा आश्चर्य से. उसने सैकड़ों घोड़े देखे थे, परंतु ऐसा बांका घोड़ा उसकी आंखों से कभी न गुज़रा था. सोचने लगा, भाग्य की बात है. ऐसा घोड़ा खड़गसिंह के पास होना चाहिए था. इस साधु को ऐसी चीज़ों से क्या लाभ? कुछ देर तक आश्चर्य से चुपचाप खड़ा रहा. इसके पश्चात उसके हृदय में हलचल होने लगी. बालकों की-सी अधीरता से बोला,‘परंतु बाबाजी, इसकी चाल न देखी तो क्या?’
दूसरे के मुख से सुल्तान की प्रशंसा सुनने के लिए उनका हृदय अधीर हो गया. घोड़े को खोलकर बाहर गए. घोड़ा वायु-वेग से उड़ने लगा. उसकी चाल को देखकर खड़गसिंह के हृदय पर सांप लोट गया. वह डाकू था और जो वस्तु उसे पसंद आ जाए उस पर वह अपना अधिकार समझता था. उसके पास बाहुबल था और आदमी भी. जाते-जाते उसने कहा,‘बाबाजी, मैं यह घोड़ा आपके पास न रहने दूंगा.’
बाबा भारती डर गए. अब उन्हें रात को नींद न आती. सारी रात अस्तबल की रखवाली में कटने लगी. प्रति क्षण खड़गसिंह का भय लगा रहता, परंतु कई मास बीत गए और वह न आया. यहां तक कि बाबा भारती कुछ असावधान हो गए और इस भय को स्वप्न के भय की नाईं मिथ्या समझने लगे. संध्या का समय था. बाबा भारती सुल्तान की पीठ पर सवार होकर घूमने जा रहे थे. इस समय उनकी आंखों में चमक थी, मुख पर प्रसन्नता. कभी घोड़े के शरीर को देखते, कभी उसके रंग को और मन में फूले न समाते थे. सहसा एक ओर से आवाज़ आई,‘ओ बाबा, इस कंगले की सुनते जाना.’
आवाज़ में करुणा थी. बाबा ने घोड़े को रोक लिया. देखा, एक अपाहिज वृक्ष की छाया में पड़ा कराह रहा है. बोले,‘क्यों तुम्हें क्या कष्ट है?’
अपाहिज ने हाथ जोड़कर कहा,‘बाबा, मैं दुखियारा हूं. मुझ पर दया करो. रामावाला यहां से तीन मील है, मुझे वहां जाना है. घोड़े पर चढ़ा लो, परमात्मा भला करेगा.’
‘वहां तुम्हारा कौन है?’
‘दुर्गादत्त वैद्य का नाम आपने सुना होगा. मैं उनका सौतेला भाई हूं.’
बाबा भारती ने घोड़े से उतरकर अपाहिज को घोड़े पर सवार किया और स्वयं उसकी लगाम पकड़कर धीरे-धीरे चलने लगे. सहसा उन्हें एक झटका-सा लगा और लगाम हाथ से छूट गई. उनके आश्चर्य का ठिकाना न रहा, जब उन्होंने देखा कि अपाहिज घोड़े की पीठ पर तनकर बैठा है और घोड़े को दौड़ाए लिए जा रहा है. उनके मुख से भय, विस्मय और निराशा से मिली हुई चीख निकल गई. वह अपाहिज, डाकू खड़गसिंह था. बाबा भारती कुछ देर तक चुप रहे और कुछ समय पश्चात कुछ निश्चय करके पूरे बल से चिल्लाकर बोले,‘ज़रा ठहर जाओ.’
खड़गसिंह ने यह आवाज़ सुनकर घोड़ा रोक लिया और उसकी गरदन पर हाथ फेरते हुए कहा,‘बाबाजी, यह घोड़ा अब न दूंगा.’
‘परंतु एक बात सुनते जाओ.’ खड़गसिंह ठहर गया.
बाबा भारती ने निकट जाकर उसकी ओर ऐसी आंखों से देखा जैसे बकरा कसाई की ओर देखता है और कहा,‘यह घोड़ा तुम्हारा हो चुका है. मैं तुमसे इसे वापस करने के लिए न कहूंगा. परंतु खड़गसिंह, केवल एक प्रार्थना करता हूं. इसे अस्वीकार न करना, नहीं तो मेरा दिल टूट जाएगा.’
‘बाबाजी, आज्ञा कीजिए. मैं आपका दास हूं, केवल घोड़ा न दूंगा.’
‘अब घोड़े का नाम न लो. मैं तुमसे इस विषय में कुछ न कहूंगा. मेरी प्रार्थना केवल यह है कि इस घटना को किसी के सामने प्रकट न करना.’
खड़गसिंह का मुंह आश्चर्य से खुला रह गया. उसे लगा था कि घोड़े को लेकर यहां से भागना पड़ेगा, परंतु बाबा भारती ने स्वयं उसे कहा कि इस घटना को किसी के सामने प्रकट न करना. इसका क्या अर्थ हो सकता है? खड़गसिंह ने बहुत सोचा, बहुत सिर मारा, परंतु कुछ समझ न सका. हारकर उसने अपनी आंखें बाबा भारती के मुख पर गड़ा दीं और पूछा,‘बाबाजी इसमें आपको क्या डर है?’
सुनकर बाबा भारती ने उत्तर दिया,‘लोगों को यदि इस घटना का पता चला तो वे दीन-दुखियों पर विश्वास न करेंगे.’ यह कहते-कहते उन्होंने सुल्तान की ओर से इस तरह मुंह मोड़ लिया जैसे उनका उससे कभी कोई संबंध ही नहीं रहा हो.
बाबा भारती चले गए. परंतु उनके शब्द खड़गसिंह के कानों में उसी प्रकार गूंज रहे थे. सोचता था, कैसे ऊंचे विचार हैं, कैसा पवित्र भाव है! उन्हें इस घोड़े से प्रेम था, इसे देखकर उनका मुख फूल की नाईं खिल जाता था. कहते थे,‘इसके बिना मैं रह न सकूंगा.’ इसकी रखवाली में वे कई रात सोए नहीं. भजन-भक्ति न कर रखवाली करते रहे. परंतु आज उनके मुख पर दुख की रेखा तक दिखाई न पड़ती थी. उन्हें केवल यह ख़्याल था कि कहीं लोग दीन-दुखियों पर विश्वास करना न छोड़ दें.
रात्रि के अंधकार में खड़गसिंह बाबा भारती के मंदिर पहुंचा. चारों ओर सन्नाटा था. आकाश में तारे टिमटिमा रहे थे. थोड़ी दूर पर गांवों के कुत्ते भौंक रहे थे. मंदिर के अंदर कोई शब्द सुनाई न देता था. खड़गसिंह सुल्तान की बाग पकड़े हुए था. वह धीरे-धीरे अस्तबल के फाटक पर पहुंचा. फाटक खुला पड़ा था. किसी समय वहां बाबा भारती स्वयं लाठी लेकर पहरा देते थे, परंतु आज उन्हें किसी चोरी, किसी डाके का भय न था. खड़गसिंह ने आगे बढ़कर सुलतान को उसके स्थान पर बांध दिया और बाहर निकलकर सावधानी से फाटक बंद कर दिया. इस समय उसकी आंखों में नेकी के आंसू थे.
रात्रि का तीसरा पहर बीत चुका था. चौथा पहर आरंभ होते ही बाबा भारती ने अपनी कुटिया से बाहर निकल ठंडे जल से स्नान किया. उसके पश्चात्, इस प्रकार जैसे कोई स्वप्न में चल रहा हो, उनके पांव अस्तबल की ओर बढ़े. परंतु फाटक पर पहुंचकर उनको अपनी भूल प्रतीत हुई. साथ ही घोर निराशा ने पांव को मन-मन भर का भारी बना दिया. वे वहीं रुक गए. घोड़े ने अपने स्वामी के पांवों की चाप को पहचान लिया और ज़ोर से हिनहिनाया. अब बाबा भारती आश्चर्य और प्रसन्नता से दौड़ते हुए अंदर घुसे और अपने प्यारे घोड़े के गले से लिपटकर इस प्रकार रोने लगे मानो कोई पिता बहुत दिन से बिछड़े हुए पुत्र से मिल रहा हो. बार-बार उसकी पीठ पर हाथ फेरते, बार-बार उसके मुंह पर थपकियां देते. फिर वे संतोष से बोले,‘अब कोई दीन-दुखियों से मुंह न फेरेगा 
Video Link-
👇 Click here 


ममता (लेखक -जयशंकर प्रसाद)


रोहतास-दुर्ग के प्रकोष्ठ में बैठी हुई युवती ममता, शोण के तीक्ष्ण गम्भीर प्रवाह को देख रही है। ममता विधवा थी। उसका यौवन शोण के समान ही उमड़ रहा था। मन में वेदना, मस्तक में आँधी, आँखों में पानी की बरसात लिये, वह सुख के कण्टक-शयन में विकल थी। वह रोहतास-दुर्गपति के मन्त्री चूड़ामणि की अकेली दुहिता थी, फिर उसके लिए कुछ अभाव होना असम्भव था, परन्तु वह विधवा थी-हिन्दू-विधवा संसार में सबसे तुच्छ निराश्रय प्राणी है-तब उसकी विडम्बना का कहाँ अन्त था?

चूड़ामणि ने चुपचाप उसके प्रकोष्ठ में प्रवेश किया। शोण के प्रवाह में, उसके कल-नाद में अपना जीवन मिलाने में वह बेसुध थी। पिता का आना न जान सकी। चूड़ामणि व्यथित हो उठे। स्नेह-पालिता पुत्री के लिए क्या करें, यह स्थिर न कर सकते थे। लौटकर बाहर चले गये। ऐसा प्राय: होता, पर आज मन्त्री के मन में बड़ी दुश्चिन्ता थी। पैर सीधे न पड़ते थे।

एक पहर बीत जाने पर वे फिर ममता के पास आये। उस समय उनके पीछे दस सेवक चाँदी के बड़े थालों में कुछ लिये हुए खड़े थे; कितने ही मनुष्यों के पद-शब्द सुन ममता ने घूम कर देखा। मन्त्री ने सब थालों को रखने का संकेत किया। अनुचर थाल रखकर चले गये।

ममता ने पूछा-''यह क्या है, पिताजी?''

''तेरे लिये बेटी! उपहार है।''-कहकर चूड़ामणि ने उसका आवरण उलट दिया। स्वर्ण का पीलापन उस सुनहली सन्ध्या में विकीर्ण होने लगा। ममता चौंक उठी-

''इतना स्वर्ण! यहा कहाँ से आया?''

''चुप रहो ममता, यह तुम्हारे लिये है!''

''तो क्या आपने म्लेच्छ का उत्कोच स्वीकार कर लिया? पिताजी यह अनर्थ है, अर्थ नहीं। लौटा दीजिये। पिताजी! हम लोग ब्राह्मण हैं, इतना सोना लेकर क्या करेंगे?''

''इस पतनोन्मुख प्राचीन सामन्त-वंश का अन्त समीप है, बेटी! किसी भी दिन शेरशाह रोहिताश्व पर अधिकार कर सकता है; उस दिन मन्त्रित्व न रहेगा, तब के लिए बेटी!''

''हे भगवान! तब के लिए! विपद के लिए! इतना आयोजन! परम पिता की इच्छा के विरुद्ध इतना साहस! पिताजी, क्या भीख न मिलेगी? क्या कोई हिन्दू भू-पृष्ठ पर न बचा रह जायेगा, जो ब्राह्मण को दो मुठ्ठी अन्न दे सके? यह असम्भव है। फेर दीजिए पिताजी, मैं काँप रही हूँ-इसकी चमक आँखों को अन्धा बना रही है।''

''मूर्ख है''-कहकर चूड़ामणि चले गये।

दूसरे दिन जब डोलियों का ताँता भीतर आ रहा था, ब्राह्मण-मन्त्री चूड़ामणि का हृदय धक्-धक करने लगा। वह अपने को रोक न सका। उसने जाकर रोहिताश्व दुर्ग के तोरण पर डोलियों का आवरण खुलवाना चाहा। पठानों ने कहा-

''यह महिलाओं का अपमान करना है।''

बात बढ़ गई। तलवारें खिंचीं, ब्राह्मण वहीं मारा गया और राजा-रानी और कोष सब छली शेरशाह के हाथ पड़े; निकल गई ममता। डोली में भरे हुए पठान-सैनिक दुर्ग भर में फैल गये, पर ममता न मिली।

2

काशी के उत्तर धर्मचक्र विहार, मौर्य और गुप्त सम्राटों की कीर्ति का खंडहर था। भग्न चूड़ा, तृण-गुल्मों से ढके हुए प्राचीर, ईंटों की ढेर में बिखरी हुई भारतीय शिल्प की विभूति, ग्रीष्म की चन्द्रिका में अपने को शीतल कर रही थी।

जहाँ पञ्चवर्गीय भिक्षु गौतम का उपदेश ग्रहण करने के लिए पहले मिले थे, उसी स्तूप के भग्नावशेष की मलिन छाया में एक झोपड़ी के दीपालोक में एक स्त्री पाठ कर रही थी-

''अनन्याश्चिन्तयन्तो मां ये जना: पर्युपासते .....''

पाठ रुक गया। एक भीषण और हताश आकृति दीप के मन्द प्रकाश में सामने खड़ी थी। स्त्री उठी, उसने कपाट बन्द करना चाहा। परन्तु उस व्यक्ति ने कहा-''माता! मुझे आश्रय चाहिये।''

''तुम कौन हो?''-स्त्री ने पूछा।

''मैं मुगल हूँ। चौसा-युद्ध में शेरशाह से विपन्न होकर रक्षा चाहता हूँ। इस रात अब आगे चलने में असमर्थ हूँ।''

''क्या शेरशाह से?''-स्त्री ने अपने ओठ काट लिये।

''हाँ, माता!''

''परन्तु तुम भी वैसे ही क्रूर हो, वही भीषण रक्त की प्यास, वही निष्ठुर प्रतिबिम्ब, तुम्हारे मुख पर भी है! सैनिक! मेरी कुटी में स्थान नहीं। जाओ, कहीं दूसरा आश्रय खोज लो।''

''गला सूख रहा है, साथी छूट गये हैं, अश्व गिर पड़ा है-इतना थका हुआ हूँ-इतना!''-कहते-कहते वह व्यक्ति धम-से बैठ गया और उसके सामने ब्रह्माण्ड घूमने लगा। स्त्री ने सोचा, यह विपत्ति कहाँ से आई! उसने जल दिया, मुगल के प्राणों की रक्षा हुई। वह सोचने लगी-''ये सब विधर्मी दया के पात्र नहीं-मेरे पिता का वध करने वाले आततायी!'' घृणा से उसका मन विरक्त हो गया।

स्वस्थ होकर मुगल ने कहा-''माता! तो फिर मैं चला जाऊँ?''

स्त्री विचार कर रही थी-'मैं ब्राह्मणी हूँ, मुझे तो अपने धर्म-अतिथिदेव की उपासना-का पालन करना चाहिए। परन्तु यहाँ...नहीं-नहीं ये सब विधर्मी दया के पात्र नहीं। परन्तु यह दया तो नहीं .... कर्तव्य करना है। तब?''

मुगल अपनी तलवार टेककर खड़ा हुआ। ममता ने कहा-''क्या आश्चर्य है कि तुम भी छल करो; ठहरो।''

''छल! नहीं, तब नहीं-स्त्री! जाता हूँ, तैमूर का वंशधर स्त्री से छल करेगा? जाता हूँ। भाग्य का खेल है।''

ममता ने मन में कहा-''यहाँ कौन दुर्ग है! यही झोपड़ी न; जो चाहे ले-ले, मुझे तो अपना कर्तव्य करना पड़ेगा।'' वह बाहर चली आई और मुगल से बोली-''जाओ भीतर, थके हुए भयभीत पथिक! तुम चाहे कोई हो, मैं तुम्हें आश्रय देती हूँ। मैं ब्राह्मण-कुमारी हूँ; सब अपना धर्म छोड़ दें,तो मैं भी क्यों छोड़ दूँ?'' मुगल ने चन्द्रमा के मन्द प्रकाश में वह महिमामय मुखमण्डल देखा, उसने मन-ही-मन नमस्कार किया। ममता पास की टूटी हुई दीवारों में चली गई। भीतर, थके पथिक ने झोपड़ी में विश्राम किया।

प्रभात में खंडहर की सन्धि से ममता ने देखा, सैकड़ों अश्वारोही उस प्रान्त में घूम रहे हैं। वह अपनी मूर्खता पर अपने को कोसने लगी।

अब उस झोपड़ी से निकलकर उस पथिक ने कहा-''मिरजा! मैं यहाँ हूँ।''

शब्द सुनते ही प्रसन्नता की चीत्कार-ध्वनि से वह प्रान्त गूँज उठा। ममता अधिक भयभीत हुई। पथिक ने कहा-''वह स्त्री कहाँ है? उसे खोज निकालो।'' ममता छिपने के लिए अधिक सचेष्ट हुई। वह मृग-दाव में चली गई। दिन-भर उसमें से न निकली। सन्ध्या में जब उन लोगों के जाने का उपक्रम हुआ, तो ममता ने सुना, पथिक घोड़े पर सवार होते हुए कह रहा है-''मिरजा! उस स्त्री को मैं कुछ दे न सका। उसका घर बनवा देना, क्योंकि मैंने विपत्ति में यहाँ विश्राम पाया था। यह स्थान भूलना मत।''-इसके बाद वे चले गये।

चौसा के मुगल-पठान-युद्ध को बहुत दिन बीत गये। ममता अब सत्तर वर्ष की वृद्धा है। वह अपनी झोपड़ी में एक दिन पड़ी थी। शीतकाल का प्रभात था। उसका जीर्ण-कंकाल खाँसी से गूँज रहा था। ममता की सेवा के लिये गाँव की दो-तीन स्त्रियाँ उसे घेर कर बैठी थीं; क्योंकि वह आजीवन सबके सुख-दु:ख की समभागिनी रही।

ममता ने जल पीना चाहा, एक स्त्री ने सीपी से जल पिलाया। सहसा एक अश्वारोही उसी झोपड़ी के द्वार पर दिखाई पड़ा। वह अपनी धुन में कहने लगा-''मिरजा ने जो चित्र बनाकर दिया है, वह तो इसी जगह का होना चाहिये। वह बुढिय़ा मर गई होगी, अब किससे पूछूँ कि एक दिन शाहंशाह हुमायूँ किस छप्पर के नीचे बैठे थे? यह घटना भी तो सैंतालीस वर्ष से ऊपर की हुई!''

ममता ने अपने विकल कानों से सुना। उसने पास की स्त्री से कहा-''उसे बुलाओ।''

अश्वारोही पास आया। ममता ने रुक-रुककर कहा-''मैं नहीं जानती कि वह शाहंशाह था, या साधारण मुगल पर एक दिन इसी झोपड़ी के नीचे वह रहा। मैंने सुना था कि वह मेरा घर बनवाने की आज्ञा दे चुका था! भगवान् ने सुन लिया, मैं आज इसे छोड़े जाती हूँ। अब तुम इसका मकान बनाओ या महल, मैं अपने चिर-विश्राम-गृह में जाती हूँ!''

वह अश्वारोही अवाक् खड़ा था। बुढिय़ा के प्राण-पक्षी अनन्त में उड़ गये।

वहाँ एक अष्टकोण मन्दिर बना; और उस पर शिलालेख लगाया गया-

''सातों देश के नरेश हुमायूँ ने एक दिन यहाँ विश्राम किया था। उनके पुत्र अकबर ने उनकी स्मृति में यह गगनचुम्बी मन्दिर बनाया।''

पर उसमें ममता का कहीं नाम नहीं 

Audio Link - 

👇click 

ममता कहानी



हरिशंकर परसाई के व्यंग्य ‘भोलाराम का जीव’ में सरकारी व्यवस्था का चित्रण

  हरिशंकर परसाई हिंदी के प्रमुख व्यंग्यकार हैं। उन्होंने अपने व्यंग्य-साहित्य के माध्यम से भारतीय समाज, राजनीति और प्रशासनिक व्यवस्था की वि...